HBSE Class 12 History Solutions Chapter 10 उपनिवेशवाद और देहात : सरकारी अभिलेखों का अध्ययन

Solutions for Class 12 History: Chapter 10 Colonialism and the Countryside: Exploring Official Archives

Explore reliable textbook solutions for Chapter 10 Colonialism and the Countryside: Exploring Official Archives tailored for Class 12 learners. Utilizing these History answers ensures thorough preparation and strengthens foundational knowledge before final Haryana Board evaluations.

Practice Class 12 History Solutions: Chapter 10 Colonialism and the Countryside: Exploring Official Archives

Navigate directly to the solved History textbook exercises using the digital viewer below. Each solution includes detailed step-by-step explanations, allowing students to instantly cross-check their work and identify areas requiring further revision.

निम्नलिखित प्रश्नों के उत्तर दीजिए (लगभग 100 से 150 शब्दों में)

Question 1: ग्रामीण बंगाल के बहुत-से इलाकों में जोतदार एक ताकतवर हस्ती क्यों था?

Answer:

जोतदार बंगाल के गाँवों में रहने वाले संपन्न किसानों का समूह थे। गाँव के मुखिया भी प्रायः इन्हीं में से होते थे। संक्षेप में, जोतदारों की ताकत बढ़ने के मुख्य कारण इस प्रकार थे —

1. ज़मीनों के वास्तविक मालिक:
जोतदार गाँव में ज़मीनों के वास्तविक मालिक थे। कई जोतदारों के पास तो हज़ारों एकड़ भूमि थी। वे बटाईदारों (बरगादारों) से खेती करवाते थे, जो फसल का आधा भाग अपने पास रखते और आधा जोतदार को दे देते थे। इससे जोतदारों की शक्ति लगातार बढ़ती चली गई।

2. व्यापारी तथा साहूकार:
जोतदार केवल भू-स्वामी ही नहीं थे। स्थानीय व्यापार और साहूकारी पर भी उनका नियंत्रण था। व्यापारी, साहूकार और भूमिपति — तीनों रूपों में वे अपने क्षेत्र के प्रभावशाली लोग थे।

3. भू-राजस्व भुगतान में जान-बूझकर देरी:
जोतदार गाँव में जान-बूझकर ऐसा माहौल बनवाते थे कि ज़मींदार के अधिकारी (अमला) गाँव से लगान एकत्र न कर पाएँ। राजस्व के भुगतान में यह देरी ज़मींदार की संपत्ति की कुड़की (नीलामी) का कारण बनती थी, जिसका लाभ जोतदार को मिलता था।

4. ज़मीन की खरीद:
ज़मींदार की ज़मीन जैसे ही नीलाम होती थी, उसे प्रायः जोतदार ही खरीद लेता था। इससे जोतदारों की शक्ति और बढ़ती गई तथा ज़मींदारों का कमज़ोर होना स्वाभाविक था।

Exam Tips:

a) उत्तरी बंगाल में जोतदारों की शक्ति सबसे अधिक थी; कुछ अन्य भागों में ऐसे धनी किसानों को हवलदार, गाँटीदार या मंडल कहा जाता था।
b) जोतदार शहरों के बजाय गाँवों में रहते थे, इसलिए गाँव के गरीबों पर उनका सीधा नियंत्रण था।
c) चार कारण लिखें — भूमि का स्वामित्व, व्यापार-साहूकारी, लगान में बाधा और नीलामी में खरीद।
d) जोतदार की ज़मीन पर बटाईदार (बरगादार या अधियार) खेती करते थे और उपज का आधा भाग देते थे।

 

Question 2: ज़मींदार लोग अपनी ज़मींदारियों पर किस प्रकार नियंत्रण बनाए रखते थे?

Answer:

ज़मींदारों ने अपनी सत्ता और ज़मींदारी बचाए रखने के लिए अनेक तिकड़में अपनाईं, जिनमें से मुख्य इस प्रकार थीं —

1. बेनामी खरीद:
ज़मींदारी बचाने का एक महत्त्वपूर्ण हथकंडा बेनामी खरीद था। इसमें प्रायः ज़मींदार के अपने ही आदमी नीलाम की गई संपत्ति को ऊँची बोली लगाकर खरीद लेते थे और फिर देय राशि सरकार को जमा नहीं करते थे। सरकार को वह ज़मीन दोबारा नीलाम करनी पड़ती थी। इस बार भी ज़मींदार के दूसरे एजेंट वैसा ही करते और राशि जमा नहीं करवाते थे।

यह प्रक्रिया तब तक दोहराई जाती थी जब तक सरकार और बोली लगाने वाले दोनों थक-हार न जाते। बोली लगाने वाले नीलामी में आना ही छोड़ देते थे। अंत में सरकार को वह ज़मींदारी कम कीमत पर फिर से पुराने ज़मींदार को ही बेचनी पड़ती थी।

