Solutions for Class 11 Political Science: Hindi Medium Chapter 23 राज्यनीति के निर्देशक सिद्धान्त
Review structured textbook solutions for Class 11 Political Science Hindi Medium Chapter 23 राज्यनीति के निर्देशक सिद्धान्त. Built according to Punjab Board guidelines for the 2026-27 academic year, these downloadable answers support daily revision and problem-solving accuracy.
Practice Class 11 Political Science Solutions: Hindi Medium Chapter 23 राज्यनीति के निर्देशक सिद्धान्त
Navigate directly to the solved Political Science textbook exercises using the digital viewer below. Each solution includes detailed step-by-step explanations, allowing students to instantly cross-check their work and identify areas requiring further revision.
दीर्घ उत्तरीय प्रश्न
Question 1: राज्य के नीति-निर्देशक तत्त्वों का क्या अर्थ है? मौलिक अधिकारों और नीति-निर्देशक तत्त्वों में क्या अन्तर है? अथवा मौलिक अधिकारों तथा निर्देशक सिद्धान्तों के परस्पर सम्बन्धों का वर्णन करो।
Answer:
भारतीय संविधान की एक विशेषता राज्यनीति के निर्देशक सिद्धान्तों का समावेश है। इनका वर्णन संविधान के भाग IV में अनुच्छेद 36 से 51 तक किया गया है। संविधान निर्माताओं ने यह विचार आयरलैंड के संविधान से लिया।
अर्थ: निर्देशक सिद्धान्त ऐसे आदर्श हैं जो प्रत्येक सरकार के लिए मार्गदर्शक का काम करते हैं और देश के शासन का आधार हैं। इनमें नागरिकों के कुछ अधिकार और सरकार के कुछ उत्तरदायित्व बताए गए हैं जिन्हें लागू करना राज्य का कर्तव्य माना गया है, पर न्यायालय इन्हें लागू नहीं करवा सकते। संविधान निर्माताओं ने इन्हें देश में आर्थिक लोकतन्त्र लाने के लिए रखा था। अनुच्छेद 37 के अनुसार इस भाग के उपबन्ध न्यायालय द्वारा लागू नहीं किए जा सकते, फिर भी ये देश के शासन की आधारशिला हैं और कानून बनाते समय इन्हें लागू करना राज्य का कर्तव्य होगा।
मौलिक अधिकारों और निर्देशक सिद्धान्तों में अन्तर: मौलिक अधिकार भाग III में हैं और व्यक्ति के विकास का साधन हैं, जबकि निर्देशक सिद्धान्त भाग IV में हैं और कल्याणकारी राज्य की स्थापना तथा आर्थिक, सामाजिक, मानसिक व नैतिक विकास के लिए हैं। उद्देश्य समान दिखने पर भी दोनों में ये अन्तर हैं-
1. न्याययोग्यता: मौलिक अधिकार न्याययोग्य हैं; इनके उल्लंघन पर नागरिक न्यायालय जा सकता है। निर्देशक सिद्धान्त न्याययोग्य नहीं हैं; इनकी अवहेलना पर नागरिक न्यायालय नहीं जा सकता।
2. स्वरूप: मौलिक अधिकार निषेधात्मक हैं, क्योंकि वे सरकार की शक्तियों पर रोक लगाते हैं (जैसे जाति, धर्म, लिंग के आधार पर भेदभाव न करना)। निर्देशक सिद्धान्त सकारात्मक हैं, क्योंकि वे सरकार को कुछ कार्य करने का आदेश देते हैं (जैसे जीवन-स्तर ऊँचा उठाना और बेरोज़गारी दूर करना)।
3. सम्बन्ध: मौलिक अधिकार मुख्यतः व्यक्ति से जुड़े हैं और उसके व्यक्तित्व के विकास के लिए हैं; निर्देशक सिद्धान्त पूरे समाज के विकास पर बल देते हैं। अनुच्छेद 38 के अनुसार राज्य ऐसे समाज की व्यवस्था करेगा जिसमें सबको सामाजिक व आर्थिक न्याय मिले।
4. लक्ष्य: मौलिक अधिकार (जैसे अनुच्छेद 19 की छः स्वतन्त्रताएँ) राजनीतिक लोकतन्त्र की नींव हैं, जबकि निर्देशक सिद्धान्त आर्थिक लोकतन्त्र की स्थापना का लक्ष्य रखते हैं ताकि राजनीतिक लोकतन्त्र सफल हो सके।
5. क्षेत्र: मौलिक अधिकार केवल राज्य में रहने वाले व्यक्तियों से सम्बन्धित हैं, जबकि निर्देशक सिद्धान्तों का महत्त्व अन्तर्राष्ट्रीय क्षेत्र में भी है।
6. स्थिति: मौलिक अधिकार नागरिकों को प्राप्त हो चुके हैं, जबकि निर्देशक सिद्धान्त ऐसे आदर्श हैं जिन्हें अभी पूरी तरह लागू करना सरकार का लक्ष्य है।
7. टकराव की स्थिति में प्राथमिकता: 25वें और 42वें संशोधन से पहले मौलिक अधिकारों को प्रधानता प्राप्त थी। सर्वोच्च न्यायालय का मत था कि राज्य निर्देशक सिद्धान्तों के पालन के लिए कानून बनाए, पर उनसे मौलिक अधिकारों को हानि न पहुँचे। 25वें संशोधन ने अनुच्छेद 39(B) और 39(C) के सिद्धान्तों को लागू करने वाले कानूनों को इस आधार पर रद्द होने से बचाया कि वे अनुच्छेद 14, 19 या 31 के अधिकारों का उल्लंघन करते हैं। 42वें संशोधन की धारा 4 ने यह संरक्षण भाग IV के सभी निर्देशक सिद्धान्तों तक बढ़ा दिया, परन्तु 1980 में सर्वोच्च न्यायालय ने इस धारा को रद्द कर दिया, जिससे स्थिति 42वें संशोधन से पहले जैसी हो गई।
निष्कर्ष: मौलिक अधिकार और निर्देशक सिद्धान्त साथ-साथ चलते हैं। निर्देशक सिद्धान्त मौलिक अधिकारों के विरुद्ध नहीं, उनके पूरक हैं; मौलिक अधिकार राजनीतिक लोकतन्त्र और निर्देशक सिद्धान्त आर्थिक लोकतन्त्र स्थापित करते हैं।
Exam Tips:
a) अन्तर के मुद्दे (न्याययोग्यता, निषेधात्मक/सकारात्मक, व्यक्ति/समाज) अलग-अलग अनुच्छेद में लिखें।
b) अनुच्छेद 37 का कथन और आयरलैंड के संविधान का नाम अवश्य लिखें।
c) 25वें और 42वें संशोधन तथा 1980 के निर्णय का क्रम स्पष्ट रखें।
Question 2: राज्य के नीति-निर्देशक तत्त्वों की सहायता से हमारा देश सामाजिक और आर्थिक लक्ष्यों की प्राप्ति किस प्रकार कर सकता है?
