Step-by-Step Textbook Solutions for Class 12 Political Science Chapter 08 Regional Aspirations
Access comprehensive textbook solutions for Chapter 08 Regional Aspirations using the official curriculum guides for Class 12 Political Science. Designed to align with the 2026-27 Haryana Board standards, these detailed answers help students reinforce core academic concepts.
Download Chapter 08 Regional Aspirations Textbook Solutions PDF
Access the complete solution PDF for Class 12 Political Science below. Regular practice with these targeted textbook answers builds familiarity with standard question patterns and helps secure higher marks in final school evaluations.
निबन्धात्मक प्रश्न
Question 1: क्षेत्रवाद से आप क्या समझते हैं ? क्षेत्रवाद के विकास के क्या कारण हैं ?
Answer:
क्षेत्रवाद का अर्थ (Meaning of Regionalism):
भारत में स्वतन्त्रता के पश्चात् राजनीति में जो नए प्रश्न उभरे हैं, उनमें क्षेत्रवाद (Regionalism) का प्रश्न एक महत्त्वपूर्ण प्रश्न है। क्षेत्रवाद से अभिप्राय किसी देश के उस छोटे-से क्षेत्र से है जो आर्थिक, सामाजिक आदि कारणों से अपने पृथक् अस्तित्व के लिए जागरूक है।
प्रो० डी० सी० गुप्ता (D.C. Gupta) के अनुसार, क्षेत्रवाद का अर्थ देश की अपेक्षा किसी विशेष क्षेत्र से प्रेम है। फ्रॉस्टर (Froster) के मतानुसार, क्षेत्रवाद से अभिप्राय एक देश के उस छोटे-से क्षेत्र से है जो आर्थिक, सामाजिक और भौगोलिक आदि आधारों पर अपने अस्तित्व के प्रति जागरूक है।
प्रो० एस० आर० माहेश्वरी (S.R. Maheshwari) के अनुसार, क्षेत्रवाद में किसी खास क्षेत्र के लोगों में आपसी समानता और एकरूपता के साथ-साथ शेष देश से अलग विभिन्नता की भावना का होना आवश्यक है।
भारत की राजनीति को क्षेत्रवाद और क्षेत्रीय आन्दोलनों ने बहुत अधिक प्रभावित किया है। यह भारत के लिए एक जटिल समस्या बन रही है और आज भी विद्यमान है। आज यदि किसी व्यक्ति से पूछा जाए कि वह कौन है, तो वह भारतीय कहने के स्थान पर बंगाली, बिहारी, पंजाबी, हरियाणवी आदि कहना पसन्द करेगा। यद्यपि संविधान के अन्तर्गत प्रत्येक नागरिक को भारत की ही नागरिकता दी गई है, तथापि लोगों में क्षेत्रीयता और प्रान्तीयता की भावनाएँ इतनी पाई जाती हैं कि वे अपने क्षेत्र या प्रान्त के लिए राष्ट्रीय हित का बलिदान करने के लिए तत्पर रहते हैं। 1950 से लेकर आज तक क्षेत्रवाद की समस्या भारत सरकार को घेरे हुए है और विभिन्न क्षेत्रों में आन्दोलन चलते रहते हैं।
क्षेत्रवाद के विकास के कारण (Reasons for development of Regionalism):
क्षेत्रवाद की भावना की उत्पत्ति किसी एक कारण से नहीं, बल्कि अनेक कारणों से होती है, जिनमें मुख्य निम्नलिखित हैं-
1. भौगोलिक एवं सांस्कृतिक कारण:
स्वतन्त्रता प्राप्ति के पश्चात् जब राज्यों का पुनर्गठन किया गया, तो पुरानी सीमाओं को भुलाकर नहीं, बल्कि उन्हीं को पुनर्गठन का आधार बनाया गया। इसी कारण एक राज्य में रहने वाले लोगों में एकता की भावना पूरी तरह विकसित नहीं हो पाई। प्रायः भाषा और संस्कृति क्षेत्रवाद की भावनाओं को उत्पन्न करने में बहुत सहयोग देते हैं।
2. ऐतिहासिक कारण:
क्षेत्रवाद की उत्पत्ति में इतिहास का दोहरा योगदान रहा है। सकारात्मक योगदान के उदाहरण के रूप में शिव सेना को देखा जा सकता है, और नकारात्मक योगदान के रूप में द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (DMK) का यह तर्क है कि प्राचीनकाल से ही उत्तरी राज्य दक्षिणी राज्यों पर शासन करते आए हैं।
3. भाषा:
भारत में सदैव ही अनेक भाषाएँ बोलने वालों ने अलग राज्य के निर्माण के लिए व्यापक आन्दोलन किए हैं। भारत सरकार ने भाषा के आधार पर राज्यों का गठन करके एक ऐसी स्थिति उत्पन्न कर दी है जिसका अन्तिम समाधान निकालना कठिन होता है।
4. जाति:
जाति ने भी क्षेत्रवाद की उत्पत्ति में महत्त्वपूर्ण योगदान दिया है। जिन क्षेत्रों में किसी एक जाति की प्रधानता रही, वहाँ क्षेत्रवाद का उग्र रूप देखने को मिलता है। इसी कारण महाराष्ट्र और हरियाणा में क्षेत्रवाद का उग्र स्वरूप दिखाई देता है।
5. धार्मिक कारण:
धर्म भी कई बार क्षेत्रवाद की भावनाओं को बढ़ाने में सहायक होता है। पंजाब में अकाली दल की पंजाबी सूबे की मांग कुछ हद तक धर्म के प्रभाव का परिणाम थी।
6. आर्थिक कारण:
क्षेत्रवाद की उत्पत्ति में आर्थिक कारण महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। भारत में जो आर्थिक विकास हुआ है, उसमें बहुत असमानता रही है। कुछ प्रदेशों का अधिक विकास हुआ, जबकि कुछ क्षेत्रों का विकास बहुत कम हुआ। जिन लोगों के हाथों में सत्ता रही, उन्होंने अपने क्षेत्रों के विकास की ओर अधिक ध्यान दिया। इसलिए पिछड़े क्षेत्रों में यह भावना उभरी कि यदि सत्ता उनके पास होती तो उनके क्षेत्र पिछड़े न रह जाते। इसी भावना से इन क्षेत्रों में क्षेत्रवाद उभरा और अलग राज्यों की मांग की गई।
7. राजनीतिक कारण:
क्षेत्रवाद की भावनाओं को भड़काने में राजनीतिज्ञों का भी हाथ रहा है। कई राजनीतिज्ञ यह सोचते हैं कि यदि उनके क्षेत्र को अलग राज्य बना दिया जाए, तो उनकी राजनीतिक महत्त्वाकांक्षाओं की पूर्ति हो जाएगी और उनके हाथ में भी सत्ता आ जाएगी।
Exam Tips:
a) क्षेत्रवाद की परिभाषा में क्षेत्र की पृथक् पहचान और उसकी जागरूकता, दोनों शामिल करें।
b) भाषा, जाति, धर्म, आर्थिक असमानता और राजनीति, इन सभी कारणों को अलग-अलग बिंदुओं में लिखें।
c) मानी गई परिभाषाओं में प्रो० गुप्ता और प्रो० माहेश्वरी के नाम सही लिखें।
d) आर्थिक पिछड़ेपन को क्षेत्रवाद का प्रमुख कारण बताते हुए उदाहरण दें।
Question 2: पंजाब समस्या पर एक नोट लिखें।
Answer:
पंजाब उत्तर भारत का एक महत्त्वपूर्ण राज्य है। इस राज्य की अधिकांश जनसंख्या सिक्ख समुदाय से सम्बन्धित है। 1966 में पंजाब राज्य का विभाजन करके हरियाणा नाम का एक नया राज्य बनाया गया। पंजाब में अकाली दल एक महत्त्वपूर्ण क्षेत्रीय राजनीतिक दल है। अकाली दल ने जनसंघ के साथ मिलकर 1967 एवं 1977 में पंजाब में अपनी सरकार बनाई। अकाली दल और कांग्रेस के बीच सदैव मतभेद रहे हैं। 1980 में जब अकाली दल चुनाव हार गया, तो उसने केन्द्र में कांग्रेस के विरुद्ध आन्दोलन शुरू कर दिया। उस समय अकाली दल की मांगें थीं-
(1) चण्डीगढ़ को पंजाब की राजधानी बनाया जाए।
(2) दूसरे राज्यों के पंजाबी भाषी क्षेत्रों को पंजाब में मिलाया जाए।
(3) पंजाब का औद्योगिक विकास किया जाए।
(4) भाखड़ा-नंगल योजना पंजाब के नियन्त्रण में हो।
(5) देश के सभी गुरुद्वारे शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबन्धक कमेटी के प्रबन्ध में हों।
पंजाब में धीरे-धीरे अशान्ति बढ़ने लगी। अतः केन्द्र की श्रीमती इन्दिरा गांधी की सरकार ने 'ऑपरेशन ब्लू स्टार' के अन्तर्गत पंजाब में कार्यवाही की। इसके विरोध में 31 अक्तूबर, 1984 को श्रीमती इन्दिरा गांधी की हत्या कर दी गई, जिससे दिल्ली में सिक्ख विरोधी दंगे शुरू हो गए। एक अनुमान के अनुसार इन दंगों में लगभग 2000 सिक्ख पुरुष, स्त्री और बच्चे मारे गए। इस प्रकार पंजाब समस्या और सिक्ख विरोधी दंगों के कारण देश की एकता और अखण्डता के लिए खतरा पैदा हो गया।
