Step-by-Step Textbook Solutions for Class 12 Economics Hindi Medium Chapter 06 मुद्रा, मुद्रा की पूर्ति तथा कार्य
Access comprehensive textbook solutions for Hindi Medium Chapter 06 मुद्रा, मुद्रा की पूर्ति तथा कार्य using the official curriculum guides for Class 12 Economics. Designed to align with the 2026-27 Punjab Board standards, these detailed answers help students reinforce core academic concepts.
Download Hindi Medium Chapter 06 मुद्रा, मुद्रा की पूर्ति तथा कार्य Textbook Solutions PDF
Navigate directly to the solved Economics textbook exercises using the digital viewer below. Each solution includes detailed step-by-step explanations, allowing students to instantly cross-check their work and identify areas requiring further revision.
I. वस्तुनिष्ठ प्रश्न (Objective Type Questions)
Question 1: वस्तु विनिमय प्रणाली किसे कहते हैं?
अथवा
वस्तु विनिमय अर्थव्यवस्था की परिभाषा दीजिए।
Answer:
वस्तु विनिमय प्रणाली वह प्रणाली है जिसमें वस्तुओं का विनिमय सीधे वस्तुओं से किया जाता है।
Exam Tips:
a) परिभाषा एक ही वाक्य में लिखें।
b) 'अथवा' वाले प्रश्न का भी यही उत्तर लिखें।
Question 2: मुद्रा से क्या अभिप्राय है? अथवा मुद्रा को कैसे परिभाषित किया जा सकता है?
Answer:
मुद्रा ऐसी वस्तु है जिसे विनिमय के माध्यम के रूप में सामान्यतः स्वीकार किया जाता है। यह वस्तुओं के मूल्य के माप तथा मूल्य के संचय का कार्य भी करती है।
Exam Tips:
a) परिभाषा में 'विनिमय का माध्यम' शब्द अवश्य लिखें।
b) मूल्य का माप और मूल्य का संचय भी जोड़ें।
Question 3: मुद्रा की पूर्ति से क्या अभिप्राय है?
Answer:
मुद्रा की पूर्ति का अर्थ किसी देश के लोगों के पास एक निश्चित समय पर उपलब्ध मुद्रा के कुल भण्डार से है।
Exam Tips:
a) 'निश्चित समय' का उल्लेख करें क्योंकि मुद्रा की पूर्ति एक स्टॉक धारणा है।
Question 4: विनिमय के माध्यम के रूप में मुद्रा के कार्य को स्पष्ट करो।
Answer:
मुद्रा का प्राथमिक कार्य विनिमय के माध्यम के रूप में प्रयोग होना है। किसान गेहूँ बेचकर मुद्रा प्राप्त कर लेता है और उस मुद्रा से बाज़ार में कपड़ा, जूते, चीनी, साबुन आदि वस्तुएँ खरीद सकता है। इस प्रकार दो वस्तुओं के सुमेल (आवश्यकताओं के दोहरे संयोग) की समस्या हल हो जाती है।
Exam Tips:
a) किसान और गेहूँ का उदाहरण अवश्य दें।
b) अंत में आवश्यकताओं के दोहरे संयोग की समस्या के हल का उल्लेख करें।
Question 5: मुद्रा 'मूल्य के माप' का कार्य करती है। स्पष्ट करो।
Answer:
मुद्रा का एक महत्त्वपूर्ण कार्य वस्तुओं के मूल्य का माप करना है। मुद्रा द्वारा सभी वस्तुओं और सेवाओं का मूल्य मापा जा सकता है।
Exam Tips:
a) इसे लेखे की इकाई भी कहा जाता है।
Question 6: मुद्रा के कार्य को 'स्थगित भुगतानों के मान' के रूप में स्पष्ट करो।
Answer:
जब ऋण मुद्रा के रूप में दिया जाता है तो उसकी वापसी भी मुद्रा के रूप में हो जाती है। ऋणदाता को कोई हानि न हो, इसके लिए ब्याज दिया जाता है।
Exam Tips:
a) ऋण की वापसी और ब्याज, दोनों बातें लिखें।
Question 7: भारत में वैधानिक मुद्रा का क्या नाम है?
Answer:
भारत में वैधानिक मुद्रा का नाम रुपया है।
Exam Tips:
a) एक शब्द या एक वाक्य का उत्तर पर्याप्त है।
Question 8: मुद्रा M1 के घटक बताइए।
Answer:
M1 = C + D + O
M1 = करन्सी (C) + माँग जमा (D) + रिज़र्व बैंक के पास अन्य जमा राशि (O)
Exam Tips:
a) सूत्र के साथ प्रत्येक अक्षर का अर्थ भी लिखें।
Question 9: मुद्रा M2 के घटक बताएँ।
Answer:
M2 = M1 + डाकघर बचत जमा (राष्ट्रीय बचत प्रमाणपत्रों को छोड़कर)
M2 = C + D + O + DPOS = करन्सी + माँग जमा + रिज़र्व बैंक के पास अन्य जमा राशि + डाकघरों में बचत जमा (NSC को छोड़कर)
Exam Tips:
a) याद रखें: M2, M1 में डाकघर की बचत जमा जोड़ने से बनता है।
Question 10: मुद्रा M3 के घटक बताएँ।
Answer:
M3 = M1 + बैंकों की समय अवधि जमा (TDB)
M3 = C + D + O + TDB = करन्सी + माँग जमा + रिज़र्व बैंक के पास अन्य जमा राशि + बैंकों के पास जमा समय अवधि राशि
Exam Tips:
a) M3 में डाकघर की जमा शामिल नहीं होती।
Question 11: मुद्रा M4 से क्या अभिप्राय है?
Answer:
M4 = M3 + DPOS
M4 = C + D + O + TDB + DPOS = करन्सी + माँग जमा + रिज़र्व बैंक के पास अन्य जमा राशि + बैंकों के पास जमा समय अवधि राशि + डाकघरों में बचत जमा
Exam Tips:
a) M1 से M4 तक के सूत्र क्रम से याद रखें।
Question 12: भारत में रिज़र्व बैंक द्वारा मुद्रा आपूर्ति के कौन-कौन से समग्र तैयार किए जाते हैं?
Answer:
रिज़र्व बैंक M1, M2, M3 और M4 तैयार करता है।
Exam Tips:
a) चारों समग्रों के नाम लिखें।
Question 13: मुद्रा आपूर्ति का अर्थ बताएँ।
Answer:
अर्थव्यवस्था में उपलब्ध समस्त मुद्रा की मात्रा को मुद्रा की आपूर्ति कहते हैं। इसमें सिक्के, नोट तथा बैंक मुद्रा शामिल होती है।
Exam Tips:
a) सिक्के, नोट और बैंक मुद्रा, तीनों का उल्लेख करें।
Question 14: उच्च शक्ति मुद्रा (High Powered Money) से क्या अभिप्राय है?
Answer:
लोगों के पास नकद मुद्रा तथा बैंकों के पास नकद कोष के जोड़ को उच्च शक्ति मुद्रा कहते हैं।
Exam Tips:
a) इसके दो भाग लिखें: जनता के पास नकदी और बैंकों के पास नकद कोष।
Question 15: निकट मुद्रा से क्या अभिप्राय है?
Answer:
निकट मुद्रा उन प्रतिभूतियों तथा हिस्सेदारियों (परिसम्पत्तियों) को कहते हैं जिन्हें सुविधा से मुद्रा में बदला जा सकता है।
Exam Tips:
a) 'सुविधा से मुद्रा में परिवर्तन' इस परिभाषा का मुख्य बिन्दु है।
Question 16: वे परिसम्पत्तियाँ जिन्हें सुविधा से मुद्रा में परिवर्तित किया जा सकता है, ……….. कहलाती हैं।
(क) मुद्रा परिसम्पत्तियाँ
(ख) अचल परिसम्पत्तियाँ
(ग) साख निर्माण का आधार
(घ) निकट मुद्रा
Answer:
(घ) निकट मुद्रा।
Exam Tips:
a) विकल्पों में से 'सुविधा से मुद्रा में परिवर्तन' वाला गुण पहचानें।
Question 17: निम्नलिखित में से कौन-सा मुद्रा का आकस्मिक कार्य है?
