HBSE Class 12 History Solutions Chapter 2 राजा, किसान और नगर : आरंभिक राज्य और अर्थव्यवस्थाएँ

Download Haryana Board Solutions for Class 12 History Chapter 02 Kings, Farmers and Towns: Early States and Economies

Explore reliable textbook solutions for Chapter 02 Kings, Farmers and Towns: Early States and Economies tailored for Class 12 learners. Utilizing these History answers ensures thorough preparation and strengthens foundational knowledge before final Haryana Board evaluations.

Access Haryana Board Solutions and Answers

Navigate directly to the solved History textbook exercises using the digital viewer below. Each solution includes detailed step-by-step explanations, allowing students to instantly cross-check their work and identify areas requiring further revision.

निम्नलिखित प्रश्नों के उत्तर दीजिए (लगभग 100 से 150 शब्दों में)

Question 1: आरंभिक ऐतिहासिक नगरों में शिल्पकला के उत्पादन के प्रमाणों की चर्चा कीजिए। हड़प्पा के नगरों के प्रमाण से ये प्रमाण कितने भिन्न हैं?

Answer:

आरंभिक ऐतिहासिक नगरों का उदय छठी सदी ईसा पूर्व में हुआ। इनके शिल्प उत्पाद इस प्रकार थे-
(1) इस काल में मिट्टी के उत्तम श्रेणी के कटोरे और थालियाँ बनाई जाती थीं। इन बर्तनों पर चिकनी कलई चढ़ी होती थी। इन्हें उत्तरी काली पॉलिश वाले मृदभांड (N.B.P.W.) के नाम से जाना जाता है।
(2) नगरों में लोहे के उपकरण, सोने-चाँदी के गहने, लोहे के हथियार, काँसे और ताँबे के बर्तन, हाथी दाँत का सामान, काँच तथा शुद्ध और पक्की मिट्टी की मूर्तियाँ भी बनाई जाती थीं।
(3) भूमि अनुदान पत्रों से जानकारी मिलती है कि नगरों में वस्त्र बनाने, बढ़ई, आभूषण बनाने, मृदभांड बनाने और लोहे के औजार बनाने का कार्य होता था।

हड़प्पा के नगरों से तुलना करें तो हड़प्पा और आरंभिक ऐतिहासिक नगरों के शिल्प उत्पादों में काफी अंतर है। हड़प्पा सभ्यता के शिल्प कार्यों में मनके बनाना, शंख की कटाई, धातुकर्म, मुहर बनाना और बाट बनाना शामिल थे। परंतु हड़प्पा के लोग लोहे के उपकरण नहीं बनाते थे; उनके उपकरण पत्थर, काँसे और ताँबे के थे।

इसके विपरीत, आरंभिक नगरों के लोग बड़ी मात्रा में लोहे के औजार, उपकरण और वस्तुएँ बनाते थे।

Exam Tips:

a) मिट्टी के मृदभांडों के लिए N.B.P.W. नाम अवश्य लिखें।
b) हड़प्पा के शिल्प में मनके, शंख, मुहर और बाट शामिल थे, इन्हें गिनाएँ।
c) हड़प्पा के उपकरण पत्थर, काँसे और ताँबे के थे, जबकि आरंभिक नगरों में लोहे का बड़े पैमाने पर प्रयोग था।
d) तुलना में हड़प्पा और आरंभिक नगरों के अंतर को स्पष्ट रूप से अलग-अलग बिंदुओं में लिखें।

 

Question 2: महाजनपदों के विशिष्ट अभिलक्षणों का वर्णन कीजिए।

Answer:

छठी सदी ई.पू. के बौद्ध और जैन ग्रंथों में 16 महाजनपदों का उल्लेख मिलता है। बौद्ध ग्रंथ अंगुत्तर निकाय में इन राज्यों के नाम मिलते हैं। इन महाजनपदों के विशिष्ट अभिलक्षण निम्नलिखित हैं-

1. राजतंत्र: अधिकांश जनपदों में राजतंत्रात्मक प्रणाली थी, जिसमें राजा सर्वोच्च और वंशानुगत होता था, परंतु वह निरंकुश नहीं था। मंत्रिपरिषद् अयोग्य राजा को पद से हटा देती थी।

2. गणराज्य: कुछ महाजनपदों में गणतंत्रीय व्यवस्था थी, जिन्हें गण या संघ कहते थे। गणराज्यों का मुखिया 'गणमुख्य' कहलाता था। जनता के चुने हुए प्रतिनिधि शासन करते थे, जो 'राजन' (राजा) कहलाते थे। वे अपनी परिषद् के सहयोग से राज्य करते थे। वस्तुतः इन गणराज्यों में कुछ लोगों के समूह (Oligarchies) का शासन होता था।

3. राजधानी और किलेबंदी: प्रत्येक महाजनपद की अपनी राजधानी होती थी, जिसकी किलेबंदी की जाती थी।
4. धर्मशास्त्र और कर: इस काल के धर्मशास्त्रों में शासकों और लोगों के लिए नियम तय किए गए। राजा को सलाह दी गई कि वह कृषकों, व्यापारियों और दस्तकारों से कर वसूल करे। पड़ोसी राज्य पर हमला कर धन लूटना या प्राप्त करना वैध उपाय बताया गया।
5. सेना: धीरे-धीरे इनमें से कई राज्यों ने स्थायी सेना और नौकरशाही तंत्र बना लिया था, परंतु कुछ राज्य अब भी अस्थायी सेना पर निर्भर थे।

Exam Tips:

a) राजतंत्र में राजा का वंशानुगत होना और निरंकुश न होना, दोनों बिंदु लिखें।
b) गणराज्यों के मुखिया को गणमुख्य और निर्वाचित शासकों को राजन कहा जाता था।
c) धर्मशास्त्रों में कृषकों, व्यापारियों और दस्तकारों से कर लेने की सलाह दी गई थी।
d) स्थायी सेना और अस्थायी सेना, दोनों प्रकार की व्यवस्थाओं का उल्लेख करें।

 

Question 3: सामान्य लोगों के जीवन का पुनर्निर्माण इतिहासकार कैसे करते हैं?

