CBSE Class 10 Hindi B Question Paper 2026 Solved Code 4-4-1

Previous Year Question Papers for Class 10 Hindi B

Access comprehensive previous year question papers for Class 10 Hindi B using the CBSE Class 10 Hindi B Question Paper 2026 Solved Code 4-4-1. Designed to align with the 2026-27 CBSE academic guidelines, these solved papers help students assess their exam readiness and understand official marking schemes.

Practice Class 10 Hindi B Exam Papers

Access the complete question paper PDF for Class 10 Hindi B below. Regular practice with these targeted exam papers builds familiarity with standard question patterns and helps secure higher marks in final evaluations.

खंड - क (अपठित बोध)

 

1. निम्नलिखित गद्यांश को ध्यानपूर्वक पढ़कर उस पर आधारित दिए गए प्रश्नों के उत्तर लिखिए: [7 Marks]

विश्व में जल-संकट बड़ी समस्या बन चुकी है। इससे हर साल करोड़ों लोग प्रभावित होते हैं। गर्मियों में यह संकट और बढ़ जाता है। गाँवों से महानगरों तक पानी के लिए त्राहि-त्राहि मचने लगती है। यह संकट न केवल ग्रामीण और शहरी आबादी के लिए गंभीर चुनौती है बल्कि कृषि पर भी इसका व्यापक प्रभाव पड़ रहा है। लगातार गिरता भू-जल स्तर, जल संसाधनों की बर्बादी, बढ़ती जनसंख्या और जलवायु परिवर्तन इस संकट को और विकराल बना रहे हैं। अगर समय रहते उचित कदम नहीं उठाए गए, तो भविष्य में स्थिति और गंभीर हो सकती है।
जल-संकट गहराने के कई कारण हैं। हमें पता है कि पानी सीमित है, फिर भी उसे बूँद-बूँद बचाने के बजाए हम उसे व्यर्थ बहा रहे हैं। विश्व की तेजी से बढ़ती आबादी के कारण पानी की माँग बढ़ती जा रही है लेकिन जल संसाधनों का उतनी ही अधिक तेजी से क्षय हो रहा है। कृषि, उद्योग और घरेलू उपयोग के लिए भू-जल का अत्यधिक दोहन किया जा रहा है, जिससे भू-जल का स्तर गिरता जा रहा है। नदियों, झीलों और भू-जल में औद्योगिक कचरे, रसायनों और प्लास्टिक के बढ़ते स्तर के कारण पीने योग्य पानी की लगातार कमी आ रही है।

 

(i) निम्नलिखित कथन तथा कारण को ध्यान से पढ़िए और उचित विकल्प का चयन कर लिखिए: [1 Mark]
कथन: भूमिगत जल के प्रदूषण का स्तर लगातार बढ़ा है।
कारण: जल के विविध स्रोतों को संरक्षित एवं सुरक्षित रखने के हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं।

(A) कथन और कारण दोनों गलत हैं।
(B) कथन सही है, किंतु कारण गलत है।
(C) कथन गलत है, किंतु कारण सही है।
(D) कथन और कारण दोनों सही हैं और कारण, कथन की सही व्याख्या करता है।

Answer: (B) कथन सही है, किंतु कारण गलत है।

Teacher's Note:
a) कथन और कारण दोनों को पढ़कर तार्किक संबंध जाँचें।
b) यहाँ कारण गद्यांश के विपरीत तथ्य प्रस्तुत करता है, इसलिए वह गलत है।

 

(ii) विश्व में पानी की माँग दिनोंदिन क्यों बढ़ रही है? [1 Mark]
(A) जलवायु परिवर्तन के कारण
(B) भू-जल के गिरते स्तर के कारण
(C) कृषि योग्य भूमि के विस्तार के कारण
(D) बढ़ती हुई आबादी के कारण

Answer: (D) बढ़ती हुई आबादी के कारण

Teacher's Note:
a) गद्यांश की दूसरी पंक्तियों में "विश्व की तेजी से बढ़ती आबादी" शब्द ध्यान से पढ़ें।
b) प्रत्यक्ष रूप से दिए गए कारण को ही उत्तर मानें।

 

(iii) जल-संकट गहराने के प्रमुख कारण नहीं हैं। [1 Mark]
(A) लगातार गिरता भू-जल स्तर
(B) लगातार बढ़ती जनसंख्या
(C) जल स्रोतों का सुनियोजित उपयोग
(D) जल संरक्षण के अनुपयुक्त उपाय

Answer: (C) जल स्रोतों का सुनियोजित उपयोग

Teacher's Note:
a) प्रश्न में "नहीं हैं" शब्द पर विशेष ध्यान दें।
b) सुनियोजित उपयोग समस्या का कारण नहीं, समाधान है।

 

(iv) 'पानी को बूँद-बूँद बचाने के बजाए हम उसे व्यर्थ कर रहे हैं।' कथन का आशय स्पष्ट कीजिए। [2 Marks]

Answer:
1. जल संसाधनों का अंधाधुंध और अनावश्यक दोहन किया जा रहा है।
2. जल को प्रदूषित करने वाले मानवीय कृत्यों में लगातार वृद्धि हो रही है।

Teacher's Note:
a) दोनों बिंदु स्पष्ट रूप से लिखें।
b) उदाहरण देकर उत्तर को प्रभावी बनाया जा सकता है।

 

(v) पेय जल की उपलब्धता में निरंतर गिरावट क्यों आ रही है? [2 Marks]

Answer:
1. बढ़ती हुई आबादी के कारण पानी की माँग तेजी से बढ़ रही है।
2. नदियों, झीलों और भू-जल में औद्योगिक कचरे, रसायनों एवं प्लास्टिक का बढ़ता स्तर पानी को प्रदूषित कर रहा है।

Teacher's Note:
a) गद्यांश के अंतिम अनुच्छेद से सीधे बिंदु लें।
b) कोई भी दो सही कारण देने पर पूरे अंक मिलते हैं।

 

2. निम्नलिखित गद्यांश को ध्यानपूर्वक पढ़कर उस पर आधारित दिए गए प्रश्नों के उत्तर लिखिए: [7 Marks]

फ्रैंकलिन का प्रसिद्ध कथन है - 'वक्त को बरबाद न करो क्योंकि जीवन इसी से बना है।' समय ही जीवन है। जो अवसरों और संभावनाओं से भरा हुआ है।
जो बुद्धिमानी से इसका उपयोग करते हैं, वे सफलता की नींव रखते हैं, जबकि समय को व्यर्थ करने वाले अधूरे कार्यों और अपूर्ण लक्ष्यों के साथ रह जाते हैं। शास्त्रों में कहा गया है, 'एक-एक पैसे को जोड़कर कोई धनी बनता है, और एक-एक क्षण का उपयोग करके कोई विद्वान।' समय वास्तव में सीमित संसाधन है। जब हम किसी एक चीज के लिए 'हाँ' कहते हैं, तो किसी दूसरी चीज के लिए 'ना' कह रहे होते हैं।
प्राचीन ज्ञान भी यही सिखाता है। अवसर को समय रहते पहचानो और उसका सदुपयोग करो। मानव जीवन एक दुर्लभ उपहार है। यही जीवन हमें विवेक देता है, जो लाभकारी और सुखद के बीच अंतर करने में सक्षम बनाता है। इसलिए हर क्षण का विवेकपूर्ण उपयोग आवश्यक है। जैसे विद्यार्थी परीक्षा के आने के ठीक पहले समय को अच्छी तरह समझकर पूरी निष्ठा से पढ़ाई करते हैं, वैसे ही हमें भी जीवन के हर क्षण को उद्देश्यपूर्ण बनाना चाहिए।
हम अक्सर कहते हैं, 'काश मेरे पास और समय होता।' यह सोच हमें थकान और असंतोष की ओर ले जाती है। साथ ही, हम एक तरह की नकारात्मकता से घिर जाते हैं। सच यह है कि हम सबको समान 24 घंटे मिलते हैं। फ़र्क सिर्फ इस बात से पड़ता है कि हम उनका उपयोग कैसे करते हैं।
विद्वानों ने सिखाया कि सफलता उन्हीं को मिलती है, जो अपने समय को केवल सबसे महत्वपूर्ण कार्यों में निवेश करते हैं। प्रकृति हमें हर दिन समय का समान उपहार देती है। समय की कद्र कीजिए, घड़ी की सूइयों की फुसफुसाहट को सुनिए और उसके संकेतों को समझिए। जो लोग हर क्षण को सार्थक बनाते हैं, वे ही जीवन में संतोष और सफलता का सच्चा संतुलन पाते हैं।