2. ज़मीन का कब्ज़ा न देना:
यदि बाहर के शहरी धनी लोग ऊँची बोली लगाकर ज़मीन खरीदने में सफल हो जाते, तो ज़मींदार के लठैत (लठियाल) कई बार उन्हें ज़मीन में प्रवेश ही नहीं करने देते थे। कभी ज़मींदार अपनी रैयत को नए ख़रीदार के विरुद्ध भड़का देते थे, या फिर रैयत को स्वयं पुराने ज़मींदार से लगाव और सहानुभूति होती थी। इस कारण रैयत नए ख़रीदार को ज़मीन में घुसने ही नहीं देती थी।

Exam Tips:

a) बेनामी खरीद का उदाहरण बर्दवान के राजा का है, जिसकी ज़मींदारी के महाल 1797 की नीलामी में उसी के एजेंटों ने खरीदे।
b) लठियाल ज़मींदार के लाठीधारी लोग थे, जो नए ख़रीदार के आदमियों को मार-पीटकर भगा देते थे।
c) दोनों तरीके — बेनामी खरीद और ज़मीन पर कब्ज़ा न देना — बोल्ड शीर्षकों के साथ लिखें।
d) ज़मींदार अपनी संपत्ति का कुछ भाग माँ या परिवार की स्त्रियों के नाम कर देते थे, क्योंकि कंपनी स्त्रियों की संपत्ति नहीं छीनती थी।

 

Question 3: पहाड़िया लोगों ने बाहरी लोगों के आगमन पर कैसी प्रतिक्रिया दर्शाई?

Answer:

बाहरी लोगों का आगमन पहाड़िया लोगों के जीवन के लिए संकट बन गया था। उनके पहाड़ों और जंगलों पर कब्ज़ा करके खेत बनाए जा रहे थे, इसलिए उनमें प्रतिक्रिया होना स्वाभाविक था। पहाड़ियों के हमले तेज़ होते गए। अनाज और पशुओं की लूट के साथ-साथ उन्होंने अपने मुखियाओं के नेतृत्व में अंग्रेज़ों की कोठियों, ज़मींदारों की कचहरियों और महाजनों के घरों पर संगठित हमले किए और लूटपाट की।

दूसरी ओर, ब्रिटिश अधिकारियों ने दमन की क्रूर नीति अपनाई और पहाड़िया लोगों को बेरहमी से मारा गया। फिर भी पहाड़िया लोग दुर्गम पहाड़ी इलाकों में जाकर बाहरी लोगों (ज़मींदारों और जोतदारों) पर हमले करते रहे। ऐसे क्षेत्रों में अंग्रेज़ी सैन्य बलों के लिए भी उनसे निपटना आसान नहीं था।

ऐसी स्थिति में ब्रिटिश अधिकारियों ने शांति-समझौते के प्रयास शुरू किए, जिनमें पहाड़िया मुखियाओं को वार्षिक भत्ता देने की पेशकश की गई। बदले में उनसे यह आश्वासन माँगा गया कि वे शांति-व्यवस्था बनाए रखेंगे। उल्लेखनीय है कि अधिकतर मुखियाओं ने यह प्रस्ताव ठुकरा दिया। जिन थोड़े-से मुखियाओं ने इसे स्वीकार किया, उन्हें पहाड़िया लोगों ने पसंद नहीं किया और उनका सम्मान घट गया।

Exam Tips:

a) 1770 के दशक में अंग्रेज़ों ने पहाड़ियों के संहार की कठोर नीति अपनाई थी।
b) 1780 के दशक में भागलपुर के कलेक्टर ऑगस्टस क्लीवलैंड ने भत्ते के बदले शांति की नीति (शांति स्थापना) प्रस्तावित की।
c) उत्तर को तीन चरणों में लिखें — पहाड़ियों के हमले, अंग्रेज़ों का दमन और भत्ते वाली शांति-नीति।
d) भत्ता स्वीकार करने वाले मुखियाओं को समुदाय ने अधीनस्थ कर्मचारी या वेतनभोगी मुखिया मानकर उनका सम्मान खो दिया।

 

Question 4: संथालों ने ब्रिटिश शासन के विरुद्ध विद्रोह क्यों किया?
अथवा
संथालों के विद्रोह के क्या कारण थे?

