HBSE Class 12 History Solutions Chapter 11 विद्रोही और राज : 1857 का आंदोलन और उसके व्याख्यान

Official Haryana Board Solutions for Class 12 History: Chapter 11 Rebels and the Raj: The Revolt of 1857 and its Representations

Explore reliable textbook solutions for Chapter 11 Rebels and the Raj: The Revolt of 1857 and its Representations tailored for Class 12 learners. Utilizing these History answers ensures thorough preparation and strengthens foundational knowledge before final Haryana Board evaluations.

Chapter-wise Solutions for History: Chapter 11 Rebels and the Raj: The Revolt of 1857 and its Representations

Navigate directly to the solved History textbook exercises using the digital viewer below. Each solution includes detailed step-by-step explanations, allowing students to instantly cross-check their work and identify areas requiring further revision.

निम्नलिखित प्रश्नों के उत्तर दीजिए (लगभग 100 से 150 शब्दों में)

Question 1: बहुत सारे स्थानों पर विद्रोही सिपाहियों ने नेतृत्व सँभालने के लिए पुराने शासकों से क्या आग्रह किया?

Answer:

बहुत-से स्थानों पर विद्रोही सिपाहियों ने पुराने अपदस्थ शासकों से आग्रह किया कि वे विद्रोह का नेतृत्व सँभालें, क्योंकि वे जानते थे कि नेतृत्व और संगठन के बिना अंग्रेज़ों से लोहा नहीं लिया जा सकता। सिपाही समझते थे कि सफलता के लिए राजनीतिक नेतृत्व ज़रूरी है। इसीलिए मेरठ में विद्रोह करने के तुरन्त बाद सिपाही दिल्ली पहुँचे और वहाँ उन्होंने मुग़ल बादशाह बहादुर शाह को अपना नेता बनाया।

बहादुर शाह वृद्ध थे और नाममात्र के बादशाह थे। स्वाभाविक रूप से विद्रोह की खबर से वे बेचैन और भयभीत हुए। यद्यपि वे अंग्रेज़ों की नीतियों से दुखी थे, फिर भी विद्रोह का साथ देने को तभी तैयार हुए जब कुछ सिपाही शाही शिष्टाचार की अवहेलना करते हुए दरबार तक आ पहुँचे। सिपाहियों से घिरे बादशाह के पास उनकी बात मानने के अलावा कोई चारा नहीं था। अन्य स्थानों पर भी पहले सिपाहियों ने विद्रोह किया और फिर नवाबों तथा राजाओं को नेतृत्व करने के लिए विवश किया; जैसे कानपुर में नाना साहिब, झाँसी में रानी लक्ष्मीबाई और बिहार के आरा में कुँवर सिंह।

Exam Tips:

a) मेरठ के सिपाही 11 मई 1857 को दिल्ली पहुँचे थे।
b) बहादुर शाह के नेतृत्व से विद्रोह को राजनीतिक वैधता मिली।
c) कम-से-कम दो अन्य नेताओं के उदाहरण अवश्य दें।

 

Question 2: उन साक्ष्यों के बारे में चर्चा कीजिए जिनसे पता चलता है कि विद्रोही योजनाबद्ध और समन्वित ढंग से काम कर रहे थे?

Answer:

कुछ प्रमाण मिलते हैं कि सिपाही विद्रोह को योजनाबद्ध और समन्वित ढंग से आगे बढ़ाने का प्रयास कर रहे थे। विभिन्न छावनियों के विद्रोही सिपाहियों के बीच सूचनाओं का आदान-प्रदान हो रहा था। ‘चर्बी वाले कारतूसों’ की बात सभी छावनियों तक पहुँच गई थी। बहरामपुर से शुरू होकर बैरकपुर, फिर अंबाला और मेरठ में विद्रोह की चिंगारियाँ भड़कीं। इसका अर्थ है कि सूचनाएँ एक स्थान से दूसरे स्थान तक पहुँच रही थीं।

सिपाही बगावत की योजनाएँ बना रहे थे। इसका एक उदाहरण यह है कि मई के आरम्भ में जब सातवीं अवध इर्रेगुलर कैवेलरी (7th Awadh Irregular Cavalry) ने नए कारतूसों का प्रयोग करने से मना कर दिया, तो उन्होंने 48वीं नेटिव इन्फैंट्री को लिखा : “हमने अपने धर्म की रक्षा के लिए यह फैसला लिया है और 48वीं नेटिव इन्फैंट्री के हुक्म का इंतज़ार है।”

सिपाहियों की बैठकों के भी कुछ सुराग मिलते हैं, यद्यपि इन बैठकों में बनी योजनाओं के प्रमाण नहीं मिलते। फिर भी अनुमान लगाया जाता है कि इन सिपाहियों का दुःख-दर्द एक-जैसा था। उनमें से अधिकांश उच्च जातियों के थे और उनकी जीवन-शैली भी मिलती-जुलती थी, इसलिए वे अपने भविष्य के बारे में मिलकर निर्णय लेते होंगे। 1857 पर लिखने वाले आरम्भिक इतिहासकारों में से एक चार्ल्स बॉल (Charles Ball) ने उन सैनिक पंचायतों का उल्लेख किया है जो रात को कानपुर की सिपाही लाइनों में होती थीं।