इसीलिए प्रधानमन्त्री राजीव गांधी ने पंजाब में शान्ति बनाए रखने के लिए अकाली नेताओं से समझौता किया, जिसे पंजाब समझौता भी कहा जाता है। पंजाब के राज्यपाल अर्जन सिंह ने जून 1985 में अकाली नेताओं से पंजाब समस्या पर प्रारम्भिक बातचीत शुरू की। 24 जुलाई, 1985 की शाम को प्रधानमन्त्री राजीव गांधी और अकाली नेताओं (हरचन्द सिंह लोंगोवाल, सुरजीत सिंह बरनाला तथा बलवन्त सिंह) के बीच समझौता हुआ, जिसका सभी राजनीतिक दलों और पंजाब की जनता ने स्वागत किया। 26 जुलाई, 1985 को अकाली दल ने आनन्दपुर में प्रधानमन्त्री राजीव गांधी और सन्त हरचन्द सिंह लोंगोवाल के बीच हुए समझौते को अपनी स्वीकृति दे दी।
20 अगस्त, 1985 को संगरूर से लगभग 4 किलोमीटर दूर शरंपुर गाँव के एक गुरुद्वारे में राजनीतिक भाषण के बाद सन्त लोंगोवाल अरदास में माथा टेकने के लिए झुके ही थे कि गोलियाँ चलीं। सन्त लोंगोवाल को तीन गोलियाँ लगीं और संगरूर अस्पताल में उनका देहान्त हो गया। इस हत्या से न केवल अकाली दल, बल्कि पूरा भारत शोक में डूब गया। 25 अगस्त को सुरजीत सिंह बरनाला को अकाली दल का कार्यकारी अध्यक्ष चुना गया।
समझौते के मुख्य बिन्दु:
1. मारे गए निरपराध व्यक्तियों के लिए मुआवज़ा: एक सितम्बर, 1982 के बाद हुई किसी कार्यवाही या आन्दोलन में मारे गए लोगों को अनुग्रह राशि के भुगतान के साथ सम्पत्ति की क्षति के लिए मुआवज़ा दिया जाएगा।
2. सेना में भर्ती: देश के सभी नागरिकों को सेना में भर्ती का अधिकार होगा और चयन के लिए केवल योग्यता ही आधार होगी।
3. नवम्बर दंगों की जाँच: दिल्ली के नवम्बर दंगों की जाँच कर रहे रंगनाथ मिश्र आयोग का कार्यक्षेत्र बढ़ाकर उसमें बोकारो और कानपुर के उपद्रवों की जाँच भी शामिल की जाएगी।
4. सेना से निकाले गए व्यक्तियों का पुनर्वास: सेना से निकाले गए व्यक्तियों के पुनर्वास और उन्हें लाभकारी रोज़गार दिलाने के प्रयास किए जाएँगे।
5. अखिल भारतीय गुरुद्वारा कानून: भारत सरकार अखिल भारतीय गुरुद्वारा कानून बनाने पर सहमत हुई। इसके लिए शिरोमणि अकाली दल और अन्य सम्बन्धित पक्षों से सलाह-मशविरा करने और संवैधानिक आवश्यकताएँ पूरी करने के बाद विधेयक लागू किया जाएगा।
6. लम्बित मुकदमों का फैसला: सशस्त्र सेना विशेषाधिकार कानून को पंजाब में लागू करने वाली अधिसूचना वापस ली जाएगी। विशेष न्यायालय केवल विमान अपहरण तथा शासन के विरुद्ध युद्ध के मामले सुनेंगे, शेष मामले सामान्य न्यायालयों को सौंप दिए जाएँगे।
7. सीमा विवाद: चण्डीगढ़ का राजधानी परियोजना क्षेत्र और सुखना ताल पंजाब को दिए जाएँगे। केन्द्र शासित प्रदेश के अन्य पंजाबी क्षेत्र पंजाब को तथा हिन्दी भाषी क्षेत्र हरियाणा को दिए जाएँगे।
Exam Tips:
a) पंजाब समझौते की तिथि (24 जुलाई 1985) और उसके पक्षकारों के नाम लिखें।
b) 1984 के ऑपरेशन ब्लू स्टार और इन्दिरा गांधी की हत्या का क्रम कालानुक्रम से लिखें।
c) समझौते के सात बिन्दुओं में से कम से कम चार को उदाहरण सहित लिखें।
d) समझौते का महत्त्व बताएँ कि इससे पंजाब में शान्ति का मार्ग खुला।
Question 3: भारतीय सरकार किस प्रकार लोकतान्त्रिक बातचीत का रास्ता अपनाते हुए कश्मीर समस्या के समाधान की दिशा में प्रयत्नशील रही है? व्याख्या कीजिए।
अथवा
कश्मीर समस्या पर एक विस्तृत नोट लिखिए।
Answer:
स्वतन्त्रता से पूर्व कश्मीर भारत के उत्तर-पश्चिमी कोने में स्थित एक देशी रियासत था। 15 अगस्त, 1947 को भारत स्वतन्त्र हुआ और पाकिस्तान की स्थापना हुई। पाकिस्तान ने पश्चिमी सीमा प्रान्त के कबाइली लोगों को प्रेरणा और सहायता देकर 22 अक्तूबर, 1947 को कश्मीर पर आक्रमण कर दिया। कश्मीर के महाराजा हरि सिंह ने भारत से सहायता माँगी और कश्मीर को भारत में शामिल करने की प्रार्थना की।
कश्मीर का भारत में विधिवत् विलय हो गया, परन्तु पाकिस्तान का आक्रमण जारी रहा। पाकिस्तान ने कुछ क्षेत्र पर कब्ज़ा कर लिया, जिसे आज भी 'आज़ाद कश्मीर' कहा जाता है और जो पाकिस्तान के नियन्त्रण में है। भारतीय सेना ने पाकिस्तानी सेना को खदेड़ दिया। भारत सरकार ने कश्मीर का मामला संयुक्त राष्ट्र को सौंप दिया और 1 जनवरी, 1949 को युद्ध विराम हो गया। संयुक्त राष्ट्र ने कश्मीर समस्या को हल करने का प्रयास किया, परन्तु यह समस्या अब भी बनी हुई है।
इसका कारण यह है कि भारत सरकार कश्मीर को भारत का अंग मानती है, जबकि पाकिस्तान चाहता है कि कश्मीर में जनमत संग्रह कराकर यह निर्णय हो कि कश्मीर भारत में मिलना चाहता है या पाकिस्तान के साथ। भारत की दृष्टि में पाकिस्तान की यह माँग गलत और अन्यायपूर्ण है, इसलिए उसे स्वीकार नहीं किया जा सकता। भारत ने सदैव कश्मीर समस्या को बातचीत से हल करने का प्रयास किया है, परन्तु पाकिस्तान के अड़ियल रवैये के कारण सफलता नहीं मिली।
शिमला समझौता: 1972 के शिमला समझौते के अन्तर्गत कश्मीर समस्या को बातचीत द्वारा हल करने की बात कही गई। भारत ने इस दिशा में लगातार प्रयास किए, परन्तु पाकिस्तान की ओर से कोई सकारात्मक संकेत नहीं मिले।
1. लाहौर घोषणा: फरवरी 1999 में भारतीय प्रधानमन्त्री श्री अटल बिहारी वाजपेयी बस से लाहौर गए और जम्मू-कश्मीर समस्या को हल करने की पहल की।
2. आगरा शिखर वार्ता: जम्मू-कश्मीर सहित अन्य समस्याओं पर बातचीत के लिए भारत ने पाकिस्तान के शासक जनरल परवेज़ मुशर्रफ़ को भारत आने का निमन्त्रण दिया और आगरा में दोनों देशों के बीच शिखर वार्ता हुई। परन्तु पाकिस्तान के कारण यह बातचीत सफल नहीं हो सकी।
महत्त्वपूर्ण नोट: भारत सरकार ने 5-6 अगस्त, 2019 को जम्मू-कश्मीर से सम्बन्धित धारा 370 को समाप्त कर दिया और स्पष्ट किया कि अब केवल पाकिस्तान के गैर-कानूनी कब्ज़े वाले क्षेत्र (P.O.K.) पर ही बातचीत होगी।
Exam Tips:
a) 1947 से 1949 तक के घटनाक्रम (आक्रमण, विलय, संयुक्त राष्ट्र और युद्ध विराम) को क्रम से लिखें।
b) भारत और पाकिस्तान के जनमत संग्रह के बारे में रुख का अन्तर स्पष्ट करें।
c) शिमला समझौता (1972), लाहौर घोषणा (1999) और आगरा शिखर वार्ता को अलग-अलग बिंदुओं में लिखें।
d) धारा 370 की समाप्ति (2019) का उल्लेख अंत में अवश्य करें।
Question 4: उत्तर-पूर्वी राज्यों की चुनौतियों एवं उसकी अनुक्रियाओं पर एक नोट लिखें।
Answer:
भारत का उत्तर-पूर्वी क्षेत्र सात राज्यों (असम, अरुणाचल प्रदेश, मेघालय, मणिपुर, नागालैण्ड, मिज़ोरम एवं त्रिपुरा) से मिलकर बनता है। इन सात राज्यों को 'सात बहनें' भी कहा जाता है। ये राज्य भारत के अन्य राज्यों की तरह अधिक उन्नति नहीं कर पाए हैं। इसी कारण यहाँ आर्थिक तथा सामाजिक पिछड़ापन पाया जाता है, जिसके चलते कुछ अलगाववादी तत्त्व विदेशी समर्थन पर अशान्ति फैलाते रहते हैं।
यहाँ की अधिकतर जातियाँ पिछड़ी हुई हैं। संचार साधनों की कमी, भाषाओं की विभिन्नता, यातायात के साधनों की कमी और अधिकांशतः बेरोज़गारी के कारण स्थानीय निवासी अलगाववादी गुटों के बहकावे में आ जाते हैं। इन सभी राज्यों में अपने-अपने क्षेत्रीय राजनीतिक दल हैं, जो सत्ता प्राप्ति के लिए संघर्ष करते हैं। इन क्षेत्रीय दलों का विवरण इस प्रकार है-
1. नागालैण्ड (Nagaland): यह उत्तर-पूर्व का एक महत्त्वपूर्ण राज्य है। इसकी जनसंख्या लगभग 20 लाख है और राजधानी कोहिमा है। इसमें अनेक जातियाँ और कबीले पाए जाते हैं। यहाँ यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट, नागा नेशनल डेमोक्रेटिक पार्टी तथा नागा नेशनल सोशलिस्ट काउंसिल जैसे राजनीतिक दल हैं। अन्तिम दल अलगाववादियों से सम्बन्धित है।
2. मणिपुर (Manipur): मणिपुर की जनसंख्या लगभग 27 लाख है, राजधानी इम्फाल है और मुख्य भाषा मणिपुरी है। मणिपुर 1972 में राज्य बना और इसमें कुल 16 ज़िले हैं। यहाँ मणिपुर हिल यूनियन, कूकी नेशनल असेंबली तथा मणिपुर जनमुक्ति सेना जैसे क्षेत्रीय दल हैं। अन्तिम दल अलगाववादी है।
