Download CBSE Class 10 Hindi A Question Papers
Review targeted exam resources with the CBSE Class 10 Hindi A Question Paper 2026 Solved Code 3-4-1. Built according to official CBSE standards for the 2026-27 academic year, these downloadable Class 10 Hindi A question papers support effective revision and performance tracking.
Access CBSE Question Papers and Solutions
Access the complete question paper PDF for Class 10 Hindi A below. Regular practice with these targeted exam papers builds familiarity with standard question patterns and helps secure higher marks in final evaluations.
खंड - क
(अपठित बोध)
1. निम्नलिखित अपठित गद्यांश को ध्यानपूर्वक पढ़कर उस पर आधारित दिए गए प्रश्नों के उत्तर लिखिए : [7 Marks]
आकार में छोटी, पर प्रभाव में अद्वितीय चींटी, प्रकृति के सबसे संगठित और उद्देश्यपूर्ण प्राणियों में से एक है। भागवत पुराण और कई क्षेत्रीय भारतीय ग्रंथों में चींटियों की परिश्रमशीलता और सहयोग भावना को मानव आचरण का आदर्श बताया गया है। चींटियाँ हमें सिखाती हैं कि नेतृत्व पद से नहीं, बल्कि प्रतिबद्धता, सहयोग और निरंतरता से परिभाषित होता है।
अकेली चींटी असहाय हो सकती है, परंतु समूह में वे असंभव को संभव कर देती हैं। यही सहयोगात्मक नेतृत्व का सार है। एक सच्चा नेता मात्र स्वयं की सफलता की आकांक्षा नहीं रखता, अपितु वह ऐसे तंत्र का निर्माण करता है, जहाँ सभी मिलकर योगदान दें और सभी सफलता प्राप्त करें।
चींटियों का जीवन अत्यंत अनुशासित होता है। बिना बाहरी निगरानी के, वे भोजन संचित करती हैं, सुरंगें बनाती हैं और चुनौतियों का सामना करती हैं। चींटी यह सिखाती है कि महान उपलब्धियाँ किसी एक विलक्षण कार्य से नहीं, बल्कि छोटे-छोटे, पर नियमित उद्देश्यपूर्ण प्रयासों से बनती हैं। चींटियाँ ध्यान आकर्षित नहीं करतीं। वे मौन भाव से योगदान देती हैं। यह 'निष्काम कर्म' की भावना का प्रतिबिंब है, यानि बिना फल की आसक्ति से किया गया कर्म। चींटी हमें सिखाती है कि शक्ति आकार से मापी नहीं जाती और ध्वनि से प्रभावित नहीं होती। वे सिद्ध करती हैं कि अनुशासन, विनम्रता, सहयोग और दृष्टि से, सबसे छोटा प्राणी भी अपना प्रभाव छोड़ सकता है। आज के तेज़ी और व्यक्तिवाद से भरे युग में, चींटी हमें बताती है कि शांति से किया गया तप और सामूहिक प्रयत्न ही सच्ची संस्कृति का निर्माण करते हैं।
(i) उपर्युक्त गद्यांश किस विषय-वस्तु पर आधारित है ? [1 Mark]
(A) चींटियों के लघु आकार पर
(B) चींटियों के प्रेरक जीवन पर
(C) निष्काम कर्म-भावना पर
(D) आदर्श नेता के गुणों पर
Answer: (B) चींटियों के प्रेरक जीवन पर
Teacher's Note:
a) पूरे गद्यांश का सार समझकर विषय चुनें, केवल एक अंश पर आधारित न रहें।
b) मुख्य भाव पर ध्यान दें, विवरण भ्रमित कर सकते हैं।
(ii) निम्नलिखित कथन और कारण पर विचार करते हुए उपयुक्त विकल्प का चयन करके लिखिए : [1 Mark]
कथन : आकार से शक्ति का आकलन नहीं किया जा सकता।
कारण : शक्ति केवल शारीरिक आकार पर निर्भर नहीं करती। मनुष्य की बौद्धिक क्षमता भी शक्ति को प्रभावित करती है।
(A) कथन ग़लत है, किंतु कारण सही है।
(B) कथन और कारण दोनों ग़लत हैं।
(C) कथन और कारण दोनों सही हैं और कारण, कथन की सही व्याख्या करता है।
(D) कथन सही है, किंतु कारण, कथन की सही व्याख्या नहीं है।
Answer: (C) कथन और कारण दोनों सही हैं और कारण, कथन की सही व्याख्या करता है।
Teacher's Note:
a) कथन और कारण के बीच तार्किक संबंध जाँचें।
b) गद्यांश की अंतिम पंक्तियों में इसका सीधा प्रमाण मिलता है।
(iii) चींटियों के किस गुण को मानव आचरण का आदर्श बताया गया है ? इस प्रश्न के उत्तर के लिए सही विकल्प का चयन कीजिए : [1 Mark]
(I) सहयोग
(II) असहाय
(III) परिश्रमशीलता
(IV) अनुशासन
(A) कथन (I) और (II) सही हैं।
(B) कथन (I), (II) और (III) सही हैं।
(C) कथन (I), (III) और (IV) सही हैं।
(D) केवल कथन (IV) सही है।
Answer: (C) कथन (I), (III) और (IV) सही हैं।
Teacher's Note:
a) 'असहाय' गुण नहीं बल्कि अकेलेपन की स्थिति है, इसे अलग रखें।
b) गद्यांश में उल्लिखित सभी सकारात्मक गुणों को चिह्नित करें।
(iv) चींटी 'निष्काम कर्म' की भावना का प्रतीक है, कैसे ? [2 Marks]
Answer:
1. चींटी मौन भाव से, बिना ध्यान आकर्षित किए योगदान देती है।
2. वह फल की आसक्ति के बिना निरंतर कर्मरत रहती है।
Teacher's Note:
a) 'निष्काम कर्म' शब्द की व्याख्या गद्यांश की भाषा में ही दें।
b) दो अलग बिंदु स्पष्ट रूप से लिखें, तभी पूरे अंक मिलेंगे।
(v) सहयोगात्मक नेतृत्व क्या है ? इसके किसी एक लाभ का उल्लेख कीजिए। [2 Marks]
Answer:
1. सहयोगात्मक नेतृत्व वह शैली है जिसमें नेता स्वयं की सफलता न चाहकर ऐसा तंत्र बनाता है जहाँ सभी मिलकर योगदान दें।
2. लाभ - इससे सभी की सफलता सुनिश्चित होती है।
Teacher's Note:
a) परिभाषा और लाभ दोनों अलग-अलग बिंदुओं में लिखें।
b) गद्यांश के दूसरे पैराग्राफ से सीधा संदर्भ लें।
2. निम्नलिखित अपठित काव्यांश को ध्यानपूर्वक पढ़कर उस पर आधारित पूछे गए प्रश्नों के उत्तर लिखिए : [7 Marks]
पंथ पर चलना तुझे तो मुस्कुराकर चल मुसाफिर !
वह मुसाफिर क्या जिसे कुछ शूल ही पथ के थका दें ?
हौसला वह क्या जिसे कुछ मुश्किलें पीछे हटा दें ?