Answer:

संथालों के विद्रोह के मुख्य कारण इस प्रकार थे —

(1) उनकी ज़मीनें धीरे-धीरे उनके हाथों से निकलकर ज़मींदारों और साहूकारों के हाथों में जाने लगीं, जो उनकी ज़मीनों के मालिक बनने लगे। महेशपुर और पाकुड़ के पड़ोसी राजाओं ने संथालों के गाँवों को छोटे ज़मींदारों और साहूकारों को पट्टे पर दे दिया, जो मनमाना लगान वसूलने लगे।

(2) इससे शोषण और उत्पीड़न का चक्र शुरू हो गया। लगान न चुका पाने पर संथाल किसान साहूकारों से ऋण लेने को विवश हुए। साहूकार उनसे 50 से 500 प्रतिशत तक सूद वसूलते थे।

(3) किसानों की गरीबी बढ़ती गई और वे ज़मींदारों के अर्ध-दास और बंधुआ मज़दूर बनने लगे।

(4) सरकारी अधिकारी, पुलिस और थानेदार सभी महाजनों का पक्ष लेते थे। वे स्वयं भी संथालों से बेगार लेते थे। यहाँ तक कि संथाल किसानों की स्त्रियों की इज़्ज़त भी सुरक्षित नहीं थी। इसलिए दिकुओं (बाहरी लोगों) के विरुद्ध संथालों का विद्रोह फूट पड़ा।

Exam Tips:

a) संथाल विद्रोह 1855-56 में हुआ; इसके नेता सीदो और कान्हू थे।
b) संथाल अपनी भूमि ‘दामिन-इ-कोह’ को खोते जा रहे थे — यह कारण अवश्य लिखें।
c) बाहरी साहूकारों और ज़मींदारों को संथाल ‘दिकु’ कहते थे।
d) विद्रोह के बाद 1855-56 में अंग्रेज़ों ने संथाल परगना का निर्माण किया।

 

Question 5: दक्कन के रैयत ऋणदाताओं के प्रति क्रुद्ध क्यों थे?

Answer:

1870 के दशक में दक्कन के रैयत ऋणदाताओं (साहूकारों) से बहुत नाराज़ थे। 1875 के विद्रोह के दौरान उन्होंने साहूकारों के बही-खाते और कई जगह उनके घर भी जला दिए। वास्तव में अमेरिकी गृहयुद्ध समाप्त होने के बाद उनके लिए ऋण का स्रोत सूख गया था और उन्हें उधार मिलना बंद हो गया था।

जब साहूकारों ने उधार देने से मना किया तो किसानों को बहुत गुस्सा आया, क्योंकि परंपरागत ग्रामीण व्यवस्था में न तो बहुत अधिक ब्याज लिया जाता था और न ही मुसीबत के समय उधार देने से इनकार किया जाता था। किसान विशेष रूप से इस बात पर नाराज़ थे कि साहूकार वर्ग इतना संवेदनहीन हो गया था कि उसे उनकी हालत पर कोई दया नहीं आ रही थी। 1874 में साहूकारों ने भू-राजस्व चुकाने के लिए भी किसानों को उधार देने से साफ़ इनकार कर दिया।

साहूकार सरकार के उस नियम को भी नहीं मान रहे थे कि चल-संपत्ति की नीलामी से उधार की राशि पूरी न होने पर ही ज़मीन की नीलामी करवाई जाए। अब उधार न मिलने से मामला और भी उलझ गया और किसान विद्रोह पर उतर आए।

Exam Tips:

a) रैयत के गुस्से का मुख्य कारण साहूकारों का उधार देने से इनकार करना था, न कि केवल ऊँचा ब्याज।
b) ब्याज मूलधन से अधिक नहीं हो सकता — इस परंपरागत मानदंड को साहूकार तोड़ रहे थे।
c) दक्कन विद्रोह 12 मई 1875 को पूना ज़िले के सूपा गाँव से शुरू हुआ।
d) साहूकार कर्ज़ के बदले किसानों से धोखे से बॉन्ड और अनुबंधों पर हस्ताक्षर करवा लेते थे।

 

निम्नलिखित पर एक लघु निबंध लिखिए (लगभग 250 से 300 शब्दों में)

Question 6: इस्तमरारी बंदोबस्त के बाद बहुत-सी ज़मींदारियाँ क्यों नीलाम कर दी गईं?

Answer:

इस्तमरारी बंदोबस्त (स्थायी बंदोबस्त) लागू होने के बाद बहुत-से ज़मींदारों की ज़मींदारियाँ नीलाम कर दी गईं, क्योंकि वे सरकार को देय राशि का भुगतान समय पर नहीं कर पाते थे। इस व्यवस्था में राजस्व की दर बहुत ऊँची तय की गई थी। जिस दशक (1790 के दशक) में यह बंदोबस्त लागू हुआ, उसी दौरान कृषि उपज की कीमतें नीची थीं और मंदी चल रही थी। इसलिए रैयत (किसान) अपना लगान चुकाने की स्थिति में ही नहीं थे। दूसरी ओर, कंपनी सरकार ने ज़मींदारों की सैनिक और प्रशासनिक शक्तियाँ कम कर दी थीं।