(क) विनिमय का माध्यम
(ख) मूल्य का भण्डार
(ग) साख निर्माण का आधार
(घ) मूल्य का हस्तांतरण
Answer:
(ग) साख निर्माण का आधार।
Exam Tips:
a) विनिमय का माध्यम प्राथमिक कार्य है; भण्डार और हस्तांतरण द्वितीयक कार्य हैं।
Question 18: एक अर्थव्यवस्था जिसमें वस्तुओं का विनिमय वस्तुओं से किया जाता है, ………….. कहलाती है।
(क) विनिमय प्रणाली
(ख) वस्तुओं के लिए वस्तुओं की प्रणाली
(ग) वस्तु विनिमय प्रणाली
(घ) उपरोक्त सभी
Answer:
(ग) वस्तु विनिमय प्रणाली।
Exam Tips:
a) इसे C-C (Commodity-Commodity) अर्थव्यवस्था भी कहते हैं।
Question 19: उधार मुद्रा से क्या अभिप्राय है?
Answer:
उधार मुद्रा वह मुद्रा है जो वर्तमान में प्राप्त की जाती है और जिसे भविष्य में ब्याज सहित लौटाने का वचन दिया जाता है।
Exam Tips:
a) 'ब्याज सहित भविष्य में अदायगी' का उल्लेख अवश्य करें।
Question 20: निकट मुद्रा से क्या अभिप्राय है?
Answer:
निकट मुद्रा उन वस्तुओं (परिसम्पत्तियों) को कहते हैं जिन्हें सरलता से मुद्रा के रूप में बदला जा सकता है।
Exam Tips:
a) प्रश्न 15 के उत्तर के समान संक्षिप्त उत्तर लिखें।
Question 21: निम्नलिखित में से मुद्रा के गौण कार्य कौन-कौन से हैं?
(क) भण्डार का साधन
(ख) ऋण का साधन
(ग) एक स्थान से दूसरे स्थान पर हस्तांतरण का साधन
(घ) उपरोक्त सभी
Answer:
(घ) उपरोक्त सभी।
Exam Tips:
a) गौण (द्वितीयक) कार्य: मूल्य का भण्डार, स्थगित भुगतानों का मान, मूल्य का हस्तांतरण।
Question 22: मुद्रा की पूर्ति का अर्थ समस्त मुद्रा की मात्रा से होता है जिसमें सिक्के, नोट और बैंक मुद्रा शामिल होती है। (सही/गलत)
Answer:
सही।
Exam Tips:
a) कथन को ध्यान से पढ़कर 'सही' या 'गलत' लिखें।
Question 23: M1 = ………
Answer:
M1 = C + D + O
Exam Tips:
a) सूत्र के अक्षरों का अर्थ याद रखें: C = करन्सी, D = माँग जमा, O = अन्य जमा।
Question 24: M2 = …..
Answer:
M2 = C + D + O + DPOS
Exam Tips:
a) M2 में M1 के साथ डाकघर बचत जमा जुड़ती है।
Question 25: M3 = ……….
Answer:
M3 = C + D + O + TDB
Exam Tips:
a) TDB का अर्थ बैंकों की समय अवधि जमा है।
Question 26: M4 = …….
Answer:
M4 = C + D + O + TDB + DPOS
Exam Tips:
a) M4 = M3 + DPOS।
Question 27: उस वस्तु का नाम बताएँ जिसे विनिमय के माध्यम के रूप में स्वीकार किया जाता है।
(a) मुद्रा
(b) पैट्रोल
(c) धातु
(d) कोई भी नहीं
Answer:
(a) मुद्रा।
Exam Tips:
a) मुद्रा ही विनिमय का सर्वमान्य माध्यम है।
Question 28: आपस में आवश्यकताओं की सन्तुष्टि को ……….. कहते हैं।
(a) वस्तु विनिमय प्रणाली
(b) विनिमय का साधन
(c) माँग का दोहरा संयोग
(d) इनमें से कोई नहीं
Answer:
(c) माँग का दोहरा संयोग (आवश्यकताओं का दोहरा संयोग)।
Exam Tips:
a) यही वस्तु विनिमय प्रणाली की मुख्य समस्या है।
Question 29: उच्च बलयुक्त मुद्रा (High Powered Money) से क्या अभिप्राय है?
Answer:
लोगों के पास नकद मुद्रा तथा बैंकों के पास नकद कोष को उच्च बलयुक्त मुद्रा कहते हैं।
Exam Tips:
a) लोगों की नकदी और बैंकों के नकद कोष, दोनों भाग लिखें।
Question 30: विमुद्रीकरण से क्या अभिप्राय है?
Answer:
देश में पुरानी करन्सी के स्थान पर नई करन्सी लागू करने को विमुद्रीकरण कहते हैं।
Exam Tips:
a) भारत में 8 नवम्बर, 2016 की नोटबन्दी का उदाहरण दे सकते हैं।
Question 31: अवमूल्यन से क्या अभिप्राय है?
Answer:
देश की करन्सी का मूल्य विदेशी मुद्राओं की तुलना में कम करने को अवमूल्यन कहते हैं।
Exam Tips:
a) विमुद्रीकरण और अवमूल्यन में भ्रमित न हों: अवमूल्यन विदेशी मुद्रा की तुलना में मूल्य घटाना है।
II. अति लघु उत्तरीय प्रश्न (Very Short Answer Type Questions)
Question 1: मुद्रा से क्या अभिप्राय है? अथवा मुद्रा को कैसे परिभाषित किया जा सकता है?
Answer:
मुद्रा ऐसी वस्तु है जिसे विनिमय के माध्यम के रूप में सामान्यतः स्वीकार किया जाता है। यह वस्तुओं के मूल्य के माप तथा मूल्य के संचय का कार्य भी करती है। मुद्रा को सरकार की स्वीकृति प्राप्त होती है, इसलिए कोई व्यक्ति इसे स्वीकार करने से इन्कार नहीं कर सकता।
Exam Tips:
a) परिभाषा के साथ सरकारी स्वीकृति (कानूनी मान्यता) का उल्लेख करें।
b) तीन बातें लिखें: विनिमय का माध्यम, मूल्य का माप, मूल्य का संचय।
Question 2: मुद्रा की पूर्ति से क्या अभिप्राय है?
Answer:
मुद्रा की पूर्ति का अर्थ किसी देश के लोगों के पास एक निश्चित समय पर उपलब्ध मुद्रा के कुल भण्डार से है। इसके सम्बन्ध में दो बातें महत्त्वपूर्ण हैं:
1. मुद्रा की पूर्ति एक स्टॉक धारणा है, जिसका सम्बन्ध एक निश्चित समय से है।
2. मुद्रा की पूर्ति का अर्थ लोगों के पास मुद्रा के भण्डार से है।
Exam Tips:
a) दोनों बिन्दु अलग-अलग क्रमांक देकर लिखें।
Question 3: मुद्रा 'मूल्य के माप' का कार्य करती है। स्पष्ट करो।
Answer:
मुद्रा का एक महत्त्वपूर्ण कार्य वस्तुओं के मूल्य का माप करना है। मुद्रा द्वारा सभी वस्तुओं के मूल्य को मापा जा सकता है। देश में उत्पादित वस्तुओं के माप-तोल अलग-अलग होते हैं; जैसे गेहूँ क्विंटलों में, कपड़ा मीटरों में और दूध लीटरों में मापा जाता है। परन्तु जब इन सब वस्तुओं का मूल्य मुद्रा में मापा जाता है तो अलग-अलग माप-तोल की समस्या हल हो जाती है।
Exam Tips:
a) गेहूँ, कपड़ा और दूध के माप वाला उदाहरण अवश्य दें।
III. लघु उत्तरीय प्रश्न (Short Answer Type Questions)
Question 1: वस्तु विनिमय प्रणाली के मुख्य दोष क्या हैं?
