Download Punjab Board Solutions for Class 11 Political Science Hindi Medium Chapter 22 मौलिक अधिकार
Explore reliable textbook solutions for Hindi Medium Chapter 22 मौलिक अधिकार tailored for Class 11 learners. Utilizing these Political Science answers ensures thorough preparation and strengthens foundational knowledge before final Punjab Board evaluations.
Access Punjab Board Solutions and Answers
Navigate directly to the solved Political Science textbook exercises using the digital viewer below. Each solution includes detailed step-by-step explanations, allowing students to instantly cross-check their work and identify areas requiring further revision.
दीर्घ उत्तरीय प्रश्न
Question 1: भारतीय संविधान में दिए गए मौलिक अधिकारों की विशेषताओं की व्याख्या करो। अथवा हमारे संविधान में दिए गए मौलिक अधिकारों की प्रकृति की व्याख्या करो।
Answer:
भारतीय संविधान के तीसरे भाग में नागरिकों के मौलिक अधिकार दिए गए हैं। संविधान ने इन्हें केवल घोषित ही नहीं किया, बल्कि इनकी सुरक्षा की व्यवस्था भी की है। इनका उद्देश्य इस सिद्धान्त को पक्का करना है कि सरकार कानून के अनुसार काम करे, मनमाने ढंग से नहीं। इनकी मुख्य विशेषताएँ ये हैं –
1. व्यापक और विस्तृत – इनका वर्णन तीसरे भाग के अनुच्छेद 12 से 35 में है। नागरिकों को 6 प्रकार के मौलिक अधिकार मिले हैं और हर अधिकार की विस्तार से व्याख्या की गई है।
2. सभी नागरिकों के लिए – ये अधिकार जाति, धर्म, रंग, लिंग आदि के भेदभाव के बिना सभी नागरिकों को समान रूप से प्राप्त हैं।
3. असीमित नहीं – कोई भी अधिकार पूर्ण नहीं हो सकता। संविधान ने स्वयं इन पर उचित प्रतिबन्ध लगाए हैं।
4. सरकार की शक्तियों पर रोक – ये केन्द्र, राज्य और स्थानीय सरकारों तथा कानून बनाने वाली हर संस्था की शक्तियों को सीमित करते हैं। कोई भी संस्था ऐसा कानून नहीं बना सकती जो मौलिक अधिकारों के विरुद्ध हो।
5. न्याय योग्य – अधिकार का उल्लंघन होने पर पीड़ित व्यक्ति सर्वोच्च न्यायालय (या उच्च न्यायालय) में जा सकता है। न्यायालय ऐसे कानून या आदेश को अवैध घोषित कर सकता है जो मौलिक अधिकारों के विरुद्ध हो।
6. निलम्बित किए जा सकते हैं – राष्ट्रपति आपातकाल की घोषणा करके मौलिक अधिकारों को निलम्बित कर सकता है और उनके उल्लंघन पर न्यायालय जाने के अधिकार को भी रोक सकता है। 44वें संशोधन के बाद अनुच्छेद 20 और 21 (जीवन और व्यक्तिगत स्वतन्त्रता) आपातकाल में भी निलम्बित नहीं हो सकते। (59वें संशोधन ने पंजाब के लिए इस पर रोक कुछ ढीली की थी, जिसे बाद में 63वें संशोधन से हटा दिया गया।)
7. नकारात्मक और सकारात्मक अधिकार – नकारात्मक अधिकार राज्य की शक्ति पर निषेध लगाते हैं, जैसे अनुच्छेद 18 राज्य को सैनिक या शैक्षणिक उपाधि के सिवा कोई उपाधि देने से रोकता है। सकारात्मक अधिकार नागरिक को कुछ करने की स्वतन्त्रता देते हैं, जैसे बोलने का अधिकार।
8. कुछ अधिकार विदेशियों को भी – अनुच्छेद 15, 16, 19 और 30 के अधिकार केवल नागरिकों को मिले हैं, जबकि कानून के समक्ष समानता, धर्म की स्वतन्त्रता, शोषण के विरुद्ध अधिकार आदि नागरिकों और विदेशियों दोनों को मिलते हैं।
9. संशोधन सम्भव – अनुच्छेद 368 की विधि से संसद् इनमें संशोधन कर सकती है। इसके लिए प्रत्येक सदन में कुल सदस्यों का बहुमत तथा उपस्थित और मतदान करने वाले सदस्यों का दो-तिहाई बहुमत ज़रूरी है।
10. विशेष संवैधानिक उपचार – अनुच्छेद 32 के अनुसार अधिकार छीने जाने पर व्यक्ति सर्वोच्च न्यायालय से बन्दी प्रत्यक्षीकरण, परमादेश, प्रतिषेध, उत्प्रेषण और अधिकार-पृच्छा जैसे लेख (रिट) जारी करवा सकता है।
11. निजी व्यक्तियों और संस्थाओं पर भी लागू – इनका प्रभाव सरकार और सरकारी संस्थाओं के साथ-साथ कुछ मामलों में गैर-सरकारी व्यक्तियों और संस्थाओं पर भी पड़ता है (जैसे छुआछूत और बेगार की मनाही)।
12. नागरिक स्वतन्त्रताओं पर अधिक बल – कानून के समक्ष समानता, भाषण की स्वतन्त्रता जैसी नागरिक स्वतन्त्रताओं पर ज़ोर है; काम का अधिकार जैसे आर्थिक अधिकार इनमें शामिल नहीं हैं।
13. प्राकृतिक और अप्रगणित अधिकार नहीं – प्राकृतिक अधिकार जन्म से मिले माने जाते हैं और उनका आधार सामाजिक समझौता है, पर भारतीय मौलिक अधिकारों का आधार संविधान में लिखा होना है। अमेरिका में सर्वोच्च न्यायालय संविधान में न लिखे अधिकारों की भी व्याख्या कर सकता है, पर गोपालन बनाम मद्रास राज्य में भारत के सर्वोच्च न्यायालय ने कहा कि जब तक कोई कानून संविधान के किसी उपबन्ध के विरुद्ध न हो, उसे केवल इस आधार पर अवैध नहीं ठहराया जा सकता कि न्यायालय उसे संविधान की भावना के विरुद्ध समझता है।
Exam Tips:
a) विशेषताएँ बिन्दुवार (1, 2, 3...) लिखें।
b) अनुच्छेद 12-35, 44वाँ संशोधन और अनुच्छेद 368 के उल्लेख से अंक बढ़ते हैं।
Question 2: भारतीय संविधान में दिए गए मौलिक अधिकारों की संक्षिप्त व्याख्या करें। अथवा भारतीय संविधान में अंकित मौलिक अधिकारों का वर्णन करो। इनका क्या महत्त्व है?