ज़मींदारों के सैनिक दस्ते भंग कर दिए गए थे और पुलिस तथा न्याय के अधिकार भी छीन लिए गए थे। अब वे किसानों से डंडे के बल पर लगान वसूल नहीं कर सकते थे। वे लगान न देने वाले किसानों के खिलाफ़ अदालत में तो जा सकते थे, परंतु न्याय की प्रक्रिया बहुत लंबी थी। उदाहरण के लिए, 1798 में अकेले बर्दवान ज़िले में बकाया राजस्व के 30,000 से अधिक मुकदमे लंबित थे।

राजस्व वसूली के प्रति सरकार का रवैया बहुत कठोर था। इसके लिए ‘सूर्यास्त विधि’ (Sunset Law) अपनाई गई, अर्थात् निश्चित तिथि को सूर्यास्त तक देय राशि न चुकाने वाले ज़मींदारों की ज़मींदारियाँ नीलाम कर दी जाती थीं। यह भी उल्लेखनीय है कि गाँव का संपन्न वर्ग (जोतदार और धनी किसान) भी ज़मींदार की नीलामी से प्रसन्न होता था। वह सामान्य किसानों (रैयत) को ज़मींदार के विरुद्ध लगान न देने के लिए उकसाता भी था।

कई बार फसल खराब होने पर और कई बार जान-बूझकर भी वह ज़मींदार को लगान नहीं देता था। वह जानता था कि ज़मींदार सैनिक कार्रवाई नहीं कर सकता और अदालत में मुकदमों का जल्दी निर्णय नहीं हो सकता। यही वे परिस्थितियाँ थीं जिनमें इस्तमरारी व्यवस्था के कारण 18वीं सदी के अंतिम दशक में बहुत-सी ज़मींदारियाँ नीलाम कर दी गईं।

Exam Tips:

a) इस्तमरारी बंदोबस्त 1793 में लॉर्ड कार्नवालिस ने बंगाल में लागू किया था।
b) सूर्यास्त विधि (Sunset Law) का अर्थ और उसका परिणाम अवश्य लिखें।
c) 1798 में बर्दवान में 30,000 से अधिक मुकदमे लंबित थे — यह उदाहरण उत्तर को प्रामाणिक बनाता है।
d) कारणों को क्रम से लिखें — ऊँची माँग, मंदी, ज़मींदारों की शक्ति में कमी, रैयत का टालना और जोतदारों की भूमिका।

 

Question 7: पहाड़िया लोगों की आजीविका संथालों की आजीविका से किस रूप में भिन्न थी?

Answer:

पहाड़िया और संथाल दो जनजातियाँ थीं, लेकिन दोनों की आजीविका के साधनों में अंतर था। संथाल पहाड़ियों की अपेक्षा अग्रणी (नए) बाशिंदे थे। दोनों जनजातियों की आजीविका के अंतर को इस प्रकार स्पष्ट किया जा सकता है —

पहाड़िया लोगों की आजीविकासंथालों की आजीविका
1. पहाड़िया लोगों की खेती कुदाल (Hoe) पर आधारित थी। ये राजमहल की पहाड़ियों के इर्द-गिर्द रहते थे। वे हल को हाथ लगाना पाप समझते थे।1. संथाल हल (Plough) की खेती, यानी स्थायी कृषि सीख रहे थे। ये गंजुरिया पहाड़ियों की तलहटी में रहने वाले लोग थे।
2. पहाड़िया लोग झूम खेती करते थे। वे झाड़ियों को काटकर और घास-फूस जलाकर ज़मीन का एक छोटा टुकड़ा साफ़ कर लेते थे। राख से यह खेत और उपजाऊ बन जाता था। वे कुदाल से ज़मीन को थोड़ा खुरचकर कुछ वर्षों तक उसमें दालें और ज्वार-बाजरा उगाते और फिर उसे कुछ वर्षों के लिए परती छोड़ देते थे, ताकि वह फिर से उर्वर हो जाए।2. संथाल अपेक्षाकृत स्थायी प्रवृत्ति के थे। ये परिश्रमी थे और इन्हें खेती की अच्छी समझ थी। इसलिए ज़मींदार इन्हें नई भूमि साफ़ करने और खेती करने के लिए मज़दूरी पर रखते थे।
3. खेती के अतिरिक्त शिकार और जंगल के उत्पाद पहाड़िया लोगों की आजीविका के साधन थे। वे काठ-कोयला बनाने के लिए लकड़ियाँ, खाने के लिए महुआ के फूल तथा बेचने के लिए रेशम के कोया (Silk cocoons) और राल (Resin) इकट्ठा करते थे।3. संथाल जंगल साफ़ करके अपनी ज़मीनें निकालकर खेती करने लगे। वे पहाड़िया लोगों के क्षेत्रों में भी आगे बढ़ते जा रहे थे। नए खेतों में वे चावल, कपास, तम्बाकू और सरसों की खेती करते थे।
4. पहाड़िया लोग जंगलों को नष्ट करके हल नहीं चलाना चाहते थे। वे बाज़ार के लिए खेती नहीं करना चाहते थे।4. संथालों को जंगल साफ़ करके खेती करने में कोई परहेज़ नहीं था।