Answer:
वस्तु विनिमय प्रणाली के मुख्य दोष निम्नलिखित हैं:
1. आवश्यकताओं के दोहरे संयोग की समस्या: इसका अर्थ है कि एक व्यक्ति की वस्तु दूसरे की आवश्यकता पूरी करे और दूसरे की वस्तु पहले की आवश्यकता पूरी करे। ऐसी स्थिति कठिनाई से ही बनती थी।
2. मूल्य की समान इकाई का अभाव: वस्तुओं का माप करना कठिन था। एक वस्तु के बदले दूसरी वस्तु की कितनी मात्रा दी जाए, इसका कोई निश्चित पैमाना नहीं था। यदि बाज़ार में 1000 वस्तुएँ और सेवाएँ हों तो प्रत्येक वस्तु का मूल्य शेष 999 वस्तुओं की तुलना में बताना कठिन होता था।
3. भविष्य के भुगतान की प्रणाली का अभाव: यदि कोई व्यक्ति एक गाय या भैंस उधार देता था तो उसी रूप में वापसी कठिन होती थी, क्योंकि वस्तु की गुणवत्ता (Quality) में अन्तर पड़ जाता था।
4. मूल्य संचय की प्रणाली का अभाव: वस्तुओं का भण्डार करने की कोई उचित विधि नहीं थी। गेहूँ, चावल या पशुओं के रूप में संचय किया जाए तो उनका मूल्य शीघ्र घट जाता था, क्योंकि वस्तुएँ खराब हो जाती थीं।
Exam Tips:
a) चारों दोष क्रमांक और शीर्षक के साथ लिखें।
b) दोहरे संयोग की समस्या सबसे महत्त्वपूर्ण दोष है, इसे पहले लिखें।
c) गाय/भैंस और 1000 वस्तुओं वाले उदाहरण अंक दिलाते हैं।
Question 2: वस्तु विनिमय प्रणाली के दोषों को दूर करने के लिए मुद्रा का प्रयोग कैसे किया जाता है?
Answer:
मुद्रा के प्रयोग से वस्तु विनिमय प्रणाली के दोष इस प्रकार दूर किए जा सकते हैं:
1. आवश्यकताओं के दोहरे संयोग की समस्या का हल: उत्पादक अपनी वस्तु बाज़ार में बेचकर मुद्रा प्राप्त करते हैं और उस मुद्रा से अन्य आवश्यक वस्तुएँ खरीद सकते हैं।
2. मूल्य निर्धारण की समस्या का हल: मुद्रा वस्तुओं तथा सेवाओं के मूल्य का मापदण्ड है।
3. धन के संग्रह की समस्या का हल: मुद्रा के रूप में धन का संग्रह आसानी से किया जा सकता है। मुद्रा को बैंक में जमा करा दिया जाए तो चोरी का डर नहीं रहता और उस राशि पर ब्याज भी मिलता है।
4. उधार लेने-देने की समस्या का हल: मुद्रा द्वारा उधार लेना-देना आसान हो गया है। यदि कीमतें बढ़ने से मुद्रा का मूल्य कुछ घट जाए तो ब्याज द्वारा उस हानि की पूर्ति हो जाती है।
Exam Tips:
a) दोष और उसके हल को जोड़कर क्रम से लिखें।
b) चारों बिन्दु वही रखें जो वस्तु विनिमय के दोषों में लिखे हैं।
Question 3: मुद्रा का वर्गीकरण कैसे किया जा सकता है?
Answer:
मुद्रा का वर्गीकरण दो आधारों पर किया जा सकता है: मुद्रा का मूल्य मुद्रा के रूप में तथा मुद्रा का मूल्य वस्तु के रूप में। इसे इस प्रकार स्पष्ट किया जा सकता है:
1. पूर्ण काय मुद्रा (Full Bodied Money): वह मुद्रा जिसका अंकित मूल्य और सिक्के में लगी धातु का मूल्य समान होता है। जैसे स्वतन्त्रता से पहले भारत का रुपया 11/12 शुद्ध चाँदी का बना होता था; उसे पूर्ण काय मुद्रा कहा जाता था।
2. प्रतिनिधि पूर्ण काय मुद्रा (Representative Full Bodied Money): यह सामान्यतः कागज़ की बनी होती है। इसका अपना कोई मूल्य नहीं होता, परन्तु इसे छापते समय उतने मूल्य का सोना या चाँदी सरकार अपने खज़ाने में रख लेती है।
3. उधार मुद्रा (Credit Money): वह मुद्रा जिसका मुद्रा के रूप में मूल्य अधिक होता है, जबकि जिस वस्तु से वह बनी होती है उसका मूल्य कम होता है। ऐसा इसलिए होता है कि उस वस्तु की मात्रा बाज़ार में कुल वस्तु की पूर्ति का थोड़ा-सा अंश होती है। जैसे किसी सिक्के को पिघला दिया जाए तो उसकी धातु का मूल्य सिक्के पर लिखे मूल्य से कम होगा। उधार मुद्रा के मुख्य रूप ये हैं:
(i) संकेतक सिक्के: सभी सिक्के, जैसे Rs. 5, Rs. 2, Rs. 1, 50 पैसे आदि।
(ii) प्रतिनिधि संकेतक सिक्के: ये सामान्यतः कागज़ के नोट होते हैं।
(iii) केन्द्रीय बैंक के प्रामिसरी नोटों का प्रचलन: ये कागज़ी नोट केन्द्रीय बैंक द्वारा जारी किए जाते हैं, जिन पर लिखा होता है, "मैं धारक को Rs. 100 अदा करने का वचन देता हूँ।"
(iv) बैंकों की माँग जमा: बैंकों में जमा राशि को चैक द्वारा निकलवाया जा सकता है।
Exam Tips:
a) तीनों प्रकार के नाम अंग्रेज़ी शब्दों के साथ लिखें।
b) पूर्ण काय मुद्रा का उदाहरण (11/12 शुद्ध चाँदी का रुपया) अवश्य दें।
c) उधार मुद्रा के चारों रूप गिनाएँ।
Question 4: मुद्रा की पूर्ति के मुख्य घटक बताएँ।
अथवा
मुद्रा के घटकों (Components) की व्याख्या करें।
Answer:
मुद्रा की पूर्ति के मुख्य घटक इस प्रकार हैं:
1. M1 = (i) जनता के पास नकद करन्सी + (ii) बैंकों की माँग जमा
2. M2 = (i) जनता के पास नकद करन्सी + (ii) बैंकों की माँग जमा + (iii) डाकखानों के बचत खातों में जमा
3. M3 = (i) जनता के पास नकद करन्सी + (ii) बैंकों की माँग जमा + (iii) बैंकों की अवधि जमा (Time Deposit)
4. M4 = (i) जनता के पास नकद करन्सी + (ii) बैंकों की माँग जमा + (iii) बैंकों की अवधि जमा + (iv) डाकखानों की कुल जमा (राष्ट्रीय बचत प्रमाणपत्रों को छोड़कर)
Exam Tips:
a) चारों समग्र क्रम से (M1 से M4) लिखें।
b) प्रत्येक अगले समग्र में नया घटक जुड़ता है, यह स्पष्ट दिखाएँ।
Question 5: मुद्रा के प्राथमिक कार्य बताओ।
Answer:
प्रो० किनले के अनुसार मुद्रा के प्राथमिक कार्य इस प्रकार हैं:
1. विनिमय का माध्यम (Medium of Exchange): मुद्रा का मुख्य कार्य वस्तुओं का विनिमय कराना है। किसान के पास गेहूँ है तो वह उसे बाज़ार में बेचकर मुद्रा प्राप्त करता है और उस मुद्रा से अपनी शेष आवश्यकताएँ पूरी करता है। इस प्रकार मुद्रा विनिमय का माध्यम है।