Answer:

सामान्य लोगों के जीवन का पुनर्निर्माण करने में इतिहासकारों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है, क्योंकि सामान्य लोगों ने अपने विचारों और अनुभवों का शायद ही कोई वृत्तांत छोड़ा है। फिर भी इतिहासकार ऐसा प्रयास करते हैं, क्योंकि इतिहास निर्माण में इन लोगों की अहम भूमिका रही है। इसके लिए वे विभिन्न प्रकार के स्रोतों का सहारा लेते हैं-
(1) खुदाई में मिले अनाज के दाने और जानवरों की हड्डियों से पता चलता है कि लोग किन फसलों से परिचित थे और किन पशुओं का पालन करते थे।
(2) भवनों और मृदभांडों से उनके घरेलू जीवन का पता चलता है।
(3) अभिलेखों से शिल्प उत्पादों का पता चलता है।
(4) भूमि अनुदान पत्रों से ग्रामीण जीवन की झाँकी मिलती है, जिनमें गाँव के उत्पादन और गाँव के वर्गों की जानकारी होती है।
(5) कुछ साहित्य भी सामान्य लोगों के जीवन पर प्रकाश डालता है। उदाहरण के लिए जातक कथाओं और पंचतंत्र की कहानियों से ऐसे संदर्भ निकाले जाते हैं।
(6) विभिन्न ग्रंथों में नगरों में रहने वाले सामान्य लोगों का विवरण मिलता है, जिनमें धोबी, बुनकर, लिपिक, बढ़ई, कुम्हार, स्वर्णकार, लोहार और छोटे व्यापारी शामिल थे।

Exam Tips:

a) खुदाई से मिले अनाज और हड्डियाँ फसलों और पशुपालन की जानकारी देती हैं।
b) भूमि अनुदान पत्र गाँव के उत्पादन और गाँव के वर्गों की जानकारी देते हैं।
c) जातक कथाएँ और पंचतंत्र की कहानियाँ सामान्य लोगों के जीवन की झलक दिखाती हैं।
d) नगरों के सामान्य लोगों में धोबी, बुनकर, लिपिक और कुम्हार जैसे पेशेवर शामिल थे।

 

Question 4: पांड्य सरदार (स्रोत 3) को दी जाने वाली वस्तुओं की तुलना दंगुन गाँव (स्रोत 8) की वस्तुओं से कीजिए। आपको क्या समानताएँ और असमानताएँ दिखाई देती हैं?

Answer:

पांड्य सरदार को भेंट की गई वस्तुओं की जानकारी शिल्पादिकारम् के वर्णन से मिलती है। दंगुन गाँव वह गाँव है जिसे प्रभावती गुप्त ने एक भिक्षु को भूमि अनुदान में दिया था। इस अनुदान पत्र से गाँव में पैदा होने वाली वस्तुओं की जानकारी मिलती है। दोनों की सूची इस प्रकार है-
(1) पहाड़ी लोग वञ्जि के राजा के लिए हाथी दाँत, शहद, चंदन, सिंदूर के गोले, काजल, हल्दी, इलायची, काली मिर्च और कंद का आटा आदि लाए। उन्होंने राजा को बड़े नारियल, आम, दवाई में काम आने वाली हरी पत्तियों की मालाएँ, तरह-तरह के फल, प्याज़, गन्ना, फूल, सुपारी के गुच्छे, पके केलों के गुच्छे तथा जानवरों और पक्षियों के बच्चे आदि भेंट किए।
(2) दंगुन गाँव की वस्तुओं में घास, जानवरों की खाल, कोयला, मदिरा, नमक, खनिज पदार्थ, खदिर वृक्ष के उत्पाद, फूल और दूध आदि शामिल थे।

समानताएँ: दोनों सूचियों की वस्तुओं में बहुत कम समानता है। दोनों सूचियों में केवल फूल का नाम मिलता है।

असमानताएँ: इन दोनों सूचियों में अधिकतर वस्तुएँ अलग-अलग हैं। वस्तुएँ प्राप्त करने के तरीकों में भी बड़ा अंतर है। पांड्य सरदार को लोग खुशी से नाचते-गाते हुए वस्तुएँ भेंट करते हैं, जबकि दंगुन गाँव के लोगों को दानग्राही को ये वस्तुएँ देनी ही पड़ती थीं। अनुदान पत्र से स्पष्ट है कि ऐसा करने के लिए वे बाध्य थे।

Exam Tips:

a) दोनों सूचियों को अलग-अलग पहचानें और वस्तुओं के नाम मिलाकर देखें।
b) समानता केवल फूल में मिलती है, इसलिए इसे स्पष्ट लिखें।
c) भेंट स्वेच्छा से दी गई थी, जबकि दान में वस्तुएँ देना बाध्यता थी, यह असमानता का मुख्य बिंदु है।