Answer:
संविधान के भाग IV के निर्देशक सिद्धान्त सामाजिक और आर्थिक लक्ष्यों की प्राप्ति में लगे भारत के लिए मार्गदर्शक हैं। ग्रेनविल ऑस्टिन के अनुसार ये सिद्धान्त उन सामाजिक आदर्शों की व्यवस्था करते हैं जो भारतीय सामाजिक क्रान्ति का लक्ष्य हैं, क्योंकि सामाजिक और आर्थिक लोकतन्त्र के बिना राजनीतिक लोकतन्त्र स्थायी नहीं रह सकता। डॉ० अम्बेदकर ने भी संविधान सभा में कहा था कि संविधान का उद्देश्य केवल राजनीतिक लोकतन्त्र नहीं, बल्कि ऐसा कल्याणकारी राज्य बनाना है जिसमें सामाजिक और आर्थिक लोकतन्त्र भी हो।
इसी उद्देश्य से 1976 के 42वें संशोधन द्वारा प्रस्तावना में भारत को “समाजवादी” राज्य घोषित किया गया, ताकि विकास का फल कुछ लोगों के हाथों में केन्द्रित न होकर सब में न्यायपूर्ण ढंग से बँटे।
निर्देशक सिद्धान्त इस उद्देश्य की पूर्ति के साधन हैं। इनके द्वारा राज्य को ये निर्देश दिए गए हैं-
1. सभी नागरिकों को सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक न्याय मिले।
2. स्त्री-पुरुष दोनों को आजीविका के पर्याप्त साधन मिलें और समान कार्य के लिए समान वेतन मिले।
3. समाज के भौतिक साधनों का स्वामित्व और वितरण सबके हित में हो तथा धन और उत्पादन के साधन कुछ व्यक्तियों के हाथों में केन्द्रित न हों।
4. श्रमिकों के स्वास्थ्य और शक्ति तथा बच्चों की कोमल अवस्था का दुरुपयोग न हो और उन्हें आर्थिक मजबूरी में अपनी आयु व शक्ति के प्रतिकूल काम न करना पड़े।
5. राज्य अपनी आर्थिक क्षमता के भीतर काम देने, शिक्षा का प्रबन्ध करने तथा बेरोज़गारी, बुढ़ापे, बीमारी और अंगहीनता में सार्वजनिक सहायता देने का प्रयत्न करे।
6. मज़दूरों के लिए अच्छा वेतन, अच्छा जीवन-स्तर और अधिकतम सामाजिक सुविधाएँ उपलब्ध हों।
42वें संशोधन (1976) से यह भी जोड़ा गया कि राज्य आर्थिक रूप से कमज़ोर लोगों के लिए मुफ़्त कानूनी सहायता का प्रबन्ध करे और कानून या अन्य ढंग से श्रमिकों को उद्योगों के प्रबन्ध में भागीदार बनाए।
Exam Tips:
a) ग्रेनविल ऑस्टिन और डॉ० अम्बेदकर के कथन उद्धृत करने से अंक बढ़ते हैं।
b) प्रस्तावना में “समाजवादी” शब्द को 42वें संशोधन से जोड़कर लिखें।
Question 3: राज्य के नीति-निर्देशक तत्त्वों का संक्षेप में उल्लेख कीजिए जो देश की आर्थिक नीतियों से सम्बन्धित हैं। अथवा राज्यनीति के निर्देशक सिद्धान्तों का क्या अर्थ है? भारतीय संविधान में दिए गए निर्देशक सिद्धान्तों का वर्णन करो।
Answer:
निर्देशक सिद्धान्तों का वर्णन अनुच्छेद 36 से 51 में है और ये आर्थिक, सामाजिक, प्रशासनिक, शिक्षा-सम्बन्धी तथा अन्तर्राष्ट्रीय सभी क्षेत्रों से जुड़े हैं। डॉ० एम०पी० शर्मा ने इन्हें तीन वर्गों (समाजवादी, गांधीवादी, उदारवादी) में बाँटा है। सुविधा के लिए इन्हें चार श्रेणियों में रखा जा सकता है-
1. समाजवादी एवं आर्थिक सिद्धान्त
(क) सभी नागरिकों को सामाजिक, आर्थिक व राजनीतिक न्याय मिले।
(ख) स्त्री-पुरुषों को समान रूप से आजीविका के पर्याप्त साधन मिलें।
(ग) समान कार्य के लिए समान वेतन मिले।
(घ) भौतिक साधनों का स्वामित्व और वितरण सबके हित में हो।
(ङ) धन और उत्पादन के साधनों का हानिकारक केन्द्रीकरण न हो।
(च) श्रमिकों के स्वास्थ्य और बच्चों की कोमल अवस्था का दुरुपयोग न हो।
(छ) बचपन और युवावस्था का शोषण तथा नैतिक पतन से संरक्षण हो।
(ज) राज्य लोगों के भोजन को पौष्टिक बनाने का प्रयत्न करे।
(झ) बेकारी, बुढ़ापे, बीमारी व अंगहीनता में सार्वजनिक सहायता मिले, काम और शिक्षा का अधिकार प्राप्त हो।
(ञ) मज़दूरों के लिए न्यायपूर्ण कार्य-परिस्थितियाँ और स्त्रियों के लिए प्रसूति सहायता का प्रबन्ध हो।
(ट) मज़दूरों को अच्छा वेतन, अच्छा जीवन-स्तर, आवश्यक छुट्टियाँ और सामाजिक व सांस्कृतिक सुविधाएँ मिलें।
2. गांधीवादी सिद्धान्त (गांधी जी के स्वतन्त्र भारत सम्बन्धी विचारों पर आधारित)
(क) ग्राम पंचायतों का संगठन और उन्हें स्वशासी इकाइयों के रूप में कार्य करने की शक्तियाँ।
(ख) ग्रामों में निजी तथा सहकारी आधार पर कुटीर उद्योगों को प्रोत्साहन।
(ग) अनुसूचित जातियों, जनजातियों व अन्य कमज़ोर वर्गों की शिक्षा तथा आर्थिक हितों की उन्नति और उन्हें सामाजिक अन्याय व शोषण से बचाना।
(घ) शराब व अन्य हानिकारक नशीली वस्तुओं पर रोक।
(ङ) गायों, बछड़ों तथा दूध देने वाले व भार ढोने वाले पशुओं के वध पर रोक।
3. उदारवादी सिद्धान्त
(क) समस्त भारत में समान नागरिक संहिता (Uniform Civil Code) लागू करने का प्रयत्न।
(ख) न्यायपालिका को कार्यपालिका से अलग करना।
(ग) 14 वर्ष तक के बच्चों के लिए निःशुल्क व अनिवार्य शिक्षा (संविधान लागू होने के दस वर्ष के भीतर, यह लक्ष्य रखा गया था)।
(घ) कृषि और पशुपालन का आधुनिक व वैज्ञानिक ढंग से संगठन।
(ङ) जीवन-स्तर व पोषण-स्तर ऊँचा उठाना और सार्वजनिक स्वास्थ्य का सुधार।
(च) संसद् द्वारा राष्ट्रीय महत्त्व के घोषित ऐतिहासिक व कलात्मक स्मारकों की रक्षा।
4. अन्तर्राष्ट्रीय शान्ति व सुरक्षा सम्बन्धी सिद्धान्त (अनुच्छेद 51): (क) अन्तर्राष्ट्रीय शान्ति और सुरक्षा को बढ़ावा देना, (ख) अन्य राष्ट्रों से न्यायपूर्ण व सम्मानपूर्ण सम्बन्ध रखना, (ग) अन्तर्राष्ट्रीय सन्धियों, समझौतों और कानूनों के प्रति आदर पैदा करना, (घ) अन्तर्राष्ट्रीय विवादों को मध्यस्थता से सुलझाना।