अवध में भी ऐसी पंचायत का उदाहरण मिलता है। अवध मिलिट्री पुलिस के कैप्टन हियर्से (Captain Hearsey) की सुरक्षा उसके भारतीय सिपाही कर रहे थे। वहीं तैनात 41वीं नेटिव इन्फैंट्री के विद्रोही सिपाहियों ने उन पर दबाव डाला कि वे हियर्से को मार दें या उसे बंदी बनाकर उन्हें सौंप दें। मिलिट्री पुलिस ने इनकार कर दिया, तब तय हुआ कि इस मामले का फैसला हर रेजिमेंट से लिए गए देशी अफ़सरों की पंचायत करेगी। इससे पता चलता है कि सिपाही सामूहिक रूप से निर्णय ले रहे थे।

Exam Tips:

a) विद्रोह का क्रम लिखें: बहरामपुर, बैरकपुर, अंबाला और फिर मेरठ।
b) 7th Awadh Irregular Cavalry के 48th Native Infantry को लिखे पत्र का उल्लेख अवश्य करें।
c) चार्ल्स बॉल और कानपुर की रात्रि पंचायतों का नाम लिखें।
d) निष्कर्ष दें कि सामूहिक निर्णय योजनाबद्धता का प्रमाण हैं।

 

Question 3: 1857 के घटनाक्रम को निर्धारित करने में धार्मिक विश्वासों की किस हद तक भूमिका थी?

Answer:

1857 के घटनाक्रम को निर्धारित करने में धार्मिक विश्वासों की भूमिका काफ़ी महत्त्वपूर्ण थी। कई तरह से सिपाहियों की धार्मिक भावनाएँ आहत हुई थीं। सामान्य लोग भी अंग्रेज़ी सरकार को संदेह की दृष्टि से देख रहे थे। उन्हें लगता था कि सरकार अंग्रेज़ी शिक्षा और पाश्चात्य संस्कृति का प्रचार करके भारत में ईसाई धर्म को बढ़ावा दे रही है।

उनका संदेह गलत भी नहीं था, क्योंकि अधिकारी वर्ग ईसाई पादरियों को धर्म-प्रचार की छूट और प्रोत्साहन दे रहा था। सेना और स्कूलों में धर्म परिवर्तन के लिए प्रलोभन भी दिए जा रहे थे। 1850 में बने उत्तराधिकार सम्बन्धी कानून से यह संदेह विश्वास में बदल गया, क्योंकि इसमें धर्म बदलने वाले व्यक्ति को भी पैतृक सम्पत्ति पाने का अधिकार दिया गया था।

सिपाहियों को समुद्र पार विदेशों में जाकर लड़ने के लिए भी विवश किया जाता था, जिसे वे अपने धर्म के भ्रष्ट होने के समान मानते थे। अन्ततः इन सब परिस्थितियों में ‘चर्बी वाले कारतूसों’ तथा ‘आटे में गाय और सूअर की हड्डियों का चूरा मिलाने’ जैसी अफवाहों ने विद्रोह का घटनाक्रम निर्धारित किया। ये अफवाहें इसलिए विश्वास में बदल रही थीं क्योंकि उनमें लोगों के मन में गहरे बैठे भय और संदेह की अनुगूंज थी।

Exam Tips:

a) चर्बी वाले कारतूसों और हड्डियों के चूरे वाले आटे की अफवाह, दोनों का उल्लेख करें।
b) 1850 के कानून ने धर्म बदलने वालों को पैतृक सम्पत्ति का अधिकार दिया था।
c) यह भी लिखें कि अफवाहें तभी फैलती हैं जब वे लोगों के भय से मेल खाती हैं।
d) उत्तर को धार्मिक संदेह, कानून और अफवाहों के क्रम में लिखें।

 

Question 4: विद्रोहियों के बीच एकता स्थापित करने के लिए क्या तरीके अपनाए गए?

Answer:

विद्रोही मानते थे कि सभी भारतीय सामाजिक समुदायों में एकता आवश्यक है। विशेष रूप से हिंदू-मुस्लिम एकता पर बल दिया गया। उनकी घोषणाओं में निम्नलिखित बातों पर ज़ोर दिया गया-

1. जाति और धर्म का भेद किए बिना विदेशी राज के विरुद्ध समाज के सभी समुदायों का आह्वान किया गया।
2. अंग्रेज़ी राज से पहले मुग़ल काल में हिंदुओं और मुसलमानों के बीच रहे सह-अस्तित्व की भावना का गुणगान किया गया।
3. इस युद्ध को लाभ की दृष्टि से दोनों समुदायों के लिए एक-समान बताया गया।
4. बादशाह बहादुर शाह के नाम से जारी घोषणा (इश्तहार) में मुहम्मद और महावीर, दोनों की दुहाई देते हुए लोगों से संघर्ष में शामिल होने की अपील की गई।
5. विद्रोह के लिए समर्थन जुटाने हेतु हिंदी, उर्दू और फ़ारसी, तीनों भाषाओं में अपीलें जारी की गईं।

