Solutions for Class 9 Physical Education: Chapter 04 Role of Physical Education in Development of Individual and Society
Explore reliable textbook solutions for Chapter 04 Role of Physical Education in Development of Individual and Society tailored for Class 9 learners. Utilizing these Physical Education answers ensures thorough preparation and strengthens foundational knowledge before final Haryana Board evaluations.
Practice Class 9 Physical Education Solutions: Chapter 04 Role of Physical Education in Development of Individual and Society
View or download the dedicated Chapter 04 Role of Physical Education in Development of Individual and Society solution resource below. Engaging with these textbook answers under focused study conditions ensures continuous academic progress and mastery of the 2026-27 curriculum for Physical Education.
दीर्घ-उत्तरात्मक प्रश्न [Long Answer Type Questions]
Question 1: व्यक्ति और समाज के विकास में शारीरिक शिक्षा क्या भूमिका निभाती है? वर्णन करें। अथवा व्यक्ति एवं समाज के विकास में शारीरिक शिक्षा किस प्रकार से अपना योगदान प्रदान करती है? अथवा शारीरिक शिक्षा व्यक्ति एवं समाज के विकास को किस प्रकार से प्रभावित करती है? अथवा शारीरिक शिक्षा से व्यक्ति में कौन-कौन से गुण विकसित होते हैं? वर्णन करें।
Answer:
आदिकाल से मनुष्य ने खेलों को अपने जीवन का सहारा बनाया है। आदिमानव ने तीरंदाजी तथा नेज़ाबाजी के साथ शिकार करके अपनी भूख की पूर्ति की। खेलें केवल दिल बहलाने का साधन नहीं हैं, अपितु आदिकाल से लेकर आधुनिक काल तक हृष्ट-पुष्टता, जोश, जज़्बात और शक्ति के प्रदर्शन के लिए भी खेली गईं। आजकल शारीरिक शिक्षा पर काफी बल दिया जाता है। शारीरिक शिक्षा विभिन्न व्यक्तिगत एवं सामाजिक गुणों का विकास करती है, जिससे व्यक्ति एवं समाज का विकास संभव होता है।
1. अनुशासन की भावना (Spirit of Discipline):
आदिकाल की खेलों और आधुनिक खेलों में अंतर है, परंतु इन खेलों के पीछे एक भावना है। प्राचीनकाल के व्यक्ति ने इनको दूसरों पर शासन और हुकूमत करने के लिए प्रयोग किया, परंतु आज के व्यक्ति ने खेलों के नियमों का पालन करते हुए अनुशासन में रहकर इनसे जीवन की खुशी प्राप्त की।
2. अच्छे नागरिक की भावना (Spirit of Good Citizen):
पुरातन समय की क्रियाएँ, जैसे नेज़ा फेंकना, भागना और मुक्केबाजी, लड़ाई की तैयारी के लिए मानी जाती थीं, परंतु शारीरिक शिक्षा के अंतर्गत आधुनिक खेलें व्यक्ति में अनेक अच्छे गुणों का विकास करती हैं, जिससे वह देश का अच्छा नागरिक बनकर देश की उन्नति में अपना योगदान देता है।
3. व्यक्तित्व का विकास (Development of Personality):
शारीरिक शिक्षा से व्यक्ति में सहनशीलता और मेल-जोल की रुचि बढ़ती है। इसके फलस्वरूप व्यक्ति के व्यक्तित्व का विकास होता है और वह समाज में अपना स्थान बनाता है।
4. शारीरिक विकास (Physical Development):
शारीरिक शिक्षा में विभिन्न खेलों से शारीरिक विकास होता है। इससे शरीर में ऑक्सीजन की खपत बढ़ती है और शरीर से व्यर्थ पदार्थ और जहरीले कीटाणु बाहर निकलते हैं। शरीर में पौष्टिक आहार पचाने की शक्ति बढ़ती है। इस प्रकार शरीर नीरोग, स्वस्थ, शक्तिशाली और फुर्तीला रहता है।
5. सहयोग की भावना (Spirit of Co-operation):
शारीरिक शिक्षा प्रत्येक खिलाड़ी को छोटे-बड़े सभी खिलाड़ियों के साथ मिल-जुलकर खेलना सिखाती है। वह अपने विचारों को दूसरों पर जबरदस्ती नहीं थोपता, बल्कि विचार-विमर्श द्वारा साझी विचारधारा बनाता है। इस प्रकार उसमें सहयोग की भावना पैदा होती है, जिससे समाज उन्नति की ओर अग्रसर होता है।
6. चरित्र का विकास (Development of Character):
खेल में खिलाड़ी अपनी प्रत्येक छोटी-से-छोटी हरकत द्वारा अध्यापक, दर्शकों, विरोधी और साथी खिलाड़ियों के मन पर अपना प्रभाव डालता है। इस प्रकार खिलाड़ी का आचरण उभरकर सामने आता है और शारीरिक शिक्षा व्यक्ति में अनेक चारित्रिक गुणों का विकास करती है।
7. आज्ञा का पालन (Obedience):
शारीरिक शिक्षा के कारण खेलों में भाग लेने वाला व्यक्ति प्रत्येक बड़े-छोटे खिलाड़ी की आज्ञा का पालन करता है। खेल में रेफरी की आज्ञा और नियमों का पालन करना आवश्यक है। इस प्रकार खिलाड़ी आज्ञा का पालन करने वाला बन जाता है।
8. सहनशीलता (Tolerance):
खेलों में भाग लेने वाला दूसरों के विचारों का आदर करता है और सहनशीलतापूर्वक उनके विचारों का सम्मान करता है। वह जीतने पर अपना आपा नहीं गँवाता और हारने पर निराश नहीं होता। इस प्रकार उसमें इतनी सहनशीलता आ जाती है कि हार-जीत का उस पर कोई प्रभाव नहीं होता।
9. खाली समय का उचित प्रयोग (Proper Use of Leisure Time):
यदि बेकार समय का सही ढंग से प्रयोग न किया जाए तो मनुष्य दिमागी बुराइयों में फँस जाता है। शारीरिक शिक्षा के अंतर्गत खेलों में भाग लेने वाला व्यक्ति अपने अतिरिक्त समय का प्रयोग खेलों में करता है। इस प्रकार वह बुरी आदतों और विचारों से दूर रहता है, अपने जीवन को सुखमय बनाता है और समाज का जिम्मेदार नागरिक बनता है।
10. अंतर्राष्ट्रीय सहयोग को प्रोत्साहन (Promotion of International Co-operation):
कभी-कभी खिलाड़ियों को भिन्न-भिन्न देशों और अनेक खिलाड़ियों से मिलने का अवसर मिलता है। इस प्रकार शारीरिक शिक्षा के कारण एक-दूसरे के मेल-जोल से अंतर्राष्ट्रीय सहयोग को प्रोत्साहन मिलता है।
11. जातीय भेदभाव का अंत (End of Racial Difference):
शारीरिक शिक्षा जातीय भेदभाव का अंत करके राष्ट्रीय एकता की भावना पैदा करती है। खेल एक ऐसी क्रिया है, जिसमें धर्म, मज़हब और श्रेणी के आधार पर भेदभाव किए बिना भाग लिया जाता है।
12. परिवार एवं समाज का स्वास्थ्य (Family and Social Health):
शारीरिक शिक्षा मनुष्य को अपने स्वास्थ्य को ठीक रखने की कुशलता प्रदान करती है और उसे अपने परिवार एवं समाज के स्वास्थ्य को ठीक रखने में भी सहायता करती है।
13. जीवन के लक्ष्य की प्राप्ति में सहायक (Helpful in Achieving Aim of Life):
शारीरिक शिक्षा अपने कार्यक्रमों द्वारा मनुष्य को जीवन के लक्ष्य की प्राप्ति के अवसर प्रदान करती है। यदि मनुष्य को अपने लक्ष्य का ज्ञान हो तो शारीरिक शिक्षा उसे ऐसे अवसर देती है जिनकी मदद से वह अपने लक्ष्य की ओर बढ़ सकता है।
14. मुकाबले की भावना (Spirit of Competition):
शारीरिक शिक्षा में खेली जाने वाली खेलें व्यक्ति के भीतर मुकाबले की भावना उत्पन्न करती हैं। प्रत्येक खिलाड़ी अपने विरोधी से बढ़िया खेलने का प्रयास करता है। मुकाबले की यह भावना खिलाड़ी को विकास की मंज़िल की ओर ले जाती है और समाज पर भी अच्छा प्रभाव पड़ता है।
15. आत्म-अभिव्यक्ति (Self-expression):
शारीरिक शिक्षा प्रत्येक व्यक्ति को आत्म-अभिव्यक्ति का अवसर देती है। खेल का मैदान आत्म-अभिव्यक्ति का गुण सिखाने का प्रारंभिक स्कूल है, क्योंकि यही वह साधन है जहाँ खिलाड़ी खुलकर अपने गुणों, कला और निपुणता को दर्शकों के समक्ष उजागर कर सकता है।
निष्कर्ष (Conclusion): शारीरिक शिक्षा समाजीकरण का एक महत्त्वपूर्ण साधन है। व्यक्ति किसी भी खेल में खेल के नियमों का पालन करते हुए तथा अपनी टीम के हित को सामने रखते हुए भाग लेता है। वह अपनी टीम को पूरा सहयोग देता है और हार-जीत को समान समझता है। उसमें सहनशीलता, धैर्यता, अनुशासन और सहयोग जैसे अनेक सामाजिक गुण विकसित होते हैं। इस प्रकार शारीरिक शिक्षा व्यक्ति व समाज के विकास में अत्यधिक महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
Exam Tips:
a) पंद्रह बिंदुओं में से अनुशासन, सहयोग, सहनशीलता और चरित्र जैसे गुणों को विस्तार से लिखें।
b) शारीरिक विकास के उदाहरण में ऑक्सीजन की खपत और पाचन-शक्ति का उल्लेख करें।
c) अंतर्राष्ट्रीय सहयोग और जातीय भेदभाव के अंत को अलग-अलग बिंदुओं में लिखें।
d) निष्कर्ष में समाजीकरण को शारीरिक शिक्षा के मुख्य परिणाम के रूप में लिखें।
Question 2: शारीरिक शिक्षा समूचे व्यक्तित्व का विकास करती है स्पष्ट कीजिए। अथवा शारीरिक शिक्षा पूर्ण व्यक्तित्व के विकास में सबसे आवश्यक है। विस्तारपूर्वक लिखें। अथवा “शारीरिक शिक्षा संपूर्ण व्यक्तित्व की शिक्षा होती है।” इस कथन पर विचार करें। यह कहाँ तक तर्कसंगत है?