42वें संशोधन द्वारा जोड़े गए सिद्धान्त: (1) बच्चों को स्वस्थ, स्वतन्त्र और गरिमापूर्ण वातावरण में विकास के अवसर मिलें; (2) समान अवसर के आधार पर न्याय का विकास करने वाली कानून-प्रणाली और आर्थिक रूप से कमज़ोरों के लिए मुफ़्त कानूनी सहायता; (3) श्रमिकों को उद्योगों के प्रबन्ध में भागीदार बनाना; (4) पर्यावरण, वनों और वन्य-जीवन की रक्षा व सुधार।
44वें संशोधन द्वारा अनुच्छेद 38 में यह जोड़ा गया कि राज्य आय की असमानता को कम करने तथा व्यक्तियों और विभिन्न क्षेत्रों या व्यवसायों में लगे समूहों के बीच स्तर, सुविधाओं और अवसरों की असमानता दूर करने का प्रयास करेगा।
निर्देशक सिद्धान्त जीवन के लगभग हर पहलू से जुड़े हैं, इसलिए इन्हें किसी एक विशेष दर्शन से नहीं जोड़ा गया। इनका उद्देश्य सरकार को उन कठिनाइयों को दूर करने की दिशा देना है जो उस समय समाज में मौजूद थीं।
Exam Tips:
a) चारों श्रेणियों को शीर्षक देकर बिन्दुवार लिखें।
b) आर्थिक नीति वाले प्रश्न में केवल पहली श्रेणी विस्तार से लिखें।
c) 42वें और 44वें संशोधन के जोड़े गए सिद्धान्त अलग से बताएँ।
Question 4: राज्य के नीति-निर्देशक तत्त्वों को किस ढंग से और किस सीमा तक क्रियान्वित किया जा चुका है? विवेचन कीजिए।
Answer:
1950 से अब तक केन्द्र और राज्य सरकारों ने निर्देशक सिद्धान्तों को लागू करने के लिए अनेक प्रयास किए हैं-
1. कमज़ोर वर्गों की भलाई: अनुसूचित जातियों, जनजातियों और पिछड़े वर्गों के बच्चों को स्कूलों-कॉलेजों में विशेष सुविधाएँ दी जाती हैं और सरकारी नौकरियों में स्थान सुरक्षित हैं। पंजाब सरकार ने राज्य सेवाओं में अनुसूचित जातियों के लिए 25% तथा पिछड़ी जातियों के लिए भी स्थान आरक्षित किए हैं और तमिलनाडु ने 69% स्थान आरक्षित किए हैं। लोकसभा में अनुसूचित जातियों के लिए 84 तथा अनुसूचित जनजातियों के लिए 47 स्थान आरक्षित हैं; संसद् और विधानमण्डलों में यह आरक्षण समय-समय पर बढ़ाया जाता रहा है।
2. ज़मींदारी प्रथा का अन्त और भूमि-सुधार: इनके लिए अनेक कानून पारित किए गए।
3. पंचवर्षीय योजनाएँ: आर्थिक-सामाजिक उन्नति, प्राकृतिक साधनों के जनहित में प्रयोग और जीवन-स्तर ऊँचा करने के लिए योजनाएँ चलाई गईं; 12वीं योजना मार्च 2017 में पूरी हुई।
4. पंचायती राज: बलवन्त राय मेहता समिति (1957) की रिपोर्ट के आधार पर लगभग सभी राज्यों में पंचायती राज लागू हुआ और 73वें संशोधन से पंचायतों को गाँवों के विकास की अधिक शक्तियाँ मिलीं।
5. सामुदायिक योजनाएँ: गाँवों के विकास के लिए सामुदायिक विकास कार्यक्रम चलाए गए।
6. निःशुल्क व अनिवार्य शिक्षा: अधिकतर राज्यों में प्राथमिक शिक्षा निःशुल्क और अनिवार्य है।
7. न्यायपालिका का कार्यपालिका से पृथक्करण: पंजाब और हरियाणा सहित कई राज्यों में यह किया जा चुका है।
8. नशाबन्दी: नशीली वस्तुओं की रोकथाम के प्रयास हुए हैं।
9. कुटीर उद्योगों को प्रोत्साहन: खादी और ग्रामोद्योग आयोग लघु व कुटीर उद्योगों को आर्थिक और तकनीकी सहायता देता है।
10. बड़े उद्योगों और बैंकों का राष्ट्रीयकरण तथा राजाओं के प्रिवीपर्स की समाप्ति।
11. स्त्रियों को समान अधिकार और वेश्यावृत्ति पर कानूनी रोक।
12. विश्व शान्ति: भारत ने गुटनिरपेक्षता और शान्तिपूर्ण सह-अस्तित्व की नीति अपनाई।
13. कृषि की उन्नति के लिए वैज्ञानिक तरीकों का प्रयोग और पशुओं की नस्ल सुधार के कार्यक्रम; अधिकांश राज्यों में गाय, बछड़े और दूध देने वाले पशुओं के वध पर रोक के कानून हैं।
14. समान नागरिक संहिता की दिशा में हिन्दू कोड बिल जैसे कानून बने।
15. प्राचीन स्मारकों की रक्षा के लिए कानून बनाए गए।
16. अन्त्योदय कार्यक्रम के अन्तर्गत अत्यन्त निर्धन परिवारों को विशेष सहायता दी जाती है।
17. अनुसूचित जातियों व जनजातियों के विकास के लिए विशेष घटक योजना (Special Component Plan), अनुसूचित जाति विकास निगम, बुक बैंक योजना, प्री-मैट्रिक छात्रवृत्ति और कोचिंग योजनाएँ शुरू की गईं।
18. 25वें और 42वें संशोधन का मुख्य उद्देश्य भी निर्देशक सिद्धान्तों को लागू करना था।
सीमा: इतने प्रयासों के बावजूद बहुत कुछ करना शेष है। किसानों की दशा अब भी चिन्ताजनक है, बेरोज़गारी बढ़ रही है, नशे का प्रसार है और कमज़ोर वर्गों को पूरा सामाजिक न्याय नहीं मिला। पंचायती राज संस्थाओं को अपेक्षित सफलता नहीं मिली और केन्द्रीकरण की प्रवृत्ति बनी हुई है। 1986 का मुस्लिम महिला अधिनियम समान नागरिक संहिता की भावना के विपरीत माना जाता है। इसलिए सरकार को इन सिद्धान्तों को लागू करने की गति बढ़ानी चाहिए।
Exam Tips:
a) आरक्षण-सम्बन्धी आँकड़े पाठ्यपुस्तक के अनुसार ही लिखें।
b) उत्तर के अन्त में सीमाओं पर एक अनुच्छेद अवश्य लिखें।
c) कम-से-कम 8-10 उपलब्धियाँ शीर्षक सहित लिखें।
Question 5: नीति-निर्देशक तत्त्वों के पीछे कौन-सी शक्ति कार्य कर रही है? संक्षेप में विवेचना कीजिए।
Answer:
निर्देशक सिद्धान्तों को लागू करवाने के लिए न्यायालय में नहीं जाया जा सकता, क्योंकि इनके पीछे कानूनी शक्ति नहीं है। परन्तु इनके पीछे कानून से कहीं अधिक शक्तिशाली जनमत की शक्ति है। लोकतन्त्र में जनमत से बड़ी कोई शक्ति नहीं होती। चूँकि ये सिद्धान्त कल्याणकारी राज्य की स्थापना करते हैं, इसलिए जनता इन्हें लागू करने के पक्ष में है। कोई भी सरकार जनता की इच्छा की अवहेलना नहीं कर सकती; ऐसा करने पर वह जनता का विश्वास खो देगी और अगले आम चुनाव में हार सकती है।
प्रो० पायली के शब्दों में, “निर्देशक सिद्धान्त राष्ट्र की आत्मा का आधारभूत स्तर हैं तथा जो इनका उल्लंघन करेंगे वे उस उत्तरदायित्व की स्थिति से हटने का खतरा मोल लेंगे जिसके लिए उन्हें चुना गया है।”