वह प्रगति भी क्या जिसे कुछ रंगीन कलियाँ तितलियाँ
मुस्कुराकर गुनगुनाकर ध्येय-पथ, मंजिल भुला दें ?
ज़िंदगी की राह पर केवल वही पंथी सफल है,
आँधियों में, बिजलियों में जो रहे अविचल मुसाफिर !
पंथ पर चलना तुझे तो मुस्कुराकर चल मुसाफिर !!
जानता जब तू कि कुछ भी हो तुझे बढ़ना पड़ेगा,
आँधियों से ही न खुद से भी तुझे लड़ना पड़ेगा,
सामने जब तक पड़ा कर्त्तव्य-पथ तब तक मनुज ओ !
मौत भी आए अगर तो मौत से भिड़ना पड़ेगा,
है अधिक अच्छा यही फिर पंथ पर चल मुस्कुराता,
मुस्कुराती जाए जिससे ज़िंदगी असफल मुसाफिर !
पंथ पर चलना तुझे तो मुस्कुराकर चल मुसाफिर !
(i) कवि किसको मुस्कुराकर चलने के लिए कह रहे हैं ? [1 Mark]
(A) सफ़ल मुसाफिर को
(B) असफ़ल मुसाफिर को
(C) अविचल मुसाफिर को
(D) साहसी मुसाफिर को
Answer: (B) असफ़ल मुसाफिर को
Teacher's Note:
a) कविता की अंतिम पंक्तियों में सीधा उत्तर छिपा है।
b) 'असफल मुसाफिर' शब्द को ध्यान से पढ़ें, गलती से विपरीत उत्तर न चुनें।
(ii) 'वह मुसाफिर क्या जिसे कुछ शूल ही पथ के थका दें ?' पंक्ति में 'पथ के शूल' का अर्थ है : उचित विकल्प का चयन कीजिए - [1 Mark]
(I) पथ की बाधाएँ
(II) पथ की असफ़लताएँ
(III) पथ की सरलता
(IV) पथ की सफ़लता
(A) विकल्प (I) और (II) सही हैं।
(B) विकल्प (I), (II) और (III) सही हैं।
(C) विकल्प (I), (III) और (IV) सही हैं।
(D) केवल विकल्प (IV) सही है।
Answer: (A) विकल्प (I) और (II) सही हैं।
Teacher's Note:
a) 'शूल' का अर्थ काँटे अर्थात कठिनाइयाँ होता है।
b) सरलता और सफलता विपरीत अर्थ हैं, इन्हें गलती से न चुनें।
(iii) निम्नलिखित कथन और कारण पर विचार करते हुए उपयुक्त विकल्प का चयन करके लिखिए : [1 Mark]
कथन : 'मौत भी आए अगर तो मौत से भिड़ना पड़ेगा'
कारण : मनुष्य जब कर्त्तव्य पथ पर चलता है तो उसे हर कठिन परिस्थिति का सामना करना पड़ता है।
(A) कथन ग़लत है, किंतु कारण सही है।
(B) कथन और कारण दोनों ग़लत हैं।
(C) कथन और कारण दोनों सही हैं और कारण, कथन की सही व्याख्या है।
(D) कथन सही है, किंतु कारण, कथन की सही व्याख्या नहीं है।
Answer: (C) कथन और कारण दोनों सही हैं और कारण, कथन की सही व्याख्या है।
Teacher's Note:
a) कथन और कारण दोनों को कविता की भावना से जोड़कर देखें।
b) कर्त्तव्य-पथ की पंक्ति ही कारण की पुष्टि करती है।
(iv) 'आँधियों से ही न खुद से भी तुझे लड़ना पड़ेगा' पंक्ति से क्या अभिप्राय है ? [2 Marks]
Answer:
1. मनुष्य को बाहरी बाधाओं का ही नहीं, बल्कि अपनी आंतरिक कमजोरियों का भी सामना करना पड़ता है।
2. सफलता पाने के लिए स्वयं को भीतर से सशक्त बनाना आवश्यक है।
Teacher's Note:
a) 'खुद से लड़ना' का अर्थ आत्मसंघर्ष से जोड़ें।
b) दोनों पहलू - बाहरी और आंतरिक - अलग-अलग लिखें।
(v) काव्यांश में प्रयुक्त 'मुस्कुराकर चलने' से क्या आशय है ? [2 Marks]
Answer:
1. राह की बाधाओं और कठिनाइयों का प्रसन्नतापूर्वक सामना करना।
2. निराश हुए बिना लक्ष्य की ओर निरंतर गतिमान रहना।
Teacher's Note:
a) 'मुस्कुराना' यहाँ सकारात्मकता और साहस का प्रतीक है।
b) उत्तर में कविता की मूल भावना - निरंतरता व सकारात्मकता - अवश्य दर्शाएँ।
खंड - ख
(व्यावहारिक व्याकरण)
3. 'रचना के आधार पर वाक्य-भेद' पर आधारित पाँच प्रश्नों में से किन्हीं चार प्रश्नों के उत्तर लिखिए : [4 × 1 = 4]
(i) वसंत आया और वृक्ष हरे-भरे होने लगे। (सरल वाक्य में बदलिए) [1 Mark]
Answer: वसंत आने पर वृक्ष हरे-भरे होने लगे।
Teacher's Note:
a) संयुक्त वाक्य के दो स्वतंत्र उपवाक्यों को एक क्रिया-आधारित वाक्यांश में बदलें।
b) 'और' जैसे योजक शब्द को हटाना अनिवार्य है।
(ii) शाम होते ही तारे चमकने लगे। (संयुक्त वाक्य में बदलिए) [1 Mark]
Answer: शाम हुई और तारे चमकने लगे।
Teacher's Note:
a) संयुक्त वाक्य में दो स्वतंत्र उपवाक्यों को समुच्चयबोधक 'और' से जोड़ें।
b) दोनों उपवाक्य अपने में पूर्ण अर्थ देने वाले होने चाहिए।
(iii) सबसे कुशल कारीगर से ही काम करवाना। (मिश्र वाक्य में बदलिए) [1 Mark]
Answer: उस कारीगर से ही काम करवाना, जो सबसे कुशल हो।
Teacher's Note:
a) मिश्र वाक्य में एक प्रधान उपवाक्य और एक आश्रित उपवाक्य होता है।
b) 'जो' संबंधवाचक सर्वनाम से आश्रित उपवाक्य जोड़ें।
(iv) जो गुणी होते हैं, उन्हें सभी चाहते हैं। (वाक्य-भेद लिखिए) [1 Mark]
Answer: मिश्र/मिश्रित वाक्य
Teacher's Note:
a) 'जो...उन्हें' संबंधवाचक सर्वनाम की उपस्थिति मिश्र वाक्य की पहचान है।
b) एक प्रधान और एक आश्रित उपवाक्य को पहचानें।
(v) यदि मैंने पूर्ण प्रयास किया होता तो अवश्य सफलता मिल जाती। (रेखांकित उपवाक्य का भेद लिखिए) [1 Mark]