 

(i) निम्नलिखित कथन और कारण पर विचार करते हुए उपयुक्त विकल्प चुनिए: [1 Mark]
कथन: समय के सदुपयोग का सफलता से गहरा नाता है।
कारण: सफलता उन्हीं को मिलती है, जो अपने समय को सबसे महत्वपूर्ण कार्यों में निवेश करते हैं।

(A) कथन सही है, लेकिन कारण गलत है।
(B) कथन और कारण दोनों सही हैं और कारण, कथन की सही व्याख्या करता है।
(C) कथन गलत है और कारण सही है।
(D) कथन और कारण दोनों गलत हैं।

Answer: (B) कथन और कारण दोनों सही हैं और कारण, कथन की सही व्याख्या करता है।

Teacher's Note:
a) गद्यांश के अंतिम अनुच्छेद से यह भाव सीधे स्पष्ट होता है।
b) कारण, कथन को सही ठहराता है, इसलिए विकल्प (B) चुनें।

 

(ii) गद्यांश के आधार पर लिखिए कि जो व्यक्ति समय का सदुपयोग करते हैं, उनका जीवन कैसा होता है? [1 Mark]
(I) सफल
(II) व्यस्त
(III) सार्थक
(IV) अनियमित

(A) केवल विकल्प (I) सही है।
(B) (II) और (III) सही हैं।
(C) (I), (II) और (III) सही हैं।
(D) (I) और (III) सही हैं।

Answer: (D) (I) और (III) सही हैं।

Teacher's Note:
a) गद्यांश में "सफलता" और "सार्थक जीवन" दोनों शब्द प्रयुक्त हुए हैं।
b) "व्यस्त" और "अनियमित" शब्द भाव से मेल नहीं खाते।

 

(iii) 'काश मेरे पास और समय होता।' ऐसी सोच किस प्रकार के व्यक्तियों की होती है? [1 Mark]
(A) अकर्मण्य और आलसी लोगों की
(B) भाग्यवादी लोगों की
(C) समय की कद्र करने वालों की
(D) परिश्रमी लोगों की

Answer: (A) अकर्मण्य और आलसी लोगों की

Teacher's Note:
a) यह सोच नकारात्मकता और असंतोष से जुड़ी है।
b) परिश्रमी लोग समय की कमी की शिकायत नहीं करते।

 

(iv) समय को व्यर्थ गँवाने के क्या परिणाम होते हैं? [2 Marks]

Answer:
1. व्यक्ति के कार्य अधूरे रह जाते हैं और लक्ष्य अपूर्ण रह जाते हैं।
2. व्यक्ति में नकारात्मकता और असंतोष की भावना घर कर जाती है।

Teacher's Note:
a) गद्यांश के दूसरे अनुच्छेद से सीधे बिंदु लें।
b) दो स्पष्ट परिणाम लिखने पर ही पूरे अंक मिलेंगे।

 

(v) हर क्षण का विवेकपूर्ण उपयोग क्यों आवश्यक है? [2 Marks]

Answer:
1. सफलता की प्राप्ति के लिए हर क्षण का सदुपयोग आवश्यक है।
2. उद्देश्यपूर्ण जीवन जीने के लिए विवेकपूर्ण निर्णय लेना जरूरी है।

Teacher's Note:
a) गद्यांश के तीसरे अनुच्छेद पर आधारित उत्तर दें।
b) दोनों बिंदु संक्षेप में स्पष्ट लिखें।

 

खंड - ख (व्यावहारिक व्याकरण)

 

3. निर्देशानुसार 'पदबंध' पर आधारित निम्नलिखित पाँच प्रश्नों में से किन्हीं चार प्रश्नों के उत्तर लिखिए: [4 × 1 = 4 Marks]

 

(i) दूसरों की सहायता करने वाला वह अति विनम्र है। - वाक्य में रेखांकित पदबंध का भेद लिखिए। [1 Mark]

Answer: विशेषण पदबंध।

Teacher's Note:
a) रेखांकित अंश किसी संज्ञा/सर्वनाम की विशेषता बता रहा है।
b) पदबंध के भेद के लिए मुख्य शब्द (शीर्ष पद) पहचानना जरूरी है।

 

(ii) हमारी नाभा रियासत का राजा 1923 में गिरफ़्तार कर लिया गया था। - वाक्य में से संज्ञा पदबंध छाँटकर लिखिए। [1 Mark]

Answer: हमारी नाभा रियासत का राजा।

Teacher's Note:
a) जिस पदबंध का शीर्ष पद संज्ञा हो, वह संज्ञा पदबंध कहलाता है।
b) पूरा वाक्यांश ही उत्तर में लिखें, केवल एक शब्द नहीं।

 

(iii) एक शाम तताँरा समुद्र किनारे टहलने निकल पड़ा। - वाक्य में रेखांकित पदबंध का भेद लिखिए। [1 Mark]

Answer: क्रियाविशेषण पदबंध।

Teacher's Note:
a) यह पदबंध क्रिया के होने के स्थान/समय को बताता है।
b) क्रियाविशेषण पदबंध क्रिया की विशेषता बताते हैं।

 

(iv) उनके सरल और सहज स्वभाव से सब प्रभावित थे। वाक्य में रेखांकित पदबंध का भेद लिखिए। [1 Mark]

Answer: विशेषण पदबंध।

Teacher's Note:
a) रेखांकित अंश संज्ञा (स्वभाव) की विशेषता बता रहा है।
b) विशेषण पदबंध में एक से अधिक विशेषण शब्द हो सकते हैं।

 

(v) लिटिल अंदमान और कार निकोबार आपस में जुड़े हुए थे। - वाक्य में से क्रिया पदबंध छाँटकर लिखिए और कारण भी स्पष्ट कीजिए। [1 Mark]

Answer: जुड़े हुए थे - क्रिया पदबंध, क्योंकि यह क्रिया पदों का समूह है और इसका शीर्ष पद क्रिया है।

Teacher's Note:
a) क्रिया पदबंध में एक से अधिक क्रिया-रूप शब्द मिलकर एक क्रिया का काम करते हैं।
b) कारण लिखना न भूलें, इसके लिए अलग अंक निर्धारित है।

 

4. निर्देशानुसार 'रचना के आधार पर वाक्य रूपांतरण' पर आधारित पाँच प्रश्नों में से किन्हीं चार प्रश्नों के उत्तर लिखिए: [4 × 1 = 4 Marks]

 

(i) सआदत अली हमारा दोस्त है और बहुत ऐश-पसंद आदमी है। - रचना की दृष्टि से वाक्य-भेद का नाम लिखिए। [1 Mark]

Answer: संयुक्त वाक्य।

Teacher's Note:
a) वाक्य में "और" समुच्चयबोधक से दो स्वतंत्र उपवाक्य जुड़े हैं।
b) संयुक्त वाक्य में दोनों उपवाक्य प्रधान होते हैं।