42वें संशोधन की धारा 4 में व्यवस्था की गई थी कि भाग IV के किसी भी निर्देशक सिद्धान्त को लागू करने वाला कानून इस आधार पर रद्द नहीं होगा कि वह अनुच्छेद 14, 19 या 31 के मौलिक अधिकारों का उल्लंघन करता है (अनुच्छेद 31 को बाद में 44वें संशोधन द्वारा निकाल दिया गया)। परन्तु 1980 में सर्वोच्च न्यायालय ने इस धारा को रद्द कर दिया।
Exam Tips:
a) मुख्य बिन्दु: कानूनी शक्ति नहीं, जनमत की शक्ति है।
b) प्रो० पायली का कथन लिखना न भूलें।
Question 6: भारतीय संविधान में दिए गए निर्देशक सिद्धान्तों की आलोचनात्मक व्याख्या कीजिए।
Answer:
निर्देशक सिद्धान्तों के पीछे कानूनी शक्ति नहीं है और न्यायालय इन्हें लागू नहीं करवाते, इसलिए इनकी कड़ी आलोचना हुई है। डॉ० जेनिंग्ज इन्हें महत्त्वहीन मानते हैं। प्रो० के०टी० शाह ने इन्हें ऐसे चैक के समान कहा जिसका भुगतान बैंक की सुविधा पर छोड़ दिया गया हो। नसीरुद्दीन के अनुसार इनका महत्त्व नववर्ष के संकल्पों से अधिक नहीं, जिन्हें अगले ही दिन भुला दिया जाता है। आलोचना के मुख्य आधार-
1. कानूनी महत्त्व नहीं: ये न्याययोग्य नहीं हैं; सरकार लागू न करे तो कोई व्यक्ति न्यायालय नहीं जा सकता।
2. अनिश्चित और अस्पष्ट: उदाहरण के लिए समाजवादी सिद्धान्तों में मज़दूरों और मालिकों के सम्बन्धों के बारे में कुछ निश्चित नहीं कहा गया।
3. पवित्र इच्छाएँ: ये संविधान निर्माताओं की सद्भावनाओं का संग्रह मात्र हैं; इनसे सरकार सस्ती लोकप्रियता पा सकती है। श्री वी०एन० राव के अनुसार ये राज्य-अधिकारियों के लिए नैतिक उपदेश जैसे हैं और संविधान में उपदेशों का स्थान नहीं है।
4. प्रभु राज्य में अस्वाभाविक: निर्देश अधीनस्थ को दिए जाते हैं; प्रभुत्व-सम्पन्न राज्य का स्वयं को आदेश देना अर्थहीन लगता है।
5. संवैधानिक टकराव की सम्भावना: के० सन्थानम ने आशंका जताई थी कि यदि राष्ट्रपति किसी बिल को निर्देशक सिद्धान्तों के विरुद्ध मानकर स्वीकृति न दें, तो राष्ट्रपति-प्रधानमन्त्री या राज्यपाल-मुख्यमन्त्री के बीच मतभेद पैदा हो सकते हैं।
6. उचित वर्गीकरण का अभाव: डॉ० श्रीनिवासन के अनुसार कम महत्त्व के विषय अत्यन्त महत्त्वपूर्ण आर्थिक-सामाजिक प्रश्नों के साथ मिला दिए गए हैं और आधुनिकता का प्राचीनता से बेमेल मिश्रण है।
7. राजनीतिक दर्शन अधिक, व्यावहारिक राजनीति कम: ये आदर्शवाद पर ज़ोर देते हैं और व्यावहारिक राजनीति से दूर हैं।
8. साधनों की उपेक्षा: जेनिंग्ज के अनुसार यह भाग केवल लक्ष्य बताता है, उन्हें पाने के साधन नहीं।
9. सरल जनता को धोखा: कई सिद्धान्त अव्यावहारिक हैं, जैसे नशाबन्दी। आन्ध्र प्रदेश में नवम्बर 1994 में नशाबन्दी लागू हुई, पर राजस्व की भारी हानि के कारण मार्च 1997 में इसे रद्द करना पड़ा। हरियाणा में 1996 में शराबबन्दी लागू हुई, पर आर्थिक कठिनाई के कारण 1 अप्रैल 1998 को बिक्री फिर खोल दी गई।
इन आधारों पर आलोचक इन्हें निरर्थक कहते हैं, परन्तु इनका महत्त्व पूरी तरह नकारा नहीं जा सकता।
Exam Tips:
a) आलोचकों (जेनिंग्ज, के०टी० शाह, नसीरुद्दीन) के कथन उत्तर को प्रभावशाली बनाते हैं।
b) आलोचना के बाद एक पंक्ति में निष्कर्ष लिखें कि इनका महत्त्व कम नहीं होता।
Question 7: हमारे संविधान में दिए गए राज्यनीति के निर्देशक सिद्धान्तों के महत्त्व की विवेचना कीजिए।
Answer:
कानूनी शक्ति न होने के कारण भले ही इनकी आलोचना हुई हो, इन्हें निरर्थक कहना ग़लत है। ये भारतीय शासन के आधारभूत सिद्धान्त हैं और कोई सरकार इनकी उपेक्षा नहीं कर सकती। इनका महत्त्व इन बातों से स्पष्ट है-
1. सरकार के लिए मार्गदर्शक: अनुच्छेद 37 के अनुसार ये शासन के मूल सिद्धान्त हैं। कोई भी दल सरकार बनाए, उसे अपनी आन्तरिक और बाह्य नीतियाँ बनाते समय इन्हें ध्यान में रखना पड़ता है; ये मानो सभी दलों का साझा चुनाव-घोषणापत्र हैं।
2. कल्याणकारी राज्य के आदर्श की घोषणा: कल्याणकारी राज्य के लिए आवश्यक सभी बातें इनमें हैं। जस्टिस सप्रू के अनुसार इनमें वह सारा दर्शन है जिस पर आधुनिक राष्ट्र में कल्याणकारी राज्य बन सकता है।
3. सरकार की सफलता जाँचने की कसौटी: मतदाता इनके आधार पर आँकते हैं कि सत्तारूढ़ दल ने अपनी नीतियों में इन्हें कितना अपनाया।
4. मौलिक अधिकारों को वास्तविक बनाने में सहायक: बेरोज़गारी दूर हुए और आर्थिक-सामाजिक समानता आए बिना राजनीतिक अधिकारों का पूरा लाभ नहीं मिल सकता।
5. उपयोगी नैतिक आदर्श: इन्हें नैतिक उपदेश कहने से भी इनकी उपयोगिता कम नहीं होती; संविधान में होने से ये आदर्श सदा जनता और सरकार के सामने रहते हैं।
6. न्यायपालिका के मार्गदर्शक: इन्हें लागू नहीं करवाया जा सकता, फिर भी न्यायालय अनेक मुकदमों में इनका उल्लेख करते हैं।
7. स्थिरता और निरन्तरता: दल बदलने पर भी नीतियाँ इन सिद्धान्तों से बँधी रहने के कारण शासन में स्थिरता आती है।
8. जनमत का समर्थन: इनके पीछे कानून से अधिक जनमत की शक्ति है, जिसकी उपेक्षा कोई सरकार नहीं कर सकती।
9. वास्तविक लोकतन्त्र का विश्वास: ये आर्थिक लोकतन्त्र की स्थापना कराते हैं, जो सच्चे लोकतन्त्र के लिए आवश्यक है।
10. सामाजिक क्रान्ति का आधार: ये नई सामाजिक दशा के सूचक हैं।
एम०सी० छागला के अनुसार यदि इन सिद्धान्तों को लागू कर दिया जाए तो हमारा देश धरती पर स्वर्ग बन जाएगा।
Exam Tips:
a) कम-से-कम छः बिन्दु उदाहरण सहित लिखें।
b) सप्रू और छागला के कथन उद्धृत करें।
लघु उत्तरीय प्रश्न
Question 1: राज्यनीति के निर्देशक सिद्धान्तों का क्या अर्थ है?