Answer:
शारीरिक शिक्षा व्यक्ति के व्यक्तित्व के विकास को अपना उद्देश्य बनाती है। शारीरिक क्रियाओं द्वारा व्यक्ति में त्याग, निष्पक्षता, मित्रता की भावना, सहयोग, स्व-नियंत्रण, आत्म-विश्वास और आज्ञा की पालना करने जैसे गुणों का विकास होता है। शारीरिक शिक्षा द्वारा सहयोग करने की भावना में वृद्धि होती है, जिसके परिणामस्वरूप स्वस्थ समाज की स्थापना होती है। संक्षेप में, शारीरिक शिक्षा मनुष्य के संपूर्ण विकास में सहायक होती है। यह बात निम्नलिखित तथ्यों से स्पष्ट होती है:
1. नेतृत्व का विकास (Development of Leadership):
शारीरिक शिक्षा में नेतृत्व करने के अनेक अवसर प्राप्त होते हैं; जैसे क्रिकेट टीम का कैप्टन निष्पक्षता, सूझबूझ और भावपूर्ण ढंग से खेल की रणनीति तैयार करता है। जब किसी खेल के नेता को खेल से पहले शरीर गर्माने के लिए नियुक्त किया जाता है, तब भी नेतृत्व की शिक्षा दी जाती है। कई बार प्रतिस्पर्धाओं का आयोजन करना भी नेतृत्व के विकास में सहायता करता है।
2. अनुशासन का विकास (Development of Discipline):
शारीरिक शिक्षा अनुशासन का महत्त्वपूर्ण सामाजिक गुण सिखाती है। खेल में अनुशासन में रहते हुए और नियमों का पालन करते हुए खेलना पड़ता है। खेल में अयोग्य करार दिए जाने के डर से खिलाड़ी अनुशासन भंग नहीं करते।
3. सहानुभूतिपूर्ण व्यवहार का विकास (Development of Sympathetic Attitude):
खेल के दौरान यदि कोई खिलाड़ी घायल हो जाता है, तो दूसरे सभी खिलाड़ी उसके प्रति हमदर्दी की भावना रखते हैं। ऐसा हॉकी अथवा क्रिकेट खेलते समय देखा भी जा सकता है। यह गुण व्यक्तित्व निर्माण में महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
4. राष्ट्रीय एकता का विकास (Development of National Integration):
शारीरिक शिक्षा एक ऐसा माध्यम है, जिससे राष्ट्रीय एकता में वृद्धि की जा सकती है। खेलें खिलाड़ियों में सांप्रदायिकता, असमानता, प्रांतवाद और भाषावाद जैसे अवगुणों को दूर करती हैं। इनमें नागरिकों को ऐसे अनेक अवसर मिलते हैं, जब उनमें सहनशीलता, सामाजिकता, बड़ों का सत्कार, देशभक्ति और राष्ट्रीय आचरण जैसे गुण विकसित होते हैं।
5. व्यक्तित्व का विकास (Development of Personality):
मीड के अनुसार खेलें बच्चों के आत्म-विकास में बहुत सहायता करती हैं। बचपन में बच्चा कम आयु वाले बच्चों के साथ खेलता है, परंतु जब वह बड़ा हो जाता है तो क्रिकेट, फुटबॉल अथवा वॉलीबॉल जैसे खेल खेलता है। ये खेलें व्यक्तित्व का विकास करती हैं और बच्चे के भीतरी गुण बाहर आते हैं। जब बच्चे मिल-जुलकर खेलते हैं तो उनमें सहयोग का गुण विकसित हो जाता है।
6. शारीरिक विकास (Physical Development):
शारीरिक शिक्षा संबंधी क्रियाएँ शारीरिक विकास का माध्यम हैं। ये मांसपेशियों को मजबूत करती हैं, रक्त का बहाव ठीक रखती हैं, पाचन-शक्ति बढ़ाती हैं और श्वसन क्रिया को ठीक रखने में सहायक हैं। शारीरिक क्रियाएँ न केवल भिन्न-भिन्न प्रणालियों को स्वस्थ रखती हैं, बल्कि उनके आकार, शक्ल और कुशलता में भी बढ़ोतरी करती हैं।
7. उच्च नैतिकता की शिक्षा (Lesson of High Morality):
शारीरिक शिक्षा व्यक्ति में खेल-भावना (Sportsmanship) उत्पन्न करती है। यह खिलाड़ी का स्तर नैतिक दृष्टि से ऊँचा रखती है और वह पूरी ईमानदारी और मेहनत के साथ अपने उद्देश्य की ओर अग्रसर होता रहता है।
8. भावनात्मक संतुलन (Emotional Balance):
भावनात्मक संतुलन व्यक्तित्व के पूर्ण विकास में महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाता है। शारीरिक शिक्षा अनेक प्रकार से भावनात्मक संतुलन बनाए रखती है। बच्चे को बताया जाता है कि वह विजय प्राप्त करने के बाद आवश्यकता से अधिक प्रसन्न न हो और हार के गम को भी सहज भाव से ले। इस तरह भावनात्मक संतुलन एक अच्छे व्यक्तित्व के लिए अत्यावश्यक है।
9. सामाजिक विकास (Social Development):
शारीरिक शिक्षा व्यक्ति में अनेक प्रकार के सामाजिक गुण पैदा करती है; उदाहरण के लिए सहयोग, टीम भावना, उत्तरदायित्व की भावना और नेतृत्व जैसे गुण खेलों द्वारा ही उत्पन्न होते हैं। ये गुण बड़ा होने पर अधिक विकसित हो जाते हैं और बच्चा एक अच्छा नागरिक बनता है।
10. खाली समय का उचित उपयोग (Proper Use of Leisure Time):
शारीरिक शिक्षा व्यक्ति को अपना अतिरिक्त समय सही ढंग से व्यतीत करना सिखाती है। यह आदत एक बार बन जाने पर जीवन भर उसके साथ रहती है और व्यक्ति को नियमित सामाजिक प्राणी बनाती है।
निष्कर्ष (Conclusion): संक्षेप में कहा जा सकता है कि शारीरिक शिक्षा बच्चों में न केवल भीतरी गुणों को व्यक्त करती है, बल्कि यह उनके व्यक्तित्व के विकास में भी सहायक होती है। यह बच्चे में कई प्रकार के सामाजिक गुण पैदा करती है और उसमें भावनात्मक संतुलन बनाए रखती है। यही कारण है कि शारीरिक शिक्षा सामाजिक-वैज्ञानिक दृष्टि से अत्यंत महत्त्वपूर्ण है।
Exam Tips:
a) दस बिंदुओं को अलग-अलग अनुच्छेदों में लिखें, ताकि हर गुण स्पष्ट दिखे।
b) मीड का उल्लेख खेलों द्वारा आत्म-विकास के संदर्भ में करें।
c) खेल-भावना और भावनात्मक संतुलन, दोनों को नैतिक विकास से जोड़कर लिखें।
d) निष्कर्ष में शारीरिक शिक्षा के सामाजिक-वैज्ञानिक महत्त्व को लिखें।
Question 3: शारीरिक शिक्षा किस प्रकार व्यक्ति के अंदर छिपे हुए गुणों को बाहर निकालकर उसके व्यक्तित्व का पूर्ण विकास करने में सहायता करती है? वर्णन करें। अथवा शारीरिक शिक्षा व्यक्ति की आत्म अनुभूति के विकास में किस प्रकार से अपना योगदान देने में सहायक होती है?