Answer:
मौलिक अधिकारों का वर्णन संविधान के तीसरे भाग में अनुच्छेद 12 से 35 तक है। 44वें संशोधन से पहले ये सात श्रेणियों में थे, पर इस संशोधन द्वारा अनुच्छेद 31 हटाकर और अनुच्छेद 19 में संशोधन करके सम्पत्ति के अधिकार को मौलिक अधिकारों से निकाल दिया गया और उसे कानूनी अधिकार (अनुच्छेद 300A) बना दिया गया। अब 6 मौलिक अधिकार हैं –
1. समानता का अधिकार (अनुच्छेद 14-18)
(क) कानून के समक्ष समानता (अनुच्छेद 14) – राज्य किसी व्यक्ति को कानून के समक्ष समानता और कानून के समान संरक्षण से वंचित नहीं करेगा। कानून के समक्ष समानता का अर्थ है कि सब कानून की नज़र में बराबर हैं और कोई उससे ऊपर नहीं है; समान संरक्षण का अर्थ है कि समान परिस्थितियों में सबसे समान व्यवहार हो। अपवाद: विदेशी राज्यों के अध्यक्ष और राजदूतों पर भारतीय कानून के तहत कार्यवाही नहीं हो सकती; राष्ट्रपति और राज्यपालों पर पद पर रहते हुए फौजदारी मुकदमा नहीं चल सकता; मन्त्रियों, विधायकों, न्यायाधीशों आदि को कुछ विशेषाधिकार हैं।
(ख) भेदभाव की मनाही (अनुच्छेद 15) – राज्य धर्म, मूलवंश, जाति, लिंग या जन्म-स्थान के आधार पर भेदभाव नहीं करेगा; दुकानों, होटलों, मनोरंजन स्थलों, कुओं, तालाबों, घाटों, सड़कों आदि के प्रयोग में कोई रोक नहीं होगी। अपवाद: राज्य स्त्रियों और बच्चों के लिए तथा पिछड़े वर्गों, अनुसूचित जातियों और जनजातियों के कल्याण के लिए विशेष व्यवस्था कर सकता है।
(ग) सरकारी नौकरियों में अवसर की समानता (अनुच्छेद 16) – धर्म, मूलवंश, जाति, लिंग, जन्म-स्थान या निवास के आधार पर नियुक्तियों में भेदभाव नहीं होगा।
(घ) छुआछूत की समाप्ति (अनुच्छेद 17) – छुआछूत समाप्त कर दी गई है और इसका किसी भी रूप में आचरण कानूनी अपराध है।
(ङ) उपाधियों की समाप्ति (अनुच्छेद 18) – राज्य सेना या शिक्षा सम्बन्धी उपाधि के सिवा कोई उपाधि नहीं देगा; भारतीय नागरिक विदेशी राज्य से उपाधि नहीं ले सकता; लाभ के पद पर कार्यरत व्यक्ति राष्ट्रपति की अनुमति के बिना विदेशी राज्य से उपाधि, भेंट या पद नहीं ले सकता। भारत रत्न, पद्म विभूषण, पद्म भूषण, पद्म श्री आदि को आलोचक अनुच्छेद 18 के विपरीत मानते हैं, पर इन्हें उपाधि न मानकर सम्मान माना जाता है।
2. स्वतन्त्रता का अधिकार (अनुच्छेद 19-22) – इसे संविधान का "प्राण और आत्मा" कहा जाता है। एम० वी० पायली के अनुसार ये अनुच्छेद मौलिक अधिकारों के अध्याय का मूल आधार हैं।
अनुच्छेद 19 में 6 स्वतन्त्रताएँ हैं – भाषण और विचार प्रकट करने की; शान्तिपूर्ण व बिना हथियारों के सम्मेलन की; संस्था या संघ बनाने की; भारत में कहीं भी घूमने-फिरने की; किसी भी भाग में रहने और बसने की; तथा कोई भी व्यवसाय, पेशा, व्यापार या वाणिज्य करने की। ये सभी स्वतन्त्रताएँ देश की प्रभुसत्ता, अखण्डता, सार्वजनिक व्यवस्था, नैतिकता आदि के हित में उचित प्रतिबन्धों के अधीन हैं।
अनुच्छेद 20 – किसी को ऐसे कानून के उल्लंघन पर दण्ड नहीं दिया जा सकता जो अपराध के समय लागू नहीं था; अपराध के समय के कानून से अधिक सज़ा नहीं दी जा सकती; एक अपराध के लिए दो बार मुकदमा या दण्ड नहीं; और अभियुक्त को अपने विरुद्ध गवाही देने के लिए बाध्य नहीं किया जा सकता।
अनुच्छेद 21 – कानून द्वारा स्थापित प्रक्रिया के बिना किसी को जीवन और व्यक्तिगत स्वतन्त्रता से वंचित नहीं किया जाएगा। 86वें संशोधन (2002) द्वारा शिक्षा का अधिकार (अनुच्छेद 21A) जोड़ा गया, जिसके अनुसार 6 से 14 वर्ष के सभी बच्चों को शिक्षा का मौलिक अधिकार है। निःशुल्क और अनिवार्य शिक्षा का अधिकार अधिनियम 2009 1 अप्रैल 2010 से लागू हुआ।
अनुच्छेद 22 – गिरफ्तार व्यक्ति को कारण बताए जाने चाहिए, उसे अपनी पसन्द के वकील से सलाह लेने का अधिकार है और उसे 24 घण्टे के भीतर (यात्रा का समय छोड़कर) निकटतम मजिस्ट्रेट के सामने पेश किया जाना चाहिए; मजिस्ट्रेट की आज्ञा के बिना इससे अधिक समय हिरासत में नहीं रखा जा सकता। अपवाद: शत्रु देश के विदेशी और निवारक नज़रबन्दी कानून के अधीन गिरफ्तार व्यक्ति।
3. शोषण के विरुद्ध अधिकार (अनुच्छेद 23-24) – अनुच्छेद 23 मनुष्यों के क्रय-विक्रय, बेगार और बलपूर्वक श्रम को दण्डनीय अपराध बनाता है (अपवाद: जनहित में सरकार अनिवार्य सेवा करवा सकती है)। अनुच्छेद 24 के अनुसार 14 वर्ष से कम आयु के बच्चे को किसी कारखाने, खान या जोखिम वाले काम में नहीं लगाया जा सकता।
4. धार्मिक स्वतन्त्रता का अधिकार (अनुच्छेद 25-28) – अनुच्छेद 25: अन्तःकरण की स्वतन्त्रता तथा धर्म को मानने, उसके अनुसार आचरण और प्रचार करने की स्वतन्त्रता (सार्वजनिक व्यवस्था, नैतिकता और स्वास्थ्य के अधीन)। अनुच्छेद 26: धार्मिक संस्थाएँ बनाने-चलाने, धार्मिक मामलों का प्रबन्ध करने, चल-अचल सम्पत्ति रखने और उसका कानून के अनुसार प्रबन्ध करने की स्वतन्त्रता। अनुच्छेद 27: किसी विशेष धर्म के प्रचार के लिए कर देने को बाध्य नहीं किया जा सकता। अनुच्छेद 28: राज्य-पोषित संस्थाओं में धार्मिक शिक्षा नहीं दी जाएगी; मान्यता प्राप्त या सहायता प्राप्त संस्थाओं में किसी को उसकी इच्छा (नाबालिग हो तो अभिभावक की अनुमति) के बिना धार्मिक शिक्षा या पूजा में भाग लेने को विवश नहीं किया जा सकता। इससे भारत का धर्म-निरपेक्ष स्वरूप स्पष्ट होता है।
