Download Haryana Board Solutions for Class 12 Hindi Chapter 02 Jhooj
Access comprehensive textbook solutions for Chapter 02 Jhooj using the official curriculum guides for Class 12 Hindi. Designed to align with the 2026-27 Haryana Board standards, these detailed answers help students reinforce core academic concepts.
Access Haryana Board Solutions and Answers
View or download the dedicated Chapter 02 Jhooj solution resource below. Engaging with these textbook answers under focused study conditions ensures continuous academic progress and mastery of the 2026-27 curriculum for Hindi.
Question 1: ‘जूझ’ शीर्षक के औचित्य पर विचार करते हुए यह स्पष्ट करें कि क्या यह शीर्षक कथानायक की किसी केंद्रीय चारित्रिक विशेषता को उजागर करता है?
Answer:
‘जूझ’ शीर्षक कहानी का केंद्र-बिंदु है। ‘जूझ’ का अर्थ है संघर्ष। कथानायक आनंद इस पाठ में आदि से अंत तक संघर्ष करता दिखाई देता है। पाठशाला जाने के लिए उसे लंबा संघर्ष करना पड़ा, जिसमें उसकी माँ और दत्ता जी राव देसाई का सहयोग भी उल्लेखनीय है। पाठशाला में प्रवेश लेने के बाद अपने अस्तित्व के लिए उसे फिर से जूझना पड़ा, तब कहीं जाकर वह कक्षा का मॉनीटर बना। उसने कवि बनने के लिए भी निरंतर संघर्ष किया। वह कागज़ के छोटे टुकड़ों, पत्थर की शिला या भैंस की पीठ पर कविता लिखा करता था। इस संघर्ष में मराठी अध्यापक न.वा. सौंदलगेकर ने उसका साथ दिया। वास्तव में कथानायक के दादा के अतिरिक्त लगभग सभी पात्रों ने उसका साथ दिया। अतः यह कहना उचित है कि उपन्यास का शीर्षक ‘जूझ’ पूरी तरह तर्कसंगत है।
यह शीर्षक कथानायक की संघर्षमयी प्रवृत्ति की ओर संकेत करता है। जब दादा ने उसे पाठशाला जाने से रोक दिया, तब वह चुपचाप नहीं बैठा। सबसे पहले उसने अपनी माँ को अपने पक्ष में किया और फिर दत्ता जी राव देसाई का सहयोग प्राप्त किया। वह अपनी बात दृढ़ता से रखता है, दादा द्वारा लगाए गए आरोपों का डटकर उत्तर देता है और अंततः दादा को आश्वस्त करके पाठशाला में प्रवेश लेता है। पाठशाला की परिस्थितियाँ भी उसके प्रतिकूल थीं, परंतु उसने हार नहीं मानी। अपने जुझारूपन के कारण वह कक्षा का मॉनीटर बन जाता है और स्वयं कविता भी लिखने लगता है। यह सब उसके संघर्ष का ही परिणाम है।
Exam Tips:
a) कथानायक के दादा को छोड़कर लगभग सभी पात्रों के सहयोग का उल्लेख अवश्य करें।
b) पाठशाला में प्रवेश, मॉनीटर बनना और कविता लेखन, तीनों संघर्षों को क्रम से लिखें।
c) शीर्षक की सार्थकता सिद्ध करने के लिए कथानायक के संघर्ष के उदाहरण दें।
d) ‘जूझ’ का अर्थ संघर्ष है, यह बात उत्तर की शुरुआत में ही लिख दें।
Question 2: स्वयं कविता रच लेने का आत्मविश्वास लेखक के मन में कैसे पैदा हुआ?
Answer:
लेखक मराठी के अध्यापक न.वा. सौंदलगेकर से बहुत प्रभावित हुआ। वे स्वयं कविता लिखते थे और कक्षा में कविता पढ़ाते समय उसका सस्वर पाठ करते थे। उन्हें लय, छंद, यति-गति और आरोह-अवरोह का अच्छा ज्ञान था। कविता पढ़ते समय उनके मुख पर कविता के भाव झलकने लगते थे, जिसका कथानायक पर अनुकूल प्रभाव पड़ा। जब उसे पता चला कि अध्यापक ने अपने घर के दरवाज़े पर लगी मालती लता पर कविता लिखी है, तब उसे अनुभव हुआ कि कवि भी अन्य मनुष्यों की तरह हाड़-माँस, क्रोध और लोभ जैसी प्रवृत्तियों के अधीन होता है। उसने वह मालती लता देखी थी और उस पर लिखी कविता भी पढ़ी थी। इसके बाद उसे लगा कि वह अपने गाँव, खेत और आसपास के दृश्यों पर भी कविता लिख सकता है। शीघ्र ही वह तुकबंदी करने लगा और अध्यापक ने भी उसका उत्साह बढ़ाया। अध्यापक से छठी-सातवीं के विद्यार्थियों के सामने कविता पाठ करने का अवसर मिला। स्कूल के एक समारोह में उसने कविता का गान भी किया। इन अनुभवों से उसके मन में यह विश्वास पैदा हुआ कि वह भी कवि बन सकता है।
Exam Tips:
a) मालती लता वाली कविता ने लेखक का यह भ्रम तोड़ा कि कवि कोई अलग प्राणी होते हैं।
b) अध्यापक का सस्वर पाठ और लेखक के मंच-अनुभव, दोनों को क्रम से लिखें।
c) उत्तर में ‘आत्मविश्वास’ के बढ़ने के चरण स्पष्ट करें।
Question 3: श्री सौंदलगेकर की अध्यापन की उन विशेषताओं को रेखांकित करें जिन्होंने कविताओं के प्रति लेखक के मन में रुचि जगाई।
Answer:
श्री सौंदलगेकर लेखक की कक्षा में मराठी पढ़ाते थे और कविता बड़े सुचारु ढंग से पढ़ाते थे। उनका गला सुरीला था और उन्हें छंद की यति, कविता की गति तथा आरोह-अवरोह का अच्छा ज्ञान था। वे प्रायः कविता गाकर सुनाते और साथ-साथ अभिनय भी करते थे। उन्होंने कुछ अंग्रेज़ी कविताएँ भी कंठस्थ कर रखी थीं। मराठी के अनेक कवियों से उनका निकट संबंध था, इसलिए कविता पढ़ाते समय वे कवि यशवंत, बा.भ. बोरकर, भा.रा. तांबे, गिरीश और केशवकुमार के साथ हुई अपनी मुलाकातों के संस्मरण भी सुनाते थे। कभी-कभी वे स्वरचित कविता भी कक्षा में सुनाते थे, और सुनाते समय उनके चेहरे पर भावों के अनुरूप हाव-भाव दिखाई देते थे। उन्होंने लेखक की तुकबंदी में अनेक बार सुधार किया और बार-बार प्रोत्साहित किया। वे बताते थे कि कविता की भाषा कैसी होनी चाहिए, कविता में संस्कृत का प्रयोग कैसे होता है और छंद की जाति कैसे पहचानी जाती है। उन्होंने लेखक को अलंकारों का ज्ञान कराया, शुद्ध लेखन पर बल दिया और कभी-कभी उसे पुस्तकें व कविता-संग्रह भी दिए। इस प्रकार वे लेखक को कविता लिखने के लिए लगातार प्रेरित करते रहे।
Exam Tips:
a) छंद, यति-गति और आरोह-अवरोह का ज्ञान अध्यापक की प्रमुख विशेषता के रूप में लिखें।
b) कविता गाकर और अभिनय के साथ पढ़ाना उनकी शिक्षण-शैली की पहचान थी।
c) संस्मरण सुनाना और रचनाओं में सुधार करना, दोनों को अलग-अलग बिंदुओं में लिखें।
Question 4: कविता के प्रति लगाव से पहले और उसके बाद अकेलेपन के प्रति लेखक की अवधारणा में क्या बदलाव आया?