Answer:
शारीरिक शिक्षा व्यक्ति के अंदर छिपे हुए गुणों (Latent Qualities) को बाहर निकालकर उसके व्यक्तित्व का संपूर्ण विकास करने में सहायता करती है। यह मनुष्य में आत्म-अनुभूति का गुण उत्पन्न करके उसे आधुनिक युग की जरूरतों के अनुसार ढालने की योग्यता प्रदान करती है। शारीरिक शिक्षा व्यक्ति के अंदर निम्नलिखित गुणों का विकास करती है:
1. स्वास्थ्य संबंधी ज्ञान (Knowledge Related to Health): शारीरिक शिक्षा मनुष्य को स्वास्थ्य संबंधी नियमों का ज्ञान देती है। इससे रोगों संबंधी महत्त्वपूर्ण जानकारी प्राप्त होती है और संतुलित एवं पौष्टिक भोजन की जानकारी मिलती है। स्वास्थ्य संबंधी नियमों का पालन करके हम अपने को रोगों से बचा सकते हैं और स्वस्थ जीवन व्यतीत कर सकते हैं।
2. मानसिक स्फूर्ति या चुस्ती (Mental Alertness or Agility): शारीरिक शिक्षा मनुष्य के मन को चुस्त एवं दुरुस्त बनाती है और उचित समय पर फौरन निर्णय लेने के काबिल बनाती है। एक चुस्त और फुर्तीले मन वाला व्यक्ति ही अपने जीवन में कामयाब हो सकता है।
3. संवेगों एवं भावनाओं को नियंत्रित करना (Control Over Emotions and Feelings): शारीरिक शिक्षा मनुष्य को अपने संवेगों और भावनाओं को काबू करना सिखाती है। मनुष्य अपनी समस्याओं को हँसी-खुशी सुलझा लेता है और असफल होने पर साहस नहीं त्यागता। इस प्रकार वह अपना कीमती समय और शक्ति अवांछनीय कार्यों में व्यर्थ नहीं गँवाता।
4. आदर्श नागरिकता का निर्माण (Formation of Ideal Citizenship): शारीरिक शिक्षा मनुष्यों में ऐसे गुण उत्पन्न करती है जिनकी मदद से वे आदर्श खिलाड़ी और आदर्श दर्शक बन सकते हैं। ये गुण भविष्य में उन्हें आदर्श नागरिक बनने में मदद देते हैं।
5. प्रभावशाली वक्ता (Effective Orator or Speaker): शारीरिक शिक्षा मनुष्य का शारीरिक विकास करके उसमें पढ़ने-लिखने की क्षमता का भी विकास करती है। स्वस्थ मनुष्य प्रत्येक वस्तु में रुचि लेता है, जिससे पढ़ने-लिखने की कुशलता में बढ़ोतरी होती है। स्वस्थ और हृष्ट-पुष्ट व्यक्ति ही एक अच्छा वक्ता हो सकता है और शारीरिक शिक्षा उसे व्यक्तित्व विकसित करके अच्छा वक्ता बनने के अवसर देती है।
6. सौंदर्य और कला प्रेमी (Beauty and Art Loving): शारीरिक शिक्षा मनुष्य में सौंदर्य तथा कला के प्रति प्रेम की भावना जगाती है। जब कोई खिलाड़ी उत्कृष्ट खेल प्रदर्शन करता है तो लोग उसकी प्रशंसा किए बिना नहीं रहते। प्रत्येक मनुष्य अपने शरीर को अधिक-से-अधिक सुंदर एवं सुडौल बनाने का प्रयत्न करता है।
7. खाली समय का सदुपयोग (Proper Use of Leisure Time): शारीरिक शिक्षा मनुष्य को अपने खाली समय का सदुपयोग करना सिखाती है। आधुनिक मशीनी युग में मशीनों की सहायता से दिन भर का काम पूरा करने के बाद मनुष्य के पास पर्याप्त समय शेष बच जाता है। शारीरिक शिक्षा इस समय के सदुपयोग की समस्या का समाधान करने में मदद करती है।
Exam Tips:
a) सात गुणों में से स्वास्थ्य, मानसिक चुस्ती और संवेग-नियंत्रण पर विशेष बल दें।
b) सामाजिक, नैतिक और भावनात्मक गुणों के व्यावहारिक उदाहरण लिखकर उत्तर को प्रमाणिक बनाएँ।
c) प्रभावशाली वक्ता वाले गुण को स्वास्थ्य और पढ़ने-लिखने की क्षमता से जोड़ें।
d) आत्म-अनुभूति को अलग अनुच्छेद में समझाएँ, ताकि उत्तर का मुख्य बिंदु स्पष्ट हो।
Question 4: नेतृत्व को परिभाषित कीजिए। शारीरिक शिक्षा के क्षेत्र में एक नेता के गुणों का वर्णन कीजिए। अथवा नेतृत्व क्या है? शारीरिक शिक्षा में एक नेता के गुणों की व्याख्या करें।
Answer:
नेतृत्व का अर्थ व परिभाषाएँ (Meaning and Definitions of Leadership):
मानव में नेतृत्व की भावना आरंभ से ही होती है। किसी भी समाज की वृद्धि या विकास उसके नेतृत्व की विशेषता पर निर्भर करता है। नेतृत्व व्यक्ति का वह गुण है जिससे वह दूसरे व्यक्तियों के जीवन के विभिन्न पक्षों में मार्गदर्शन करता है। नेतृत्व को विद्वानों ने निम्नलिखित प्रकार से परिभाषित किया है:
1. मॉण्टगुमरी (Montgomery) के अनुसार, “किसी विशिष्ट उद्देश्य के लिए व्यक्तियों को इकट्ठा करने की इच्छा व योग्यता को ही नेतृत्व कहा जाता है।”
2. ला-पियरे व फार्नसवर्थ (La-Pierre and Farnsworth) के अनुसार, “नेतृत्व एक ऐसा व्यवहार है जो लोगों के व्यवहार पर अधिक प्रभाव डालता है, न कि लोगों के व्यवहार का प्रभाव उनके नेता पर।”
3. पी० एम० जोसेफ (P. M. Joseph) के अनुसार, “नेतृत्व वह गुण है जो व्यक्ति को कुछ वांछित काम करने के लिए, मार्गदर्शन करने के लिए पहला कदम उठाने के योग्य बनाता है।”
एक अच्छे नेता के गुण (Qualities of a Good Leader):
प्रत्येक समाज या राज्य के लिए अच्छे नेता की बहुत आवश्यकता होती है, क्योंकि वह समाज और राज्य को एक नई दिशा देता है। शारीरिक शिक्षा के क्षेत्र में अच्छे नेता का होना बहुत आवश्यक है, क्योंकि शारीरिक क्रियाएँ किसी योग्य नेता के बिना संभव नहीं हैं। किसी नेता में निम्नलिखित गुण या विशेषताएँ होना आवश्यक है:
1. ईमानदारी एवं कर्मठता (Honesty and Energetic): ये गुण नेता के व्यक्तित्व में निखार और सम्मान में वृद्धि करते हैं।
2. वफादारी एवं नैतिकता (Loyalty and Morality): नेता को अपने शिष्यों या अनुयायियों (Followers) के प्रति वफादार होना चाहिए और विपरीत परिस्थितियों में भी अपनी नैतिकता का त्याग नहीं करना चाहिए।
3. सामाजिक समायोजन (Social Adjustment): एक अच्छे नेता में सहनशीलता, धैर्यता, सहयोग, सहानुभूति व भाईचारा जैसे सामाजिक गुणों का समावेश होना चाहिए।
4. बच्चों के प्रति स्नेह की भावना (Affection Feeling towards Children): नेतृत्व करने वाले में बच्चों के प्रति स्नेह की भावना होनी चाहिए, जो बच्चों को अत्यधिक प्रभावित करती है।
5. तर्कशील एवं निर्णय-क्षमता (Logical and Decision-Ability): नेता में समस्याओं पर तर्कशील ढंग से विचार-विमर्श करने की योग्यता और उपयुक्त निर्णय लेने की क्षमता होनी चाहिए।
6. शारीरिक कौशल (Physical Skill): नेता का स्वास्थ्य अच्छा और शरीर कुशल एवं मजबूत होना चाहिए, ताकि बच्चे उससे प्रेरित हो सकें।
7. बुद्धिमान एवं न्यायसंगत (Intelligent and Fair): एक बुद्धिमान नेता ही विपरीत परिस्थितियों का समाधान ढूँढ सकता है। नेता को न्यायसंगत होना चाहिए, ताकि वह निष्पक्ष भाव से सभी को प्रभावित कर सके।
8. शिक्षण कौशल (Teaching Skill): नेता को विभिन्न शिक्षण कौशलों का गहरा ज्ञान और शिक्षण पद्धतियों में कुशलता होनी चाहिए। उसे शारीरिक संकेतों और हाव-भावों को व्यक्त करने में भी कुशल होना चाहिए।
9. सृजनात्मकता (Creativity): नेता में सृजनात्मकता की योग्यता होनी चाहिए, ताकि वह नई तकनीकों या कौशलों का प्रतिपादन कर सके।
10. समर्पण व संकल्प की भावना (Spirit of Dedication and Determination): नेता को विपरीत परिस्थितियों में भी दृढ़-संकल्पी होना चाहिए और अपने व्यवसाय के प्रति समर्पित रहना चाहिए।
11. अनुसंधान में रुचि (Interest in Research): एक अच्छे नेता की अनुसंधानों में विशेष रुचि होनी चाहिए।
12. आदर भावना (Respect Spirit): नेता में दूसरों के प्रति आदर-सम्मान की भावना होनी चाहिए, क्योंकि जो दूसरों का आदर नहीं करता, उसे भी दूसरों से सम्मान नहीं मिलता।
13. पेशेवर गुण (Professional Qualities): एक अच्छे नेता में अपने व्यवसाय से संबंधित सभी गुण होने चाहिए।
14. भावनात्मक संतुलन (Emotional Balance): नेता का अपनी भावनाओं पर पूर्ण नियंत्रण होना चाहिए।
15. तकनीकी रूप से कुशल (Technically Skilled): नेता को तकनीकी रूप से कुशल या निपुण होना चाहिए।
Exam Tips:
a) तीनों परिभाषाओं में विद्वानों के नाम और उनके शब्द सही लिखें।
b) पंद्रह गुणों में से ईमानदारी, नैतिकता, निर्णय-क्षमता और भावनात्मक संतुलन पर विशेष ध्यान दें।
c) शारीरिक कौशल और शिक्षण कौशल, दोनों शारीरिक शिक्षा के नेता के लिए अलग महत्त्व रखते हैं।
d) गुणों को क्रम संख्या के साथ सूचीबद्ध करें, ताकि हर गुण अलग दिखे।
Question 5: नेतृत्व (Leadership) क्या है? इसके महत्त्व का विस्तार से वर्णन करें। अथवा शारीरिक शिक्षा में नेतृत्व प्रशिक्षण की उपयोगिता पर विस्तार से प्रकाश डालें।
Answer:
नेतृत्व का अर्थ (Meaning of Leadership):
मानव में नेतृत्व की भावना आरंभ से ही होती है। किसी भी समाज की वृद्धि व विकास उसके नेतृत्व की विशेषता पर निर्भर करता है। नेतृत्व व्यक्ति का वह गुण है जिससे वह दूसरे व्यक्तियों के जीवन के विभिन्न पक्षों में मार्गदर्शन करता है।
नेतृत्व का महत्त्व (Importance of Leadership):
नेतृत्व की भावना को बढ़ावा देना शारीरिक शिक्षा का महत्त्वपूर्ण उद्देश्य है, क्योंकि इस भावना से मानव के व्यक्तित्व का संपूर्ण विकास होता है। सामाजिक, राजनीतिक, आर्थिक, वैज्ञानिक अथवा शारीरिक शिक्षा, हर क्षेत्र में नेता की आवश्यकता पड़ती है। शारीरिक शिक्षा के क्षेत्र में व्यक्ति का सर्वांगीण विकास होता है, जिससे उसकी शारीरिक शक्ति, सोचने की शक्ति, व्यक्तित्व में निखार और कई प्रकार के सामाजिक गुणों का विकास होता है। शारीरिक क्षमता बढ़ने से निडरता आती है, जो नेतृत्व का एक विशेष गुण माना जाता है। खेलों में दूसरों के साथ सहयोग से लक्ष्य प्राप्त करना सीखा जाता है। व्यक्तिगत एवं सामूहिक खेलों में व्यक्ति को अच्छे नेता के सभी गुण ग्रहण करने का अवसर मिलता है।
अध्यापक शारीरिक शिक्षा के माध्यम से नेतृत्व की भावना का विस्तार करने और प्रशिक्षण देने में अपने शिष्यों को कई अवसर प्रदान कर सकता है। इस क्षेत्र के कुछ उचित अवसर इस प्रकार हैं:
(1) खेल मैदान की तैयारी और खेल सामग्री की देखभाल की समितियों के सदस्य बनाना।
(2) सामूहिक व्यायाम का नेता बनाना।
(3) खेल-खिलाने तथा अन्य अवसरों पर अधिकारी बनाना।
(4) विद्यालय की टीम का कप्तान बनाना।
(5) कक्षा का मॉनीटर अथवा टोली का नेता बनाना।
(6) छोटे-छोटे खेलों को सुचारु रूप से चलाने के अवसर प्रदान करना।
(7) विद्यालय की विभिन्न समितियों के सदस्य नियुक्त करना।
प्राचीनकाल में बच्चों तथा व्यक्तियों को मनोवैज्ञानिक, सामाजिक, शारीरिक तथा नैतिक विशेषताओं और आवश्यकताओं का ज्ञान नहीं था। आज के वैज्ञानिक युग में पूर्ण व्यावसायिक योग्यता के बिना काम नहीं चल सकता, क्योंकि नेताओं की योग्यता पर ही किसी व्यवसाय की उन्नति निर्भर करती है। इस उद्देश्य की प्राप्ति के लिए शारीरिक शिक्षा के क्षेत्र में ग्वालियर, चेन्नई, पटियाला, चंडीगढ़, लखनऊ, हैदराबाद, मुंबई, अमरावती और कुरुक्षेत्र आदि में प्रशिक्षण केंद्र स्थापित किए गए हैं। इन केंद्रों में शारीरिक शिक्षा के अध्यापकों को नेताओं के रूप में प्रशिक्षण दिया जाता है, ताकि वे शारीरिक शिक्षा के ज्ञान को अधिक-से-अधिक फैला सकें और विद्यार्थियों में नेतृत्व के गुण विकसित कर सकें। विद्यार्थी देश का भविष्य होते हैं और एक कुशल व आदर्श अध्यापक ही शारीरिक शिक्षा के द्वारा अच्छे समाज व राष्ट्र के निर्माण में सहायक हो सकता है।
शारीरिक शिक्षा का क्षेत्र और मैदान नेतृत्व के गुण उभारने में कितना महत्त्वपूर्ण योगदान दे सकता है, यह कथन से सिद्ध होता है: “The battle of Waterloo was won in the play fields of Eton.” अर्थात् वाटरलू का प्रसिद्ध युद्ध ईटन के खेल के मैदान में जीता गया। यह युद्ध अच्छे नेतृत्व के कारण जीता गया। इस प्रकार स्पष्ट है कि नेतृत्व का हमारे जीवन में विशेष महत्त्व है।
Exam Tips:
a) नेतृत्व की परिभाषा और उसका महत्त्व, दोनों को अलग-अलग अनुच्छेदों में लिखें।
b) सात अवसरों में से कप्तान, मॉनीटर और समिति सदस्य के उदाहरण सबसे प्रभावी हैं।
c) नेतृत्व प्रशिक्षण केंद्रों के नाम उत्तर में लिखने से उत्तर अधिक पूर्ण बनता है।
d) Eton का उदाहरण नेतृत्व के महत्त्व का प्रमाण है, इसे निष्कर्ष में लिखें।
लघूत्तरात्मक प्रश्न [Short Answer Type Questions]
Question 1: समाज (Society) से आपका क्या अभिप्राय है? अथवा समाज की अवधारणा पर संक्षिप्त टिप्पणी लिखें।
Answer:
व्यावहारिक रूप से समाज (Society) शब्द का प्रयोग मानव समूह के लिए किया जाता है, परंतु वास्तविक रूप से समाज मानव समूह के अंतर्गत व्यक्तियों के संबंधों की व्यवस्था का नाम है। समाज स्वयं में एक संघ है जो सामाजिक व औपचारिक संबंधों का जाल है। मनुष्य एक सामाजिक प्राणी है, क्योंकि वह अपनी आवश्यकताओं की पूर्ति के लिए समाज और दूसरे लोगों पर निर्भर रहता है। परिवार सामाजिक जीवन की सबसे छोटी एवं महत्त्वपूर्ण इकाई है। परिवार के बाद दूसरी महत्त्वपूर्ण इकाई विद्यालय है, जो बच्चों को इतिहास, भाषा, विज्ञान, गणित, कला एवं भूगोल की जानकारी प्रदान करता है। कॉलेज, विश्वविद्यालय और अन्य संस्थान व्यक्ति को मुख्य विषयों के बारे में जानकारी देते हैं। परिवार और शिक्षण संस्थाओं के बाद व्यक्ति के लिए उसका पड़ोस और आस-पास का क्षेत्र आता है। जैसे-जैसे पारिवारिक पड़ोस बढ़ता है, वैसे-वैसे सामाजिक क्षेत्र का दायरा बढ़ता जाता है। इस प्रकार समाज की धारणा व्यापक एवं विस्तृत है।
Exam Tips:
a) परिवार, विद्यालय और पड़ोस को समाज की इकाइयों के क्रम में लिखें।
b) समाज को संबंधों की व्यवस्था बताने वाली परिभाषा को उत्तर का आधार बनाएँ।
c) दायरा बढ़ने की बात से उत्तर का निष्कर्ष स्पष्ट होता है।
Question 2: शारीरिक शिक्षा किस प्रकार सामाजिक मूल्यों को बढ़ाती है? अथवा शारीरिक शिक्षा सहानुभूतिपूर्ण व्यवहार, सहनशीलता, सहयोग व धैर्यता बढ़ाने में किस प्रकार सहायक होती है? अथवा शारीरिक शिक्षा से मनुष्य में कौन-कौन-से सामाजिक गुण विकसित होते हैं?
Answer:
शारीरिक शिक्षा सामाजिक मूल्यों को निम्नलिखित प्रकार से बढ़ाती है:
1. सहानुभूतिपूर्ण व्यवहार: खेल के दौरान यदि कोई खिलाड़ी घायल हो जाता है, तो दूसरे सभी खिलाड़ी उसके प्रति हमदर्दी की भावना रखते हैं। ऐसा हॉकी अथवा क्रिकेट खेलते समय देखा जा सकता है। यह गुण व्यक्तित्व निर्माण में महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
2. सहनशीलता व धैर्यता: मानव के समुचित विकास के लिए सहनशीलता व धैर्यता अत्यंत आवश्यक हैं। जिस व्यक्ति में ये गुण होते हैं, वह स्वयं को समाज में भली-भाँति समायोजित कर सकता है। शारीरिक शिक्षा इन गुणों को बढ़ाने के अनेक अवसर प्रदान करती है।
3. सहयोग की भावना: समाज में रहकर एक-दूसरे के साथ मिलकर कार्य करना पड़ता है। सामूहिक खेलों या गतिविधियों से सहयोग की भावना बढ़ती है। यदि कोई खिलाड़ी सहयोग नहीं करेगा तो नुकसान उसको भी होगा और उसकी टीम को भी। शारीरिक शिक्षा इस भावना को सुदृढ़ करने में सहायक होती है।
4. अनुशासन की भावना: अनुशासन को शारीरिक शिक्षा की रीढ़ की हड्डी कहा जा सकता है। अनुशासन की सीख से शारीरिक शिक्षा व्यक्ति के विकास के साथ-साथ समाज को अनुशासित नागरिक प्रदान करने में भी सक्षम है।
Exam Tips:
a) सहानुभूति, सहनशीलता, सहयोग और अनुशासन, चारों गुणों को अलग-अलग बिंदुओं में लिखें।
b) सहयोग वाले बिंदु में टीम के नुकसान का तर्क लिखें, इससे उत्तर तर्कसंगत लगता है।
c) अनुशासन को "रीढ़ की हड्डी" कहने वाला वाक्य उत्तर में लिखें।
Question 3: नेतृत्व (Leadership) से आप क्या समझते हैं? कोई दो परिभाषाएँ बताएँ। अथवा नेतृत्व की अवधारणा से आप क्या समझते हैं?