 

Question 5: अभिलेखशास्त्रियों की कुछ समस्याओं की सूची बनाइए।

Answer:

अभिलेखों के अध्ययनकर्ता और विश्लेषणकर्ता को अभिलेखशास्त्री कहते हैं। अपने कार्य में अभिलेखशास्त्रियों को निम्नलिखित समस्याओं का सामना करना पड़ता है-
(1) अभिलेखशास्त्रियों को कभी-कभी तकनीकी सीमाओं का सामना करना पड़ता है। अक्षर हल्के ढंग से उत्कीर्ण किए जाते हैं, जिन्हें पढ़ पाना कठिन होता है। कभी-कभी अभिलेखों के कुछ भाग नष्ट हो जाते हैं, जिससे अक्षर लुप्त हो जाते हैं और शब्दों या वाक्यों का अर्थ समझना कठिन हो जाता है।
(2) कई अभिलेख किसी विशेष स्थान या समय से संबंधित होते हैं, इसलिए उनका वास्तविक अर्थ समझना कठिन होता है।
(3) अभिलेखों में उनके उत्कीर्ण करवाने वाले के विचारों को बढ़ा-चढ़ाकर व्यक्त किया जाता है। अतः वे तत्कालीन सामान्य विचारों से मेल नहीं खाते। इसलिए वे जन-सामान्य के विचारों और कार्यकलापों पर प्रकाश नहीं डाल पाते। स्पष्ट है कि सभी अभिलेख राजनीतिक और आर्थिक इतिहास की जानकारी नहीं दे पाते।
(4) अनेक अभिलेख नष्ट हो चुके हैं या अभी तक प्राप्त नहीं हुए हैं। इसलिए अब तक प्राप्त अभिलेख कुल अभिलेखों का एक अंश भर हैं।
(5) अनेक सूचनाएँ अभिलेखों पर नहीं मिलतीं। विशेष रूप से जनसामान्य से जुड़ी गतिविधियों के बारे में अभिलेखों में बहुत कम या नहीं के बराबर लिखा गया है।
(6) अभिलेखों में सदा उन्हीं के विचार व्यक्त होते हैं जो उन्हें उत्कीर्ण करवाते हैं। इसलिए अभिलेखशास्त्री को अत्यंत सावधानी और आलोचनात्मक अध्ययन से इनकी सूचनाओं को परखना आवश्यक होता है।

Exam Tips:

a) तकनीकी सीमाओं में अक्षरों का हल्का उत्कीर्णन और अभिलेखों का नष्ट होना दोनों शामिल हैं।
b) अभिलेख विशेष स्थान और समय से जुड़े होते हैं, इसलिए उन्हें उसी संदर्भ में पढ़ें।
c) अभिलेखों में उत्कीर्ण करवाने वाले के विचार होते हैं, इसलिए उनकी आलोचनात्मक जाँच आवश्यक है।
d) जनसामान्य की गतिविधियाँ अभिलेखों में कम मिलती हैं, इसे अलग से याद रखें।

 

Question 6: मौर्य प्रशासन के प्रमुख अभिलक्षणों की चर्चा कीजिए। अशोक के अभिलेखों में इसमें से कौन-कौन से तत्त्वों के प्रमाण मिलते हैं?

Answer:

मौर्य साम्राज्य भारत का पहला ऐतिहासिक साम्राज्य था। मगध महाजनपद ने अन्य जनपदों पर अधिकार करके साम्राज्य का निर्माण किया। साम्राज्य की अवधारणा चंद्रगुप्त मौर्य के शासन में साकार हुई। बिंदुसार और सम्राट अशोक इस साम्राज्य के अन्य प्रमुख शासक रहे। मौर्य साम्राज्य के अभिलक्षणों की जानकारी हमें उस काल के ग्रंथों और अशोक के अभिलेखों से मिलती है। इसके प्रमुख अभिलक्षण निम्नलिखित हैं-

1. राजा: मौर्य राज्य भारत का पहला सबसे विस्तृत और शक्तिशाली साम्राज्य था। साम्राज्य में समस्त शक्ति का स्रोत सम्राट था। राजा और राज्य का भेद लगभग समाप्त हो गया था। अर्थशास्त्र में लिखा है कि 'राजा ही राज्य' है। सम्राट सर्वाधिकार संपन्न (Supreme Authority) था और सर्वोच्च सेनापति तथा सर्वोच्च न्यायाधीश भी था।

2. मंत्रिपरिषद्: चाणक्य ने कहा है, "रथ केवल एक पहिए से नहीं चलता, इसलिए राजा को मंत्रियों की नियुक्ति करनी चाहिए और उनकी सलाह के अनुसार कार्य करना चाहिए।" मंत्रिपरिषद् के सदस्यों को अमात्य कहा जाता था। प्रधानमंत्री, पुरोहित और सेनापति प्रमुख अमात्य थे। समाहर्ता (वित्त मंत्री) और सन्निधाता (कोषाध्यक्ष) अन्य महत्त्वपूर्ण मंत्री थे।

