PSEB 12th Class Economics Solutions Chapter 7 बैंकिंग

Solutions for Class 12 Economics: Hindi Medium Chapter 07 बैंकिंग

Access comprehensive textbook solutions for Hindi Medium Chapter 07 बैंकिंग using the official curriculum guides for Class 12 Economics. Designed to align with the 2026-27 Punjab Board standards, these detailed answers help students reinforce core academic concepts.

Practice Class 12 Economics Solutions: Hindi Medium Chapter 07 बैंकिंग

Access the complete solution PDF for Class 12 Economics below. Regular practice with these targeted textbook answers builds familiarity with standard question patterns and helps secure higher marks in final school evaluations.

I. वस्तुनिष्ठ प्रश्न (Objective Type Questions)

Question 1: बैंक से क्या अभिप्राय है? अथवा बैंक को परिभाषित करो।

Answer:

बैंक वह संस्था है जो लोगों से मुद्रा जमा के रूप में लेती है और ज़रूरतमंदों को उधार देती है। कैरनक्रॉस के अनुसार, "बैंक एक वित्तीय मध्यस्थ है जो ऋण तथा उधार का लेन-देन करता है।" ("A Bank is a financial intermediary, a dealer in loans and debts." – Cairncross)

Exam Tips:

a) परिभाषा में "जमा लेना" और "उधार देना" दोनों बातें लिखें।
b) परिभाषा देने वाले विद्वान का नाम लिखने से उत्तर प्रभावशाली बनता है।

 

Question 2: बैंकिंग से क्या अभिप्राय है?

Answer:

बैंकिंग से अभिप्राय जनता से जमा स्वीकार करना है, ताकि उस राशि को उधार दिया जा सके या निवेश किया जा सके।

Exam Tips:

a) एक या दो वाक्यों में सीधा उत्तर लिखें।

 

Question 3: व्यापारिक बैंकों से क्या अभिप्राय है?

Answer:

व्यापारिक बैंक वह संस्था है जो उधार देने के उद्देश्य से जनता की बचतों को एकत्रित करती है।

Exam Tips:

a) "बचतें एकत्रित करना" और "उधार देना" शब्द अवश्य लिखें।

 

Question 4: व्यापारिक बैंकों के कोई दो कार्य बताओ।

Answer:

1. जमा राशि प्राप्त करना
2. उधार देना।

Exam Tips:

a) केवल दो कार्य माँगे गए हैं, इसलिए दो ही लिखें।

 

Question 5: केन्द्रीय बैंक से क्या अभिप्राय है?

Answer:

केन्द्रीय बैंक प्रत्येक देश की शीर्ष संस्था होती है, जो देश के मौद्रिक तथा वित्तीय ढाँचे का संचालन करती है।

Exam Tips:

a) "शीर्ष संस्था" शब्द इस प्रश्न का मुख्य बिंदु है।

 

Question 6: केन्द्रीय बैंक के कोई दो कार्य बताओ।

Answer:

1. करेंसी जारी करना
2. साख (उधार) नियन्त्रण।

Exam Tips:

a) दो कार्यों को अलग-अलग क्रमांक देकर लिखें।

 

Question 7: भारतीय बैंकिंग प्रणाली में हाल ही में किए दो सुधार बताओ।

Answer:

1. सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों का विस्तार – श्री एम० नरसिम्हम ने 1991 तथा 1998 में आधुनिकीकरण और निजीकरण के सम्बन्ध में सुझाव दिए। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों का विस्तार किया जाए और उन्हें कार्य करने की स्वतन्त्रता दी जाए।
2. निजी क्षेत्र में नए बैंक – निजी क्षेत्र में बैंक खोलने की अनुमति दी गई। इस समय भारत में 10 बैंक निजी क्षेत्र में कार्य कर रहे हैं।

Exam Tips:

a) नरसिम्हम समिति का नाम लिखना न भूलें।
b) दोनों सुधारों को शीर्षक देकर अलग-अलग लिखें।

 

Question 8: जो संस्था लोगों की मुद्रा जमा करती है और मुद्रा उधार देती है, उसे …………… कहते हैं।
(क) केन्द्रीय बैंक
(ख) व्यापारिक बैंक
(ग) आढ़तिया
(घ) इनमें से कोई नहीं।

Answer:

(ख) व्यापारिक बैंक।

Exam Tips:

a) जमा लेने और उधार देने का काम व्यापारिक बैंक का है।
b) सभी विकल्प पढ़कर ही उत्तर चुनें।

 

Question 9: जो संस्था देश के मौद्रिक तथा वित्तीय ढाँचे का संचालन करती है, उसे …………… कहते हैं।
(क) सरकार
(ख) वित्त मंत्रालय
(ग) केन्द्रीय बैंक
(घ) उपरोक्त सभी।

Answer:

(ग) केन्द्रीय बैंक।

Exam Tips:

a) मौद्रिक ढाँचे का संचालन केन्द्रीय बैंक की पहचान है।

 

Question 10: देश का केन्द्रीय बैंक सरकार का बैंक होता है और करेंसी जारी करता है। (सही/ग़लत)

Answer:

सही।

Exam Tips:

a) सही/ग़लत वाले प्रश्न में एक शब्द का उत्तर पर्याप्त है।

 

Question 11: बैंकिंग से अभिप्राय जमा स्वीकार करना है, ताकि उधार दिया जा सके। (सही/ग़लत)

Answer:

सही।

Exam Tips:

a) कथन को ध्यान से पढ़कर उत्तर लिखें।

 

Question 12: करेंसी को छापने का काम भारत सरकार करती है। (सही/ग़लत)

Answer:

ग़लत।

Exam Tips:

a) भारत में रुपये के नोट और सिक्कों की करेंसी जारी करने का मुख्य कार्य केन्द्रीय बैंक (रिज़र्व बैंक) का है।

 

Question 13: किस बैंक को करेंसी जारी करने का अधिकार है? अथवा देश में सरकार का बैंक कौन-सा होता है?
(क) केन्द्रीय बैंक
(ख) व्यापारिक बैंक
(ग) सहकारी बैंक
(घ) उपरोक्त में से कोई नहीं।

Answer:

(क) केन्द्रीय बैंक।

Exam Tips:

a) यह प्रश्न दो रूपों में पूछा जा सकता है, उत्तर दोनों में केन्द्रीय बैंक है।

 

II. अति लघु उत्तरीय प्रश्न (Very Short Answer Type Questions)

Question 1: बैंकिंग से क्या अभिप्राय है?

Answer:

बैंकिंग से अभिप्राय जमा स्वीकार करना है, ताकि उधार दिया जा सके या निवेश किया जा सके। बैंकों में जमा की गई राशि चैक, ड्राफ्ट या आदेश द्वारा वापस ली जा सकती है। इस प्रकार बैंकिंग के दो मुख्य कार्य हैं – राशि जमा करना और उधार देना।

Exam Tips:

a) अर्थ के साथ बैंकिंग के दो मुख्य कार्य भी लिखें।

 

Question 2: व्यापारिक बैंकों से क्या अभिप्राय है?