Exam Tips:

a) हिंदू-मुस्लिम एकता को मुख्य बिंदु बनाएँ।
b) मुहम्मद और महावीर की दुहाई वाली घोषणा का उदाहरण अवश्य दें।
c) अंग्रेज़ों का फूट डालने का प्रयास असफल रहा, यह भी जोड़ सकते हैं।
d) सभी तरीकों को क्रमांक देकर लिखें।

 

Question 5: अंग्रेज़ों ने विद्रोह को कुचलने के लिए क्या कदम उठाए?

Answer:

विद्रोह को कुचलने के लिए अंग्रेज़ों ने निम्नलिखित कदम उठाए-
(1) गवर्नर जनरल लॉर्ड कैनिंग ने कम्पनी सरकार के सभी ब्रिटिश साधनों को संगठित करके विद्रोह को कुचलने की एक योजना बनाई।
(2) मई और जून 1857 में पारित कानूनों द्वारा पूरे उत्तर भारत में मार्शल लॉ लगा दिया गया। साथ ही विद्रोह को कुचलने वाली सैनिक टुकड़ियों के अधिकारियों को विशेष अधिकार दिए गए।
(3) एक सामान्य अंग्रेज़ को भी उन भारतीयों पर मुकदमा चलाने और उन्हें सज़ा देने का अधिकार दे दिया गया जिन पर विद्रोह में शामिल होने का शक था। सामान्य कानूनी प्रक्रिया के अभाव में केवल मृत्युदंड ही सज़ा हो सकती थी।
(4) सबसे पहले दिल्ली पर फिर से अधिकार करने की रणनीति अपनाई गई। कैनिंग जानता था कि दिल्ली के पतन से विद्रोहियों की कमर टूट जाएगी। साथ ही देशी शासकों और ज़मींदारों का समर्थन पाने के लिए उन्हें प्रलोभन दिए गए।
(5) हिंदुओं और मुसलमानों में सांप्रदायिक तनाव भड़काकर विद्रोह को कमज़ोर करने का प्रयास किया गया, लेकिन इसमें अंग्रेज़ों को कोई विशेष सफलता नहीं मिली।

Exam Tips:

a) मार्शल लॉ और आम अंग्रेज़ों को दिए गए दंड के अधिकार का उल्लेख करें।
b) दिल्ली पर दोबारा कब्ज़ा सितंबर 1857 में हुआ था।
c) अवध में ज़मींदारों को उनकी जागीरें लौटाने का वादा करके फूट डाली गई।
d) कदमों को क्रमांक देकर लिखें।

 

निम्नलिखित पर एक लघु निबंध लिखिए (लगभग 250 से 300 शब्दों में)

Question 6: अवध में विद्रोह इतना व्यापक क्यों था? किसान, ताल्लुकदार और ज़मींदार उसमें क्यों शामिल हुए?

Answer:

अवध में विद्रोह अन्य क्षेत्रों की तुलना में सबसे व्यापक था। यहाँ किसानों और दस्तकारों से लेकर ताल्लुकदारों और नवाबी परिवार के सदस्यों तक, सभी लोगों ने इसमें भाग लिया। लगभग हर गाँव से लोग विद्रोह में शामिल हुए। यहाँ विदेशी शासन के विरुद्ध यह विद्रोह लोक-प्रतिरोध का रूप ले चुका था। फिरंगी राज के आने से लोग बहुत आहत थे। उन्हें लग रहा था कि उनकी दुनिया लुट गई है और जिन चीज़ों से वे प्यार करते थे, वह सब बिखर गया है। वास्तव में शिकायतों की एक शृंखला (A chain of grievances) ने किसानों, सिपाहियों, ताल्लुकदारों और राजकुमारों को आपस में जोड़ दिया था। संक्षेप में, विद्रोह की व्यापकता के निम्नलिखित कारण थे-

1. अवध का विलय: विद्रोह फूटने से लगभग एक वर्ष पहले, 1856 में अवध का विलय किया गया था। ‘कुशासन’ का आरोप लगाकर इसे ब्रिटिश साम्राज्य में मिलाया गया, लेकिन अवध के लोगों ने इसे न्यायसंगत नहीं माना और वे इसे डलहौज़ी का विश्वासघात समझते थे। 1851 में ही लॉर्ड डलहौज़ी ने अवध के बारे में कहा था कि “यह गिलास फल (cherry) एक दिन हमारे ही मुँह में आकर गिरेगा।” डलहौज़ी एक उग्र साम्राज्यवादी था और उसकी दिलचस्पी अवध की उपजाऊ ज़मीन को हड़पने में थी, इसलिए कुशासन तो एक बहाना था। अपदस्थ नवाब वाजिद अली शाह बहुत लोकप्रिय थे और लोगों की उनके परिवार से गहरी सहानुभूति थी। जब उन्हें लखनऊ से निष्कासित करके कलकत्ता भेजा गया, तो बहुत-से लोग विलाप करते हुए उनके पीछे-पीछे गए।