Answer: क्रियाविशेषण आश्रित उपवाक्य
Teacher's Note:
a) 'यदि...तो' शर्त सूचक वाक्यांश क्रियाविशेषण आश्रित उपवाक्य की पहचान है।
b) यह उपवाक्य प्रधान उपवाक्य की क्रिया की शर्त बताता है।
4. 'वाच्य' पर आधारित पाँच प्रश्नों में से किन्हीं चार प्रश्नों के उत्तर लिखिए : [4 × 1 = 4]
(i) मज़दूरों ने एक साल में यह पुल तैयार किया। (कर्मवाच्य में बदलिए) [1 Mark]
Answer: मज़दूरों द्वारा/के द्वारा एक साल में यह पुल तैयार किया गया।
Teacher's Note:
a) कर्मवाच्य में कर्म वाक्य का मुख्य पद बनता है।
b) कर्ता के साथ 'द्वारा/के द्वारा' अवश्य जोड़ें।
(ii) इस सर्दी में तो रहा नहीं जाएगा। (कर्तृवाच्य में बदलिए) [1 Mark]
Answer: इस सर्दी में तो रह नहीं सकेंगे।
Teacher's Note:
a) कर्तृवाच्य में क्रिया कर्ता के अनुसार बदलती है।
b) भाववाच्य की निष्क्रिय संरचना को हटाकर कर्ता-प्रधान बनाएँ।
(iii) वह नहीं दौड़ा। (भाववाच्य में बदलिए) [1 Mark]
Answer: उससे दौड़ा नहीं गया।
Teacher's Note:
a) भाववाच्य में क्रिया का भाव प्रधान होता है, कर्ता नहीं।
b) कर्ता के साथ 'से' परसर्ग जोड़ें।
(iv) विद्यार्थी परीक्षा के दिनों में खूब पढ़ाई करते हैं। (वाच्य पहचानकर भेद लिखिए) [1 Mark]
Answer: कर्तृवाच्य
Teacher's Note:
a) कर्ता प्रधान होकर स्वयं क्रिया करता है, यह कर्तृवाच्य की पहचान है।
b) क्रिया कर्ता के लिंग-वचन के अनुसार बदलती है।
(v) मैं अगले महीने ताजमहल देखने जाऊँगी। (कर्मवाच्य में बदलिए) [1 Mark]
Answer: मेरे द्वारा अगले महीने ताजमहल देखने जाया जाएगा।
Teacher's Note:
a) कर्मवाच्य में कर्ता 'द्वारा' युक्त होकर गौण हो जाता है।
b) क्रिया का रूप 'जाया जाएगा' जैसा भाववाचक बनता है।
5. 'पद-परिचय' पर आधारित पाँच प्रश्नों में से किन्हीं चार प्रश्नों के रेखांकित पदों का पद-परिचय लिखिए : [4 × 1 = 4]
(i) प्रधानाचार्या जी ने आपको बुलाया है। [1 Mark]
Answer: आपको - सर्वनाम, मध्यम पुरुषवाचक, पुल्लिंग/स्त्रीलिंग, एकवचन/बहुवचन, कर्मकारक।
Teacher's Note:
a) व्याकरणिक कोटि (सर्वनाम) के साथ कारक भी अवश्य बताएँ।
b) मध्यम पुरुष का प्रयोग सम्मानसूचक संबोधन के लिए हुआ है।
(ii) आह ! उपवन में सुंदर फूल खिले हैं। [1 Mark]
Answer: खिले हैं - क्रिया, अकर्मक, पुल्लिंग, बहुवचन, वर्तमान काल।
Teacher's Note:
a) क्रिया के साथ काल और वचन दोनों बताना आवश्यक है।
b) कर्म न होने के कारण यह अकर्मक क्रिया है।
(iii) अजी ! जरा फल तो काट दीजिए। [1 Mark]
Answer: अजी! - अव्यय, विस्मयादिबोधक, संबोधनसूचक।
Teacher's Note:
a) विस्मयादिबोधक अव्यय भावों की तीव्रता दर्शाता है।
b) यहाँ इसका प्रयोग संबोधन के लिए हुआ है।
(iv) उसने अपने गुम हुए मोबाइल फ़ोन को हर जगह खोजा। [1 Mark]
Answer: हर जगह - अव्यय, क्रियाविशेषण, स्थानवाचक, 'खोजा' क्रिया की विशेषता बताने वाला।
Teacher's Note:
a) क्रियाविशेषण सदैव क्रिया की विशेषता बताता है, यह अवश्य लिखें।
b) स्थानवाचक क्रियाविशेषण स्थान का बोध कराता है।
(v) इस विद्यार्थी ने विद्यालय का नाम रोशन किया है। [1 Mark]
Answer: इस - विशेषण, सार्वनामिक/संकेतवाचक, 'विद्यार्थी' विशेष्य, पुल्लिंग, एकवचन।
Teacher's Note:
a) विशेष्य किस संज्ञा की विशेषता बता रहा है, यह अवश्य लिखें।
b) 'इस' संकेतवाचक सर्वनाम से बना विशेषण है।
6. 'अलंकार' पर आधारित पाँच प्रश्नों में से किन्हीं चार प्रश्नों की रेखांकित काव्य-पंक्तियों में अलंकार पहचानकर लिखिए : [4 × 1 = 4]
(i) सागर-सा गंभीर हृदय हो, गिरी-सा ऊँचा हो जिसका मन। [1 Mark]
Answer: उपमा अलंकार
Teacher's Note:
a) 'सा' शब्द उपमा अलंकार की पहचान है।
b) उपमेय और उपमान की समानता को स्पष्ट करें।
(ii) अति कटु वचन कहत कैकेई। मानहु लोन जरे पर देई। [1 Mark]
Answer: उत्प्रेक्षा अलंकार
Teacher's Note:
a) 'मानहु' शब्द उत्प्रेक्षा अलंकार का सूचक है।
b) संभावना व्यक्त करने वाले शब्दों को पहचानें।
(iii) हरषाया ताल लाया पानी परात भरके। [1 Mark]
Answer: मानवीकरण अलंकार
Teacher's Note:
a) निर्जीव वस्तु (ताल) में मानवीय भाव और क्रिया का आरोपण है।
b) 'हरषाया' शब्द मानवीय हर्ष दर्शाता है।
(iv) चरण-कमल बंदौ हरि राई। [1 Mark]
Answer: रूपक अलंकार
Teacher's Note:
a) उपमेय और उपमान में अभेद स्थापित होना रूपक अलंकार है।
b) यहाँ 'चरण' को सीधे 'कमल' कहा गया है, बिना 'सा' के।
(v) कढ़त साथ ही म्यान तें, असि रिपु तन से प्रान। [1 Mark]
Answer: अतिशयोक्ति अलंकार
Teacher's Note:
a) क्रिया के अत्यंत तीव्र और असंभव-सी तेज गति के वर्णन को पहचानें।