5. सांस्कृतिक और शैक्षणिक अधिकार (अनुच्छेद 29-30) – अनुच्छेद 29: नागरिकों के किसी भी वर्ग को अपनी भाषा, लिपि और संस्कृति सुरक्षित रखने का अधिकार है; राज्य द्वारा चलाई या सहायता प्राप्त संस्था में धर्म, जाति, वंश या भाषा के आधार पर प्रवेश से इनकार नहीं किया जा सकता। अनुच्छेद 30: धर्म या भाषा पर आधारित सभी अल्पसंख्यकों को अपनी पसन्द की शिक्षा संस्थाएँ बनाने और चलाने का अधिकार है और सहायता देते समय राज्य उनसे भेदभाव नहीं करेगा।
6. संवैधानिक उपचारों का अधिकार (अनुच्छेद 32) – मौलिक अधिकारों के उल्लंघन पर नागरिक सर्वोच्च न्यायालय (और अनुच्छेद 226 के अन्तर्गत उच्च न्यायालय) जा सकता है, जो उसे लागू करवा सकते हैं या विरोधी कानून रद्द कर सकते हैं और इसके लिए विभिन्न लेख जारी करते हैं।
महत्त्व – मौलिक अधिकार व्यक्तिगत स्वतन्त्रता की रक्षा करते हैं, कार्यपालिका और संसद् की स्वेच्छाचारिता पर अंकुश लगाते हैं और भारतीय लोकतन्त्र की नींव हैं। एम० वी० पायली के शब्दों में संविधान में अंकित मौलिक अधिकार भारतीय प्रजातन्त्र को दृढ़ और जीवित रखने का आधार हैं।
Exam Tips:
a) प्रश्न के अनुसार छह अधिकारों के नाम और अनुच्छेद क्रमांक ज़रूर लिखें।
b) अपवादों (अनुच्छेद 14, 15, 22, 23) का उल्लेख अलग से अंक दिलाता है।
c) सम्पत्ति के अधिकार का 44वें संशोधन द्वारा हटाया जाना लिखना न भूलें।
Question 3: भारतीय संविधान में लिखित संवैधानिक उपचारों के मौलिक अधिकार पर विवेचना कीजिए।
Answer:
मौलिक अधिकारों का केवल उल्लेख काफी नहीं है, उनकी रक्षा के उपाय भी ज़रूरी हैं। इसलिए संविधान निर्माताओं ने अनुच्छेद 32 में न्यायिक उपचार की व्यवस्था की।
(1) मौलिक अधिकारों को लागू करवाने के लिए उचित कार्यवाही का अधिकार सर्वोच्च न्यायालय को दिया गया है; अनुच्छेद 226 के अनुसार यह अधिकार उच्च न्यायालयों को भी है।
(2) सर्वोच्च न्यायालय निर्देश, आदेश और लेख (रिट) जारी कर सकता है – बन्दी प्रत्यक्षीकरण, परमादेश, प्रतिषेध, उत्प्रेषण और अधिकार-पृच्छा।
(3) संसद् कानून द्वारा किसी अन्य न्यायालय को, सर्वोच्च न्यायालय की शक्तियों को हानि पहुँचाए बिना, अपने स्थानीय क्षेत्राधिकार में ये लेख जारी करने की शक्ति दे सकती है।
(4) संविधान में बताई गई परिस्थितियों (जैसे आपातकाल) के सिवा इस अधिकार को स्थगित नहीं किया जा सकता।
पाँच लेख
1. बन्दी प्रत्यक्षीकरण (Habeas Corpus) – लैटिन शब्द, अर्थ "शरीर को प्रस्तुत करो"। इसके द्वारा न्यायालय गैर-कानूनी ढंग से बन्दी बनाए गए व्यक्ति को अपने सामने पेश करने का आदेश देता है, ताकि गिरफ्तारी की वैधता जाँची जा सके। गिरफ्तारी अवैध पाई जाए तो उसे रिहा किया जाता है। यह व्यक्तिगत स्वतन्त्रता की बड़ी सुरक्षा है।
2. परमादेश (Mandamus) – लैटिन शब्द, अर्थ "हम आदेश देते हैं"। इसके द्वारा न्यायालय किसी अधिकारी, संस्था, सरकार या निचली अदालत को अपना कर्तव्य निभाने के लिए बाध्य करता है, जब उसके न निभाने से किसी के मौलिक अधिकारों का उल्लंघन हो रहा हो।
3. प्रतिषेध (Prohibition) – अर्थ "रोकना"। उच्च या सर्वोच्च न्यायालय इसके द्वारा निचली अदालत को ऐसा कार्य करने से रोकता है जो उसके अधिकार-क्षेत्र से बाहर हो। परमादेश कार्य करने का आदेश देता है, जबकि प्रतिषेध कार्य न करने का। यह केवल न्यायिक या अर्द्ध-न्यायिक संस्थाओं के विरुद्ध जारी होता है।
4. उत्प्रेषण (Certiorari) – अर्थ "भली-भाँति सूचित करो"। इसके द्वारा उच्च न्यायालय निचली अदालत से किसी मुकदमे के कागज़ात मँगवाता है, ताकि उसकी जाँच करे या उसका फैसला रद्द कर सके।
5. अधिकार-पृच्छा (Quo-Warranto) – अर्थ "किस अधिकार से"। जब कोई व्यक्ति ऐसे सार्वजनिक पद पर काम करने का दावा करे जिसका उसे अधिकार न हो, तो न्यायालय यह लेख जारी करके उससे पूछता है और उसके पद को रिक्त घोषित कर सकता है।
डॉ० अम्बेडकर ने अनुच्छेद 32 को संविधान की आत्मा और हृदय कहा। उनके अनुसार यदि उनसे पूछा जाए कि कौन-सा अनुच्छेद सबसे महत्त्वपूर्ण है जिसके बिना संविधान निष्प्रभावी हो जाएगा, तो वे इसके सिवा किसी और की ओर संकेत नहीं करेंगे।
Exam Tips:
a) पाँचों लेखों के लैटिन नाम, अर्थ और उपयोग लिखें।
b) डॉ० अम्बेडकर का कथन अन्त में जोड़ें।
Question 4: भारतीय संविधान में दिए हुए मौलिक अधिकारों का आलोचनात्मक मूल्यांकन करो।
Answer:
आज लगभग सभी देशों में नागरिकों को मौलिक अधिकार दिए जाते हैं, क्योंकि उनके बिना व्यक्ति अपने व्यक्तित्व का विकास नहीं कर सकता। भारत में इनकी ज़रूरत और भी अधिक थी, इसीलिए संविधान के तीसरे भाग में इनका विस्तृत वर्णन है। 44वें संशोधन के बाद सम्पत्ति का अधिकार इनसे हट गया और 6 अधिकार बचे: समानता, स्वतन्त्रता, शोषण के विरुद्ध, धार्मिक स्वतन्त्रता, सांस्कृतिक और शैक्षणिक अधिकार तथा संवैधानिक उपचारों का अधिकार।
आलोचना
1. बहुत अधिक प्रतिबन्ध – अधिकारों पर इतने प्रतिबन्ध हैं कि उनका महत्त्व घट गया है और साधारण नागरिक के लिए यह समझना कठिन है कि उसे वास्तव में क्या मिला है।