Answer:
कविता के प्रति लगाव से पहले कथानायक को ढोर चराते समय, खेत में पानी लगाते समय या कोई दूसरा काम करते समय अकेलापन बहुत खटकता था। उसे किसी के साथ बातचीत करना, गपशप करना और हँसी-मज़ाक करना अच्छा लगता था। परंतु अब अकेलापन उसे नहीं खटकता था। कविता लिखते समय वह अपने-आप से खेलता था, इसलिए अब वह अकेला रहना पसंद करने लगा था। इस अकेलेपन में वह ऊँची आवाज़ में कविता का गान करता था, कभी-कभी कविता पाठ करते समय अभिनय करता था और थुई-थुई करके नाचता भी था। इसी लगाव के कारण उसने अनेक बार नाचते हुए कविता गाई।
Exam Tips:
a) पहले अकेलेपन को कष्टदायक और बाद में आनंददायक मानने का अंतर स्पष्ट लिखें।
b) कविता लेखन में लीन रहने से अकेलापन सुखद लगने लगा, यह कारण अवश्य लिखें।
Question 5: आपके ख़याल से पढ़ाई-लिखाई के संबंध में लेखक और दत्ता जी राव का रवैया सही था या लेखक के पिता का? तर्क सहित उत्तर दें।
Answer:
हमारे विचार में पढ़ाई-लिखाई के संबंध में दत्ता जी राव का रवैया बिल्कुल सही था, जबकि लेखक के पिता का रवैया गलत था। लेखक का यह सोचना सही था कि पढ़-लिखकर नौकरी मिल सकती है, या चार पैसे हाथ में होने पर विठोबा आण्णा की तरह कोई व्यापार किया जा सकता है। उसका यह सोचना भी सही था कि जीवन भर खेत में काम करने से कुछ हाथ नहीं लगेगा। दत्ता जी राव ने लेखक के पिता को समझाया और डाँटा, तथा लेखक को पढ़ने के लिए पाठशाला भिजवाया, इसलिए उनका रवैया सही कहा जा सकता है। लेखक के पिता का यह कहना, “तेरे ऊपर पढ़ने का भूत सवार हुआ है। मुझे मालूम है, बैरिस्टर नहीं होने वाला है तू”, सर्वथा अनुचित है। फिर भी आज के हालात में पढ़ा-लिखा व्यक्ति वैज्ञानिक ढंग से खेती करके अच्छी कमाई कर सकता है और समाज के निर्माण में योगदान दे सकता है।
Exam Tips:
a) पिता के कथन की अनुचितता और दत्ता जी राव के सुधारवादी दृष्टिकोण, दोनों के पक्ष में तर्क दें।
b) ‘बैरिस्टर’ वाली टिप्पणी पिता की सोच की संकीर्णता को दर्शाती है।
c) केवल पक्ष चुनना पर्याप्त नहीं है, हर निर्णय के साथ कारण भी लिखें।
d) वैज्ञानिक ढंग से खेती करने का सुझाव उत्तर को संतुलित बनाता है।
Question 6: दत्ता जी राव से पिता पर दबाव डलवाने के लिए लेखक और उसकी माँ को एक झूठ का सहारा लेना पड़ा। यदि झूठ का सहारा न लेना पड़ता तो आगे का घटनाक्रम क्या होता? अनुमान लगाएँ।
Answer:
कथानायक और उसकी माँ दत्ता जी राव के पास इसलिए गए थे कि वे लेखक के पिता पर दबाव डालकर लेखक को पाठशाला भिजवा सकें। उठते समय माँ ने दत्ता जी राव से कहा था, “हमने यहाँ आकर ये सभी बातें कहीं हैं, यह मत बता देना, नहीं तो हम दोनों की खैर नहीं है। माँ अकेली साग-भाजी देने आई थी, यह बता देंगे तो अच्छा होगा।” ऐसा ही झूठ लेखक की माँ ने अपने पति से बोला और उसे दत्ता जी राव के यहाँ मिलने के लिए भेजा।
यदि लेखक की माँ यह झूठ न बोलती तो लेखक के दादा (पिता) बहुत नाराज़ होते और माँ-बेटे की खूब पिटाई करते। दत्ता जी राव को यह पता ही न चलता कि लेखक का पिता स्वयं अय्याशी करने के लिए बेटे को खेत में झोंके हुए है। इसी प्रकार यदि लेखक यह झूठ न बोलता कि दादा (पिता) को खाना खाने के लिए बुलाया है और उन्होंने अभी खाना नहीं खाया है, तो वह वहाँ पहुँच ही न पाता, और दादा लेखक पर झूठे आरोप लगाकर दत्ता जी राव को चुप करा देते। अर्थात् यदि माँ-बेटे ये झूठ न बोलते तो लेखक जीवन भर पढ़ाई न कर पाता और कोल्हू के बैल की तरह खेती में पिसता रहता।
Exam Tips:
a) माँ के झूठ और लेखक के झूठ, दोनों के अलग-अलग परिणाम लिखें।
b) ‘कोल्हू का बैल’ मुहावरे का अर्थ है निरंतर कठिन परिश्रम में जुटे रहना।
c) अनुमान में दादा के क्रोध और लेखक की पढ़ाई रुकने की संभावना, दोनों का उल्लेख करें।
बोधात्मक प्रश्न
Question 1: आनंद अर्थात् कथानायक का चरित्र-चित्रण कीजिए।
अथवा
कथानायक की चारित्रिक विशेषताओं पर प्रकाश डालिए।
Answer:
कथानायक में पाठशाला जाकर पढ़ने की बड़ी ललक थी। लेकिन वह अपने दादा के डर से यह नहीं कह पाता कि वह पढ़ने जाएगा। इसलिए वह अपनी पढ़ाई को लेकर माँ के सामने अपने मन की इच्छा प्रकट करता है और सुझाव देता है कि उन्हें दत्ता जी राव देसाई की सहायता लेनी चाहिए। वस्तुतः यह बालक बड़ा दूरदर्शी और बुद्धिमान है। वह भली-भाँति जानता है कि उसके दादा न तो उसकी माँ की सुनेंगे और न उसकी, किंतु वे दत्ता जी राव के आदेश का पालन अवश्य करेंगे। इसलिए वह माँ को साथ लेकर दत्ता जी राव के सामने सारी सच्चाई खोल देता है।
इसके लिए वह माँ के सहयोग से झूठ का सहारा भी लेता है। गाँव का यह छोटा-सा लड़का इस तथ्य को अच्छी तरह जानता है कि पढ़-लिखकर कोई नौकरी प्राप्त की जा सकती है या कोई व्यापार भी किया जा सकता है। साथ ही यह बालक बड़ा परिश्रमी है। सवेरा होते ही वह खेत में जाता है और ग्यारह बजे तक काम करने के बाद पाठशाला जाता है। पाठशाला से लौटकर वह ढोर भी चराता है। यद्यपि कक्षा में उसे अपने अस्तित्व के लिए जूझना पड़ता है, फिर भी वह खेती और पढ़ाई दोनों को बड़ी मेहनत और लगन से करता है।