b) तलवार म्यान से निकलने और प्राण निकलने की एक साथ घटना अतिशयोक्ति है।
खंड - ग
(पाठ्य-पुस्तक एवं पूरक पाठ्य-पुस्तक)
7. निम्नलिखित पठित गद्यांश पर आधारित बहुविकल्पीय प्रश्नों के सर्वाधिक उपयुक्त उत्तर वाले विकल्प चुनकर लिखिए : [5 × 1 = 5]
उस समय तक हमारे परिवार में लड़की के विवाह के लिए अनिवार्य योग्यता थी - उम्र में सोलह वर्ष और शिक्षा में मैट्रिक। सन् '44 में सुशीला ने यह योग्यता प्राप्त की और शादी करके कोलकाता चली गई। दोनों बड़े भाई भी आगे पढ़ाई के लिए बाहर चले गए। इन लोगों की छत्र-छाया के हटते ही पहली बार मुझे नए सिरे से अपने वजूद का एहसास हुआ। लड़कियों को जिस उम्र में स्कूली शिक्षा के साथ-साथ सुघड़ गृहिणी और कुशल पाक-शास्त्री बनने के नुस्खे जुटाए जाते थे, पिताजी का आग्रह रहता था कि मैं रसोई से दूर ही रहूँ। रसोई को वे भटियारखाना कहते थे और उनके हिसाब से वहाँ रहना अपनी क्षमता और प्रतिभा को भट्टी में झोंकना था।
(i) लड़की की वैवाहिक योग्यता से सिद्ध होता है, उस परिवार की - [1 Mark]
(A) स्वतंत्र विचारधारा
(B) परंपरावादी मान्यता
(C) पाश्चात्य विचारधारा
(D) अत्याधुनिक सोच
Answer: (B) परंपरावादी मान्यता
Teacher's Note:
a) उम्र और शिक्षा की निश्चित शर्तें पुरानी रूढ़िवादी सोच दर्शाती हैं।
b) 'अनिवार्य योग्यता' शब्द पर ध्यान दें।
(ii) उस समय लेखिका के परिवार में लड़की के विवाह के लिए अनिवार्य योग्यता क्या थी ? [1 Mark]
(A) उम्र में सोलह वर्ष और शिक्षा में मैट्रिक
(B) उम्र में बारह वर्ष और शिक्षा में मैट्रिक
(C) उम्र में सोलह वर्ष और शिक्षा में बारहवीं
(D) उम्र में अठारह वर्ष और शिक्षा में मैट्रिक
Answer: (A) उम्र में सोलह वर्ष और शिक्षा में मैट्रिक
Teacher's Note:
a) गद्यांश की पहली पंक्ति में यह सीधे उल्लिखित है।
b) संख्याओं (उम्र, कक्षा) को ध्यान से पढ़ें।
(iii) लेखिका को रसोई से दूर रखने के पीछे, लेखिका के पिता का क्या उद्देश्य था ? [1 Mark]
(A) उसे घरेलू कामों से दूर रखना
(B) उसकी क्षमता और प्रतिभा को विकसित करना
(C) अपनी सामाजिक प्रतिष्ठा बनाए रखना
(D) स्वयं पाक-कला के महत्त्व से अपरिचित रहना
Answer: (B) उसकी क्षमता और प्रतिभा को विकसित करना
Teacher's Note:
a) 'भट्टी में झोंकना' मुहावरे का अर्थ प्रतिभा नष्ट होना है।
b) पिता का उद्देश्य नकारात्मक न होकर सकारात्मक था।
(iv) बड़े बहन-भाई के परिवार से जाने के बाद क्या हुआ ? इस प्रश्न के उत्तर के लिए उचित विकल्प का चयन कीजिए : [1 Mark]
(I) परिवार में लेखिका का महत्त्व बढ़ गया।
(II) पिताजी का ध्यान पहली बार लेखिका पर केंद्रित हुआ।
(III) लेखिका को अपने अस्तित्व का बोध हुआ।
(IV) लेखिका को पाक-शास्त्र पढ़ाया जाने लगा।
(A) विकल्प (I) और (II) सही हैं।
(B) विकल्प (I), (II) और (III) सही हैं।
(C) विकल्प (II) और (III) सही हैं।
(D) केवल विकल्प (IV) सही है।
Answer: (C) विकल्प (II) और (III) सही हैं।
Teacher's Note:
a) गद्यांश में 'महत्त्व बढ़ना' और 'पाक-शास्त्र पढ़ना' का उल्लेख नहीं है।
b) केवल वजूद के एहसास और ध्यान केंद्रित होने की बात कही गई है।
(v) निम्नलिखित कथन और कारण पर विचार करते हुए उपयुक्त विकल्प का चयन करके लिखिए : [1 Mark]
कथन : लेखिका के पिता रसोई को भटियारखाना कहते थे।
कारण : उनके हिसाब से वहाँ रहना अपनी क्षमता और प्रतिभा को भट्टी में झोंकना था।
(A) कथन ग़लत है, किंतु कारण सही है।
(B) कथन और कारण दोनों ग़लत हैं।
(C) कथन और कारण दोनों सही हैं और कारण, कथन की सही व्याख्या है।
(D) कथन सही है, किंतु कारण, कथन की सही व्याख्या नहीं है।
Answer: (C) कथन और कारण दोनों सही हैं और कारण, कथन की सही व्याख्या है।
Teacher's Note:
a) दोनों वाक्यों को गद्यांश की अंतिम पंक्ति से मिलाकर जाँचें।
b) कारण, कथन का सीधा स्पष्टीकरण देता है।
8. निर्धारित गद्य पाठों के आधार पर निम्नलिखित चार प्रश्नों में से किन्हीं तीन प्रश्नों के उत्तर लगभग 25-30 शब्दों में लिखिए : [3 × 2 = 6]
(i) 'नेताजी का चश्मा' पाठ में वर्णित नेताजी की मूर्ति को चश्मा पहनाने वाले व्यक्ति को किस नाम से पुकारा जाता था ? उसका पेशा और आर्थिक स्थिति कैसी थी ? उसके व्यक्तित्व के किस गुण ने आपको प्रभावित किया है ? [2 Marks]
Answer: उसे 'कैप्टन' नाम से पुकारा जाता था। उसका पेशा फेरी लगाकर चश्मा बेचना था और उसकी आर्थिक स्थिति अत्यंत साधारण थी। उसकी देशभक्ति की भावना और देशभक्तों के प्रति सम्मान ने मुझे बहुत प्रभावित किया।
Teacher's Note:
a) नाम, पेशा, आर्थिक स्थिति और गुण - चारों बिंदु अलग-अलग स्पष्ट करें।