2. मूल्य का माप (Measure of Value): मुद्रा की सहायता से हम वस्तुओं के मूल्य को मापते हैं; जैसे गेहूँ की कीमत Rs. 1120 प्रति क्विंटल है। इस प्रकार प्रत्येक वस्तु की कीमत मुद्रा में मापी जा सकती है।
Exam Tips:
a) प्राथमिक कार्य दो हैं; दोनों के अंग्रेज़ी नाम भी लिखें।
b) प्रत्येक कार्य के साथ एक उदाहरण दें।
Question 6: मुद्रा के गौण अथवा द्वितीयक कार्यों की व्याख्या करें।
Answer:
मुद्रा के द्वितीयक कार्य इस प्रकार हैं:
1. मूल्य का भण्डार (Store of Value): मुद्रा के रूप में मूल्य का संचय किया जाता है। मुद्रा का मूल्य स्थिर रहता है और इसे सब स्वीकार करते हैं, इसलिए मुद्रा द्वारा मूल्य का भण्डार किया जा सकता है।
2. स्थगित भुगतानों का मान (Standard of Deferred Payments): मुद्रा की सहायता से उधार लेना और देना सम्भव है। मुद्रा के मूल्य में परिवर्तन बहुत कम होता है, इसलिए भविष्य में भुगतान किया जा सकता है; जो थोड़ी हानि हो उसकी भरपाई ब्याज द्वारा हो जाती है।
3. मूल्य का हस्तांतरण (Transfer of Value): मुद्रा से धन का हस्तांतरण एक स्थान से दूसरे स्थान तक आसानी से किया जा सकता है। व्यक्ति अपना मकान, दुकान या ज़मीन एक स्थान पर बेचकर मुद्रा प्राप्त कर सकता है और उस मुद्रा से किसी दूसरे स्थान पर सम्पत्ति खरीद सकता है।
Exam Tips:
a) तीनों द्वितीयक कार्यों के नाम अंग्रेज़ी सहित लिखें।
b) हस्तांतरण के लिए मकान/दुकान/ज़मीन का उदाहरण दें।
Question 7: मुद्रा के आकस्मिक कार्यों की व्याख्या करो।
Answer:
मुद्रा के आकस्मिक कार्य इस प्रकार हैं:
1. राष्ट्रीय आय के वितरण का आधार: राष्ट्रीय आय उत्पादन के साधनों (भूमि, श्रम, पूँजी और संगठन) में बाँटी जाती है। उनके पारिश्रमिक, अर्थात् लगान, मज़दूरी, ब्याज और लाभ का माप मुद्रा द्वारा किया जाता है। इस प्रकार मुद्रा राष्ट्रीय आय के वितरण का आधार है।
2. साख निर्माण का आधार: व्यापारिक बैंकों में जो राशि जमा होती है, उसके आधार पर बैंक कई गुणा अधिक साख का निर्माण करते हैं। साख निर्माण का यह कार्य मुद्रा की सहायता से ही सम्भव हुआ है।
3. अधिकतम सन्तुष्टि का आधार: उपभोक्ता अपनी सीमित आय से अधिकतम सन्तुष्टि चाहता है। वह अपनी मुद्रा विभिन्न वस्तुओं पर इस प्रकार व्यय करे कि प्रत्येक वस्तु से मिलने वाली सीमान्त उपयोगिता बराबर हो, तो उसे अधिकतम सन्तुष्टि प्राप्त होगी।
4. भुगतान की गारण्टी: मुद्रा द्वारा भविष्य में भुगतान की गारण्टी दी जा सकती है। बैंक में मुद्रा जमा कराई जाए तो बैंक भविष्य के भुगतान की गारण्टी देता है।
Exam Tips:
a) चारों आकस्मिक कार्य क्रमांक देकर लिखें।
b) साख निर्माण और अधिकतम सन्तुष्टि वाले बिन्दुओं की व्याख्या थोड़ी विस्तार से करें।
Question 8: उच्च शक्ति योग्य मुद्रा से क्या अभिप्राय है? इसे उच्च शक्ति योग्य मुद्रा क्यों कहते हैं?
Answer:
उच्च शक्ति योग्य मुद्रा को आधुनिक युग में मुद्रा की पूर्ति का मुख्य निर्धारक माना जाता है। यह देश में व्यापारिक बैंकों के पास मौद्रिक भण्डार और जनता के पास नकदी (सिक्के अथवा नोट) का जोड़ होती है। यह वह आधार है जो बैंक जमा के रूप में व्यक्त होकर मुद्रा की पूर्ति का निर्माण करता है।
इसे उच्च शक्ति योग्य मुद्रा इसलिए कहा जाता है क्योंकि इसके द्वारा वस्तुओं और सेवाओं का लेन-देन बहुत जल्दी और आसानी से होता है। इसके द्वारा उधार मुद्रा (साख) का निर्माण भी किया जाता है। व्यापारिक बैंकों की उधार देने की शक्ति में वृद्धि होने से मुद्रा की पूर्ति निर्धारित होती है।
Exam Tips:
a) पहले अर्थ और फिर 'उच्च शक्ति' कहलाने के कारण अलग-अलग लिखें।
b) सूत्र: उच्च शक्ति मुद्रा = जनता के पास नकदी + बैंकों के पास नकद कोष।
Question 9: मुद्रा और निकट मुद्रा में अन्तर बताएँ।
Answer:
| अन्तर का आधार | मुद्रा | निकट मुद्रा |
|---|---|---|
| 1. मुद्रा के अंश | मुद्रा में नोट, सिक्के तथा बैंक की माँग जमा को शामिल किया जाता है। | निकट मुद्रा में ट्रेज़री बिल, विनिमय बिल, बॉन्ड, सरकारी प्रतिभूतियाँ और बैंकों की निश्चित कालीन जमा राशि आदि को शामिल किया जाता है। |
| 2. तरलता | मुद्रा में अधिक तरलता होती है। | निकट मुद्रा में कम तरलता होती है। |
| 3. कानूनी तथा साधारण स्वीकृति | मुद्रा को कानूनी तथा साधारण स्वीकृति होती है। | निकट मुद्रा को कानूनी तथा साधारण स्वीकृति नहीं होती। |
| 4. आय | मुद्रा से आय की प्राप्ति नहीं होती। | निकट मुद्रा से आय की प्राप्ति होती है। |
| 5. प्रयोग | मुद्रा का प्रयोग वस्तुओं तथा सेवाओं के विनिमय के लिए किया जाता है। | निकट मुद्रा को पहले मुद्रा में बदला जाता है और बाद में विनिमय किया जाता है। |
Exam Tips:
a) उत्तर तालिका के रूप में लिखें, कम से कम तीन अन्तर अवश्य दें।
b) तरलता और आय वाले अन्तर सबसे महत्त्वपूर्ण हैं।
IV. दीर्घ उत्तरीय प्रश्न (Long Answer Type Questions)
Question 1: वस्तु विनिमय प्रणाली की मुश्किलें बताओ। वस्तु विनिमय प्रणाली की मुश्किलों को दूर करने के लिए मुद्रा कैसे सहायक हुई है?
(State the inconveniences of barter exchange. How does money help in removing the drawbacks of barter system?)