2. ताल्लुकदारों का अपमान: ताल्लुकदारों ने विद्रोह में बढ़-चढ़कर भाग लिया, क्योंकि अंग्रेज़ी राज से उनकी सत्ता और सम्मान को भारी क्षति पहुँची थी। ताल्लुकदार अवध क्षेत्र में छोटे राजाओं जैसे थे। वे छोटे महलनुमा घरों में रहते थे और अपनी-अपनी जागीर की ज़मीन और सत्ता पर उनका नियंत्रण था। 1856 में अवध का अधिग्रहण होते ही इन ताल्लुकदारों की सेनाएँ भंग कर दी गईं और उनके दुर्ग ध्वस्त कर दिए गए।

3. भूमि छीनने की नीति: आर्थिक दृष्टि से ताल्लुकदारों की हैसियत और सत्ता को भूमि छीनने की नीति से चोट पहुँची। 1856 में अधिग्रहण के तुरन्त बाद एकमुश्त बंदोबस्त (Summary Settlement of 1856) नाम की भू-राजस्व व्यवस्था लागू की गई। यह इस मान्यता पर आधारित थी कि ताल्लुकदार ज़मीन के वास्तविक मालिक नहीं हैं और उन्होंने धोखाधड़ी तथा शक्ति के बल पर ज़मीन पर कब्ज़ा किया है। इसी आधार पर ज़मीनों की जाँच हुई और ताल्लुकदारों की ज़मीनें छीनकर किसानों को दी जाने लगीं। पहले अवध के 67% गाँव ताल्लुकदारों के पास थे, जो इस नीति के बाद घटकर केवल 38% रह गए।

4. किसानों में असंतोष: विद्रोह में बहुत बड़ी संख्या में किसानों ने भाग लिया। इससे अंग्रेज़ अधिकारी परेशान हुए, क्योंकि किसानों ने ज़मीनें मिलने के बावजूद अंग्रेज़ों के बजाय अपने पुराने मालिकों (ताल्लुकदारों) का साथ दिया। इसका कारण यह था कि अंग्रेज़ी राज से पूरी ग्रामीण समाज-व्यवस्था भंग हो गई थी। यदि ताल्लुकदार किसानों से बेगार या धन वसूलते थे, तो बुरे समय में उनकी सहायता भी करते थे। उनकी छवि दयालु अभिभावकों की थी। तीज-त्योहारों पर किसानों को उनसे कर्ज़ या मदद मिल जाती थी और फसल खराब होने पर भी वे किसानों पर दया-दृष्टि रखते थे। लेकिन अंग्रेज़ी राज की नई भू-राजस्व व्यवस्था में न तो राजस्व के निर्धारण में लचीलापन था और न ही वसूली में। मुसीबत के समय नई सरकार किसानों के प्रति कोई सहानुभूति नहीं रखती थी।

संक्षेप में कहा जा सकता है कि अवध में विद्रोह विभिन्न सामाजिक समूहों का एक सामूहिक कृत्य था। किसानों, ज़मींदारों और ताल्लुकदारों ने बड़े पैमाने पर सिपाहियों का साथ दिया, क्योंकि अंग्रेज़ों के विरुद्ध इन सबका दुःख-दर्द एक हो गया था।

Exam Tips:

a) अवध का विलय 1856 में वाजिद अली शाह को हटाकर किया गया था।
b) एकमुश्त बंदोबस्त के आँकड़े लिखें: ताल्लुकदारों के गाँव 67% से घटकर 38% रह गए।
c) डलहौज़ी का “चेरी” वाला कथन उत्तर को प्रभावशाली बनाता है।
d) अवध के अधिकतर सिपाही इन्हीं गाँवों से आते थे, इसलिए सिपाहियों और किसानों का दुःख एक था।

 

Question 7: विद्रोही क्या चाहते थे? विभिन्न सामाजिक समूहों की दृष्टि में कितना फर्क था?

Answer:

विद्रोही नेताओं की घोषणाओं, सिपाहियों की कुछ अर्ज़ियों तथा नेताओं के कुछ पत्रों से विद्रोहियों की सोच के बारे में यह जानकारी मिलती है-
(1) वे अंग्रेज़ी सत्ता को उत्पीड़क, निरंकुश और षड्यंत्रकारी मानते थे। इसलिए उन्होंने ब्रिटिश राज के विरुद्ध सभी भारतीय सामाजिक समूहों से एकजुट होने का आह्वान किया। वे इस राज से जुड़ी हर चीज़ को अस्वीकार कर रहे थे।
(2) विद्रोहियों की घोषणाओं से लगता है कि वे भारत के सभी सामाजिक समूहों में एकता चाहते थे। विशेष रूप से उन्होंने हिंदू-मुस्लिम एकता पर ज़ोर दिया और युद्ध को दोनों समुदायों के लिए समान रूप से लाभदायक बताया। बहादुर शाह ज़फ़र के नाम से जारी घोषणा में मुहम्मद और महावीर, दोनों की दुहाई देकर संघर्ष में भाग लेने की अपील की गई।
(3) विकल्प के रूप में वे अंग्रेज़ों का राज समाप्त करके 18वीं सदी की अंग्रेज़-पूर्व (मुग़ल) व्यवस्था को फिर से स्थापित करना चाहते थे।