 

(ii) उनको दुखी देखकर मेरी माँ की आँखों में भी आँसू आ गए। - मिश्र वाक्य में रूपांतरित करके लिखिए। [1 Mark]

Answer: जब मेरी माँ ने उनको दुखी देखा तो उनकी आँखों में भी आँसू आ गए।

Teacher's Note:
a) मिश्र वाक्य बनाने के लिए "जब...तो" जैसे संबंधबोधक शब्दों का प्रयोग करें।
b) एक प्रधान और एक आश्रित उपवाक्य होना जरूरी है।

 

(iii) कंपनी का हुक्म है कि वज़ीर अली को गिरफ़्तार किया जाए। - सरल वाक्य में रूपांतरित करके लिखिए। [1 Mark]

Answer: कंपनी के हुक्म के अनुसार वज़ीर अली को गिरफ़्तार किया जाए।

Teacher's Note:
a) सरल वाक्य में केवल एक ही क्रिया होती है।
b) आश्रित उपवाक्य को पदबंध में बदलकर सरल वाक्य बनाएँ।

 

(iv) जब कार-निकोबार आपस में जुड़े हुए थे तब वहाँ एक सुंदर सा गाँव था। - संयुक्त वाक्य में रूपांतरित करके लिखिए। [1 Mark]

Answer: कार-निकोबार आपस में जुड़े हुए थे और वहाँ एक सुंदर सा गाँव था।

Teacher's Note:
a) "जब...तब" को हटाकर "और" समुच्चयबोधक से दोनों उपवाक्य जोड़ें।
b) संयुक्त वाक्य में दोनों वाक्यांश स्वतंत्र और प्रधान होने चाहिए।

 

(v) व्यवहारवादी लोगों ने तो समाज को गिराया ही है। रचना की दृष्टि से भेद का नाम लिखिए। [1 Mark]

Answer: सरल वाक्य।

Teacher's Note:
a) वाक्य में केवल एक ही क्रिया (गिराया है) है।
b) एक ही उद्देश्य-विधेय होने पर वाक्य सरल कहलाता है।

 

5. निर्देशानुसार 'समास' पर आधारित पाँच प्रश्नों में से किन्हीं चार प्रश्नों के उत्तर लिखिए: [4 × 1 = 4 Marks]

 

(i) कर्मधारय समास में कौन सा पद प्रधान होता है? एक उदाहरण भी लिखिए। [1 Mark]

Answer: उत्तर पद प्रधान होता है। उदाहरण - नीलगगन।

Teacher's Note:
a) कर्मधारय समास में विशेषण-विशेष्य या उपमान-उपमेय संबंध होता है।
b) कोई भी सही उदाहरण स्वीकार्य है।

 

(ii) 'बारूदों की विनाशलीलाओं ने वातावरण को सताना शुरू कर दिया।' - रेखांकित समस्तपद का विग्रह कीजिए और भेद का नाम लिखिए। [1 Mark]

Answer: विनाश की लीलाओं - तत्पुरुष समास।

Teacher's Note:
a) तत्पुरुष समास में विभक्ति चिह्न का लोप होता है।
b) विग्रह करते समय विभक्ति सही रूप में जोड़ें।

 

(iii) 'प्रतिक्षण' समास के किस भेद का उदाहरण है? [1 Mark]

Answer: अव्ययीभाव समास।

Teacher's Note:
a) अव्ययीभाव समास में पहला पद प्रधान और समस्तपद अव्यय होता है।
b) "प्रति", "यथा", "आ" जैसे उपसर्गों वाले पद प्रायः अव्ययीभाव होते हैं।

 

(iv) चक्र है पाणि में जिसके, उन्हें प्रणाम। - रेखांकित पदों के उपयुक्त समस्तपद लिखिए और समास के भेद का नाम भी लिखिए। [1 Mark]

Answer: चक्रपाणि - बहुव्रीहि समास।

Teacher's Note:
a) बहुव्रीहि समास में दोनों पद अप्रधान होकर कोई तीसरा अर्थ प्रकट करते हैं।
b) यहाँ "चक्रपाणि" श्रीकृष्ण के लिए प्रयुक्त है।

 

(v) द्विगु समास की पहचान बताते हुए एक उदाहरण लिखिए। [1 Mark]

Answer: पूर्वपद संख्यावाची होता है। उदाहरण - नवरत्न।

Teacher's Note:
a) द्विगु समास में पहला पद संख्या का बोध कराता है।
b) कोई भी अन्य सही उदाहरण भी स्वीकार्य है।

 

6. निर्देशानुसार 'मुहावरे' पर आधारित पाँच प्रश्नों में से किन्हीं चार प्रश्नों के उत्तर लिखिए: [4 × 1 = 4 Marks]

 

(i) 'चिकनी-चुपड़ी बातें करना' - मुहावरे का अर्थ लिखिए और मुहावरे का वाक्य में प्रयोग कीजिए। [1 Mark]

Answer: अर्थ - खुशामद/चापलूसी करना। वाक्य प्रयोग - रमेश हमेशा अफसर के सामने चिकनी-चुपड़ी बातें करता है।

Teacher's Note:
a) अर्थ और वाक्य प्रयोग दोनों के लिए अलग-अलग अंक निर्धारित हैं।
b) वाक्य में मुहावरे का अर्थ स्पष्ट होना चाहिए।

 

(ii) 'कमरे में हरिहर काका जिस स्थिति में मिले उसे देखकर उनके भाइयों का _____ उठा।' रिक्त स्थान की पूर्ति उपयुक्त मुहावरे से कीजिए। [1 Mark]

Answer: खून खौलना / दिल दहलना / कलेजा काँप उठना।

Teacher's Note:
a) रिक्त स्थान का अर्थ आक्रोश या भय से जुड़ा है।
b) उपयुक्त मुहावरा प्रसंग के अनुसार चुनें।

 

(iii) 'दिन गिनना' - मुहावरे का वाक्य में इस तरह प्रयोग कीजिए कि अर्थ स्पष्ट हो जाए। [1 Mark]

Answer: छात्र परीक्षा परिणाम आने के दिन गिन रहे हैं।

Teacher's Note:
a) "दिन गिनना" का अर्थ है किसी घटना की उत्सुकता से प्रतीक्षा करना।
b) वाक्य से अर्थ स्पष्ट रूप से प्रकट होना चाहिए।

 

(iv) 'भाग्यवश अच्छी वस्तु मिलना' - अर्थ को व्यक्त करने वाला एक उपयुक्त मुहावरा लिखिए। [1 Mark]

Answer: अंधे के हाथ बटेर लगना / अंधा चोट निशाना लगना।

Teacher's Note:
a) यह मुहावरा अप्रत्याशित लाभ के लिए प्रयुक्त होता है।
b) कोई भी अन्य सही मुहावरा भी स्वीकार्य है।

 

(v) 'बातें बनाना' और 'बातों में आना' - इन दोनों मुहावरों के बीच का अंतर स्पष्ट कीजिए। [1 Mark]

Answer: बातें बनाना - बहाने बनाना/समय नष्ट करना; बातों में आना - बहकावे में आना/किसी की बातों से प्रभावित होना।

Teacher's Note:
a) दोनों मुहावरों के अर्थ अलग-अलग स्पष्ट करें।
b) वाक्य-प्रयोग द्वारा भी अंतर स्पष्ट किया जा सकता है।

 

खंड - ग (पाठ्य-पुस्तक एवं पूरक पाठ्य-पुस्तक)

 

7. निम्नलिखित पठित गद्यांश पर आधारित बहुविकल्पी प्रश्नों के सर्वाधिक उपयुक्त उत्तर वाले विकल्प चुनकर लिखिए: [5 × 1 = 5 Marks]