Answer:
जब अर्थव्यवस्था में मुद्रा का प्रयोग न हो और वस्तुओं का विनिमय वस्तुओं से किया जाए तो इस प्रणाली को वस्तु विनिमय प्रणाली कहते हैं। इसे C-C (Commodity-Commodity) अर्थव्यवस्था भी कहा जाता है।
वस्तु विनिमय की मुश्किलें (Inconveniences of Barter Exchange)
1. आवश्यकताओं के दोहरे मेल की कमी: खरीदारों और विक्रेताओं की आवश्यकताओं की साथ-साथ पूर्ति को आवश्यकताओं का दोहरा मेल कहते हैं। वस्तु विनिमय में इसकी कमी रहती है। उदाहरण के लिए, किसान के पास गेहूँ है और वह उसके बदले कपड़ा चाहता है। वह जुलाहे के पास जाता है, परन्तु जुलाहे को गेहूँ नहीं, जूते चाहिए। इसलिए किसान को पहले गेहूँ देकर जूते प्राप्त करने पड़ेंगे, तब वह जूतों के बदले कपड़ा ले सकेगा। इस प्रकार दोहरे मेल की कमी के कारण कठिनाई आती है।
2. मूल्य के माप की कठिनाई: वस्तुओं का मूल्य वस्तुओं के रूप में निश्चित किया जाए तो बहुत अधिक विनिमय मूल्य याद रखने पड़ते हैं। यदि अर्थव्यवस्था में 1000 वस्तुएँ हैं तो प्रत्येक वस्तु के 999 मूल्य याद रखना बहुत कठिन है।
3. भविष्य के भुगतानों में मुश्किलें: इसका अर्थ ठेके के भुगतानों (Contractual Payments) में कठिनाई से है। वस्तु के रूप में उधार लिया हो तो उसी गुणवत्ता की वस्तु लौटाना कठिन होता है। गाय उधार दी जाए तो उसी तरह की गाय वापस करना कठिन है, क्योंकि गुणवत्ता में अन्तर पड़ जाता है।
4. मूल्य संचय में कठिनाई: वस्तुओं के रूप में धन को अधिक समय तक सुरक्षित नहीं रखा जा सकता। पशुओं के रूप में धन रखा जाए तो उनके बीमार पड़ने पर धन शीघ्र नष्ट हो जाता है। गेहूँ, चावल आदि के रूप में रखा धन भी जल्दी नष्ट होता है।
5. धन को एक स्थान से दूसरे स्थान तक ले जाने की कठिनाई: किसी के पास मकान या ज़मीन हो तो ऐसे धन को दूसरे स्थान पर ले जाना कठिन होता है।
वस्तु विनिमय की मुश्किलें दूर करने में मुद्रा का योगदान (Role of Money in Removing Drawbacks of Barter System)
आधुनिक युग में मुद्रा का योगदान महत्त्वपूर्ण है। मुद्रा ने वस्तु विनिमय की मुश्किलों को इस प्रकार दूर किया है:
1. आवश्यकताओं के दोहरे मेल की समस्या का हल: मुद्रा के आने से यह समस्या हल हो गई है। मुद्रा की सहायता से वस्तुओं का विनिमय आसानी से किया जाता है।
2. वस्तुओं के मूल्य का माप: मुद्रा के विकास से वस्तुओं के मूल्य का माप आसान हो गया है। प्रत्येक वस्तु का मूल्य मुद्रा की मात्रा के रूप में निर्धारित किया जा सकता है।
3. मूल्य संचय की कठिनाई का हल: वस्तु विनिमय में मूल्य का संचय कठिन था। मुद्रा के निर्माण से यह आसान हो गया है।
4. उधार लेने-देने में आसानी: मुद्रा के रूप में लिए गए उधार का भविष्य में भुगतान किया जा सकता है।
5. व्यापार में आसानी: मुद्रा की सहायता से व्यापार करना आसान हो गया है।
6. अधिकतम सन्तुष्टि: उपभोक्ता मुद्रा की सहायता से अधिकतम सन्तुष्टि प्राप्त कर सकता है।
7. आर्थिक समस्याओं का हल: मुद्रा के द्वारा मुद्रा स्फीति, मुद्रा अस्फीति, मन्दीकाल आदि आर्थिक समस्याओं का हल किया जा सकता है। मार्शल के शब्दों में, "मुद्रा वह धुरी है जिसके चारों ओर आर्थिक विज्ञान घूमता है।" ("Money is the hub around which economic science clusters.")
Exam Tips:
a) उत्तर दो भागों में लिखें: (1) वस्तु विनिमय की मुश्किलें, (2) मुद्रा का योगदान।
b) प्रत्येक मुश्किल के साथ उसका हल जोड़कर लिखने से उत्तर स्पष्ट बनता है।
c) किसान-जुलाहे का उदाहरण और 1000 वस्तुओं के 999 मूल्य वाला तथ्य अंक दिलाते हैं।
d) अन्त में मार्शल का कथन लिखें।
Question 2: मुद्रा से क्या अभिप्राय है? मुद्रा के विकास को स्पष्ट करो। मुद्रा के मुख्य कार्यों की व्याख्या करो।
(What is money? Explain the evolution of money. Discuss the functions of money.)
अथवा
मुद्रा से क्या अभिप्राय है? मुद्रा के प्राथमिक, गौण तथा आकस्मिक कार्यों की व्याख्या करें।
(What is Money? Discuss the primary, secondary and contingent functions of money.)
Answer:
मुद्रा का अर्थ (Meaning of Money): मुद्रा की परिभाषा निम्नलिखित भागों में दी जा सकती है:
1. मुद्रा की कानूनी परिभाषा: मुद्रा कोई भी ऐसी वस्तु है जिसे सरकार कानूनी तौर पर विनिमय का माध्यम घोषित करती है। ऐसी मुद्रा के पीछे सरकारी आदेश होता है, इसलिए कोई व्यक्ति इसे स्वीकार करने से इन्कार नहीं कर सकता।
2. मुद्रा की क्रियात्मक परिभाषा: मुद्रा कोई भी वस्तु हो सकती है जिसे सामान्यतः विनिमय के माध्यम के रूप में स्वीकार किया जाता है तथा जो मूल्य के माप और मूल्य के संचय का कार्य भी करती है।
3. मुद्रा की संकुचित परिभाषा: इसमें क्रियात्मक परिभाषा को शामिल किया जाता है। इसमें मुद्रा के कार्य विनिमय का साधन, मूल्य का संचय, मूल्य का माप और भविष्य के भुगतान का आधार माने जाते हैं।
4. मुद्रा की विस्तृत परिभाषा: इसमें करन्सी नोट, सिक्के, बैंकों में माँग जमा, अवधि जमा, डाकखानों में जमा (जिन्हें कम समय के नोटिस पर प्राप्त किया जा सके) तथा निकट मुद्रा परिसम्पत्तियाँ, जैसे हिस्सेदारियाँ, बॉन्ड, प्रतिभूतियाँ आदि शामिल की जाती हैं।
मुद्रा का विकास (Evolution of Money): वस्तु विनिमय की मुश्किलों को दूर करने के लिए मनुष्य ने मुद्रा का विकास किया। मुद्रा इन पड़ावों से गुज़रकर वर्तमान रूप में आई है:
1. वस्तु मुद्रा: आरम्भ में गेहूँ, दाल, चावल आदि वस्तुओं का प्रयोग मुद्रा के रूप में किया गया।
2. धातु मुद्रा: बाद में लोहा, ताँबा, चाँदी, सोना आदि धातुओं ने मुद्रा का रूप धारण किया।
3. कागज़ी मुद्रा: कागज़ी मुद्रा का प्रयोग पहले चीन में और फिर शेष विश्व में हुआ। आजकल प्रत्येक देश में कागज़ी मुद्रा प्रचलित है।
4. बैंक मुद्रा: बैंकों के विस्तार के साथ धीरे-धीरे चैक, ड्राफ्ट तथा इलेक्ट्रॉनिक मुद्रा (ATM) प्रचलित हो गई।
मुद्रा के मुख्य कार्य (Main Functions of Money): मुद्रा के कार्यों को तीन भागों में बाँटा जा सकता है:
(A) प्राथमिक कार्य (Primary Functions): मुद्रा के दो मुख्य प्राथमिक कार्य हैं:
1. विनिमय का माध्यम: मुद्रा वस्तुओं के विनिमय के माध्यम के रूप में प्रयोग की जाती है। यह मुद्रा का महत्त्वपूर्ण कार्य है।
2. मूल्य का माप: वस्तुओं तथा सेवाओं का मूल्य मुद्रा में मापा जा सकता है। यह लेखे की इकाई है; जैसे गेहूँ का मूल्य Rs. 700 प्रति क्विंटल है।
(B) द्वितीयक कार्य (Secondary Functions): मुद्रा के तीन द्वितीयक कार्य हैं:
3. मूल्य का भण्डार: मुद्रा के रूप में मूल्य का संचय किया जा सकता है। इसका मूल्य स्थिर रहता है और इसे सामान्यतः स्वीकार किया जाता है।
4. स्थगित भुगतानों का मान: मुद्रा की सहायता से उधार लेना-देना सम्भव होता है। इसका भुगतान भविष्य में किया जा सकता है, क्योंकि इसके मूल्य में परिवर्तन नहीं होता तथा यह प्रयोग योग्य होती है।
5. मूल्य का हस्तांतरण: मुद्रा से धन का हस्तांतरण एक स्थान से दूसरे स्थान तक आसानी से किया जा सकता है। व्यक्ति मकान, दुकान या ज़मीन एक स्थान पर बेचकर मुद्रा प्राप्त कर सकता है और दूसरे स्थान पर खरीद सकता है।
(C) आकस्मिक कार्य (Contingent Functions):
6. आय के वितरण का आधार: मुद्रा की सहायता से राष्ट्रीय आय का माप किया जा सकता है। राष्ट्रीय आय उत्पादन के साधनों में लगान, मज़दूरी, ब्याज और लाभ के रूप में बाँटी जाती है, इसलिए मुद्रा राष्ट्रीय आय के वितरण का आधार है।
7. साख (उधार) निर्माण का आधार: व्यापारिक बैंक जमा मुद्रा की सहायता से साख का निर्माण करने में सफल होते हैं।
8. अधिकतम सन्तुष्टि का आधार: उपभोक्ता अपनी सीमित मुद्रा की सहायता से अधिकतम सन्तुष्टि प्राप्त कर सकता है। इसमें समसीमान्त उपयोगिता नियम सहायक होता है।
9. पूँजी को तरलता प्रदान करना: मुद्रा को सामान्यतः स्वीकार किया जाता है, इसलिए यह पूँजी को तरलता प्रदान करती है।
10. भुगतान की गारण्टी: मुद्रा द्वारा भविष्य में भुगतान की गारण्टी दी जा सकती है। बैंक में मुद्रा जमा कराई जाए तो बैंक भविष्य के भुगतान की गारण्टी देता है।
Exam Tips:
a) अर्थ, विकास और कार्य, इन तीन भागों में उत्तर लिखें।
b) विकास का क्रम याद रखें: वस्तु मुद्रा, धातु मुद्रा, कागज़ी मुद्रा, बैंक मुद्रा।
c) कार्यों को प्राथमिक (2), द्वितीयक (3) और आकस्मिक (5) में अलग-अलग दिखाएँ।
d) 'अथवा' वाले रूप में केवल अर्थ और तीनों प्रकार के कार्य लिखें।
Question 3: मुद्रा एक अच्छा सेवक तथा बुरा स्वामी है। स्पष्ट करें।
(Money is a good servant but a bad master. Explain.)