3. प्रांतीय प्रशासन: विस्तृत साम्राज्य को पाँच प्रांतों (राजनीतिक केंद्रों) में बाँटा गया था।
उत्तरापथ: इसमें कंबोज, गांधार, कश्मीर, अफगानिस्तान तथा पंजाब आदि के क्षेत्र शामिल थे। इसकी राजधानी तक्षशिला थी।
पश्चिमी प्रांत: इसमें काठियावाड़-गुजरात से लेकर राजपूताना-मालवा तक के सभी प्रदेश शामिल थे। इसकी राजधानी उज्जयिनी थी।
दक्षिणापथ: इसमें विंध्याचल से लेकर दक्षिण में मैसूर (कर्नाटक) तक का सारा प्रदेश शामिल था। इसकी राजधानी सुवर्णगिरि थी।
कलिंग: इसमें दक्षिण-पूर्व का उड़ीसा क्षेत्र शामिल था, जिसमें दक्षिण की ओर जाने के महत्त्वपूर्ण स्थल और समुद्री मार्ग थे। इसकी राजधानी तोशाली थी।
प्राची (पूर्वी प्रदेश): इसमें मगध तथा समस्त उत्तरी भारत का प्रदेश था। इसकी राजधानी पाटलिपुत्र थी और यह प्रदेश पूर्ण रूप से सम्राट के नियंत्रण में था।
प्रांतों का शासन राजा का प्रतिनिधि (वायसराय) चलाता था, जिसे कुमार या आर्यपुत्र कहा जाता था।

4. नगर प्रबंध: मेगस्थनीज़ के अनुसार नगर का प्रशासन 30 सदस्यों की एक परिषद् करती थी, जो 6 उपसमितियों में बँटी थी।
(1) पहली समिति शिल्प उद्योगों का निरीक्षण करती थी और शिल्पकारों के अधिकारों की रक्षा करती थी।
(2) दूसरी समिति विदेशी अतिथियों का सत्कार, उनके आवास का प्रबंध, उनकी चिकित्सा और उनकी गतिविधियों पर नज़र रखने का कार्य करती थी।
(3) तीसरी समिति जनगणना और कर निर्धारण के लिए जन्म-मृत्यु का ब्यौरा रखती थी।
(4) चौथी समिति व्यापार की देखभाल करती थी। इसका मुख्य कार्य तौल के बाटों और माप के पैमानों का निरीक्षण तथा सार्वजनिक बिक्री, यानी बाज़ार लगवाना था।
(5) पाँचवीं समिति कारखानों और घरों में बनी वस्तुओं की बिक्री का निरीक्षण करती थी। यह ध्यान रखती थी कि व्यापारी नई और पुरानी वस्तुओं को मिलाकर न बेचें। ऐसा करने पर दंड का प्रावधान था।
(6) छठी समिति बिक्री कर वसूलती थी। जिस मूल्य पर वस्तु बेची जाती थी, उसका दसवाँ भाग बिक्री कर के रूप में दुकानदार से लिया जाता था। यह कर न देने पर मृत्युदंड की व्यवस्था थी।

5. असमान शासन व्यवस्था: मौर्य साम्राज्य अत्यंत विशाल था और उसमें शामिल क्षेत्र बहुत विविध थे। इसमें अफगानिस्तान का पहाड़ी क्षेत्र भी शामिल था और उड़ीसा जैसा तटवर्ती क्षेत्र भी। इसलिए इतने बड़े और विविध साम्राज्य का प्रशासन एक समान नहीं हो सकता था। मगध प्रांत और पाटलिपुत्र पर अधिक नियंत्रण था तथा प्रांतीय राजधानियों पर भी कठोर नियंत्रण था, परंतु अन्य भागों में नियंत्रण उतना कठोर नहीं था।

6. आवागमन की व्यवस्था: साम्राज्य के संचालन के लिए भू-मार्गों और नदी मार्गों से आवागमन होता था, जिनकी सुव्यवस्था की जाती थी। राजधानी से प्रांतों तक पहुँचने में समय लगता था, इसलिए मार्गों पर ठहरने और खान-पान की व्यवस्था की जाती थी। अशोक ने मार्गों पर सराएँ बनवाईं, कुएँ खुदवाए और पेड़ लगवाए।

7. धम्म महामात्र: अशोक के अभिलेखों से पता चलता है कि उसने धम्म नीति द्वारा साम्राज्य में शांति-व्यवस्था और एकता बनाने का प्रयास किया। उसने सार्वभौमिक धर्म के नियमों का प्रचार किया। अशोक के अनुसार धर्म के प्रसार का लक्ष्य लोगों के इहलोक और परलोक को सुधारना था। इसके लिए उसने 'धम्म महामात्र' नामक विशेष अधिकारी नियुक्त किए, जिन्हें व्यापक अधिकार दिए गए थे और जिन्हें समाज के सभी वर्गों के कल्याण और सुख के लिए कार्य करना था।

अशोक के अभिलेखों में धम्म महामात्रों की नियुक्ति, प्रजा के कल्याण के आदेश, मार्गों पर सराएँ और कुएँ बनवाने तथा पेड़ लगवाने के निर्देश मिलते हैं, जो मौर्य प्रशासन के इन तत्त्वों के प्रमाण हैं।

Exam Tips:

a) मौर्य राजा की सर्वोच्च सत्ता में सेनापति और न्यायाधीश की भूमिका भी शामिल थी।
b) मेगस्थनीज़ के अनुसार नगर परिषद् की छह समितियों के कार्य अलग-अलग याद रखें।
c) मौर्य प्रांतों की राजधानियाँ तक्षशिला, उज्जयिनी, सुवर्णगिरि, तोशाली और पाटलिपुत्र थीं।
d) धम्म महामात्र की नियुक्ति अशोक की धम्म नीति का मुख्य तत्त्व थी।

 