Exam Tips:

a) पहाड़िया = कुदाल और झूम खेती; संथाल = हल और स्थायी खेती — यह मूल अंतर पहले लिखें।
b) अंतर हमेशा दो कॉलम वाली तालिका में लिखें और बिंदुओं को आमने-सामने रखें।
c) संथालों को 1832 में ‘दामिन-इ-कोह’ नामक क्षेत्र में बसाया गया था।
d) अंग्रेज़ संथालों को आदर्श बाशिंदे मानते थे, क्योंकि वे जंगल साफ़ करके ज़मीन को उपजाऊ बनाते थे।

 

Question 8: अमेरिकी गृहयुद्ध ने भारत में रैयत समुदाय के जीवन को कैसे प्रभावित किया?

Answer:

अमेरिका में गृहयुद्ध 1861 से 1865 के बीच हुआ। इस गृहयुद्ध के दौरान भारत के रैयत को काफ़ी लाभ मिला। इंग्लैंड के उद्योगों को अमेरिका से कपास मिलना बंद हो गया, जिससे कपास की कीमतें अचानक बढ़ गईं। भारतीय कपास की माँग बढ़ने से कपास उगाने वाले रैयत के लिए ऋण की समस्या भी नहीं रही। कपास के सौदागरों ने बंबई दक्कन के ज़िलों में कपास उत्पादन का आकलन किया।

उन्होंने किसानों को अधिक कपास उगाने के लिए प्रोत्साहित किया। कपास निर्यातकों ने शहरी साहूकारों को पेशगी राशियाँ दीं, ताकि वे इन्हें ग्रामीण ऋणदाताओं तक पहुँचा सकें और ये ऋणदाता किसानों को उनकी ज़रूरत के अनुसार उधार दे सकें।

निर्यातक, साहूकार, व्यापारी और किसान सभी अपने-अपने मुनाफ़े के लिए कपास की पैदावार बढ़ाने में जुट गए। अब किसानों के सामने ऋण की कोई समस्या नहीं थी और साहूकार को भी अपनी उधार दी गई राशि की वापसी का पूरा भरोसा था।

दक्कन के ग्रामीण क्षेत्रों पर इसका महत्त्वपूर्ण प्रभाव पड़ा। किसानों को लंबी अवधि के ऋण मिले। कपास उगाई जाने वाली प्रत्येक एकड़ भूमि पर किसानों को 100 रुपये तक की पेशगी दी गई। बंबई दक्कन में 1860 से 1864 के बीच कपास की खेती का क्षेत्रफल दोगुना हो गया। 1862 तक स्थिति यह थी कि ब्रिटेन के कुल कपास आयात का 90 प्रतिशत से अधिक भाग भारत से जा रहा था। इससे बंबई दक्कन के कपास उत्पादक क्षेत्रों में समृद्धि आई।

हालाँकि इस समृद्धि का लाभ मुख्य रूप से धनी किसानों को ही मिला। गरीब किसान इस तेज़ी के दौर में भी साहूकार के कर्ज़ से निकल नहीं पाए। जैसे ही गृहयुद्ध समाप्त हुआ, ब्रिटेन में फिर से अमेरिका से कपास आने लगी। भारतीय रैयत की कपास की बिक्री घट गई और साथ ही उनका ऋण का स्रोत भी सूख गया। इससे उनमें आक्रोश बढ़ता गया।

Exam Tips:

a) अमेरिकी गृहयुद्ध 1861-65 तथा 1862 में ब्रिटेन के 90% से अधिक कपास आयात भारत से — दोनों तथ्य अवश्य लिखें।
b) उत्तर दो भागों में लिखें — युद्ध के दौरान तेज़ी (बूम) और युद्ध के बाद मंदी व ऋण का सूखना।
c) प्रति एकड़ 100 रुपये की पेशगी और कपास-क्षेत्र का दोगुना होना — ये आँकड़े उत्तर को प्रभावी बनाते हैं।
d) युद्ध के बाद ऋण न मिलना ही 1875 के दक्कन विद्रोह की पृष्ठभूमि बना।

 

Question 9: किसानों का इतिहास लिखने में सरकारी स्रोतों के उपयोग के बारे में क्या समस्याएँ आती हैं?