विभिन्न सामाजिक समूहों की दृष्टि में अंतर: इसका अर्थ यह नहीं है कि सभी विद्रोहियों की सोच बिलकुल एक-जैसी थी। वास्तव में अलग-अलग सामाजिक समूहों की दृष्टि में अंतर था; उदाहरण के लिए-
(1) सिपाही चाहते थे कि उन्हें यूरोपीय सिपाहियों की तरह पर्याप्त वेतन, पदोन्नति तथा अन्य सुविधाएँ मिलें। वे अपने आत्म-सम्मान और धार्मिक भावनाओं की रक्षा भी चाहते थे। वे अंग्रेज़ों की विदेशी सत्ता को खत्म करके अपने पुराने शासकों की सत्ता फिर से स्थापित करना चाहते थे।
(2) अपदस्थ शासक विद्रोह के नेता थे, परन्तु इनमें से अधिकांश अपनी रियासतें फिर से स्थापित करने के लिए लड़ रहे थे। इसलिए उन्होंने पुराने ढर्रे पर ही दरबार लगाए और दरबारी नियुक्तियाँ कीं।
(3) ताल्लुकदार और ज़मींदार अपनी ज़मींदारियों और सामाजिक हैसियत के लिए संघर्ष में कूदे थे। वे अपनी वे ज़मीनें वापस पाना चाहते थे जो अंग्रेज़ों ने उनसे छीनकर किसानों को दे दी थीं।
(4) किसान अंग्रेज़ों की भू-राजस्व व्यवस्था से परेशान थे, जिसमें कोई लचीलापन नहीं था। राजस्व बहुत ऊँची दर पर तय किया जाता था और कठोरता से वसूला जाता था। फसल खराब होने पर भी सरकार कोई दया नहीं दिखाती थी, इसलिए किसान साहूकारों के चंगुल में फँस जाते थे। यही कारण था कि वे अंग्रेज़ी राज के साथ-साथ अन्य उत्पीड़कों को भी खत्म करना चाहते थे। उदाहरण के लिए, उन्होंने कई स्थानों पर सूदखोरों के बहीखाते जला दिए और उनके घरों में तोड़-फोड़ की।

इन समूहों के अतिरिक्त अंग्रेज़ों की नीतियों से बर्बाद हुए दस्तकार भी विद्रोहियों के साथ आ गए थे। बहुत-से रूढ़िवादी लोग सामाजिक और धार्मिक कारणों से भी अंग्रेज़ी व्यवस्था को समाप्त करना चाहते थे।

Exam Tips:

a) उत्तर को दो भागों में बाँटें: विद्रोहियों की साझा माँगें और समूहों की अलग-अलग अपेक्षाएँ।
b) मुहम्मद और महावीर की दुहाई वाली घोषणा एकता का प्रमुख प्रमाण है।
c) विद्रोही 18वीं सदी की अंग्रेज़-पूर्व दुनिया को लौटाना चाहते थे।
d) सूदखोरों के बहीखाते जलाने का उदाहरण किसानों की सोच को स्पष्ट करता है।

 

Question 8: 1857 के विद्रोह के बारे में चित्रों से क्या पता चलता है? इतिहासकार इन चित्रों का किस तरह विश्लेषण करते हैं?

Answer:

चित्र भी इतिहास लिखने का एक महत्त्वपूर्ण स्रोत होते हैं। 1857 के विद्रोह से सम्बन्धित अनेक चित्र, पेंसिल से बने रेखाचित्र, उत्कीर्ण चित्र (Etchings), पोस्टर, कार्टून आदि उपलब्ध हैं। कुछ चित्रों और कार्टूनों के बाज़ार-प्रिंट भी मिलते हैं। किसी घटना की छवि बनाने में ऐसे चित्रों की विशेष भूमिका होती है, क्योंकि वे विचारों और भावनाओं के साथ मानवीय संवेदनाओं को भी व्यक्त करते हैं। 1857 के चित्रों के विश्लेषण से पता चलता है कि इंग्लैंड में बने चित्रों ने ब्रिटिश जनता के मन में एक अलग छवि बनाई। इनसे वहाँ के लोग उत्तेजित हुए और उन्होंने विद्रोहियों को निर्दयतापूर्वक कुचलने की माँग की। दूसरी ओर भारत में बने चित्रों, फ़िल्मों तथा कला और साहित्य के अन्य रूपों ने उन्हीं विद्रोहियों की एक अलग छवि बनाई, जिसने भारत में राष्ट्रीय आंदोलन को प्रेरणा दी। इंग्लैंड और भारत में चित्रों से बनी छवियों को निम्नलिखित उदाहरणों से समझा जा सकता है-