शीघ्र ही कक्षा के होशियार बच्चों में उसकी गिनती होने लगती है और मॉनीटर की तरह वह दूसरे बच्चों के सवाल जाँचने लगता है। यह बालक अध्यापकों को भी प्रभावित करने लगता है और गणित के मास्टर उसे मॉनीटर का कार्य सौंप देते हैं। मराठी अध्यापक के संपर्क में आने के बाद उसकी कविता-लेखन में रुचि पैदा होती है। वह छठी-सातवीं के बालकों के सामने कविता गान करता है और पाठशाला के समारोह में भी भाग लेता है। मराठी अध्यापक के सहयोग से शुरू में वह तुकबंदी करता है, लेकिन बाद में वह अच्छी कविता लिखने लगता है।
Exam Tips:
a) झूठ का सहारा लेने वाले प्रसंग को चरित्र की व्यावहारिक बुद्धि के रूप में समझाएँ।
b) खेती और पढ़ाई, दोनों में परिश्रम करने का उदाहरण अवश्य लिखें।
c) मॉनीटर बनने और कविता-लेखन, दोनों उपलब्धियों का क्रम से वर्णन करें।
d) चरित्र-चित्रण में बालक की दूरदर्शिता और बुद्धिमानी को अलग से स्पष्ट करें।
Question 2: ‘जूझ’ कहानी के आधार पर दत्ता जी राव का चरित्र-चित्रण कीजिए।
Answer:
दत्ता जी राव गाँव के एक सफल ज़मींदार हैं और गाँव वाले उनका बड़ा आदर करते हैं। एक समय लेखक के दादा उन्हीं के खेतों पर काम करते थे। वे नेकदिल और प्रभावशाली व्यक्ति हैं और दूसरों के दुख में सहायता करते हैं। बच्चों और स्त्रियों के प्रति उनका व्यवहार कोमल और अनुकूल है। जो भी व्यक्ति सहायता के लिए उनके दरवाज़े पर आता है, वे उसकी सहायता करते हैं। कथानायक उनकी इस प्रवृत्ति से भली-भाँति परिचित है, इसलिए वह अपनी माँ के साथ उनकी सहायता लेने जाता है।
दत्ता जी राव साम, दाम, दंड और भेद, सभी उपाय अपनाकर काम निकालना जानते हैं। इसलिए लेखक और उसकी माँ के कहने पर उन्होंने लेखक के दादा को अपने पास बुलाया। लेखक भी बहाने से वहाँ पहुँच गया। इस अवसर पर हुई बातचीत से दादा की सारी कलई खुल गई। राव जी ने उसे खूब फटकारा और खरी-खोटी सुनाई, और उसे इस बात के लिए मजबूर कर दिया कि वह लेखक को पढ़ने के लिए पाठशाला अवश्य भेजे। वस्तुतः दत्ता जी राव एक कुशल कुम्हार की भाँति पहले उसे खूब ठोकते-पीटते हैं और फिर अपनी उदारता तथा करुणा से प्यार के साथ समझाते हैं। इसी से वे लेखक के दादा को सही रास्ते पर ले आते हैं।
Exam Tips:
a) दत्ता जी राव की ‘साम, दाम, दंड, भेद’ वाली नीति का उदाहरण अवश्य दें।
b) कुम्हार की उपमा से उनके दोहरे व्यवहार (डाँट और प्रेम) को स्पष्ट करें।
c) गाँव में उनका आदर और सहायता करने का स्वभाव, दोनों बातें लिखें।
Question 3: लेखक के दादा की चारित्रिक विशेषताएँ लिखिए।
Answer:
लेखक का दादा इस उपन्यास का खल पात्र है। वह आलसी, निकम्मा और ऐयाश व्यक्ति है। उसकी पत्नी के अनुसार वह दिन भर एक वेश्या के घर पड़ा रहता है और आवारा साँड की तरह गाँव की गलियों में घूमता रहता है। अपने बेटे के भावी जीवन की उसे कोई चिंता नहीं है। उसने छोटे-से बालक को पाठशाला से हटाकर खेती में लगा दिया है। उसे न घर-परिवार की चिंता है, न अपनी पत्नी और बेटे की। बात-बात पर पत्नी को डाँटना और मारना उसके लिए सामान्य बात है, और उसकी पत्नी उसे बरहेला सूअर कहती है।
यदि घर का कोई सदस्य उसकी आवारागर्दी में बाधा डालता है तो वह उसे कुचल देता है। वस्तुतः दादा गाँव के आम शराबियों और मक्कारों जैसा है। अपनी रक्षा के लिए वह बड़े-से-बड़ा झूठ बोल सकता है। वह अपने स्वार्थ के लिए अपने मेहनती और होनहार बेटे पर आरोप लगाने से भी नहीं चूकता। फिर भी वह बुरा व्यक्ति होते हुए दत्ता जी राव का पूरा आदर करता है और उनकी डाँट-फटकार सुनकर सीधे रास्ते पर आ जाता है।
Exam Tips:
a) आलस्य, आवारागर्दी और शराब-मक्कारी, तीनों दोषों को अलग-अलग लिखें।
b) दत्ता जी राव के सामने दादा का झुक जाना उसकी दोहरी प्रवृत्ति दिखाता है।
c) बरहेला सूअर वाली उपमा का अर्थ और उसका संदर्भ अवश्य लिखें।
Question 4: डेढ़ साल तक घर बैठे रहने के बाद भी कथानायक फिर से पाठशाला कैसे पहुँचता है?
Answer:
कथानायक जब पाँचवीं कक्षा में था, तब उसके दादा ने उसे पाठशाला से हटाकर खेती के काम में लगा दिया। परंतु कथानायक के मन में पढ़ाई के लिए बड़ी ललक थी। वह सोचता था कि यदि वह फिर से पाठशाला जाएगा तो पाँचवीं कक्षा अवश्य पास कर लेगा। लेकिन वह दादा से अपने मन की बात नहीं कर सकता था। इसलिए उसने माँ की सहायता ली और दोनों माँ-बेटे दत्ता जी राव के पास गए। दोनों ने दत्ता जी राव से यह भी निवेदन किया कि उनके यहाँ आने की बात दादा से न कही जाए। उधर माँ ने यह बहाना बनाया कि वह दत्ता जी के यहाँ साग-भाजी देने गई थी। इस प्रकार झूठ का सहारा लेकर कथानायक ने दत्ता जी राव का दबाव दादा पर डलवाया। अंततः दादा इन शर्तों पर पाठशाला भेजने को तैयार हो गया कि वह सुबह ग्यारह बजे तक खेत में काम करेगा, फिर पाठशाला जाएगा और लौटकर पशु भी चराएगा। इन सब संघर्षों से जूझने के बाद लेखक पाठशाला जा सका।
Exam Tips:
a) माँ और दत्ता जी राव, दोनों की भूमिका को क्रम से लिखें।
b) दादा द्वारा रखी गई तीन शर्तों का उल्लेख अवश्य करें।
c) झूठ का सहारा लेने की बात को सकारात्मक ढंग से समझाएँ।
Question 5: पाठशाला जाने पर लेखक को किन परेशानियों का सामना करना पड़ा?