पंछी, मानव, पशु, नदी, पर्वत, समंदर आदि की इसमें बराबर की हिस्सेदारी है। यह और बात है कि इस हिस्सेदारी में मानव जाति ने अपनी बुद्धि से बड़ी-बड़ी दीवारें खड़ी कर दी हैं। पहले पूरा परिवार एक परिवार के समान था, अब टुकड़ों में बँटकर एक दूसरे से दूर हो चुका है। पहले बड़े-बड़े दालानों-आँगनों में सब मिलजुलकर रहते थे, अब छोटे-छोटे डिब्बे जैसे घरों में जीवन सिमटने लगा है। बढ़ती हुई आबादियों ने समंदर को पीछे सरकाना शुरू कर दिया है, पेड़ों को रास्तों से हटाना शुरू कर दिया है, फैलते हुए प्रदूषण ने पंछियों को बस्तियों से भगाना शुरू कर दिया है। बारूद की विनाशलीलाओं ने वातावरण को सताना शुरू कर दिया। अब गरमी में ज्यादा गरमी, बेवक्त की बरसातें, ज़लज़ले, सैलाब, तूफ़ान और नित नए रोग, मानव और प्रकृति के इसी असंतुलन के परिणाम हैं। नेचर की सहनशक्ति की एक सीमा होती है। नेचर के गुस्से का एक नमूना कुछ साल पहले बंबई में देखने को मिला था और यह नमूना इतना डरावना था कि बंबई निवासी डरकर अपने-अपने पूजा-स्थल में अपने खुदाओं से प्रार्थना करने लगे थे।

 

(i) अपनी बुद्धि से बड़ी-बड़ी दीवारें खड़ी कर देने का आशय है - [1 Mark]
(A) धरती पर ऊँची-ऊँची इमारतों का निर्माण
(B) धरती को देश की सीमाओं में बाँधना
(C) प्रकृति के अन्य जीवों और तत्वों से दूरी
(D) बुद्धि-बल से प्रकृति को नियंत्रित करना

Answer: (C) प्रकृति के अन्य जीवों और तत्वों से दूरी

Teacher's Note:
a) गद्यांश में "बराबर की हिस्सेदारी" और "दीवारें" के परस्पर विरोधी भाव को समझें।
b) मानव का प्रकृति से अलगाव ही मुख्य भाव है।

 

(ii) बंबई निवासी ईश्वर से प्रार्थना क्यों करने लगे? [1 Mark]
(A) ईश्वर की प्रार्थना करना उनका दैनिक कर्म था।
(B) प्रार्थना करके वे अपने-अपने पूजा-स्थलों को बचा सकते थे।
(C) वे अपने तरीके से अपने प्रार्थना की शक्ति परखना चाहते थे।
(D) प्रकृति के कोप को देखकर उन्हें अपना अस्तित्व संकट में लगा।

Answer: (D) प्रकृति के कोप को देखकर उन्हें अपना अस्तित्व संकट में लगा।

Teacher's Note:
a) "नेचर के गुस्से का नमूना" वाक्यांश सीधे इस उत्तर की ओर संकेत करता है।
b) भय और असुरक्षा की भावना ही प्रार्थना का कारण है।

 

(iii) निम्नलिखित कथन और कारण को ध्यानपूर्वक पढ़कर दिए गए विकल्पों से सही उत्तर चुनकर लिखिए: [1 Mark]
कथन: मानव और प्रकृति के बीच बढ़ते असंतुलन का मुख्य कारण मानव की बढ़ती स्वार्थपरता है।
कारण: बुद्धि के विकास ने ही मानव को अच्छे-बुरे का ज्ञान करवाया जिससे अंततः पर्यावरण सकारात्मक रूप से प्रभावित हुआ।

(A) कथन और कारण दोनों गलत हैं।
(B) कथन गलत है, लेकिन कारण सही है।
(C) कथन सही है, लेकिन कारण, कथन की गलत व्याख्या करता है।
(D) कथन और कारण दोनों सही हैं और कारण, कथन की सही व्याख्या करता है।

Answer: (C) कथन सही है, लेकिन कारण, कथन की गलत व्याख्या करता है।

Teacher's Note:
a) गद्यांश के अनुसार पर्यावरण नकारात्मक रूप से प्रभावित हुआ है, सकारात्मक नहीं।
b) कारण का कथन से मेल न खाना ही मुख्य बिंदु है।

 

(iv) प्रकृति के असंतुलन का परिणाम नहीं है - [1 Mark]
(A) मौसम चक्र में परिवर्तन
(B) विकास-दर में वृद्धि
(C) प्राकृतिक आपदाओं में बढ़ोतरी
(D) नए-नए रोगों की उत्पत्ति

Answer: (B) विकास-दर में वृद्धि

Teacher's Note:
a) "नहीं है" शब्द पर ध्यान देकर उत्तर चुनें।
b) शेष तीनों विकल्प गद्यांश में सीधे उल्लिखित हैं।

 

(v) 'पहले पूरा संसार एक परिवार के समान था' - का भाव है - [1 Mark]
(A) पहले संसार परिवार की सीमाओं में नहीं बँटा था।
(B) पहले संसार में अलग-अलग देश ही नहीं थे।
(C) पहले लोग मानव और प्रकृति के संबंधों से अनजान थे।
(D) पहले के लोग सह-अस्तित्व का सम्मान करते थे।

Answer: (D) पहले के लोग सह-अस्तित्व का सम्मान करते थे।

Teacher's Note:
a) "बराबर की हिस्सेदारी" वाला भाव सह-अस्तित्व की ओर संकेत करता है।
b) मिलजुलकर रहने की भावना ही मुख्य बिंदु है।

 

8. निर्धारित गद्य पाठों के आधार पर निम्नलिखित चार प्रश्नों में से किन्हीं तीन प्रश्नों के उत्तर लगभग 25-30 शब्दों में लिखिए: [3 × 2 = 6 Marks]

 

(i) सबके प्रति अपने नेक व्यवहार के कारण द्वीपवासियों के बीच अत्यंत लोकप्रिय होने पर भी, जब तताँरा को ज़रूरत पड़ी तो किसी ने भी उसका साथ क्यों नहीं दिया? 'तताँरा-वामीरो कथा' पाठ के आधार पर लिखिए। [2 Marks]

Answer:
1. द्वीपवासी रूढ़ परंपराओं के बंधन में जकड़े हुए थे और तताँरा द्वारा गाँव की प्रथा तोड़े जाने से नाराज थे।
2. अपनी पहचान और अस्तित्व से जुड़ी होने के कारण वे प्रथा, परंपरा और संस्कृति के प्रति अत्यंत संवेदनशील थे।

Teacher's Note:
a) रूढ़िवादिता ही मुख्य कारण है, इसे अवश्य लिखें।
b) शब्द-सीमा (25-30 शब्द) का ध्यान रखें।

 

(ii) 'गिन्नी का सोना' के आधार पर लिखिए कि किस तरह के लोग समाज के पतन का कारण बनते हैं और क्यों? [2 Marks]

Answer:
1. व्यवहारवादी लोग समाज के पतन का कारण बनते हैं।
2. वे अपनी उन्नति की होड़ में हर कार्य को व्यक्तिगत स्वार्थ और लाभ-हानि से तौलकर करते हैं, जिससे समाज के हितों की उपेक्षा होती है।

Teacher's Note:
a) "कौन" और "क्यों" दोनों बिंदुओं को स्पष्ट करें।
b) व्यवहारवादी शब्द का सही अर्थ समझाएँ।

 

(iii) 'व्यावसायिक दृष्टि से एक असफल फ़िल्म होते हुए भी 'तीसरी कसम' एक सफल फ़िल्म थी।' पाठ के संदर्भ में सिद्ध कीजिए। [2 Marks]

