Solutions for Class 12 Hindi: Special Writing - Nature and Types
Review structured textbook solutions for Class 12 Hindi Special Writing - Nature and Types. Built according to Haryana Board guidelines for the 2026-27 academic year, these downloadable answers support daily revision and problem-solving accuracy.
Practice Class 12 Hindi Solutions: Special Writing - Nature and Types
Navigate directly to the solved Hindi textbook exercises using the digital viewer below. Each solution includes detailed step-by-step explanations, allowing students to instantly cross-check their work and identify areas requiring further revision.
Question 1: विशेष लेखन किसे कहते हैं? समाचारपत्रों में विशेष लेखन की क्या उपयोगिता है?
Answer:
आधुनिक युग में पाठकों की रुचियाँ बहुत व्यापक हो गई हैं। वे साहित्य से लेकर विज्ञान तक और व्यवसाय से लेकर खेल तक सभी विषयों की ताज़ा जानकारी चाहते हैं। कुछ पाठक ऐसे भी हैं जो विज्ञान, खेल अथवा सिनेमा में गहरी दिलचस्पी रखते हैं, इसलिए वे अपने मनपसंद विषय को विस्तार से पढ़ना चाहते हैं। फलस्वरूप समाचारपत्रों तथा अन्य जनसंचार माध्यमों को सामान्य समाचारों के साथ-साथ कुछ विशिष्ट विषयों के बारे में भी जानकारी देनी पड़ती है। इसी को हम विशेष लेखन कहते हैं।
एक परिभाषा के अनुसार- "सामान्य लेखन से हटकर किसी खास विषय पर लिखा गया लेख विशेष लेखन कहलाता है।" अधिकांश समाचारपत्रों और पत्रिकाओं के अलावा टी.वी. तथा रेडियो चैनलों में भी विशेष लेखन के लिए एक अलग डेस्क होता है, जहाँ विशेष लेखन से जुड़े पत्रकारों का समूह बैठता है। यही नहीं, जनसंचार माध्यमों के कार्यालयों में अलग-अलग डेस्क बने रहते हैं, जहाँ अलग-अलग विभागों के उपसंपादक और संवाददाता बैठकर काम करते हैं।
यह एक सर्वविदित तथ्य है कि समाचार अनेक प्रकार के होते हैं। ये राजनीतिक, आर्थिक, अपराध, खेल जगत, फ़िल्म जगत या किसी अन्य विषय से संबंधित होते हैं। संवाददाताओं के बीच उनकी रुचि और ज्ञान को देखकर कार्य का बँटवारा किया जाता है। मीडिया की भाषा में इसे बीट कहते हैं। उदाहरण के लिए, यदि किसी संवाददाता की बीट खेल जगत है, तो इसका अर्थ है कि वह अपने शहर तथा क्षेत्र में होने वाले खेलों और उनसे जुड़ी घटनाओं की रिपोर्टिंग करेगा। अख़बार की ओर से खेल रिपोर्टिंग के लिए वही ज़िम्मेदार और जवाबदेह होगा।
इसी प्रकार यदि कोई संवाददाता आर्थिक या कारोबार से जुड़ी ख़बरों की जानकारी रखता है, तो उसे आर्थिक रिपोर्टिंग का काम सौंपा जाएगा। यदि किसी की रुचि कृषि में है और उसे उसकी पूरी जानकारी है, तो वह कृषि जगत से संबंधित रिपोर्टिंग करेगा। इसके लिए आवश्यक है कि विशेष लेखन से जुड़े संवाददाता को अपने विषय की समुचित जानकारी हो और अपनी भाषा-शैली पर उसका अच्छा अधिकार हो। समाचारपत्र का संपादक ही अपने संवाददाताओं की रुचियों और जानकारियों के अनुसार बीट का वितरण करता है, जिससे सही व्यक्ति सही विषय के बारे में सही-सही जानकारी दे पाता है।
Exam Tips:
a) परिभाषा उद्धरण-चिह्नों में लिखें: "सामान्य लेखन से हटकर किसी खास विषय पर लिखा गया लेख विशेष लेखन कहलाता है।"
b) उपयोगिता बताते समय पाठकों की बढ़ती और विविध रुचियों का उल्लेख अवश्य करें।
c) 'बीट' शब्द का अर्थ खेल या आर्थिक रिपोर्टिंग के उदाहरण से स्पष्ट करें।
d) बीट का वितरण संपादक करता है, यह तथ्य उत्तर के अंत में जोड़ें।
Question 2: बीट रिपोर्टिंग और विशेषीकृत रिपोर्टिंग में क्या अन्तर है? स्पष्ट करें।
Answer:
संवाददाताओं के बीच उनकी रुचि और ज्ञान को ध्यान में रखकर उनके कार्य का बँटवारा किया जाता है। मीडिया की भाषा में इसे ही बीट कहा जाता है। विशेष लेखन या रिपोर्टिंग, बीट रिपोर्टिंग से अधिक व्यापक होती है। इन दोनों में निम्नलिखित अन्तर हैं-
| बीट रिपोर्टिंग | विशेषीकृत रिपोर्टिंग |