Answer:
कक्षा में गली के केवल दो लड़के ही लेखक के परिचित थे, बाकी सभी अपरिचित थे। लेखक को कमज़ोर बच्चों के साथ बैठने के लिए मजबूर किया गया। उसके कपड़े पाठशाला के अनुकूल नहीं थे। लट्ठे के थैले में पिछली कक्षा की कुछ किताबें और कापियाँ थीं। उसने सिर पर गमछा बाँधा था और लाल रंग की मटमैली धोती पहनी थी। शरारती लड़के उसका मज़ाक उड़ाने लगे। एक शरारती लड़के ने उसका गमछा छीनकर मास्टर जी की मेज़ पर रख दिया। छुट्टी के मध्यकाल में उसकी धोती की लाँग खींचने का भी प्रयास किया गया। कक्षा के एक किनारे पर वह अपरिचित और उपेक्षित विद्यार्थी की तरह बैठा रहता था।
छुट्टी के बाद जब वह घर लौटा तो मन में सोचा कि यहाँ लड़के मेरा मज़ाक उड़ाते हैं, गमछा उतारते हैं और धोती खींचते हैं, ऐसे में निर्वाह कैसे होगा। इससे तो खेत का काम ही अच्छा है। परंतु अगले दिन वह फिर उत्साह के साथ पाठशाला पहुँच गया। उसे आठ दिन में एक नई टोपी और दो नई नाड़ी वाली मैलखाऊ रंग की चड्डियाँ मिलीं, जो वास्तव में स्कूल की ड्रेस थी। अंततः कक्षा के अध्यापक मंत्री जी के डर से शरारती लड़कों का अत्याचार कम हुआ और लेखक मन लगाकर पढ़ने लगा।
Exam Tips:
a) गमछा, धोती की लाँग और कपड़ों से जुड़ी परेशानियों को अलग-अलग लिखें।
b) अपरिचित सहपाठियों के बीच अकेलापन भी एक बड़ी परेशानी थी, इसका उल्लेख करें।
c) मंत्री जी के डर से शरारतें कम होने की बात अवश्य लिखें।
Question 6: कथानायक की माँ की चारित्रिक विशेषताएँ लिखिए।
Answer:
लेखक की माँ एक शोषित और प्रताड़ित नारी है। उसके पति ने उसे डरा-धमकाकर कुंठित कर दिया है और पति की हिंसक प्रवृत्ति के आगे वह हार चुकी है। मन से वह अपने बेटे का कल्याण चाहती है, किंतु पति के डर से कुछ कर नहीं पाती। वह भी चाहती है कि उसका बेटा पढ़ाई करे, पर वह लाचार है। बेटे द्वारा पढ़ाई का प्रस्ताव रखने पर वह कहती है, “अब तू ही बता, मैं क्या करूँ? पढ़ने-लिखने की बात की तो वह बरहेला सूअर की तरह गुर्राता है।”
अंततः वह लेखक के दत्ता जी राव के पास चलने के प्रस्ताव को स्वीकार कर लेती है। फिर भी उसे विश्वास नहीं है कि उसका पति आनंदा को पाठशाला जाने देगा। परंतु वहाँ जाकर उसकी हिम्मत बढ़ जाती है और वह सारी सच्चाई दत्ता जी राव को बता देती है। वह दत्ता जी राव से यह भी कहती है कि वे उसके आने के बारे में उसके पति से कुछ न कहें।
Exam Tips:
a) पति के डर और बेटे के प्रति ममता, दोनों पक्षों को साथ-साथ लिखें।
b) माँ का कथन “मैं क्या करूँ” उसकी लाचारी का प्रमाण है, इसे उद्धृत करें।
c) दत्ता जी राव के पास जाकर उसके साहस में आई वृद्धि का उल्लेख करें।
Question 7: सिद्ध कीजिए कि आनंदा एक जुझारू बालक है।
Answer:
‘जूझ’ कथांश पढ़ने से पता चलता है कि आनंदा अर्थात् लेखक एक सच्चा जुझारू बालक है। उसमें निरंतर संघर्ष करने की प्रवृत्ति है और वह प्रतिकूल परिस्थितियों का सामना करता है। वह अपनी मेहनत से असंभव कार्य को भी संभव कर दिखाता है। वह अपनी बुद्धि का प्रयोग करके माँ को दत्ता जी राव का सहयोग लेने के लिए कहता है और सफल भी होता है। पाठशाला में प्रवेश लेने के बाद उसे पुनः घोर निराशा और तिरस्कार का सामना करना पड़ता है, लेकिन वह घबराता नहीं। शरारती बच्चों से बचते हुए वह न केवल अध्यापक का प्रिय विद्यार्थी बन जाता है, बल्कि कवि भी बन जाता है। यह सब करने के लिए वह पाठशाला की पढ़ाई और खेतों के काम में निरंतर जूझता रहता है। अतः यह कहना गलत नहीं होगा कि आनंदा एक जुझारू बालक है।
Exam Tips:
a) खेत और पाठशाला, दोनों मोर्चों पर संघर्ष करने के उदाहरण दें।
b) माँ को दत्ता जी राव के पास ले जाने की युक्ति जुझारूपन का सबसे सुंदर उदाहरण है।
c) शरारती बच्चों के बीच धैर्य बनाए रखना भी संघर्ष का ही रूप है।
d) निष्कर्ष में ‘जुझारू’ शब्द का अर्थ स्पष्ट करके उत्तर समाप्त करें।
Question 8: सिद्ध कीजिए कि लेखक एक बुद्धिमान और प्रतिभा संपन्न बालक है।
Answer:
बचपन से ही लेखक में बुद्धिमान व्यक्ति के लक्षण दिखाई देते हैं। अपनी पढ़ाई को जारी रखने के लिए वह माँ को समझाता है और उसे दत्ता जी राव के पास ले जाता है। वह राव साहब को विश्वास दिलाकर पिता को भी इस बात के लिए बाध्य कर देता है। पाठशाला की प्रतिकूल परिस्थितियों में भी वह अपनी बुद्धि के बल पर अध्यापकों का प्रिय छात्र बन जाता है और गणित तथा साहित्य में अग्रणी स्थान पा लेता है। उसे कक्षा का मॉनीटर भी बना दिया जाता है। मराठी अध्यापक का सहयोग पाकर वह अच्छी कविता लिखने और गाने लगता है। पढ़ाई के साथ-साथ वह पिता द्वारा रखी गई शर्तों के अनुसार खेत का काम भी पूरी ईमानदारी से करता है। अतः यह कहना अनुचित न होगा कि आनंदा एक प्रतिभाशाली और बुद्धिमान बालक है।
Exam Tips:
a) पिता को राजी करने की घटना बुद्धिमानी का सबसे बड़ा प्रमाण है।
b) गणित और साहित्य, दोनों में उसकी उपलब्धियों का उल्लेख करें।
c) पढ़ाई और खेती की जिम्मेदारी साथ निभाना उसकी ईमानदारी दर्शाता है।
Question 9: ‘जूझ’ कहानी में पिता को मनाने के लिए माँ और दत्ता जी राव की सहायता से एक चाल चली गई है। क्या ऐसा कहना ठीक है? क्यों?