2. निवारक नज़रबन्दी – अनुच्छेद 22 व्यक्तिगत स्वतन्त्रता देता है, पर निवारक नज़रबन्दी कानून के अधीन गिरफ्तार व्यक्ति को ये अधिकार नहीं मिलते और सरकार बिना मुकदमा चलाए उसे लम्बे समय तक बन्द रख सकती है।
3. आर्थिक अधिकारों का अभाव – समाजवादी देशों की तरह काम का अधिकार जैसे आर्थिक अधिकार इस अध्याय में नहीं हैं।
4. आपातकाल में स्थगन – राष्ट्रपति अनुच्छेद 352 के अन्तर्गत आपातकाल की घोषणा करके अधिकार स्थगित कर सकता है, जो लोकतन्त्र की भावना के प्रतिकूल माना जाता है।
5. कठिन और अस्पष्ट भाषा – अधिकारों की भाषा उलझी हुई और कठिन है।
6. संसद् द्वारा न्यायपालिका के निर्णय निष्प्रभावी – सर्वोच्च न्यायालय ने कई कानून मौलिक अधिकारों के उल्लंघन के कारण रद्द किए, पर संसद् ने संविधान में संशोधन करके उन्हें वैध बना दिया।
मौलिक अधिकारों का महत्त्व – यह कहना कि इनका कोई महत्त्व नहीं, भारी भूल है। 1950 में "लीडर" पत्रिका ने लिखा था कि यह अध्याय जनता को कार्यपालिका की स्वेच्छाचारिता के विरुद्ध आश्वासन देता है और इसका मनोवैज्ञानिक महत्त्व है।
1. ये व्यक्तित्व के विकास के लिए आवश्यक परिस्थितियाँ देते हैं।
2. ये सरकार को निरंकुश बनने से रोकते हैं; कोई सरकार इनके विरुद्ध कानून नहीं बना सकती।
3. ये व्यक्तिगत और सामाजिक हितों में सामंजस्य बनाते हैं।
4. ये कानून का शासन स्थापित करते हैं – सब कानून के समक्ष समान हैं।
5. ये सामाजिक समानता स्थापित करते हैं, क्योंकि धर्म, जाति, भाषा, रंग, लिंग आदि पर भेदभाव नहीं हो सकता।
6. ये धर्म-निरपेक्षता की स्थापना करते हैं; इसके बिना देश की एकता खतरे में पड़ सकती थी।
7. ये अल्पसंख्यकों के हितों की रक्षा करते हैं – उन्हें भाषा, लिपि, संस्कृति की रक्षा और अपनी शिक्षा संस्थाएँ चलाने का अधिकार है।
8. ये समानता, स्वतन्त्रता और भ्रातृत्व के द्वारा भारतीय लोकतन्त्र की आधारशिला हैं।
निष्कर्ष – प्रो० टोपे के शब्दों में, इस अध्याय में कुछ त्रुटियाँ हैं, फिर भी समग्र रूप से यह सन्तोषजनक है।
Exam Tips:
a) पहले आलोचना, फिर महत्त्व और अन्त में निष्कर्ष – इसी क्रम में लिखें।
b) छह अधिकारों के नाम भूमिका में लिखें।
लघु उत्तरीय प्रश्न
Question 1: मौलिक अधिकारों का क्या अर्थ है? भारतीय संविधान में दिए गए मौलिक अधिकारों के नाम लिखें।
Answer:
मौलिक अधिकार वे बुनियादी और अनिवार्य अधिकार हैं जिनके बिना नागरिक अपने जीवन और व्यक्तित्व का विकास नहीं कर सकते। मूल रूप से संविधान में सात मौलिक अधिकार थे, पर 44वें संशोधन द्वारा सम्पत्ति का अधिकार इस सूची से हटा दिया गया। अब 6 मौलिक अधिकार हैं –
1. समानता का अधिकार
2. स्वतन्त्रता का अधिकार
3. शोषण के विरुद्ध अधिकार
4. धार्मिक स्वतन्त्रता का अधिकार
5. सांस्कृतिक और शैक्षणिक अधिकार
6. संवैधानिक उपचारों का अधिकार
Exam Tips:
a) अर्थ के बाद छह अधिकारों की सूची क्रम से लिखें।
Question 2: भारतीय संविधान में दिए गए मौलिक अधिकारों की चार विशेषताएँ बताओ।
Answer:
1. व्यापक और विस्तृत – अनुच्छेद 12 से 35 में छह प्रकार के अधिकारों का विस्तार से वर्णन है।
2. सब नागरिकों के लिए – जाति, धर्म, रंग, लिंग आदि के भेदभाव के बिना सभी को समान रूप से प्राप्त हैं।
3. असीमित नहीं – संविधान ने इन पर उचित प्रतिबन्ध लगाए हैं।
4. न्याय योग्य – उल्लंघन होने पर न्यायालय से संरक्षण मिल सकता है।
Exam Tips:
a) कोई भी चार विशेषताएँ एक-एक वाक्य की व्याख्या के साथ लिखें।
Question 3: समानता के अधिकार का संक्षिप्त वर्णन करो।
Answer:
समानता का अधिकार अनुच्छेद 14 से 18 में दिया गया है। अनुच्छेद 14 के अनुसार राज्य किसी को कानून के समक्ष समानता और कानून के समान संरक्षण से वंचित नहीं करेगा; सब कानून के सामने बराबर हैं। अनुच्छेद 15 धर्म, मूलवंश, जाति, लिंग या जन्म-स्थान के आधार पर भेदभाव की मनाही करता है। अनुच्छेद 16 सरकारी नौकरियों में सबको समान अवसर देता है। अनुच्छेद 17 छुआछूत को समाप्त करता है और अनुच्छेद 18 सेना और शिक्षा सम्बन्धी उपाधियों के सिवा अन्य उपाधियाँ समाप्त करता है।
Exam Tips:
a) प्रत्येक अनुच्छेद का क्रमांक उसकी विषय-वस्तु के साथ लिखें।
Question 4: कानून के समान संरक्षण पर संक्षिप्त नोट लिखो।
Answer:
कानून के समान संरक्षण का अर्थ है कि समान परिस्थितियों में सबके साथ समान व्यवहार हो। जेनिंग्स के अनुसार, समान स्थिति वाले लोगों से समान व्यवहार हो और उन पर समान कानून लागू हो।
न्यायाधीश के० सुब्बाराव ने 1960 में कहा था कि "कानून के समक्ष समानता" नकारात्मक विचार है, जो कहता है कि कोई विशेषाधिकार का दावा नहीं कर सकता और सब देश के साधारण कानून के अधीन हैं; जबकि "कानून का समान संरक्षण" सकारात्मक विचार है, जो एक-जैसी परिस्थितियों में एक-जैसे व्यक्तियों को समान सुरक्षा देता है। यह अधिकार विदेशियों को भी प्राप्त है।
Exam Tips:
a) "नकारात्मक" और "सकारात्मक" का भेद स्पष्ट लिखें।
Question 5: "अवसर की समानता" से आपका क्या अभिप्राय है?