|---|---|
| 1. संवाददाता की रुचि के क्षेत्र विशेष की रिपोर्टिंग को बीट रिपोर्टिंग कहा जाता है। | 1. किसी घटना या समस्या के विश्लेषण अथवा छानबीन से संबंधित रिपोर्टिंग को विशेषीकृत रिपोर्टिंग कहा जाता है। |
| 2. संवाददाता अपनी रुचि के विषयों से संबंधित सूचना ही देता है। | 2. इसमें संवाददाता को विशेष विषयों के संबंध में विशेष समाचार विस्तारपूर्वक लिखने पड़ते हैं। |
| 3. बीट रिपोर्टिंग में संवाददाता को अपने क्षेत्र से संबंधित सामान्य समाचार ही लिखने होते हैं। | 3. इसमें संवाददाता को विशेष विषय चुनकर उससे संबंधित समाचार लिखने होते हैं। |
| 4. बीट रिपोर्टिंग करने वाले रिपोर्टर को संवाददाता कहते हैं। | 4. विशेषीकृत रिपोर्टिंग करने वाले को विशेष संवाददाता कहते हैं। |
| 5. बीट रिपोर्टिंग में भाषा के प्रयोग के लिए संवाददाता स्वतंत्र रहता है। | 5. विशेषीकृत रिपोर्टिंग में विशेष संवाददाता को विषय से संबंधित शब्दावली का ही प्रयोग करना पड़ता है। |
Exam Tips:
a) अन्तर वाले प्रश्न का उत्तर हमेशा दो कॉलम की तालिका में लिखें।
b) 'संवाददाता' और 'विशेष संवाददाता' का अन्तर परीक्षा में अक्सर पूछा जाता है।
c) विशेषीकृत रिपोर्टिंग में विश्लेषण और छानबीन मुख्य शब्द हैं, इन्हें अवश्य लिखें।
Question 3: विशेष लेखन की भाषा और शैली पर प्रकाश डालिए।
Answer:
सामान्य लेखन की तरह विशेष लेखन की भी अपनी भाषा-शैली होती है। विशेष लेखक को प्रायः सहज, सरल और पाठकों की समझ में आने वाली भाषा का प्रयोग करना चाहिए, परंतु विशेष लेखन जिस विषय या क्षेत्र से जुड़ा होता है, उसी से संबंधित तकनीकी शब्दों का अधिकतर प्रयोग होता है, जिन्हें समझना सामान्य पाठकों के लिए कठिन होता है। इसलिए विशेष लेखन की भाषा और शैली सामान्य लेखन से बिल्कुल अलग प्रकार की होती है।
उल्लेखनीय बात यह है कि जिस विषय पर विशेष लेखन किया जाता है, उसी विषय की विशेष तकनीकी शब्दावली का प्रयोग करना उचित होता है। अतः विशेष लेखन करने वाले पत्रकार को उस विषय की तकनीकी शब्दावली का अच्छा ज्ञान होना चाहिए, अन्यथा वह विषय के साथ न्याय नहीं कर पाएगा। उदाहरण के लिए, व्यापार तथा वाणिज्य पर लिखने वाले पत्रकार को उस शब्दावली की पूरी जानकारी होनी चाहिए, जिसका प्रयोग इस क्षेत्र में होता है। कारोबार तथा व्यापार में इस प्रकार के शब्दों का प्रयोग होता है-
तेजड़िए, मंदड़िए, ब्याज दर, व्यापार घाटा, मुद्रास्फीति, बिकवाली, राजकोषीय घाटा, राजस्व घाटा, वार्षिक योजना, विदेशी संस्थागत निवेशक, आवक, निवेश, एफ.डी.आई., आयात-निर्यात आदि शब्द। इसी प्रकार 'सोने में भारी उछाल', 'चाँदी लुढ़की', 'आवक बढ़ने से लाल मिर्च की कड़वाहट घटी', 'शेयर बाज़ार ने पिछले सारे रिकॉर्ड तोड़े', 'सेंसेक्स आसमान पर' जैसी शब्दावली कारोबार और व्यापार से जुड़े विशेष लेखन में प्रयुक्त होती रहती है। इसी तरह पर्यावरण, विज्ञान, राजनीति और कृषि जगत के तकनीकी शब्द भी अपने-अपने प्रकार के होते हैं।
संक्षेप में कहा जा सकता है कि विशेष लेखन की भाषा विषय के अनुसार ही होनी चाहिए, क्योंकि विशेष लेखन के पाठक भी अलग-अलग प्रकार के होते हैं। जहाँ तक शैली का प्रश्न है, विशेष लेखन की कोई निश्चित शैली नहीं होती। यदि बीट से जुड़ा कोई विशेष समाचार लिखा जा रहा हो, तो उसके लिए उलटा पिरामिड-शैली अपनाई जाती है। फ़ीचर के लिए कथात्मक-शैली का प्रयोग किया जाता है। लेख अथवा टिप्पणी के लिए फ़ीचर की शैली अपनाई जा सकती है।
वस्तुतः शैली कोई भी अपनाई जाए, परंतु किसी विशेष विषय पर लिखा गया लेख अलग प्रकार का होना चाहिए, क्योंकि विशेष लेख को हर पाठक नहीं पढ़ता। दूसरे शब्दों में, विशेष लेखन का पाठक वर्ग अलग होता है। उदाहरण के लिए, कारोबार तथा व्यापार का पृष्ठ वही लोग पढ़ते हैं जो कोई कारोबार या व्यापार करते हैं अथवा शेयर बाज़ार में रुचि रखते हैं। इसलिए ऐसे विशेष लेख की भाषा-शैली अन्य सभी प्रकार के लेखों और समाचारों से भिन्न, विशेष प्रकार की ही होगी।