Answer:
‘जूझ’ कहानी में पिता अपने बेटे को पढ़ाने के बजाय खेती के काम में लगाता है और स्वयं दिन भर गाँव में आवारागर्दी करता है। पढ़ाई की बात करने पर वह बरहेला सूअर की तरह गुर्राता है। लेखक अपनी माँ के साथ मिलकर दत्ता जी राव की शरण में जाता है। तीनों ने मिलकर एक ऐसा उपाय निकाला, ताकि कथानायक की पढ़ाई आरंभ हो सके। यदि यह उपाय न अपनाया जाता तो लेखक आजीवन अनपढ़ ही रहता। अतः इस उपाय को ‘चाल’ नहीं कहा जा सकता, क्योंकि ‘चाल’ शब्द से षड्यंत्र की बू आती है। इसे युक्ति या उपाय कहना अधिक उचित है।
Exam Tips:
a) ‘चाल’ और ‘युक्ति’ शब्दों का अंतर समझकर उत्तर लिखें।
b) उपाय का उद्देश्य बालक की पढ़ाई शुरू कराना था, इसे अवश्य लिखें।
c) पिता के व्यवहार को कारण के रूप में प्रस्तुत करें।
Question 10: किस घटना से पता चलता है कि लेखक की माँ उसके मन की पीड़ा समझ रही थी? ‘जूझ’ कहानी के आधार पर बताइए।
Answer:
लेखक ने अपनी माँ से निवेदन किया कि वह आगे पढ़ाई करना चाहता है। पहले तो माँ ने अपनी लाचारी दिखाई, लेकिन जब लेखक ने उसे दत्ता जी राव के पास चलने का सुझाव दिया, तो वह उसकी बात मान गई। उसे लगा कि बेटे की पढ़ाई शुरू कराने का यही सही रास्ता है। वह तत्काल बेटे को साथ लेकर राव साहब के पास गई और बड़ी हिम्मत जुटाकर सारी बात उनके सामने रखी। इस घटना से पता चलता है कि माँ अपने बेटे के मन की पीड़ा को समझती थी।
Exam Tips:
a) माँ की पहली लाचारी और बाद में बदले रुख को क्रम से लिखें।
b) तत्काल जाकर बात रखना माँ की ममता का प्रमाण है।
c) उत्तर में घटना का सीधा उल्लेख करें, अनुमान न लगाएँ।
Question 11: लेखक को पढ़ाने के लिए उसके पिता ने क्या शर्तें रखी?
Answer:
लेखक के पिता ने उसकी पढ़ाई के लिए अनेक शर्तें रखीं। उसने कहा कि पाठशाला जाने से पूर्व लेखक ग्यारह बजे तक खेत में काम करेगा, पानी लगाएगा और वहीं से पाठशाला जाएगा। सवेरे ही बस्ता लेकर वह पहले खेत में जाएगा। पाठशाला से छुट्टी होने के बाद वह घर पर बस्ता रखकर सीधा खेत में आएगा और घंटा भर ढोर चराएगा। जिस दिन खेत में काम अधिक होगा, वह पाठशाला नहीं जाएगा। आखिर लेखक ने पिता की सभी शर्तें मान लीं और पाठशाला जाना आरंभ कर दिया।
Exam Tips:
a) शर्तों को समय के क्रम में लिखें: सुबह खेत, फिर पाठशाला, फिर शाम को पशु चराना।
b) ‘खेत में अधिक काम होने पर छुट्टी’ वाली शर्त अलग से उल्लेख करें।
c) शर्तें मानकर भी लेखक का पढ़ाई का संकल्प बना रहा, यह बात अवश्य लिखें।
Question 12: पाठशाला में पहले ही दिन लेखक के साथ कक्षा में क्या शरारतें हुईं? लेखक ने यह क्यों सोचा कि वह आगे से स्कूल नहीं जाएगा?
Answer:
पहले ही दिन कक्षा में लेखक को खूब तंग किया गया। चह्वाण नाम के लड़के ने लेखक का गमछा छीनकर अपने सिर पर लपेट लिया और फिर उसे अध्यापक की मेज़ पर रख दिया। बीच की छुट्टी में उसकी धोती की लाँग खोलने का प्रयास किया गया। अन्य बच्चों ने उसकी खूब खिल्ली उड़ाई और मनमानी छेड़खानी की। उसकी हालत कौओं की चोंचों से घायल किसी खिलौने जैसी हो गई, जिससे लेखक का मन निराश हो गया। इसलिए उसने मन-ही-मन सोचा कि वह आगे से स्कूल नहीं जाएगा और खेती का काम ही ठीक रहेगा।
Exam Tips:
a) गमछा छीनना, धोती की लाँग खोलना और खिल्ली उड़ाना, तीनों घटनाएँ लिखें।
b) निराशा का कारण सहपाठियों का व्यवहार था, यह स्पष्ट करें।
Question 13: दत्ता जी राव की सहायता के बिना कहानी का ‘मैं’ पात्र वह सब नहीं पा सकता था जो उसे मिला। टिप्पणी कीजिए।
Answer:
यह कथन सर्वथा सही है कि दत्ता जी राव की सहायता के बिना कथानायक न तो आगे पढ़ सकता था और न ही कवि बन सकता था। लेखक और उसकी माँ के कहने पर दत्ता जी राव समझ गए कि ‘मैं’ पात्र में आगे पढ़ने की लगन है। अतः उन्होंने ही उसके पिता (दादा) को डाँट-फटकारकर लेखक को आगे पढ़ने के लिए तैयार किया। इसलिए लेखक के जीवन में दत्ता जी राव की सहायता का विशेष महत्त्व है।
Exam Tips:
a) दत्ता जी राव ने पिता को किस प्रकार समझाया, यह उदाहरण सहित लिखें।
b) पढ़ाई और कविता, दोनों उपलब्धियों का श्रेय उनकी सहायता को दें।
c) ‘मैं’ पात्र की लगन को सहायता का आधार बताएँ।
Question 14: दुबारा पाठशाला जाने पर लेखक का पहले दिन का अनुभव किस प्रकार का था?