Answer:
राज्यनीति के निर्देशक सिद्धान्त ऐसे आदर्श हैं जो प्रत्येक सरकार के लिए मार्गदर्शक का काम करते हैं और देश के प्रशासन का आधार हैं। इनमें नागरिकों के कुछ अधिकार और शासन के कुछ उत्तरदायित्व बताए गए हैं जिन्हें लागू करना राज्य का कर्तव्य माना गया है, पर न्यायालय इन्हें लागू नहीं करवा सकते। संविधान निर्माताओं ने इन्हें आर्थिक लोकतन्त्र लाने के लिए रखा था। अनुच्छेद 37 के अनुसार ये देश के शासन की आधारशिला हैं और कानून बनाते समय इन्हें लागू करना राज्य का कर्तव्य होगा।
Exam Tips:
a) परिभाषा में “मार्गदर्शक” और “न्यायालय द्वारा लागू नहीं” ये दोनों बातें लिखें।
b) अनुच्छेद 37 का उल्लेख करें।
Question 2: भारत के संविधान में अंकित निर्देशक सिद्धान्तों के स्वरूप की व्याख्या करें।
Answer:
1. संसद् और कार्यपालिका के लिए निर्देश: ये भावी सरकारों और संसद् के लिए नैतिक निर्देश हैं जिनके आधार पर नीतियाँ बननी चाहिए।
2. न्यायालय द्वारा लागू न होना: ये न्याययोग्य नहीं हैं; सरकार इनकी अवहेलना करे तो नागरिक न्यायालय नहीं जा सकता।
3. आर्थिक लोकतन्त्र: इनका लक्ष्य आर्थिक लोकतन्त्र की स्थापना करना है।
Exam Tips:
a) तीनों बिन्दुओं को शीर्षक के साथ अलग-अलग लिखें।
Question 3: मौलिक अधिकारों और राज्यनीति के निर्देशक सिद्धान्तों में चार अन्तर बताएँ।
Answer:
1. न्याययोग्यता: मौलिक अधिकार न्यायालय द्वारा लागू करवाए जा सकते हैं, निर्देशक सिद्धान्त नहीं।
2. स्वरूप: मौलिक अधिकार निषेधात्मक हैं (सरकार की शक्तियों पर रोक लगाते हैं), निर्देशक सिद्धान्त सकारात्मक हैं (सरकार को कुछ करने का आदेश देते हैं)।
3. सम्बन्ध: मौलिक अधिकार मुख्यतः व्यक्ति के व्यक्तित्व के विकास से जुड़े हैं, निर्देशक सिद्धान्त सम्पूर्ण समाज के विकास पर बल देते हैं।
4. क्षेत्र: निर्देशक सिद्धान्तों का क्षेत्र मौलिक अधिकारों से व्यापक है (उनका अन्तर्राष्ट्रीय महत्त्व भी है)।
Exam Tips:
a) किन्हीं चार अन्तर क्रमांक देकर लिखें।
Question 4: राज्यनीति के निर्देशक सिद्धान्तों में दिए गए चार समाजवादी सिद्धान्त लिखें।
Answer:
1. राज्य ऐसी सामाजिक व्यवस्था बनाएगा जिसमें सभी नागरिकों को राष्ट्रीय जीवन के हर क्षेत्र में सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक न्याय मिले।
2. राज्य अपनी नीति इस प्रकार चलाएगा कि स्त्री-पुरुष सभी को आजीविका के साधन मिलें।
3. स्त्री और पुरुष को समान कार्य के लिए समान वेतन मिले।
4. देश के भौतिक साधनों का स्वामित्व और वितरण इस प्रकार हो कि जन-साधारण का हित हो सके।
Exam Tips:
a) चारों सिद्धान्तों को अनुच्छेद 38 और 39 के साथ जोड़कर याद करें।
Question 5: राज्यनीति के निर्देशक सिद्धान्तों में दिए गए चार उदारवादी सिद्धान्त लिखें।
Answer:
1. राज्य समस्त भारत में समान नागरिक संहिता लागू करने का प्रयत्न करेगा।
2. राज्य न्यायपालिका को कार्यपालिका से अलग करने के उचित कदम उठाएगा।
3. राज्य संविधान लागू होने के दस वर्ष के भीतर 14 वर्ष तक के बच्चों के लिए निःशुल्क और अनिवार्य शिक्षा का प्रबन्ध करेगा।
4. राज्य कृषि और पशुपालन का संगठन आधुनिक और वैज्ञानिक प्रणालियों के आधार पर करेगा।
Exam Tips:
a) समान नागरिक संहिता अनुच्छेद 44 में है, यह भी याद रखें।
Question 6: कोई चार गांधीवादी निर्देशक सिद्धान्त लिखो।
Answer:
1. राज्य ग्राम पंचायतों का संगठन करेगा और उन्हें इतनी शक्तियाँ देगा कि वे स्वशासी इकाइयों के रूप में सफलतापूर्वक काम कर सकें।
2. राज्य ग्रामों में निजी तथा सहकारी आधार पर कुटीर उद्योगों को प्रोत्साहन देगा।
3. राज्य शराब तथा अन्य हानिकारक नशीली वस्तुओं पर रोक लगाने का प्रबन्ध करेगा।
4. राज्य गायों, बछड़ों तथा दूध देने वाले अन्य पशुओं के वध को रोकने का प्रयत्न करेगा।
Exam Tips:
a) ग्राम पंचायत (अनुच्छेद 40) गांधीवादी सिद्धान्तों में पहला है।
Question 7: निर्देशक सिद्धान्तों की चार आधारों पर आलोचना करें।
Answer:
1. कानूनी महत्त्व नहीं: ये न्याययोग्य नहीं हैं; सरकार इनके अनुसार काम न करे तो न्यायालय में नहीं जाया जा सकता।
2. अनिश्चित और अस्पष्ट: बहुत-सी बातें स्पष्ट नहीं हैं, जैसे समाजवादी सिद्धान्तों में मज़दूरों और मालिकों के सम्बन्धों के बारे में कुछ नहीं कहा गया।
3. पवित्र इच्छाएँ: ये संविधान निर्माताओं की सद्भावनाओं का संग्रह मात्र हैं; इनसे जनता को झूठा सन्तोष दिया जा सकता है और सरकार सस्ती लोकप्रियता पा सकती है।
4. उचित वर्गीकरण नहीं: इन सिद्धान्तों को ठीक ढंग से वर्गीकृत नहीं किया गया।
Exam Tips:
a) प्रत्येक आलोचना के साथ एक पंक्ति का स्पष्टीकरण दें।
Question 8: निर्देशक सिद्धान्तों का महत्त्व बताएँ।
Answer:
1. सरकार के लिए मार्गदर्शक: कोई भी दल सरकार बनाए, वह अपनी नीतियाँ इन्हीं सिद्धान्तों को ध्यान में रखकर बनाता है।
2. कल्याणकारी राज्य के आदर्श की घोषणा: कल्याणकारी राज्य की स्थापना के लिए आवश्यक सभी बातें इनमें मिलती हैं।
3. सरकार की सफलता जाँचने का मापदण्ड: जनता इनके आधार पर आँकती है कि सत्तारूढ़ दल ने इन्हें किस सीमा तक अपनाया।
4. न्यायपालिका के लिए मार्गदर्शक।
Exam Tips:
a) चार महत्त्व शीर्षक सहित लिखें।
Question 9: भारतीय संविधान में दिए गए निर्देशक सिद्धान्तों में से कोई चार सिद्धान्त लिखें।
Answer:
1. राज्य ऐसे समाज का निर्माण करेगा जिसमें लोगों को सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक न्याय प्राप्त हो।
2. स्त्री-पुरुषों को आजीविका कमाने के समान अवसर मिलेंगे।
3. राज्य सभी नागरिकों के लिए समान नागरिक संहिता लागू करने का प्रयत्न करेगा।
4. बच्चों और नवयुवकों की नैतिक पतन तथा आर्थिक शोषण से रक्षा होगी।
Exam Tips:
a) अलग-अलग श्रेणियों (समाजवादी, गांधीवादी, उदारवादी) से सिद्धान्त चुनें।
Question 10: राज्यनीति के निर्देशक सिद्धान्तों को संविधान में सम्मिलित करने का क्या उद्देश्य है?