Exam Tips:
a) भाषा के लिए मुख्य बिंदु लिखें: विषय के अनुसार तकनीकी शब्दावली, पर पाठक की समझ में आने वाली।
b) कारोबार की शब्दावली के 4-5 उदाहरण (मुद्रास्फीति, सेंसेक्स, बिकवाली, राजकोषीय घाटा) अवश्य दें।
c) शैली वाले भाग में तीन बातें लिखें: समाचार के लिए उलटा पिरामिड, फ़ीचर के लिए कथात्मक, लेख के लिए फ़ीचर शैली।
d) अंत में स्पष्ट करें कि विशेष लेखन का पाठक वर्ग अलग होता है, इसलिए भाषा-शैली भी अलग होती है।
Question 4: विशेष लेखन के क्षेत्र कौन-कौन से हैं? संक्षेप में लिखें।
Answer:
विशेष लेखन के अनेक क्षेत्र हैं। प्रायः सामान्य रिपोर्टिंग अथवा बीट को छोड़कर सभी क्षेत्र विशेष लेखन से जुड़े हैं और इनमें विशेषज्ञता की आवश्यकता होती है। किसी विषय का विशेषज्ञ ही उस विषय पर विशेष लेखन कर सकता है। विशेष लेखन के प्रमुख क्षेत्र हैं-
1. अर्थ-व्यापार
2. खेल
3. विज्ञान-प्रौद्योगिकी
4. कृषि
5. विदेश
6. रक्षा
7. पर्यावरण
8. शिक्षा
9. स्वास्थ्य
10. फ़िल्म-मनोरंजन
11. अपराध
12. सामाजिक मुद्दे
13. कानून
14. धर्म और समाज
15. फ़ैशन
आज के समाचारपत्रों में खेल, कारोबार, सिनेमा, मनोरंजन, फ़ैशन, स्वास्थ्य, विज्ञान, पर्यावरण, शिक्षा, जीवन-शैली और रहन-सहन जैसे विषयों पर काफ़ी विशेष लेखन हो रहा है। इसके साथ-साथ विदेश नीति, राष्ट्रीय सुरक्षा और विधि जैसे क्षेत्रों पर विशेषीकृत रिपोर्टिंग को प्राथमिकता दी जा रही है, क्योंकि इन सभी विषयों से लोगों का सरोकार है। फिर भी यह कहना अनुचित न होगा कि पिछड़े भू-भागों और उनकी समस्याओं पर विशेष लेखन बहुत कम हो रहा है, जो उचित नहीं है।
Exam Tips:
a) कम से कम 8-10 क्षेत्रों के नाम क्रम से लिखें।
b) अर्थ-व्यापार, खेल, विज्ञान-प्रौद्योगिकी और पर्यावरण सबसे प्रमुख क्षेत्र हैं, इन्हें सबसे पहले लिखें।
c) अंत में एक-दो पंक्तियों में बताएँ कि आज समाचारपत्रों में किन विषयों पर अधिक विशेष लेखन हो रहा है।
Question 5: विशेष लेखन के लिए विशेषज्ञता कैसे हासिल की जा सकती है?
Answer:
विशेष लेखन कोई सरल कार्य नहीं है। वास्तव में आज की पत्रकारिता में ऐसे बहुत-से पत्रकार हैं जिन्हें 'जैक ऑफ़ ऑल ट्रेड्स, बट मास्टर ऑफ़ नन' कहा जा सकता है, अर्थात् जो सभी विषयों की जानकारी तो रखते हैं, पर किसी एक विषय के विशेषज्ञ नहीं हैं। अब यह माँग बढ़ती जा रही है कि पत्रकार का विषय-विशेषज्ञ होना नितांत आवश्यक है। अतः प्रश्न उठता है कि विषय में विशेषज्ञता कैसे प्राप्त की जाए। इसके लिए निम्नलिखित उपाय अपनाए जा सकते हैं-
(1) सबसे पहली बात यह है कि व्यक्ति जिस विषय में विशेषज्ञता प्राप्त करना चाहता है, उसमें उसकी पर्याप्त रुचि होनी चाहिए।
(2) उच्चतर माध्यमिक तथा स्नातक स्तर पर उसी विषय की पढ़ाई करनी चाहिए।
(3) विषय में पत्रकारीय विशेषज्ञता पाने के लिए उस विषय से संबंधित पुस्तकों का गंभीर अध्ययन करना चाहिए।
(4) विशेष लेखन के क्षेत्र में सक्रिय लोगों को स्वयं को अपडेट रखना चाहिए, अर्थात् उनके पास विषय की आधुनिकतम जानकारी होनी चाहिए। इसके लिए विषय से जुड़ी ख़बरों और रिपोर्टों की फ़ाइल बनाई जा सकती है तथा विषय के प्रोफ़ेशनल विद्यार्थियों और विशेषज्ञों के लेखों एवं विश्लेषणों की कटिंग सँभालकर रखी जानी चाहिए।
(5) उस विषय से संबंधित शब्दकोश तथा इनसाइक्लोपीडिया भी विद्यार्थियों के पास होने चाहिए।
(6) विशेषज्ञता चाहने वाले के पास उस विषय से जुड़े सरकारी तथा गैर-सरकारी संगठनों और संस्थाओं की सूची, उनकी वेबसाइट, टेलीफ़ोन नंबर तथा विशेषज्ञों के फ़ोन नंबर और पते भी होने चाहिए।
(7) यदि कोई व्यक्ति आर्थिक विषयों में विशेषज्ञता चाहता है, तो उसके पास वित्त मंत्रालय तथा वहाँ के अधिकारियों, प्रसिद्ध अर्थशास्त्रियों और बाज़ार विशेषज्ञों के नाम, फ़ोन नंबर और पते भी होने चाहिए।
(8) कोई भी व्यक्ति अपनी रुचि के अनुसार अध्ययन आदि के माध्यम से विशेषज्ञता प्राप्त कर सकता है।