3. मेघालय (Meghalaya): इसकी राजधानी शिलांग है और जनसंख्या लगभग 29 लाख है। यहाँ की मुख्य भाषाएँ खासी, गारो तथा अंग्रेज़ी हैं। मेघालय के कुछ क्षेत्रीय दल ऑल पार्टी हिल लीडर्स कॉन्फ्रेंस तथा हिल स्टेट पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी हैं।
4. त्रिपुरा (Tripura): राजधानी अगरतला है और जनसंख्या लगभग 36 लाख है। यहाँ की मुख्य भाषाएँ बंगला और काकबरक हैं। त्रिपुरा को 1972 में राज्य का दर्जा मिला और अब इसमें आठ ज़िले हैं। यहाँ कई छोटे क्षेत्रीय राजनीतिक दल हैं, जिनमें त्रिपुरा उपजाति युवा समिति प्रमुख है।
5. मिज़ोरम (Mizoram): राजधानी आइज़ोल है और जनसंख्या लगभग 10 लाख है। मुख्य भाषाएँ मिज़ो और अंग्रेज़ी हैं। मिज़ोरम 1987 में भारत का 23वाँ राज्य बना। यहाँ के मुख्य क्षेत्रीय दल पीपुल्स कॉन्फ्रेंस और मिज़ो यूनियन पार्टी हैं। मिज़ो नेशनल फ्रंट एक अलगाववादी संगठन है, जो हिंसक कार्रवाइयों में संलग्न रहा है।
6. असम (Assam): यह उत्तर-पूर्वी क्षेत्र का सबसे बड़ा राज्य है। यहाँ की जनसंख्या लगभग 3 करोड़ है, मुख्य भाषा असमिया है और राजधानी दिसपुर है। असम में उल्फा (ULFA) नामक उग्रवादी एवं अलगाववादी संगठन सक्रिय रहा है। असम का सबसे महत्त्वपूर्ण क्षेत्रीय दल असम गण परिषद है।
सरकार की अनुक्रियाएँ: केन्द्र सरकार ने विभिन्न समझौते और पुनर्गठन द्वारा समाधान का प्रयास किया। नागालैण्ड को 1963 में राज्य का दर्जा मिला। मेघालय 1972 में अलग राज्य बना। मिज़ोरम और अरुणाचल प्रदेश 1987 में राज्य बने। असम समझौता (1985) और मिज़ो समझौता (1986) जैसे शान्ति समझौते किए गए। छठी अनुसूची के अन्तर्गत स्वायत्त ज़िला परिषदों का गठन करके जनजातीय क्षेत्रों को अपने मामलों में अधिक अधिकार दिए गए।
Exam Tips:
a) सात राज्यों के नाम और उन्हें 'सात बहनें' कहे जाने का उल्लेख करें।
b) आर्थिक पिछड़ापन और अलगाववाद के सम्बन्ध को कारण के रूप में स्पष्ट करें।
c) प्रत्येक राज्य की राजधानी और मुख्य क्षेत्रीय दल को जोड़कर लिखें।
d) सरकारी अनुक्रियाओं में 1985 का असम समझौता और 1986 का मिज़ो समझौता अवश्य लिखें।
Question 5: 'असम आन्दोलन सांस्कृतिक गौरव और आर्थिक पिछड़ेपन की मिली-जुली अभिव्यक्ति था।' इस कथन का औचित्य निर्धारित कीजिए।
Answer:
असम आन्दोलन (1979–1985) असम के लोगों की सांस्कृतिक पहचान की चिन्ता और आर्थिक पिछड़ेपन की भावना, दोनों की अभिव्यक्ति माना जा सकता है। इसके कारण पूर्वोत्तर में क्षेत्रीय असन्तोष गहरा हुआ।
सांस्कृतिक पहलू: असम की मुख्य भाषा असमिया है और राज्य में अनेक भाषाई व सांस्कृतिक समुदाय रहते हैं। 1960 में असमिया को राजभाषा बनाने के निर्णय से गैर-असमिया भाषी लोगों को लगा कि उन पर असमिया भाषा थोपी जा रही है, और उन्होंने इसका विरोध किया।
आर्थिक पहलू: गैर-असमिया लोगों को यह भी लगा कि आर्थिक दृष्टि से पिछड़ने का एक मुख्य कारण उनका गैर-असमिया होना है। इसी सोच से अलग प्रशासनिक इकाइयों की मांगें उठीं।
मूल मुद्दा: आन्दोलन का मुख्य लक्ष्य अवैध विदेशी प्रवासियों (मुख्यतः बांग्लादेश से आए लोगों) की पहचान करके उन्हें निष्कासित करना था। यह आन्दोलन असम को भारत से अलग करने की मांग नहीं था। यह 1985 के असम समझौते (Assam Accord) के साथ समाप्त हुआ।
इसके बाद केन्द्र सरकार ने धीरे-धीरे असम का पुनर्गठन किया। मेघालय (1972) तथा मिज़ोरम और अरुणाचल प्रदेश (1987) नए राज्य बने। अतः कथन को सीमित रूप में उचित माना जा सकता है, क्योंकि आन्दोलन में सांस्कृतिक चिन्ता और आर्थिक पिछड़ेपन की भावना दोनों दिखती हैं, परन्तु उसका केन्द्रीय प्रश्न अवैध प्रवास का था।
Exam Tips:
a) असम आन्दोलन (1979–85) का मूल मुद्दा अवैध विदेशी प्रवासियों की पहचान था।
b) 1960 के असमिया भाषा के राजभाषा निर्णय को सांस्कृतिक कारण के रूप में लिखें।
c) 1985 के असम समझौते (Assam Accord) का उल्लेख उत्तर को पूर्ण बनाता है।
d) असम के विभाजन से बने राज्यों (मेघालय 1972, मिज़ोरम और अरुणाचल प्रदेश 1987) को उदाहरण में लिखें।
लघु उत्तरीय प्रश्न
Question 1: क्षेत्रवाद क्या है?
Answer:
क्षेत्रवाद से अभिप्राय किसी देश के उस छोटे-से क्षेत्र से है जो आर्थिक, सामाजिक आदि कारणों से अपने पृथक् अस्तित्व के लिए जागरूक है। भारत में स्वतन्त्रता के पश्चात् राजनीति में क्षेत्रवाद एक महत्त्वपूर्ण प्रश्न बनकर उभरा है। इसने भारत की राजनीति को बहुत प्रभावित किया है और आज भी यह एक जटिल समस्या बनी हुई है। आज लोग स्वयं को भारतीय कहने के स्थान पर बंगाली, बिहारी, पंजाबी या हरियाणवी कहना पसन्द करते हैं।
Exam Tips:
a) क्षेत्रवाद की परिभाषा में क्षेत्र की पृथक् पहचान और जागरूकता दोनों लिखें।
b) भारतीय राजनीति में इसकी गम्भीरता का एक उदाहरण अवश्य दें।
Question 2: क्षेत्रीयवाद के कोई चार दुष्परिणाम लिखें।
अथवा
भारतीय राजनीति पर क्षेत्रवाद के कोई चार प्रभाव लिखो।
अथवा
क्षेत्रीय राजनीति के कोई चार दुष्परिणाम बताइये।
Answer:
(1) क्षेत्रवाद के आधार पर राज्य केन्द्रीय सरकार से सौदेबाज़ी करते हैं। यह सौदेबाज़ी न केवल आर्थिक विकास के लिए होती है, बल्कि कई बार अन्य महत्त्वपूर्ण समस्याओं के समाधान के लिए भी होती है।
(2) क्षेत्रवाद ने कुछ हद तक भारतीय राजनीति में हिंसक तरीकों को बढ़ावा दिया है। कुछ राजनीतिक दल इसे अपनी लोकप्रियता का साधन बना लेते हैं।
(3) चुनावों के समय भी क्षेत्रवाद का सहारा लिया जाता है। क्षेत्रीयता के आधार पर राजनीतिक दल उम्मीदवारों का चयन करते हैं और क्षेत्रीय भावनाएँ भड़काकर वोट प्राप्त करने की कोशिश करते हैं।
(4) मन्त्रिमंडल के निर्माण में क्षेत्रवाद की प्रवृत्ति स्पष्ट दिखाई देती है। मन्त्रिमंडल में प्रायः सभी मुख्य क्षेत्रों के प्रतिनिधियों को लिया जाता है।
Exam Tips:
a) हिंसा, सौदेबाज़ी, चुनाव और मन्त्रिमंडल गठन, चारों प्रभाव अलग-अलग लिखें।
b) चुनाव में क्षेत्रीय भावनाओं को भड़काने का तरीका स्पष्ट करें।
c) मन्त्रिमंडल में क्षेत्रीय प्रतिनिधित्व को सकारात्मक और नकारात्मक दोनों पहलुओं से देखें।
Question 3: भारत में क्षेत्रवाद की उत्पत्ति के कोई चार कारण लिखिए।
अथवा
भारत में क्षेत्रवाद के कोई चार कारण लिखो।
अथवा
भारतीय क्षेत्रीयवाद के कोई चार कारण बताइये।
Answer:
(1) क्षेत्रवाद की उत्पत्ति का एक महत्त्वपूर्ण कारण भाषा का विवाद है। क्षेत्रवाद की समस्या स्पष्ट रूप से भाषा से जुड़ी है, और भाषा के आधार पर अलग राज्य बनाने के लिए आन्दोलन होते रहे हैं।
(2) जाति ने क्षेत्रवाद की उत्पत्ति में महत्त्वपूर्ण योगदान दिया है। जिन क्षेत्रों में किसी एक जाति की प्रधानता रही है, वहाँ क्षेत्रवाद का उग्र रूप देखने को मिलता है।
(3) क्षेत्रवाद की उत्पत्ति में आर्थिक कारणों ने भी महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाई है। अविकसित क्षेत्रों ने अलग राज्य की स्थापना के लिए आन्दोलन किए। पिछड़े क्षेत्रों में यह भावना उभरी कि यदि सत्ता उनके पास होती तो उनके क्षेत्र पिछड़े न रह जाते।
(4) धर्म भी कई बार क्षेत्रवाद की भावनाओं को बढ़ाने में सहायक होता है।
Exam Tips:
a) भाषा, जाति, आर्थिक पिछड़ापन और धर्म को अलग-अलग बिंदुओं में लिखें।
b) जाति वाले कारण में प्रधानता वाले क्षेत्र का उदाहरण लिखें।
Question 4: क्षेत्रीय असन्तुलन क्या है?