Question 7: यह बीसवीं शताब्दी के एक सुविख्यात अभिलेखशास्त्री, डी.सी. सरकार का वक्तव्य है : भारतीयों के जीवन, संस्कृति और गतिविधियों का ऐसा कोई पक्ष नहीं है जिसका प्रतिबिंब अभिलेखों में नहीं है : चर्चा कीजिए।

Answer:

सुप्रसिद्ध अभिलेखशास्त्री डी.सी. सरकार का मत है कि अभिलेखों से भारतीयों के जीवन, संस्कृति और सभी गतिविधियों से संबंधित जानकारी प्राप्त होती है। अभिलेखों से मिलने वाली जानकारी का संक्षिप्त विवरण निम्नलिखित है-
1. शासकों के नाम: अभिलेखों से राजाओं के नाम और उनकी उपाधियों का पता चलता है। उदाहरण के लिए अशोक का नाम अभिलेखों में आया है और उसकी उपाधियों देवानाम्प्रिय तथा पियदस्सि का भी उल्लेख मिलता है। समुद्रगुप्त, खारवेल और रुद्रदामा आदि के नाम भी अभिलेखों में आए हैं।
2. राज्य-विस्तार: अभिलेख वहीं स्थापित किए जाते थे जहाँ उस राजा का राज्य होता था। मौर्य साम्राज्य का विस्तार जानने का सबसे प्रमुख स्रोत अशोक के अभिलेख हैं।
3. शासक का चरित्र: अभिलेख शासकों के चरित्र का चित्रण करने में भी सहायक हैं। अशोक ने अनेक विषयों पर अपने विचार व्यक्त किए हैं। इसी प्रकार समुद्रगुप्त के चरित्र-चित्रण के लिए प्रयाग प्रशस्ति उपयोगी है, यद्यपि इनमें राजा के चरित्र को बढ़ा-चढ़ाकर लिखा गया है।
4. काल-निर्धारण: अभिलेख की लिपि की शैली और भाषा के आधार पर शासकों के काल का निर्धारण किया जाता है।
5. भाषा, धर्म और संस्कृति: अभिलेखों की भाषा से उस काल में भाषा के विकास का पता चलता है। अशोक के धम्म की जानकारी का स्रोत उसके अभिलेख हैं। भूमि अनुदान पत्रों से भी धर्म और संस्कृति की जानकारी मिलती है।
6. कला: अभिलेख कला के भी नमूने हैं। विशेष रूप से मौर्यकाल के अभिलेख विशाल पाषाण खंडों को चमकाकर बनाए गए थे और उन पर पशुओं की मूर्तियाँ रखी गई थीं। ये मौर्य कला के उत्कृष्ट नमूने हैं।
7. सामाजिक वर्ग: अभिलेखों से तत्कालीन वर्गों की जानकारी मिलती है। शासक और राज्याधिकारियों के अलावा नगरों में व्यापारी और शिल्पकार (बुनकर, सुनार, धोबी, लौहकार, बढ़ई) भी रहते थे।
8. भू-राजस्व और प्रशासन: अभिलेखों से भू-राजस्व प्रणाली और प्रशासन के विविध पक्षों की जानकारी मिलती है। जब भूमि अनुदान राज्याधिकारियों को दिए जाने लगे, तो धीरे-धीरे स्थानीय सामंतों की शक्ति बढ़ी। इस प्रकार भूमि अनुदान पत्र राजा की घटती शक्ति का संकेत भी देते हैं।

इन सभी बातों के साथ यह भी ध्यान रखना चाहिए कि अभिलेखों की सीमाएँ भी हैं। विशेष रूप से जनसामान्य से संबंधित जानकारी इनमें कम मिलती है। फिर भी अभिलेखों से समाज के विविध पक्षों की काफी जानकारी मिलती है। इसलिए सरकार का कथन काफी हद तक सही है, पर इसे सावधानी से समझना चाहिए।

Exam Tips:

a) अभिलेखों से शासक, भाषा, कला और भू-राजस्व, चारों की जानकारी मिलती है।
b) अभिलेखों की सीमाएँ, विशेषकर जनसामान्य की जानकारी की कमी, भी लिखें।
c) प्रयाग प्रशस्ति समुद्रगुप्त के चरित्र-चित्रण का प्रमुख स्रोत है।
d) अभिलेखों में राजा के चरित्र को बढ़ा-चढ़ाकर लिखा जाता है, इसे चर्चा में शामिल करें।

 

Question 8: मौर्य काल में विकसित राजत्व के विचारों की चर्चा कीजिए।

Answer:

मौर्य काल में राजत्व का एक नया विचार जोर पकड़ने लगा, जिसे दिव्य राजत्व का सिद्धांत कहा जाता है। इस सिद्धांत के तहत राजा अपने आप को ईश्वर से जोड़ने लगे। कुछ स्रोतों से पता चलता है कि राजाओं ने स्वयं को देवता या देवताओं से उत्पन्न बताया। इससे वे प्रजा में अपनी प्रतिष्ठा ऊँची करना चाहते थे और प्रजा के मन में अपना नेतृत्व (Hegemony) स्थापित करना चाहते थे।