(9) विशेषज्ञता प्राप्त करने में काफ़ी समय लगता है और इसके लिए लंबे अनुभव की आवश्यकता होती है। यदि कोई व्यक्ति किसी विषय में निरंतर सक्रिय रहता है, तो वह निश्चय ही उस विषय का विशेषज्ञ बन सकता है।
Exam Tips:
a) 'जैक ऑफ़ ऑल ट्रेड्स, बट मास्टर ऑफ़ नन' का अर्थ लिखकर उत्तर आरंभ करें।
b) उपायों को क्रमांक (1), (2), (3) के साथ बिंदुवार लिखें।
c) रुचि, विषय की पढ़ाई, पुस्तकों का अध्ययन और स्वयं को अपडेट रखना, ये चार उपाय अवश्य लिखें।
d) अंत में लिखें कि विशेषज्ञता लंबे अनुभव और निरंतर सक्रियता से आती है।
Question 6: कारोबार और व्यापार के महत्त्व पर प्रकाश डालिए।
Answer:
जो लोग प्रतिदिन समाचारपत्र पढ़ते हैं, उन्हें यह भली-भाँति पता होगा कि समाचारपत्र में कारोबार तथा व्यापार से संबंधित एक पृष्ठ होता है। कुछ समाचारपत्र इसके लिए दो पृष्ठ निर्धारित करते हैं- एक में शेयर बाज़ार की ख़बरें दी जाती हैं और दूसरे में विभिन्न कंपनियों के कारोबार की ख़बरें छापी जाती हैं। इसी प्रकार खेल के लिए भी एक अलग पृष्ठ होता है। इसलिए यह कहना अनुचित नहीं होगा कि कारोबार तथा खेल संबंधी समाचारों के बिना समाचारपत्र अधूरा होता है।
हम सभी जानते हैं कि धन के बिना मानव-जीवन अधूरा है। प्रत्येक व्यक्ति के जीवन में धन का विशेष महत्त्व होता है। बाज़ार से कुछ भी ख़रीदने के लिए हमें पैसा चाहिए। जो कुछ हम कमाते हैं, उसमें से कुछ पैसे बैंक में जमा करते हैं, बचत करते हैं अथवा कोई नया व्यवसाय शुरू करने की योजना बनाते हैं। इसके लिए हमें बैंक से ऋण भी लेना पड़ सकता है और हम अपनी बचत का पैसा भी उसमें लगा सकते हैं। इस प्रकार आर्थिक लाभ-हानि की बातें होती रहती हैं। इन सबका संबंध कारोबार, व्यापार तथा अर्थ जगत से है, इसलिए इन विषयों से जुड़ी ख़बरों में पाठकों की काफ़ी रुचि होती है।
सेंसेक्स का बढ़ना, सोने-चाँदी के भाव, विदेशी मुद्रा (जैसे- डॉलर, पौंड आदि) की कीमत, ज़रूरी उपभोक्ता वस्तुओं की कीमत या कृषि से जुड़ी वस्तुओं (जैसे- अनाज, दालें आदि) की कीमत के कारण कारोबार और व्यापार में कीमतें घटती-बढ़ती रहती हैं। इसलिए पाठकों को कारोबारी सूचनाओं की आवश्यकता पड़ती है। परंतु कारोबार तथा व्यापार का क्षेत्र बहुत व्यापक है। इसमें कृषि जगत, उद्योग जगत, व्यापार जगत, शेयर बाज़ार और देश की अर्थव्यवस्था से जुड़े सभी पहलू शामिल हैं। इन सभी क्षेत्रों में एक साथ विशेषज्ञता पाना काफ़ी कठिन है। अतः इसमें बैंकिंग का विशेषज्ञ अलग होता है, शेयर बाज़ार का विशेषज्ञ अलग होता है तथा निवेश का विशेषज्ञ अलग होता है।
पिछले कुछ वर्षों से आर्थिक पत्रकारिता काफ़ी लोकप्रिय होती जा रही है, क्योंकि देश की राजनीति देश की अर्थव्यवस्था से जुड़ी हुई है। हमारे देश में आर्थिक उदारीकरण तथा खुली अर्थव्यवस्था लागू हो चुकी है, जिससे राजनीति भी लगातार प्रभावित हो रही है। इसलिए कारोबार तथा व्यापार से जुड़े आर्थिक पत्रकार को राजनीति का भी समुचित ज्ञान होना चाहिए। यहाँ यह उल्लेख करना आवश्यक है कि आर्थिक पत्रकारिता सामान्य पत्रकारिता से काफ़ी जटिल होती है।
आर्थिक पत्रकारिता की अपनी शब्दावली होती है, जो आम व्यक्ति की समझ में नहीं आती। आर्थिक पत्रकार को चाहिए कि वह अपने क्षेत्र की तकनीकी शब्दावली को आम व्यक्ति की समझ में आने वाली शब्दावली में ढाले, तभी आर्थिक समाचार अधिक लोकप्रिय हो सकेंगे। दूसरी ओर, आर्थिक समाचारों के कुछ ऐसे पाठक भी होते हैं जो इसी क्षेत्र से जुड़े होते हैं। अतः आर्थिक पत्रकार को दोनों वर्गों के पाठकों के बीच तालमेल स्थापित करना चाहिए।
कारोबार तथा आर्थिक बाज़ार से जुड़ी ख़बरें उलटा पिरामिड-शैली में ही लिखी जाती हैं। यही नहीं, कारोबार तथा व्यापार पर फ़ीचर भी लिखे जा सकते हैं, जो अक्सर समाचारपत्रों में प्रकाशित होते हैं।
कारोबार तथा व्यापार के लेखन का एक उदाहरण देखिए-
निर्यात घटने से चीन चिंतित