b) गुण के लिए अपने शब्दों में तर्क भी दें।
(ii) 'बालगोबिन भगत' पाठ के आधार पर लिखिए कि हर वर्ष गंगा-स्नान जाते समय भगत किस नेम-व्रत का पालन करते थे ? [2 Marks]
Answer: भगत घर से खाकर निकलते और रास्ते में केवल पानी ही पीते थे। वे कहीं भिक्षा नहीं माँगते थे और तीस कोस की दूरी पैदल ही तय करते थे।
Teacher's Note:
a) कम से कम दो नियमों का उल्लेख अवश्य करें।
b) 'भिक्षा न माँगना' और 'पैदल यात्रा' मुख्य बिंदु हैं।
(iii) 'लखनवी अंदाज़' पाठ के आधार पर लिखिए कि लेखक ने यात्रा करने के लिए सेकंड क्लास का टिकट क्यों खरीदा ? [2 Marks]
Answer: लेखक भीड़ से बचना चाहता था और एकांत में बैठकर किसी नई कहानी के बारे में सोचना चाहता था, इसलिए उसने सेकंड क्लास का टिकट खरीदा।
Teacher's Note:
a) 'एकांत' और 'भीड़ से बचना' दोनों कारण लिखें।
b) खिड़की से दृश्य देखने का सुख भी एक स्वीकार्य बिंदु है।
(iv) बिस्मिल्ला खाँ काशी छोड़कर अन्यत्र क्यों नहीं जाना चाहते थे ? 'नौबतखाने में इबादत' पाठ के आधार पर लिखिए। [2 Marks]
Answer: बिस्मिल्ला खाँ को काशी से असीम लगाव था। बालाजी मंदिर के प्रांगण में उनका नियमित रियाज़ होता था और गंगा मैया तथा बाबा विश्वनाथ से उनका गहरा जुड़ाव था।
Teacher's Note:
a) काशी से जुड़ाव के धार्मिक और सांगीतिक दोनों कारण लिखें।
b) उनके खानदान की परंपरा का उल्लेख करना भी उचित है।
9. निम्नलिखित पठित काव्यांश पर आधारित बहुविकल्पीय प्रश्नों के सर्वाधिक उपयुक्त उत्तर वाले विकल्प चुनकर लिखिए : [5 × 1 = 5]
मधुप गुन-गुना कर कह जाता कौन कहानी यह अपनी,
मुरझाकर गिर रहीं पत्तियाँ देखो कितनी आज घनी।
इस गंभीर अनंत-नीलिमा में असंख्य जीवन-इतिहास
यह लो, करते ही रहते हैं अपना व्यंग्य-मलिन उपहास
तब भी कहते हो - कह डालूँ दुर्बलता अपनी बीती।
तुम सुनकर सुख पाओगे, देखोगे-यह गागर रीती।
किंतु कहीं ऐसा न हो कि तुम ही खाली करने वाले -
अपने को समझो, मेरा रस ले अपनी भरने वाले।
(i) 'पत्तियों का मुरझाकर गिरना' किसका प्रतीक है ? [1 Mark]
(A) जीवन की बाधाओं का
(B) जीवन की अनंतता का
(C) जीवन की नश्वरता का
(D) जीवन की निश्चितता का
Answer: (C) जीवन की नश्वरता का
Teacher's Note:
a) पत्तियों का मुरझाना और गिरना क्षणभंगुरता का प्रतीक है।
b) 'नश्वरता' शब्द को 'अनंतता' से भ्रमित न करें।
(ii) 'तुम सुनकर सुख पाओगे' पंक्ति में 'तुम' किसके लिए प्रयुक्त हुआ है ? [1 Mark]
(A) मित्रों के लिए
(B) प्रेयसी के लिए
(C) अंतर्मन के लिए
(D) पाठकों के लिए
Answer: (A) मित्रों के लिए
Teacher's Note:
a) कवि यहाँ अपने मित्रों को संबोधित कर रहा है, जो उससे आत्मकथा सुनना चाहते हैं।
b) संदर्भ के अनुसार संबोधन को पहचानें।
(iii) कवि ने अपने मित्रों से क्या-क्या सवाल किए हैं ? इस प्रश्न के उत्तर के लिए उचित विकल्प का चयन कीजिए : [1 Mark]
(I) क्या तुम मेरे जीवन के खालीपन को देखकर सुखी हो पाओगे ?
(II) कहीं मेरे जीवन का सुख लेकर तो तुमने अपने जीवन को नहीं भर लिया है ?
(III) आत्म-कथाओं का उपहास उड़ाया जाता है फिर तुम क्यों चाहते हो कि मैं अपनी दुर्बलता लिखूँ।
(A) विकल्प (I) और (II) सही हैं।
(B) विकल्प (I), (II) और (III) सही हैं।
(C) विकल्प (II) और (III) सही हैं।
(D) केवल विकल्प (I) सही है।
Answer: (B) विकल्प (I), (II) और (III) सही हैं।
Teacher's Note:
a) कविता की सभी पंक्तियों से तीनों प्रश्न सिद्ध होते हैं।
b) प्रत्येक विकल्प को काव्यांश की अलग-अलग पंक्ति से मिलाएँ।
(iv) काव्यांश के संदर्भ में 'रीती गागर' से क्या अभिप्राय है ? [1 Mark]
(A) धन-संपत्ति का अभाव
(B) जीवन में कोई अपना न होना
(C) सम्मान से रहित जीवन
(D) उपलब्धियों से रहित जीवन
Answer: (D) उपलब्धियों से रहित जीवन
Teacher's Note:
a) 'गागर रीती' का शाब्दिक अर्थ खाली घड़ा होता है, यहाँ यह जीवन के खालीपन के लिए प्रयुक्त है।
b) प्रतीकात्मक अर्थ को धन-संपत्ति से न जोड़ें।
(v) निम्नलिखित कथन और कारण पर विचार करते हुए उपयुक्त विकल्प का चयन कर लिखिए : [1 Mark]
कथन : कवि अपने जीवन की दुर्बलता समाज के सामने नहीं लाना चाहता।
कारण : लोगों के बीच कटाक्षपूर्ण मज़ाक बनने का भय।
(A) कथन ग़लत है, किंतु कारण सही है।
(B) कथन और कारण दोनों ही ग़लत हैं।
(C) कथन और कारण दोनों सही हैं और कारण, कथन की सही व्याख्या है।
(D) कथन सही है, किंतु कारण, कथन की सही व्याख्या नहीं है।
Answer: (C) कथन और कारण दोनों सही हैं और कारण, कथन की सही व्याख्या है।
Teacher's Note:
a) 'व्यंग्य-मलिन उपहास' पंक्ति कारण की पुष्टि करती है।
b) कथन और कारण दोनों काव्यांश की भावना से मेल खाते हैं।