Answer:
1. पटकथा, गीत-संगीत, अभिनय, निर्देशन और कलात्मकता की दृष्टि से यह फ़िल्म उत्कृष्ट थी और साहित्यिक कृति के साथ पूरा न्याय करती थी।
2. मानवीय संवेदनाओं के यथार्थ चित्रण के कारण इसे राष्ट्रपति स्वर्ण पदक जैसे अनेक पुरस्कार मिले।

Teacher's Note:
a) "व्यावसायिक असफलता" और "कलात्मक सफलता" के अंतर को स्पष्ट करें।
b) पुरस्कारों का उल्लेख उत्तर को सशक्त बनाता है।

 

(iv) 'एक संगठित समाज कृत संकल्प हो तो ऐसा कुछ भी नहीं जो वह न कर सके।' - 'डायरी का एक पन्ना' पाठ के आधार पर इस कथन को उदाहरण सहित स्पष्ट कीजिए। [2 Marks]

Answer:
1. अंग्रेज सरकार के व्यापक पुलिस बंदोबस्त के बावजूद कलकत्तावासी संगठित होकर मोन्यूमेंट के नीचे एकत्र हुए।
2. लाठीचार्ज और दमन झेलते हुए भी उन्होंने राष्ट्रीय झंडा फहराया और स्वतंत्रता की प्रतिज्ञा पढ़ी, जो संगठन की शक्ति दर्शाता है।

Teacher's Note:
a) उदाहरण देना अनिवार्य है, बिना उदाहरण अंक कट सकते हैं।
b) "संगठन में शक्ति" भाव को स्पष्ट करें।

 

9. निम्नलिखित काव्यांश को पढ़कर दिए गए प्रश्नों के सर्वाधिक उपयुक्त विकल्पों का चयन कीजिए: [5 × 1 = 5 Marks]

गिर का गौरव गाकर झर-झर
मद में नस-नस उत्तेजित कर
मोती की लड़ियों-से सुंदर
झरते हैं झाग भरे निर्झर!
गिरिवर के उर से उठ-उठकर
उच्चाकांक्षाओं से तरुवर
हैं झाँक रहे नीरव-नभ पर
अनिमेष, अटल, कुछ चिंतापर।

 

(i) 'अनिमेष' का अर्थ नहीं है - [1 Mark]
(A) एकटक
(B) लगातार
(C) निर्निमेष
(D) झाँकना

Answer: (D) झाँकना

Teacher's Note:
a) "नहीं है" शब्द पर ध्यान दें, अन्य तीनों समानार्थी हैं।
b) "झाँकना" एक क्रिया है, "अनिमेष" के पर्याय से भिन्न है।

 

(ii) पद्यांश में किसकी तुलना मोती की लड़ियों से की गई है? [1 Mark]
(A) महाकार पर्वत की
(B) झाग भरे झरने की
(C) निर्मल ताल की
(D) विशाल वृक्ष की

Answer: (B) झाग भरे झरने की

Teacher's Note:
a) पंक्ति "मोती की लड़ियों-से सुंदर झरते हैं झाग भरे निर्झर" सीधा उत्तर देती है।
b) "निर्झर" शब्द का अर्थ झरना है।

 

(iii) 'नीरव-नभ' का आशय है - [1 Mark]
(A) बिना बादल का आकाश
(B) बादलों से भरा आकाश
(C) बादल रहित शांत आकाश
(D) तेज़ हवा से युक्त आकाश

Answer: (C) बादल रहित शांत आकाश

Teacher's Note:
a) "नीरव" का अर्थ शांत और "नभ" का अर्थ आकाश है।
b) दोनों शब्दों को मिलाकर सही भाव समझें।

 

(iv) पेड़ 'चिंतापर' क्यों दिखाई दे रहे हैं? [1 Mark]
(A) वे आकाश जैसी ऊँचाई पाने के लिए विचारमग्न हैं।
(B) पर्वतों की आकांक्षाओं को पूरा नहीं पा रहे हैं।
(C) पर्वतों से झरने वाले झरनों की गति से भयभीत हैं।
(D) नीरव-नभ का रूप उन्हें आश्चर्यचकित कर रहा है।

Answer: (A) वे आकाश जैसी ऊँचाई पाने के लिए विचारमग्न हैं।

Teacher's Note:
a) "उच्चाकांक्षाओं से तरुवर" पंक्ति इस भाव को स्पष्ट करती है।
b) चिंता का भाव उच्च लक्ष्य पाने की चाह से जुड़ा है।

 

(v) निम्नलिखित कथन और कारण को ध्यानपूर्वक पढ़कर दिए गए विकल्पों के सही उत्तर चुनकर लिखिए: [1 Mark]
कथन: एकाग्रता, अटल विश्वास और लक्ष्य पर दृष्टि सफल होने के सहायक तत्व हैं।
कारण: जीवन में सफलता बिना प्रयास के भाग्य से स्वयं ही प्राप्त हो जाती है।

(A) कथन और कारण दोनों गलत हैं।
(B) कथन और कारण दोनों सही हैं।
(C) कथन गलत है, परंतु कारण सही है।
(D) कथन सही है, किंतु कारण गलत है।

Answer: (D) कथन सही है, किंतु कारण गलत है।

Teacher's Note:
a) कथन काव्यांश के भाव से मेल खाता है, कारण नहीं।
b) सफलता प्रयास से मिलती है, केवल भाग्य से नहीं।

 

10. निर्धारित कविताओं के आधार पर निम्नलिखित चार प्रश्नों में से किन्हीं तीन प्रश्नों के उत्तर लगभग 25-30 शब्दों में लिखिए: [3 × 2 = 6 Marks]

 

(i) 'मनुष्यता' कविता के आधार पर लिखिए कि 'अखंड आत्म भाव' रखने के क्या लाभ हैं? [2 Marks]

Answer:
1. इससे सहानुभूति, दया, परोपकार और उदारता जैसे गुणों का विकास होता है।
2. भेदभाव से ऊपर उठकर विश्व-बंधुत्व की भावना जागृत होती है।

Teacher's Note:
a) कविता के केंद्रीय भाव "मनुष्यता" पर ध्यान दें।
b) दोनों बिंदु मानवीय गुणों से जुड़े हैं।

 

(ii) 'साखी' में कबीर ने प्रभु प्राप्ति में सबसे बड़ी बाधा किसे और क्यों बताया है? [2 Marks]

Answer:
बाधा - अहंकार और अज्ञानता। कारण - लोग ईश्वर को बाहर तलाशते हुए भटकते रहते हैं और सांसारिक सुख को ही वास्तविक सुख मान लेते हैं।

Teacher's Note:
a) "बाधा" और "कारण" दोनों को स्पष्ट रूप से अलग-अलग लिखें।
b) कबीर के दोहों की मूल भावना यही है कि ईश्वर हृदय में है।

 

(iii) 'आत्म त्राण' कविता के संदर्भ में लिखिए कि संकट में अपनों का साथ न मिलने तथा उनसे छले जाने पर भी कवि संकट का सामना कैसे करना चाहता है? [2 Marks]

Answer:
1. कवि अपने साहस और पुरुषार्थ पर भरोसा करके निर्भयतापूर्वक संकट का सामना करना चाहता है।
2. वह ईश्वर पर पूर्ण विश्वास रखकर दुख-सुख में समान भाव से डटे रहना चाहता है।

Teacher's Note:
a) कविता का मूल भाव आत्मबल और ईश्वर पर विश्वास है।
b) किन्हीं दो बिंदुओं का उल्लेख पर्याप्त है।

 