Answer:

व्यापारिक बैंक वह संस्था है जो उधार देने के उद्देश्य से जनता की बचतें एकत्रित करती है। यह राशि निवेश के लिए व्यापारियों को उधार दी जाती है। जमाकर्ता अपनी राशि चैक, ड्राफ्ट या आदेश के अनुसार जब चाहें वापस ले सकते हैं।

Exam Tips:

a) जमाकर्ता कभी भी राशि निकाल सकते हैं, यह बात ज़रूर लिखें।

 

Question 3: व्यापारिक बैंकों के कोई दो कार्य बताओ।

Answer:

व्यापारिक बैंकों के दो महत्त्वपूर्ण कार्य ये हैं –
1. जमा राशि प्राप्त करना – व्यापारिक बैंक लोगों की बचतें जमा करके उनकी देखभाल करते हैं और उन पर कुछ ब्याज भी देते हैं।
2. उधार देना – बैंक जनता की जमा राशि व्यापारियों और उद्यमियों को निवेश के लिए उधार देते हैं।

Exam Tips:

a) हर कार्य के साथ एक-दो वाक्यों में व्याख्या करें।

 

Question 4: केन्द्रीय बैंक से क्या अभिप्राय है?

Answer:

केन्द्रीय बैंक प्रत्येक देश की शीर्ष संस्था है, जो देश के मौद्रिक और वित्तीय ढाँचे का संचालन करती है। यह बैंकों का बैंक और सरकार का बैंक होता है। यह देश में करेंसी का संचालन करता है और अन्तिम ऋणदाता माना जाता है, क्योंकि यह ज़रूरत पड़ने पर बैंकों तथा सरकार को उधार देता है।

Exam Tips:

a) "बैंकों का बैंक" और "अन्तिम ऋणदाता" जैसे शब्द अवश्य लिखें।

 

Question 5: केन्द्रीय बैंक के कोई दो कार्य बताओ।

Answer:

1. करेंसी जारी करना – केन्द्रीय बैंक देश में करेंसी, नोट और सिक्के जारी करता है और मुद्रा के मूल्य को स्थिर रखने का प्रयास करता है।
2. साख नियन्त्रण – व्यापारिक बैंक उधार का निर्माण करते हैं। केन्द्रीय बैंक व्यापारिक बैंकों के उधार देने पर नियन्त्रण रखता है।

Exam Tips:

a) प्रत्येक कार्य का शीर्षक अलग से लिखें।

 

Question 6: ई-बैंकिंग से क्या अभिप्राय है?

Answer:

इन्टरनेट के द्वारा बैंकों के संचालन को ई-बैंकिंग कहा जाता है।

Exam Tips:

a) "इन्टरनेट" शब्द उत्तर में अवश्य लिखें।

 

III. लघु उत्तरीय प्रश्न (Short Answer Type Questions)

Question 1: व्यापारिक बैंक के कोई चार कार्य बताओ। अथवा व्यापारिक बैंकों के लाभ बताओ।

Answer:

व्यापारिक बैंक के चार मुख्य कार्य ये हैं –
1. राशि जमा करना तथा उधार देना – व्यापारिक बैंकों का प्राथमिक कार्य जनता की बचतें जमा करना और उस राशि को व्यापारियों को उधार देना है। जमा राशि का कुछ भाग नकद रखकर बाकी राशि उधार दे दी जाती है।
2. एजेन्सी कार्य – बैंक अपने ग्राहकों के प्रतिनिधि के रूप में कई कार्य करते हैं, जैसे दूसरे बैंकों से चैक या ड्राफ्ट वसूल करना, ग्राहकों की जायदाद का ट्रस्टी बनना, दूसरे स्थानों पर पैसे भेजना और किश्तें जमा करना।
3. विकासवादी कार्य – व्यापारिक बैंक पूँजी निर्माण में सहायता करते हैं, ग्रामीण क्षेत्र के विकास के लिए उधार देते हैं और मौद्रिक नीति को लागू करने में सहयोग देते हैं।
4. साधारण सेवाओं के कार्य – बैंक अपने ग्राहकों को लॉकर, ट्रैवलर्ज़ चैक और यातायात सम्बन्धी सुविधाएँ आदि सेवाएँ भी देते हैं। इस प्रकार व्यापारिक बैंक लाभदायक हैं।

Exam Tips:

a) चार कार्य शीर्षक सहित क्रमवार लिखें।
b) "अथवा" वाला प्रश्न आए तो भी यही उत्तर लिखा जा सकता है।

 

Question 2: केन्द्रीय बैंक के कोई चार कार्य बताओ।

Answer:

1. करेंसी जारी करना – केन्द्रीय बैंक देश में नोट और सिक्के जारी करता है। विश्व के सभी देशों में यह कार्य केन्द्रीय बैंक के पास होता है।
2. सरकार का बैंक – सरकार की प्राप्तियाँ केन्द्रीय बैंक में जमा होती हैं और वही सरकार के भुगतान भी करता है। सरकार को मुद्रा का संकट होने पर केन्द्रीय बैंक अल्पकालीन ऋण देता है।
3. बैंकों का बैंक – व्यापारिक बैंकों को अपनी जमा राशि का निश्चित प्रतिशत केन्द्रीय बैंक के पास रखना पड़ता है। कठिनाई के समय केन्द्रीय बैंक उन्हें अल्पकालीन उधार देता है।
4. उधार नियन्त्रण – यह केन्द्रीय बैंक का सबसे महत्त्वपूर्ण कार्य है। देश में साख मुद्रा के विस्तार और संकुचन की नीति केन्द्रीय बैंक बनाता है। इससे आर्थिक स्थिरता का उद्देश्य पूरा होता है।

Exam Tips:

a) पहले कार्य का नाम और फिर उसकी संक्षिप्त व्याख्या लिखें।
b) उधार नियन्त्रण को सबसे महत्त्वपूर्ण कार्य बताना न भूलें।

 

Question 3: केन्द्रीय बैंक तथा व्यापारिक बैंकों में अन्तर स्पष्ट करो।

Answer:

प्रो० सेयर्ज़ (Sayers) के अनुसार केन्द्रीय बैंक और व्यापारिक बैंक में मुख्य अन्तर ये हैं –

अन्तर का आधारकेन्द्रीय बैंकव्यापारिक बैंक
1. मालकीकेन्द्रीय बैंक की मालकी और संचालन सरकार के अधीन होता है।व्यापारिक बैंक सरकारी या निजी मालकी वाले हो सकते हैं।
2. उद्देश्यकेन्द्रीय बैंक का उद्देश्य लाभ कमाना नहीं होता।व्यापारिक बैंकों का उद्देश्य लाभ कमाना होता है।
3. संख्यादेश में केन्द्रीय बैंक एक होता है।व्यापारिक बैंकों की संख्या अधिक होती है।
4. तालमेलकेन्द्रीय बैंक का जनता से सीधा सम्बन्ध नहीं होता।व्यापारिक बैंकों का जनता से सीधा सम्बन्ध होता है।
5. करेंसीकेन्द्रीय बैंक देश की करेंसी का निर्माता और संचालक होता है।व्यापारिक बैंक नकद करेंसी का निर्माण नहीं करते, बल्कि उधार का निर्माण करते हैं।