धर्म या धार्मिक रीतियों का प्रयोग करके स्वयं को ईश्वर का प्रतिनिधि या दैवीय उत्पत्ति वाला बताना और प्रजा में राजा के प्रति आस्था पैदा करना शासकों की प्राचीन रणनीति रही है। उत्तरवैदिक काल में शासक अपनी शक्ति बढ़ाने के लिए यज्ञों का सहारा लेते थे। ये यज्ञ अक्सर बहुत-से ब्राह्मणों द्वारा लंबे समय तक करवाए जाते थे। इनमें राजसूय यज्ञ (राज्यारोहण पर), वाजपेय (शक्तिप्रद पेय) और अश्वमेध यज्ञ प्रमुख थे, जिनसे राजाओं को दैवीय शक्तियाँ प्राप्त होने का विश्वास था।

मौर्य शासक अशोक ने भी दैवीय सिद्धांत का सहारा लिया। वह स्वयं को 'देवानाम् प्रियदर्शी' (देवों का प्यारा) की उपाधि से विभूषित करता था। मौर्योत्तर काल में कुषाण शासकों ने भी बड़ी-बड़ी उपाधियाँ धारण कीं और दिव्य राजत्व को अपनाया। उन्होंने लगभग पहली सदी ई.पू. से पहली सदी ई. तक मध्य एशिया से मध्य भारत तक के विशाल भू-क्षेत्र पर शासन किया।

कुषाणों की दैवत्व की परिकल्पना उनके सिक्कों और मूर्तियों से बेहतर रूप में व्यक्त होती है। मथुरा (उत्तर प्रदेश) के निकट माट के एक देवस्थान से कुषाण शासकों की विशालकाय मूर्तियाँ मिली हैं। इसी प्रकार की मूर्तियाँ अफगानिस्तान में एक देवस्थान से भी प्राप्त हुई हैं। कुछ इतिहासकारों का मानना है कि देवस्थानों में विशाल मूर्तियाँ स्थापित करने का विशेष उद्देश्य रहा होगा, संभवतः वे स्वयं को देवतुल्य प्रस्तुत करना चाहते थे। कुषाण शासकों ने शैव, बौद्ध और वैष्णव जैसे भारतीय धर्मों को अपनाया और इन धर्मों के प्रतीकों को अपने सिक्कों पर भी खुदवाया। विम ने अपने सिक्कों पर शिव की आकृति, नंदी और त्रिशूल का प्रयोग किया। कुषाण शासकों ने 'देवपुत्र' (Son of God) की उपाधि धारण की। यह प्रेरणा उन्हें संभवतः चीनी शासकों से मिली होगी, जो स्वयं को 'स्वर्गपुत्र' (Sons of Heaven) मानते थे।

Exam Tips:

a) दिव्य राजत्व में राजा को ईश्वर या देवताओं से जोड़ा जाता था, इस मूल विचार को लिखें।
b) उत्तरवैदिक काल के राजसूय, वाजपेय और अश्वमेध यज्ञ राजत्व की वैधता से जुड़े थे।
c) कुषाणों के सिक्कों पर विम का शिव, नंदी और त्रिशूल वाला चित्रण प्रमाण है।
d) कुषाणों ने 'देवपुत्र' की उपाधि धारण की, जो चीनी 'स्वर्गपुत्र' की अवधारणा से प्रेरित मानी जाती है।

 

Question 9: वर्णित काल में कृषि के तौर-तरीकों में किस हद तक परिवर्तन हुए?

Answer:

600 ई.पू. से 600 ई. के लंबे कालखंड में भारत में अनेक परिवर्तन आए। इन परिवर्तनों का प्रमुख आधार कृषि प्रणाली का विकास था। इस काल में शासक अधिक कर वसूलना चाहते थे। करों की बढ़ती माँग पूरी करने के लिए किसान उपज बढ़ाने के उपाय ढूँढने लगे और शासकों ने भी इसमें योगदान दिया। उन्होंने सिंचाई कार्यों को बढ़ावा दिया। इससे कृषि के तौर-तरीकों में निम्नलिखित बदलाव आए-

1. सिंचाई कार्य: मौर्य शासकों ने खेती-बाड़ी बढ़ाने की ओर विशेष ध्यान दिया। राज्य किसानों के लिए सिंचाई और जल वितरण की व्यवस्था करता था। मेगस्थनीज़ ने 'इंडिका' में लिखा है कि मिस्र की तरह मौर्य राज्य में भी सरकारी अधिकारी भूमि की पैमाइश करते थे और नहरों का निरीक्षण करते थे, जिनसे होकर पानी छोटी नहरों तक पहुँचता था।
जूनागढ़ अभिलेख से पता चलता है कि चंद्रगुप्त मौर्य के गवर्नर पुष्यगुप्त ने सौराष्ट्र (गुजरात) में गिरनार के पास सुदर्शन झील पर एक बाँध बनवाया था, जो सिंचाई के काम आता था। पाँचवीं सदी में स्कंदगुप्त ने भी इसी झील का जीर्णोद्धार करवाया था। कुओं और तालाबों से सिंचाई कर कृषि उपज बढ़ाई जाती थी। नहरों का निर्माण शासक या संपन्न लोग ही करवा पाते थे, जबकि कुओं और तालाबों के निर्माण में समुदाय और व्यक्तिगत प्रयास भी प्रमुख भूमिका निभाते थे।