A. अंग्रेज़ों द्वारा बनाए गए चित्र: इन चित्रों को देखकर तरह-तरह की भावनाएँ और प्रतिक्रियाएँ पैदा होती हैं।

(1) टॉमस जोन्स बार्कर द्वारा 1859 में बनाए गए चित्र ‘द रिलीफ ऑफ लखनऊ’ में अंग्रेज़ नायकों (कैम्पबेल, आउट्रम और हैवलॉक) की छवि उभरती है। इन नायकों ने लखनऊ में विद्रोहियों को खदेड़कर वहाँ घिरे अंग्रेज़ों को बचाया था।

(2) बहुत-से समकालीन चित्रों ने ब्रिटिश नागरिकों में प्रतिशोध की भावना को बढ़ावा दिया। उदाहरण के लिए, जोसेफ़ नोएल पेटन के चित्र ‘इन मेमोरियम’ (स्मृति में) को देखकर दर्शक के मन में बेचैनी और क्रोध की भावना सहज ही उभरती है। दूसरी ओर ‘मिस व्हीलर’ के हाथ में तमंचा लिए चित्र में ‘सम्मान की रक्षा का संघर्ष’ दिखाई देता है।

(3) दमन और प्रतिशोध की भावना को बढ़ावा देने वाले बहुत-से चित्र मिलते हैं। 1857 में ‘पंच’ (Punch) पत्रिका में छपे ‘जस्टिस’ नामक चित्र में एक गोरी महिला को बदले की भावना से भरा हुआ दिखाया गया है। विद्रोहियों को तोप से उड़ाने के भी बहुत-से चित्र बनाए गए। इन चित्रों को देखकर ब्रिटेन के आम नागरिक प्रतिशोध को उचित ठहराने लगे और कैनिंग की ‘दयालुता’ का मज़ाक उड़ाने लगे। ‘द क्लेमेंसी ऑफ़ कैनिंग’ ऐसा ही एक कार्टून है।

B. भारतीयों द्वारा बनाए गए चित्र: भारत में 1857 से जुड़ी फ़िल्मों और चित्रों को देखकर हमारे मन में अलग प्रतिक्रिया होती है। रानी लक्ष्मीबाई का नाम लेते ही मन में वीरता और अन्याय तथा विदेशी शासन के विरुद्ध संघर्ष की साकार प्रतिमा की छवि बनती है। ऐसी छवि बनाने में गीतों, कविताओं, फ़िल्मों और चित्रों की महत्त्वपूर्ण भूमिका होती है। लक्ष्मीबाई के चित्र प्रायः घोड़े पर सवार, हाथ में तलवार लिए एक वीरांगना के रूप में बनाए गए।

Exam Tips:

a) उत्तर को दो भागों में बाँटें: अंग्रेज़ों द्वारा बने चित्र और भारतीयों द्वारा बने चित्र।
b) कम-से-कम दो चित्रों के नाम और चित्रकारों के नाम लिखें, जैसे टॉमस जोन्स बार्कर का ‘द रिलीफ ऑफ लखनऊ’।
c) ‘द क्लेमेंसी ऑफ़ कैनिंग’ कार्टून कैनिंग की नरमी का मज़ाक उड़ाता है।
d) निष्कर्ष दें कि एक ही घटना के चित्र अलग-अलग दृष्टिकोण दिखाते हैं।

 

Question 9: एक चित्र और एक लिखित पाठ को चुनकर किन्हीं दो स्रोतों की पड़ताल कीजिए और इस बारे में चर्चा कीजिए कि उनसे विजेताओं और पराजितों के दृष्टिकोण के बारे में क्या पता चलता है?

Answer:

चित्र: हम पाठ्यपुस्तक में दिए गए चित्र ‘मिस व्हीलर’ को लेते हैं। इस चित्र में विजेताओं का दृष्टिकोण झलकता है। इसमें विद्रोहियों को दानवों के रूप में और अंग्रेज़ महिला को वीरांगना के रूप में दिखाया गया है। उसे कानपुर में हाथ में तमंचा लिए अपनी इज़्ज़त की रक्षा करते हुए दृढ़ता से खड़ा दिखाया गया है, जबकि अकेली महिला पर विद्रोही तलवारों और बंदूकों से इस तरह आक्रमण कर रहे हैं मानो वे मनुष्य नहीं, दानव हों।

चित्र में धरती पर बाइबल पड़ी दिखाई गई है, जो इस संघर्ष को ‘ईसाइयत की रक्षा के संघर्ष’ के रूप में प्रस्तुत करती है। यह चित्र कानपुर के उस हत्याकांड पर आधारित है जिसमें विद्रोहियों ने अंग्रेज़ औरतों और बच्चों को मार डाला था। यह हत्याकांड तब हुआ जब विद्रोहियों तक अंग्रेज़ों द्वारा बनारस और इलाहाबाद में किए गए हत्याकांडों के समाचार पहुँचे और वे प्रतिशोध को रोक नहीं पाए। स्पष्ट है कि विजेताओं के दृष्टिकोण से बने इस चित्र में पराजितों के दृष्टिकोण के लिए कोई स्थान नहीं था।