Answer:
अनुच्छेद 16 सरकारी नौकरियों और पदों पर नियुक्ति में सब नागरिकों को समान अवसर देता है। धर्म, मूलवंश, जाति, लिंग, जन्म-स्थान या निवास के आधार पर किसी के साथ भेदभाव नहीं किया जाएगा।
वेंकटरमन बनाम मद्रास राज्य मामले में सर्वोच्च न्यायालय ने मद्रास सरकार की 1951 की साम्प्रदायिक राज्याज्ञा को अवैध घोषित किया था, जिसमें कुछ तकनीकी संस्थाओं और अधीनस्थ न्यायिक सेवाओं में अनुसूचित जातियों व पिछड़े वर्गों के अलावा कुछ अन्य वर्गों के लिए भी स्थान सुरक्षित किए गए थे।
Exam Tips:
a) मुकदमे का नाम लिखने से उत्तर मज़बूत बनता है।
Question 6: अनुच्छेद 19 में दी गई स्वतन्त्रताओं का संक्षिप्त वर्णन करो।
Answer:
अनुच्छेद 19 में 6 स्वतन्त्रताएँ हैं –
1. भाषण देने और विचार प्रकट करने की स्वतन्त्रता
2. शान्तिपूर्वक और बिना हथियारों के इकट्ठा होने की स्वतन्त्रता
3. संस्था या संघ बनाने की स्वतन्त्रता
4. समस्त भारत में घूमने-फिरने की स्वतन्त्रता
5. भारत के किसी भी भाग में रहने और बसने की स्वतन्त्रता
6. कोई भी व्यवसाय, पेशा, व्यापार या वाणिज्य करने की स्वतन्त्रता
Exam Tips:
a) छह स्वतन्त्रताएँ क्रम से लिखें; ये सब उचित प्रतिबन्धों के अधीन हैं।
Question 7: भाषण और अभिव्यक्ति की स्वतन्त्रता के अधिकार को समझाइए।
Answer:
प्रत्येक नागरिक को बोलकर या लिखकर अपने विचार प्रकट करने की स्वतन्त्रता है। प्रेस की स्वतन्त्रता भी इसी का एक साधन है। परन्तु यह स्वतन्त्रता असीमित नहीं है। भारत की प्रभुसत्ता और अखण्डता, राज्य की सुरक्षा, सार्वजनिक व्यवस्था, शिष्टता व नैतिकता, न्यायालय की अवमानना, मानहानि और हिंसा के लिए उकसाने जैसे आधारों पर इस पर उचित प्रतिबन्ध लगाए जा सकते हैं।
Exam Tips:
a) प्रतिबन्धों के आधार अवश्य गिनाएँ।
Question 8: भारतीय संविधान के द्वारा दी गई धर्म की स्वतन्त्रता का क्या अर्थ है?
Answer:
अनुच्छेद 25 से 28 में धार्मिक स्वतन्त्रता दी गई है। सभी व्यक्तियों को अन्तःकरण की स्वतन्त्रता है और धर्म को मानने, उसके अनुसार आचरण करने तथा प्रचार करने का अधिकार है। धार्मिक समुदायों को अपने धार्मिक मामलों के प्रबन्ध की स्वतन्त्रता है। किसी को ऐसा कर देने के लिए बाध्य नहीं किया जा सकता जो किसी विशेष धर्म के विकास पर खर्च हो। सरकारी शिक्षण संस्थाओं में धार्मिक शिक्षा नहीं दी जा सकती, और मान्यता या सहायता प्राप्त संस्थाओं में किसी विद्यार्थी को उसकी इच्छा के विरुद्ध धार्मिक शिक्षा या पूजा में भाग लेने के लिए विवश नहीं किया जा सकता।
Exam Tips:
a) अनुच्छेद 25, 26, 27 और 28 का अलग-अलग उल्लेख करें।
Question 9: शोषण के विरुद्ध अधिकार से आप क्या समझते हैं?
Answer:
अनुच्छेद 23 और 24 नागरिकों को शोषण के विरुद्ध अधिकार देते हैं। इसके अनुसार मनुष्यों को खरीदा या बेचा नहीं जा सकता, किसी से बेगार या बलपूर्वक श्रम नहीं लिया जा सकता और किसी की आर्थिक मजबूरी का अनुचित लाभ नहीं उठाया जा सकता। 14 वर्ष से कम आयु के बच्चों को ऐसे कारखाने, खान या खतरनाक काम में नहीं लगाया जा सकता जहाँ उनके स्वास्थ्य पर बुरा प्रभाव पड़े।
Exam Tips:
a) अनुच्छेद 23 (मानव व्यापार, बेगार) और 24 (बाल श्रम) अलग-अलग लिखें।
Question 10: भारतीय संविधान में "शिक्षा के अधिकार" की व्याख्या का वर्णन करें।
Answer:
शिक्षा सम्बन्धी अधिकार दो रूपों में हैं। 86वें संशोधन (2002) द्वारा 6 से 14 वर्ष के सभी बच्चों को शिक्षा का मौलिक अधिकार दिया गया (अनुच्छेद 21A)। इसके अतिरिक्त अनुच्छेद 29 और 30 सांस्कृतिक और शैक्षणिक अधिकार देते हैं।
अनुच्छेद 29 के अनुसार राज्य द्वारा चलाई या उसकी सहायता से चलने वाली किसी संस्था में धर्म, जाति, भाषा या वंश के आधार पर प्रवेश से इनकार नहीं किया जा सकता। अनुच्छेद 30 के अनुसार धर्म या भाषा पर आधारित सभी अल्पसंख्यकों को अपनी पसन्द की शिक्षा संस्थाएँ स्थापित करने और चलाने का अधिकार है, और सहायता देते समय राज्य इस आधार पर भेदभाव नहीं करेगा कि संस्था अल्पसंख्यकों के प्रबन्ध में है।
Exam Tips:
a) 86वें संशोधन और अनुच्छेद 29-30 – दोनों का उल्लेख करें।
Question 11: संवैधानिक उपचारों के अधिकार से आप क्या समझते हैं?
Answer:
यह अधिकार नागरिकों के मौलिक अधिकारों की रक्षा का अधिकार है। अनुच्छेद 32 के अनुसार नागरिक अपने मौलिक अधिकारों की रक्षा के लिए सर्वोच्च न्यायालय में जा सकता है, और अनुच्छेद 226 के अनुसार उच्च न्यायालय में भी। यदि सरकार किसी मौलिक अधिकार को लागू न करे या उसके विरुद्ध कार्य करे, तो न्यायालय में प्रार्थना-पत्र दिया जा सकता है और न्यायालय उस अधिकार को लागू करवा सकता है या विरोधी कानून को रद्द कर सकता है। इसके लिए न्यायालय विभिन्न लेख (रिट) जारी करता है।
Exam Tips:
a) अनुच्छेद 32 और 226 का अन्तर लिखें।
Question 12: भारतीय संविधान के दिए गए मौलिक अधिकारों के कोई चार महत्त्व लिखें।
Answer:
1. ये नागरिकों के व्यक्तित्व के विकास के लिए आवश्यक परिस्थितियाँ उत्पन्न करते हैं।
2. ये सरकार को निरंकुश बनने से रोकते हैं; कोई सरकार इनके विरुद्ध कानून नहीं बना सकती।
3. ये कानून का शासन स्थापित करते हैं।
4. ये भारतीय लोकतन्त्र की आधारशिला हैं।
Exam Tips:
a) हर बिन्दु के साथ एक वाक्य की व्याख्या अवश्य दें।
Question 13: बन्दी प्रत्यक्षीकरण लेख (Writ of Habeas Corpus) से आप क्या समझते हैं?