2. हल से खेती: कृषि उपज बढ़ाने का एक उपाय हल का प्रचलन था। अधिक वर्षा वाले क्षेत्रों में हल में लोहे का फाल प्रयोग में आया, जिससे मिट्टी को गहराई तक जोता जाने लगा। गंगा और कावेरी की घाटियों के उपजाऊ क्षेत्रों में छठी सदी ई.पू. से लोहे के फाल वाले हल का प्रयोग होने लगा था। प्राचीन पालि ग्रंथों में कृषि के लिए लोहे के औजारों का उल्लेख है। अष्टाध्यायी में भी आयोविकर कुशि (लोहे की फाल) का उल्लेख मिलता है। उत्तरी भारत में इस संबंध में कुछ पुरातात्विक साक्ष्य भी मिलते हैं। इसका परिणाम कृषि क्षेत्र में वृद्धि, कृषक बस्तियों का प्रसार और उत्पादन में वृद्धि था, जिसका लाभ राज्य को भी मिला।

3. धान रोपण की विधि: कृषि क्षेत्र में पैदावार बढ़ाने का एक अन्य महत्त्वपूर्ण उपाय धान की रोपाई की शुरुआत थी। भारत में धान रोपण की शुरुआत लगभग 500 ई.पू. में स्वीकार की जाती है। धान लगाने की प्रक्रिया के लिए रोपण और रोपेति जैसे शब्दों का प्रयोग किया गया। 'सालि' का तात्पर्य उखाड़कर लगाई जाने वाली जाड़े की फसलों से है। पालि ग्रंथों में इस प्रक्रिया को 'बीजानि पतितापेति' कहा गया है। ज्ञाताधर्मकथा में प्राकृत वाक्यांश 'उक्खाय निहाए' का अर्थ है "उखाड़ना और प्रतिरोपित करना"। इस प्रणाली से पैदावार बढ़ी और गाँवों में भी परिवर्तन आया।

Exam Tips:

a) सिंचाई में मौर्य शासकों की भूमिका, सुदर्शन झील और नहरों का उल्लेख करें।
b) लोहे के फाल वाले हल से गहरी जुताई संभव हुई, यह मुख्य बदलाव था।
c) धान रोपण की शुरुआत लगभग 500 ई.पू. में मानी जाती है।
d) प्रत्येक बदलाव का परिणाम, जैसे पैदावार और कृषक बस्तियों का विस्तार, साथ में लिखें।

 

Question 10: मानचित्र 1 और 2 की तुलना कीजिए और उन महाजनपदों की सूची बनाइए जो मौर्य साम्राज्य में शामिल रहे होंगे। क्या इस क्षेत्र में अशोक के कोई अभिलेख मिले हैं?

Answer:

(1) अशोक के साम्राज्य में शामिल रहे महाजनपदों के नाम इस प्रकार हैं-
(i) अंग, (ii) मगध, (iii) काशी, (iv) कोसल, (v) वज्जि, (vi) मल्ल, (vii) चेदि, (viii) वत्स, (ix) कुरु, (x) पांचाल, (xi) मत्स्य, (xii) शूरसेन, (xiii) अश्मक, (xiv) अवंती, (xv) गांधार, (xvi) कंबोज।

(2) अशोक के साम्राज्य के महाजनपदीय क्षेत्रों में लौरिया अरराज, लौरिया नंदनगढ़, रामपुरवा, सहसराम, बैराट, भाबरू, टोपरा, शाहबाजगढ़ी, मानसेहरा, सारनाथ और कौशांबी सहित कई अन्य स्थानों पर अशोक के अभिलेख मिले हैं।

Exam Tips:

a) मानचित्र 1 में महाजनपद और मानचित्र 2 में मौर्य साम्राज्य की सीमा देखकर दोनों की तुलना करें।
b) मगध, काशी, कोसल और वज्जि जैसे प्रमुख महाजनपद मौर्य साम्राज्य में शामिल थे।
c) अशोक के अभिलेख बिहार, उत्तर प्रदेश, हरियाणा और पाकिस्तान के क्षेत्रों में मिले हैं, इन्हें मानचित्र पर खोजें।

 

Question 11: एक महीने के अखबार एकत्रित कीजिए। सरकारी अधिकारियों द्वारा सार्वजनिक कार्यों के बारे में दिए गए वक्तव्यों को काटकर एकत्रित कीजिए। समीक्षा कीजिए कि इन परियोजनाओं के लिए आवश्यक संसाधनों के बारे में खबरों में क्या लिखा है। संसाधनों को किस प्रकार से एकत्र किया जाता है और परियोजनाओं का उद्देश्य क्या है। इन वक्तव्यों को कौन जारी करता है और उन्हें क्यों और कैसे प्रसारित किया जाता है? इस अध्याय में चर्चित अभिलेखों के साक्ष्यों से इनकी तुलना कीजिए। आप इनमें क्या समानताएँ और असमानताएँ पाते हैं?

Answer:

यह परियोजना कार्य है। विद्यार्थी अपने अध्यापक के दिशा-निर्देशन में परियोजना रिपोर्ट तैयार करें। रिपोर्ट में निम्नलिखित बिंदु शामिल करें- (i) समाचारों में परियोजना के लिए आवश्यक संसाधनों (धन, सामग्री और श्रम) का विवरण, (ii) संसाधन जुटाने के तरीके, जैसे कर और ऋण, (iii) परियोजना का उद्देश्य, (iv) वक्तव्य जारी करने वाला विभाग या अधिकारी और उसके प्रसारण के माध्यम, जैसे समाचार-पत्र, रेडियो, टेलीविज़न और सरकारी वेबसाइट।

तुलना में अशोक के अभिलेखों को पत्थर पर उत्कीर्ण करके सार्वजनिक स्थानों पर लगाया जाता था, जबकि आज के वक्तव्य समाचार माध्यमों से तेज़ी से बड़े समूह तक पहुँचते हैं। दोनों का उद्देश्य शासन की नीतियों और उपलब्धियों का प्रचार करना है।