Answer:
मानव में नेतृत्व की भावना आरंभ से ही होती है। किसी भी समाज की वृद्धि या विकास उसके नेतृत्व की विशेषता पर निर्भर करता है। नेतृत्व व्यक्ति का वह गुण है जिससे वह दूसरे व्यक्तियों के जीवन के विभिन्न पक्षों में मार्गदर्शन करता है।
1. मॉण्टगुमरी (Montgomery) के अनुसार, “किसी विशिष्ट उद्देश्य के लिए व्यक्तियों को इकट्ठा करने की इच्छा तथा योग्यता को ही नेतृत्व कहा जाता है।”
2. ला-पियरे व फार्नसवर्थ (La-Pierre and Farnsworth) के अनुसार, “नेतृत्व एक ऐसा व्यवहार है जो लोगों के व्यवहार पर अधिक प्रभाव डालता है, न कि लोगों के व्यवहार का प्रभाव उनके नेता पर।”
Exam Tips:
a) दो परिभाषाओं में विद्वानों के नाम और उनके कथन दोनों लिखें।
b) नेतृत्व को मार्गदर्शन से जोड़कर पहला अनुच्छेद शुरू करें।
Question 4: हमें एक नेता की आवश्यकता क्यों होती है? अथवा एक नेता के मुख्य कार्य बताइए। अथवा एक अच्छे नेता के महत्त्व का वर्णन करें।
Answer:
प्रत्येक समाज या देश के लिए एक अच्छा नेता बहुत महत्त्वपूर्ण होता है, क्योंकि वह समाज और देश को एक नई दिशा देता है। नेता जनता का प्रतिनिधि होता है। वह जनता की समस्याओं को सरकार या प्रशासन के सामने प्रस्तुत करता है और सरकार को लोगों की आवश्यकताओं व समस्याओं से अवगत कराता है। वह लोगों की मूलभूत आवश्यकताओं की पूर्ति हेतु प्रयास करता है। एक नेता के माध्यम से ही जनता अपनी आवश्यकताओं की पूर्ति और समस्याओं के निवारण हेतु प्रयास करती है। इसलिए हमें एक नेता की आवश्यकता होती है।
Exam Tips:
a) नेता का सबसे बड़ा कार्य जनता की समस्याओं को प्रशासन तक पहुँचाना है।
b) जनता का प्रतिनिधि और मार्गदर्शक, दोनों भूमिकाएँ उत्तर में लिखें।
c) मूलभूत आवश्यकताओं की पूर्ति वाला बिंदु निष्कर्ष के रूप में लिखें।
Question 5: एक अच्छे नेता में कौन-कौन से गुण होने चाहिएँ?
Answer:
नेता में एक खास किस्म के गुण होते हैं, जिनके कारण वह सभी को एकत्रित कर काम करने के लिए प्रेरित करता है। एक अच्छे नेता में निम्नलिखित गुण होने चाहिएँ:
(1) एक अच्छे नेता में पेशेवर प्रवृत्तियों का होना अति आवश्यक है, जो नेता और समाज दोनों के लिए आवश्यक है।
(2) एक अच्छे नेता की सोच सकारात्मक होनी चाहिए, ताकि बच्चे और समाज उससे प्रभावित हो सकें।
(3) उसमें ईमानदारी, निष्ठा, समय-पालना, न्यायसंगतता एवं विनम्रता आदि गुण होने चाहिएँ।
(4) उसके लोगों के साथ अच्छे संबंध होने चाहिएँ।
(5) उसमें भावनात्मक संतुलन एवं सामाजिक समायोजन की भावना होनी चाहिए।
(6) उसे खुशमिजाज तथा कर्मठ होना चाहिए।
(7) उसमें बच्चों के प्रति स्नेह और बड़ों के प्रति आदर-सम्मान की भावना होनी चाहिए।
(8) उसका स्वास्थ्य भी अच्छा होना चाहिए, क्योंकि अच्छा स्वास्थ्य अच्छी आदतें विकसित करने में सहायक होता है।
(9) उसका मानसिक दृष्टिकोण सकारात्मक एवं उच्च-स्तर का होना चाहिए।
Exam Tips:
a) नौ गुणों में से ईमानदारी, सकारात्मक सोच और स्वास्थ्य, तीनों को विस्तार से लिखें।
b) बच्चों के प्रति स्नेह और बड़ों के प्रति आदर, दोनों गुण साथ-साथ लिखें।
Question 6: शारीरिक शिक्षा में नेतृत्व के अवसर कब-कब प्राप्त होते हैं? वर्णन करें। अथवा शारीरिक शिक्षा के क्षेत्र में नेतृत्व का गुण कैसे विकसित किया जा सकता है?
Answer:
शारीरिक शिक्षा के कार्यक्रम में कभी-कभी ऐसे अवसर आते हैं, जहाँ विद्यार्थी को नेतृत्व की जरूरत होती है। विद्यार्थी को नेतृत्व करने के अवसर निम्नलिखित क्षेत्रों में दिए जा सकते हैं:
(1) विद्यार्थियों द्वारा शारीरिक शिक्षा में प्रशिक्षण क्रियाओं या अभ्यास क्रियाओं का नेतृत्व करना।
(2) समूह खेलों का आयोजन करवाकर नेतृत्व का गुण विकसित करना।
(3) खेल मैदान की तैयारी और खेल सामग्री की देखभाल की समितियों के सदस्य बनाना।
(4) सामूहिक व्यायाम का नेता बनाना।
(5) खेल-खिलाने तथा अन्य अवसरों पर अधिकारी बनाना।
(6) विद्यालय की टीम का कप्तान बनाना।
(7) कक्षा का मॉनीटर बनाना।
(8) छोटे-छोटे खेलों को सुचारु रूप से चलाने के अवसर प्रदान करना।
(9) विद्यालय की विभिन्न समितियों के सदस्य नियुक्त करना।
इस तरह अध्यापक विद्यार्थियों में नेतृत्व का गुण विकसित करने में सहायता करता है। इससे विद्यार्थियों में स्वाभिमान की भावना पैदा होती है। विद्यार्थी देश का भविष्य होते हैं। एक आदर्श अध्यापक ही शारीरिक शिक्षा के द्वारा अच्छे समाज व राष्ट्र के निर्माण में सहायक हो सकता है।
Exam Tips:
a) नौ अवसरों में से कप्तान, मॉनीटर और समिति सदस्य वाले अवसर सबसे व्यावहारिक हैं।
b) अध्यापक की भूमिका को अंतिम अनुच्छेद में अलग से लिखें।
c) स्वाभिमान की भावना को नेतृत्व के परिणाम के रूप में लिखें।
Question 7: नेतृत्व अथवा नेता के विभिन्न प्रकार कौन-कौन से हैं?
Answer:
नेतृत्व/नेता के विभिन्न प्रकार निम्नलिखित हैं:
1. संस्थागत नेता: इस प्रकार के नेता संस्थाओं के मुखिया होते हैं। स्कूल, कॉलेज, परिवार, फैक्टरी या दफ्तर आदि को मुखिया की आज्ञा का पालन करना पड़ता है।
2. प्रभुता-संपन्न या तानाशाही नेता: इस प्रकार का नेतृत्व एकाधिकारवाद पर आधारित होता है। यह नेता अपने आदेशों का पालन शक्ति से करवाता है और समूह का प्रयोग भी अपने हित के लिए करता है। यह नियम और आदेशों को समूह में लागू करने का अकेला अधिकारी होता है। स्टालिन, नेपोलियन और हिटलर इस प्रकार के नेता के उदाहरण हैं।
3. आदर्शवादी या प्रेरणात्मक नेता: इस प्रकार का नेता समूह पर अपना प्रभाव तर्क-शक्ति से डालता है और समूह अपने नेता के आदेशों का पालन अक्षरशः (ज्यों-का-त्यों) करता है। समूह के मन में अपने नेता के प्रति सम्मान होता है। महात्मा गाँधी, अब्राहम लिंकन, जवाहरलाल नेहरू और लालबहादुर शास्त्री इस तरह के नेता थे।
4. विशेषज्ञ नेता: समूह में कुछ लोग किसी विशेष क्षेत्र में कुशलता हासिल किए होते हैं और अपने-अपने क्षेत्र के विशेषज्ञ होते हैं। ये नेता अपनी कुशल सेवाओं को समूह की बेहतरी के लिए इस्तेमाल करते हैं; जैसे डॉक्टरी, प्रशिक्षण, इंजीनियरिंग तथा कला-कौशल के विशेषज्ञ।
Exam Tips:
a) चारों प्रकार के नेताओं के उदाहरण सहित लिखें।
b) तानाशाही और आदर्शवादी नेता के अंतर को तर्क-शक्ति और शक्ति के आधार पर स्पष्ट करें।
Question 8: शारीरिक शिक्षा या खेलकूद का व्यक्ति के व्यक्तित्व पर क्या प्रभाव पड़ता है? अथवा व्यक्ति के विकास में शारीरिक शिक्षा का क्या योगदान है?
Answer:
शारीरिक शिक्षा या खेलकूद का लक्ष्य मानव के व्यक्तित्व का विकास इस प्रकार करना है कि वह जीवन की जटिलताओं के उतार-चढ़ाव को सहन कर सके और समाज का सम्मानित नागरिक बन सके। व्यक्ति का व्यक्तित्व तीन पक्षों पर आधारित है:
(1) मानसिक पक्ष,
(2) शारीरिक पक्ष,
(3) सामाजिक पक्ष।
इन तीनों पक्षों के विकास से ही अच्छे नागरिक का निर्माण होता है। शारीरिक शिक्षा या खेलकूद के माध्यम से शारीरिक व्यक्तित्व निखरता है। शारीरिक व्यक्तित्व का अर्थ है अच्छा स्वास्थ्य और स्वस्थ दिमाग। अतः शारीरिक व्यक्तित्व के निखरने पर मानसिक पक्ष पर भी अनुकूल प्रभाव पड़ता है। इस प्रकार मनुष्य अच्छे-बुरे को समझने की क्षमता रखने लगता है। यही क्षमता उसके सामाजिक व्यक्तित्व का निर्माण करती है। अतः प्रत्यक्ष अथवा परोक्ष रूप से खेलकूद व्यक्ति के व्यक्तित्व पर अमिट प्रभाव डालते हैं, जो उसके भावी जीवन का आधार बनते हैं।
Exam Tips:
a) तीनों पक्षों (मानसिक, शारीरिक, सामाजिक) को उत्तर में क्रम से लिखें।
b) स्वस्थ शरीर से स्वस्थ मन और फिर सामाजिक पक्ष का क्रम स्पष्ट रखें।
Question 9: दर्शक कैसे अच्छे खिलाड़ी बन सकते हैं?
