PSEB 11th Class Political Science Solutions Chapter 26 संघ और राज्यों में सम्बन्ध

Download Punjab Board Solutions for Class 11 Political Science Hindi Medium Chapter 26 संघ और राज्यों में सम्बन्ध

Explore reliable textbook solutions for Hindi Medium Chapter 26 संघ और राज्यों में सम्बन्ध tailored for Class 11 learners. Utilizing these Political Science answers ensures thorough preparation and strengthens foundational knowledge before final Punjab Board evaluations.

Access Punjab Board Solutions and Answers

Navigate directly to the solved Political Science textbook exercises using the digital viewer below. Each solution includes detailed step-by-step explanations, allowing students to instantly cross-check their work and identify areas requiring further revision.

दीर्घ उत्तरीय प्रश्न

Question 1: भारत में केन्द्र और राज्यों के बीच प्रशासकीय, वैधानिक और वित्तीय सम्बन्धों की विवेचना कीजिए।

Answer:

केन्द्र-राज्य सम्बन्धों का वर्णन मुख्यतः संविधान के भाग XI (अनुच्छेद 245-263) में मिलता है। इसके अतिरिक्त संविधान के अनेक अन्य अनुच्छेद भी संघ और राज्यों के सम्बन्ध निर्धारित करते हैं, जैसे संकटकालीन व्यवस्था सम्बन्धी अनुच्छेद, राज्यसभा की शक्तियों से जुड़े अनुच्छेद, एकीकृत न्याय-व्यवस्था और एक ही निर्वाचन आयोग की व्यवस्था। अध्ययन की सुविधा के लिए इन सम्बन्धों को तीन भागों में बाँटा जाता है-वैधानिक, प्रशासकीय और वित्तीय।
(इन तीनों का विस्तृत वर्णन आगे के प्रश्न 2, 3 और 4 में दिया गया है।)

Exam Tips:

a) तीनों प्रकार के सम्बन्धों के नाम और संविधान का भाग XI अवश्य लिखें।
b) विस्तार माँगने पर प्रश्न 2, 3 और 4 के उत्तर जोड़ें।

 

Question 2: कानून-निर्माण सम्बन्धी शक्तियों का केन्द्र और राज्यों के बीच किस प्रकार बँटवारा किया गया है?
अथवा
भारतीय संविधान में केन्द्र तथा राज्यों के वैधानिक सम्बन्धों का वर्णन कीजिए।

Answer:

संघ और राज्यों के वैधानिक सम्बन्ध तीन सूचियों-संघ सूची, राज्य सूची और समवर्ती सूची-के आधार पर चलते हैं।
1. संघ सूची-मूल संविधान में इसमें 97 विषय थे। इन पर कानून बनाने का अधिकार केवल संसद् को है। प्रतिरक्षा, विदेशी सम्बन्ध, युद्ध और शान्ति, यातायात व संचार, रेलवे, डाक-तार, नोट व मुद्रा, बीमा, बैंक, विदेशी व्यापार, जहाज़रानी और नागरिक उड्डयन जैसे राष्ट्रीय महत्त्व के विषय इसमें हैं। इन पर बने कानून सब राज्यों और नागरिकों पर समान रूप से लागू होते हैं।
2. राज्य सूची-इसमें 66 विषय थे और कानून बनाने का अधिकार राज्य विधानमण्डलों को है। सार्वजनिक व्यवस्था, पुलिस और जेल, स्थानीय सरकार, सार्वजनिक स्वास्थ्य, सड़कें और पुल, उद्योग, पशुओं और गाड़ियों पर कर तथा विलासिता व मनोरंजन पर कर इसके मुख्य विषय हैं।
3. समवर्ती सूची-इसमें 47 विषय थे, जैसे विवाह और विवाह-विच्छेद, दण्ड विधि, दीवानी प्रक्रिया, न्यास (Trust), समाचार-पत्र, पुस्तकें और छापाखाने, बिजली, मिलावट, आर्थिक व सामाजिक योजना तथा कारखाने। इन पर संघ और राज्य, दोनों कानून बना सकते हैं। यदि दोनों के कानून परस्पर विरोधी हों तो संघीय कानून को प्राथमिकता मिलती है और राज्य का कानून उस सीमा तक रद्द हो जाता है जहाँ तक वह संघीय कानून का विरोध करता है।
संघ सरकार अधिक शक्तिशाली-शक्ति-विभाजन से स्पष्ट है कि संघ सरकार राज्य सरकारों से अधिक शक्तिशाली है, क्योंकि राज्य संघ की शक्तियों का प्रयोग नहीं कर सकते। संघ की शक्ति के मुख्य आधार ये हैं-
(i) अवशिष्ट शक्तियाँ-अनुच्छेद 248 के अनुसार जो विषय राज्य सूची और समवर्ती सूची में नहीं हैं, उन पर कानून बनाने का अधिकार संसद् को है। अमेरिका और स्विट्ज़रलैण्ड में ये शक्तियाँ राज्यों के पास हैं।
(ii) राज्य सूची पर संसद् का अधिकार-निम्न परिस्थितियों में संसद् राज्य सूची के विषयों पर कानून बना सकती है-
(क) राज्यसभा के प्रस्ताव पर-अनुच्छेद 249 के अनुसार यदि राज्यसभा उपस्थित और मतदान करने वाले सदस्यों के दो-तिहाई बहुमत से प्रस्ताव पास कर दे कि राज्य सूची के किसी विषय पर कानून बनाना राष्ट्रीय हित में है, तो संसद् उस पर पूरे भारत या किसी राज्य के लिए कानून बना सकती है।
(ख) संकटकाल में-युद्ध, बाहरी आक्रमण या सशस्त्र विद्रोह के कारण आपातकाल की घोषणा होने पर संसद् राज्य सूची के किसी भी विषय पर कानून बना सकती है। ऐसा कानून आपातकाल समाप्त होने के 6 महीने बाद तक लागू रह सकता है।
(ग) राज्य में संवैधानिक तन्त्र की विफलता पर-अनुच्छेद 356 के अन्तर्गत राष्ट्रपति शासन लगने पर संसद् उस राज्य के लिए राज्य सूची के विषयों पर कानून बना सकती है, या यह शक्ति राष्ट्रपति को सौंप सकती है।
(घ) राज्यों की प्रार्थना पर-अनुच्छेद 252 के अनुसार दो या अधिक राज्यों के विधानमण्डल अनुरोध करें तो संसद् राज्य सूची के विषय पर कानून बना सकती है, जो केवल अनुरोध करने वाले राज्यों पर लागू होगा।
(ङ) अन्तर्राष्ट्रीय सन्धियों और समझौतों को लागू करने के लिए संसद् राज्य सूची के विषय पर भी कानून बना सकती है।
(च) राष्ट्रपति की अनुमति-राज्यपाल राज्य विधानमण्डल द्वारा पारित किसी भी बिल को राष्ट्रपति की स्वीकृति के लिए सुरक्षित रख सकता है, और राष्ट्रपति उसे स्वीकार या अस्वीकार कर सकता है। कुछ बिलों को राज्य विधानमण्डल में पेश करने से पहले भी राष्ट्रपति की पूर्व-स्वीकृति चाहिए।
(iii) राज्यों की सीमाएँ बदलने का अधिकार-संसद् साधारण बहुमत से किसी राज्य की सीमा बदल सकती है, पुराने राज्य को समाप्त कर सकती है, नया राज्य बना सकती है और नाम बदल सकती है।
(iv) विधान परिषद्-यदि राज्य की विधानसभा विधान परिषद् बनाने या समाप्त करने का प्रस्ताव पास करके संसद् को भेजे, तो संसद् कानून बनाकर ऐसा कर सकती है।
(v) संघ सूची में चुनाव और लेखों की जाँच जैसे विषय हैं, जिनके द्वारा केन्द्र राज्यों पर नियन्त्रण रखता है।
आलोचना-वैधानिक सम्बन्धों की समीक्षा से स्पष्ट है कि केन्द्र अधिक शक्तिशाली है और अपनी कानूनी सर्वोच्चता से राज्यों पर अपनी इच्छा थोप सकता है। सभी महत्त्वपूर्ण विषय संघ सूची में हैं और समवर्ती सूची में भी केन्द्र को सर्वोच्चता मिली है। के० वी० राव के अनुसार राज्य सूची पर एक नज़र डालने से ही पता चल जाता है कि ये विषय कितने महत्त्वहीन और अस्पष्ट हैं। राज्य विधानमण्डलों के कानूनों पर राष्ट्रपति के निषेधाधिकार (वीटो) को आशंका की दृष्टि से देखा जाता है; केरल शिक्षा विधेयक के मामले से स्पष्ट हुआ कि राज्य की विधायी शक्तियाँ केन्द्र की कृपा पर निर्भर रह सकती हैं। एस० एन० जैन और एलिस जैकब के अनुसार केन्द्र ने स्वीकृति देते समय राज्यों पर नीतियाँ थोपने की कोशिश की है, यद्यपि ऐसा बहुत कम मामलों में हुआ है।

Exam Tips:

a) तीन सूचियों के विषय-संख्या (97, 66, 47) और उदाहरण अवश्य दें।
b) राज्य सूची पर संसद् के अधिकार वाली परिस्थितियाँ अनुच्छेद संख्या सहित लिखें (248, 249, 252, 356)।
c) अन्त में आलोचना या निष्कर्ष लिखने से पूरे अंक मिलते हैं।
d) अब सूचियों के विषय बदल चुके हैं (वर्तमान में संघ सूची में 100, राज्य सूची में 61, समवर्ती में 52), पर पाठ्यपुस्तक की संख्या ही लिखें।

 

Question 3: संघ सरकार और राज्य सरकारों के बीच प्रशासनिक सम्बन्धों का वर्णन कीजिए।

Answer:

संघात्मक सरकार और राज्यों के प्रशासनिक सम्बन्ध बहुत महत्त्वपूर्ण हैं। इनका मूल सिद्धान्त विभिन्न सरकारों के बीच सहयोग और समन्वय है। डी० डी० बसु के अनुसार संघ-सरकार की सफलता और दृढ़ता सरकारों के बीच अधिकाधिक सहयोग और समन्वय पर निर्भर करती है। संविधान-निर्माता इस बात से परिचित थे, इसलिए उन्होंने इस विषय में अनेक अनुच्छेद बनाए।
संघ सूची का प्रशासन संघ के अधीन होता है, जबकि राज्य सूची और समवर्ती सूची का प्रशासन राज्य सरकारों के अधीन। संसद् समवर्ती सूची के विषयों पर कानून बना सकती है, पर उन्हें लागू करने का कार्य राज्य करते हैं। फिर भी संघीय कार्यपालिका निम्न प्रकार से राज्य कार्यपालिकाओं को प्रभावित करती है-
1. राज्यपाल की नियुक्ति-राज्य के मुखिया राज्यपाल को राष्ट्रपति नियुक्त करता है। वह राष्ट्रपति के प्रति उत्तरदायी होता है और राष्ट्रपति उसे हटा सकता है। संवैधानिक मुखिया होने पर भी वह केन्द्र का प्रतिनिधि है।
2. राज्यों को निर्देश देने का अधिकार-अनुच्छेद 257 के अनुसार राष्ट्रपति राज्य सरकारों को निर्देश दे सकता है, जैसे (क) राज्य अपनी कार्यपालिका शक्ति का प्रयोग इस प्रकार करे कि केन्द्र की कार्यपालिका शक्ति में बाधा न आए; (ख) राष्ट्रीय या सैनिक महत्त्व के घोषित संचार-साधनों का निर्माण और रखरखाव करे; (ग) अपने राज्य में रेलों और जलमार्गों की रक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाए। (ख) और (ग) के निर्देशों के पालन में राज्यों का जो अतिरिक्त व्यय होता है, उसे केन्द्र देता है।
3. केन्द्रीय सुरक्षा बल-यदि केन्द्र को किसी राज्य में शान्ति भंग होने का खतरा लगे, तो वह केन्द्रीय सम्पत्ति की रक्षा के लिए केन्द्रीय सुरक्षा बल भेज सकता है।
4. संकटकालीन घोषणा-बाहरी आक्रमण, युद्ध या सशस्त्र विद्रोह से संकट की घोषणा होने पर केन्द्र राज्यों को अपनी कार्यपालिका शक्ति विशेष ढंग से प्रयोग करने का आदेश दे सकता है।
5. राष्ट्रपति शासन-यदि कोई राज्य केन्द्र के आदेश न माने या संविधान के अनुसार शासन न चलाए, तो अनुच्छेद 356 के अधीन राष्ट्रपति राज्य सरकार को भंग करके प्रशासन अपने हाथ में ले सकता है।
6. अखिल भारतीय सेवाएँ-राज्यों के उच्च पदों पर अखिल भारतीय सेवाओं के अधिकारी कार्य करते हैं, जिनकी नियुक्ति केन्द्र करता है।
7. निर्वाचन आयोग-राष्ट्रपति द्वारा नियुक्त निर्वाचन आयोग संघ और राज्यों के चुनावों पर नियन्त्रण रखता है।
8. नियन्त्रक एवं महालेखा परीक्षक-केन्द्र और राज्यों के हिसाब-किताब की जाँच के लिए राष्ट्रपति नियन्त्रक एवं महालेखा परीक्षक (CAG) की नियुक्ति करता है।
9. अन्तर्राज्यीय नदियों के विवाद-एक से अधिक राज्यों से गुज़रने वाली नदियों के विवाद निपटाने और उनके बारे में कानून बनाने का अधिकार संसद् को है; संसद् कानून द्वारा ऐसे विवाद को न्यायालयों (सर्वोच्च न्यायालय) के क्षेत्राधिकार से बाहर भी घोषित कर सकती है।
10. राज्य सरकारों के प्रतिनिधियों का सम्मेलन-शासन में एकरूपता लाने के लिए केन्द्र सरकार राज्यों के प्रतिनिधियों का सम्मेलन बुला सकती है और सिफ़ारिशें कर सकती है।
11. अन्तर्राज्यीय परिषद्-राज्यों के आपसी झगड़े निपटाने के लिए राष्ट्रपति अन्तर्राज्यीय परिषद् (Inter-State Council) बना सकता है। इसके मुख्य कार्य हैं: राज्यों के विवादों की जाँच कर केन्द्र को रिपोर्ट देना; संघ और राज्यों के सामूहिक हितों पर विचार करना; और केन्द्र द्वारा पूछे गए अन्तर्राज्यीय विषयों पर सलाह देना।
12. राष्ट्रपति अनुसूचित जातियों-जनजातियों और पिछड़े वर्गों के कल्याण को ध्यान में रखकर राज्यों को आवश्यक निर्देश दे सकता है।
13. राज्यपाल के अनुरोध और राष्ट्रपति की स्वीकृति से संघ लोक सेवा आयोग राज्य की किसी आवश्यकता के लिए कार्य कर सकता है।
निष्कर्ष-वैधानिक क्षेत्र की तरह प्रशासनिक क्षेत्र में भी केन्द्र की स्थिति बहुत प्रभावशाली है। राज्यपाल संवैधानिक मुखिया होते हुए भी केन्द्र का प्रतिनिधि होता है, और केन्द्र अनुच्छेद 356 का प्रयोग करके विरोधी दलों की राज्य सरकारें भंग कर सकता है।

Exam Tips:

a) अनुच्छेद 257 और 356 अवश्य लिखें।
b) सहयोग और समन्वय को मूल सिद्धान्त बताकर उत्तर आरम्भ करें।
c) अन्त में निष्कर्ष लिखें।

 

Question 4: संघ और राज्यों के वित्तीय सम्बन्धों की व्याख्या कीजिए।

Answer:

डी० डी० बसु के अनुसार कोई संघ तब तक सफल नहीं हो सकता जब तक संविधान द्वारा सौंपे गए उत्तरदायित्व निभाने के लिए संघ और राज्यों के पास पर्याप्त आर्थिक साधन न हों। परन्तु वित्तीय स्वायत्तता का यह सिद्धान्त कहीं पूरी तरह नहीं अपनाया गया। कनाडा और ऑस्ट्रेलिया में इकाइयों के आय-साधन इतने कम हैं कि केन्द्रीय सहायता के बिना उनका काम नहीं चलता; स्विट्ज़रलैण्ड में संघ सरकार को राज्यों पर आश्रित रहना पड़ता है; अमेरिका में दोनों को वित्तीय स्वायत्तता देने का प्रयास हुआ है। भारत में आय के साधनों का विभाजन कानून-निर्माण की शक्तियों के साथ ही कर दिया गया है।
1. कर लगाने की शक्ति और आय का विभाजन-संविधान की दो विशेषताएँ हैं: संघ और राज्यों के बीच कर लगाने की शक्ति का पूर्ण विभाजन, और करों से प्राप्त आय का बँटवारा। सातवीं अनुसूची के अनुसार-
(क) संघ के आय-साधन: कृषि आय को छोड़कर आयकर, सीमा शुल्क, उत्पाद शुल्क, निगम कर, कृषि भूमि को छोड़कर अन्य सम्पत्ति पर शुल्क, निर्यात शुल्क और व्यावसायिक उद्यमों पर कर आदि।
(ख) राज्यों के आय-साधन: भू-राजस्व, कृषि आयकर, कृषि भूमि कर, उत्तराधिकार शुल्क, सम्पत्ति शुल्क, बिक्री कर, यात्री कर, मनोरंजन कर, स्टाम्प शुल्क, पशु कर, बिजली की खपत पर कर आदि।
2. करों की वसूली और बँटवारा-इन्हें चार श्रेणियों में बाँटा जा सकता है: (i) जो कर केन्द्र लगाता और वसूलता है, पर जिनकी आय केन्द्र और राज्यों में बँटती है, जैसे आयकर; (ii) जो केन्द्र लगाता और वसूलता है और जिनकी पूरी आय केन्द्र के पास रहती है, जैसे सीमा शुल्क तथा आयकर आदि पर सरचार्ज; (iii) जो केन्द्र लगाता है पर राज्य वसूलते और खर्च करते हैं, जैसे स्टाम्प शुल्क और दवाओं, मदिरा व प्रसाधन वस्तुओं पर उत्पाद शुल्क; (iv) जो केन्द्र लगाता और वसूलता है पर बाद में राज्यों में बाँट दिए जाते हैं, जैसे कृषि भूमि के अतिरिक्त सम्पत्ति के उत्तराधिकार पर शुल्क, रेल, वायु और समुद्री मार्ग से यात्रियों व माल पर कर, रेल किराये और माल-भाड़े पर कर।
3. अनुदान-संविधान के अनुसार केन्द्र राज्यों को सहायक अनुदान देता है। यह बहुत महत्त्वपूर्ण शक्ति है जिससे केन्द्र राज्यों पर नियन्त्रण रख सकता है, क्योंकि अनुदान की राशि और शर्तें केन्द्र ही तय करता है।
4. ऋण-राज्य सरकार अपने विधानमण्डल द्वारा बनाए नियमों के अन्तर्गत अपनी संचित निधि की जमानत पर केन्द्र से ऋण ले सकती है। राज्य किसी दूसरे देश से ऋण नहीं ले सकता। केन्द्र भी संसद् की अनुमति से संचित निधि की जमानत पर ऋण ले सकता है।
5. वित्त आयोग-राष्ट्रपति देश की आर्थिक स्थिति के अध्ययन के लिए समय-समय पर वित्त आयोग नियुक्त करता है। संविधान लागू होने के दो वर्ष के भीतर पहला आयोग बनना था, जिसमें एक अध्यक्ष और चार सदस्य होते हैं; उसके बाद हर पाँचवें वर्ष नया आयोग बनता है। संसद् आयोग की योग्यताएँ और नियुक्ति की विधि तय करती है। इसका मुख्य कार्य केन्द्र-राज्य वित्तीय सम्बन्धों के सुधार हेतु सलाह देना है।
6. करों से छूट-अनुच्छेद 285 के अनुसार जब तक संसद् कानून द्वारा कोई प्रतिबन्ध न लगाए, राज्य संघ की सम्पत्ति पर कर नहीं लगा सकते। रेलवे द्वारा प्रयुक्त बिजली पर भी संसद् की अनुमति के बिना राज्य कोई शुल्क नहीं लगा सकता। दूसरी ओर, संघ राज्य की सम्पत्ति और आय पर कर लगा सकता है।
7. वित्तीय आपात्काल-अनुच्छेद 360 राष्ट्रपति को वित्तीय आपात्काल की शक्तियाँ देता है। घोषणा होने पर राज्यों की आय उन्हीं करों तक सीमित रह जाती है जो राज्य सूची में हैं, और राष्ट्रपति अनुदानों या करों की आय के बँटवारे से सम्बन्धित अनुच्छेदों को निलम्बित कर सकता है।
8. नियन्त्रक एवं महालेखा परीक्षक-इसकी नियुक्ति राष्ट्रपति मन्त्रिमण्डल की सलाह से करता है। वह केन्द्र और राज्यों के लेखों के रखरखाव की विधि और उनकी निष्पक्ष जाँच करता है।
आलोचना-वित्तीय क्षेत्र में राज्यों की स्थिति शोचनीय है। उनके आय-साधन इतने सीमित हैं कि केन्द्रीय सहायता के बिना वे अपनी विकास-योजनाएँ लागू नहीं कर पाते। विश्वविद्यालय अनुदान आयोग, केन्द्रीय कल्याण बोर्ड और (पहले) योजना आयोग सशर्त अनुदानों के माध्यम से केन्द्र को और प्रभावशाली बनाते हैं। वित्त आयोग की नियुक्ति राष्ट्रपति करता है और राज्यों की इसमें कोई भूमिका नहीं। राष्ट्रपति वित्तीय संकट घोषित करके राज्यों का वित्तीय प्रबन्ध अपने हाथ में ले सकता है, और केन्द्र पर विरोधी दलों की सरकारों को अनुदान देने में भेदभाव के आरोप लगते हैं।