Answer:

किसानों का इतिहास लिखते समय सरकारी स्रोतों के उपयोग में इतिहासकारों को कई तरह की समस्याएँ आती हैं, जैसे कि ये स्रोत निष्पक्ष नहीं होते। राजस्व अभिलेख, दंगा आयोगों की रिपोर्टें, सरकार द्वारा नियुक्त सर्वेक्षणकर्ताओं की रिपोर्टें, प्रशासनिक पत्राचार, अधिकारियों के निजी कागज़ात और उनकी डायरियों के वृत्तांत — ये सभी दस्तावेज़ सरकारी स्रोत कहलाते हैं।

इन सरकारी स्रोतों के आधार पर किसानों का इतिहास लिखने में सबसे बड़ी समस्या इन स्रोतों के ‘उद्देश्य और दृष्टिकोण’ को समझने की होती है, क्योंकि वे किसी-न-किसी रूप में सरकारी दृष्टिकोण और इरादों के पक्षधर होते हैं। उदाहरण के लिए, ‘दक्कन दंगा आयोग’ की नियुक्ति का उद्देश्य यह पता लगाना था कि सरकारी राजस्व की माँग का विद्रोह से क्या संबंध था, अर्थात् क्या किसान राजस्व की ऊँची दर के कारण विद्रोही हुए थे या इसके दूसरे कारण थे। जाँच के बाद आयोग ने अपनी रिपोर्ट में स्पष्ट किया कि सरकारी माँग किसानों के आक्रोश का कारण बिलकुल नहीं थी।

आयोग ने इसके लिए साहूकारों और उनके हथकंडों को ही ज़िम्मेदार ठहराया। परंतु किसान साहूकार की शरण में जाने को क्यों विवश हुआ, इस प्रश्न पर आयोग निष्पक्ष नहीं रहा। राजस्व की ऊँची दर, उसे वसूलने के कठोर तरीके, मंदी और प्राकृतिक आपदाएँ (जैसे अकाल) ही किसान को साहूकार के चंगुल में फँसाती थीं, किंतु आयोग ने इन बातों को ज़िम्मेदार नहीं माना। स्पष्ट है कि आयोग सरकार का पक्ष ले रहा था, क्योंकि औपनिवेशिक सरकार अपना दोष स्वीकार करने को तैयार नहीं थी।

ध्यान रहे, सरकारी रिपोर्टें इतिहास-लेखन के लिए बहुमूल्य स्रोत होती हैं, लेकिन उन्हें हमेशा सावधानी से पढ़ना चाहिए। साथ ही उनके साक्ष्यों का मिलान समाचार-पत्रों, गैर-सरकारी वृत्तांतों, कानूनी अभिलेखों और यथासंभव मौखिक स्रोतों से करना चाहिए।

Exam Tips:

a) दक्कन दंगा आयोग की रिपोर्ट 1878 में ब्रिटिश संसद में प्रस्तुत की गई — यह सरकारी पक्षपात का प्रमुख उदाहरण है।
b) आयोग ने विद्रोह का दोष साहूकारों पर डाला और सरकारी राजस्व माँग को निर्दोष बताया — यह बिंदु अवश्य लिखें।
c) पाँचवीं रिपोर्ट (1813) भी कंपनी के कुशासन को बढ़ा-चढ़ाकर दिखाती है — इसे दूसरे उदाहरण के रूप में दे सकते हैं।
d) निष्कर्ष में लिखें कि सरकारी स्रोतों का मिलान समाचार-पत्रों, कानूनी अभिलेखों और मौखिक स्रोतों से करना चाहिए।

 

मानचित्र कार्य

Question 10: उपमहाद्वीप के बाह्यरेखा मानचित्र (खाके) में इस अध्याय में वर्णित क्षेत्रों को अंकित कीजिए। यह भी पता लगाइए कि क्या ऐसे भी कोई इलाके थे जहाँ इस्तमरारी बंदोबस्त और रैयतवाड़ी व्यवस्था लागू थी। ऐसे इलाकों को मानचित्र में भी अंकित कीजिए।

Answer:

इस अध्याय में वर्णित मुख्य क्षेत्र हैं — बंगाल (बिहार और उड़ीसा सहित) तथा बर्दवान, पूर्वी भारत में राजमहल की पहाड़ियाँ (पहाड़िया और संथाल लोगों के क्षेत्र), भागलपुर, बंबई प्रेज़िडेंसी का दक्कन क्षेत्र (पूना, अहमदनगर, सूपा) तथा मद्रास प्रेज़िडेंसी। मानचित्र में इन्हें अंकित करें।

इस्तमरारी बंदोबस्त मुख्य रूप से बंगाल, बिहार और उड़ीसा में लागू किया गया था। बाद में इसे बनारस और मद्रास प्रेज़िडेंसी के उत्तरी ज़िलों में भी लागू किया गया। यह ब्रिटिश भारत के लगभग 19% भाग पर लागू था।