चीन से निर्यात होने वाली सभी वस्तुओं पर डंपिंग विरोधी शुल्क लगा दिया गया है, जिससे चीन का निर्यात घटने लगा है। इससे चीन की औद्योगिक इकाइयाँ अत्यधिक चिंतित हैं। इससे पहले चीन का निर्यात तेज़ गति से बढ़ रहा था। दूसरी ओर अमेरिका तथा यूरोपीय संघ के देशों में बेरोज़गारी दर बढ़ती जा रही थी। फलस्वरूप इस वर्ष चीनी निर्यातकों को संरक्षणवाद का सामना करना पड़ रहा है। विश्व व्यापार संगठन में चीन के राजदूत सन झेन्यु ने अपनी यही चिंता व्यक्त की। वे उच्चकोटि के राजनीतिक सलाहकार समूह के सदस्य हैं तथा चीन के आयात-निर्यात के भी ज्ञाता हैं।
चीन व्यापार वार्ताओं को आगे बढ़ाना चाहता है, परंतु हालात चीन के अनुकूल नहीं हैं। ऐसी बहुत कम संभावना है कि वैश्विक व्यापार की ये वार्ताएँ इस वर्ष पूरी हो सकेंगी। चीन पिछले कुछ वर्षों से विश्व के बाज़ार में सस्ते मूल्य पर वस्तुएँ झोंक रहा है, जिससे उसके व्यापार में काफ़ी वृद्धि हुई थी। परंतु पिछले कुछ वर्षों से भारत के अतिरिक्त कुछ अन्य देशों ने चीनी वस्तुओं के विरुद्ध 118 मामले शुरू कर दिए, जिससे 13 अरब डॉलर का चीनी निर्यात प्रभावित हुआ है। इन देशों में अमेरिका का रुख़ सबसे आक्रामक था। उसने चीन के विरुद्ध 23 मामले शुरू किए, जिससे चीन का 7.6 अरब डॉलर का व्यापार प्रभावित हुआ।
सन झेन्यु ने यह चिंता जताई कि अधिकतर मामलों में चीन को ही बलि का बकरा बनाया गया है, क्योंकि कुछ देश अपने व्यापार घाटे की आर्थिक समस्या के लिए सीधे-सीधे चीन को ही दोषी मानते हैं, जबकि यह ठीक नहीं है। अमेरिका ने पिछले महीने ही तेल के कुएँ खोदने के लिए चीन से ड्रिल पाइप का आयात किया था और साथ ही उस पर डंपिंग विरोधी तथा सब्सिडी का मामला भी शुरू कर दिया, जिससे चीन के निर्यात को गहरा धक्का लगा। इसी प्रकार यूरोपीय समुदाय के कुछ देशों ने कोटेड फ़ाइन पेपर तथा कुछ अन्य उत्पादों के विरुद्ध डंपिंग विरोधी मामला तय कर दिया। ऐसे कदम चीनी अर्थव्यवस्था को गहरा धक्का पहुँचा रहे हैं। विश्व के देशों को चीन की समस्याओं को समझना होगा और इस प्रकार के कदम उठाना बंद करना होगा।
Exam Tips:
a) उत्तर आरंभ करें कि समाचारपत्र में कारोबार के लिए अलग पृष्ठ होता है और इसके बिना समाचारपत्र अधूरा है।
b) पाठकों की रुचि के कारण लिखें: सेंसेक्स, सोने-चाँदी के भाव, विदेशी मुद्रा और उपभोक्ता वस्तुओं की कीमतें।
c) आर्थिक पत्रकारिता सामान्य पत्रकारिता से जटिल क्यों है, यह तकनीकी शब्दावली के आधार पर समझाएँ।
d) कारोबारी ख़बरें उलटा पिरामिड-शैली में लिखी जाती हैं, यह बिंदु अवश्य जोड़ें।
Question 7: समाचारपत्रों में खेलों का क्या महत्त्व है? संक्षेप में लिखिए।
Answer:
खेल जगत आज का सबसे लोकप्रिय क्षेत्र है। खेल हमारे जीवन में एक नई ऊर्जा का संचार करते हैं। बचपन से ही हर बच्चे की खेलों में रुचि होती है। हममें से अधिकतर के भीतर एक खिलाड़ी अवश्य होता है, परंतु जैसे-जैसे बच्चा बड़ा होता है, जीवन की भागदौड़ और ज़िम्मेदारियों के कारण उसके भीतर का खिलाड़ी मर जाता है। फिर भी खेलों में हमारी रुचि बनी रहती है। जो लोग नियमित रूप से समाचारपत्र पढ़ते हैं, वे अक्सर क्रिकेट, हॉकी, टेनिस अथवा फ़ुटबॉल, ओलंपिक या एशियाई खेलों के समाचार बड़े ध्यान से पढ़ते हैं। यद्यपि हॉकी हमारे देश का राष्ट्रीय खेल है, परंतु क्रिकेट ने तो देश में क्रांति उत्पन्न कर दी है। आज समाचारपत्रों तथा इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में खेल समाचारों को अत्यधिक महत्त्व दिया जाता है। समाचारपत्र और पत्रिकाएँ खेलों पर न केवल विशेष लेखन प्रकाशित करते हैं, बल्कि खेल विशेषांक और खेल परिशिष्ट भी निकालते हैं। इसी प्रकार रेडियो और टेलीविज़न पर भी खेलों के कार्यक्रम प्रसारित किए जाते हैं।