(iv) 'कर चले हम फ़िदा' कविता से उद्धृत 'राम भी तुम, तुम्हीं लक्ष्मण साथियों' पंक्ति का आशय स्पष्ट कीजिए। [2 Marks]

Answer:
1. कवि देशवासियों को राम-लक्ष्मण के रूप में संबोधित करता है।
2. उनसे दुश्मनों से सीता रूपी मातृभूमि की मान-मर्यादा की रक्षा करने का आह्वान करता है।

Teacher's Note:
a) यह पंक्ति देशभक्ति की प्रेरणा देती है।
b) रामायण के प्रतीकों को समझकर उत्तर लिखें।

 

11. पूरक पाठ्य-पुस्तक 'संचयन' पर आधारित निम्नलिखित तीन प्रश्नों में से किन्हीं दो प्रश्नों के उत्तर लगभग 40-50 शब्दों में लिखिए: [2 × 3 = 6 Marks]

 

(i) 'जिनसे अपनापन मिले, अपने वे ही होते हैं फिर चाहे वे अलग परिवार, जाति, धर्म के ही क्यों न हों।' - 'टोपी शुक्ला' पाठ के आधार पर इस कथन के पक्ष में अपने विचार व्यक्त कीजिए। [3 Marks]

Answer:
1. वास्तविक संबंधों का आधार जाति या धर्म नहीं बल्कि अपनत्व और प्रेम-भावना होती है।
2. अलग-अलग धर्मों के होते हुए भी टोपी और इफ़्फ़न की दोस्ती गहरी और सच्ची थी।
3. इफ़्फ़न और उसकी दादी से मिलने वाला अपनापन ही टोपी के लिए वास्तविक रिश्ता था।

Teacher's Note:
a) पाठ से उदाहरण देना अनिवार्य है।
b) मानवीय संबंधों की गहराई पर विशेष बल दें।

 

(ii) 'सपनों के से दिन' पाठ में लेखक और उन जैसे परिवारों की अपने बच्चों को पढ़वाने में अरुचि के क्या कारण रहे होंगे? क्या वर्तमान में भी बच्चों की पढ़ाई को लेकर समान दृष्टिकोण है? अपने विचार के पक्ष में तर्कपूर्ण उत्तर लिखिए। [3 Marks]

Answer:
1. अभिभावक शिक्षा के वास्तविक महत्त्व को नहीं समझ पाते थे और शिक्षा को केवल व्यवसाय पाने का माध्यम मानते थे।
2. यह उनकी एक बड़ी भूल थी क्योंकि शिक्षा का उद्देश्य केवल आजीविका ही नहीं है।
3. वर्तमान में दृष्टिकोण बदला है - अधिकांश अभिभावक अब शिक्षा के महत्त्व को समझते हैं (विद्यार्थियों के तर्कपूर्ण मुक्त उत्तर स्वीकार्य)।

Teacher's Note:
a) दोनों भागों (कारण और वर्तमान दृष्टिकोण) का उत्तर देना आवश्यक है।
b) तर्कपूर्ण व्यक्तिगत विचार भी स्वीकार्य हैं।

 

(iii) ठाकुरबारी में महंत जी की नियुक्ति अस्थायी थी फिर भी उन्होंने हरिहर काका की ज़मीन को ठाकुर जी के नाम करवाने के लिए हर तरह के हथकंडे अपनाए। उनके द्वारा किए जाने वाले इन कृत्यों के पीछे के संभावित कारणों का उल्लेख कीजिए। [3 Marks]

Answer:
1. महंत जी अपना वर्चस्व स्थापित करना चाहते थे।
2. वे ठाकुरबारी का विस्तार करके धन और सुख-सुविधा में वृद्धि करना चाहते थे।
3. वे स्वयं को स्थायी महंत बनाए रखने की महत्त्वाकांक्षा भी रखते थे।

Teacher's Note:
a) तीनों कारण अलग-अलग स्पष्ट रूप से लिखें।
b) पाठ के धार्मिक स्वार्थ की प्रवृत्ति को रेखांकित करें।

 

खंड - घ (रचनात्मक लेखन)

 

12. निम्नलिखित तीन विषयों में से किसी एक विषय पर दिए गए संकेत-बिंदुओं के आधार पर लगभग 120 शब्दों में एक अनुच्छेद लिखिए: [5 Marks]

(i) परिश्रम सफलता की कुंजी है
संकेत बिंदु: सूक्ति का अर्थ
विद्यार्थी जीवन में महत्त्व
वर्तमान में इसकी आवश्यकता क्यों

Answer: "परिश्रम सफलता की कुंजी है" इस सूक्ति का अर्थ है कि निरंतर मेहनत करने वाला व्यक्ति ही जीवन में सफलता प्राप्त करता है, भाग्य के भरोसे बैठा व्यक्ति नहीं। परिश्रम के बिना कोई भी लक्ष्य प्राप्त नहीं हो सकता, चाहे व्यक्ति कितना भी प्रतिभाशाली क्यों न हो। विद्यार्थी जीवन में इसका विशेष महत्त्व है। नियमित अध्ययन, अनुशासन और लगन से पढ़ाई करने वाले विद्यार्थी ही परीक्षाओं में अच्छे परिणाम प्राप्त करते हैं। परिश्रम से आत्मविश्वास बढ़ता है और विद्यार्थी कठिन से कठिन चुनौतियों का सामना करने में सक्षम बनता है। वर्तमान समय में प्रतिस्पर्धा बहुत बढ़ गई है। हर क्षेत्र में सफल होने के लिए कठोर परिश्रम आवश्यक है, क्योंकि बिना मेहनत के कोई भी उपलब्धि टिकाऊ नहीं होती। अतः हमें सदैव परिश्रमी बनने का प्रयास करना चाहिए, तभी हम जीवन में सच्ची सफलता प्राप्त कर सकते हैं।

Teacher's Note:
a) अनुच्छेद में तीनों संकेत-बिंदुओं को क्रमशः शामिल करें।
b) भाषा सरल और प्रवाहपूर्ण रखें, विषय-वस्तु पर 3 अंक निर्धारित हैं।

OR

(ii) भीड़ भरे बाज़ार का दृश्य
संकेत बिंदु: चारों तरफ लोगों की गरमागरमी
दुकानदारों की आवाज
खरीद-फरोख्त करते लोग

Answer: त्योहारों के समय बाज़ार का दृश्य देखते ही बनता है। चारों ओर लोगों की भीड़ और गरमागरमी का वातावरण होता है। हर कोई जल्दी में दिखाई देता है, कोई खरीदारी में व्यस्त है तो कोई मोलभाव में लगा हुआ है। दुकानदार अपने-अपने सामान की खूबियाँ बताते हुए ग्राहकों को आकर्षित करने का प्रयास करते रहते हैं। "ताज़ा माल, कम दाम" जैसी आवाज़ें चारों ओर गूँजती रहती हैं। सड़कों पर वाहनों की कतारें और रेहड़ी-पटरी वालों की चहल-पहल बाज़ार को और भी जीवंत बना देती है। बच्चे मिठाइयों और खिलौनों की दुकानों की ओर आकर्षित होते हैं, तो महिलाएँ कपड़ों और गहनों की दुकानों में व्यस्त रहती हैं। इस भीड़ भरे बाज़ार में एक अलग ही उत्साह और रौनक दिखाई देती है, जो त्योहारों की खुशी को दोगुना कर देती है।

Teacher's Note:
a) दृश्य-वर्णन में सजीव भाषा और विशेषणों का प्रयोग करें।
b) सभी संकेत-बिंदुओं को अनुच्छेद में समाहित करना आवश्यक है।

OR

(iii) ऑनलाइन भुगतान की सुविधा
संकेत बिंदु: भुगतान करने का नया तरीका
देश की अर्थव्यवस्था में सहायक
सावधानी अपेक्षित