Answer:
"हैबियस कॉर्पस" लैटिन भाषा का शब्द है, जिसका अर्थ है "हमारे सम्मुख शरीर को प्रस्तुत करो" (Let us have the body)। इस लेख द्वारा न्यायालय उस अधिकारी को, जिसने किसी व्यक्ति को गैर-कानूनी ढंग से बन्दी बनाया हो, आदेश देता है कि बन्दी को निकट के न्यायालय में पेश किया जाए, ताकि उसकी गिरफ्तारी की वैधता का निर्णय हो सके। गिरफ्तारी अनियमित हो तो न्यायालय उसकी रिहाई का आदेश दे सकता है।
Exam Tips:
a) शब्द का लैटिन अर्थ और उपयोग – दोनों लिखें।
Question 14: परमादेश के आज्ञा-पत्र (Writ of Mandamus) से आप क्या समझते हैं?
Answer:
"मैण्डमस" लैटिन शब्द है, जिसका अर्थ है "हम आदेश देते हैं" (We Command)। इसके द्वारा न्यायालय किसी अधिकारी, संस्था या निचली अदालत को अपने कर्तव्य का पालन करने के लिए बाध्य कर सकता है। जब सरकारी कर्मचारी कोई ज़रूरी कार्य नहीं कर रहे हों और उससे किसी नागरिक के मौलिक अधिकार का उल्लंघन हो रहा हो, तब यह लेख जारी किया जाता है।
Exam Tips:
a) परमादेश कार्य करने का आदेश देता है, प्रतिषेध कार्य रोकने का।
Question 15: अधिकार पृच्छा लेख (Writ of Quo-Warranto) से आप क्या समझते हैं?
Answer:
इसका अर्थ है "किसके आदेश से" या "किस अधिकार से"। यह लेख तब जारी होता है जब कोई व्यक्ति ऐसा सार्वजनिक पद ग्रहण करे या ऐसा कार्य करने का दावा करे जिसका उसे अधिकार न हो। इसके अनुसार उच्च न्यायालय या सर्वोच्च न्यायालय उस व्यक्ति को पद ग्रहण करने से रोक सकता है और जब तक न्यायालय का निर्णय न हो, उस पद को रिक्त घोषित कर सकता है।
Exam Tips:
a) लेख का अर्थ और जारी होने की स्थिति लिखें।
Question 16: 86वें संवैधानिक संशोधन के अन्तर्गत शिक्षा के अधिकार की क्या व्यवस्था की गई है?
Answer:
दिसम्बर 2002 में राष्ट्रपति ने 86वें संविधान संशोधन को स्वीकृति दी। इससे शिक्षा का अधिकार संविधान के तीसरे भाग में शामिल होकर मौलिक अधिकार बन गया। इसके अनुसार 6 से 14 वर्ष तक के सभी बच्चों को शिक्षा का मौलिक अधिकार है। माता-पिता और अभिभावकों का कर्तव्य है कि वे बच्चों को शिक्षा के अवसर उपलब्ध कराएँ। मौलिक अधिकार होने के कारण यह न्याय योग्य है, इसलिए उल्लंघन होने पर न्यायालय में जाया जा सकता है। बाद में निःशुल्क और अनिवार्य बाल शिक्षा का अधिकार अधिनियम 2009 एक अप्रैल 2010 से लागू हुआ।
Exam Tips:
a) आयु-सीमा 6-14 वर्ष और अधिनियम का वर्ष लिखें।
Question 17: मौलिक अधिकारों की श्रेणी में से सम्पत्ति के अधिकार को क्यों निकाल दिया गया है?
Answer:
संविधान में मूल रूप से सम्पत्ति का अधिकार मौलिक अधिकार था, पर 44वें संशोधन (1978) द्वारा इसे इस सूची से निकालकर कानूनी अधिकार बना दिया गया। इसके कारण –
(1) निजी सम्पत्ति के बढ़ते प्रभाव को कम करना।
(2) 42वें संशोधन द्वारा प्रस्तावना में "समाजवाद" शब्द जोड़ा गया था और समाजवाद तथा सम्पत्ति के मौलिक अधिकार साथ-साथ नहीं चल सकते थे।
Exam Tips:
a) यह अब अनुच्छेद 300A के अन्तर्गत कानूनी अधिकार है।
अति लघु उत्तरीय प्रश्न
Question 1: मौलिक अधिकारों का क्या अर्थ है?
Answer:
मौलिक अधिकार वे बुनियादी और ज़रूरी अधिकार हैं जिनके बिना नागरिक अपने जीवन और व्यक्तित्व का विकास नहीं कर सकते।
Exam Tips:
a) "व्यक्तित्व का विकास" शब्द उत्तर में ज़रूर लिखें।
Question 2: संविधान में भारतीय नागरिकों को कितने मौलिक अधिकार प्राप्त हैं?
Answer:
संविधान में भारतीय नागरिकों को 6 मौलिक अधिकार प्राप्त हैं – समानता का अधिकार, स्वतन्त्रता का अधिकार, शोषण के विरुद्ध अधिकार, धार्मिक स्वतन्त्रता का अधिकार, सांस्कृतिक और शैक्षणिक अधिकार तथा संवैधानिक उपचारों का अधिकार।
Exam Tips:
a) संख्या के साथ सभी नाम लिखें।
Question 3: भारतीय संविधान में दिए गए मौलिक अधिकारों की दो विशेषताएँ बताओ।
Answer:
1. व्यापक और विस्तृत – अनुच्छेद 12 से 35 में छह अधिकारों का विस्तार से वर्णन है।
2. सब नागरिकों के लिए – जाति, धर्म, रंग, लिंग आदि के भेद के बिना सबको समान रूप से मिले हैं।
Exam Tips:
a) दो ही विशेषताएँ लिखें, अधिक नहीं।
Question 4: समानता के अधिकार का संक्षिप्त वर्णन करो।
Answer:
यह अधिकार अनुच्छेद 14 से 18 में दिया गया है। अनुच्छेद 14 कानून के समक्ष समानता और समान संरक्षण देता है, अनुच्छेद 15 धर्म, मूलवंश, जाति, लिंग या जन्म-स्थान पर भेदभाव रोकता है और अनुच्छेद 16 सरकारी नौकरियों में सबको बराबर अवसर देता है।
Exam Tips:
a) अनुच्छेद 17 (छुआछूत) और 18 (उपाधियाँ) का भी एक पंक्ति में उल्लेख कर सकते हैं।
Question 5: "अवसर की समानता" से आपका क्या अभिप्राय है?