Answer:
दर्शकों को अच्छा खिलाड़ी बनने के लिए निम्नलिखित गुण अपनाने आवश्यक हैं:
(1) यदि रेफरी अथवा अंपायर उनकी इच्छानुसार निर्णय न दे, तो वे अपना रोष प्रकट करने के लिए अनुचित ढंग का प्रयोग न करें।
(2) वे अपने साथी दर्शकों के साथ केवल इसलिए झगड़ा न करें कि वे विरोधी टीम के पक्ष में हैं।
(3) वे बढ़िया खेल को उत्साहित करने में किसी प्रकार का व्यवधान न डालें।
(4) वे जिस टीम के पक्ष में हैं, यदि वह मैच हार रही है तो दुर्व्यवहार न करें और न ही मैदान में पत्थर, कंकर, बोतलें अथवा कूड़ा-कर्कट फेंककर खेल में रुकावट डालें।
Exam Tips:
a) रेफरी के निर्णय पर रोष प्रकट करने का सही तरीका उत्तर में अवश्य लिखें।
b) चार गुणों को क्रम से लिखें और हर गुण का कारण एक वाक्य में दें।
Question 10: आदिकाल में खेलों को मनुष्य ने अपने जीवन का सहारा क्यों बनाया?
Answer:
आदिकाल में मनुष्य भागना, कूदना और उछलना जैसी क्रियाएँ करता था। ये मौलिक क्रियाएँ आधुनिक खेलों की आधार हैं। आदिकाल में मनुष्य ये क्रियाएँ अपने जीवन निर्वाह के लिए शिकार करने और निजी सुरक्षा के लिए करता था। मनुष्य की आवश्यकता ने नेज़ा मारने का अभ्यास, तीरंदाजी और पत्थर मारने जैसे खेलों को जन्म दिया। ये आदिकालीन खेलें जहाँ मनुष्य के जीवन निर्वाह के लिए जरूरी थीं, वहीं उनको आत्मिक प्रसन्नता भी देती थीं।
Exam Tips:
a) जीवन निर्वाह और शिकार, खेलों को जीवन का सहारा बनाने का मुख्य कारण था।
b) आत्मिक प्रसन्नता को खेलों का दूसरा लाभ बताएँ।
Question 11: मानव का विकास समाज से संभव है। व्याख्या करें। अथवा मनुष्य और समाज का परस्पर क्या संबंध है?
Answer:
मनुष्य एक सामाजिक प्राणी है। आधुनिक युग में मानव-संबंधों की आवश्यकता पहले से अधिक अनुभव की जाने लगी है। कोई भी व्यक्ति अपने-आप में पूर्ण नहीं है। किसी-न-किसी कार्य के लिए उसे दूसरों पर आश्रित रहना पड़ता है। इन्हीं जरूरतों के कारण समाज में अनेक संगठनों की स्थापना की गई है। समाज द्वारा ही मनुष्य की सभी आवश्यकताओं की पूर्ति होती है। अतः मनुष्य समाज पर आश्रित रहता है और इसके द्वारा ही उसका विकास संभव है।
Exam Tips:
a) मनुष्य की आश्रितता और सामाजिक संगठनों की भूमिका, दोनों को लिखें।
b) मनुष्य सामाजिक प्राणी है, इस तथ्य से उत्तर शुरू करें।
Question 12: शारीरिक शिक्षा हानिकारक मानसिक प्रभावों को किस प्रकार कम करती है? अथवा शारीरिक शिक्षा मनोवैज्ञानिक व्याधियों को कम करती है, कैसे?
Answer:
आधुनिक युग में व्यक्ति का अधिकतर काम मानसिक हो गया है। प्रोफेसर, वैज्ञानिक, दार्शनिक और गणित-शास्त्री जैसे बुद्धिजीवी मानसिक कार्य अधिक करते हैं। मानसिक कार्यों से नाड़ी तंत्र (Nervous System) पर दबाव पड़ता है। इस दबाव को कम करने के लिए अपने काम में परिवर्तन लाने की जरूरत है। यह परिवर्तन मानसिक सुख पैदा करता है और सबसे लाभदायक परिवर्तन शारीरिक व्यायाम है। जे० बी० नैश का कहना है कि जब कोई विचार दिमाग में आता है तो परिस्थिति बदल जाने पर भी वह दिमाग में चक्कर काटता रहता है। इससे पीछा छुड़ाने के लिए व्यक्ति दूसरे कामों में लग जाता है, ताकि उसका दिमाग तरोताजा हो सके। इसलिए सभी लोगों को मानसिक उलझनों से छुटकारा पाने के लिए खेलों में भाग लेना चाहिए, क्योंकि खेलें मानसिक तनाव को दूर करती हैं।
Exam Tips:
a) नैश के कथन को उत्तर में उदाहरण के रूप में लिखें।
b) नाड़ी तंत्र पर दबाव और उसके कम होने की प्रक्रिया क्रम से लिखें।
Question 13: शारीरिक शिक्षा किस प्रकार रोगों की रोकथाम में सहायता करती है?
Answer:
शारीरिक शिक्षा निम्नलिखित प्रकार से रोगों की रोकथाम में सहायता करती है:
(1) शारीरिक शिक्षा व्यक्ति को शारीरिक रूप से मजबूत बनाने में सहायता करती है और मजबूत एवं सुडौल शरीर किसी भी प्रकार की बीमारी से लड़ सकता है।
(2) शारीरिक शिक्षा व्यक्तियों व छात्रों को शारीरिक संस्थानों का ज्ञान प्रदान करती है। इससे वे अपने शरीर एवं स्वास्थ्य के प्रति सक्षम रहते हैं।
(3) शारीरिक शिक्षा अच्छी आदतों को विकसित करने में सहायता करती है; जैसे हर रोज दाँतों पर ब्रश करना, भोजन करने से पहले हाथ साफ करना और सुबह-शाम सैर करना।
(4) शारीरिक शिक्षा पौष्टिक एवं संतुलित आहार के महत्त्व के बारे में जानकारी देती है। ऐसे आहार से शरीर की कार्यक्षमता और रोग-निवारक क्षमता बढ़ती है।
(5) शारीरिक क्रियाएँ मांसपेशियों को मजबूत करती हैं, रक्त के प्रवाह को ठीक रखती हैं और पाचन शक्ति में बढ़ोतरी करने में सहायक होती हैं।
(6) शारीरिक शिक्षा का मुख्य उद्देश्य व्यक्ति को शारीरिक रूप से स्वस्थ बनाना है। इसलिए यह व्यक्तियों को अनेक रोगों के लक्षण, कारण एवं नियंत्रण के उपायों से अवगत करवाती है।
Exam Tips:
a) छह बिंदुओं को क्रम से लिखें और हर बिंदु के साथ एक उदाहरण दें।
b) संतुलित आहार और व्यायाम के संबंध को उत्तर में स्पष्ट करें।
c) रोग-निवारक क्षमता बढ़ने की बात को निष्कर्ष के रूप में लिखें।
अति-लघूत्तरात्मक प्रश्न [Very Short Answer Type Questions]
Question 1: समाज क्या है?
Answer:
व्यावहारिक रूप से समाज (Society) शब्द का प्रयोग मानव समूह के लिए किया जाता है, परंतु वास्तविक रूप से समाज मानव समूह के अंतर्गत व्यक्तियों के संबंधों की व्यवस्था का नाम है। समाज स्वयं में एक संघ है जो सामाजिक व औपचारिक संबंधों का जाल है।
Exam Tips:
a) समाज को व्यक्तियों के संबंधों की व्यवस्था के रूप में परिभाषित करें।
b) सामाजिक व औपचारिक संबंधों का जाल, यह वाक्य उत्तर में अवश्य लिखें।
Question 2: समाज की कोई दो परिभाषाएँ दीजिए। अथवा समाज को परिभाषित कीजिए।
Answer:
1. राइट (Wright) के अनुसार, “समाज व्यक्तियों का एक समूह ही नहीं है, बल्कि यह समूह के व्यक्तियों के बीच पाए जाने वाले संबंधों की व्यवस्था है।”
2. गिडिंग्स (Giddings) के अनुसार, “समाज स्वयं वह संगठन व औपचारिक संबंधों का योग है जिसमें सहयोग देने वाले व्यक्ति परस्पर बंधे रहते हैं।”
Exam Tips:
a) राइट की परिभाषा में संबंधों की व्यवस्था मुख्य शब्द है।
b) गिडिंग्स की परिभाषा में सहयोग और औपचारिक संबंध मुख्य शब्द हैं।
Question 3: क्या मध्यकाल में खेलें केवल मन बहलाने के लिए ही खेली जाती थीं?
Answer:
मध्यकाल में खेलें मन बहलाने का साधन थीं, परंतु इन्हें हृष्ट-पुष्टता, जोश, जज़्बात और शक्ति के प्रदर्शन के लिए भी खेला जाता था। खेलों का प्रचलन शक्तिशाली और जोशीले सैनिक तैयार करने के लिए भी था। प्राचीन रोम और यूनान के उदाहरण भी प्रसिद्ध हैं: रोमवासियों ने खेलों के हिंसक रूप को अपनाया, जबकि यूनानवासियों ने खेलों को आपसी प्यार और मित्रता बढ़ाने के लिए खेला।
Exam Tips:
a) मध्यकाल में खेलों का उद्देश्य मनोरंजन के साथ शक्ति प्रदर्शन भी था।
b) रोम और यूनान के उदाहरण अलग से लिखें, ताकि मध्यकाल और प्राचीन काल का अंतर स्पष्ट हो।
Question 4: शारीरिक शिक्षा परिवार व समाज के स्वास्थ्य को कैसे प्रभावित करती है?