खेल पत्रकार के लिए आवश्यक है कि उसे खेल के नियमों, खेल की तकनीक और उसकी बारीकियों का समुचित ज्ञान हो। खेल पत्रकार के लिए खेल समाचार अथवा विशेष लेखन लिखना कोई सरल कार्य नहीं है। क्रिकेट का जानकार केवल क्रिकेट के बारे में ही सही समाचार लिख सकता है। इसी प्रकार हॉकी की बारीकियों को समझने वाला व्यक्ति अलग होता है, फ़ुटबॉल का विशेषज्ञ अलग होता है और वॉलीबॉल का अलग।
अतः यदि कोई व्यक्ति खेल में विशेषज्ञता प्राप्त करना चाहता है, तो उसे उस विषय की समुचित जानकारी होनी चाहिए। उस खेल में कौन-कौन से कीर्तिमान स्थापित हो चुके हैं, इसका भी उसे पता होना चाहिए। अब इस कार्य के लिए इंटरनेट की सुविधा भी ली जा सकती है। खेल पत्रकार को खेल संबंधी जानकारियाँ रोचक ढंग से प्रस्तुत करनी चाहिए। खेल संबंधी विशेष प्रदर्शन, खेल तकनीक आदि का विश्लेषण लेखन को रोमांचक बनाता है। खेलों की रिपोर्टिंग तथा लेखन की भाषा-शैली भी अलग प्रकार की होती है, जो पाठक में ऊर्जा, उत्साह और रोमांच उत्पन्न करती है। खेल संबंधी समाचार या रिपोर्ट आरंभ में उलटा पिरामिड-शैली में शुरू होती है और इसके बाद कथात्मक-शैली का रूप ले लेती है।
Exam Tips:
a) खेल विशेषांक और खेल परिशिष्ट, ये दो शब्द उत्तर में अवश्य लिखें।
b) हॉकी राष्ट्रीय खेल है, परंतु क्रिकेट सबसे लोकप्रिय है, यह तथ्य उदाहरण के रूप में दें।
c) खेल पत्रकार के लिए खेल के नियम, तकनीक और कीर्तिमानों का ज्ञान आवश्यक बताएँ।
d) खेल रिपोर्ट उलटा पिरामिड-शैली में शुरू होकर कथात्मक-शैली में बदलती है, इसे अंत में लिखें।
Question 8: सूचनाओं के विभिन्न स्रोत कौन-कौन से हैं?
Answer:
सूचनाओं के विभिन्न स्रोत निम्नलिखित हैं-
1. मंत्रालय के सूत्र
2. प्रेस कॉन्फ़्रेंस और विज्ञप्तियाँ
3. साक्षात्कार
4. सर्वे
5. जाँच समितियों की रिपोर्ट
6. क्षेत्र विशेष में सक्रिय संस्थाएँ और व्यक्ति
7. इंटरनेट और दूसरे संचार माध्यम
8. संबंधित विभागों और संगठनों से जुड़े व्यक्ति
9. स्थायी अध्ययन प्रक्रिया
Exam Tips:
a) सभी नौ स्रोत क्रमांक के साथ लिखें।
b) प्रेस विज्ञप्ति, साक्षात्कार और जाँच समितियों की रिपोर्ट सबसे अधिक पूछे जाने वाले स्रोत हैं।
पाठ से संवाद
Question 1: विज्ञान के क्षेत्र में काम कर रही भारत की पाँच संस्थाओं के नाम लिखें।
Answer:
1. भौतिक अनुसंधान प्रयोगशाला, अहमदाबाद
2. गणितीय विज्ञान संस्थान, चेन्नई
3. साहा नाभिकीय भौतिकी संस्थान, कोलकाता
4. भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद्
5. रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन
Exam Tips:
a) संस्थाओं के पूरे और सही नाम लिखें, जैसे DRDO का पूरा नाम 'रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन' है।
b) प्रश्न में जितने नाम माँगे गए हैं, उतने ही लिखें।
Question 2: पर्यावरण पर छपने वाली किन्हीं तीन पत्रिकाओं के नाम लिखें।
Answer:
1. डाउन टू अर्थ
2. पर्यावरण बचाओ
3. हमारा पर्यावरण
Exam Tips:
a) 'डाउन टू अर्थ' पर्यावरण पर सबसे प्रसिद्ध पत्रिका है, इसे पहले लिखें।
Question 3: व्यावसायिक शिक्षा के दस विभिन्न पाठ्यक्रमों के नाम लिखें और इनका ब्योरा एकत्र करें।
Answer:
व्यावसायिक शिक्षा के दस प्रमुख पाठ्यक्रम निम्नलिखित हैं-
1. बैंकिंग पाठ्यक्रम- बैंकों में नौकरी और बैंकिंग कार्य-प्रणाली का प्रशिक्षण।
2. बी.टेक. (इंजीनियरिंग)- भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (IIT) और राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (NIT) जैसे संस्थानों में चलने वाला चार वर्षीय पाठ्यक्रम।
3. मास्टर ऑफ़ बिज़नेस एडमिनिस्ट्रेशन (MBA)- प्रबंधन का पाठ्यक्रम, जो भारतीय प्रबंधन संस्थान (IIM) आदि में पढ़ाया जाता है।
4. चार्टर्ड अकाउंटेंसी (CA)- लेखा, कराधान और अंकेक्षण का व्यावसायिक पाठ्यक्रम।
5. मास्टर ऑफ़ कंप्यूटर एप्लीकेशन (MCA)- कंप्यूटर और सॉफ़्टवेयर विकास का स्नातकोत्तर पाठ्यक्रम।
6. सूचना प्रौद्योगिकी (IT)- भारतीय सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान (IIIT) आदि में चलने वाले पाठ्यक्रम।