रैयतवाड़ी व्यवस्था 1820 के आसपास से मद्रास प्रेज़िडेंसी, बंबई प्रेज़िडेंसी (दक्कन सहित) के अधिकांश भाग, बरार, असम और कुर्ग के कुछ क्षेत्रों में लागू की गई। इसमें ब्रिटिश भारत की कुल भूमि का लगभग 51% भाग शामिल था। मद्रास प्रेज़िडेंसी ऐसा क्षेत्र था जहाँ उत्तरी ज़िलों में इस्तमरारी बंदोबस्त और शेष अधिकांश भाग में रैयतवाड़ी व्यवस्था लागू थी।

Exam Tips:

a) इस्तमरारी बंदोबस्त वाले क्षेत्रों और रैयतवाड़ी वाले क्षेत्रों को मानचित्र में अलग-अलग रंग या चिह्न से दिखाएँ।
b) रैयतवाड़ी व्यवस्था में राजस्व सीधे रैयत से लिया जाता था और यह मद्रास में टॉमस मुनरो से जुड़ी है।
c) राजमहल की पहाड़ियाँ पूर्वी भारत (वर्तमान झारखंड) में हैं; इन्हें पूर्वोत्तर भारत में न दिखाएँ।
d) मानचित्र के साथ एक छोटी सूची (कुंजी) अवश्य दें, जिसमें प्रत्येक चिह्न का अर्थ लिखा हो।

 

परियोजना कार्य

Question 11: फ्रांसिस बुकानन ने पूर्वी भारत के अनेक जिलों के बारे में रिपोर्ट प्रकाशित की थीं। उनमें से एक रिपोर्ट पढ़िए और इस अध्याय में चर्चित विषयों पर ध्यान केंद्रित करते हुए उस रिपोर्ट में ग्रामीण समाज के बारे में उपलब्ध जानकारी को संकलित कीजिए। यह भी बताइए कि इतिहासकार लोग ऐसी रिपोर्टों का किस प्रकार उपयोग कर सकते हैं।

Answer:

यह एक परियोजना कार्य है, जिसे विद्यार्थी अपने अध्यापक के मार्गदर्शन में तैयार करें। एक नमूना रूपरेखा इस प्रकार हो सकती है —

(i) फ्रांसिस बुकानन एक चिकित्सक थे, जिन्होंने ईस्ट इंडिया कंपनी के लिए बंगाल प्रेज़िडेंसी के ज़िलों (जैसे भागलपुर, पूर्णिया, रंगपुर, दिनाजपुर) का सर्वेक्षण किया।
(ii) उदाहरण के लिए भागलपुर रिपोर्ट से ये जानकारियाँ संकलित की जा सकती हैं — राजमहल की पहाड़ियों में पहाड़िया लोगों की झूम खेती और जंगल पर निर्भरता, संथालों द्वारा जंगल साफ़ करके बसाई गई बस्तियाँ और उनकी खेती, ज़मींदारों, जोतदारों और किसानों के संबंध, फसलें, बाज़ार और व्यापार।
(iii) बुकानन यह भी बताते हैं कि किन संसाधनों (पत्थर, खनिज, जंगल) को व्यावसायिक लाभ के लिए विकसित किया जा सकता है; इससे कंपनी के दृष्टिकोण का पता चलता है।

इतिहासकार ऐसी रिपोर्टों से किसी क्षेत्र की कृषि, बस्तियों, व्यापार और लोगों के रीति-रिवाजों की विस्तृत जानकारी लेते हैं। परंतु वे इन्हें सावधानी से पढ़ते हैं, क्योंकि बुकानन ने कंपनी के हितों और ‘प्रगति’ की औपनिवेशिक धारणा के अनुसार चीज़ों को देखा था। इसलिए इन रिपोर्टों का मिलान दूसरे स्रोतों से भी किया जाता है।

Exam Tips:

a) बुकानन के सर्वेक्षण कंपनी के लिए थे, इसलिए उनकी दृष्टि में ‘उपयोगी’ संसाधनों और राजस्व पर अधिक ज़ोर रहता था।
b) रिपोर्ट को अध्याय के विषयों — पहाड़िया, संथाल, ज़मींदार-जोतदार संबंध — के शीर्षकों में संकलित करें।
c) अंत में अवश्य लिखें कि इतिहासकार ऐसी रिपोर्टों को अन्य स्रोतों से मिलाकर ही उपयोग करते हैं।

 

Question 12: आप जिस क्षेत्र में रहते हैं, वहाँ के ग्रामीण समुदाय के वृद्धजनों से चर्चा कीजिए और उन खेतों में जाइए जिन्हें वे अब जोतते हैं। यह पता लगाइए कि वे क्या पैदा करते हैं, वे अपनी रोज़ी-रोटी कैसे कमाते हैं, उनके माता-पिता क्या करते थे, उनके बेटे-बेटियाँ अब क्या करती हैं और पिछले 75 सालों में उनके जीवन में क्या-क्या परिवर्तन आए हैं। अपने निष्कर्षों के आधार पर एक रिपोर्ट तैयार कीजिए।