Answer:
1. भारत में सामाजिक और आर्थिक लोकतन्त्र की स्थापना करना।
2. विधानमण्डलों और कार्यपालिका को यह मार्ग दिखाना कि वे अपनी शक्ति का प्रयोग कैसे करें।
3. ऐसे कल्याणकारी राज्य की स्थापना करना जिसमें न्याय, स्वतन्त्रता और समानता हो तथा जनता सुखी और समृद्ध हो।
4. न्यायपालिका के लिए मार्गदर्शन का काम करना।
Exam Tips:
a) उद्देश्य और महत्त्व वाले प्रश्नों में अन्तर रखें; यहाँ “आर्थिक लोकतन्त्र” मुख्य शब्द है।
Question 11: राज्यनीति के निर्देशक सिद्धान्तों के पीछे कौन-सी शक्ति काम कर रही है?
Answer:
निर्देशक सिद्धान्तों के पीछे कानून की शक्ति नहीं, बल्कि जनमत की शक्ति है। लोकतन्त्र में जनमत से बड़ी कोई शक्ति नहीं होती और वह कानून की शक्ति से कहीं अधिक प्रभावी होती है। ये सिद्धान्त कल्याणकारी राज्य की स्थापना करते हैं, इसलिए जनता इन्हें लागू करने के पक्ष में है। कोई भी सरकार जनता की इच्छा की उपेक्षा नहीं कर सकती; ऐसा करने पर वह जनता का विश्वास खो बैठेगी और अगला चुनाव नहीं जीत सकेगी।
Exam Tips:
a) उत्तर की शुरुआत “जनमत की शक्ति” से करें।
Question 12: राज्यनीति के निर्देशक सिद्धान्तों में से किन्हीं चार सिद्धान्तों की व्याख्या करें जिनका सम्बन्ध आर्थिक, शैक्षिक स्वतन्त्रताओं तथा विदेश नीति से है।
Answer:
1. आर्थिक: राज्य अपनी नीति इस प्रकार चलाएगा कि सभी स्त्री-पुरुषों को समान रूप से आजीविका के पर्याप्त साधन मिल सकें।
2. आर्थिक: स्त्री और पुरुष को समान कार्य के लिए समान वेतन मिले।
3. शैक्षिक: राज्य संविधान लागू होने के दस वर्ष के भीतर 14 वर्ष तक के बच्चों के लिए निःशुल्क और अनिवार्य शिक्षा का प्रबन्ध करेगा।
4. विदेश नीति (अनुच्छेद 51): राज्य अन्तर्राष्ट्रीय शान्ति और सुरक्षा को बढ़ावा देगा।
Exam Tips:
a) प्रश्न में तीनों क्षेत्र (आर्थिक, शैक्षिक, विदेश नीति) आए हैं, इसलिए तीनों से उदाहरण दें।
Question 13: भारत की विदेश नीति से सम्बन्धित निर्देशक सिद्धान्त लिखें।
Answer:
भारत की विदेश नीति से सम्बन्धित निर्देशक सिद्धान्तों का वर्णन अनुच्छेद 51 में है। इसके अनुसार राज्य-
1. अन्तर्राष्ट्रीय शान्ति और सुरक्षा को प्रोत्साहन देगा।
2. अन्य राष्ट्रों के साथ न्यायपूर्ण और सम्मानपूर्ण सम्बन्ध बनाए रखेगा।
3. अन्तर्राष्ट्रीय सन्धियों, समझौतों और कानूनों के प्रति आदर पैदा करेगा।
4. अन्तर्राष्ट्रीय विवादों को मध्यस्थता द्वारा सुलझाने का प्रयत्न करेगा।
Exam Tips:
a) अनुच्छेद 51 के चारों निर्देश क्रम से लिखें।
Question 14: “निर्देशक सिद्धान्त न्याययोग्य नहीं हैं।” सिद्ध कीजिए।
Answer:
निर्देशक सिद्धान्त मौलिक अधिकारों की तरह न्याययोग्य नहीं हैं। ये राज्य के लिए निर्देश-मात्र हैं और इनके पीछे कानूनी शक्ति नहीं है। इन्हें न्यायालयों द्वारा लागू नहीं करवाया जा सकता। यदि कोई सरकार इन्हें लागू नहीं करती तो कोई व्यक्ति न्यायालय में नहीं जा सकता, अर्थात् न्यायालय किसी सरकार को इन्हें अपनाने के लिए बाध्य नहीं कर सकता। ये सिद्धान्त किस सीमा तक माने जाएँगे, यह राज्य या सरकार की इच्छा पर निर्भर करता है। अनुच्छेद 37 में भी यही बात स्पष्ट कही गई है।
Exam Tips:
a) अनुच्छेद 37 को प्रमाण के रूप में लिखें।
Question 15: राज्य के नीति-निर्देशक तत्त्वों में से किन्हीं चार का उल्लेख कीजिए जिन्हें व्यावहारिक रूप दिया जा चुका है।
Answer:
1. कमज़ोर वर्गों की भलाई: अनुसूचित जातियों, जनजातियों और पिछड़े वर्गों के बच्चों को स्कूलों-कॉलेजों में विशेष सुविधाएँ दी जाती हैं और सरकारी नौकरियों तथा विधानमण्डलों में स्थान आरक्षित हैं।
2. ज़मींदारी प्रथा का अन्त और भूमि-सुधार: किसानों की दशा सुधारने के लिए ज़मींदारी प्रथा समाप्त की गई और भूमि-सुधार कानून पारित किए गए ताकि सम्पत्ति का विकेन्द्रीकरण हो।
3. पंचवर्षीय योजनाएँ: देश की आर्थिक और सामाजिक उन्नति के लिए पंचवर्षीय योजनाएँ चलाई गईं (12वीं योजना 2017 में पूरी हुई)।
4. बड़े उद्योगों का राष्ट्रीयकरण किया गया।
Exam Tips:
a) प्रत्येक सिद्धान्त के साथ एक व्यावहारिक उपाय अवश्य लिखें।
अति लघु उत्तरीय प्रश्न
Question 1: राज्यनीति के निर्देशक सिद्धान्तों का क्या अर्थ है?