अथवा
मुद्रा से क्या अभिप्राय है? मुद्रा के गुण तथा अवगुण बताएँ।
(What is Money? Give Merits and Demerits of Money.)
Answer:
प्रो० क्राउथर के अनुसार, "वह वस्तु जिसे लोग वस्तुओं की खरीद-बिक्री और ऋण के रूप में स्वीकार करते हैं, उसे मुद्रा कहते हैं।"
मुद्रा के लाभ अथवा मुद्रा एक अच्छा सेवक है (Merits of Money or Money is a Good Servant): मुद्रा के लाभों से ज्ञात होता है कि यह एक अच्छा सेवक है:
1. मुद्रा और आर्थिक विकास: मुद्रा वह आधार है जिस पर आर्थिक विकास की इमारत खड़ी होती है।
2. उपभोक्ताओं को लाभ: उपभोक्ता मुद्रा द्वारा अपनी सीमित आय से अधिकतम सन्तुष्टि प्राप्त करते हैं।
3. उत्पादकों को लाभ: मुद्रा की सहायता से उत्पादन तथा बिक्री की क्रियाओं का संचालन होता है, जिससे उत्पादक अधिकतम लाभ प्राप्त करता है। बड़े पैमाने का उत्पादन मुद्रा की सहायता से ही सम्भव हुआ है।
4. विनिमय में लाभ: मुद्रा ने वस्तु विनिमय के दोष दूर करके कीमत निर्धारण को आसान बना दिया है। इससे उत्पादन के साधनों का पारिश्रमिक तय करना भी आसान हो गया है।
5. वितरण में लाभ: मुद्रा द्वारा उत्पादन के साधनों (भूमि, श्रम, पूँजी तथा संगठन) का पारिश्रमिक निर्धारित करना आसान हुआ है। इससे राष्ट्रीय तथा अन्तर्राष्ट्रीय व्यापार भी सम्भव हो गया है।
6. पूँजी निर्माण: मुद्रा द्वारा आसानी से बचत की जा सकती है। इस बचत का निवेश करके पूँजी निर्माण किया जा सकता है। मुद्रा से नए उद्योग स्थापित किए जा सकते हैं और मानवीय पूँजी का विकास होता है।
मुद्रा के अवगुण अथवा मुद्रा एक बुरा स्वामी है (Demerits of Money or Money is a Bad Master): यदि मुद्रा का संचालन ठीक से न किया जाए तो बहुत-सी बुराइयाँ उत्पन्न हो जाती हैं, इसलिए इसे बुरा स्वामी कहा जाता है। इसके मुख्य दोष ये हैं:
1. मुद्रा के मूल्य में अस्थिरता: मुद्रा का प्रसार होने पर उसका मूल्य घट जाता है और मुद्रा की क्रय शक्ति कम हो जाती है।
2. आय का असमान वितरण: मुद्रा के कारण आय के असमान वितरण की समस्या उत्पन्न होती है। अमीर और अमीर तथा ग़रीब और ग़रीब हो जाते हैं।
3. व्यापारिक चक्र: पूँजीवादी देशों में मुद्रा के कारण व्यापारिक चक्रों की समस्या उत्पन्न होती है, जिससे तेज़ीकाल और मन्दीकाल आते हैं। मन्दीकाल में बेरोज़गारी फैल जाती है।
4. ऋण में वृद्धि: मुद्रा के कारण लोगों पर ऋण का भार तेज़ी से बढ़ रहा है। ऋण आसानी से मिलने के कारण लोग गैर-आवश्यक वस्तुओं पर व्यय करते हैं, जिससे फ़िज़ूलखर्ची बढ़ती है।
5. बुरा स्वामी: यदि मुद्रा पर ठीक ढंग से नियन्त्रण न रखा जाए तो भ्रष्टाचार, मुद्रा स्फीति, काला धन और शोषण की समस्याएँ उत्पन्न होती हैं। इनसे तंग आकर लोग आन्दोलन करते हैं और देश में अराजकता फैल जाती है।
Exam Tips:
a) उत्तर के आरम्भ में मुद्रा की परिभाषा लिखें।
b) गुण (अच्छा सेवक) और अवगुण (बुरा स्वामी) अलग-अलग शीर्षकों के अन्तर्गत लिखें।
c) प्रत्येक बिन्दु क्रमांक के साथ और एक-दो वाक्यों में स्पष्ट करें।
Question 4: विमुद्रीकरण से क्या अभिप्राय है? भारत में 8 नवम्बर, 2016 को किए गए विमुद्रीकरण को स्पष्ट करें। इसके लाभ एवं हानियाँ बताएँ।
(What is meant by Demonetisation? Explain the demonetisation of 8th November, 2016 in India. Explain its advantages and disadvantages.)