लिखित पाठ: अब हम पाठ्यपुस्तक के बॉक्स में दिए गए स्रोत को लेते हैं। यह एक लिखित विवरण का भाग है, जिससे ताल्लुकदारों अर्थात पराजितों के दृष्टिकोण का पता चलता है। इसमें कालाकांकर के राजा हनवंत सिंह और उस अंग्रेज़ अधिकारी की बातचीत के अंश हैं, जिसने 1857 में जान बचाने के लिए हनवंत सिंह के यहाँ शरण ली थी। अंतिम भेंट में हनवंत सिंह ने उससे कहा था, “साहिब, आपके मुल्क के लोग हमारे देश में आए और उन्होंने हमारे राजाओं को खदेड़ दिया। ... एक ही झटके में आपने मेरे पूर्वजों की ज़मीन मुझसे छीन ली। ... मैंने आपकी जान बचाई है। किंतु, अब मैं अपने सिपाहियों को लेकर लखनऊ जा रहा हूँ ताकि आपको देश से खदेड़ सकूँ।”

हनवंत सिंह अंग्रेज़ अधिकारी की जान बचाता है और साथ ही अंग्रेज़ों को देश से निकालने के लिए लखनऊ जाकर लड़ने का निश्चय भी दोहराता है। इस विवरण को पढ़कर हमारे मन में विद्रोहियों की वह छवि नहीं उभरती जो ‘मिस व्हीलर’ नामक चित्र में उभरती है। यहाँ ताल्लुकदार हनवंत सिंह एक विद्रोही नेता है, जो एक ओर शरण में आए अंग्रेज़ की जान बचाता है और दूसरी ओर अपने सिपाहियों को लेकर युद्ध के मैदान में उतरता है। यहाँ विद्रोही बर्बर, क्रूर और दानव नहीं, बल्कि एक ‘वीर इंसान’ के रूप में दिखाई देता है।

Exam Tips:

a) एक चित्र (जैसे ‘मिस व्हीलर’) और एक लिखित स्रोत (जैसे हनवंत सिंह का कथन) स्पष्ट रूप से चुनें।
b) चित्र में पड़ी बाइबल संघर्ष को धर्म की रक्षा के रूप में दिखाती है।
c) हनवंत सिंह कालाकांकर के राजा (ताल्लुकदार) थे।
d) अंत में विजेता और पराजित, दोनों के दृष्टिकोण की तुलना करें।

 

परियोजना कार्य

Question 10: 1857 के विद्रोही नेताओं में से किसी एक की जीवनी पढ़ें। देखिए कि उसे लिखने के लिए जीवनीकार ने किन स्रोतों का उपयोग किया है? क्या उनमें सरकारी रिपोर्टों, अखबारी खबरों, क्षेत्रीय भाषाओं की कहानियों, चित्रों और किसी अन्य चीज़ का इस्तेमाल किया गया है? क्या सभी स्रोत एक ही बात कहते हैं या उनके बीच फर्क दिखाई देते हैं? अपने निष्कर्षों पर एक रिपोर्ट तैयार कीजिए।

Answer:

विद्यार्थी पुस्तकालय से या इंटरनेट पर बहादुर शाह ज़फ़र, रानी लक्ष्मीबाई, तात्या टोपे, कुँवर सिंह, राव तुलाराम आदि किसी प्रमुख विद्रोही नेता की जीवनी पढ़ें। पढ़ते समय यह नोट करें कि लेखक ने किन स्रोतों के आधार पर पुस्तक लिखी है: सरकारी रिपोर्टों का कितना उपयोग हुआ है, देशी या स्थानीय भाषाओं और अंग्रेज़ी के समाचार-पत्रों तथा पत्रिकाओं से कौन-से तथ्य लिए गए हैं, और चित्रों, मूर्तियों, कार्टूनों, लोकगीतों तथा रागनियों का कितना प्रयोग हुआ है। यह भी देखें कि लेखक किस दृष्टि से लिख रहा है और कितना निष्पक्ष है। साथ ही नोट करें कि इन स्रोतों में आपस में कितना अंतर है। इन सभी सूचनाओं के आधार पर अपने अध्यापक के मार्गदर्शन में एक रिपोर्ट तैयार करें।

Exam Tips:

a) रिपोर्ट में स्रोतों को सरकारी, समाचार-पत्र, लोक-साहित्य और चित्र जैसे वर्गों में बाँटें।
b) राव तुलाराम रेवाड़ी (हरियाणा) के विद्रोही नेता थे, इसलिए उनकी जीवनी एक अच्छा विकल्प है।
c) स्रोतों में अंतर मिलें तो उनके कारणों पर भी टिप्पणी करें।

 

Question 11: 1857 पर बनी कोई फिल्म देखिए और लिखिए कि उसमें विद्रोह को किस तरह दर्शाया गया है। उसमें अंग्रेज़ों, विद्रोहियों और अंग्रेज़ों के भारतीय वफादारों को किस तरह दिखाया गया है? फिल्म किसानों, नगरवासियों, आदिवासियों, ज़मींदारों और ताल्लुकदारों के बारे में क्या कहती है? फिल्म किस तरह की प्रतिक्रिया को जन्म देना चाहती है?