Answer:
राज्यनीति के निर्देशक सिद्धान्त ऐसे आदर्श हैं जो प्रत्येक सरकार के लिए मार्गदर्शक का काम करते हैं और देश के प्रशासन का आधार हैं। इनमें नागरिकों के कुछ अधिकार और शासन के कुछ उत्तरदायित्व बताए गए हैं जिन्हें लागू करना राज्य का कर्तव्य है, पर न्यायालय इन्हें लागू नहीं करवा सकते। इन्हें संविधान निर्माताओं ने आर्थिक लोकतन्त्र लाने के लिए रखा था।
Exam Tips:
a) अति लघु उत्तर में 4-5 वाक्य पर्याप्त हैं।
Question 2: भारत के संविधान में अंकित निर्देशक सिद्धान्तों के स्वरूप का वर्णन करें।
Answer:
1. ये संसद् और कार्यपालिका के लिए नैतिक निर्देश हैं जिनके आधार पर सरकार को अपनी नीतियाँ बनानी चाहिए।
2. ये न्यायालयों द्वारा लागू नहीं किए जा सकते; इनकी अवहेलना पर नागरिक न्यायालय नहीं जा सकता।
Exam Tips:
a) स्वरूप के दो मुख्य बिन्दु लिखें।
Question 3: मौलिक अधिकारों और राज्यनीति के निर्देशक सिद्धान्तों में दो अन्तर बताएँ।
Answer:
1. मौलिक अधिकार न्याययोग्य हैं, जबकि निर्देशक सिद्धान्त न्याययोग्य नहीं हैं; अधिकारों को न्यायालय द्वारा लागू करवाया जा सकता है, सिद्धान्तों को नहीं।
2. मौलिक अधिकार निषेधात्मक हैं (सरकार की शक्तियों पर रोक लगाते हैं), जबकि निर्देशक सिद्धान्त सकारात्मक हैं (सरकार को कुछ करने का आदेश देते हैं)।
Exam Tips:
a) दो अन्तर, प्रत्येक में दोनों पक्ष लिखें।
Question 4: राज्यनीति के निर्देशक सिद्धान्तों में दिए गए कोई दो समाजवादी सिद्धान्त लिखें।
Answer:
1. राज्य ऐसी सामाजिक व्यवस्था बनाएगा जिसमें सभी नागरिकों को राष्ट्रीय जीवन के हर क्षेत्र में सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक न्याय मिले।
2. राज्य अपनी नीति इस प्रकार चलाएगा कि स्त्री-पुरुष सभी को आजीविका के साधन मिल सकें।
Exam Tips:
a) अनुच्छेद 38 और 39 के सिद्धान्त समाजवादी माने जाते हैं।
Question 5: राज्यनीति के निर्देशक सिद्धान्तों में दिए गए दो उदारवादी सिद्धान्त लिखें।
Answer:
1. राज्य समस्त भारत में समान नागरिक संहिता लागू करने का प्रयत्न करेगा।
2. राज्य न्यायपालिका को कार्यपालिका से अलग करने के उचित कदम उठाएगा।
Exam Tips:
a) अनुच्छेद 44 (समान नागरिक संहिता) और अनुच्छेद 50 (न्यायपालिका का पृथक्करण) याद रखें।
Question 6: कोई दो गांधीवादी निर्देशक सिद्धान्त लिखो।
Answer:
1. राज्य ग्राम पंचायतों का संगठन करेगा और उन्हें इतनी शक्तियाँ देगा कि वे स्वशासी इकाइयों के रूप में सफलतापूर्वक कार्य कर सकें।
2. राज्य ग्रामों में निजी तथा सहकारी आधार पर कुटीर उद्योगों को प्रोत्साहन देगा।
Exam Tips:
a) गांधीवादी सिद्धान्त ग्रामीण विकास और नशाबन्दी से जुड़े हैं।
वस्तुनिष्ठ प्रश्न
I. एक शब्द/वाक्य वाले प्रश्न
Question 1: संविधान के किस भाग एवं किस अनुच्छेद में मौलिक कर्तव्यों का वर्णन किया गया है?
Answer:
संविधान के भाग IV-A में, अनुच्छेद 51-A में।
Exam Tips:
a) अनुच्छेद 51-A की सूची याद रखें, यह परीक्षा में बार-बार पूछी जाती है।
b) भाग IV (निर्देशक सिद्धान्त) और भाग IV-A (मौलिक कर्तव्य) में भ्रमित न हों।
Question 2: संविधान के भाग IV-A में नागरिकों के कितने मौलिक कर्तव्यों का वर्णन किया गया है?
Answer:
वर्तमान में 11 मौलिक कर्तव्यों का वर्णन है।
Exam Tips:
a) मूल रूप में 10 कर्तव्य थे, 86वें संशोधन (2002) से 11 हो गए।
Question 3: नागरिकों के मौलिक कर्तव्यों को संविधान में किस संशोधन द्वारा जोड़ा गया?
Answer:
42वें संशोधन (1976) द्वारा।
Exam Tips:
a) स्वर्ण सिंह समिति की सिफ़ारिश पर यह संशोधन किया गया था, इसे साथ में लिखें।
Question 4: संविधान के किस भाग में राज्य के नीति-निर्देशक सिद्धान्तों का वर्णन किया गया है?
Answer:
संविधान के भाग IV में।
Exam Tips:
a) निर्देशक सिद्धान्त अनुच्छेद 36 से 51 तक हैं।
Question 5: संविधान का कौन-सा अनुच्छेद अन्तर्राष्ट्रीय शान्ति व सुरक्षा से सम्बन्धित है?
Answer:
अनुच्छेद 51।
Exam Tips:
a) अनुच्छेद 51 के चारों निर्देशों को क्रम से याद करें।
Question 6: मौलिक अधिकारों एवं नीति-निर्देशक सिद्धान्तों में कोई एक अन्तर लिखें।
Answer:
मौलिक अधिकार न्यायसंगत हैं (न्यायालय द्वारा लागू करवाए जा सकते हैं), जबकि निर्देशक सिद्धान्त न्यायसंगत नहीं हैं।
Exam Tips:
a) अन्तर वाले प्रश्न में दोनों पक्ष एक ही वाक्य में लिखें।
Question 7: निर्देशक सिद्धान्तों का वर्णन संविधान के कितने से कितने अनुच्छेदों में किया गया है?
Answer:
अनुच्छेद 36 से 51 तक।
Exam Tips:
a) संख्याएँ ठीक लिखें: 36 से 51, कुल 16 अनुच्छेद।
Question 8: संविधान के किस अनुच्छेद के अनुसार निर्देशक सिद्धान्त न्यायसंगत नहीं हैं?
Answer:
अनुच्छेद 37 के अनुसार।
Exam Tips:
a) अनुच्छेद 37 के अनुसार ये सिद्धान्त देश के शासन के मूल आधार हैं, पर न्यायालय इन्हें लागू नहीं करवाता।
Question 9: शिक्षा के अधिकार का वर्णन किस भाग में किया गया है?
Answer:
शिक्षा के अधिकार का वर्णन संविधान के भाग III (मौलिक अधिकार) में किया गया है।
Exam Tips:
a) शिक्षा का अधिकार अनुच्छेद 21-A में है।
Question 10: किस संवैधानिक संशोधन द्वारा शिक्षा के अधिकार को मौलिक अधिकार का रूप दिया गया?