Answer:

इसके लिए विद्यार्थी गाँव के सरपंच, नंबरदार और वृद्धजनों से जानकारी प्राप्त करें तथा यथासंभव गाँव से संबंधित रिकॉर्ड (जैसे पटवारी के अभिलेख) देखें। साक्षात्कारों और विभिन्न अभिलेखों के आधार पर अपने अध्यापक के मार्गदर्शन में ‘प्रोजेक्ट रिपोर्ट’ बनाएँ।

रिपोर्ट में इन शीर्षकों को शामिल किया जा सकता है — (i) मुख्य फसलें और खेती के साधन (हल-बैल से ट्रैक्टर, नलकूप आदि), (ii) आजीविका के स्रोत (खेती, पशुपालन, मज़दूरी, नौकरी), (iii) माता-पिता की पीढ़ी के व्यवसाय, (iv) वर्तमान पीढ़ी के बेटे-बेटियों की शिक्षा और व्यवसाय, (v) पिछले 75 वर्षों के परिवर्तन — जैसे हरित क्रांति, सिंचाई और बिजली, संचार-साधन, शिक्षा और महिलाओं की स्थिति में सुधार।

Exam Tips:

a) साक्षात्कार के लिए पहले से प्रश्नों की एक छोटी सूची बना लें और उत्तरों को तारीख सहित लिखें।
b) पीढ़ियों की तुलना (दादा-दादी, माता-पिता, बच्चे) एक तालिका में दिखाने से रिपोर्ट अधिक स्पष्ट बनती है।
c) हरियाणा के संदर्भ में 1960 के दशक की हरित क्रांति खेती में आए बदलाव का सबसे बड़ा उदाहरण है।

 

History Class 12 Curriculum Solutions: Chapter 10 Colonialism and the Countryside: Exploring Official Archives

Official Haryana Board Solutions for Chapter 10 Colonialism and the Countryside: Exploring Official Archives

Explore reliable textbook solutions for Chapter 10 Colonialism and the Countryside: Exploring Official Archives tailored for Class 12 learners. Utilizing these complete exercise answers ensures your preparation aligns exactly with official Haryana Board standards for History.

Step-by-Step Explanations for Chapter 10 Colonialism and the Countryside: Exploring Official Archives

Each solution includes detailed reasoning to foster genuine comprehension of Chapter 10 Colonialism and the Countryside: Exploring Official Archives concepts. Reviewing these step-by-step breakdowns allows learners to master both analytical and descriptive questions expected in school evaluations.

Next Steps in Your History Revision

These resources act as an effective roadmap for daily homework tasks and independent study. Supplement your review of Chapter 10 Colonialism and the Countryside: Exploring Official Archives with official sample papers and interactive practice tests available on our platform free of charge.

FAQs

Where can I find the latest HBSE Class 12 History Solutions Chapter 10 उपनिवेशवाद और देहात : सरकारी अभिलेखों का अध्ययन for the 2026-27 session?

The complete and updated HBSE Class 12 History Solutions Chapter 10 उपनिवेशवाद और देहात : सरकारी अभिलेखों का अध्ययन is available for free on StudiesToday.com. These solutions for Class 12 History are as per latest Haryana Board curriculum.

Are the History Haryana Board solutions for Class 12 updated for the new 50% competency-based exam pattern?

Yes, our experts have revised the HBSE Class 12 History Solutions Chapter 10 उपनिवेशवाद और देहात : सरकारी अभिलेखों का अध्ययन as per 2026 exam pattern. All textbook exercises have been solved and have added explanation about how the History concepts are applied in case-study and assertion-reasoning questions.

How do these Class 12 Haryana Board solutions help in scoring 90% plus marks?

Toppers recommend using Haryana Board language because Haryana Board marking schemes are strictly based on textbook definitions. Our HBSE Class 12 History Solutions Chapter 10 उपनिवेशवाद और देहात : सरकारी अभिलेखों का अध्ययन will help students to get full marks in the theory paper.

Do you offer HBSE Class 12 History Solutions Chapter 10 उपनिवेशवाद और देहात : सरकारी अभिलेखों का अध्ययन in multiple languages like Hindi and English?

Yes, we provide bilingual support for Class 12 History. You can access HBSE Class 12 History Solutions Chapter 10 उपनिवेशवाद और देहात : सरकारी अभिलेखों का अध्ययन in both English and Hindi medium.

Is it possible to download the History Haryana Board solutions for Class 12 as a PDF?

Yes, you can download the entire HBSE Class 12 History Solutions Chapter 10 उपनिवेशवाद और देहात : सरकारी अभिलेखों का अध्ययन in printable PDF format for offline study on any device.