Answer:
परिवार एवं समाज के स्वास्थ्य में शारीरिक शिक्षा का महत्त्वपूर्ण योगदान है। यह मनुष्य को न केवल अपने स्वास्थ्य को ठीक रखने की कुशलता प्रदान करती है, बल्कि उसे अपने परिवार एवं समाज के स्वास्थ्य को ठीक रखने में भी सहायता करती है। इस तरह शारीरिक शिक्षा के द्वारा मनुष्य अपने परिवार और समाज के स्वास्थ्य की देखभाल भली-भाँति कर सकता है।
Exam Tips:
a) अपने स्वास्थ्य से परिवार और समाज के स्वास्थ्य तक का क्रम लिखें।
b) देखभाल की कुशलता को शारीरिक शिक्षा का परिणाम बताएँ।
Question 5: एक अच्छा खिलाड़ी सफलता के लिए क्या-क्या करता है?
Answer:
एक अच्छा खिलाड़ी सफलता के लिए कठोर परिश्रम का सहारा लेता है। वह अयोग्य तरीकों का प्रयोग नहीं करता, बल्कि देश की आन और खेल की मर्यादा के लिए दूसरों को परिश्रम करने और साफ-सुथरा खेल खेलने के लिए प्रेरित करता है। वह विरोधी खिलाड़ियों को भी अपने साथी समझता है।
Exam Tips:
a) कठोर परिश्रम और साफ-सुथरा खेल, दोनों उत्तर के मुख्य बिंदु हैं।
b) विरोधियों को साथी समझने का भाव खेल-भावना को दर्शाता है।
Question 6: खेलें खिलाड़ी में कौन-कौन से गुण पैदा करती हैं?
Answer:
खेलें खिलाड़ी को आज्ञा पालन करने वाला, समय का सदुपयोग करने वाला, दूसरों के विचारों का सम्मान करने वाला, सहनशील, स्वस्थ और फुर्तीला बना देती हैं। खेलों के द्वारा खिलाड़ियों में दूसरों के साथ मिलकर रहना और उन्हें अपने बराबर समझने जैसे सामाजिक गुण आ जाते हैं। खिलाड़ी सत्य बोलने वाले, चरित्रवान और नैतिक मूल्यों का पालन करने वाले बन जाते हैं।
Exam Tips:
a) आज्ञा पालन, सहनशीलता और सत्य बोलना, ये तीन गुण उत्तर में अवश्य लिखें।
b) सामाजिक और नैतिक गुणों को अलग-अलग वाक्यों में लिखें।
Question 7: खेलों में भाग लेने से शरीर नीरोगी कैसे होता है?
Answer:
खेलों में भाग लेने से शरीर के निरंतर गतिशील रहने से अधिक भूख लगती है और शरीर में नया खून, शक्ति और तंदुरुस्ती पैदा होती है।
Exam Tips:
a) निरंतर गतिशीलता से भूख बढ़ती है, जो शरीर को पोषण देती है।
b) नया खून और शक्ति, दोनों लाभ उत्तर में लिखें।
Question 8: शारीरिक शिक्षा किन नैतिक गुणों का विकास करती है?
Answer:
शारीरिक शिक्षा व्यक्ति में ईमानदारी, वफादारी, सच बोलना, दूसरों की सहायता करना, आत्म-त्याग आदि नैतिक गुणों का विकास करती है।
Exam Tips:
a) ईमानदारी, वफादारी और सच बोलना, इन तीन गुणों को अवश्य लिखें।
b) आत्म-त्याग को खेल में दूसरों के लिए त्याग से जोड़ें।
Question 9: नेता का प्रमुख गुण क्या होना चाहिए?
Answer:
सर्वप्रथम एक नेता को अच्छा नागरिक होना चाहिए, फिर एक अच्छा वक्ता व प्रशिक्षक तथा उसके बाद एक विशेषज्ञ होना चाहिए। उसे ईमानदार, समय का पाबंद और कर्मठ होना चाहिए।
Exam Tips:
a) अच्छा नागरिक होना सबसे पहला गुण है, इसे उत्तर के आरंभ में लिखें।
b) ईमानदारी, समय की पाबंदी और कर्मठता को अंत में लिखें।
Question 10: मॉण्टगुमरी के अनुसार नेतृत्व को परिभाषित कीजिए।
Answer:
मॉण्टगुमरी (Montgomery) के अनुसार, “किसी विशिष्ट उद्देश्य के लिए व्यक्तियों को इकट्ठा करने की इच्छा व योग्यता को ही नेतृत्व कहा जाता है।”
Exam Tips:
a) परिभाषा में इच्छा और योग्यता, दोनों शब्द आवश्यक हैं।
Question 11: समूह क्या है?
Answer:
समूह एक ऐसी सामाजिक अवस्था है जिसमें सभी इकट्ठे होकर कार्य करते हैं और अपने-अपने विचारों या भावनाओं को संतुष्ट करते हैं। इसके द्वारा एकीकरण, मित्रता, सहयोग और सहकारिता के विचारों को बढ़ावा मिलता है। समूह में समान उद्देश्य की पूर्ति हेतु इकट्ठे होकर कार्य किया जाता है।
Exam Tips:
a) समान उद्देश्य और सहयोग, समूह की दो पहचान हैं।
b) एकीकरण और सहकारिता के विचार उत्तर में लिखें।
Question 12: प्राथमिक समूह किसे कहते हैं?
Answer:
प्राथमिक समूह वह पारिवारिक समूह है जिसमें भावनात्मक संबंध, घनिष्ठता एवं प्रेम-भाव प्रमुख भूमिका निभाते हैं। इसमें सशक्त समाजीकरण, अच्छे चरित्र तथा आचरण का विकास होता है। इस समूह के सदस्य एक-दूसरे से अपनी गतिविधियों व संस्कृति संबंधी वार्तालाप करते हैं।
Exam Tips:
a) भावनात्मक संबंध और घनिष्ठता प्राथमिक समूह की मुख्य पहचान हैं।
b) परिवार को प्राथमिक समूह का उदाहरण लिखें।
Question 13: द्वितीयक समूह किसे कहते हैं?
Answer:
द्वितीयक समूह प्राथमिक समूह से अधिक विस्तृत होता है। यह ऐसा समूह है जिसमें अप्रत्यक्ष, प्रभावरहित और औपचारिक संबंध होते हैं। इस समूह के सदस्यों में कोई भावनात्मक संबंध नहीं होता। ऐसे समूहों में स्वार्थ प्रवृत्तियाँ अधिक पाई जाती हैं।
Exam Tips:
a) औपचारिक संबंध और भावनात्मक संबंध का अभाव, दोनों अंतर उत्तर में लिखें।
b) प्राथमिक समूह से तुलना करने पर अंतर स्पष्ट होता है।
Question 14: आदर्शवादी या प्रेरणात्मक नेता किसे कहा जाता है?
Answer:
इस प्रकार का नेता समूह पर अपना प्रभाव तर्क-शक्ति से डालता है और समूह अपने नेता के आदेशों का पालन अक्षरशः (ज्यों-का-त्यों) करता है। समूह के मन में अपने नेता के प्रति सम्मान होता है। नेता समूह या लोगों की भावनाओं का आदर करता है। महात्मा गाँधी, अब्राहम लिंकन, जवाहरलाल नेहरू और लालबहादुर शास्त्री इस तरह के नेता थे।
Exam Tips:
a) तर्क-शक्ति से प्रभाव डालना और भावनाओं का आदर करना, दोनों लक्षण लिखें।
b) उदाहरण के रूप में गाँधी जी का नाम अवश्य लिखें।
वस्तुनिष्ठ प्रश्न [Objective Type Questions]
Question 1: व्यक्ति के विकास में शारीरिक शिक्षा का कोई एक योगदान बताएँ।
Answer:
अच्छी आदतों का विकास करना।
Exam Tips:
a) अच्छी आदतें व्यक्तित्व के विकास की कुंजी मानी जाती हैं।
Question 2: समाज के विकास में शारीरिक शिक्षा का कोई एक योगदान बताएँ।
Answer:
सामाजीकरण में सहायक सामाजिक गुणों; जैसे सहयोग, बंधुत्व व अच्छे नागरिक की भावना का विकास करना।
Exam Tips:
a) सहयोग और बंधुत्व, दोनों सामाजिक गुण उत्तर में लिखें।
Question 3: शारीरिक शिक्षा व्यक्ति के शरीर को कैसा बनाती है?
Answer:
शारीरिक शिक्षा व्यक्ति के शरीर को मजबूत एवं तंदुरुस्त बनाती है।
Exam Tips:
a) मजबूत और तंदुरुस्त, दोनों शब्द लिखें।
Question 4: एक अच्छे नेता का कोई एक गुण बताएँ।
Answer:
एक अच्छा नेता ईमानदार होता है।
Exam Tips:
a) ईमानदारी नेता का सबसे बुनियादी गुण माना गया है।
Question 5: खेल के मैदान में खिलाड़ी का व्यवहार कैसा होना चाहिए?
Answer:
खेल के मैदान में खिलाड़ी का व्यवहार शांत एवं धैर्यपूर्ण होना चाहिए।
Exam Tips:
a) शांत और धैर्यपूर्ण, दोनों शब्द उत्तर में लिखें।
Question 6: एक नेता कैसा होना चाहिए?
Answer:
एक नेता ईमानदार, कर्मठ तथा अच्छा वक्ता होना चाहिए।
Exam Tips:
a) ईमानदार, कर्मठ और अच्छा वक्ता, तीनों गुण लिखें।
Question 7: एक योग्य व्यक्ति में नेतृत्व के अलावा कौन-कौन से आवश्यक गुण होते हैं?
Answer:
एक योग्य व्यक्ति में नेतृत्व के अलावा ईमानदारी, सहनशीलता, सहयोग की भावना, आज्ञा पालन की भावना और नैतिक गुण होते हैं।
Exam Tips:
a) ईमानदारी, सहनशीलता और सहयोग, ये तीन गुण लिखें।
Question 8: शारीरिक शिक्षा द्वारा विकसित कोई एक सामाजिक मूल्य बताएँ।
Answer:
सामाजिक सहयोग की भावना विकसित होना।
Exam Tips:
a) सहयोग की भावना सामूहिक खेलों से विकसित होती है।
Question 9: समूह कितने प्रकार के होते हैं?