Answer:
दुबारा पाठशाला जाने पर लेखक का पहला दिन अच्छा नहीं रहा। एक तो उसे अपने से कम उम्र के बालकों के साथ बैठना पड़ा। दूसरा, वह इन बालकों को अपने से कम अक्ल का मानता था। कक्षा के सबसे शरारती लड़के चह्वाण ने उसकी खिल्ली उड़ाई और उसका गमछा छीनकर मास्टर की मेज़ पर रख दिया। वह यह सोचकर घबरा गया कि कहीं उसका गमछा फट न जाए। बीच की छुट्टी में उसी शरारती लड़के ने उसकी धोती की लाँग खींचने का प्रयास किया। उसे कक्षा में बेंच के एक कोने पर अलग बैठना पड़ा। इस प्रकार दुबारा पाठशाला जाने का पहला दिन लेखक के लिए कोई खास अच्छा नहीं था।
Exam Tips:
a) कम उम्र के सहपाठियों के साथ बैठना पहली परेशानी थी, इसे अलग से लिखें।
b) शरारती लड़के का नाम चह्वाण है, उसकी हरकतों का क्रम लिखें।
c) दिन के अनुभव का निष्कर्ष निराशाजनक रहा, यह अंत में लिखें।
Question 15: पाँचवीं कक्षा में पास न होने के बाद लेखक को कैसा लगा? ‘जूझ’ कहानी के आधार पर लिखिए।
Answer:
जो लड़के चौथी कक्षा पास करके पाँचवीं में आए थे, उनमें से गली के दो लड़कों को छोड़कर लेखक किसी को नहीं जानता था। जो लड़के कक्षा में उसके साथ थे, वे उससे कम अक्ल और मंद बुद्धि के लगते थे। अपनी पुरानी कक्षा का विद्यार्थी होकर भी वह अजनबी की तरह कक्षा में बैठा था। पुराने सहपाठी उसे अच्छी तरह जानते थे, परंतु नए लड़के उसकी खिल्ली उड़ा रहे थे। कोई उसका गमछा छीन रहा था, कोई उसकी धोती की लाँग खींचने की कोशिश कर रहा था और कोई उसके थैले का मज़ाक उड़ा रहा था। उसे पश्चाताप हो रहा था कि अवसर मिलने पर भी वह पाँचवीं कक्षा पास नहीं कर सका और उसे फिर से पढ़ना पड़ रहा है।
Exam Tips:
a) अजनबीपन और पश्चाताप, दोनों भावनाओं को अलग-अलग लिखें।
b) सहपाठियों की तुलना में अपनी स्थिति का वर्णन करें।
c) पुरानी कक्षा के होते हुए भी अपरिचित बने रहने की विडंबना स्पष्ट करें।
Question 16: लेखक का पाठशाला में विश्वास कैसे बढ़ा? ‘जूझ’ कहानी के आधार पर बताइए।
Answer:
प्रस्तुत कहानी में लेखक के लिए दो घटनाओं का विशेष महत्त्व है। पहली, उसने कक्षा के मॉनीटर की तरह गणित के सवाल निकालने आरंभ कर दिए, जिससे मास्टर जी ने उसे भी अन्य लड़कों के सवाल जाँचने पर लगा दिया। इससे उसका आत्मविश्वास बढ़ने लगा। दूसरी, वह भी मराठी अध्यापक के समान लय और गति के साथ कविता का गान करने लगा। इससे उसे प्रार्थना सभा में कविता गाने का अवसर मिला। उसका विश्वास इतना बढ़ गया कि वह स्वयं भी कविता लिखने लगा।
Exam Tips:
a) गणित के सवाल जाँचने और कविता गाने, दोनों घटनाओं को अलग-अलग लिखें।
b) आत्मविश्वास के बढ़ने का क्रम स्पष्ट करें।
Question 17: कथानायक को मास्टर की छड़ी की मार अच्छी क्यों लगती थी?
Answer:
लेखक कोई भी कीमत चुकाकर पढ़ना चाहता था, इसलिए वह पिता की सभी शर्तें मान लेता है। वह जानता है कि खेती में उसका भविष्य अंधकारमय है, जबकि पढ़-लिखकर वह नौकरी पा सकता है या कोई व्यवसाय कर सकता है। खेती के काम की तुलना में वह मास्टर की छड़ी की मार सहना अच्छा समझता है, क्योंकि छड़ी की मार से कम-से-कम उसका भविष्य सुधरेगा। यही सोचकर वह छड़ी की मार को श्रेयस्कर मानता है।
Exam Tips:
a) छड़ी की मार को पढ़ाई की कीमत के रूप में समझें।
b) खेती और पढ़ाई के भविष्य की तुलना अवश्य लिखें।
Question 18: कथानायक ने बचपन में किस प्रकार की कविताएँ लिखने का प्रयास किया?
Answer:
कथानायक को जब पता चला कि उसके मराठी अध्यापक सौंदलगेकर ने अपने घर के दरवाज़े पर लगी मालती की लता पर कविता लिखी है, तो उसे लगा कि वह भी अपने आस-पास, अपने खेतों और अपने गाँव पर कविता बना सकता है। वह ढोर चराते समय फसलों या जंगली फूलों पर तुकबंदी करने लगा। इसके लिए वह अपने पास कागज़ का टुकड़ा और पेंसिल रखने लगा। कभी-कभी वह कंकड़ से पत्थर की शिला पर या लकड़ी से भैंस की पीठ पर कविता लिख लेता था। बाद में उसे याद करके लिखकर अपने अध्यापक को दिखाता था।
Exam Tips:
a) कविता के विषय, खेत, गाँव और फसल, को उदाहरण सहित लिखें।
b) कागज़ न होने पर पत्थर और भैंस की पीठ पर लिखने की बात अवश्य दें।
Question 19: मराठी के अध्यापक से कविता पढ़कर कथानायक को क्या लाभ प्राप्त हुआ?
Answer:
मराठी के अध्यापक से कविता पढ़ने के बाद कथानायक में कविता के प्रति अत्यधिक रुचि जागी। वह गति, लय, आरोह-अवरोह और अभिनय के साथ काव्य-पाठ करने लगा। धीरे-धीरे वह इस काम में इतना निपुण हो गया कि उसका काव्य-पाठ अध्यापक से भी अधिक आकर्षक लगने लगा। इससे उसे कक्षा के सामने कविता गाने और स्कूल के समारोह में भाग लेने का अवसर मिला। इससे वह उत्साहित हो गया। वह अकेले में ऊँचे स्वर में कविता गाता, नाचता और अभिनय करता था। धीरे-धीरे उसे स्वयं कविता लिखने का शौक लग गया।
Exam Tips:
a) गति, लय और अभिनय, काव्य-पाठ के तीनों पक्षों को अलग-अलग लिखें।
b) स्कूल के समारोह में भाग लेना उसकी उपलब्धि थी, इसका उल्लेख करें।
c) अध्यापक के काव्य-पाठ से प्रेरणा लेकर स्वयं लिखने तक का क्रम बताएँ।
Question 20: लेखक को अकेलेपन में आनंद क्यों आता था?
Answer:
जब लेखक अपने खेत में अकेला होता, तब लय, गीत और ताल के साथ कविता का गान करता और अभिनय करता था। अकेलेपन में वह खुलकर गा सकता था, अभिनय कर सकता था और नाच भी सकता था। ऐसा करने में उसे बड़ा आनंद मिलता था।
Exam Tips:
a) अकेलेपन का आनंद कविता-गान की स्वतंत्रता से जुड़ा था, यह कारण लिखें।
b) गाने, अभिनय और नाचने, तीनों का उल्लेख करें।
Question 21: ‘जूझ’ कहानी के माध्यम से लेखक ने क्या सीख दी है?