7. फ़ूड टेक्नोलॉजी- खाद्य प्रसंस्करण और संरक्षण का पाठ्यक्रम।
8. होटल मैनेजमेंट- होटल और आतिथ्य सेवा का पाठ्यक्रम।
9. पत्रकारिता एवं जनसंचार- समाचार लेखन, रिपोर्टिंग और मीडिया का पाठ्यक्रम।
10. फ़ैशन डिज़ाइनिंग- वस्त्र और परिधान डिज़ाइन का पाठ्यक्रम।
Exam Tips:
a) पाठ्यक्रम और संस्थान में अन्तर समझें: MBA पाठ्यक्रम है, IIM संस्थान है।
b) हर पाठ्यक्रम के आगे एक पंक्ति का ब्योरा लिखें, क्योंकि प्रश्न में ब्योरा भी माँगा गया है।
c) पाठ्यक्रमों के संक्षिप्त नाम (MBA, CA, MCA) कोष्ठक में लिखें।
Question 4: निम्नलिखित में से किसी एक विषय पर अपने शब्दों में आलेख लिखें-
(क) सानिया मिर्ज़ा के खेल के तकनीकी पहलू
(ख) शिक्षा को मौलिक अधिकार बनाए जाने के परिणाम
(ग) सर्राफ़े में आई तेज़ी
(घ) फ़िल्मों में हिंसा
(ङ) पल्स पोलियो अभियान: सफलता या असफलता
(च) कटते जंगल
(छ) ग्रहों पर जीवन की खोज
Answer:
(च) कटते जंगल
एक समय था जब पृथ्वी पर घने जंगल थे। उस समय वर्षा समय पर होती थी और स्वच्छ नदियाँ धरती को सींचती हुई सागर की गोद में समा जाती थीं। जंगली जानवरों को भरपेट भोजन मिलता था और अनेक प्रकार के पक्षी चहचहाते थे। मानव को भी जंगलों में पर्याप्त भोजन और आश्रय मिलता था। धीरे-धीरे विकास की चाह ने मानव को सभ्य बनाया। वह जंगल काटकर नगर बसाने लगा। अनेक गाँव बस गए और नगरों का विकास होने लगा। फिर आया वैज्ञानिक युग। जंगल तेज़ी के साथ काटे जाने लगे और पृथ्वी का हरा-भरा भू-भाग नंगा तथा बंजर हो गया, रेगिस्तानी क्षेत्र का विस्तार हुआ। भू-वैज्ञानिकों के अनुसार संसार का सबसे बड़ा सहारा रेगिस्तान कभी हरा-भरा जंगल था, लेकिन आज वहाँ के लोगों का जीवन नरक के समान बना हुआ है।
मध्य प्रदेश में कुछ ही वर्ष पहले घने जंगल होते थे। यहाँ के आदिवासी इन हरे-भरे जंगलों पर आश्रित थे। उन्हें जड़ी-बूटियाँ आसानी से मिल जाती थीं, जिन्हें बेचकर वे कुछ रुपये कमा लेते थे। कुछ शिकार पर आश्रित थे और कुछ खेती पर। वे सुखी जीवन बिता रहे थे। फिर तेज़ी के साथ जंगलों का सफ़ाया होने लगा। नए-नए औद्योगिक प्लांट लगे और मीलों तक पाइप लाइनें बिछ गईं। सड़कों के जाल के कारण गाँव भी उजड़ने लगे। रोज़गार की तलाश में ग्रामीणों ने शहरों की ओर रुख़ किया। कोई चंबल की घाटियों में डाकुओं के गिरोह में शामिल होकर पुलिस की गोली का शिकार बन गया। नगरों में आकर ये ग्रामीण युवक अपना स्वास्थ्य खो बैठे। कोई रिक्शा चलाता है, कोई पत्थर ढोता है और कोई छोटी-मोटी मज़दूरी करके अपनी आजीविका चलाता है। अब पूरे मध्य प्रदेश में वर्षा बहुत कम होती है, नदियाँ गर्मी आने से पहले ही सूख जाती हैं और नगर के लोग सरकार पर दोष मढ़ते रहते हैं। कोई नहीं सोचता कि जंगलों को काटने के दुष्परिणाम तो उन्हें भोगने ही पड़ेंगे।
यह स्थिति केवल मध्य प्रदेश की ही नहीं, पूरे भारत तथा एशिया के अधिकांश देशों की है। पहले हरियाणा तथा पंजाब पूरे भारत को अनाज देने में सक्षम थे, लेकिन अब यहाँ भी पानी की किल्लत महसूस की जा रही है। अनाज और दूध का उत्पादन घट गया है। यहाँ भी जंगलों की कटाई बड़ी मात्रा में हुई है। जनसंख्या वृद्धि की ओर कोई सरकार ध्यान नहीं देना चाहती। राजनीतिक पार्टियाँ केवल वोट बैंक पर नज़र गड़ाए रहती हैं। अब तो जंगलों के साथ-साथ कृषि योग्य भूमि का भी सफ़ाया होने लगा है। समाज के सुविधाभोगी लोग नगर से बाहर भव्य कॉलोनियों के विकास में लगे हुए हैं। कोई नहीं सोचता कि जंगलों की यह अंधाधुंध कटाई पूरी मानव जाति को निगल जाएगी।