Exam Tips:

a) अन्तर के प्रश्न में तालिका बनाकर लिखना सबसे अच्छा रहता है।
b) कम से कम चार अन्तर अवश्य लिखें।

 

Question 4: भारत में हाल ही में किए गए कोई चार बैंकिंग सुधार बताओ।

Answer:

श्री एम० नरसिम्हम ने 1991 तथा 1998 में बैंकिंग सुधारों के लिए जो सिफ़ारिशें कीं, उनमें से मुख्य ये हैं –
1. निजी क्षेत्र में व्यापारिक बैंक – निजी क्षेत्र में बैंक खोलने की सिफ़ारिश की गई। इन बैंकों को विदेशों में बसे भारतीयों से पूँजी प्राप्त करके शुरू करने को कहा गया। इस समय 10 व्यापारिक बैंक निजी क्षेत्र में चल रहे हैं।
2. आधुनिकीकरण – बैंकों में कम्प्यूटर द्वारा खातों का संचालन किया जाता है। कम्प्यूटर से जुड़े कुछ बैंक ग्राहकों को देश में उस बैंक की किसी भी शाखा से पैसे निकालने या जमा करवाने की सुविधा देते हैं।
3. व्यापारिक बैंकों की निगरानी – प्रतिभूतियों के घोटाले के बाद केन्द्रीय बैंक ने व्यापारिक बैंकों की निगरानी के लिए अलग विभाग बनाया, जो ग़लत लेन-देन पर रोक लगाता है।
4. वास्तविक स्वायत्तता – व्यापारिक बैंकों को वास्तविक स्वायत्तता देने पर विचार किया जा रहा है, ताकि वे अपने कार्य सुचारु ढंग से कर सकें।

Exam Tips:

a) चार सुधारों के नाम और उनकी एक-एक पंक्ति की व्याख्या लिखें।
b) नरसिम्हम समिति का उल्लेख करें।

 

V. दीर्घ उत्तरीय प्रश्न (Long Answer Type Questions)

Question 1: व्यापारिक बैंकों से क्या अभिप्राय है? व्यापारिक बैंकों के मुख्य कार्य बताओ। (What is meant by Commercial Banks? Discuss the main functions of Commercial Banks.)

Answer:

व्यापारिक बैंक का अर्थ (Meaning of Commercial Bank): व्यापारिक बैंक वह बैंक है जो लाभ कमाने के उद्देश्य से जनता से जमा राशि प्राप्त करता है और उधार देता है। यह एक व्यावसायिक संस्था है जो उधार मुद्रा का लेन-देन करती है। प्रो० रीड तथा गिल के अनुसार, "व्यापारिक बैंक ऐसी वित्तीय संस्था है जो माँग जमा स्वीकार करती है और व्यापारिक उधार देती है।" (A Commercial Bank is a financial institution that accepts demand deposits and makes commercial loans.)
व्यापारिक बैंकों के मुख्य कार्य (Main Functions of Commercial Banks):
1. जमा राशि प्राप्त करना (Accepting Deposits) – व्यापारिक बैंक लोगों की बचतें एकत्रित करते हैं। इसके लिए तीन प्रकार के खाते खोले जाते हैं –
(i) चालू जमा खाता (Current Deposit Account) – इसमें जमा राशि को माँग जमा कहा जाता है। राशि किसी भी समय निकलवाई जा सकती है। इस खाते पर ब्याज नहीं दिया जाता, बल्कि खाते के प्रबन्ध का खर्च खाताधारक से लिया जाता है। ये खाते व्यापारिक उद्देश्य से खोले जाते हैं।
(ii) निश्चितकालीन खाता (Fixed Deposit Account) – इसमें राशि निश्चित समय के लिए जमा की जाती है, जो कुछ दिनों से लेकर कुछ वर्षों तक हो सकता है। राशि निश्चित समय के बाद ही निकलवाई जा सकती है। इस खाते पर ब्याज की दर साधारणतया अधिक होती है।
(iii) बचत जमा खाता (Saving Deposit Account) – ये खाते बचतें एकत्रित करने के लिए खोले जाते हैं। इनमें चालू खाते और निश्चितकालीन खाते, दोनों की विशेषताएँ होती हैं। राशि जब चाहें निकलवाई जा सकती है और ब्याज भी मिलता है, पर ब्याज की दर निश्चितकालीन खाते से कम होती है।
2. उधार देना (Giving Loans) – बैंक जमा राशि को बेकार नहीं रखते। इसका कुछ भाग नकदी के रूप में रखकर बाकी उधार दे देते हैं। बैंक ये ऋण देते हैं –
(i) नकद उधार (Cash Credit) – इसमें उधार लेने वाले ग्राहक की उधार सीमा निश्चित की जाती है और उसके भण्डार, सम्पत्ति आदि गिरवी रखकर उधार दिया जाता है। ब्याज केवल उतनी राशि पर लिया जाता है जितनी वास्तव में उधार ली गई हो।
(ii) माँग उधार (Demand Credit) – यह वह उधार है जो माँगने पर वापस करना आवश्यक होता है। पूरी राशि उधार लेने वाले के खाते में जमा की जाती है, इसलिए ब्याज पूरी राशि पर लगता है। यह उधार प्रतिभूतियों के दलाल या वे लोग लेते हैं जिनकी दैनिक आवश्यकताएँ बदलती रहती हैं।
(iii) अल्पकालीन ऋण (Short Term Loans) – ये साधारणतया निजी ऋण होते हैं, जो कार्यशील पूँजी के लिए जमानत लेकर दिए जाते हैं। राशि उधार लेने वाले के खाते में जमा होती है और ब्याज पूरी राशि पर लगता है। इन्हें किश्तों में या एक बार में वापस किया जा सकता है।
अन्य कार्य या सुविधाएँ (Other Functions or Facilities) – इन दो प्राथमिक कार्यों के अतिरिक्त बैंक ग्राहकों को कुछ अन्य सुविधाएँ भी देते हैं –
3. ओवर ड्राफ्ट (Over Draft) – चालू खाता रखने वाले ग्राहक बैंक से समझौता करके अपनी जमा राशि से अधिक राशि निकलवाने की अनुमति ले लेते हैं। इसे ओवर ड्राफ्ट कहते हैं। जैसे किसी व्यापारी के खाते में Rs. 10 लाख जमा हैं और वह Rs. 15 लाख निकाल लेता है, तो Rs. 5 लाख ओवर ड्राफ्ट कहलाएगा।
4. विनिमय बिलों की कटौती (Discounting Bills of Exchange) – विनिमय बिल एक लिखित पत्र है, जो माल लेने वाला माल के मालिक को लिखकर देता है कि वह माल की राशि कुछ समय बाद चुका देगा। उदाहरण के लिए, X ने Y से माल खरीदा पर तुरन्त भुगतान नहीं कर सकता, तो वह Y को एक विनिमय बिल दे देता है जिस पर भुगतान की राशि और समय लिखा होता है। यदि Y को पैसों की आवश्यकता हो, तो वह बिल बैंक में कटौती के लिए पेश करता है। बैंक कुछ कमीशन काटकर शेष राशि Y को दे देता है। बिल की अवधि पूरी होने पर बैंक X से राशि वसूल कर लेता है। विनिमय बिल को हुण्डी भी कहते हैं।
5. बैंक के एजेन्ट के रूप में कार्य (Agency Functions of the Bank) – बैंक ग्राहकों के एजेन्ट के रूप में कई कार्य करता है –
(i) मुद्रा का हस्तान्तरण – मुद्रा को एक स्थान से दूसरे स्थान पर भेजना।
(ii) विभिन्न मदों का एकत्रीकरण तथा भुगतान – चैक, ड्राफ्ट, हुण्डी आदि के रूप में राशि वसूल करना और किश्तों का भुगतान करना।
(iii) हिस्सों (शेयरों) तथा प्रतिभूतियों की खरीद-बेच – बैंक इनकी खरीद-बेच करता है और इन्हें सँभालकर रखता है।
(iv) विदेशी मुद्रा की खरीद-बेच – इससे ग्राहकों को सुविधा मिलती है।
(v) ट्रस्टी तथा प्रबन्धक – ग्राहकों के कहने पर बैंक उनकी जायदाद का ट्रस्टी और प्रबन्धक बनता है।
(vi) सन्दर्भ पत्र (Letter of Reference) – बैंक अपने ग्राहकों की आर्थिक स्थिति की सूचना दूसरे व्यापारियों को देता है।
6. साधारण उपयोगिता की सेवाएँ (General Utility Services) –
(i) लॉकर की सुविधा – ग्राहक अपना कीमती सामान बैंक के लॉकर में रख सकते हैं।
(ii) विदेशी मुद्रा की खरीद-बेच – विदेशी व्यापार के विकास के लिए बैंक विदेशी मुद्रा की खरीद-बेच करते हैं।
(iii) यात्री चैक तथा गिफ्ट चैक – बैंक ये चैक जारी करते हैं।
(iv) वस्तुओं के यातायात में सहायता – व्यापारी ग्राहकों को माल भेजकर बिलटी बैंक को भेज देते हैं। ग्राहक पैसे देकर बिलटी ले लेते हैं और माल प्राप्त करते हैं।
(v) नए शेयरों के बिके न रहे भाग की खरीद (Underwriting) – बैंक नए शेयरों का जो भाग न बिके, उसे खरीदने का विश्वास दिलाते हैं।
(vi) आय कर की वसूली – बैंक ग्राहकों से आय कर लेकर सरकारी खज़ाने में जमा करवाते हैं।
7. उधार निर्माण (Credit Creation) – व्यापारिक बैंक जमा राशि के आधार पर उससे कई गुणा अधिक उधार का निर्माण करते हैं। यदि बैंक में Rs. 100 करोड़ जमा हैं और केन्द्रीय बैंक ने नकद रिज़र्व अनुपात (CRR) 10% निश्चित किया है, तो उधार गुणक \( = \dfrac{1}{CRR} = \dfrac{1}{10/100} = \dfrac{100}{10} = 10 \) होगा। अर्थात् Rs. 100 करोड़ की जमा से बैंक 10 गुणा, यानी Rs. 1000 करोड़ तक का उधार निर्माण कर सकते हैं।
8. आर्थिक विकास के कार्य (Role of Banks in Economic Development) – व्यापारिक बैंक पूँजी निर्माण, निवेश और रोज़गार में वृद्धि, ग्रामीण विकास तथा मौद्रिक नीति के संचालन द्वारा आर्थिक विकास में सहायता करते हैं।