अथवा
‘जूझ’ कहानी का उद्देश्य (प्रतिपाद्य) स्पष्ट करें।
Answer:
‘जूझ’ कहानी पाठकों को निरंतर संघर्ष करने की प्रेरणा देती है। जीवन में परिस्थितियाँ चाहे कितनी ही प्रतिकूल हों या बाधाएँ और संकट कितने ही क्यों न हों, मनुष्य को निराश नहीं होना चाहिए। उसे धैर्य, हिम्मत और संघर्ष के साथ मुसीबतों का सामना करना चाहिए। इस कहानी का कथानायक पढ़ना चाहता है, लेकिन उसका पिता उसे पढ़ने नहीं देता। लेखक इस बाधा का हल निकालता है। वह माता का सहयोग लेकर दत्ता जी राव के पास जाता है और अंततः पिता को राजी कर लेता है। इसके बाद भी बाधाएँ समाप्त नहीं होतीं। स्कूल के शरारती बच्चे उसे तंग करते हैं और उसकी खिल्ली उड़ाते हैं, परंतु वह धैर्यपूर्वक उनका भी सामना करता है। अंत में वह अपने अध्यापकों का चहेता बन जाता है और कक्षा में मॉनीटर बन जाता है।
Exam Tips:
a) बाधाओं को एक-एक करके लिखें: पिता, शरारती बच्चे और परिस्थितियाँ।
b) कहानी की सीख को कथानायक के कार्यों से जोड़कर स्पष्ट करें।
c) धैर्य, हिम्मत और संघर्ष, तीनों मूल्यों का उल्लेख करें।
d) अंत में मॉनीटर बनने की उपलब्धि को सफलता के उदाहरण के रूप में लिखें।
Question 22: ‘जूझ’ कहानी के शीर्षक की सार्थकता पर टिप्पणी लिखिए।
Answer:
इस कहानी का शीर्षक ‘जूझ’ पूर्णतया सार्थक है। यह शीर्षक कहानी की मूल भावना के अनुकूल है। कहानी का नायक आनंदा आदि से अंत तक लगातार संघर्ष करता दिखाई देता है और अंततः सफलता प्राप्त करता है। लेखक ने कथानायक की जुझारू प्रवृत्ति को उजागर करने के लिए यह कहानी लिखी और इसका नामकरण ‘जूझ’ किया। यह शीर्षक संक्षिप्त, सटीक और सार्थक है। जिज्ञासा जगाने वाला होने के कारण यह पाठकों को भी अपनी ओर आकर्षित करता है। अतः यह शीर्षक सर्वथा तर्कसंगत और सार्थक है।
Exam Tips:
a) शीर्षक की सार्थकता के लिए कथानायक के संघर्ष का उदाहरण दें।
b) शीर्षक के संक्षिप्त और सटीक होने का गुण अलग से लिखें।
c) ‘जूझ’ शब्द का अर्थ संघर्ष बताकर उत्तर आरंभ करें।
लघूत्तरात्मक प्रश्न
Question 1: कथानायक पढ़ना क्यों चाहता था?
Answer:
कथानायक को लगा कि खेती में उसके लिए कोई भविष्य नहीं है। यदि वह सारा जीवन खेती-बाड़ी में लगा रहा तो उसे कुछ भी प्राप्त नहीं होगा। पढ़-लिखकर वह नौकरी कर सकता है या कारोबार कर सकता है। यही सोचकर वह खेती छोड़कर पढ़ना चाहता था।
Exam Tips:
a) खेती में भविष्य न होने की सोच ही पढ़ाई की मूल प्रेरणा थी।
b) नौकरी और कारोबार, दोनों विकल्पों का उल्लेख करें।
Question 2: लेखक का दादा कोल्हू जल्दी क्यों चलाता था?
Answer:
लेखक का दादा खेती के धंधे को अच्छी तरह समझता था। वह जानता था कि यदि उसका बनाया गुड़ जल्दी बाज़ार में आएगा तो उसे अच्छे दाम मिलेंगे। इसलिए दादा जल्दी से कोल्हू चलाता था।
Exam Tips:
a) गाँव भर से पहले कोल्हू चलाने का व्यापारिक कारण लिखें।
b) गुड़ की बाज़ार में अधिकता होने पर भाव गिरते हैं, यह तर्क दें।
Question 3: लेखक का पिता (दादा) राव साहब का नाम सुनते ही उनसे मिलने के लिए क्यों गया?
Answer:
पूरे गाँव में दत्ता जी राव का बहुत मान-सम्मान था। दादा उनके बुलावे को कैसे ठुकरा सकता था? वह तो यह जानकर प्रसन्न हो गया कि उन्होंने उसे अपने घर बुलाया है। इसलिए वह रोटी खाए बिना ही दत्ता जी राव से मिलने चल पड़ा।
Exam Tips:
a) दत्ता जी राव के सम्मान और दादा की प्रसन्नता, दोनों कारण लिखें।
b) रोटी खाए बिना जाना उसकी जल्दबाज़ी दर्शाता है।
Question 4: कथानायक ने दत्ता जी राव को क्या विश्वास दिलाया?
Answer:
कथानायक ने दत्ता जी राव को अपनी पढ़ाई के बारे में विश्वास दिलाया। उसने कहा कि अभी जनवरी का महीना है और दो महीने में वह परीक्षा की पूरी तैयारी कर लेगा और परीक्षा में अवश्य पास हो जाएगा। इस तरह उसका एक साल बच जाएगा। उसने यह भी विश्वास दिलाया कि उसकी पढ़ाई का खेती के काम पर कोई बुरा प्रभाव नहीं पड़ेगा।
Exam Tips:
a) दो महीने में तैयारी और एक साल बचने का दावा, दोनों बातें लिखें।
b) खेती पर असर न पड़ने का वचन भी उसने दिया था, इसे अवश्य लिखें।
Question 5: लेखक ने दत्ता जी राव की उपस्थिति में अपने दादा से निडर होकर बातचीत क्यों की?
Answer:
लेखक पहले अपनी माँ के साथ दत्ता जी राव के पास गया था। तब माँ ने पति की आवारागर्दी की सारी बात दत्ता जी राव को बता दी थी। उस समय दत्ता जी राव ने लेखक से कहा था कि वह दादा के आने के थोड़ी देर बाद वहाँ आ जाए और निडर होकर अपनी बात कहे। इसलिए लेखक ने बड़ी निडरता के साथ अपनी पढ़ाई की बात रखी।
Exam Tips:
a) दत्ता जी राव का पहले से दिया गया आश्वासन ही निडरता का कारण था।
b) माँ द्वारा सारी बात बताए जाने का उल्लेख करें।
Question 6: लेखक के पिता ने दत्ता जी राव के समक्ष उसकी पढ़ाई बंद करने के क्या कारण बताए?