Exam Tips:

a) अनुच्छेद 280, 285 और 360 याद रखें।
b) कर-विभाजन की चार श्रेणियाँ उदाहरण सहित लिखें।
c) योजना आयोग की जगह 2015 में नीति आयोग बना – आवश्यक होने पर जोड़ें।
d) अन्त में आलोचना अवश्य लिखें।

 

लघु उत्तरीय प्रश्न

Question 1: संघ और राज्यों के बीच वैधानिक शक्तियों का विभाजन कितनी सूचियों में किया गया है? वर्णन कीजिए।

Answer:

संघ और राज्यों के वैधानिक सम्बन्ध तीन सूचियों-संघ सूची, राज्य सूची और समवर्ती सूची-के आधार पर चलते हैं।
(क) संघ सूची-इसमें 97 विषय हैं और कानून बनाने का अधिकार संसद् को है। युद्ध और शान्ति, डाक-तार, प्रतिरक्षा, नोट व मुद्रा आदि इसके महत्त्वपूर्ण विषय हैं।
(ख) राज्य सूची-इसमें 66 विषय हैं और कानून बनाने का अधिकार राज्य विधानमण्डलों को है। सार्वजनिक व्यवस्था, पुलिस और जेल, स्थानीय सरकार, सड़कें, पुल आदि इसमें शामिल हैं।
(ग) समवर्ती सूची-इसमें 47 विषय हैं, जैसे न्यास, समाचार-पत्र, पुस्तकें व छापाखाना, बिजली आदि। इन पर केन्द्र और राज्य, दोनों कानून बना सकते हैं।

Exam Tips:

a) तीनों सूचियों की संख्या और दो-दो उदाहरण दें।

 

Question 2: राज्य सूची से आप क्या समझते हैं? इस सूची के प्रमुख विषय कौन-कौन से हैं?

Answer:

वह सूची जिसके विषयों पर कानून बनाने का अधिकार केवल राज्य विधानमण्डलों को है, राज्य सूची कहलाती है। इसमें मूल रूप से 66 विषय हैं। प्रमुख विषय हैं: सार्वजनिक व्यवस्था, पुलिस और जेल, स्थानीय सरकार, सार्वजनिक स्वास्थ्य, सड़कें, पुल, उद्योग, पशुओं और गाड़ियों पर कर, तथा विलासिता और मनोरंजन पर कर।

Exam Tips:

a) पहले परिभाषा, फिर कम-से-कम चार उदाहरण लिखें।

 

Question 3: केन्द्र राज्यों की वित्तीय आवश्यकताओं की पूर्ति किस प्रकार करता है?

Answer:

राज्यों के साधन इतने पर्याप्त नहीं हैं कि केन्द्र की सहायता के बिना उनका काम सुचारु रूप से चल सके, इसलिए वे केन्द्र की आर्थिक सहायता पर निर्भर रहते हैं। केन्द्र उनकी आवश्यकताएँ इस प्रकार पूरी करता है-
1. करों की वसूली और बँटवारा-संघ सूची के विषयों पर लगे करों की आय केन्द्र और राज्यों में बाँटी जाती है।
2. अनुदान-आय के साधन कम होने के कारण केन्द्र हर वर्ष राज्यों को सहायक अनुदान देता है।
3. ऋण-राज्य अपनी संचित निधि की जमानत पर, अपने विधानमण्डल के नियमों के अन्तर्गत, केन्द्र से ऋण ले सकते हैं।

Exam Tips:

a) तीनों उपाय – कर-बँटवारा, अनुदान, ऋण – बिन्दुवार लिखें।

 

Question 4: समवर्ती सूची से आप क्या समझते हैं? इस सूची में कौन-कौन से प्रमुख विषय आते हैं?

Answer:

समवर्ती सूची में ऐसे विषय हैं जिन पर संसद् और राज्य विधानमण्डल, दोनों कानून बना सकते हैं। यदि दोनों के कानूनों में मतभेद हो तो संसद् के कानून को प्राथमिकता मिलती है और राज्य का कानून उस सीमा तक रद्द हो जाता है जहाँ तक वह संघीय कानून का विरोध करता है। इसमें मूल रूप से 47 विषय हैं, जैसे विवाह और विवाह-विच्छेद, दण्ड विधि, दीवानी कानून, न्यास, समाचार-पत्र, पुस्तकें और छापाखाना तथा सामाजिक सुरक्षा।

Exam Tips:

a) संसद् के कानून की प्राथमिकता अवश्य लिखें।

 

Question 5: संसद् राज्य सूची में दिए गए विषयों पर कब कानून बना सकती है?

Answer:

निम्न परिस्थितियों में संसद् राज्य सूची के विषयों पर कानून बना सकती है-
1. यदि राज्यसभा राज्य सूची के किसी विषय को राष्ट्रीय महत्त्व का घोषित कर दे।
2. संकटकाल की घोषणा के दौरान।
3. जब दो या अधिक राज्यों के विधानमण्डल इसके लिए प्रार्थना करें।
4. जब किसी राज्य में राष्ट्रपति शासन लागू हो।

Exam Tips:

a) राज्यसभा के लिए दो-तिहाई बहुमत और अनुच्छेद 249 का उल्लेख करें।
b) अन्तर्राष्ट्रीय सन्धियों को लागू करना भी एक अतिरिक्त स्थिति है।

 

Question 6: वित्त आयोग पर एक संक्षिप्त नोट लिखिए।

Answer:

संविधान के अनुसार देश की आर्थिक स्थिति के अध्ययन के लिए राष्ट्रपति समय-समय पर वित्त आयोग नियुक्त करता है। संविधान लागू होने के दो वर्ष के भीतर राष्ट्रपति पहला वित्त आयोग बनाएगा, जिसमें एक अध्यक्ष और चार अन्य सदस्य होंगे; इसके बाद हर पाँच वर्ष पर नया आयोग बनता है। संसद् उसके सदस्यों की योग्यताएँ और नियुक्ति की विधि निश्चित करती है। 27 नवम्बर 2017 को एन० के० सिंह की अध्यक्षता में 15वाँ वित्त आयोग नियुक्त हुआ।
वित्त आयोग इन विषयों पर सलाह देता है-
1. केन्द्र और राज्यों के बीच राजस्व का विभाजन।
2. केन्द्र और राज्यों की आवश्यकताओं को देखकर राज्यों को दिए जाने वाले अनुदान की मात्रा।
3. केन्द्र और राज्यों के बीच हुए किसी वित्तीय समझौते में परिवर्तन के लिए राष्ट्रपति को सिफ़ारिश।
4. राष्ट्रपति द्वारा सौंपे गए अन्य मामलों की जाँच।

Exam Tips:

a) अनुच्छेद 280 और आयोग की रचना (1+4) लिखें।
b) चारों कार्य अलग-अलग पंक्तियों में दें।

 

Question 7: सरकारिया आयोग की मुख्य सिफ़ारिशें कौन-सी हैं?

Answer:

केन्द्र-राज्य सम्बन्धों पर विचार के लिए 1983 में प्रधानमन्त्री इन्दिरा गांधी ने सरकारिया आयोग बनाया। आयोग ने अक्तूबर 1987 में रिपोर्ट दी। इसकी मुख्य सिफ़ारिशें थीं-
1. केन्द्र-राज्य विवादों को हल करने के लिए अन्तर्राज्यीय परिषद् की स्थायी स्थापना।
2. राज्यपाल की नियुक्ति से पहले सम्बन्धित राज्य के मुख्यमन्त्री से परामर्श।
3. समवर्ती सूची के किसी विषय पर कानून बनाने से पहले केन्द्र राज्यों से परामर्श करे।
4. राज्य सरकारों के वित्तीय साधन बढ़ाए जाएँ।

Exam Tips:

a) वर्ष 1983 (गठन) और 1987 (रिपोर्ट) अवश्य लिखें।

 

Question 8: अन्तर्राज्यीय परिषद् पर संक्षिप्त नोट लिखिए।

Answer:

राष्ट्रपति को सार्वजनिक हितों की रक्षा के लिए अन्तर्राज्यीय परिषद् स्थापित करने का अधिकार है (अनुच्छेद 263)। वह परिषद् के कार्य और संगठन की प्रक्रिया निश्चित कर सकता है। इसके कार्य हैं-
1. राज्यों के बीच उत्पन्न विवादों की जाँच करना और उनके समाधान पर सलाह देना।
2. उन विषयों की जाँच करना जो कुछ या सभी राज्यों, या संघ और एक या अधिक राज्यों के सामूहिक हित में हों।
3. सामूहिक हित के विषयों में नीति और कार्यवाही के बेहतर तालमेल की सिफ़ारिश करना।

Exam Tips:

a) परिषद् 1990 में स्थापित हुई थी – अतिरिक्त जानकारी के रूप में जोड़ सकते हैं।

 

अति लघु उत्तरीय प्रश्न

Question 1: संघ और राज्यों के बीच वैधानिक शक्तियों का विभाजन कितनी सूचियों में किया गया है?

Answer:

तीन सूचियों में-संघ सूची, राज्य सूची और समवर्ती सूची।

Exam Tips:

a) तीनों सूचियों के नाम अवश्य लिखें।

 

Question 2: संघ सूची पर नोट लिखिए।

Answer:

संघ सूची में 97 विषय हैं और इन पर कानून बनाने का अधिकार संसद् को है। युद्ध और शान्ति, डाक-तार, प्रतिरक्षा, नोट व मुद्रा आदि इसके महत्त्वपूर्ण विषय हैं।

Exam Tips:

a) संख्या 97 और दो उदाहरण लिखें।

 

Question 3: राज्य सूची से आप क्या समझते हैं?

Answer:

वह सूची जिसके विषयों पर कानून बनाने का अधिकार केवल राज्य विधानमण्डलों को है, राज्य सूची कहलाती है। इसमें 66 विषय हैं, जैसे सार्वजनिक व्यवस्था, पुलिस और जेल, स्थानीय सरकार, सार्वजनिक स्वास्थ्य, सड़कें और पुल।

Exam Tips:

a) परिभाषा के साथ 3-4 विषय लिखें।

 

Question 4: समवर्ती सूची से आप क्या समझते हैं?

Answer:

समवर्ती सूची के विषयों पर संसद् और राज्य विधानमण्डल, दोनों कानून बना सकते हैं। दोनों के कानूनों में टकराव होने पर संसद् का कानून मान्य होता है। इस सूची में 47 विषय हैं।

Exam Tips:

a) संसद् के कानून की प्राथमिकता लिखना न भूलें।

 

Question 5: वित्त आयोग पर एक संक्षिप्त नोट लिखिए।

Answer:

देश की आर्थिक स्थिति के अध्ययन के लिए राष्ट्रपति समय-समय पर वित्त आयोग नियुक्त करता है। संविधान लागू होने के दो वर्ष के भीतर पहला आयोग बनना था, जिसमें एक अध्यक्ष और चार अन्य सदस्य होते हैं। 27 नवम्बर 2017 को एन० के० सिंह की अध्यक्षता में 15वाँ वित्त आयोग नियुक्त हुआ।

Exam Tips:

a) अनुच्छेद 280 का उल्लेख करें।

 

Question 6: सरकारिया आयोग की दो मुख्य सिफ़ारिशें कौन-सी हैं?