Exam Tips:

a) पहले अर्थ और परिभाषा लिखें, फिर कार्यों को क्रमांक सहित लिखें।
b) उधार निर्माण का उदाहरण (Rs. 100 करोड़ और CRR 10%) अवश्य दें।
c) जमा खातों के तीनों प्रकार (चालू, निश्चितकालीन, बचत) अलग-अलग लिखें।

 

Question 2: केन्द्रीय बैंक को परिभाषित करो। केन्द्रीय बैंक के मुख्य कार्य बताओ। (Define a Central Bank. Explain main functions of a Central Bank.)

Answer:

केन्द्रीय बैंक का अर्थ (Meaning of Central Bank): केन्द्रीय बैंक देश की सबसे महत्त्वपूर्ण संस्था है, जो मौद्रिक प्रणाली का संचालन करती है। यह बैंकिंग प्रणाली को नियन्त्रण में रखकर आर्थिक विकास के लिए उपाय करती है। प्रो० डी-कॉक के शब्दों में, "केन्द्रीय बैंक ऐसा बैंक है जिसे देश के मौद्रिक तथा बैंकिंग ढाँचे की चोटी कहा जा सकता है।" (A Central Bank is the bank which constitutes the apex of the monetary and banking structure. – De Kock) प्रो० सैमुअल्सन के अनुसार केन्द्रीय बैंक अर्थव्यवस्था में मुद्रा की पूर्ति और साख मुद्रा पर नियन्त्रण रखता है और अन्तिम ऋणदाता होता है।
केन्द्रीय बैंक के कार्य (Functions of the Central Bank):
1. करेंसी जारी करना (Issuing of Currency) – नोट और सिक्के जारी करने का अधिकार केन्द्रीय बैंक के पास होता है। विश्व के सभी देशों में करेंसी छापने का एकाधिकार केन्द्रीय बैंक के पास होता है। भारत में एक रुपये का नोट वित्त मन्त्रालय जारी करता है, जबकि बाकी सभी नोट और सिक्के देश का केन्द्रीय बैंक (रिज़र्व बैंक ऑफ इण्डिया) जारी करता है।
2. सरकार का बैंक (Banker to the Government) – केन्द्रीय बैंक केन्द्र और राज्य सरकारों को वे सुविधाएँ देता है जो व्यापारिक बैंक अपने ग्राहकों को देते हैं। सरकारों के लेन-देन का काम केन्द्रीय बैंक करता है और आवश्यकता पड़ने पर अल्पकालीन ऋण भी देता है। इस प्रकार वह सरकार के बैंकर, एजेन्ट और सलाहकार के रूप में कार्य करता है।
3. बैंकों का बैंक (Banker's Bank) – कानून के अनुसार सभी व्यापारिक बैंकों को अपनी जमा राशि का कुछ भाग केन्द्रीय बैंक के पास रखना पड़ता है। इससे केन्द्रीय बैंक को व्यापारिक बैंकों की आर्थिक स्थिति का ज्ञान रहता है और वह उधार निर्माण पर नियन्त्रण रख सकता है। संकट के समय बैंक केन्द्रीय बैंक से उधार लेते हैं। इस प्रकार वह अर्थव्यवस्था को मज़बूती देने में सहायक होता है।
4. अन्तिम ऋणदाता (Lender of the Last Resort) – व्यापारिक बैंक अपनी अतिरिक्त जमा राशि केन्द्रीय बैंक के पास रखते हैं और आवश्यकता पड़ने पर उससे उधार लेते हैं। इस प्रकार केन्द्रीय बैंक बैंकिंग प्रणाली को मज़बूत बनाता है, इसीलिए उसे अन्तिम ऋणदाता कहा जाता है। सदस्य बैंकों के गिरवी योग्य बिलों की कटौती करके वह उन्हें अस्थायी वित्तीय सहायता देता है।
5. बैंकों का निरीक्षण (Supervision of Banks) – केन्द्रीय बैंक बैंकिंग प्रणाली का संचालन और निरीक्षण करता है। नए बैंकों को लाइसेंस देना, बैंकों को शाखाएँ खोलने की अनुमति देना, बैंकों का परिसमापन (Liquidation) और एक बैंक का दूसरे में विलय (Merger) आदि कार्य केन्द्रीय बैंक करता है।
6. देश के विदेशी मुद्रा कोष का रक्षक (Custodian of the Foreign Exchange Reserves) – देश की मुद्रा का मूल्य विदेशी मुद्राओं की तुलना में स्थिर रखने के लिए केन्द्रीय बैंक सोने और विदेशी मुद्रा का भण्डार अधिक मात्रा में रखता है। इससे भुगतान सन्तुलन को अनुकूल बनाने में सहायता मिलती है।
7. समाशोधन गृह का कार्य (Clearing House Functions) – बैंकों के पास दूसरे बैंकों के ग्राहकों के चैक आते हैं और दूसरे बैंकों के पास इस बैंक के ग्राहकों के चैक होते हैं। यदि बैंक एक-दूसरे से हर चैक का अलग निपटारा करें तो बहुत समय लगेगा। इसलिए केन्द्रीय बैंक समाशोधन गृह के रूप में कार्य करता है। केन्द्रीय बैंक में हर बैंक का खाता होता है और बैंकों के प्रतिनिधि प्रतिदिन चैकों का लेन-देन इन खातों में कर लेते हैं। इससे नकदी की माँग बहुत कम हो जाती है।
8. साख मुद्रा पर नियन्त्रण (Control over Credit) – वर्तमान समय में केन्द्रीय बैंक का सबसे महत्त्वपूर्ण कार्य साख मुद्रा पर नियन्त्रण है। देश की आवश्यकताओं को देखते हुए साख का विस्तार और संकुचन किया जाता है। इससे कीमत स्तर, रोज़गार, मुद्रा-स्फीति, आय का समान वितरण और स्थिरता जैसे उद्देश्यों की पूर्ति होती है।
9. समंकों का संग्रहण तथा प्रकाशन (Collection and Publication of Data) – केन्द्रीय बैंक समय-समय पर बैंकिंग प्रणाली, वित्तीय स्थिति, कीमतों की प्रवृत्ति, उधार निर्माण आदि से सम्बन्धित आँकड़े एकत्रित करके प्रकाशित करता है। इनसे देश की आर्थिक स्थिति का ज्ञान होता है।
10. अन्य कार्य (Other Functions) – केन्द्रीय बैंक अन्तर्राष्ट्रीय मुद्राकोष (I.M.F.) और विश्व बैंक जैसी अन्तर्राष्ट्रीय संस्थाओं से सम्पर्क रखता है और अपने प्रतिनिधि भेजकर विदेशी पूँजी का प्रबन्ध करता है। वह मुद्रा बाज़ार का संचालन करता है, कृषि विकास और औद्योगिक उन्नति के लिए साख सुविधाएँ देता है और पुरानी करेंसी वापस लेकर नोट बदलने का कार्य करता है। इन कार्यों के कारण उसे शीर्ष संस्था (Apex Organisation) कहा जाता है।

Exam Tips:

a) परिभाषा के साथ विद्वान का नाम लिखें।
b) कम से कम छह-सात कार्य शीर्षक सहित लिखें; "साख नियन्त्रण" और "बैंकों का बैंक" अवश्य लिखें।
c) अन्तिम ऋणदाता का अर्थ स्पष्ट करें।

 

Question 3: भारतीय बैंकिंग प्रणाली में हाल ही में किए गए सुधारों का वर्णन करो। (Explain the recent significant reforms in Indian Banking System.)

Answer:

भारतीय बैंकिंग प्रणाली में सुधार के लिए श्री एम० नरसिम्हम ने 17 दिसम्बर, 1991 को अपनी रिपोर्ट पेश की। उस समय के वित्त मन्त्री डॉ० मनमोहन सिंह ने आधुनिकीकरण (Modernisation) और निजीकरण (Privatisation) के उद्देश्यों की पूर्ति के लिए बैंकिंग प्रणाली में सुधारों पर ज़ोर दिया। इसके बाद किए गए मुख्य सुधार ये हैं –
1. सार्वजनिक क्षेत्र में बैंकों का विकास – सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों का विस्तार किया गया। 1969 में 14 बैंकों और 1980 में 6 बैंकों का राष्ट्रीयकरण हुआ। उस समय सार्वजनिक क्षेत्र में 27 बैंक कार्य कर रहे थे।
2. निजी क्षेत्र में नए बैंक – निजी क्षेत्र में बैंक स्थापित करने की अनुमति दी गई। उस समय 10 बैंक निजी क्षेत्र में कार्य कर रहे थे। इन्हें अनिवासी भारतीयों (N.R.I.) से पूँजी जुटाने की अनुमति दी गई। कुल निवेश पूँजी का 40% भाग अनिवासी भारतीयों से और 20% भाग संस्थागत विदेशी संस्थाओं से लिया जा सकता है।
3. संचालन की स्वतन्त्रता – अनुसूचित (शैड्यूल्ड) व्यापारिक बैंकों को शाखाएँ खोलने की स्वतन्त्रता दी गई और जो शाखाएँ ठीक से कार्य नहीं कर रहीं, उन्हें बन्द करने की अनुमति भी दी गई। उधार देने के सम्बन्ध में भी स्वतन्त्रता दी गई, ताकि बैंकों का संचालन ठीक ढंग से हो सके।
4. क्षेत्रीय बैंक (Local Area Banks) – भारत सरकार ने 1996-97 में क्षेत्रीय बैंक स्थापित करने की योजना को स्वीकृति दी। ये बैंक विशेष रूप से ग्रामीण क्षेत्र के लिए बनाए गए। इनमें ग्रामीण क्षेत्र की बचतों को प्रोत्साहन मिलेगा और जमा राशि का निवेश ग्रामीण क्षेत्र में ही किया जाएगा।
5. पूँजी बाज़ार तक पहुँच – केन्द्र सरकार ने बैंकिंग कम्पनी एक्ट में संशोधन करके राष्ट्रीयकृत बैंकों को पूँजी बाज़ार से पूँजी जुटाने का अधिकार दिया। इसके लिए जनता को हिस्से (शेयर) बेचे जा सकते हैं, पर इस पूँजी में केन्द्र सरकार का हिस्सा 51% से कम नहीं होना चाहिए।
6. ब्याज दर सम्बन्धी नीति – पहले ब्याज दरों की 20 स्लैब थीं, जिन्हें 1994-95 में घटाकर 2 कर दिया गया। Rs. 2 लाख से अधिक के ऋण पर ब्याज की दर निश्चित करने की स्वतन्त्रता बैंकों को दी गई। इस प्रकार बैंक जोखिम को ध्यान में रखकर अधिक या कम ब्याज दर रख सकते हैं।
7. नकद रिज़र्व अनुपात (Cash Reserve Ratio) – व्यापारिक बैंकों को केन्द्रीय बैंक के पास जो राशि रखनी पड़ती है, उसका अनुपात नकद रिज़र्व अनुपात कहलाता है। पहले यह 10% था, जनवरी 2009 में घटाकर 5% किया गया। इससे व्यापारिक बैंक अधिक उधार दे सकते हैं।
8. वैधानिक तरल अनुपात (Statutory Liquidity Ratio) – यह वह अनुपात है जो व्यापारिक बैंकों को अपने पास तरल रूप में रखना पड़ता है। 1997 से पहले यह 38.5% था, जिसे घटाकर 25% किया गया। इसके फलस्वरूप बैंक अधिक उधार दे सकते हैं और उनकी आय बढ़ सकती है।
9. विवेकपूर्ण प्रणाली (Prudential System) – रिज़र्व बैंक ने विवेकपूर्ण प्रणाली द्वारा बैंकिंग में सुधार का प्रयास किया। हर बैंक को अपने ऋणों का वर्गीकरण स्पष्ट करना होता है और अपनी किताबों में बुरे ऋण (Bad Debt) का विवरण देना होता है। 1992-93 तक दिए गए ऋणों में से 30% बुरे ऋण माफ़ करने और 1993-94 में बाकी के 70% बुरे ऋण माफ़ करने के लिए Rs. 10,000 करोड़ की राशि दी गई।
10. व्यापारिक बैंकों की निगरानी – 1992 में प्रतिभूतियों का घोटाला (Securities Scam) हुआ, जिसके बाद दिसम्बर 1993 में रिज़र्व बैंक ने व्यापारिक बैंकों पर निगरानी रखने के लिए अलग विभाग स्थापित किया, ताकि बैंक जमा राशि का दुरुपयोग न कर सकें। 1998 में वित्त मन्त्रालय ने श्री एम० नरसिम्हम की अध्यक्षता में एक और समिति बनाई। इस समिति की सिफ़ारिशें ये थीं –
11. मज़बूत बैंकिंग प्रणाली – बैंकिंग प्रणाली को मज़बूत करने के लिए बैंकों के विलय (Merger) का सुझाव दिया गया, ताकि बैंक अधिक कुशलता से कार्य करें। 2004-05 में वित्त मन्त्री पी० चिदम्बरम ने भी इस सुझाव से सहमति जताई। इससे बड़े पैमाने के लाभ प्राप्त होते हैं।
12. स्थानीय बैंक – स्थानीय छोटे बैंक स्थापित करने का सुझाव दिया गया, ताकि स्थानीय कृषि, छोटे उद्योगों और व्यापारियों की आवश्यकताएँ पूरी हो सकें।
13. बैंक नियमों पर पुनर्विचार – बैंकिंग प्रणाली के बढ़ते योगदान को देखते हुए बैंक कानूनों पर पुनर्विचार का सुझाव दिया गया। इसके लिए RBI एक्ट, SBI एक्ट और बैंक राष्ट्रीयकरण सम्बन्धी एक्ट में संशोधन की आवश्यकता बताई गई।