Answer: आज के डिजिटल युग में ऑनलाइन भुगतान एक क्रांतिकारी परिवर्तन लेकर आया है। यह भुगतान करने का एक नया और सुविधाजनक तरीका है, जिसमें व्यक्ति बिना नकद धन साथ रखे मोबाइल या कंप्यूटर के माध्यम से तुरंत भुगतान कर सकता है। यूपीआई, नेट बैंकिंग और मोबाइल वॉलेट जैसी सुविधाओं ने लेन-देन को सरल बना दिया है। इससे समय की बचत होती है और नकली मुद्रा के खतरे से भी बचाव होता है। ऑनलाइन भुगतान देश की अर्थव्यवस्था के लिए भी बेहद सहायक सिद्ध हो रहा है, क्योंकि इससे कर-चोरी में कमी आती है और डिजिटल इंडिया का सपना साकार हो रहा है। परंतु इसके प्रयोग में सावधानी अत्यंत आवश्यक है। साइबर धोखाधड़ी से बचने के लिए अपने पासवर्ड और ओटीपी किसी से साझा नहीं करने चाहिए। सतर्कता के साथ प्रयोग करने पर यह सुविधा अत्यंत लाभदायक सिद्ध होती है।

Teacher's Note:
a) सभी संकेत-बिंदु समाहित करना जरूरी है।
b) निष्कर्ष में सावधानी का उल्लेख अवश्य करें।

 

13. निम्नलिखित में से किसी एक विषय पर लगभग 100 शब्दों में औपचारिक पत्र लिखिए: [5 Marks]

(i) आप दसवीं कक्षा के विद्यार्थी शोभा/शोभित हैं। विद्यालय में योग की कक्षाओं की नियमित व्यवस्था हेतु प्रधानाचार्य को एक पत्र लिखिए।

Answer:
सेवा में,
प्रधानाचार्य महोदय,
राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय,
नई दिल्ली।

विषय: विद्यालय में योग की कक्षाओं की नियमित व्यवस्था हेतु।

महोदय,
सविनय निवेदन है कि मैं शोभा/शोभित, कक्षा दसवीं की/का छात्रा/छात्र हूँ। मैं आपका ध्यान इस ओर आकर्षित करना चाहता/चाहती हूँ कि हमारे विद्यालय में योग की कक्षाओं की कोई नियमित व्यवस्था नहीं है, जबकि आज के तनावपूर्ण जीवन में योग विद्यार्थियों के शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य के लिए अत्यंत आवश्यक है। योग से एकाग्रता बढ़ती है और तनाव कम होता है, जिससे पढ़ाई में भी सहायता मिलती है।
अतः आपसे विनम्र निवेदन है कि विद्यालय में प्रतिदिन प्रातःकाल योग की कक्षाओं की व्यवस्था करवाने की कृपा करें।
सधन्यवाद।

भवदीय/भवदीया,
शोभा/शोभित
कक्षा - दसवीं

Teacher's Note:
a) पत्र में प्रारंभ और अंत की औपचारिकताएँ (सेवा में, विषय, भवदीय) अवश्य लिखें।
b) विषय-वस्तु स्पष्ट और शब्द-सीमा के अनुरूप होनी चाहिए।

OR

(ii) आप शोभा/शोभित हैं। अपने क्षेत्र में पेय जल के बढ़ते संकट की ओर ध्यान दिलाने के लिए किसी दैनिक समाचार-पत्र के संपादक को पत्र लिखिए।

Answer:
सेवा में,
संपादक महोदय,
दैनिक जागरण,
नई दिल्ली।

विषय: क्षेत्र में पेय जल के बढ़ते संकट की ओर ध्यान दिलाने हेतु।

महोदय,
आपके सुप्रसिद्ध समाचार-पत्र के माध्यम से मैं शोभा/शोभित, प्रशासन का ध्यान अपने क्षेत्र में पेय जल की गंभीर समस्या की ओर आकर्षित करना चाहता/चाहती हूँ। पिछले कुछ महीनों से हमारे क्षेत्र में जलापूर्ति अनियमित हो गई है और भू-जल का स्तर भी लगातार गिर रहा है। लोगों को दूर से पानी लाना पड़ रहा है, जिससे उनका दैनिक जीवन प्रभावित हो रहा है।
अतः संबंधित विभाग से अनुरोध है कि शीघ्र आवश्यक कदम उठाकर जल आपूर्ति को नियमित करें और भू-जल संरक्षण की व्यवस्था करें।
आशा है आप इस पत्र को अपने समाचार-पत्र में स्थान देंगे।
सधन्यवाद।

भवदीय/भवदीया,
शोभा/शोभित

Teacher's Note:
a) संपादक को पत्र लिखते समय समस्या और समाधान दोनों स्पष्ट करें।
b) पत्र का प्रारूप (सेवा में, विषय, भवदीय) पूर्ण रखें।

 

14. निम्नलिखित में से किसी एक विषय पर लगभग 60 शब्दों में सूचना लिखिए: [4 Marks]

(i) आप स्वयंसेवी संस्था 'रोशनी' की/के अध्यक्ष प्रणीति/प्रणीष हैं। 'विश्व तंबाकू निषेध दिवस' के अवसर पर मादक द्रव्यों से होने वाले नुकसान के प्रति आम लोगों को जागरूक करने के लिए संस्था द्वारा एक कार्यशाला का आयोजन किया जा रहा है। जन साधारण को इस बात की जानकारी देने के लिए एक सूचना तैयार कीजिए।

Answer:
रोशनी (स्वयंसेवी संस्था)
सूचना
दिनांक: 31 मई 20XX

'विश्व तंबाकू निषेध दिवस' के अवसर पर मादक द्रव्यों से होने वाले नुकसान के प्रति जन-जागरूकता फैलाने हेतु हमारी संस्था द्वारा एक कार्यशाला का आयोजन किया जा रहा है। इच्छुक व्यक्ति अधिक जानकारी हेतु संस्था कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं।

प्रणीति/प्रणीष
अध्यक्ष, रोशनी

Teacher's Note:
a) सूचना में शीर्षक, दिनांक, मुख्य विषय-वस्तु और हस्ताक्षर अनिवार्य हैं।
b) भाषा संक्षिप्त और स्पष्ट रखें।

OR

(ii) आप अ.ब.स. विद्यालय के वरिष्ठ विज्ञान अध्यापिका/अध्यापक प्रणीति/प्रणीष हैं। आपके विद्यालय में 'राष्ट्रीय विज्ञान दिवस' के अवसर पर विज्ञान मेले का आयोजन होने वाला है। इस बारे में सभी विद्यार्थियों को जानकारी देने के लिए एक सूचना तैयार कीजिए।

Answer:
अ.ब.स. विद्यालय
सूचना
दिनांक: 28 फरवरी 20XX

समस्त विद्यार्थियों को सूचित किया जाता है कि 'राष्ट्रीय विज्ञान दिवस' के अवसर पर विद्यालय में एक विज्ञान मेले का आयोजन किया जा रहा है। सभी इच्छुक विद्यार्थी अपने विज्ञान मॉडल के साथ भाग ले सकते हैं। अधिक जानकारी हेतु विज्ञान विभाग से संपर्क करें।

प्रणीति/प्रणीष
वरिष्ठ विज्ञान अध्यापिका/अध्यापक

Teacher's Note:
a) सूचना का प्रारूप शीर्षक, दिनांक और हस्ताक्षर सहित पूर्ण रखें।
b) विषय-वस्तु सूचना की तरह संक्षिप्त और सटीक रखें।

 

15. निम्नलिखित में से किसी एक विषय पर लगभग 40 शब्दों में विज्ञापन लिखिए: [3 Marks]