Answer:
अनुच्छेद 16 के अनुसार सरकारी नौकरियों और पदों पर नियुक्ति में सभी नागरिकों को समान अवसर मिलेगा। धर्म, मूलवंश, जाति, लिंग, जन्म-स्थान या निवास के आधार पर भेदभाव नहीं किया जाएगा।
Exam Tips:
a) अनुच्छेद 16 का नाम अवश्य लिखें।
Question 6: अनुच्छेद 19 में दी गई स्वतन्त्रताओं में से किन्हीं दो का संक्षिप्त वर्णन करो।
Answer:
अनुच्छेद 19 में 6 स्वतन्त्रताएँ हैं। इनमें से दो ये हैं –
1. प्रत्येक नागरिक को भाषण देने और विचार प्रकट करने की स्वतन्त्रता है।
2. प्रत्येक नागरिक को शान्तिपूर्वक और बिना हथियारों के इकट्ठा होने और किसी समस्या पर विचार करने की स्वतन्त्रता है।
Exam Tips:
a) ये स्वतन्त्रताएँ उचित प्रतिबन्धों के अधीन हैं।
वस्तुनिष्ठ प्रश्न
I. एक शब्द/वाक्य वाले प्रश्न-उत्तर
Question 1: मौलिक अधिकारों का वर्णन संविधान के किस भाग में किया गया है? आजकल इनकी संख्या कितनी है?
Answer:
मौलिक अधिकारों का वर्णन संविधान के तीसरे भाग में किया गया है। आजकल इनकी संख्या 6 है।
Exam Tips:
a) तीसरा भाग और संख्या 6 – दोनों लिखें।
Question 2: भारतीय संविधान में अंकित मौलिक अधिकारों के नाम लिखें।
Answer:
1. समानता का अधिकार
2. स्वतन्त्रता का अधिकार
3. शोषण के विरुद्ध अधिकार
4. धार्मिक स्वतन्त्रता का अधिकार
5. सांस्कृतिक और शैक्षणिक अधिकार
6. संवैधानिक उपचारों का अधिकार
Exam Tips:
a) क्रम याद रखने के लिए अनुच्छेद संख्याओं से जोड़ें।
Question 3: समानता के अधिकार का वर्णन कितने अनुच्छेदों में किया गया है?
Answer:
अनुच्छेद 14 से 18 तक।
Exam Tips:
a) कुल पाँच अनुच्छेद।
Question 4: स्वतन्त्रता के अधिकार का वर्णन कितने अनुच्छेदों में किया गया है?
Answer:
अनुच्छेद 19 से 22 तक।
Exam Tips:
a) कुल चार अनुच्छेद।
Question 5: शोषण के विरुद्ध अधिकार का वर्णन कितने अनुच्छेदों में किया गया है?
Answer:
अनुच्छेद 23 और 24 में।
Exam Tips:
a) दो अनुच्छेद।
Question 6: धार्मिक स्वतन्त्रता के अधिकार का वर्णन कितने अनुच्छेदों में किया गया है?
Answer:
अनुच्छेद 25 से 28 तक।
Exam Tips:
a) कुल चार अनुच्छेद।
Question 7: शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक अधिकारों का वर्णन कितने अनुच्छेदों में किया गया है?
Answer:
अनुच्छेद 29 और 30 में।
Exam Tips:
a) दो अनुच्छेद।
Question 8: संवैधानिक उपचारों के अधिकार का वर्णन कितने अनुच्छेदों में किया गया है?
Answer:
अनुच्छेद 32 में।
Exam Tips:
a) केवल एक अनुच्छेद।
Question 9: जीवन तथा व्यक्तिगत स्वतन्त्रता का सम्बन्ध किस अनुच्छेद से है?
Answer:
अनुच्छेद 21 से।
Exam Tips:
a) अनुच्छेद 20-22 स्वतन्त्रता के अधिकार का ही भाग हैं।
Question 10: सम्पत्ति का अधिकार कैसा अधिकार है?
Answer:
सम्पत्ति का अधिकार एक कानूनी अधिकार है (अनुच्छेद 300A)।
Exam Tips:
a) यह 44वें संशोधन के बाद मौलिक अधिकार नहीं रहा।
Question 11: मौलिक अधिकार न्याय योग्य हैं या नहीं?
Answer:
मौलिक अधिकार न्याय योग्य हैं।
Exam Tips:
a) नीति-निर्देशक सिद्धान्त न्याय योग्य नहीं हैं।
Question 12: मौलिक अधिकारों की सुरक्षा कौन करता है?
Answer:
मौलिक अधिकारों की सुरक्षा सर्वोच्च न्यायालय करता है (उच्च न्यायालय भी)।
Exam Tips:
a) अनुच्छेद 32 सर्वोच्च न्यायालय और अनुच्छेद 226 उच्च न्यायालय से जुड़े हैं।
Question 13: मौलिक अधिकारों में संशोधन किसके द्वारा किया जा सकता है?
Answer:
संसद् द्वारा (अनुच्छेद 368 की प्रक्रिया से)।
Exam Tips:
a) संशोधन के लिए विशेष बहुमत ज़रूरी है।
Question 14: 44वें संशोधन द्वारा किस मौलिक अधिकार को संविधान में से निकाल दिया गया है?
Answer:
44वें संशोधन द्वारा सम्पत्ति के अधिकार को मौलिक अधिकारों में से निकाल दिया गया है।
Exam Tips:
a) यह संशोधन 1978 का है।
Question 15: किस मौलिक अधिकार को संविधान की आत्मा कहा जाता है?
Answer:
संवैधानिक उपचारों के अधिकार को।
Exam Tips:
a) यह कथन डॉ० अम्बेडकर का है।
Question 16: हैबियस कॉर्पस (Habeas Corpus) शब्द किस भाषा से लिया गया है?
Answer:
लैटिन भाषा से।
Exam Tips:
a) मैण्डमस और क्वो-वारण्टो भी लैटिन शब्द हैं।
Question 17: हैबियस कॉर्पस का क्या अर्थ है?
Answer:
हमारे सम्मुख शरीर को प्रस्तुत करो।
Exam Tips:
a) इसका सम्बन्ध अवैध गिरफ्तारी से है।
Question 18: मैण्डमस (Mandamus) शब्द किस भाषा से लिया गया है?
Answer:
लैटिन भाषा से।
Exam Tips:
a) अर्थ भी याद रखें।
Question 19: मैण्डमस शब्द का क्या अर्थ है?
Answer:
हम आदेश देते हैं।
Exam Tips:
a) यह कर्तव्य पालन करवाने का आदेश है।
Question 20: को-वारण्टो (Quo-Warranto) का क्या अर्थ है?
Answer:
किस आदेश से (किस अधिकार से)।
Exam Tips:
a) यह अनधिकृत रूप से पद पर बैठे व्यक्ति के लिए है।
Question 21: किस मौलिक अधिकार को संकटकाल के समय भी स्थगित नहीं किया जा सकता?