Answer:
भारत में संघीय शासन प्रणाली है और यहाँ 28 राज्य तथा 8 संघीय क्षेत्र हैं। क्षेत्रीय असन्तुलन का अर्थ यह है कि भारत के विभिन्न राज्यों और क्षेत्रों का विकास एक जैसा नहीं है। कुछ राज्यों का आर्थिक विकास बहुत अधिक हुआ है और वहाँ के लोगों का जीवन-स्तर ऊँचा है, जबकि कुछ राज्यों का विकास बहुत कम हुआ है और वहाँ के लोगों का जीवन-स्तर निम्न है। उदाहरण के लिए पंजाब, हरियाणा, महाराष्ट्र और केरल अत्यधिक विकसित हैं, जबकि बिहार, उड़ीसा और मध्य प्रदेश अपेक्षाकृत अति पिछड़े क्षेत्र हैं।
Exam Tips:
a) विकास स्तर और जीवन-स्तर के अन्तर को क्षेत्रीय असन्तुलन कहते हैं, यह परिभाषा अवश्य लिखें।
b) विकसित और पिछड़े राज्यों के उदाहरण दें।
Question 5: क्षेत्रीय असन्तुलन भारतीय लोकतन्त्र पर क्या प्रभाव डाल रहा है?
Answer:
(1) पिछड़े क्षेत्रों के लोगों में असन्तुष्टि की भावना तेज़ी से बढ़ रही है, और वे सरकार को अपने पिछड़ेपन के लिए जिम्मेदार मानते हैं, जो काफ़ी हद तक उचित प्रतीत होता है।
(2) क्षेत्रीय असन्तुलन से लोगों में क्षेत्रवाद की भावना उत्पन्न हो रही है, और क्षेत्रवाद ने पृथक्तावाद की भावना को जन्म दिया है।
(3) क्षेत्रीय असन्तुलन ने अनेक क्षेत्रीय दलों को जन्म दिया है, जो राष्ट्र की अपेक्षा अपने क्षेत्र के हित को अधिक महत्त्व देते हैं।
(4) क्षेत्रीय असन्तुलन के कारण कई क्षेत्रों में आतंकवाद का उदय हुआ है, जिसने लोकतन्त्र को गम्भीर रूप से प्रभावित किया है।
Exam Tips:
a) असन्तोष, पृथक्तावाद, क्षेत्रीय दल और आतंकवाद, चारों प्रभाव अलग-अलग बिंदुओं में लिखें।
b) क्षेत्रीय असन्तुलन और लोकतन्त्र के सम्बन्ध को उदाहरण सहित स्पष्ट करें।
Question 6: भारत में क्षेत्रीय असन्तुलन के कोई चार कारण बताओ।
Answer:
(1) भौगोलिक विषमताओं ने क्षेत्रीय असन्तुलन पैदा किया है। एक ओर राजस्थान जैसा मरुस्थल है जो कम उपजाऊ है, तो दूसरी ओर पंजाब जैसे उपजाऊ क्षेत्र हैं।
(2) भाषा की विभिन्नता ने भी क्षेत्रीय असन्तुलन को बढ़ाया है।
(3) ब्रिटिश सरकार ने कुछ क्षेत्रों का विकास किया और कुछ का नहीं किया, जिससे असन्तुलन पैदा हुआ। अंग्रेज़ों ने कोलकाता, मुम्बई और चेन्नई का अधिक विकास किया, इसलिए इन क्षेत्रों के लोगों का जीवन-स्तर अन्य क्षेत्रों से कहीं अधिक ऊँचा है।
(4) क्षेत्रीय असन्तुलन का एक महत्त्वपूर्ण कारण नेताओं की भूमिका है। जो नेता जिस क्षेत्र का होता है, वह अपने क्षेत्र के विकास पर अधिक ध्यान देता है, जिससे अन्य क्षेत्र अविकसित रह जाते हैं।
Exam Tips:
a) भौगोलिक, भाषाई, औपनिवेशिक और नेतृत्व से जुड़े कारण अलग-अलग लिखें।
b) राजस्थान और पंजाब का उदाहरण भौगोलिक असमानता के लिए दें।
Question 7: क्षेत्रवाद को समाप्त करने के कोई चार सुझाव दीजिए।
अथवा
भारत में क्षेत्रीयवाद की बढ़ती प्रवृत्ति को समाप्त करने के कोई चार सुझाव दीजिए।
अथवा
भारत में क्षेत्रीयवाद को समाप्त करने के लिए कोई चार सुझाव दीजिए।
Answer:
(1) पिछड़े हुए क्षेत्रों के विकास के लिए विशेष प्रयास किए जाएँ। पिछड़े क्षेत्रों में विशेषकर बिजली, यातायात और संचार के साधनों का विकास किया जाए।
(2) क्षेत्रवाद को बढ़ावा देने वाले दलों पर प्रतिबन्ध लगाना चाहिए।
(3) आदिवासी क्षेत्रों में नियुक्त होने वाले प्रशासनिक अधिकारियों को विशेष प्रशिक्षण दिया जाए, और उन्हीं को नियुक्त किया जाए जो इन क्षेत्रों के बारे में थोड़ा-बहुत ज्ञान रखते हों।
(4) केन्द्रीय मन्त्रिमंडल में सभी क्षेत्रों को उचित प्रतिनिधित्व दिया जाए।
Exam Tips:
a) विकास, राजनीतिक दल, प्रशासन और प्रतिनिधित्व से जुड़े चारों सुझाव अलग-अलग लिखें।
b) आदिवासी क्षेत्र के प्रशासनिक अधिकारियों के लिए प्रशिक्षण का सुझाव अवश्य दें।
Question 8: 'क्षेत्रीय असन्तुलन भारत में क्षेत्रवाद के प्रमुख कारण हैं।' व्याख्या करो।
Answer:
क्षेत्रीय असन्तुलन से अभिप्राय विभिन्न क्षेत्रों के बीच प्रति व्यक्ति आय, साक्षरता दर, स्वास्थ्य और चिकित्सा सेवाओं की उपलब्धता, औद्योगीकरण के स्तर आदि में पाए जाने वाले अन्तर से है। भारत में विभिन्न राज्यों के बीच व्यापक स्तर पर ऐसा असन्तुलन पाया जाता है। क्षेत्रीय भिन्नताओं और असन्तुलन के कारण क्षेत्रीय भेदभाव की भावना को बढ़ावा मिलता है।
इस असन्तुलन से क्षेत्रवादी भावनाओं को बल मिला है, और इसी कारण कई क्षेत्रों ने पृथक् राज्य की मांग की है। बिहार और पश्चिमी बंगाल के कुछ हिस्सों में झारखण्ड, उत्तर प्रदेश में उत्तराँचल (उत्तराखण्ड) और मध्य प्रदेश में छत्तीसगढ़ राज्यों की मांग क्षेत्रीय असन्तुलन के कारण ही की गई थी।
क्षेत्रीय असन्तुलन ने क्षेत्रवादी हिंसा, आन्दोलनों और तोड़-फोड़ को बढ़ावा दिया है। अनेक क्षेत्रीय दल भी इसी असन्तुलन से उत्पन्न हुए हैं, जो अब क्षेत्रवाद को और बढ़ावा दे रहे हैं। इसने अन्तर्राज्यीय विवादों को भी जन्म दिया है, जिससे क्षेत्रवादी भावनाएँ और उग्र हो गई हैं।
Exam Tips:
a) प्रति व्यक्ति आय, साक्षरता और स्वास्थ्य जैसे असन्तुलन के संकेतक लिखें।
b) झारखण्ड, उत्तराखण्ड और छत्तीसगढ़ की मांगों को उदाहरण के रूप में लिखें।
c) अन्तर्राज्यीय विवादों को क्षेत्रवाद के बढ़ने का परिणाम बताएँ।
Question 9: क्षेत्रीय दल किसे कहते हैं?
Answer:
चुनाव आयोग उस राजनीतिक दल को राज्य अथवा क्षेत्रीय स्तर के दल के रूप में मान्यता देता है, जिसने लोकसभा अथवा विधानसभा के चुनावों में कुल वैध मतों का 6 प्रतिशत मत प्राप्त किया हो और विधानसभा में कम-से-कम 2 सीटें जीती हों, अथवा राज्य विधानसभा की कुल सीटों में से कम-से-कम तीन प्रतिशत सीटें या कम-से-कम तीन सीटें (जो भी अधिक हो) प्राप्त की हों। इसी प्रकार जिस दल ने लोकसभा के किसी आम चुनाव में लोकसभा की प्रत्येक 25 सीटों पर एक जीत या इसी अनुपात में जीत हासिल की हो, वह भी मान्य है। इसके विकल्प के रूप में सम्बन्धित राज्य में दल के उम्मीदवारों को सभी संसदीय क्षेत्रों में कम-से-कम 6 प्रतिशत मत मिलने चाहिए और इसी आम चुनाव में राज्य में कम-से-कम एक लोकसभा सीट पर जीत भी होनी चाहिए। राज्य स्तरीय दल को क्षेत्रीय दल भी कहा जाता है, और इसका अस्तित्व राज्य के बाहर भी हो सकता है। चुनाव आयोग ने 53 राज्य स्तरीय दलों को मान्यता प्रदान की हुई है।
Exam Tips:
a) मत-प्रतिशत (6%) और सीटों की शर्तें क्रम से लिखें।
b) क्षेत्रीय दल और राज्य स्तरीय दल को एक ही अर्थ में प्रयोग किया जाता है।
Question 10: क्षेत्रीय पार्टियों की उत्पत्ति के भारत में कारण बताएँ।
Answer:
भारत में राष्ट्रीय दलों के साथ अनेक क्षेत्रीय दल भी पाए जाते हैं, और चुनाव आयोग ने 53 दलों को राज्य स्तर के दलों के रूप में मान्यता दी हुई है। क्षेत्रीय दलों की उत्पत्ति के मुख्य कारण निम्नलिखित हैं-
1. भौगोलिक कारण: भारत एक विशाल देश है, जिसकी भौगोलिक बनावट में अनेक विभिन्नताएँ पाई जाती हैं। मिज़ो हिल्स पीपुल्स यूनियन तथा सिक्किम संग्राम परिषद जैसे दलों के लिए भौगोलिक कारण ही उत्तरदायी हैं।
2. जातिवाद: भारत में विभिन्न जातियों के लोग रहते हैं। अनेक क्षेत्रीय राजनीतिक दलों का निर्माण जाति के आधार पर हुआ है। उदाहरण के लिए तमिलनाडु में डी०एम०के० तथा अन्ना डी०एम०के० को ब्राह्मण विरोधी या गैर-ब्राह्मण दल माना जाता है।
3. धर्म: धर्म भी क्षेत्रीय दलों के निर्माण का एक महत्त्वपूर्ण कारण है।
4. आर्थिक पिछड़ापन: भारत के विभिन्न क्षेत्रों में पाई जाने वाली आर्थिक असमानताओं ने असन्तुष्ट लोगों को क्षेत्रीय दलों में संगठित होने के लिए प्रोत्साहित किया है।
Exam Tips:
a) भौगोलिक, जातिवाद, धर्म और आर्थिक पिछड़ापन, चारों कारण अलग-अलग लिखें।
b) जाति आधारित दल का उदाहरण (तमिलनाडु) अवश्य दें।
Question 11: शिरोमणि अकाली दल की कोई चार नीतियाँ लिखिए।
Answer:
(1) शिरोमणि अकाली दल ने आनन्दपुर साहिब के प्रस्ताव को राष्ट्रीय एकता बढ़ाने वाला बताया है और इस प्रस्ताव में वर्णित सच्चे संघवाद को लागू करने की बात की है।
(2) चण्डीगढ़ और हरियाणा की सीमा से लगते पंजाबी भाषी क्षेत्रों को पंजाब में मिलाने की मांग की गई है।
(3) सतलुज-यमुना लिंक नहर परियोजना को रद्द करने की बात कही गई है।
(4) पंजाब में हर हालत में शान्ति बनाए रखी जाएगी।
Exam Tips:
a) आनन्दपुर साहिब प्रस्ताव और संघवाद को पहले बिंदु में लिखें।
b) सतलुज-यमुना लिंक नहर का उल्लेख अवश्य करें।
Question 12: अखिल भारतीय अन्नाद्रमुक दल की कोई चार नीतियाँ लिखिए।
Answer:
(1) अन्नाद्रमुक श्री सी० एन० अन्नादुराई के सिद्धान्तों में पूरा विश्वास रखती है।
(2) पार्टी ने अपने चुनाव घोषणा-पत्र में तमिलनाडु में ईमानदार और कुशल प्रशासन स्थापित करने का वादा किया है।
(3) यह दल लोकतन्त्र में विश्वास रखता है। इसका मानना है कि सरकार की शक्तियों का स्रोत जनता है और सरकार को नीतियाँ जनमत को ध्यान में रखकर बनानी चाहिए।
(4) यह दल समाजवाद का समर्थन करता है और इसका मुख्य उद्देश्य लोकतान्त्रिक समाजवाद की स्थापना करना है।
Exam Tips:
a) अन्नादुराई के सिद्धान्तों और ईमानदार प्रशासन को अलग-अलग बिंदुओं में लिखें।
b) लोकतान्त्रिक समाजवाद का उल्लेख अंतिम बिंदु में करें।
Question 13: नेशनल कान्फ्रेंस पार्टी के विषय में आप क्या जानते हैं?