14. वास्तविक स्वायत्तता – सरकारी नियन्त्रण के कारण बैंकों को वास्तविक स्वायत्तता नहीं मिलती। बैंक के संचालक बोर्ड को वास्तविक स्वायत्तता दी जानी चाहिए।
15. ऋण वसूली – सरकार ने ऋण वसूली के लिए 6 विशेष वसूली ट्रिब्यूनल स्थापित किए, जो बेंगलुरु, चेन्नई, कोलकाता, नई दिल्ली, जयपुर और अहमदाबाद में स्थित हैं। ये ट्रिब्यूनल बुरे ऋणों की माफ़ी के लिए सिफ़ारिशें देते हैं।

Exam Tips:

a) सबसे पहले नरसिम्हम समिति की रिपोर्ट (17 दिसम्बर 1991) का उल्लेख करें।
b) कम से कम छह-सात सुधार शीर्षक सहित लिखें।
c) CRR (10% से 5%) और SLR (38.5% से 25%) के आँकड़े याद रखें।

 

Question 4: आधुनिक बैंकिंग/ई-बैंकिंग द्वारा प्राप्त मुख्य सहूलियतों का संक्षिप्त वर्णन करें। (Describe briefly main facilities provided by Modern Banking/e-Banking.)

Answer:

इन्टरनेट ने पूरे विश्व को एक गाँव या शहर का रूप दे दिया है। इसकी सहायता से विश्व की बैंकिंग प्रणाली ई-बैंकिंग का रूप ले चुकी है। विकसित देशों की बैंकिंग का प्रभाव भारत की बैंकिंग प्रणाली पर भी दिखाई दे रहा है। आधुनिक बैंकिंग या ई-बैंकिंग द्वारा दी जाने वाली मुख्य सहूलियतें ये हैं –
1. बैंकिंग सेवाओं का कम्प्यूटरीकरण – भारत में बैंकिंग का कम्प्यूटरीकरण हो गया है। इससे बैंकों में कर्मचारियों की संख्या कम हुई है, क्योंकि थोड़े कर्मचारी कम्प्यूटर की सहायता से सारा काम आसानी से कर लेते हैं। खाताधारकों का हिसाब-किताब और ब्याज की गणना शुद्ध होती है, जिसमें गलती की सम्भावना नहीं रहती।
2. बैंकिंग ऑन लाइन – अब ग्राहक को बैंक में जाकर लेन-देन करना ज़रूरी नहीं। हर बैंक की एक वैबसाइट होती है, जिसे खोलकर खाताधारक घर बैठे अपने खाते की जानकारी ले सकता है। वह बिजली, पानी, सीवरेज और टेलीफोन के बिल, मकान या कार के ऋण की किश्त जैसे अनेक भुगतान घर बैठे कर सकता है। इससे समय की बचत होती है और किसी दफ़्तर या बैंक में जाना नहीं पड़ता।
3. ए०टी०एम० सुविधा (ATM Facility) – ए०टी०एम० (Automatic Teller Machine) ने लोगों का जीवन आसान बना दिया है। खाताधारक किसी भी समय अपने खाते की पूरी जानकारी, शेष राशि, पैसे निकालना या खाते में पैसे डालना जैसे कार्य ए०टी०एम० से कर सकता है। अब यात्रा में नकद पैसे साथ लेकर चलना आवश्यक नहीं, किसी भी शहर में ज़रूरत के अनुसार पैसे निकाले जा सकते हैं। ए०टी०एम० को डैबिट कार्ड (Debit Card) भी कहते हैं।
4. आर०टी०जी०एस० सुविधा (RTGS Facility) – आर०टी०जी०एस० (Real Time Gross Settlement) में किसी व्यक्ति या फर्म को भुगतान करने के लिए ड्राफ्ट, चैक या नकद भेजने की आवश्यकता नहीं होती। देश में कहीं भी रहने वाले व्यक्ति या फर्म का खाता क्रमांक और बैंक का कोड नम्बर पूछकर उसके खाते में आर०टी०जी०एस० से भुगतान किया जा सकता है। पैसे बहुत कम समय में पहुँच जाते हैं और खर्च भी बहुत कम आता है।
5. मोबाइल सूचना सुविधा – जब भी खाताधारक अपने खाते में पैसे जमा करवाता है, कोई उसके खाते में पैसे भेजता है या उसके खाते से भुगतान होता है, तो इसकी सूचना उसे मोबाइल पर संदेश के रूप में मिल जाती है। यदि कोई धोखे से खाते से पैसे निकाल ले, तो खाताधारक संदेश मिलते ही बैंक को सूचित कर सकता है।
6. डैबिट कार्ड द्वारा भुगतान – अब किसी वस्तु की खरीद के लिए नकद पैसे ले जाना आवश्यक नहीं। डैबिट कार्ड से किया गया भुगतान इलेक्ट्रॉनिक मशीन द्वारा तुरन्त दुकानदार के खाते में पहुँच जाता है। इससे बाज़ार में वस्तुओं और सेवाओं की माँग बढ़ी है।
7. क्रेडिट कार्ड सुविधा (Credit Card Facility) – बैंक अपने खाताधारकों को उधार पर खरीददारी की सुविधा देते हैं। साधारण, सिल्वर और गोल्ड क्रेडिट कार्डों पर उधार लेने की सीमा अलग-अलग होती है। उधार की गई खरीददारी का भुगतान 40 दिन के भीतर करने पर कोई ब्याज नहीं लगता; उसके बाद बैंक ऊँची दर से ब्याज लेता है। क्रेडिट कार्ड से की गई खरीददारी पर बैंक 2% कमीशन लेता है। कार्डधारक का ऋण इतिहास (Credit History) देखकर कार्ड की सीमा बढ़ाई या घटाई जाती है। क्रेडिट कार्ड के प्रयोग से व्यापार में बहुत वृद्धि होती है।
8. ऋण सुविधाएँ (Loan Facilities) – आधुनिक बैंक कार, घर, व्यापार में निवेश और विद्यार्थियों की शिक्षा जैसे अनेक कार्यों के लिए ऋण देते हैं। इससे लोगों की खरीद शक्ति बढ़ती है और वे आसानी से ऋण लेकर कार, मकान या व्यापार में निवेश कर सकते हैं। भविष्य में ई-बैंकिंग द्वारा और सुविधाएँ दी जा रही हैं, जिससे लोगों की व्यापार करने की क्षमता बढ़ रही है।