Answer:

1. केन्द्र-राज्य विवादों को सुलझाने के लिए अन्तर्राज्यीय परिषद् की स्थायी स्थापना की जाए।
2. राज्यपाल की नियुक्ति से पहले सम्बन्धित राज्य के मुख्यमन्त्री से सलाह ली जाए।

Exam Tips:

a) दो सिफ़ारिशें ही लिखें, अधिक की ज़रूरत नहीं।

 

वस्तुनिष्ठ प्रश्न

I. एक शब्द/वाक्य वाले प्रश्न-उत्तर

Question 1: केन्द्र व राज्यों के बीच एक वैधानिक सम्बन्ध बताइए।

Answer:

केन्द्र और राज्यों के बीच कानून बनाने की शक्तियों का विभाजन किया गया है।

Exam Tips:

a) तीन सूचियों का उल्लेख करें।

 

Question 2: राज्य में राष्ट्रपति शासन किस अनुच्छेद के अन्तर्गत लगाया जाता है?

Answer:

अनुच्छेद 356 के अन्तर्गत।

Exam Tips:

a) वित्तीय आपात्काल अनुच्छेद 360 में है।

 

Question 3: संघीय सरकार की आय के कोई दो साधन बताइए।

Answer:

1. सीमा शुल्क 2. उत्पाद शुल्क

Exam Tips:

a) आयकर और निगम कर भी संघ के साधन हैं।

 

Question 4: राज्यों की आय के कोई दो साधन बताइए।

Answer:

1. भू-राजस्व 2. बिक्री कर (उत्पादन कर)

Exam Tips:

a) मनोरंजन कर और स्टाम्प शुल्क भी राज्यों को मिलते हैं।

 

Question 5: सरकारिया आयोग का सम्बन्ध किससे है?

Answer:

केन्द्र-राज्य सम्बन्धों से।

Exam Tips:

a) आयोग 1983 में बना था।

 

Question 6: किन्हीं दो देशों के नाम लिखिए जहाँ अवशेष शक्तियाँ राज्यों के पास हैं।

Answer:

1. संयुक्त राज्य अमेरिका 2. स्विट्ज़रलैण्ड

Exam Tips:

a) भारत में ये केन्द्र के पास हैं।

 

Question 7: किसी एक परिस्थिति का वर्णन कीजिए जब केन्द्र राज्य सूची पर भी कानून बना सकता है।

Answer:

राज्यसभा दो-तिहाई बहुमत से प्रस्ताव पास करके राज्य सूची के किसी विषय को राष्ट्रीय महत्त्व का घोषित कर दे, तो संसद् उस पर कानून बना सकती है।

Exam Tips:

a) यह अनुच्छेद 249 की व्यवस्था है।

 

Question 8: 30 अप्रैल 1977 को जनता सरकार ने जिन राज्यों की विधानसभाएँ भंग करने का निर्णय लिया, उनमें से किन्हीं दो के नाम लिखिए।

Answer:

1. पंजाब 2. हरियाणा

Exam Tips:

a) उस समय कई अन्य राज्यों की विधानसभाएँ भी भंग हुई थीं।

 

Question 9: केन्द्र और प्रान्तों के बीच एक वित्तीय सम्बन्ध बताइए।

Answer:

केन्द्र प्रान्तों (राज्यों) को अनुदान देता है।

Exam Tips:

a) ऋण और कर-बँटवारा भी वित्तीय सम्बन्ध हैं।

 

Question 10: संघ सूची में कितने विषय हैं?

Answer:

97 विषय (मूल संविधान में)।

Exam Tips:

a) वर्तमान में संख्या अधिक है, पर पाठ्यपुस्तक में 97 है।

 

Question 11: राज्य सूची में कितने विषय हैं?

Answer:

राज्य सूची में 66 विषय हैं (मूल संविधान में)।

Exam Tips:

a) संख्या 66 याद रखें।

 

Question 12: समवर्ती सूची के विषयों की संख्या बताइए।

Answer:

समवर्ती सूची में 47 विषय हैं (मूल संविधान में)।

Exam Tips:

a) संख्या 47 याद रखें।

 

Question 13: संघ सूची पर कौन कानून बनाता है?

Answer:

संघ सूची पर केन्द्र सरकार (संसद्) कानून बनाती है।

Exam Tips:

a) यह केवल संसद् का अधिकार है।

 

Question 14: राज्य सूची पर कौन कानून बनाता है?

Answer:

राज्य सूची पर राज्य सरकार (राज्य विधानमण्डल) कानून बनाती है।

Exam Tips:

a) विशेष परिस्थितियों में संसद् भी बना सकती है।

 

Question 15: संघ तथा राज्य सूची का एक-एक विषय लिखिए।

Answer:

मुद्रा और रेलवे संघ सूची के विषय हैं, जबकि पुलिस और सड़क परिवहन राज्य सूची के विषय हैं।

Exam Tips:

a) प्रतिरक्षा संघ सूची में और जेल राज्य सूची में हैं।

 

Question 16: समवर्ती सूची में दिए गए विषयों पर कानून बनाने का अधिकार किसके पास है?