10. निर्धारित कविताओं के आधार पर निम्नलिखित चार प्रश्नों में से किन्हीं तीन प्रश्नों के उत्तर लगभग 25-30 शब्दों में दीजिए : [3 × 2 = 6]
(i) सूरदास द्वारा रचित 'पद' में 'गुर चाँटी ज्यों पागी' कहने से गोपियों की किस मनोदशा की अभिव्यक्ति होती है ? [2 Marks]
Answer: गोपियों की कृष्ण के प्रति अनन्य, निश्छल, दृढ़ और एकनिष्ठ प्रेम की भावना व्यक्त होती है। वे पूर्ण समर्पण और अटूट जुड़ाव के कारण उनसे अलग नहीं हो पातीं।
Teacher's Note:
a) 'गुड़-चींटी' का मुहावरा अटूट लगाव दर्शाता है।
b) गोपियों की विवशता और अनन्य प्रेम दोनों बिंदु शामिल करें।
(ii) 'राम-लक्ष्मण-परशुराम संवाद' के आधार पर लिखिए लक्ष्मण और श्री राम के वचनों में मुख्य अंतर क्या था ? [2 Marks]
Answer: लक्ष्मण के वचनों में उद्दंडता, व्यंग्यात्मकता और उग्रता थी, जबकि श्री राम के वचनों में विनम्रता, विनयशीलता और आत्मसंयम था।
Teacher's Note:
a) दोनों के स्वभाव का सीधा अंतर स्पष्ट रूप से बताएँ।
b) उदाहरण देने से उत्तर अधिक प्रभावी बनता है।
(iii) सूर्यकांत त्रिपाठी 'निराला' की कविता 'उत्साह' तथा 'अट नहीं रही है' में कौन-कौन सी ऋतुओं का वर्णन हुआ है ? आपको कौन सी ऋतु पसंद है और क्यों ? किसी एक कारण का उल्लेख कीजिए। [2 Marks]
Answer: 'उत्साह' में वर्षा ऋतु और 'अट नहीं रही है' में वसंत ऋतु का वर्णन हुआ है। मुझे सर्दी की ऋतु पसंद है क्योंकि इसमें दीपावली, क्रिसमस जैसे त्योहार आते हैं और स्कूल में छुट्टियाँ मिलती हैं।
Teacher's Note:
a) दोनों कविताओं की ऋतुएँ सही-सही पहचानें।
b) अपनी पसंद के साथ ठोस कारण अवश्य दें।
(iv) 'संगतकार' कविता में 'नौसिखिया' से क्या अभिप्राय है ? गायक को उसका बचपन कौन याद दिलाता है ? [2 Marks]
Answer: 'नौसिखिया' का अर्थ है जिसने अभी सीखना आरंभ किया हो या जो अभी दक्ष न हुआ हो। गायक को उसका बचपन संगतकार की आवाज़ याद दिलाती है।
Teacher's Note:
a) 'नौसिखिया' शब्द का सीधा अर्थ स्पष्ट करें।
b) दूसरा भाग संगतकार की भूमिका से जोड़ें।
11. पूरक पाठ्य-पुस्तक के निर्धारित पाठों के आधार पर निम्नलिखित तीन प्रश्नों में से किन्हीं दो प्रश्नों के उत्तर लगभग 50-60 शब्दों में लिखिए : [2 × 4 = 8]
(i) 'माता का अँचल' पाठ में तीस के दशक की ग्राम्य संस्कृति का चित्रण है। आज की ग्रामीण संस्कृति में आपको किस तरह के परिवर्तन दिखाई देते हैं ? [4 Marks]
Answer:
1. समय के साथ गाँवों में आधुनिक जीवन-शैली का आगमन हुआ है।
2. कृषि का आधुनिकीकरण हो गया है और आजीविका के नए विकल्प उपलब्ध हैं।
3. खेल-खिलौने अब तकनीक आधारित और महँगे हो गए हैं, बच्चों का खुले वातावरण में खेलना कम हुआ है।
4. आवागमन के आधुनिक साधनों तक पहुँच बढ़ी है, परंतु लोगों के बीच आत्मीयता और जुड़ाव में कमी आई है।
Teacher's Note:
a) पुरानी और आज की ग्रामीण संस्कृति की तुलना करके लिखें।
b) चार अलग-अलग परिवर्तन बिंदुवार प्रस्तुत करें।
(ii) सैलानियों को प्रकृति की अलौकिक छटा का अनुभव करवाने में किन-किन लोगों का योगदान होता है ? 'साना-साना हाथ जोड़ि' पाठ के आधार पर लिखिए। [4 Marks]
Answer:
1. गाइड, जो पर्यटकों को विभिन्न जानकारियाँ देकर मार्गदर्शन करते हैं।
2. वाहन चालक और परिचालक, जो पर्यटकों को मनोरम स्थान तक ले जाते हैं।
3. सड़क बनाने और बोझा ढोने में लगे मजदूर, जिनकी मदद से दुर्गम स्थान सुगम्य बन जाते हैं।
4. सुरक्षाकर्मी तथा स्थानीय मेहनतकश निवासी, जो यात्रा को भयमुक्त और स्मरणीय बनाते हैं।
Teacher's Note:
a) कम से कम चार अलग-अलग लोगों के योगदान का उल्लेख करें।
b) पाठ के प्रसंगों से जुड़े उदाहरण देना बेहतर होगा।
(iii) हिरोशिमा जाने पर लेखक को क्या प्रत्यक्ष अनुभव हुआ ? 'मैं क्यों लिखता हूँ' पाठ के आधार पर लिखिए। [4 Marks]
Answer:
1. लेखक को विश्व युद्ध के दौरान हुए अणु-बम विस्फोट की भीषणता का प्रत्यक्ष अनुभव हुआ।
2. उसे विज्ञान के दुरुपयोग का साक्षात्कार हुआ।
3. हिरोशिमा के अस्पताल में उसने रेडियमधर्मी पदार्थ से पीड़ित लोगों को देखा।
4. उसने परमाणु विस्फोट के समय जले हुए पत्थर पर बनी किसी व्यक्ति की लंबी उजली छाया भी देखी।
Teacher's Note:
a) पाठ की मुख्य घटनाओं को क्रमबद्ध ढंग से लिखें।
b) युद्ध की विभीषिका से जुड़े ठोस उदाहरण अवश्य दें।
खंड - घ
(रचनात्मक लेखन)
12. निम्नलिखित तीन विषयों में से किसी एक विषय पर संकेत बिंदुओं के आधार पर लगभग 120 शब्दों में एक अनुच्छेद लिखिए : [1 × 6 = 6]
(i) मोटापा : गंभीर स्वास्थ्य समस्या
मोटापे का कारण क्या है ?
मोटापा स्वास्थ्य को कैसे प्रभावित करता है ?