Answer:
1. विमुद्रीकरण क्या है? (What is demonetisation?) जब सरकार पुरानी मुद्रा को कानूनी तौर पर बन्द कर देती है और नई मुद्रा लाने की घोषणा करती है तो इसे विमुद्रीकरण कहते हैं। इसके बाद पुरानी मुद्रा या नोटों की कोई कीमत नहीं रह जाती। सरकार पुराने नोटों को बैंकों से बदलने के लिए लोगों को समय देती है ताकि वे पुराने नोटों को नए नोटों में बदल सकें।
2. विमुद्रीकरण क्यों किया जाता है? (Why demonetisation?) काले धन, भ्रष्टाचार, नकली नोटों और आतंकवादी गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए सरकारें विमुद्रीकरण का निर्णय लेती हैं। अवैध गतिविधियों में लोग नोटों को नकदी के रूप में ही रखते हैं, इसलिए विमुद्रीकरण से उन पर सीधी चोट पड़ती है। कई बार नकद लेन-देन को हतोत्साहित करने के लिए भी नोटबन्दी की जाती है। मोदी सरकार को भी आशा थी कि नोटबन्दी से काले धन, नकली नोट और आतंकवाद पर अंकुश लगेगा। नोटबन्दी के कारण भारत में आम आदमी को काफ़ी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा।
3. भारत में विमुद्रीकरण (Demonetisation in India): 8 नवम्बर, 2016 को रात 8 बजे प्रधानमन्त्री श्री नरेन्द्र मोदी ने नोटबन्दी की घोषणा की। इसमें Rs. 500 और Rs. 1000 के नोटों के रात 12 बजे के बाद कानूनी मुद्रा (Legal Tender) न रहने की घोषणा की गई। इसका उद्देश्य केवल काले धन पर नियन्त्रण ही नहीं, जाली नोटों से छुटकारा पाना भी था। इससे पहले भारत में दो बार विमुद्रीकरण किया जा चुका था। 1946 में Rs. 1000 और Rs. 10,000 के नोट वापस लिए गए और 1954 में भारत सरकार ने Rs. 1000, Rs. 5,000 और Rs. 10,000 के नए नोट शुरू किए। दूसरी बार 1978 में Rs. 1000, Rs. 5000 और Rs. 10,000 के नोटों का विमुद्रीकरण किया गया ताकि काले धन पर अंकुश लगाया जा सके।
28 अक्तूबर, 2016 को भारत में Rs. 17.77 लाख करोड़ की मुद्रा प्रचलन में थी, जिसमें से 86% Rs. 500 और Rs. 1000 के नोट थे। देश में जाली नकदी लगातार बढ़ रही थी, जिसका उपयोग भारत के विरुद्ध आतंकवादी गतिविधियों में किया गया था। इसलिए पुराने नोटों को समाप्त करने का निर्णय लिया गया। उनके स्थान पर Rs. 500 और Rs. 2000 के नए नोट चालू किए गए। Rs. 500 के नोट का आकार 66 मि०मी० × 150 मि०मी० है। नोट के पीछे लाल किले का चित्र और स्वच्छ भारत अभियान का लोगो है। इन नोटों को महात्मा गांधी न्यू सीरीज़ ऑफ़ नोट्स का नाम दिया गया। Rs. 2000 का नोट गुलाबी रंग का है और इसके पीछे मंगलयान का चित्र है। 25 अगस्त, 2017 से Rs. 200 का नोट भी बाज़ार में आ गया। नोटों के सीरियल नम्बरों का फ़ॉन्ट साइज़ बदला गया है।
4. विमुद्रीकरण में नोट बदलने की विधि (Procedure for Exchange of Notes): 8 नवम्बर, 2016 की घोषणा के बाद 30 दिसम्बर, 2016 तक बैंकों से नोट बदलने की प्रक्रिया चली। इसके बाद पुराने नोट बदलने का कार्य केवल R.B.I. द्वारा ही किया जाना था। नोट बदलने के नियम इस प्रकार रखे गए:
(i) ATM से एक दिन में Rs. 2500 तक निकाले जा सकते थे।
(ii) ग्राहक बैंक से एक सप्ताह में Rs. 24,000 से अधिक नहीं निकाल सकता था।
(iii) एक दिन में कोई भी व्यक्ति Rs. 2000 तक के नोट बदल सकता था।
(iv) कोई भी व्यक्ति अपने निजी बैंक खाते में जितनी चाहे राशि जमा करा सकता था। Rs. 2,50,000 तक जमा की गई राशि का हिसाब नहीं माँगा जाना था। इससे अधिक जमा राशि की जाँच आयकर विभाग करता।
(v) ई-बैंकिंग लेन-देन पर कोई रोक नहीं थी। कोई भी व्यक्ति RTGS, NEFT, IMPS, पे०टी०एम०, मोबाइल बैंकिंग आदि के द्वारा जितनी चाहे राशि किसी दूसरे को दे सकता था।
5. विमुद्रीकरण के लाभ (Advantages of Demonetisation):
(1) काले धन पर प्रहार: विमुद्रीकरण की सबसे करारी चोट काले धन पर पड़ी। अनुमान था कि भारत में लगभग Rs. 3 लाख करोड़ काले धन के रूप में छिपाकर रखे गए थे। इस धन का उपयोग हवाला कारोबार, तस्करी, आतंकवाद और आपराधिक गतिविधियों में खुलकर हो रहा था। कश्मीर की हिंसा में भी काला धन मुख्य भूमिका निभा रहा था। देश की राजनीति में भी काले धन का मुद्दा काफ़ी समय से चर्चा में था। इसलिए विमुद्रीकरण से काले धन पर पूर्ण नहीं तो आंशिक रोक अवश्य लगेगी।
(2) आतंकवाद और आपराधिक गतिविधियों पर प्रहार: विमुद्रीकरण से आतंकवाद, नक्सली समूहों, नशे के व्यापारियों और गैर-कानूनी गतिविधियों को करारा आघात पहुँचा। कश्मीर में इसका प्रभाव खास तौर पर देखने को मिला। इन गतिविधियों के लिए इकट्ठे किए गए नोट कागज़ के टुकड़े बन गए और इनकी गतिविधियाँ ठप हो गईं।
(3) काला धन्धा करने वालों पर प्रहार: जो व्यापारी काला धन्धा करते थे और उससे प्राप्त काले धन को नकदी के रूप में अपने पास रखते थे, उन पर भी करारी चोट पड़ी। काले धन्धे में लगे भ्रष्ट लोग काले धन को सफ़ेद करने के लिए ग़रीब लोगों का सहारा ले रहे थे।
(4) अर्थव्यवस्था में वृद्धि: विमुद्रीकरण से अर्थव्यवस्था में वृद्धि की सम्भावना है। सरकारी खाते में लगभग Rs. 3 लाख करोड़ आने और विभिन्न करों से Rs. 70,000 करोड़ मिलने की उम्मीद थी। इसका प्रभाव अल्पकाल में नहीं, दीर्घकाल में नज़र आएगा। इस राशि से सरकार आधारभूत ढाँचे में निवेश करेगी, जिससे आर्थिक विकास बढ़ेगा।
(5) कर द्वारा आय में वृद्धि: सरकार ने विमुद्रीकरण से पहले और उसके दौरान काला धन छिपाने वालों से उसे घोषित करने को कहा और बिना पेनल्टी कर जमा करने की छूट दी। बाद में पेनल्टी के साथ कर जमा करने को कहा। इससे सरकार की कर आय में 14.5% की वृद्धि हो चुकी है।
(6) रोज़गार में वृद्धि: विमुद्रीकरण के बाद सरकार की मुद्रा योजना को बल मिलेगा। पहले सरकार की योजनाओं को बैंकों से सहयोग नहीं मिल रहा था और नकदी का संकट था, परन्तु अब बैंकों में नकदी का प्रवाह बढ़ा है, जिससे औद्योगिक गतिविधियाँ बढ़ेंगी और रोज़गार में वृद्धि होगी।
(7) ब्याज दर में कमी: विमुद्रीकरण के बाद काले धन का बड़ा भाग अर्थव्यवस्था की मुख्य धारा में आएगा। इससे बैंकों की जमा राशि बढ़ेगी और ब्याज दरें घटेंगी। इससे लोग व्यापार में निवेश करेंगे और मकानों की बिक्री बढ़ने की सम्भावना है।
(8) नकद लेन-देन में कमी: विमुद्रीकरण के बाद अर्थव्यवस्था कैशलेस अर्थव्यवस्था (Cashless Economy) की ओर बढ़ रही है। सरकार नकद लेन-देन को हतोत्साहित कर रही है ताकि काले धन से होने वाला लेन-देन समाप्त हो सके।
(9) लोक कल्याणकारी योजनाएँ: जैसे-जैसे सरकार के पास धन आएगा, लोक कल्याणकारी योजनाओं में निवेश बढ़ाया जाएगा। 2022 तक सरकार का लक्ष्य सबको अपना घर देना है।
6. विमुद्रीकरण की हानियाँ (Disadvantages of Demonetisation):
(1) विमुद्रीकरण से देश की GDP में सुस्ती आने की सम्भावना है, परन्तु यह अल्पकाल के लिए होगी और दीर्घकाल में इसमें वृद्धि ही होगी।
(2) विमुद्रीकरण से पर्यटन उद्योग को धक्का लगा। नकद पैसा निकलवाने में कठिनाई होने के कारण भारत आने वाले पर्यटकों ने अपने दौरे रद्द कर दिए।
विमुद्रीकरण लम्बे समय में लाभदायक सिद्ध होगा। नोटबन्दी के बारे में रिज़र्व बैंक की रिपोर्ट 30 अगस्त, 2017 को प्रकाशित हुई, जिसमें कहा गया कि Rs. 1000 और Rs. 500 के 99% नोट वापस आ गए हैं। 8 नवम्बर, 2016 को Rs. 1000 और Rs. 500 के Rs. 15.44 लाख करोड़ के नोट चलन में थे। 30 जून, 2017 तक Rs. 15.28 लाख करोड़ के नोट वापस आ गए। सरकार के नोटबन्दी पर Rs. 21 हज़ार करोड़ खर्च हुए और लगभग Rs. 16 हज़ार करोड़ के नोट वापस नहीं आए।
Exam Tips:
a) उत्तर के चार भाग रखें: अर्थ, कारण, 8 नवम्बर 2016 की नोटबन्दी और नोट बदलने के नियम, फिर लाभ-हानियाँ।
b) तिथियाँ (8 नवम्बर 2016, 30 दिसम्बर 2016) और नोटों के मूल्य (Rs. 500, Rs. 1000, नए Rs. 500 व Rs. 2000) सही लिखें।
c) 1946 और 1978 के पिछले विमुद्रीकरण का उल्लेख करें।
d) लाभों में काले धन, आतंकवाद, कैशलेस अर्थव्यवस्था और कर आय को प्रमुखता दें।
Question 5: मुद्रा की पूर्ति से क्या अभिप्राय है? मुद्रा की पूर्ति के प्रभाव स्पष्ट करें।
(What is meant by Supply of Money? Discuss the effects of the Supply of Money.)