Answer:
जीवन और व्यक्तिगत स्वतन्त्रता के अधिकार (अनुच्छेद 21, साथ में अनुच्छेद 20) को।
Exam Tips:
a) यह व्यवस्था 44वें संशोधन द्वारा की गई।
II. खाली स्थान भरें
Question 1: अनुच्छेद 19 के अन्तर्गत नागरिकों को ………. प्रकार की स्वतन्त्रताएँ दी गई हैं।
Answer:
छह (6)।
Exam Tips:
a) अनुच्छेद 19 में छह स्वतन्त्रताएँ हैं।
Question 2: ………. के अनुसार ………. से कम आयु वाले किसी भी बच्चे को किसी भी कारखाने अथवा खान में नौकर नहीं रखा जा सकता।
Answer:
अनुच्छेद 24 के अनुसार 14 वर्ष से कम आयु वाले किसी भी बच्चे को किसी भी कारखाने अथवा खान में नौकर नहीं रखा जा सकता।
Exam Tips:
a) अनुच्छेद 24 शोषण के विरुद्ध अधिकार का भाग है।
Question 3: ………. के अनुसार धार्मिक मामलों का प्रबन्ध करने की स्वतन्त्रता दी गई है।
Answer:
अनुच्छेद 26 के अनुसार।
Exam Tips:
a) अनुच्छेद 25 अन्तःकरण की स्वतन्त्रता देता है।
Question 4: ………. ने अनुच्छेद 32 में दिए गए संवैधानिक उपचारों को संविधान की आत्मा तथा हृदय बताया है।
Answer:
डॉ० अम्बेडकर ने।
Exam Tips:
a) डॉ० अम्बेडकर संविधान की प्रारूप समिति के अध्यक्ष थे।
Question 5: ………. लैटिन भाषा का शब्द है, जिसका अर्थ है, "हमारे सम्मुख शरीर को प्रस्तुत करो"।
Answer:
हैबियस कॉर्पस।
Exam Tips:
a) यह बन्दी प्रत्यक्षीकरण लेख है।
III. सही या गलत
Question 1: संविधान के तीसरे भाग में अनुच्छेद 10 से 20 तक में नागरिकों के 10 मौलिक अधिकारों का वर्णन किया गया है।
Answer:
गलत। तीसरे भाग में अनुच्छेद 12 से 35 तक 6 मौलिक अधिकार दिए गए हैं।
Exam Tips:
a) अनुच्छेद 12-35 और छह अधिकार याद रखें।
Question 2: 44वें संशोधन द्वारा सम्पत्ति के अधिकार को मौलिक अधिकारों के अध्याय से निकालकर कानूनी अधिकार बनाने की व्यवस्था की गई।
Answer:
सही।
Exam Tips:
a) पुस्तक के उत्तर में 42वाँ संशोधन छपा है, परन्तु सही संशोधन 44वाँ है।
Question 3: मौलिक अधिकार न्याय संगत नहीं हैं, जबकि नीति-निर्देशक सिद्धान्त न्याय संगत हैं।
Answer:
गलत। मौलिक अधिकार न्याय योग्य हैं, जबकि नीति-निर्देशक सिद्धान्त न्याय योग्य नहीं हैं।
Exam Tips:
a) दोनों का यह भेद अक्सर पूछा जाता है।
Question 4: अनुच्छेद 14 से 18 तक में समानता के अधिकार का वर्णन किया गया है।
Answer:
सही।
Exam Tips:
a) अनुच्छेद 14-18 समानता का अधिकार हैं।
Question 5: अनुच्छेद 19 में 10 प्रकार की स्वतन्त्रताओं का वर्णन किया गया है।
Answer:
गलत। अनुच्छेद 19 में 6 प्रकार की स्वतन्त्रताओं का वर्णन है।
Exam Tips:
a) सम्पत्ति की स्वतन्त्रता हटने के बाद छह स्वतन्त्रताएँ बची हैं।
IV. बहुविकल्पीय प्रश्न
Question 1: सम्पत्ति का अधिकार है –
(क) मौलिक अधिकार
(ख) कानूनी अधिकार
(ग) नैतिक अधिकार
(घ) राजनीतिक अधिकार
Answer:
(ख) कानूनी अधिकार।
Exam Tips:
a) अनुच्छेद 300A।
Question 2: मौलिक अधिकार –
(क) न्याय योग्य हैं
(ख) न्याय योग्य नहीं हैं
(ग) उपरोक्त दोनों
(घ) इनमें से कोई नहीं
Answer:
(क) न्याय योग्य हैं।
Exam Tips:
a) न्यायालय इन्हें लागू करवा सकते हैं।
Question 3: जीवन तथा व्यक्तिगत स्वतन्त्रता का सम्बन्ध किस अनुच्छेद से है?
(क) अनुच्छेद 21
(ख) अनुच्छेद 19
(ग) अनुच्छेद 18
(घ) अनुच्छेद 20
Answer:
(क) अनुच्छेद 21।
Exam Tips:
a) अनुच्छेद 21 आपातकाल में भी स्थगित नहीं होता।
Question 4: मौलिक अधिकारों की सुरक्षा करता है –
(क) राष्ट्रपति
(ख) सर्वोच्च न्यायालय
(ग) प्रधानमन्त्री
(घ) स्पीकर
Answer:
(ख) सर्वोच्च न्यायालय।
Exam Tips:
a) न्यायपालिका संविधान की संरक्षक है।
Free study material for Political Science
Political Science Class 11 Curriculum Solutions: Hindi Medium Chapter 22 मौलिक अधिकार
Chapter Exercise Answers for Class 11 Political Science
Review comprehensive exercise answers for Class 11 Political Science Hindi Medium Chapter 22 मौलिक अधिकार. Fully updated to match current Punjab Board syllabus guidelines, these textbook solutions help students verify their work and maintain accurate study notes.
Detailed Answer Guides for Hindi Medium Chapter 22 मौलिक अधिकार
Clear, methodical explanations accompany every challenging problem within the Class 11 Political Science text. Engaging with these detailed answers lays a solid foundation for advanced learning and improves foundational clarity for upcoming assessments.
Complete Preparation Kit for Class 11 Exams
Frequent review of these structured answers builds strong analytical capabilities and response efficiency. Maximize your academic readiness by combining these textbook solutions with our curated study materials and mock evaluations for Class 11 Political Science.
FAQs
The complete and updated PSEB 11th Class Political Science Solutions Chapter 22 मौलिक अधिकार is available for free on StudiesToday.com. These solutions for Class 11 Political Science are as per latest Punjab Board curriculum.
Yes, our experts have revised the PSEB 11th Class Political Science Solutions Chapter 22 मौलिक अधिकार as per 2026 exam pattern. All textbook exercises have been solved and have added explanation about how the Political Science concepts are applied in case-study and assertion-reasoning questions.
Toppers recommend using Punjab Board language because Punjab Board marking schemes are strictly based on textbook definitions. Our PSEB 11th Class Political Science Solutions Chapter 22 मौलिक अधिकार will help students to get full marks in the theory paper.
Yes, we provide bilingual support for Class 11 Political Science. You can access PSEB 11th Class Political Science Solutions Chapter 22 मौलिक अधिकार in both English and Hindi medium.
Yes, you can download the entire PSEB 11th Class Political Science Solutions Chapter 22 मौलिक अधिकार in printable PDF format for offline study on any device.