Exam Tips:

a) ए०टी०एम०, आर०टी०जी०एस०, क्रेडिट कार्ड और ऑनलाइन बैंकिंग का उल्लेख अवश्य करें।
b) संक्षिप्त उत्तर में हर सुविधा के साथ एक-दो वाक्य ही लिखें।

 

Question 5: रिज़र्व बैंक ऑफ इण्डिया के मुख्य कार्य बताएँ। (Discuss the main functions of Reserve Bank of India.)

Answer:

रिज़र्व बैंक ऑफ इण्डिया भारत का केन्द्रीय बैंक है। यह देश में मुद्रा का संचालन करता है और व्यापारिक बैंकों पर नियन्त्रण रखता है। इसकी स्थापना 1 अप्रैल 1935 को हुई थी। यह देश के आर्थिक विकास से सम्बन्धित निर्णय लेता है। इसके मुख्य कार्य ये हैं –
1. मौद्रिक नीति का निर्माण – आर०बी०आई० देश की मौद्रिक नीति बनाता है। इस नीति के संचालन और परिवर्तन के सभी निर्णय केन्द्रीय बैंक लेता है।
2. करेंसी का प्रकाशन – रिज़र्व बैंक का सबसे महत्त्वपूर्ण कार्य करेंसी छापकर देश में चलाना है। जब कोई करेंसी चलने योग्य नहीं रहती, तो उसके स्थान पर नई करेंसी छापकर चलाई जाती है।
3. बैंकों का बैंक – रिज़र्व बैंक व्यापारिक बैंकों का बैंक है। वह उनकी अतिरिक्त जमा राशि अपने पास रखता है और ज़रूरत पड़ने पर उन्हें उधार भी देता है। व्यापारिक बैंकों का मुख्य कार्य उधार निर्माण द्वारा लाभ कमाना है, इसलिए केन्द्रीय बैंक नकद रिज़र्व अनुपात (CRR), रेपो रेट और खुले बाज़ार की नीति द्वारा उधार पर नियन्त्रण रखता है।
4. वित्त प्रणाली की देखभाल – देश की वित्त प्रणाली की निगरानी करना भी रिज़र्व बैंक का कार्य है। इस प्रकार सकल घरेलू उत्पाद (GDP) में वृद्धि का प्रयास किया जाता है।
5. सरकार का बैंक – सरकार के वित्तीय निर्णयों में रिज़र्व बैंक की भूमिका रहती है। सरकार की आय एकत्रित करना, व्यय करना और उधार देना जैसे मुख्य कार्य रिज़र्व बैंक करता है।
6. विदेशी मुद्रा का संचालक – विदेशी मुद्रा का संचालन भी रिज़र्व बैंक करता है। विदेशों से प्राप्त मुद्रा रिज़र्व बैंक में रखी जाती है और विदेशों को विदेशी मुद्रा में भुगतान भी रिज़र्व बैंक करता है।

Exam Tips:

a) स्थापना का वर्ष (1 अप्रैल 1935) लिखें।
b) करेंसी का प्रकाशन और बैंकों का बैंक, ये दो कार्य ज़रूर लिखें।

 

Question 6: रिज़र्व बैंक उधार नियन्त्रण कैसे करता है? (How Does Reserve Bank Control Credit?)

Answer:

रिज़र्व बैंक देश में उधार का नियन्त्रण करता है। इसके लिए वह निम्नलिखित ढंगों का प्रयोग करता है –
1. रेपो रेट (Repo Rate) – यह वह ब्याज दर है जिस पर रिज़र्व बैंक व्यापारिक बैंकों को उधार देता है। जब रेपो रेट घटाई जाती है, तो व्यापारिक बैंक भी उधार पर ब्याज दर घटा देते हैं, जिससे उधार का प्रसार होता है। यदि रिज़र्व बैंक उधार निर्माण कम करना चाहता है, तो रेपो रेट बढ़ा देता है। तब व्यापारिक बैंक भी ब्याज दर बढ़ा देते हैं और निवेशक कम उधार लेते हैं। 27 मार्च 2020 को रेपो रेट 4.4% थी। कोरोना महामारी फैलने के बाद 17 अप्रैल को इसे घटाकर 4% किया गया, ताकि निवेशक अधिक निवेश करें। यह कम अवधि के लिए होता है। 6 फरवरी 2021 की मौद्रिक नीति में रेपो रेट 4% ही रखी गई।
2. रिवर्स रेपो रेट (Reverse Repo Rate) – जब व्यापारिक बैंक अपना अधिक धन रिज़र्व बैंक के पास रखते हैं, तो रिज़र्व बैंक उस जमा राशि पर जो ब्याज देता है, उसे रिवर्स रेपो रेट कहते हैं। व्यापारिक बैंक बाज़ार में उधार देने की जगह यह धन रिज़र्व बैंक के पास रखना पसंद करते हैं, क्योंकि वहाँ धन सुरक्षित रहता है। यह भी कम अवधि के लिए होता है। 6 फरवरी 2021 की मौद्रिक नीति में रिवर्स रेपो रेट 3.35% रखी गई।
3. वैधानिक तरल अनुपात (Statutory Liquidity Ratio – SLR) – व्यापारिक बैंकों को अपनी जमा राशि का कुछ भाग सोना, चाँदी, नकद और प्रतिभूतियों के रूप में तरल रखना पड़ता है, जिसे S.L.R. कहते हैं। यदि रिज़र्व बैंक SLR बढ़ा देता है, तो व्यापारिक बैंकों की उधार देने की शक्ति कम हो जाती है।
4. बैंक दर (Bank Rate) – इसे बट्टा दर (Discount Rate) भी कहते हैं। जब व्यापारिक बैंकों को लम्बे समय के लिए धन चाहिए होता है, तो वे अपनी पहले दर्जे की प्रतिभूतियाँ रिज़र्व बैंक के पास गिरवी रखकर उधार ले सकते हैं। इस दीर्घकालीन उधार पर जो ब्याज दर ली जाती है, उसे बैंक दर कहते हैं। यदि रिज़र्व बैंक उधार कम करना चाहता है, तो बैंक दर बढ़ा देता है; बैंक दर घटाने पर उधार निर्माण बढ़ता है।
5. नकद रिज़र्व अनुपात (Cash Reserve Ratio – CRR) – व्यापारिक बैंकों की जमा राशि का एक निश्चित भाग रिज़र्व बैंक के पास नकदी के रूप में रखना आवश्यक है, जिसे नकद रिज़र्व अनुपात (C.R.R.) कहते हैं। यदि रिज़र्व बैंक उधार निर्माण बढ़ाना चाहता है, तो CRR घटा देता है। इससे बैंकों के पास अधिक नकदी पहुँचती है और अधिक उधार का निर्माण होता है।
6. तरल समायोजन सुविधा (Liquidity Adjustment Facility) – यह विधि 2000 से शुरू की गई। इसके अनुसार रिज़र्व बैंक Rs. 5 करोड़ या उसके गुणकों (10, 15, 20, 25 करोड़ आदि) में बैंकों को उधार दे सकता है। जब बैंक को अचानक नकदी की आवश्यकता होती है, तो इस विधि का प्रयोग किया जाता है, जो 15 दिन तक सीमित होती है।
7. खुले बाज़ार की नीति (Open Market Operations) – जब बाज़ार में धन अधिक हो जाता है, तो रिज़र्व बैंक अपनी प्रतिभूतियाँ (Securities) खुले बाज़ार में बेचना शुरू करता है। इन पर अच्छा ब्याज दिया जाता है। लोग इन्हें खरीद लेते हैं और बाज़ार में धन कम हो जाता है। यदि उधार बढ़ाना हो, तो रिज़र्व बैंक प्रतिभूतियाँ खरीदने लगता है।
8. सीमान्त आवश्यकताएँ (Marginal Requirements) – इस नीति में रिज़र्व बैंक व्यापारिक बैंकों को आदेश देता है कि कुछ निश्चित वस्तुओं, जैसे गेहूँ, चावल आदि, को गिरवी रखकर उधार न दिया जाए। इसे उधार की सीमान्त शर्तें कहा जाता है।
9. नैतिक प्रेरणा (Moral Suasion) – रिज़र्व बैंक समय-समय पर व्यापारिक बैंकों को निर्देश देता है और देश की स्थिति के अनुसार अधिक या कम उधार देने के लिए प्रेरित करता है। जब देश में मुद्रा-स्फीति की स्थिति हो, तो वह बैंकों को कम उधार देने की प्रेरणा देता है। यदि कोई बैंक आदेश नहीं मानता, तो उसके विरुद्ध प्रत्यक्ष कार्रवाई (Direct Action) की जाती है, जैसे 2019 में पंजाब एण्ड महाराष्ट्र को-ऑपरेटिव बैंक पर और 2020 में यैस बैंक पर प्रतिबन्ध लगाया गया।

Exam Tips:

a) साख नियन्त्रण के साधनों को मात्रात्मक (CRR, SLR, रेपो, बैंक दर, खुले बाज़ार की नीति) और गुणात्मक (सीमान्त आवश्यकताएँ, नैतिक प्रेरणा) में बाँटकर समझें।
b) रेपो रेट बढ़ने पर उधार घटता है और घटने पर बढ़ता है, यह बात ज़रूर लिखें।
c) आँकड़े (रेपो 4%, रिवर्स रेपो 3.35%) फरवरी 2021 के हैं, इन्हें तारीख सहित लिखें।

 

Free Punjab Board Textbook Explanations: Class 12 Economics Hindi Medium Chapter 07 बैंकिंग

Accessing Hindi Medium Chapter 07 बैंकिंग Solutions

Review comprehensive exercise answers for Class 12 Economics Hindi Medium Chapter 07 बैंकिंग. Fully updated to match current Punjab Board syllabus guidelines, these textbook solutions help students verify their work and maintain accurate study notes.

Concept-Driven Answers for Class 12 Economics

Beyond providing final answers, these guides offer step-by-step breakdowns for complex queries in the Class 12 Economics module. This approach helps students balance theoretical depth with practical problem-solving skills required for Punjab Board exams.

Maximizing Study Efficiency

Frequent review of these structured answers builds strong analytical capabilities and response efficiency. Maximize your academic readiness by combining these textbook solutions with our curated study materials and mock evaluations for Class 12 Economics.

FAQs

Where can I find the latest PSEB 12th Class Economics Solutions Chapter 7 बैंकिंग for the 2026-27 session?

The complete and updated PSEB 12th Class Economics Solutions Chapter 7 बैंकिंग is available for free on StudiesToday.com. These solutions for Class 12 Economics are as per latest Punjab Board curriculum.

Are the Economics Punjab Board solutions for Class 12 updated for the new 50% competency-based exam pattern?

Yes, our experts have revised the PSEB 12th Class Economics Solutions Chapter 7 बैंकिंग as per 2026 exam pattern. All textbook exercises have been solved and have added explanation about how the Economics concepts are applied in case-study and assertion-reasoning questions.

How do these Class 12 Punjab Board solutions help in scoring 90% plus marks?

Toppers recommend using Punjab Board language because Punjab Board marking schemes are strictly based on textbook definitions. Our PSEB 12th Class Economics Solutions Chapter 7 बैंकिंग will help students to get full marks in the theory paper.

Do you offer PSEB 12th Class Economics Solutions Chapter 7 बैंकिंग in multiple languages like Hindi and English?

Yes, we provide bilingual support for Class 12 Economics. You can access PSEB 12th Class Economics Solutions Chapter 7 बैंकिंग in both English and Hindi medium.

Is it possible to download the Economics Punjab Board solutions for Class 12 as a PDF?

Yes, you can download the entire PSEB 12th Class Economics Solutions Chapter 7 बैंकिंग in printable PDF format for offline study on any device.