Answer:
नेशनल कान्फ्रेंस जम्मू-कश्मीर का एक महत्त्वपूर्ण क्षेत्रीय दल है। इस दल के वर्तमान अध्यक्ष उमर अब्दुल्ला हैं। यह दल राज्य स्वायत्तता के पक्ष में है। इसने जम्मू-कश्मीर के भारत में विलय को स्थायी माना है, जिसे बदला नहीं जा सकता। यह दल अनुच्छेद 370 को बनाए रखने के पक्ष में है और इसमें किसी प्रकार का संशोधन करने के पक्ष में नहीं है। पार्टी जम्मू-कश्मीर की एकता और अखण्डता बनाए रखने के पक्ष में है, धर्मनिरपेक्षता में विश्वास रखती है और राज्य से कट्टरपंथ को समाप्त करने के पक्ष में है। यह सभी समुदायों में साम्प्रदायिक सद्भाव बनाए रखने के लिए वचनबद्ध है। यह केन्द्र से टकराव की नीति के पक्ष में नहीं है और राज्य के विकास के लिए केन्द्र से हर तरह की सहायता चाहती है।
Exam Tips:
a) स्वायत्तता, अनुच्छेद 370 और धर्मनिरपेक्षता के रुख को अलग-अलग लिखें।
b) केन्द्र के साथ सहयोग की नीति का उल्लेख अंत में करें।
Question 14: 1984 के सिक्ख विरोधी दंगों का संक्षिप्त रूप में विवेचन करें।
अथवा
इन्दिरा गांधी की हत्या तथा सिक्ख विरोधी दंगों पर संक्षिप्त नोट लिखें।
Answer:
सन् 1984 के सिक्ख विरोधी दंगों का प्रमुख कारण प्रधानमन्त्री श्रीमती इन्दिरा गांधी की हत्या थी। इस हत्या के विरोध में दिल्ली और इसके आस-पास के क्षेत्रों में सिक्ख विरोधी दंगे शुरू हो गए। सिक्खों पर जानलेवा हमले किए गए, कई सिक्खों के बाल काट दिए गए और कई पर तेज़ाब फेंका गया। सिक्ख विरोधी हिंसा का यह दौर कई दिनों तक जारी रहा। इस हिंसा में लगभग 2000 सिक्ख मारे गए।
Exam Tips:
a) इन्दिरा गांधी की हत्या (31 अक्तूबर 1984) को दंगों का कारण बताएँ।
b) हिंसा के स्वरूप और मृतकों के अनुमानित आँकड़े लिखें।
Question 15: राजीव-लोंगोवाल समझौते की मुख्य बातों का वर्णन करें।
अथवा
'पंजाब समझौते' पर एक नोट लिखिए।
अथवा
1985 के पंजाब-समझौते के 'मुख्य प्रावधान' क्या थे?
Answer:
राजीव-लोंगोवाल समझौता 24 जुलाई, 1985 को हुआ था, जिसके मुख्य प्रावधान इस प्रकार हैं-
1. मारे गए निरपराध व्यक्तियों के लिए मुआवज़ा: एक सितम्बर, 1982 के बाद हुई किसी कार्यवाही या आन्दोलन में मारे गए लोगों को अनुग्रह राशि के भुगतान के साथ सम्पत्ति की क्षति के लिए मुआवज़ा दिया जाएगा।
2. सेना में भर्ती: देश के सभी नागरिकों को सेना में भर्ती का अधिकार होगा और चयन के लिए केवल योग्यता ही आधार होगी।
3. नवम्बर दंगों की जाँच: रंगनाथ मिश्र आयोग का कार्यक्षेत्र बढ़ाकर उसमें बोकारो और कानपुर के उपद्रवों की जाँच भी शामिल की जाएगी।
4. सेना से निकाले गए व्यक्तियों का पुनर्वास: सेना से निकाले गए व्यक्तियों के पुनर्वास और उन्हें लाभकारी रोज़गार दिलाने के प्रयास किए जाएँगे।
5. अखिल भारतीय गुरुद्वारा कानून: भारत सरकार अखिल भारतीय गुरुद्वारा कानून बनाने पर सहमत हुई। इसके लिए शिरोमणि अकाली दल और अन्य सम्बन्धित पक्षों से सलाह-मशविरा और संवैधानिक आवश्यकताएँ पूरी करने के बाद विधेयक लागू किया जाएगा।
6. लम्बित मुकदमों का फैसला: सशस्त्र सेना विशेषाधिकार कानून को पंजाब में लागू करने वाली अधिसूचना वापस ली जाएगी। विशेष न्यायालय केवल विमान अपहरण तथा शासन के विरुद्ध युद्ध के मामले सुनेंगे, और शेष मामले सामान्य न्यायालयों को सौंप दिए जाएँगे।
7. सीमा विवाद: चण्डीगढ़ का राजधानी परियोजना क्षेत्र और सुखना ताल पंजाब को दिए जाएँगे। केन्द्र शासित प्रदेश के अन्य पंजाबी क्षेत्र पंजाब को तथा हिन्दी भाषी क्षेत्र हरियाणा को दिए जाएँगे।
Exam Tips:
a) चारों प्रावधानों को क्रम से, उनकी तिथि या आयोग के नाम सहित लिखें।
b) समझौते की तिथि 24 जुलाई 1985 लिखें।
c) मुआवज़े के लिए निर्धारित तिथि (1 सितम्बर 1982) का उल्लेख करें।
d) रंगनाथ मिश्र आयोग के कार्यक्षेत्र विस्तार को विशेष रूप से लिखें।
अति लघु उत्तरीय प्रश्न
Question 1: क्षेत्रवाद से क्या अभिप्राय है?