संभावित समाधान
Answer: आज के समय में मोटापा एक गंभीर स्वास्थ्य समस्या बन चुका है। अनियमित खान-पान, तली-भुनी और जंक फूड की अधिकता, शारीरिक श्रम की कमी तथा गतिहीन जीवन-शैली इसके मुख्य कारण हैं। मोटापे के कारण हृदय रोग, मधुमेह, उच्च रक्तचाप और जोड़ों की समस्याएँ बढ़ जाती हैं। यह व्यक्ति के आत्मविश्वास को भी प्रभावित करता है। इस समस्या के समाधान के लिए संतुलित आहार लेना, नियमित व्यायाम करना और पर्याप्त नींद लेना आवश्यक है। जंक फूड और मीठे पदार्थों का सेवन सीमित करना चाहिए। बच्चों को खेल-कूद के लिए प्रोत्साहित करना भी ज़रूरी है। यदि हम अपनी जीवन-शैली में अनुशासन लाएँ तो मोटापे जैसी गंभीर समस्या से बचा जा सकता है और स्वस्थ जीवन जिया जा सकता है।
Teacher's Note:
a) भूमिका, विषय-वस्तु और निष्कर्ष तीनों भाग स्पष्ट रखें।
b) दिए गए तीनों संकेत बिंदुओं को अवश्य शामिल करें।
अथवा
(ii) मधुर वाणी का प्रभाव
वाणी की मधुरता का आशय
मधुर वाणी का प्रभाव
मधुर वाणी की आवश्यकता
Answer: वाणी की मधुरता का आशय है विनम्र, स्नेहपूर्ण और शालीन शब्दों का प्रयोग करना, जिससे सुनने वाले को अच्छा लगे। मधुर वाणी मनुष्य के व्यक्तित्व की सबसे बड़ी पहचान होती है। यह संबंधों को मजबूत बनाती है और आपसी विवादों को समाप्त कर देती है। कटु वचन जहाँ मन को आहत करते हैं, वहीं मधुर वचन शत्रु को भी मित्र बना देते हैं। समाज में मधुरभाषी व्यक्ति सभी का प्रिय बनता है और उसे सम्मान मिलता है। विद्यार्थियों, कर्मचारियों और नेताओं सभी के लिए मधुर वाणी आवश्यक है क्योंकि इससे कार्यस्थल पर सौहार्दपूर्ण वातावरण बनता है। अतः हमें सदैव विनम्र और मीठे शब्दों का प्रयोग करना चाहिए, जिससे हमारे व्यक्तित्व में निखार आए और समाज में सद्भावना बनी रहे।
Teacher's Note:
a) उदाहरण देकर मधुर वाणी के लाभ स्पष्ट करें।
b) निष्कर्ष में व्यावहारिक सुझाव अवश्य दें।
अथवा
(iii) मुझे कक्षा-प्रतिनिधि (मॉनिटर) बनना क्यों पसंद है ?
नेतृत्व का आनंद
जिम्मेदारी का अहसास
अध्यापक/अध्यापिकाओं द्वारा मिलने वाला महत्त्व
Answer: मुझे कक्षा-प्रतिनिधि यानी मॉनिटर बनना बहुत पसंद है। यह ज़िम्मेदारी मुझे नेतृत्व करने का अवसर देती है, जिसमें बहुत आनंद आता है। कक्षा का अनुशासन बनाए रखना, अध्यापकों की सहायता करना और साथियों की समस्याओं को समझना मुझे जिम्मेदार और परिपक्व बनाता है। इस भूमिका से मुझमें आत्मविश्वास बढ़ता है और निर्णय लेने की क्षमता का विकास होता है। इसके साथ ही अध्यापक/अध्यापिकाओं का विश्वास और महत्त्व मिलना मुझे विशेष अनुभव कराता है। मॉनिटर बनकर मैं अपने सहपाठियों के लिए एक अच्छा उदाहरण प्रस्तुत करने का प्रयास करता/करती हूँ। यह अनुभव मुझे भविष्य में एक अच्छा नेता बनने के लिए भी तैयार करता है। इसीलिए मुझे कक्षा-प्रतिनिधि बनना बहुत पसंद है।
Teacher's Note:
a) तीनों संकेत बिंदुओं को क्रमबद्ध रूप से शामिल करें।
b) व्यक्तिगत अनुभव जोड़ने से अनुच्छेद प्रभावी बनता है।
13. (i) आप ज्योति/प्रकाश हैं। आप सार्वजनिक स्थानों पर कुछ लोगों को धूम्रपान करते देखते हैं। उनकी इस आदत से बच्चों पर बुरा प्रभाव पड़ता है। इस प्रवृत्ति को रोकने के लिए किसी दैनिक समाचार-पत्र के संपादक को लगभग 100 शब्दों में एक पत्र लिखिए। [5 Marks]
Answer:
परीक्षा भवन,
नई दिल्ली।
दिनांक : ...
सेवा में,
संपादक महोदय,
दैनिक जागरण,
नई दिल्ली।
विषय : सार्वजनिक स्थानों पर धूम्रपान रोकने हेतु पत्र।
महोदय,
मैं आपके समाचार-पत्र के माध्यम से समाज का ध्यान एक गंभीर समस्या की ओर आकर्षित करना चाहता/चाहती हूँ। आजकल सार्वजनिक स्थानों जैसे बस स्टैंड, पार्क और बाज़ारों में कुछ लोग खुलेआम धूम्रपान करते देखे जाते हैं। इसका बच्चों और युवाओं पर बहुत बुरा प्रभाव पड़ता है। वे इसे देखकर इस आदत की ओर आकर्षित हो सकते हैं। इसके अतिरिक्त, धुएँ से आस-पास खड़े लोगों के स्वास्थ्य को भी हानि पहुँचती है। प्रशासन को चाहिए कि सार्वजनिक स्थानों पर धूम्रपान करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करे और जागरूकता अभियान चलाए। कृपया इस पत्र को अपने समाचार-पत्र में स्थान दें, ताकि प्रशासन और जनता दोनों सजग हों।
धन्यवाद।
भवदीय,
ज्योति/प्रकाश
Teacher's Note:
a) पत्र का प्रारूप - पता, दिनांक, सेवा में, विषय, संबोधन, समापन - अवश्य पूरा करें।
b) समस्या का विवरण और सुझाव दोनों शामिल करें।
अथवा
(ii) आप ज्योति/प्रकाश हैं। आपके छोटे भाई ने एक आवासीय विद्यालय में एक मास पूर्व ही प्रवेश लिया है। उसको मित्रों के चुनाव में सावधानी बरतने के लिए समझाते हुए लगभग 100 शब्दों में एक पत्र लिखिए। [5 Marks]
Answer:
परीक्षा भवन,
दिनांक : ...
प्रिय अनुज,
सस्नेह आशीर्वाद।
आशा है तुम विद्यालय में स्वस्थ और प्रसन्न होगे। यह जानकर खुशी हुई कि तुम नए वातावरण में जल्दी घुल-मिल गए हो। मुझे तुमसे एक महत्त्वपूर्ण बात कहनी है। आवासीय विद्यालय में मित्रों का चुनाव बहुत सोच-समझकर करना चाहिए, क्योंकि अच्छी संगति व्यक्ति के चरित्र और भविष्य को संवारती है, जबकि बुरी संगति उसे बिगाड़ सकती है। सदैव ऐसे मित्र बनाओ जो अनुशासनप्रिय, मेहनती और ईमानदार हों। पढ़ाई में एक-दूसरे की सहायता करने वाले साथियों का साथ चुनो। किसी के बहकावे में आकर गलत आदतें न अपनाना। अपने अध्यापकों का सम्मान करना और नियमों का पालन करना। आशा है तुम मेरी बात समझोगे।
तुम्हारा अग्रज/अग्रजा,
ज्योति/प्रकाश
Teacher's Note:
a) अनौपचारिक पत्र में स्नेहपूर्ण भाषा और उचित संबोधन का प्रयोग करें।
b) सलाह स्पष्ट और व्यावहारिक बिंदुओं में दें।
14. (i) आप अनुराधा/अनुराग हैं। आपने बी.टेक. (कंप्यूटर साइंस) की डिग्री हासिल की है। एक दैनिक समाचार-पत्र में डाटा एनालिस्ट की नौकरी का विज्ञापन जारी हुआ है। इसके लिए लगभग 80 शब्दों में अपना एक स्ववृत्त लेख तैयार कीजिए। [5 Marks]
Answer:
स्ववृत्त
नाम : अनुराधा/अनुराग
पिता का नाम : ...