Answer:

1857 के विद्रोह पर कई फ़िल्में बनी हैं। इनमें सबसे चर्चित फ़िल्मों में से एक ‘मंगल पांडे: द राइज़िंग’ (2005) है, जिसमें आमिर ख़ान ने मंगल पांडे की प्रभावशाली भूमिका निभाई है। इस फ़िल्म को देखा जा सकता है। इसमें भारतीय सिपाहियों की दिनचर्या, उनका असंतोष, धर्म के प्रति उनकी संवेदनशीलता, जातीय सम्बन्धों की झलक और भारत के विभिन्न समूहों (किसान, आदिवासी, ज़मींदार, ताल्लुकदार) की स्थिति आदि को फ़िल्माया गया है।

फ़िल्म देखने के बाद विचार करें कि मन पर क्या प्रतिक्रिया होती है। उदाहरण के लिए, फ़िल्म में जिस प्रकार ‘चर्बी वाले कारतूस’ बनाते हुए दिखाया गया है, उस पर विचार करें कि यह ऐतिहासिक सत्य है या कल्पनात्मक अभिव्यक्ति। यदि यह कल्पनात्मक अभिव्यक्ति है, तो दर्शक पर उसका क्या प्रभाव पड़ता है। इससे हम जान पाएँगे कि छवियाँ कैसे बनाई जाती हैं।

Exam Tips:

a) फ़िल्म के प्रत्येक समूह (अंग्रेज़, विद्रोही, वफ़ादार, किसान) के चित्रण पर अलग अनुच्छेद लिखें।
b) मंगल पांडे ने 29 मार्च 1857 को बैरकपुर में विद्रोह किया था।
c) फ़िल्म के दृश्यों की तुलना ऐतिहासिक तथ्यों से करें।

 

Step-by-Step Textbook Answers: Class 12 History Chapter 11 Rebels and the Raj: The Revolt of 1857 and its Representations

Chapter Exercise Answers for Class 12 History

Review comprehensive exercise answers for Class 12 History Chapter 11 Rebels and the Raj: The Revolt of 1857 and its Representations. Fully updated to match current Haryana Board syllabus guidelines, these textbook solutions help students verify their work and maintain accurate study notes.

Detailed Answer Guides for Chapter 11 Rebels and the Raj: The Revolt of 1857 and its Representations

Clear, methodical explanations accompany every challenging problem within the Class 12 History text. Engaging with these detailed answers lays a solid foundation for advanced learning and improves foundational clarity for upcoming assessments.

Complete Preparation Kit for Class 12 Exams

Frequent review of these structured answers builds strong analytical capabilities and response efficiency. Maximize your academic readiness by combining these textbook solutions with our curated study materials and mock evaluations for Class 12 History.

FAQs

Where can I find the latest HBSE Class 12 History Solutions Chapter 11 विद्रोही और राज : 1857 का आंदोलन और उसके व्याख्यान for the 2026-27 session?

The complete and updated HBSE Class 12 History Solutions Chapter 11 विद्रोही और राज : 1857 का आंदोलन और उसके व्याख्यान is available for free on StudiesToday.com. These solutions for Class 12 History are as per latest Haryana Board curriculum.

Are the History Haryana Board solutions for Class 12 updated for the new 50% competency-based exam pattern?

Yes, our experts have revised the HBSE Class 12 History Solutions Chapter 11 विद्रोही और राज : 1857 का आंदोलन और उसके व्याख्यान as per 2026 exam pattern. All textbook exercises have been solved and have added explanation about how the History concepts are applied in case-study and assertion-reasoning questions.

How do these Class 12 Haryana Board solutions help in scoring 90% plus marks?

Toppers recommend using Haryana Board language because Haryana Board marking schemes are strictly based on textbook definitions. Our HBSE Class 12 History Solutions Chapter 11 विद्रोही और राज : 1857 का आंदोलन और उसके व्याख्यान will help students to get full marks in the theory paper.

Do you offer HBSE Class 12 History Solutions Chapter 11 विद्रोही और राज : 1857 का आंदोलन और उसके व्याख्यान in multiple languages like Hindi and English?

Yes, we provide bilingual support for Class 12 History. You can access HBSE Class 12 History Solutions Chapter 11 विद्रोही और राज : 1857 का आंदोलन और उसके व्याख्यान in both English and Hindi medium.

Is it possible to download the History Haryana Board solutions for Class 12 as a PDF?

Yes, you can download the entire HBSE Class 12 History Solutions Chapter 11 विद्रोही और राज : 1857 का आंदोलन और उसके व्याख्यान in printable PDF format for offline study on any device.