(i) श्रीअन्न से नमकीन और मिष्टान्न बनाने वाली कंपनी 'सेहत' की ओर से अपने उत्पादों की जानकारी देने तथा बिक्री बढ़ाने के लिए एक आकर्षक विज्ञापन तैयार कीजिए।

Answer:
"सेहत" लाया है श्रीअन्न से बनी स्वादिष्ट और पौष्टिक नमकीन एवं मिष्टान्न! शुद्धता और स्वाद का बेजोड़ संगम। बिना किसी हानिकारक तत्व के, पूर्ण रूप से प्राकृतिक। अपने और अपने परिवार की सेहत का रखें ख्याल, चुनें "सेहत" के उत्पाद - हर घर की पहली पसंद! आज ही निकटतम स्टोर से खरीदें।

Teacher's Note:
a) विज्ञापन आकर्षक, संक्षिप्त और प्रभावशाली भाषा में लिखें।
b) उत्पाद की विशेषताओं का उल्लेख करना अनिवार्य है।

OR

(ii) 'हरित धरा, स्वस्थ धरा' - वन संरक्षण के प्रति जन-जागरूकता फैलाने के लिए पर्यावरण मंत्रालय की ओर से एक आकर्षक विज्ञापन तैयार कीजिए।

Answer:
"हरित धरा, स्वस्थ धरा" - पेड़ लगाएँ, जीवन बचाएँ! वन हमारे जीवन का आधार हैं। इनकी रक्षा करना हम सबका कर्तव्य है। आइए, मिलकर वृक्षारोपण करें और पृथ्वी को हरा-भरा बनाएँ। एक पेड़ लगाएँ, धरती को स्वस्थ बनाएँ। - पर्यावरण मंत्रालय, भारत सरकार।

Teacher's Note:
a) नारे और भावनात्मक अपील का प्रयोग विज्ञापन को प्रभावी बनाता है।
b) शब्द-सीमा 40 शब्दों के आसपास रखें।

 

16. (i) आप उत्कर्ष/प्रगति हैं। वर्तमान में तेज़ी से बदलते परिप्रेक्ष्य में किशोरों को आजीविका (करियर) संबंधी मार्गदर्शन की नितांत आवश्यकता है। इस विषय पर आधारित शृंखला शुरू किए जाने का निवेदन करते हुए दूरदर्शन निदेशालय को लगभग 80 शब्दों में एक ई-मेल लिखिए। [5 Marks]

Answer:
प्रेषक: utkarsh.pragati@email.com
प्रति: directorate@doordarshan.gov.in
विषय: किशोरों हेतु करियर मार्गदर्शन शृंखला प्रारंभ करने का निवेदन

महोदय,
सविनय निवेदन है कि वर्तमान समय में तेज़ी से बदलते परिप्रेक्ष्य में किशोरों को सही करियर चुनने में अत्यंत कठिनाई हो रही है। अनेक विद्यार्थी उचित मार्गदर्शन के अभाव में गलत विषय चुन लेते हैं। अतः मेरा निवेदन है कि दूरदर्शन पर आजीविका संबंधी मार्गदर्शन देने वाली एक साप्ताहिक शृंखला प्रारंभ की जाए, जिसमें विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञ किशोरों का मार्गदर्शन करें। इससे लाखों विद्यार्थियों को लाभ होगा।
सधन्यवाद।

भवदीय/भवदीया,
उत्कर्ष/प्रगति

Teacher's Note:
a) ई-मेल में From, To, Subject अवश्य लिखें।
b) विषय-वस्तु स्पष्ट और तर्कसंगत होनी चाहिए।

OR

(ii) 'जाड़े की शाम थी। आज रोज़ की तुलना में कोहरा अधिक ही घना था। मैं अपनी नृत्य-कक्षा से लौट रहा था।' ...... - पंक्ति को आधार बनाकर लगभग 100 शब्दों में एक लघुकथा लिखिए।

Answer: जाड़े की शाम थी। आज रोज़ की तुलना में कोहरा अधिक ही घना था। मैं अपनी नृत्य-कक्षा से लौट रहा था। रास्ते में सन्नाटा पसरा हुआ था और दूर तक कुछ भी स्पष्ट दिखाई नहीं दे रहा था। अचानक मुझे एक बूढ़ी औरत सड़क किनारे काँपती हुई बैठी दिखाई दी। उसने बताया कि वह रास्ता भटक गई है और उसके पास घर लौटने के लिए कोई साधन नहीं है। मैंने बिना देर किए अपनी शॉल उसे ओढ़ाई और पास की चौकी से मदद मंगवाई। थोड़ी देर बाद उसके परिजन उसे लेने आ गए। उस बूढ़ी औरत की आँखों में कृतज्ञता के आँसू थे। उस दिन मुझे एहसास हुआ कि छोटी सी मदद भी किसी का जीवन बदल सकती है, और मानवता से बड़ा कोई धर्म नहीं होता।

Teacher's Note:
a) दी गई पंक्ति से कथा प्रारंभ करना अनिवार्य है।
b) कथा में मौलिकता, भाषा-प्रवाह और स्पष्ट संदेश होना चाहिए।

Please click the link below to download pdf file of CBSE Class 10 Hindi B Question Paper 2026 Solved Code 4-4-1

Practice Exam Question Papers for Class 10 Hindi B CBSE Class 10 Hindi B Question Paper 2026 Solved Code 4-4-1

Class 10 Hindi B Past Exam Papers & Resources

Access structured past examination sets for Class 10 Hindi B. Solving the CBSE Class 10 Hindi B Question Paper 2026 Solved Code 4-4-1 provided above helps students understand actual exam difficulty levels, question formats, and topic distributions for both descriptive and objective sections.

Importance of Solving CBSE Class 10 Hindi B Question Paper 2026 Solved Code 4-4-1

Practicing past question sets under timed home conditions helps refine pacing and time management skills, ensuring you complete your Hindi B examination comfortably within the official duration.

Complete Your Exam Preparation

Download digital copies of these papers for convenient offline revision anywhere. Cross-check your completed steps against our expert solution guides to ensure complete accuracy.

FAQs

Where can I download the official PDF for CBSE Class 10 Hindi B Question Paper 2026 Solved Code 4-4-1?

The CBSE Class 10 Hindi B Question Paper 2026 Solved Code 4-4-1 is available for download on StudiesToday.com. It includes complete set with all sections so that Class 10 students can practice with the exact same paper that came in the CBSE exams.

Are the solutions for CBSE Class 10 Hindi B Question Paper 2026 Solved Code 4-4-1 based on the official CBSE marking scheme?

Yes, the solutions for CBSE Class 10 Hindi B Question Paper 2026 Solved Code 4-4-1 are prepared by subject matter experts as per official marking scheme. Class 10 students will understand the structure of answers and 'step-marks' methodology Hindi B.

How does solving CBSE Class 10 Hindi B Question Paper 2026 Solved Code 4-4-1 help in preparing for the 2026 exams?

Solving previous year papers like CBSE Class 10 Hindi B Question Paper 2026 Solved Code 4-4-1 is important to understand repeat themes and question difficulty levels of Hindi B. It helps Class 10 students to test their time management skills too.

Can I access CBSE Class 10 Hindi B Question Paper 2026 Solved Code 4-4-1 in different languages?

Yes, where applicable, CBSE Class 10 Hindi B Question Paper 2026 Solved Code 4-4-1 is available in both English and Hindi mediums. All students from Class 10 can access Hindi B study material in their preferred language.

Is there a charge to download the CBSE Class 10 Hindi B solved papers?

No, all previous year question papers on StudiesToday, including CBSE Class 10 Hindi B Question Paper 2026 Solved Code 4-4-1, are provided free of charge in mobile-friendly PDF.