जन्म तिथि : ...
पता : ...
मोबाइल नंबर : ...
ई-मेल : ...
शैक्षणिक योग्यता : बी.टेक. (कंप्यूटर साइंस), प्रथम श्रेणी में उत्तीर्ण।
कौशल : डाटा विश्लेषण, प्रोग्रामिंग भाषाओं (पायथन, एस.क्यू.एल.) का ज्ञान, टीम भावना, समय प्रबंधन।
अनुभव : कॉलेज परियोजनाओं के दौरान डाटा विश्लेषण संबंधी कार्य किया।
भाषा ज्ञान : हिंदी, अंग्रेज़ी।
मैं परिश्रमी, ईमानदार और सीखने के प्रति उत्सुक हूँ तथा डाटा एनालिस्ट के पद हेतु स्वयं को उपयुक्त उम्मीदवार मानता/मानती हूँ।
Teacher's Note:
a) व्यक्तिगत जानकारी, योग्यता और कौशल क्रमबद्ध रूप से लिखें।
b) पद की माँग के अनुसार अपने गुण उजागर करें।
अथवा
(ii) आप अनुराधा/अनुराग हैं। आपके क्षेत्र में विद्युत आपूर्ति पहले अनियमित थी। उसमें अब पर्याप्त सुधार हुआ है। विद्युत आपूर्ति निगम के महानिदेशक को धन्यवाद ज्ञापन के लिए लगभग 80 शब्दों में एक ई-मेल लिखिए। [5 Marks]
Answer:
प्रेषक : anuradha@xyz.com
प्रति : mahanideshak@vidyutnigam.gov.in
विषय : विद्युत आपूर्ति में सुधार हेतु धन्यवाद ज्ञापन
महोदय,
मैं अनुराधा/अनुराग, निवासी ... क्षेत्र से हूँ। मैं आपको यह बताते हुए प्रसन्नता का अनुभव कर रहा/रही हूँ कि हमारे क्षेत्र में पहले अनियमित रहने वाली विद्युत आपूर्ति में अब पर्याप्त सुधार हुआ है। अब बिजली निर्बाध रूप से मिल रही है, जिससे विद्यार्थियों की पढ़ाई और घरेलू कार्यों में बहुत सुविधा हुई है। इस सराहनीय कार्य के लिए मैं आपके विभाग और कर्मचारियों को हार्दिक धन्यवाद देना चाहता/चाहती हूँ। आशा है भविष्य में भी यह सेवा इसी प्रकार निरंतर बनी रहेगी।
सधन्यवाद,
अनुराधा/अनुराग
Teacher's Note:
a) ई-मेल में विषय पंक्ति और औपचारिक भाषा अवश्य रखें।
b) सुधार का विवरण संक्षेप में स्पष्ट रूप से दें।
15. (i) रेडक्रॉस सोसायटी की ओर से रक्तदान शिविर का आयोजन किया जा रहा है। इसके प्रचार के लिए सोसायटी की ओर से लगभग 40 शब्दों में एक आकर्षक विज्ञापन तैयार कीजिए। [4 Marks]
Answer:
रक्तदान करें, जीवन बचाएँ !
रेडक्रॉस सोसायटी द्वारा रक्तदान शिविर का आयोजन
दिनांक : ... स्थान : ...
समय : प्रातः 9 बजे से सायं 4 बजे तक
एक बूँद रक्त, किसी की ज़िंदगी बचा सकता है। आइए, इस पुनीत कार्य में भाग लें और मानवता की सेवा करें। स्वस्थ व्यक्ति (18-60 वर्ष) रक्तदान हेतु आमंत्रित हैं।
संपर्क सूत्र : रेडक्रॉस सोसायटी, 98XXXXXXXX
Teacher's Note:
a) आकर्षक शीर्षक और स्पष्ट जानकारी (तिथि, स्थान, समय) अवश्य दें।
b) संक्षिप्त और प्रभावी भाषा का प्रयोग करें।
अथवा
(ii) आप नंदिनी/नंदन हैं। शिक्षक दिवस के अवसर पर अपने प्रिय अध्यापक को बधाई देते हुए लगभग 40 शब्दों में एक बधाई एवं शुभकामना संदेश लिखिए। [4 Marks]
Answer:
संदेश
दिनांक : 5 सितंबर
समय : प्रातः 8 बजे
आदरणीय सर/मैम,
शिक्षक दिवस की हार्दिक शुभकामनाएँ ! आपने न केवल हमें पढ़ाया बल्कि जीवन जीने की सही राह भी दिखाई। आपके मार्गदर्शन और स्नेह के लिए हम सदैव आभारी रहेंगे। आप हमारे लिए सदैव प्रेरणा स्रोत रहेंगे।
सादर,
नंदिनी/नंदन
Teacher's Note:
a) संदेश में आदरसूचक संबोधन और शुभकामना दोनों शामिल करें।
b) भाषा संक्षिप्त, विनम्र और भावपूर्ण रखें।
Please click the link below to download pdf file of CBSE Class 10 Hindi A Question Paper 2026 Solved Code 3-4-1
Free study material for Hindi
Past Exam Papers & Solutions for Class 10 Hindi A
Understanding Exam Patterns with CBSE Class 10 Hindi A Question Paper 2026 Solved Code 3-4-1
Access structured past examination sets for Class 10 Hindi A. Solving the CBSE Class 10 Hindi A Question Paper 2026 Solved Code 3-4-1 provided above helps students understand actual exam difficulty levels, question formats, and topic distributions for both descriptive and objective sections.
Why Practice Class 10 Hindi A Question Papers?
Regular simulation of exam environments using past question documents builds crucial pacing abilities and eliminates last-minute test anxiety during Class 10 Hindi A assessments.
Additional Study Resources for Class 10 Hindi A
Pair your past paper revision with our official Class 10 Hindi A sample papers and online practice modules to achieve total curriculum mastery.
FAQs
The CBSE Class 10 Hindi A Question Paper 2026 Solved Code 3-4-1 is available for download on StudiesToday.com. It includes complete set with all sections so that Class 10 students can practice with the exact same paper that came in the CBSE exams.
Yes, the solutions for CBSE Class 10 Hindi A Question Paper 2026 Solved Code 3-4-1 are prepared by subject matter experts as per official marking scheme. Class 10 students will understand the structure of answers and 'step-marks' methodology Hindi A.
Solving previous year papers like CBSE Class 10 Hindi A Question Paper 2026 Solved Code 3-4-1 is important to understand repeat themes and question difficulty levels of Hindi A. It helps Class 10 students to test their time management skills too.
Yes, where applicable, CBSE Class 10 Hindi A Question Paper 2026 Solved Code 3-4-1 is available in both English and Hindi mediums. All students from Class 10 can access Hindi A study material in their preferred language.
No, all previous year question papers on StudiesToday, including CBSE Class 10 Hindi A Question Paper 2026 Solved Code 3-4-1, are provided free of charge in mobile-friendly PDF.