अथवा
क्षेत्रवाद के अर्थ को स्पष्ट करें।
Answer:
क्षेत्रवाद से अभिप्राय किसी देश के उस छोटे-से क्षेत्र से है जो आर्थिक, सामाजिक आदि कारणों से अपने पृथक् अस्तित्व के लिए जागरूक है। यह केन्द्रीकरण के विरुद्ध क्षेत्रीय इकाइयों को अधिक शक्ति और स्वायत्तता देने के पक्ष में होता है।
Exam Tips:
a) क्षेत्र की पृथक् पहचान और जागरूकता को परिभाषा में लिखें।
Question 2: 'क्षेत्रवाद' के उदय के कोई दो कारण लिखें।
अथवा
क्षेत्रीयवाद के कोई दो कारण लिखिए।
Answer:
(1) क्षेत्रवाद का एक महत्त्वपूर्ण कारण भाषावाद है। भारत में अनेक भाषाएँ बोलने वाले लोगों ने अलग राज्य के निर्माण के लिए व्यापक आन्दोलन किए हैं।
(2) जातिवाद ने भी क्षेत्रीयवाद की उत्पत्ति में महत्त्वपूर्ण योगदान दिया है। जिन क्षेत्रों में किसी एक जाति की प्रधानता रही है, वहाँ क्षेत्रवाद का उग्र रूप दिखाई देता है।
Exam Tips:
a) भाषावाद और जातिवाद, दोनों कारण अलग बिंदुओं में लिखें।
b) जाति वाले कारण में प्रधानता का उल्लेख करें।
Question 3: क्षेत्रीयवाद को समाप्त करने के कोई दो सुझाव दीजिए।
Answer:
(1) पिछड़े हुए क्षेत्रों के विकास के लिए विशेष प्रयास किए जाएँ।
(2) क्षेत्रवाद को बढ़ावा देने वाले दलों पर प्रतिबन्ध लगाना चाहिए।
Exam Tips:
a) विकास के प्रयास और दलों पर नियन्त्रण, दोनों सुझाव अलग लिखें।
Question 4: अलगाववाद के अर्थ की व्याख्या करें।
Answer:
अलगाववाद से अभिप्राय एक राज्य से कुछ क्षेत्र को अलग करके स्वतन्त्र राज्य की स्थापना की मांग है। अर्थात् सम्पूर्ण इकाई से अलग अपना स्वतन्त्र अस्तित्व बनाए रखने की मांग अलगाववाद है। जब क्षेत्रवाद की भावना उग्र रूप धारण कर लेती है, तब अलगाववाद का उदय होता है। भारत में मिज़ो आन्दोलन और नागालैण्ड आन्दोलन भारतीय संघ से अलग होने के लिए चलाए गए, जो पृथक्तावाद के उदाहरण हैं।
Exam Tips:
a) अलगाववाद को क्षेत्रवाद के उग्र रूप के रूप में समझाएँ।
b) मिज़ो और नागा आन्दोलन का उदाहरण दें।
Question 5: भारत में अलगाववाद आन्दोलन के दो उदाहरण लिखो।
Answer:
(1) वर्ष 1960 में डी०एम०के० तथा अन्य तमिल दलों ने तमिलनाडु को भारत से अलग कराने का आन्दोलन किया।
(2) असम के मिज़ो हिल्स जिले के लोगों ने भारत से अलग होने की मांग की, और इस मांग को पूरा कराने के लिए मिज़ो नेशनल फ्रंट की स्थापना की।
Exam Tips:
a) दोनों उदाहरणों में आन्दोलन करने वाले दल या संगठन का नाम लिखें।
Question 6: अलगाववाद के दो कारण लिखें।
Answer:
(1) राजनीतिक कारण: अलगाववाद की भावनाओं को भड़काने में राजनीतिज्ञों का भी हाथ रहा है। कई राजनीतिज्ञ सोचते हैं कि यदि उनके क्षेत्र को अलग राज्य बना दिया जाए, तो उनकी राजनीतिक महत्त्वाकांक्षाएँ पूरी हो जाएँगी।
(2) आर्थिक पिछड़ापन: कुछ प्रदेशों का अधिक विकास हुआ है और कुछ क्षेत्रों का बहुत कम। अतः पिछड़े क्षेत्रों में यह भावना उभरती है कि यदि सत्ता उनके पास होती तो उनके क्षेत्र पिछड़े न रह जाते, और इसी से अलग राज्य की मांग उठती है।
Exam Tips:
a) राजनीतिक और आर्थिक कारण अलग-अलग बिंदुओं में लिखें।
Question 7: भारत में क्षेत्रीय राजनीतिक दलों के विकास के कोई चार कारण लिखिए।
Answer:
(1) भौगोलिक कारण: भारत एक विशाल देश है, जिसकी भौगोलिक बनावट में विभिन्नताएँ हैं। मिज़ो हिल्स पीपुल्स यूनियन और सिक्किम संग्राम परिषद जैसे दल इसी कारण बने।
(2) जातिवाद: अनेक क्षेत्रीय दलों का निर्माण जाति के आधार पर हुआ है। तमिलनाडु में डी०एम०के० तथा अन्ना डी०एम०के० को ब्राह्मण विरोधी या गैर-ब्राह्मण दल माना जाता है।
(3) धर्म: धर्म भी क्षेत्रीय दलों के निर्माण का एक महत्त्वपूर्ण कारण है।
(4) आर्थिक पिछड़ापन: आर्थिक असमानताओं ने असन्तुष्ट लोगों को क्षेत्रीय दलों में संगठित होने के लिए प्रोत्साहित किया है।
Exam Tips:
a) भौगोलिक, जातिवाद, धर्म और आर्थिक पिछड़ापन चारों कारण लिखें।
b) तमिलनाडु के दलों का उदाहरण दें।
Question 8: भारत में दलगत व्यवस्था की कोई दो चुनौतियाँ लिखिए।
Answer:
(1) भारत में दलों के अन्दर संगठनात्मक चुनाव समय पर नहीं होते।
(2) भारत में दलगत अनुशासनहीनता पाई जाती है।
Exam Tips:
a) संगठनात्मक चुनाव और अनुशासन, दोनों चुनौतियाँ अलग लिखें।
Question 9: प्रधानमन्त्री इन्दिरा गांधी की हत्या कब और किनके द्वारा की गई?
Answer:
प्रधानमन्त्री इन्दिरा गांधी की हत्या 31 अक्तूबर, 1984 को उनके अंगरक्षकों द्वारा की गई।
Exam Tips:
a) तिथि (31 अक्तूबर 1984) और हत्यारों की भूमिका (अंगरक्षक) दोनों लिखें।
Question 10: भारत में उभरती क्षेत्रीय आकांक्षाओं से हमें क्या सीख मिलती है?
Answer:
(1) क्षेत्रीय आकांक्षाएँ लोकतान्त्रिक राजनीति का अभिन्न अंग हैं।
(2) क्षेत्रीय आकांक्षाओं का हल लोकतान्त्रिक संवाद से निकालना चाहिए।
Exam Tips:
a) दोनों सीख अलग-अलग बिंदुओं में लिखें।
Question 11: धारा 370 किससे सम्बन्धित थी?
Answer:
धारा 370 जम्मू-कश्मीर से सम्बन्धित थी। इस धारा के अन्तर्गत जम्मू-कश्मीर को अन्य राज्यों के मुकाबले विशेष दर्जा दिया गया था। जम्मू-कश्मीर का अपना संविधान और अपना झण्डा था, तथा भारतीय संविधान के सभी प्रावधान इस पर लागू नहीं होते थे। 5-6 अगस्त, 2019 को धारा 370 समाप्त कर दी गई।
Exam Tips:
a) विशेष दर्जा, अलग संविधान और झण्डा, तथा समाप्ति की तिथि लिखें।
Question 12: किन्हीं दो क्षेत्रीय दलों के नाम एवं उनके राज्य लिखिए।
अथवा
किन्हीं दो क्षेत्रीय दलों के नाम तथा उनसे सम्बन्धित राज्यों के नाम लिखें।
Answer:
(1) नेशनल कान्फ्रेंस: यह दल जम्मू-कश्मीर राज्य में सक्रिय है।
(2) डी०एम०के०: यह दल तमिलनाडु में सक्रिय है।
Exam Tips:
a) दल के नाम के साथ राज्य का नाम अवश्य लिखें।
Question 13: आसू (AASU) का पूरा नाम लिखें।
Answer:
आसू (AASU) का पूरा नाम ऑल असम स्टूडेंट्स यूनियन (All Assam Students' Union) है।
Exam Tips:
a) AASU का अर्थ "ऑल असम स्टूडेंट्स यूनियन" है।
Question 14: 1980 में अकाली दल की क्या मांगें थीं?
Answer:
(1) चण्डीगढ़ को पंजाब की राजधानी बनाया जाए।
(2) दूसरे राज्यों के पंजाबी भाषी क्षेत्रों को पंजाब में मिलाया जाए।
(3) पंजाब का औद्योगिक विकास किया जाए।
(4) भाखड़ा-नंगल योजना पंजाब के नियन्त्रण में हो।
(5) देश के सभी गुरुद्वारे शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबन्धक कमेटी के प्रबन्ध में हों।
Exam Tips:
a) पाँचों मांगें अलग-अलग बिंदुओं में लिखें।
b) चण्डीगढ़ की राजधानी वाली मांग सबसे पहले लिखें।
Question 15: राजीव-लौंगोवाल समझौता कब हुआ? इसका मुख्य उद्देश्य क्या था?
अथवा
पंजाब समझौता कब हुआ? इसका क्या उद्देश्य था?
Answer:
राजीव-लौंगोवाल समझौता 24 जुलाई, 1985 को हुआ। इस समझौते का मुख्य उद्देश्य पंजाब में शान्ति स्थापित करना था।
Exam Tips:
a) तिथि 24 जुलाई 1985 और उद्देश्य (पंजाब में शान्ति) दोनों लिखें।
Question 16: 'नक्सलवादी आन्दोलन' क्या है?
Answer:
सन् 1964 में साम्यवादी दल में फूट पड़ गई। दोनों दलों के संसदीय राजनीति में व्यस्त होने के कारण उनके सक्रिय और संघर्षशील कार्यकर्ता दलों से अलग होकर जन-कार्य करने लगे। सन् 1967 में पश्चिम बंगाल में साम्यवादी दल शामिल वाली संयुक्त मोर्चा सरकार बनी। इसी समय दार्जिलिंग के नक्सलबाड़ी में किसानों ने विद्रोह कर दिया। यद्यपि पश्चिम बंगाल की सरकार ने इसे दबा दिया, परन्तु इसकी प्रतिक्रिया पंजाब, उत्तर प्रदेश और कश्मीर में भी हुई। मई, 1967 में इसके विरोध में भारी हिंसक घटनाएँ हुईं और यह आन्दोलन राज्य के अन्य क्षेत्रों में भी फैल गया।
Exam Tips:
a) 1964 की फूट और 1967 के नक्सलबाड़ी विद्रोह का क्रम लिखें।
b) दबाने के बाद भी आन्दोलन के फैलाव का उल्लेख करें।
Question 17: श्रीमती इन्दिरा गांधी की मृत्यु कब हुई?
Answer:
श्रीमती इन्दिरा गांधी की मृत्यु 31 अक्तूबर, 1984 को हुई।
Exam Tips:
a) तिथि 31 अक्तूबर 1984 लिखें।
Question 18: किस स्थान पर हिन्दी को राजभाषा बनाने के खिलाफ आन्दोलन चला?
Answer:
तमिलनाडु में हिन्दी को राजभाषा बनाने के खिलाफ आन्दोलन चला।
Exam Tips:
a) राज्य का नाम तमिलनाडु लिखें।
वस्तुनिष्ठ प्रश्न
Question 1: क्षेत्रवाद के उदय के मुख्य कारण हैं
(A) भौगोलिक एवं सांस्कृतिक कारण
(B) ऐतिहासिक कारण
(C) भाषावाद
(D) उपरोक्त सभी।
Answer:
(D) उपरोक्त सभी।
Exam Tips:
a) क्षेत्रवाद के कारण भौगोलिक, ऐतिहासिक और भाषाई, तीनों प्रकार के हैं।
Question 2: निम्न में से कौन-सा क्षेत्रीय दल है?
(A) डी० एम० के०
(B) अकाली दल
(C) तेलुगू देशम
(D) उपरोक्त सभी।
Answer:
(D) उपरोक्त सभी।
Exam Tips:
a) डी.एम.के., अकाली दल और तेलुगु देशम, तीनों क्षेत्रीय दल हैं।
Question 3: डी० एम० के० पार्टी की स्थापना कब हुई?