Exam Tips:

a) रिपोर्ट में संसाधन, उद्देश्य, जारी करने वाला अधिकारी और प्रसारण माध्यम, सभी बिंदु शामिल करें।
b) अभिलेख स्थायी होते थे, जबकि आज के वक्तव्य समाचार माध्यमों के माध्यम से जल्दी बदलते रहते हैं।
c) अखबारों की कटिंग के साथ स्रोत और तारीख अवश्य लिखें।

 

Question 12: आज प्रचलित पाँच विभिन्न नोटों और सिक्कों को इकट्ठा कीजिए। इनके दोनों ओर आप जो देखते हैं उनका वर्णन कीजिए। इन पर बने चित्रों, लिपियों और भाषाओं, माप, आकार या अन्य समानताओं और असमानताओं के बारे में एक रिपोर्ट तैयार कीजिए। इस अध्याय में दर्शित सिक्कों में प्रयुक्त सामग्रियों, तकनीकों, प्रतीकों, उनके महत्त्व और सिक्कों के संभावित कार्य की चर्चा करते हुए इनकी तुलना कीजिए।

Answer:

यह परियोजना कार्य है। संकेत के लिए-
(1) 10, 50, 100, 500 और 1000 रुपये के नोटों पर भारत सरकार, भारतीय रिज़र्व बैंक, गवर्नर का वचन, महात्मा गांधी का चित्र, नोट संख्या, रिज़र्व बैंक की मोहर और राष्ट्रीय चिह्न आदि देखें। इन तथ्यों के आधार पर स्वतंत्र भारत के नोटों की विशेषताओं पर विचार करें।
(2) 1, 2 और 5 रुपये के सिक्कों पर अंकित चिह्नों की तुलना उन प्राचीन सिक्कों से करें जो इस अध्याय में दिखाए गए हैं, जैसे पंचमार्क सिक्कों पर सूर्य, वृक्ष और मानव जैसे चिह्न खुदे होते थे।

Exam Tips:

a) आधुनिक सिक्कों पर राष्ट्रीय चिह्न एक ओर और मूल्य दूसरी ओर अंकित होता है।
b) पंचमार्क सिक्के चाँदी और ताँबे के बने होते थे और उन पर ठप्पा मारकर चिह्न बनाए जाते थे।
c) नोटों पर गवर्नर का वचन और भारत सरकार का नाम उनकी वैधता का संकेत है।

 

Free Haryana Board Textbook Explanations: Class 12 History Chapter 02 Kings, Farmers and Towns: Early States and Economies

Official Haryana Board Solutions for Chapter 02 Kings, Farmers and Towns: Early States and Economies

Review comprehensive exercise answers for Class 12 History Chapter 02 Kings, Farmers and Towns: Early States and Economies. Fully updated to match current Haryana Board syllabus guidelines, these textbook solutions help students verify their work and maintain accurate study notes.

Step-by-Step Explanations for Chapter 02 Kings, Farmers and Towns: Early States and Economies

Beyond providing final answers, these guides offer step-by-step breakdowns for complex queries in the Class 12 History module. This approach helps students balance theoretical depth with practical problem-solving skills required for Haryana Board exams.

Next Steps in Your History Revision

These resources act as an effective roadmap for daily homework tasks and independent study. Supplement your review of Chapter 02 Kings, Farmers and Towns: Early States and Economies with official sample papers and interactive practice tests available on our platform free of charge.

FAQs

Where can I find the latest HBSE Class 12 History Solutions Chapter 2 राजा, किसान और नगर : आरंभिक राज्य और अर्थव्यवस्थाएँ for the 2026-27 session?

The complete and updated HBSE Class 12 History Solutions Chapter 2 राजा, किसान और नगर : आरंभिक राज्य और अर्थव्यवस्थाएँ is available for free on StudiesToday.com. These solutions for Class 12 History are as per latest Haryana Board curriculum.

Are the History Haryana Board solutions for Class 12 updated for the new 50% competency-based exam pattern?

Yes, our experts have revised the HBSE Class 12 History Solutions Chapter 2 राजा, किसान और नगर : आरंभिक राज्य और अर्थव्यवस्थाएँ as per 2026 exam pattern. All textbook exercises have been solved and have added explanation about how the History concepts are applied in case-study and assertion-reasoning questions.

How do these Class 12 Haryana Board solutions help in scoring 90% plus marks?

Toppers recommend using Haryana Board language because Haryana Board marking schemes are strictly based on textbook definitions. Our HBSE Class 12 History Solutions Chapter 2 राजा, किसान और नगर : आरंभिक राज्य और अर्थव्यवस्थाएँ will help students to get full marks in the theory paper.

Do you offer HBSE Class 12 History Solutions Chapter 2 राजा, किसान और नगर : आरंभिक राज्य और अर्थव्यवस्थाएँ in multiple languages like Hindi and English?

Yes, we provide bilingual support for Class 12 History. You can access HBSE Class 12 History Solutions Chapter 2 राजा, किसान और नगर : आरंभिक राज्य और अर्थव्यवस्थाएँ in both English and Hindi medium.

Is it possible to download the History Haryana Board solutions for Class 12 as a PDF?

Yes, you can download the entire HBSE Class 12 History Solutions Chapter 2 राजा, किसान और नगर : आरंभिक राज्य और अर्थव्यवस्थाएँ in printable PDF format for offline study on any device.