जंगलों की कटाई पूरी मानव जाति के लिए हानिकारक है। जंगलों के स्थान पर जो उद्योग स्थापित किए जा रहे हैं, उनसे निकलने वाली कार्बन डाइऑक्साइड जैसी गैसें वातावरण को दूषित कर रही हैं। उद्योगों से निकलने वाला गंदा पानी जल तथा भूमि प्रदूषण को बढ़ावा दे रहा है। ऑक्सीजन की मात्रा घटती जा रही है। इसी प्रकार पृथ्वी के चारों ओर ओज़ोन की परत में भी छेद हो चुके हैं। हम यह भूल चुके हैं कि ऑक्सीजन ही हमारे लिए प्राणवायु है और यह घने जंगलों से ही प्राप्त होती है। जंगलों के वृक्ष हानिकारक कार्बन डाइऑक्साइड को सोखकर ऑक्सीजन छोड़ते हैं। घने जंगलों के कारण ही भरपूर वर्षा होती है और नदियों का पानी कभी नहीं सूखता। जंगलों के कुछ अदृश्य लाभ भी हैं। ये ईंधन के रूप में ऊर्जा देते हैं, जंगली जानवरों को भोजन देते हैं और पृथ्वी को सुंदर बनाते हैं। आज जो पेट्रोल, रसोई गैस और कोयला हम प्राप्त कर रहे हैं, वे सब करोड़ों वर्ष पहले के जंगलों और जीवों के अवशेषों की ही देन हैं।
जंगलों की कटाई प्राणियों के अस्तित्व के लिए ख़तरा है। यदि जंगल इसी तरह कटते रहे तो हमारा पूरा पर्यावरण अस्त-व्यस्त हो जाएगा। वायु का तापमान बढ़ जाएगा और ग्लेशियर पिघल जाएँगे। फलस्वरूप नदियों में बाढ़ आ जाएगी और सागर का जल स्तर बढ़ जाएगा, जिससे पृथ्वी का एक बहुत बड़ा भू-भाग पानी में समा जाएगा। समय रहते हमें अधिक से अधिक पेड़ लगाने चाहिए और अपनी तथा भावी पीढ़ी की रक्षा करनी चाहिए। हमें यह ध्यान रखना चाहिए कि जंगल ही मानव जाति को सुखी जीवन दे सकते हैं।
Exam Tips:
a) आलेख में सबसे ऊपर विषय का शीर्षक लिखें, जैसे 'कटते जंगल'।
b) आलेख को चार भागों में बाँटें: भूमिका, समस्या के उदाहरण, दुष्परिणाम और समाधान।
c) तथ्य सही लिखें: पेड़ कार्बन डाइऑक्साइड सोखते हैं और ऑक्सीजन छोड़ते हैं।
d) अंतिम अनुच्छेद में वृक्षारोपण जैसा समाधान देकर सकारात्मक संदेश के साथ समाप्त करें।
Free study material for Hindi
Step-by-Step Textbook Answers: Class 12 Hindi Special Writing - Nature and Types
Official Haryana Board Solutions for Special Writing - Nature and Types
Explore reliable textbook solutions for Special Writing - Nature and Types tailored for Class 12 learners. Utilizing these complete exercise answers ensures your preparation aligns exactly with official Haryana Board standards for Hindi.
Step-by-Step Explanations for Special Writing - Nature and Types
Clear, methodical explanations accompany every challenging problem within the Class 12 Hindi text. Engaging with these detailed answers lays a solid foundation for advanced learning and improves foundational clarity for upcoming assessments.
Next Steps in Your Hindi Revision
Consistent practice with these solution guides cultivates faster problem-solving habits and clearer logical structuring. For a complete preparation experience, pair these textbook answers with our dedicated revision notes and sample papers for Class 12 Hindi.
FAQs
The complete and updated HBSE Class 12 Hindi विशेष लेखन-स्वरूप और प्रकार is available for free on StudiesToday.com. These solutions for Class 12 Hindi are as per latest Haryana Board curriculum.
Yes, our experts have revised the HBSE Class 12 Hindi विशेष लेखन-स्वरूप और प्रकार as per 2026 exam pattern. All textbook exercises have been solved and have added explanation about how the Hindi concepts are applied in case-study and assertion-reasoning questions.
Toppers recommend using Haryana Board language because Haryana Board marking schemes are strictly based on textbook definitions. Our HBSE Class 12 Hindi विशेष लेखन-स्वरूप और प्रकार will help students to get full marks in the theory paper.
Yes, we provide bilingual support for Class 12 Hindi. You can access HBSE Class 12 Hindi विशेष लेखन-स्वरूप और प्रकार in both English and Hindi medium.
Yes, you can download the entire HBSE Class 12 Hindi विशेष लेखन-स्वरूप और प्रकार in printable PDF format for offline study on any device.