(A) 1956
(B) 1949
(C) 1955
(D) 1947
Answer:
(B) 1949
Exam Tips:
a) डी.एम.के. की स्थापना 1949 में हुई थी, 1947 स्वतन्त्रता का वर्ष है।
Question 4: अन्ना डी० एम० के० पार्टी की स्थापना हुई
(A) 1972
(B) 1975
(C) 1967
(D) 1952
Answer:
(A) 1972
Exam Tips:
a) अन्ना डी.एम.के. की स्थापना 1972 में एम.जी. रामचन्द्रन ने की थी।
Question 5: तेलगू देशम पार्टी की स्थापना कब हुई?
(A) 1956
(B) 1977
(C) 1982
(D) 1961
Answer:
(C) 1982
Exam Tips:
a) तेलुगु देशम पार्टी की स्थापना 1982 में एन.टी. रामाराव ने की थी।
Question 6: शिरोमणि अकाली दल निम्नलिखित में से किस राज्य का प्रमुख क्षेत्रीय दल है?
(A) जम्मू-कश्मीर
(B) पंजाब
(C) दिल्ली
(D) हरियाणा
Answer:
(B) पंजाब।
Exam Tips:
a) शिरोमणि अकाली दल पंजाब का प्रमुख क्षेत्रीय दल है।
Question 7: मास्टर तारा सिंह एवं सन्त फतेह सिंह इत्यादि ने किस वर्ष 'पंजाबी सूबा' की मांग के लिए आन्दोलन शुरू किया?
(A) 1960
(B) 1965
(C) 1971
(D) 1963
Answer:
(A) 1960
Exam Tips:
a) पंजाबी सूबा आन्दोलन 1960 के दशक में शुरू हुआ था।
Question 8: शिरोमणि अकाली दल तथा जनसंघ ने किस वर्ष पंजाब में गठबन्धन सरकार का निर्माण किया?
(A) 1967
(B) 1975
(C) 1952
(D) 1957
Answer:
(A) 1967
Exam Tips:
a) 1967 में अकाली दल और जनसंघ ने पंजाब में गठबंधन सरकार बनाई।
Question 9: पंजाब समझौता कब हुआ?
(A) 1971
(B) 1985
(C) 1988
(D) 2002
Answer:
(B) 1985
Exam Tips:
a) पंजाब समझौता (राजीव-लोंगोवाल) 24 जुलाई 1985 को हुआ।
Question 10: नेशनल कान्फ्रेंस सक्रिय क्षेत्रीय दल है
(A) हरियाणा में
(B) महाराष्ट्र में
(C) जम्मू-कश्मीर में
(D) लद्दाख में।
Answer:
(C) जम्मू-कश्मीर में।
Exam Tips:
a) नेशनल कॉन्फ्रेंस जम्मू-कश्मीर का प्रमुख क्षेत्रीय दल है।
Question 11: निम्न में से कौन-सा राज्य उत्तर-पूर्वी क्षेत्र से सम्बन्धित है?
(A) नागालैण्ड
(B) असम
(C) मणिपुर
(D) उपरोक्त सभी।
Answer:
(D) उपरोक्त सभी।
Exam Tips:
a) नागालैण्ड, असम और मणिपुर, तीनों उत्तर-पूर्वी राज्य हैं।
Question 12: असम गण परिषद् किस राज्य से सम्बन्धित है?
(A) असम
(B) केरल
(C) त्रिपुरा
(D) मिजोराम।
Answer:
(A) असम।
Exam Tips:
a) असम गण परिषद असम का प्रमुख क्षेत्रीय दल है।
Question 13: श्रीमती इन्दिरा गांधी की हत्या कब हुई?
(A) 1 जनवरी, 1986
(B) 30 जून, 1984
(C) 31 अक्तूबर, 1984
(D) 1 अगस्त, 1984
Answer:
(C) 31 अक्तूबर, 1984
Exam Tips:
a) इन्दिरा गांधी की हत्या 31 अक्तूबर 1984 को हुई।
Question 14: भारत में राज्यों का पुनर्गठन किया गया है
(A) राजनीतिक आधार पर
(B) भाषाई आधार पर
(C) आर्थिक आधार पर
(D) धार्मिक आधार पर।
Answer:
(B) भाषाई आधार पर।
Exam Tips:
a) भारत में राज्यों का पुनर्गठन 1956 में मुख्यतः भाषाई आधार पर हुआ।
Question 15: भारत में कौन-सा भाषाई फार्मूला लागू किया गया है?
(A) तीन-भाषाई फार्मूला
(B) दो-भाषाई फार्मूला
(C) एक-भाषाई फार्मूला
(D) चार-भाषाई फार्मूला।
Answer:
(A) तीन-भाषाई फार्मूला।
Exam Tips:
a) भारत में त्रि-भाषा सूत्र (three-language formula) लागू है।
Question 16: 'जम्मू एवं कश्मीर' को भारतीय संविधान की किस धारा के द्वारा विशेष संवैधानिक दर्जा दिया गया था?
(A) धारा 360
(B) धारा 365
(C) धारा 370
(D) धारा 372
Answer:
(C) धारा 370
Exam Tips:
a) जम्मू-कश्मीर को अनुच्छेद (धारा) 370 के अन्तर्गत विशेष दर्जा मिला था।
Question 17: धारा 370 को कब समाप्त किया गया?
(A) 5-6 अगस्त, 2019
(B) 5-6 अगस्त, 2018
(C) 5-6 अगस्त, 2017
(D) 5-6 अगस्त, 2016
Answer:
(A) 5-6 अगस्त, 2019
Exam Tips:
a) धारा 370 को 5-6 अगस्त 2019 को समाप्त किया गया।
Question 18: "Caste in Indian Politics" पुस्तक लिखी
(A) रजनी कोठारी ने
(B) पं० जवाहर लाल नेहरू
(C) मोरिस जोंस ने
(D) एंड्रे पेटीली (Andre Peteille) ने।
Answer:
(A) रजनी कोठारी ने।
Exam Tips:
a) "Caste in Indian Politics" पुस्तक रजनी कोठारी की है।
Question 19: निम्नलिखित में से कौन-सी भाषा भारत की सरकारी भाषा है?
(A) इंग्लिश
(B) हिन्दी
(C) उर्दू
(D) संस्कृत।
Answer:
(B) हिन्दी।
Exam Tips:
a) हिन्दी संघ की राजभाषा है, और अंग्रेज़ी भी संघ के राजकाज में सह-राजभाषा के रूप में प्रयुक्त होती है।
Question 20: भारतीय संघ के राज्यों की सरकारी भाषा निश्चित की जाती है
(A) संसद् द्वारा
(B) मन्त्रिमण्डल द्वारा
(C) मुख्यमन्त्री द्वारा
(D) राज्य विधानमण्डल द्वारा।
Answer:
(D) राज्य विधानमण्डल द्वारा।
Exam Tips:
a) राज्यों की राजभाषा राज्य विधानमंडल द्वारा तय की जाती है।
Question 21: भारतीय संविधान द्वारा कितनी भाषाओं को मान्यता दी गई है?
(A) 18
(B) 25
(C) 17
(D) 22
Answer:
(D) 22
Exam Tips:
a) संविधान की आठवीं अनुसूची में 22 भाषाएँ सम्मिलित हैं।
Question 22: कौन-सा राज्य हिन्दी से अंग्रेजी को अधिक अधिमान देता है?
(A) उत्तर प्रदेश
(B) मध्य प्रदेश
(C) तमिलनाडु
(D) बिहार।
Answer:
(C) तमिलनाडु।
Exam Tips:
a) तमिलनाडु हिन्दी की तुलना में अंग्रेज़ी को अधिक प्राथमिकता देता है।
Question 23: डी० एम० के० एवं आल इंडिया अन्ना डी० एम० के० निम्नलिखित में से किस राज्य के महत्त्वपूर्ण क्षेत्रीय दल हैं?
(A) आन्ध्र प्रदेश
(B) बिहार
(C) मध्य प्रदेश
(D) तमिलनाडु।
Answer:
(D) तमिलनाडु।
Exam Tips:
a) डी.एम.के. और अन्ना डी.एम.के. तमिलनाडु के प्रमुख क्षेत्रीय दल हैं।
Question 24: "भारत में नए संविधान का निर्माण करते समय सबसे प्रमुख कठिनाइयों में से एक भाषायी प्रदेशों की मांग को संतुष्ट करना तथा इसी प्रकार की दूसरी मांग को संतुष्ट करना होगा।" यह किसका कथन है?
(A) मोरिस जोन्स
(B) रजनी कोठारी
(C) बी० एन० राव
(D) श्री निवासन।
Answer:
(C) बी० एन० राव।
Exam Tips:
a) संविधान निर्माण में भाषायी प्रदेशों की मांग एक बड़ी चुनौती थी।
Question 25: 'मिजो नेशनल फ्रंट' नामक पार्टी के संस्थापक निम्नलिखित में से कौन थे?
(A) लालडेंगा
(B) बेअन्त सिंह
(C) पी० के० महन्त
(D) ममता बनर्जी।
Answer:
(A) लालडेंगा।
Exam Tips:
a) मिज़ो नेशनल फ्रंट की स्थापना लालडेंगा ने की थी।
Question 26: 1984 में 'आपरेशन ब्लू-स्टार' किस राज्य में चलाया गया?
(A) बिहार
(B) पंजाब
(C) हरियाणा
(D) उड़ीसा।
Answer:
(B) पंजाब।
Exam Tips:
a) ऑपरेशन ब्लू स्टार जून 1984 में पंजाब के स्वर्ण मंदिर परिसर में चलाया गया।
Question 27: "भारत तो एक है, किन्तु वे लोग कहाँ हैं, जिन्हें भारतीय कहा जा सके।" यह किसका कथन है?
(A) पं० जवाहर लाल नेहरू
(B) श्री लाल बहादुर शास्त्री
(C) डॉ. राजेंद्र प्रसाद
(D) जय प्रकाश नारायण।
Answer:
(A) पं० जवाहर लाल नेहरू।
Exam Tips:
a) यह कथन पं. जवाहरलाल नेहरू से जोड़ा जाता है।
Question 28: भारत में किस दशक को स्वायत्तता की मांग के दशक के रूप में देखा जाता है?
(A) 2000
(B) 1970
(C) 1980
(D) 1990
Answer:
(C) 1980
Exam Tips:
a) स्वायत्तता की मांग का दशक 1980 का दशक माना जाता है।
Question 29: द्रविड़ आन्दोलन की बागडोर किसके हाथ में थी?