Answer:

संसद् तथा राज्य विधानमण्डल, दोनों के पास।

Exam Tips:

a) टकराव की स्थिति में संसद् का कानून मान्य होता है।

 

II. खाली स्थान भरें

Question 1: खाली स्थान भरिए:
1. राज्य विधानमण्डल द्वारा पारित कुछ बिलों पर ………… की अनुमति आवश्यक है।
2. अनुच्छेद ……… के अनुसार राष्ट्रपति राज्य सरकार को आवश्यकतानुसार निर्देश दे सकता है।
3. संविधान के अनुच्छेद ………. के अनुसार राष्ट्रपति वित्त आयोग की नियुक्ति कर सकता है।
4. नियन्त्रक एवं महालेखा परीक्षक की नियुक्ति ………… के परामर्श से राष्ट्रपति करता है।
5. राज्य सरकार अपने राज्य विधानमण्डल द्वारा दिए गए नियमों के अन्तर्गत अपनी ……….. की जमानत पर केन्द्र सरकार से ऋण ले सकती है।

Answer:

1. राष्ट्रपति
2. 257
3. 280
4. मन्त्रिमण्डल
5. संचित निधि

Exam Tips:

a) अनुच्छेद संख्याएँ याद रखें: 257 (निर्देश), 280 (वित्त आयोग), 356 (राष्ट्रपति शासन).

 

III. सही या ग़लत

Question 1: सही या ग़लत बताइए:
1. भारत में संघ एवं राज्यों में कोई सम्बन्ध नहीं पाया जाता।
2. केन्द्र एवं राज्यों के सम्बन्धों का वर्णन भारतीय संविधान के भाग XI की 19 धाराओं (अनुच्छेद 245-263) में मिलता है।
3. संघ सूची पर कानून बनाने का अधिकार राज्य सरकार को ही है।
4. राज्य सूची पर कानून बनाने का अधिकार राज्य सरकार को ही है।
5. राज्यपाल की नियुक्ति मुख्यमन्त्री करता है।

Answer:

1. ग़लत
2. सही
3. ग़लत
4. सही
5. ग़लत

Exam Tips:

a) राज्यपाल की नियुक्ति राष्ट्रपति करता है, मुख्यमन्त्री नहीं।

 

IV. बहुविकल्पीय प्रश्न

Question 1: भारतीय संविधान के अन्तर्गत संघ सूची में (मूल रूप से) कितने विषय हैं?
(क) 66
(ख) 44
(ग) 97
(घ) 107

Answer:

(ग) 97

Exam Tips:

a) 66 राज्य सूची के विषय हैं।

 

Question 2: निम्नलिखित में से कौन-सा संघ सूची का विषय है?
(क) सिंचाई
(ख) कानून-व्यवस्था
(ग) भू-राजस्व
(घ) प्रतिरक्षा

Answer:

(घ) प्रतिरक्षा

Exam Tips:

a) सिंचाई, कानून-व्यवस्था और भू-राजस्व राज्य के विषय हैं।

 

Question 3: यह किसने कहा था-"भारतीय संविधान रूप में तो संघात्मक है पर भावना में एकात्मक है"?
(क) डी० एन० बैनर्जी
(ख) दुर्गादास बसु
(ग) डॉ० अम्बेडकर
(घ) के० सी० व्हीयर

Answer:

(क) डी० एन० बैनर्जी

Exam Tips:

a) व्हीयर ने भारत को "अर्द्ध-संघीय" कहा था।

 

Step-by-Step Textbook Answers: Class 11 Political Science Hindi Medium Chapter 26 संघ और राज्यों में सम्बन्ध

Textbook Solutions for Class 11 Political Science Hindi Medium Chapter 26 संघ और राज्यों में सम्बन्ध

Review comprehensive exercise answers for Class 11 Political Science Hindi Medium Chapter 26 संघ और राज्यों में सम्बन्ध. Fully updated to match current Punjab Board syllabus guidelines, these textbook solutions help students verify their work and maintain accurate study notes.

Mastering Theoretical and Practical Questions

Clear, methodical explanations accompany every challenging problem within the Class 11 Political Science text. Engaging with these detailed answers lays a solid foundation for advanced learning and improves foundational clarity for upcoming assessments.

Effective Self-Study and Homework Assistance

Consistent practice with these solution guides cultivates faster problem-solving habits and clearer logical structuring. For a complete preparation experience, pair these textbook answers with our dedicated revision notes and sample papers for Class 11 Political Science.

FAQs

Where can I find the latest PSEB 11th Class Political Science Solutions Chapter 26 संघ और राज्यों में सम्बन्ध for the 2026-27 session?

The complete and updated PSEB 11th Class Political Science Solutions Chapter 26 संघ और राज्यों में सम्बन्ध is available for free on StudiesToday.com. These solutions for Class 11 Political Science are as per latest Punjab Board curriculum.

Are the Political Science Punjab Board solutions for Class 11 updated for the new 50% competency-based exam pattern?

Yes, our experts have revised the PSEB 11th Class Political Science Solutions Chapter 26 संघ और राज्यों में सम्बन्ध as per 2026 exam pattern. All textbook exercises have been solved and have added explanation about how the Political Science concepts are applied in case-study and assertion-reasoning questions.

How do these Class 11 Punjab Board solutions help in scoring 90% plus marks?

Toppers recommend using Punjab Board language because Punjab Board marking schemes are strictly based on textbook definitions. Our PSEB 11th Class Political Science Solutions Chapter 26 संघ और राज्यों में सम्बन्ध will help students to get full marks in the theory paper.

Do you offer PSEB 11th Class Political Science Solutions Chapter 26 संघ और राज्यों में सम्बन्ध in multiple languages like Hindi and English?

Yes, we provide bilingual support for Class 11 Political Science. You can access PSEB 11th Class Political Science Solutions Chapter 26 संघ और राज्यों में सम्बन्ध in both English and Hindi medium.

Is it possible to download the Political Science Punjab Board solutions for Class 11 as a PDF?

Yes, you can download the entire PSEB 11th Class Political Science Solutions Chapter 26 संघ और राज्यों में सम्बन्ध in printable PDF format for offline study on any device.