Answer:
मुद्रा की पूर्ति एक अर्थव्यवस्था में करन्सी के समस्त भण्डार को कहते हैं। इसमें एक निश्चित समय पर प्रचलित मौद्रिक भण्डार भी शामिल होता है। मुद्रा में नकद मुद्रा, सिक्के और बचत खातों की रकम को शामिल किया जाता है। समष्टि अर्थशास्त्र को समझने के लिए मुद्रा की पूर्ति का ज्ञान आवश्यक है। अर्थशास्त्रियों का विचार है कि नीति निर्माण के लिए मुद्रा की पूर्ति का ज्ञान अति आवश्यक होता है। सार्वजनिक क्षेत्र और निजी क्षेत्र की सफलता के लिए भी इसका ज्ञान आवश्यक है। देश में मुद्रा की पूर्ति, कीमत स्तर, मुद्रा स्फीति और व्यापारिक चक्र देश के व्यापार को प्रभावित करते हैं। मुद्रा पूर्ति को मुद्रा स्टॉक (Money Stock) भी कहा जाता है।
मुद्रा पूर्ति का माप (Measurement of Supply of Money): मुद्रा की पूर्ति (Ms) के कई रूप होते हैं:
1. M0: देश में मुद्रा की कुल पूर्ति को M0 कहा जाता है, जिसमें हर प्रकार की मुद्रा शामिल होती है।
2. M1 (Narrow Money) = CC + DD + Other Deposits: इसमें देश के करन्सी नोट (CC) शामिल किए जाते हैं। इसके अलावा माँग जमा (Demand Deposits, DD) तथा बैंकों के अन्य खातों, जैसे चालू खाते की जमा (Current Deposits) को भी शामिल किया जाता है।
3. M2 = M1 + Saving Deposits of Post Office Savings: M1 (CC + DD + Other Deposits) के साथ डाकखानों के बचत खातों की जमा राशि जोड़ने पर M2 बनता है।
4. M3 (Broad Money) = M1 + Time Deposits of Banks: M1 में बैंकों की समय अवधि जमा (Time Deposits) जोड़ने पर M3 बनता है।
5. M4 (Wide Measure) = M3 + Post Office Saving Deposits: M3 में डाकखानों के बचत खातों की जमा रकम जोड़ने पर M4 बनता है।
अर्थव्यवस्था पर मुद्रा की पूर्ति के प्रभाव (Effects of Supply of Money on the Economy): जब मुद्रा की पूर्ति बढ़ती है तो ब्याज की दर (Rate of Interest) कम हो जाती है। इसके परिणामस्वरूप निवेश में वृद्धि होती है। लोगों की मौद्रिक आय बढ़ने से व्यय भी बढ़ता है। उत्पादन बढ़ने लगता है और रोज़गार पर अच्छा प्रभाव पड़ता है।
इसके विपरीत, यदि मुद्रा की पूर्ति कम हो जाती है तो अर्थव्यवस्था पर बुरा प्रभाव पड़ता है। मुद्रा की कम पूर्ति के कारण व्यापारिक चक्र पैदा होते हैं, जैसे सुस्ती और मन्दीकाल (Depression) की स्थिति। मुद्रा की पूर्ति में वृद्धि की जाए तो पुनरुत्थान (Recovery) और तेज़ीकाल (Boom) की स्थिति उत्पन्न हो जाती है। इस प्रकार मुद्रा की पूर्ति देश की आर्थिक स्थिति को प्रभावित करती है।
Exam Tips:
a) उत्तर के दो भाग रखें: अर्थ व माप (M0 से M4), और अर्थव्यवस्था पर प्रभाव।
b) प्रभाव में दोनों स्थितियाँ लिखें: पूर्ति बढ़ने पर और पूर्ति घटने पर।
c) पूर्ति बढ़ने की शृंखला याद रखें: ब्याज दर घटना, निवेश बढ़ना, उत्पादन व रोज़गार बढ़ना।
Free study material for Economics
Step-by-Step Textbook Answers: Class 12 Economics Hindi Medium Chapter 06 मुद्रा, मुद्रा की पूर्ति तथा कार्य
Official Punjab Board Solutions for Hindi Medium Chapter 06 मुद्रा, मुद्रा की पूर्ति तथा कार्य
Review comprehensive exercise answers for Class 12 Economics Hindi Medium Chapter 06 मुद्रा, मुद्रा की पूर्ति तथा कार्य. Fully updated to match current Punjab Board syllabus guidelines, these textbook solutions help students verify their work and maintain accurate study notes.
Step-by-Step Explanations for Hindi Medium Chapter 06 मुद्रा, मुद्रा की पूर्ति तथा कार्य
Each solution includes detailed reasoning to foster genuine comprehension of Hindi Medium Chapter 06 मुद्रा, मुद्रा की पूर्ति तथा कार्य concepts. Reviewing these step-by-step breakdowns allows learners to master both analytical and descriptive questions expected in school evaluations.
Next Steps in Your Economics Revision
Frequent review of these structured answers builds strong analytical capabilities and response efficiency. Maximize your academic readiness by combining these textbook solutions with our curated study materials and mock evaluations for Class 12 Economics.
FAQs
The complete and updated PSEB 12th Class Economics Solutions Chapter 6 मुद्रा, मुद्रा की पूर्ति तथा कार्य is available for free on StudiesToday.com. These solutions for Class 12 Economics are as per latest Punjab Board curriculum.
Yes, our experts have revised the PSEB 12th Class Economics Solutions Chapter 6 मुद्रा, मुद्रा की पूर्ति तथा कार्य as per 2026 exam pattern. All textbook exercises have been solved and have added explanation about how the Economics concepts are applied in case-study and assertion-reasoning questions.
Toppers recommend using Punjab Board language because Punjab Board marking schemes are strictly based on textbook definitions. Our PSEB 12th Class Economics Solutions Chapter 6 मुद्रा, मुद्रा की पूर्ति तथा कार्य will help students to get full marks in the theory paper.
Yes, we provide bilingual support for Class 12 Economics. You can access PSEB 12th Class Economics Solutions Chapter 6 मुद्रा, मुद्रा की पूर्ति तथा कार्य in both English and Hindi medium.
Yes, you can download the entire PSEB 12th Class Economics Solutions Chapter 6 मुद्रा, मुद्रा की पूर्ति तथा कार्य in printable PDF format for offline study on any device.