(A) रामाराव
(B) करुणानिधि
(C) जयललिता
(D) ई० वी० रामास्वामी नायकर 'पेरियार'।
Answer:
(D) ई० वी० रामास्वामी नायकर 'पेरियार'।
Exam Tips:
a) द्रविड़ आन्दोलन का नेतृत्व ई.वी. रामास्वामी नायकर "पेरियार" के हाथ में था।
Question 30: डी० एम० के० ने किस भाषा का विरोध किया?
(A) पंजाबी
(B) अंग्रेज़ी
(C) हिन्दी
(D) तमिल।
Answer:
(C) हिन्दी।
Exam Tips:
a) डी.एम.के. ने हिन्दी को थोपे जाने का विरोध किया।
Question 31: नेशनल कान्फ्रेंस के किस नेता ने सन् 1974 में प्रधानमन्त्री श्रीमती इन्दिरा गांधी के साथ समझौता किया?
(A) शेख अब्दुल्ला
(B) फारुख अब्दुल्ला
(C) कर्ण सिंह
(D) उमर अब्दुल्ला।
Answer:
(A) शेख अब्दुल्ला।
Exam Tips:
a) शेख अब्दुल्ला ने 1974 में इन्दिरा गांधी के साथ समझौता किया था।
निम्न रिक्त स्थानों की पूर्ति करें
Question 1: 1947 से पहले जम्मू-कश्मीर का शासक ……….. था।
Answer:
हरि सिंह
Exam Tips:
a) यह शासक महाराजा हरि सिंह थे, जिन्होंने भारत में विलय की प्रार्थना की।
Question 2: नेशनल कांफ्रैंस ने ………….. के नेतृत्व में जन-आन्दोलन चलाया।
Answer:
शेख अब्दुल्ला
Exam Tips:
a) नेशनल कॉन्फ्रेंस के नेता शेख अब्दुल्ला थे।
Question 3: ई० वी० रामास्वामी नायकर ………… के नाम से प्रसिद्ध थे।
Answer:
पेरियार
Exam Tips:
a) ई.वी. रामास्वामी नायकर को "पेरियार" कहा जाता था।
Question 4: ………… से जम्मू-कश्मीर में अलगाववादी राजनीति ने सर उठाया।
Answer:
1989
Exam Tips:
a) 1989 के आस-पास कश्मीर में अलगाववादी राजनीति तेज़ हुई।
Question 5: ……….. के दशक को स्वायत्तता की मांग के दशक के रूप में देखा जा सकता है।
Answer:
1980
Exam Tips:
a) 1980 का दशक स्वायत्तता की मांगों का दशक माना जाता है।
Question 6: 1966 में पंजाब और ………….. के नाम के राज्य बनाए गए।
Answer:
हरियाणा
Exam Tips:
a) 1966 में पंजाब का पुनर्गठन करके हरियाणा बनाया गया।
Question 7: धारा 370 ………….. राज्य से सम्बन्धित थी।
Answer:
जम्मू-कश्मीर
Exam Tips:
a) धारा 370 जम्मू-कश्मीर से सम्बन्धित थी।
Question 8: ……….. दक्षिण भारत का सबसे बड़ा आन्दोलन माना जाता है।
Answer:
द्रविड़ आन्दोलन
Exam Tips:
a) द्रविड़ आन्दोलन दक्षिण भारत का प्रमुख सामाजिक-राजनीतिक आन्दोलन माना जाता है।
Question 9: 1984 में हरिमंदिर साहिब में हुई सैनिक कार्यवाही को ……….. के नाम से जाना जाता है।
Answer:
ऑपरेशन ब्लू स्टार
Exam Tips:
a) जून 1984 की सैनिक कार्रवाई को ऑपरेशन ब्लू स्टार कहा गया।
Question 10: अक्तूबर, 1984 में प्रधानमन्त्री ………….. की हत्या की गई।
Answer:
श्रीमती इन्दिरा गांधी
Exam Tips:
a) इन्दिरा गांधी की हत्या 31 अक्तूबर 1984 को हुई।
एक शब्द में उत्तर दें
Question 1: भारत में कौन-सा भाषाई फार्मूला लागू किया गया है?
Answer:
भारत में त्रि-भाषाई फार्मूला लागू किया गया है।
Exam Tips:
a) त्रि-भाषा सूत्र तीन भाषाओं के अध्ययन का सूत्र है।
Question 2: नेशनल कांफ्रैंस कहां पर सक्रिय क्षेत्रीय दल है?
Answer:
नेशनल कॉन्फ्रेंस जम्मू-कश्मीर में सक्रिय क्षेत्रीय दल है।
Exam Tips:
a) दल का राज्य जम्मू-कश्मीर है।
Question 3: बोडो आन्दोलन किस राज्य में चलाया गया?
Answer:
बोडो आन्दोलन असम में चलाया गया।
Exam Tips:
a) बोडो आन्दोलन असम राज्य से सम्बन्धित है।
Question 4: 5 जून, 1984 को ऑपरेशन ब्लू स्टार किस राज्य में चलाया गया था?
Answer:
पंजाब में।
Exam Tips:
a) ऑपरेशन ब्लू स्टार का केंद्र अमृतसर का स्वर्ण मंदिर था।
Question 5: जम्मू कश्मीर को किस धारा के द्वारा विशेष संवैधानिक दर्जा दिया गया था?
Answer:
संविधान की धारा 370 के द्वारा।
Exam Tips:
a) यह धारा अब समाप्त की जा चुकी है।
Question 6: तेलुगू देशम पार्टी किस राज्य का क्षेत्रीय दल है?
Answer:
आन्ध्र प्रदेश का।
Exam Tips:
a) तेलुगु देशम पार्टी आन्ध्र प्रदेश का क्षेत्रीय दल है।
Question 7: धारा 370 किससे सम्बन्धित थी?
Answer:
जम्मू-कश्मीर से।
Exam Tips:
a) धारा 370 जम्मू-कश्मीर के विशेष दर्जे से सम्बन्धित थी।
Question 8: राजीव-लोगोंवाल समझौता कब हुआ?
Answer:
24 जुलाई, 1985 को।
Exam Tips:
a) समझौता 24 जुलाई 1985 को हुआ।
Question 9: 1947 से पहले जम्मू-कश्मीर का शासक कौन था?
Answer:
1947 से पहले जम्मू-कश्मीर का शासक हरि सिंह था।
Exam Tips:
a) शासक हरि सिंह थे।
Question 10: 5 जून, 1984 को ऑपरे शन ब्लू स्टार किस राज्य में चलाया गया था?
Answer:
पंजाब में।
Exam Tips:
a) यह कार्रवाई पंजाब में हुई।
Question 11: तमिलनाडु में कौन-से क्षेत्रीय दल की सरकार है?
Answer:
2011 से 2021 तक तमिलनाडु में अन्नाद्रमुक (AIADMK) की सरकार रही; मई 2021 से तमिलनाडु में द्रमुक (DMK) की सरकार है।
Exam Tips:
a) अन्नाद्रमुक और द्रमुक, दोनों तमिलनाडु के प्रमुख क्षेत्रीय दल हैं।
Question 12: 'आनन्दपुर साहिब प्रस्ताव' कब पास किया गया?
Answer:
सन् 1973 में।
Exam Tips:
a) प्रस्ताव 1973 में अकाली दल द्वारा पारित हुआ।
Question 13: 'मिजो नेशनल फ्रंट' नामक पार्टी के संस्थापक कौन थे?
Answer:
'मिजो नेशनल फ्रंट' नामक पार्टी की स्थापना लालडेंगा ने की थी।
Exam Tips:
a) संस्थापक का नाम लालडेंगा है।
Question 14: डी० एम० के० तथा ए० आई० डी० एम० के० किस राज्य के महत्त्वपूर्ण क्षेत्रीय दल हैं?
Answer:
तमिलनाडु।
Exam Tips:
a) दोनों दल तमिलनाडु के हैं।
Question 15: भाषा के आधार पर पंजाब राज्य का पुनर्गठन कब हुआ?
Answer:
सन् 1966 में।
Exam Tips:
a) 1966 में पंजाब का पुनर्गठन हुआ।
Question 16: उत्तराखण्ड, झारखण्ड एवं छत्तीसगढ़ राज्यों का गठन कब हुआ?
Answer:
सन् 2000 में।
Exam Tips:
a) तीनों राज्य 2000 में बने।
Free study material for Political Science
Political Science Class 12 Curriculum Solutions: Chapter 08 Regional Aspirations
Chapter Exercise Answers for Class 12 Political Science
Access structured Haryana Board textbook solutions for Chapter 08 Regional Aspirations. Designed in alignment with the latest academic curriculum for Class 12 Political Science, these answers cover all end-of-chapter exercises to support daily learning and homework completion.
Detailed Answer Guides for Chapter 08 Regional Aspirations
Each solution includes detailed reasoning to foster genuine comprehension of Chapter 08 Regional Aspirations concepts. Reviewing these step-by-step breakdowns allows learners to master both analytical and descriptive questions expected in school evaluations.
Complete Preparation Kit for Class 12 Exams
These resources act as an effective roadmap for daily homework tasks and independent study. Supplement your review of Chapter 08 Regional Aspirations with official sample papers and interactive practice tests available on our platform free of charge.
FAQs
The complete and updated HBSE Class 12 Political Science Important Questions Chapter 8 क्षेत्रीय आकांक्षाएँ is available for free on StudiesToday.com. These solutions for Class 12 Political Science are as per latest Haryana Board curriculum.
Yes, our experts have revised the HBSE Class 12 Political Science Important Questions Chapter 8 क्षेत्रीय आकांक्षाएँ as per 2026 exam pattern. All textbook exercises have been solved and have added explanation about how the Political Science concepts are applied in case-study and assertion-reasoning questions.
Toppers recommend using Haryana Board language because Haryana Board marking schemes are strictly based on textbook definitions. Our HBSE Class 12 Political Science Important Questions Chapter 8 क्षेत्रीय आकांक्षाएँ will help students to get full marks in the theory paper.
Yes, we provide bilingual support for Class 12 Political Science. You can access HBSE Class 12 Political Science Important Questions Chapter 8 क्षेत्रीय आकांक्षाएँ in both English and Hindi medium.
Yes, you can download the entire HBSE Class 12 Political Science Important Questions Chapter 8 क्षेत्रीय आकांक्षाएँ in printable PDF format for offline study on any device.