Answer:
समूह दो प्रकार के होते हैं: प्राथमिक समूह और द्वितीयक समूह।
Exam Tips:
a) समूह के दो प्रकार प्राथमिक और द्वितीयक हैं, दोनों के नाम लिखें।
Question 10: किस प्रकार के समूह में भावनात्मक संबंध पाया जाता है?
Answer:
प्राथमिक समूह में भावनात्मक संबंध पाया जाता है।
Exam Tips:
a) परिवार प्राथमिक समूह का सबसे अच्छा उदाहरण है।
Question 11: आदिकाल में मनुष्य किस प्रकार की खेलें खेलता था?
Answer:
तीरंदाजी, नेज़ाबाजी और पत्थरों को फेंकना।
Exam Tips:
a) ये खेलें शिकार और सुरक्षा से जुड़ी थीं।
Question 12: प्राचीनकाल में मनुष्य के लिए खेलों का मुख्य उद्देश्य क्या था?
Answer:
जीवन-निर्वाह तथा शिकार के लिए युक्ति सीखना।
Exam Tips:
a) जीवन-निर्वाह और शिकार, इन दोनों शब्दों को लिखें।
Question 13: समाज किसका जाल है?
Answer:
समाज सामाजिक संबंधों का जाल है।
Exam Tips:
a) सामाजिक संबंधों के जाल को समाज की मुख्य पहचान मानें।
Question 14: “नेतृत्व एक ऐसा व्यवहार है जो लोगों के व्यवहार पर अधिक प्रभाव डालता है, न कि लोगों के व्यवहार का प्रभाव उनके नेता पर।” यह परिभाषा किसने दी?
Answer:
यह परिभाषा ला-पियरे व फार्नसवर्थ (La-Pierre and Farnsworth) ने दी।
Exam Tips:
a) यह परिभाषा ला-पियरे व फार्नसवर्थ की है।
Question 15: “मनुष्य एक सामाजिक प्राणी है।” यह कथन किसका है?
Answer:
अरस्तू का।
Exam Tips:
a) मनुष्य को सामाजिक प्राणी कहने वाले दार्शनिक अरस्तू (Aristotle) हैं।
बहुविकल्पीय प्रश्न [Multiple Choice Questions]
Question 1: “समाज के बिना मानव पशु है या देवता।” यह कथन है
(A) मैजिनी का
(B) क्लेयर का
(C) अरस्तू का
(D) मजूमदार का
Answer:
(C) अरस्तू का
Exam Tips:
a) यह कथन अरस्तू का है, जिसने समाज को मनुष्य की स्वाभाविक आवश्यकता बताया।
Question 2: “बच्चा नागरिकता का प्रथम पाठ माता के चुंबन और पिता के दुलार से सीखता है।” यह कथन किसका है?
(A) क्लेयर का
(B) मैजिनी का
(C) मजूमदार का
(D) ईलियट और मैरिल का
Answer:
(B) मैजिनी का
Exam Tips:
a) यह कथन इतालवी विचारक मैजिनी (Mazzini) का है।
Question 3: राष्ट्र पिता महात्मा गाँधी के अनुसार एक अच्छे नागरिक में अच्छे समाज के निर्माण के लिए गुण होने चाहिएँ
(A) सत्य
(B) अहिंसा
(C) निर्भीकता
(D) उपर्युक्त सभी
Answer:
(D) उपर्युक्त सभी
Exam Tips:
a) सत्य, अहिंसा और निर्भीकता, तीनों गुण गाँधी जी के विचारों में शामिल हैं।
Question 4: अरस्तू के अनुसार एक अच्छे नागरिक के गुण होते हैं
(A) शारीरिक सौंदर्य
(B) तीव्र बुद्धि व ज्ञान
(C) शुद्ध आचरण व व्यवहार
(D) उपर्युक्त सभी
Answer:
(D) उपर्युक्त सभी
Exam Tips:
a) यह प्रश्न नागरिक-गुणों से संबंधित है, इसलिए विकल्पों को एक-एक करके जाँचें।
Question 5: आदिकाल में मनुष्य के पसंदीदा खेल थे
(A) तीरंदाजी
(B) नेज़ा मारने का अभ्यास
(C) पत्थर फेंकना
(D) उपर्युक्त सभी
Answer:
(D) उपर्युक्त सभी
Exam Tips:
a) तीरंदाजी, नेज़ा मारना और पत्थर फेंकना, तीनों आदिकाल की प्रमुख क्रियाएँ थीं।
Question 6: शारीरिक शिक्षा समाज के विकास में योगदान देती है
(A) जातीय भेदभाव का अंत करना
(B) सहयोग की भावना का विकास करना
(C) आदर्श नागरिकों का निर्माण करना
(D) उपर्युक्त सभी
Answer:
(D) उपर्युक्त सभी
Exam Tips:
a) तीनों योगदान शारीरिक शिक्षा के सामाजिक लाभ हैं।
Question 7: खिलाड़ी का व्यवहार होना चाहिए
(A) धैर्यपूर्ण
(B) सहनशील
(C) शांत
(D) उपर्युक्त सभी
Answer:
(D) उपर्युक्त सभी
Exam Tips:
a) धैर्यपूर्ण, सहनशील और शांत, तीनों गुण खिलाड़ी के व्यवहार में होने चाहिए।
Question 8: खिलाड़ी का चयन किस आधार पर किया जाता है?
(A) सामाजिक आधार पर
(B) आर्थिक आधार पर
(C) खेल कला एवं योग्यता के आधार पर
(D) इनमें से कोई नहीं
Answer:
(C) खेल कला एवं योग्यता के आधार पर
Exam Tips:
a) खिलाड़ी का चयन उसकी खेल-कला और योग्यता पर होता है, सामाजिक या आर्थिक स्थिति पर नहीं।
Question 9: अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर शारीरिक शिक्षा बढ़ावा देती है
(A) मित्रता को
(B) सद्भावना को
(C) अंतर्राष्ट्रीय शांति को
(D) उपर्युक्त सभी
Answer:
(D) उपर्युक्त सभी
Exam Tips:
a) मित्रता, सद्भावना और अंतर्राष्ट्रीय शांति, तीनों को शारीरिक शिक्षा बढ़ावा देती है।
Question 10: “हमें खेल जीतने के लिए नहीं, बल्कि अच्छा प्रदर्शन करने के लिए खेलना चाहिए।” यह कथन है
(A) अरस्तू का
(B) बैरन-डी-कोबर्टिन का
(C) प्लेटो का
(D) सुकरात का
Answer:
(B) बैरन-डी-कोबर्टिन का
Exam Tips:
a) यह कथन ओलंपिक खेलों के संस्थापक बैरन-डी-कोबर्टिन (Baron de Coubertin) का है।
Question 11: “समाज स्वयं वह संगठन व औपचारिक संबंधों का योग है जिसमें सहयोग देने वाले व्यक्ति परस्पर बंधे रहते हैं।” यह कथन है
(A) अरस्तू का
(B) सुकरात का
(C) प्लेटो का
(D) गिडिंग्स का
Answer:
(D) गिडिंग्स का
Exam Tips:
a) यह परिभाषा गिडिंग्स (Giddings) की है।
Question 12: “मनुष्य एक सामाजिक प्राणी है।” यह कथन है
(A) अरस्तू का
(B) सुकरात का
(C) प्लेटो का
(D) गिडिंग्स का
Answer:
(A) अरस्तू का
Exam Tips:
a) मनुष्य को सामाजिक प्राणी कहने वाले अरस्तू हैं।
Free study material for Physical Education
Physical Education Class 9 Curriculum Solutions: Chapter 04 Role of Physical Education in Development of Individual and Society
Official Haryana Board Solutions for Chapter 04 Role of Physical Education in Development of Individual and Society
Explore reliable textbook solutions for Chapter 04 Role of Physical Education in Development of Individual and Society tailored for Class 9 learners. Utilizing these complete exercise answers ensures your preparation aligns exactly with official Haryana Board standards for Physical Education.
Step-by-Step Explanations for Chapter 04 Role of Physical Education in Development of Individual and Society
Clear, methodical explanations accompany every challenging problem within the Class 9 Physical Education text. Engaging with these detailed answers lays a solid foundation for advanced learning and improves foundational clarity for upcoming assessments.
Next Steps in Your Physical Education Revision
These resources act as an effective roadmap for daily homework tasks and independent study. Supplement your review of Chapter 04 Role of Physical Education in Development of Individual and Society with official sample papers and interactive practice tests available on our platform free of charge.
FAQs
The complete and updated HBSE Class 9 Physical Education Solutions Chapter 4 व्यक्ति एवं समाज के विकास में शारीरिक शिक्षा का योगदान is available for free on StudiesToday.com. These solutions for Class 9 Physical Education are as per latest Haryana Board curriculum.
Yes, our experts have revised the HBSE Class 9 Physical Education Solutions Chapter 4 व्यक्ति एवं समाज के विकास में शारीरिक शिक्षा का योगदान as per 2026 exam pattern. All textbook exercises have been solved and have added explanation about how the Physical Education concepts are applied in case-study and assertion-reasoning questions.
Toppers recommend using Haryana Board language because Haryana Board marking schemes are strictly based on textbook definitions. Our HBSE Class 9 Physical Education Solutions Chapter 4 व्यक्ति एवं समाज के विकास में शारीरिक शिक्षा का योगदान will help students to get full marks in the theory paper.
Yes, we provide bilingual support for Class 9 Physical Education. You can access HBSE Class 9 Physical Education Solutions Chapter 4 व्यक्ति एवं समाज के विकास में शारीरिक शिक्षा का योगदान in both English and Hindi medium.
Yes, you can download the entire HBSE Class 9 Physical Education Solutions Chapter 4 व्यक्ति एवं समाज के विकास में शारीरिक शिक्षा का योगदान in printable PDF format for offline study on any device.