Answer:
86वें संवैधानिक संशोधन द्वारा।
Exam Tips:
a) यह संशोधन 2002 में हुआ; इसी से 11वाँ मौलिक कर्तव्य भी जुड़ा।
II. खाली स्थान भरें
Question 1: …….. संशोधन द्वारा …….. में मौलिक कर्तव्यों को शामिल किया गया।
Answer:
42वें, भाग IV-A
Exam Tips:
a) संशोधन की संख्या और भाग दोनों लिखें।
Question 2: वर्तमान समय में संविधान में ……….. मौलिक कर्तव्य शामिल हैं।
Answer:
ग्यारह (11)
Exam Tips:
a) संख्या को अंकों और शब्दों दोनों में याद रखें।
Question 3: राज्यनीति के निर्देशक सिद्धान्तों का वर्णन अनुच्छेद ………. तक में किया गया है।
Answer:
36 से 51
Exam Tips:
a) भाग IV में अनुच्छेद 36 से 51।
Question 4: मौलिक अधिकार न्यायसंगत हैं, जबकि नीति-निर्देशक सिद्धान्त ……… नहीं हैं।
Answer:
न्यायसंगत
Exam Tips:
a) यह इन दोनों में मुख्य अन्तर है।
III. सही या ग़लत
Question 1: भारतीय संविधान में 44वें संशोधन द्वारा मौलिक कर्तव्य शामिल किए गए।
Answer:
ग़लत। मौलिक कर्तव्य 42वें संशोधन द्वारा शामिल किए गए थे।
Exam Tips:
a) संशोधनों की संख्याएँ आपस में न मिलाएँ: 42वाँ = कर्तव्य, 44वाँ = सम्पत्ति का अधिकार मौलिक अधिकार नहीं रहा।
Question 2: आरम्भ में भारतीय संविधान में 6 मौलिक कर्तव्यों का वर्णन किया गया था, परन्तु वर्तमान समय में इनकी संख्या बढ़कर 12 हो गई है।
Answer:
ग़लत। 1976 में 10 मौलिक कर्तव्य जोड़े गए थे और 2002 में 86वें संशोधन से एक और जुड़ने पर अब कुल 11 हैं।
Exam Tips:
a) कर्तव्य मूल संविधान (1950) में नहीं थे, 1976 में जोड़े गए।
Question 3: नीति-निर्देशक सिद्धान्तों का वर्णन संविधान के भाग IV में किया गया है।
Answer:
सही।
Exam Tips:
a) भाग IV: निर्देशक सिद्धान्त; भाग IV-A: मौलिक कर्तव्य।
Question 4: अनुच्छेद 51 के अनुसार अन्तर्राष्ट्रीय शान्ति और सुरक्षा को बढ़ावा देना है।
Answer:
सही। अनुच्छेद 51 राज्य को अन्तर्राष्ट्रीय शान्ति और सुरक्षा को बढ़ावा देने का निर्देश देता है।
Exam Tips:
a) अनुच्छेद 51 में कुल चार निर्देश हैं।
Question 5: निर्देशक सिद्धान्त कानूनी दृष्टिकोण से बहुत महत्त्व रखते हैं।
Answer:
ग़लत। निर्देशक सिद्धान्तों के पीछे कानूनी शक्ति नहीं है; उनके पीछे जनमत की शक्ति है।
Exam Tips:
a) कानूनी शक्ति के अभाव को आलोचना का मुख्य आधार माना जाता है।
IV. बहुविकल्पीय प्रश्न
Question 1: किस संविधान से हमें निर्देशक सिद्धान्तों की प्रेरणा प्राप्त हुई है?
(क) ब्रिटेन का संविधान
(ख) स्विट्ज़रलैण्ड का संविधान
(ग) अमेरिका का संविधान
(घ) आयरलैंड का संविधान
Answer:
(घ) आयरलैंड का संविधान।
Exam Tips:
a) मौलिक अधिकारों की प्रेरणा अमेरिका के संविधान से ली गई है, इन दोनों को न मिलाएँ।
Question 2: निर्देशक सिद्धान्तों की महत्त्वपूर्ण विशेषता है-
(क) ये नागरिकों को अधिकार प्रदान करते हैं
(ख) इनको न्यायालय द्वारा लागू किया जाता है
(ग) ये सकारात्मक हैं
(घ) ये सिद्धान्त राज्य के अधिकार हैं
Answer:
(ग) ये सकारात्मक हैं।
Exam Tips:
a) मौलिक अधिकार निषेधात्मक और निर्देशक सिद्धान्त सकारात्मक होते हैं।
Question 3: “राज्यनीति के निर्देशक सिद्धान्त एक ऐसे चैक के समान हैं, जिसका भुगतान बैंक की सुविधा पर छोड़ दिया गया है।” यह कथन किसका है?
(क) प्रो० के० टी० शाह
(ख) मिस्टर नसीरुद्दीन
(ग) डॉ० राजेन्द्र प्रसाद
(घ) महात्मा गाँधी
Answer:
(क) प्रो० के० टी० शाह।
Exam Tips:
a) विचारकों के कथन उनके नामों के साथ याद करें; नसीरुद्दीन ने इन्हें नववर्ष के संकल्प कहा था।
Question 4: निम्नलिखित में से कौन-सा मौलिक कर्तव्य नहीं है?
(क) संविधान का पालन करना
(ख) भारत की प्रभुसत्ता, एकता और अखण्डता का समर्थन तथा रक्षा करना
(ग) सार्वजनिक सम्पत्ति की रक्षा करना
(घ) माता-पिता की सेवा करना
Answer:
(घ) माता-पिता की सेवा करना।
Exam Tips:
a) अनुच्छेद 51-A की सूची में माता-पिता की सेवा शामिल नहीं है, यह नैतिक कर्तव्य है।
Free study material for Political Science
Step-by-Step Textbook Answers: Class 11 Political Science Hindi Medium Chapter 23 राज्यनीति के निर्देशक सिद्धान्त
Chapter Exercise Answers for Class 11 Political Science
Review comprehensive exercise answers for Class 11 Political Science Hindi Medium Chapter 23 राज्यनीति के निर्देशक सिद्धान्त. Fully updated to match current Punjab Board syllabus guidelines, these textbook solutions help students verify their work and maintain accurate study notes.
Detailed Answer Guides for Hindi Medium Chapter 23 राज्यनीति के निर्देशक सिद्धान्त
Each solution includes detailed reasoning to foster genuine comprehension of Hindi Medium Chapter 23 राज्यनीति के निर्देशक सिद्धान्त concepts. Reviewing these step-by-step breakdowns allows learners to master both analytical and descriptive questions expected in school evaluations.
Complete Preparation Kit for Class 11 Exams
Frequent review of these structured answers builds strong analytical capabilities and response efficiency. Maximize your academic readiness by combining these textbook solutions with our curated study materials and mock evaluations for Class 11 Political Science.
FAQs
The complete and updated PSEB 11th Class Political Science Solutions Chapter 23 राज्यनीति के निर्देशक सिद्धान्त is available for free on StudiesToday.com. These solutions for Class 11 Political Science are as per latest Punjab Board curriculum.
Yes, our experts have revised the PSEB 11th Class Political Science Solutions Chapter 23 राज्यनीति के निर्देशक सिद्धान्त as per 2026 exam pattern. All textbook exercises have been solved and have added explanation about how the Political Science concepts are applied in case-study and assertion-reasoning questions.
Toppers recommend using Punjab Board language because Punjab Board marking schemes are strictly based on textbook definitions. Our PSEB 11th Class Political Science Solutions Chapter 23 राज्यनीति के निर्देशक सिद्धान्त will help students to get full marks in the theory paper.
Yes, we provide bilingual support for Class 11 Political Science. You can access PSEB 11th Class Political Science Solutions Chapter 23 राज्यनीति के निर्देशक सिद्धान्त in both English and Hindi medium.
Yes, you can download the entire PSEB 11th Class Political Science Solutions Chapter 23 राज्यनीति के निर्देशक सिद्धान्त in printable PDF format for offline study on any device.