Answer:
लेखक के पिता ने दत्ता जी राव से झूठ बोलते हुए कहा कि लेखक को गलत आदतें पड़ गई हैं। वह कंडे बेचता है, चारा बेचता है और सिनेमा देखने जाता है। इसी कारण उसकी पढ़ाई रोक दी गई और उसे खेत के काम पर लगा दिया गया।
Exam Tips:
a) पिता द्वारा लगाए गए आरोपों को अलग-अलग गिनाएँ।
b) ये आरोप झूठे थे, यह बात उत्तर में अवश्य लिखें।
Question 7: मंत्री नामक मास्टर के व्यक्तित्व का वर्णन कीजिए।
Answer:
मंत्री नामक मास्टर गणित पढ़ाते थे और लड़कों के मन में उनका डर बैठा हुआ था। वे छड़ी का उपयोग नहीं करते थे, बल्कि हाथ से गरदन पकड़कर पीठ पर घूँसा मारते थे। पढ़ने वाले लड़कों को शाबाशी भी मिलती थी। एकाध सवाल गलत होने पर वे उसे समझा देते थे। किसी लड़के की मूर्खता दिखाई देती तो उसे वहीं ठोंक देते थे। इसलिए सभी छात्र घर से पढ़कर आने लगे।
Exam Tips:
a) शाबाशी और दंड, दोनों पक्षों को साथ-साथ लिखें।
b) छड़ी के बजाय घूँसा मारने की शैली का उल्लेख करें।
Question 8: पाठशाला जाते ही लेखक का मन खट्टा क्यों हो गया?
Answer:
पाठशाला जाते ही लेखक को पता चला कि वहाँ का वातावरण बदल चुका है। उसके सभी साथी अगली कक्षा में चले गए थे। उसकी कक्षा के बच्चे उससे कम उम्र के थे और कुछ मंद बुद्धि के थे। गली के दो लड़कों के सिवा कक्षा में कोई भी उसका परिचित नहीं था। यह सब देखकर उसका मन खट्टा हो गया।
Exam Tips:
a) सहपाठियों का अगली कक्षा में जाना एक बड़ा कारण था।
b) कम उम्र के बच्चों के साथ बैठना उसे अखरा, यह बात लिखें।
Question 9: लेखक को पाँचवीं कक्षा में ही दाखिला क्यों लेना पड़ा?
Answer:
जब लेखक पाँचवीं कक्षा में पढ़ रहा था, तब दादा ने उसका स्कूल जाना बंद कर दिया और उसे खेती के काम में लगा दिया। इसलिए पाँचवीं में पास न हो पाने के कारण लेखक को फिर से उसी कक्षा में दाखिला लेना पड़ा।
Exam Tips:
a) स्कूल छुड़ाए जाने की घटना ही फिर से उसी कक्षा में दाखिले का कारण थी।
b) पाँचवीं में पास न होने का तथ्य स्पष्ट रूप से लिखें।
Question 10: वसंत पाटील के व्यक्तित्व अथवा विद्यार्थी जीवन का विश्लेषण कीजिए।
Answer:
वसंत पाटील लेखक का सहपाठी था। वह पतला-दुबला, किंतु पढ़ने में होशियार था। उसका स्वभाव शांत था और उसके गणित के सभी सवाल सही निकलते थे। गणित के अध्यापक ने उसे कक्षा का मॉनीटर बना दिया था। लेखक भी उसे देखकर खूब मेहनत करने लगा और उस पर वसंत पाटील का गहरा प्रभाव पड़ा।
Exam Tips:
a) वसंत की शांत प्रकृति और होशियारी, दोनों गुण अलग-अलग लिखें।
b) उसका लेखक पर पड़ा प्रभाव उत्तर में अवश्य लिखें।
Question 11: वसंत पाटिल की नकल करने से कथानायक को क्या लाभ प्राप्त हुआ?
Answer:
वसंत पाटील कक्षा का सबसे होशियार विद्यार्थी और मॉनीटर था। उसकी नकल करने से कथानायक भी गणित के सवाल हल करने लगा। धीरे-धीरे वह भी कक्षा में वसंत पाटील के समान सम्मान पाने लगा। अध्यापक भी उसका उत्साह बढ़ाने लगे।
Exam Tips:
a) नकल से सीखने का लाभ, यानी गणित में सुधार, स्पष्ट लिखें।
b) अध्यापकों से मिले प्रोत्साहन का उल्लेख करें।
Question 12: मास्टर सौंदलगेकर की साहित्यिक चेतना/काव्य-ज्ञान को स्पष्ट कीजिए।
Answer:
मास्टर सौंदलगेकर मराठी भाषा के अध्यापक थे। वे बहुत तन्मय होकर कक्षा में बच्चों को पढ़ाते थे। उनकी साहित्य के प्रति गहरी आस्था थी। उन्हें मराठी और अंग्रेज़ी की बहुत-सी कविताएँ कंठस्थ थीं। उनका गला बहुत सुरीला था और उन्हें छंद तथा लय का पूर्ण ज्ञान था। वे कविता के भावों को अभिनय करके ऐसे समझाते कि सुनने वाला भाव-विभोर हो जाता। वे स्वयं भी सुंदर कविता रचते थे और कभी-कभी अपनी कविताएँ कक्षा में सुनाते थे। ऐसे क्षणों में लेखक पूरी तरह तन्मय हो जाता था।
Exam Tips:
a) कविता कंठस्थ होना और सुरीला गला, दोनों गुण अलग-अलग लिखें।
b) अभिनय के साथ भाव समझाना उनकी शिक्षण-शैली थी।
Question 13: गुड़ के विषय में दादा के व्यापारिक ज्ञान पर प्रकाश डालिए।
Answer:
दादा के अनुसार यदि कोल्हू जल्दी शुरू किया जाता तो ईख की अच्छी-खासी कीमत मिल जाती, और उनकी यह सोच सही थी। क्योंकि जब चारों ओर कोल्हू चलने लगते तो बाज़ार में गुड़ की अधिकता हो जाती और भाव नीचे उतर आते। अच्छी कीमत वसूलने के लिए दादा गाँव भर से पहले अपना कोल्हू शुरू करवाते थे।
Exam Tips:
a) बाज़ार में आपूर्ति बढ़ने से भाव गिरने का तर्क लिखें।
b) गाँव से पहले कोल्हू चलाने का कारण स्पष्ट करें।
Question 14: आनंदा के दादा की क्रूरता का विश्लेषण कीजिए।
Answer:
‘जूझ’ कहानी पढ़ने से पता चलता है कि आनंदा के दादा (पिता) एक क्रूर व्यक्ति हैं। उन्हें अपने छोटे-से बालक के प्रति जरा भी सहानुभूति नहीं है। वे उसे पढ़ाने के बजाय खेत में काम करवाना चाहते हैं और उसकी पढ़ाई का विरोध करते हैं। दत्ता जी राव के कहने पर वे आनंदा को स्कूल भेजने के लिए मान जाते हैं, परंतु उसके लिए भी कई कड़ी शर्तें रखते हैं। वे स्वयं काम न करके बालक से खेत का काम करवाना चाहते हैं। यह उनकी क्रूरता का ही प्रमाण है।
Exam Tips:
a) बच्चे की पढ़ाई का विरोध और कड़ी शर्तें, दोनों उदाहरण दें।
b) स्वयं काम न करके बच्चे पर बोझ डालना उनकी क्रूरता का प्रमाण है।
Question 15: लेखक को यह कब लगा मानो उसके पंख लग गए हों?
Answer:
मराठी अध्यापक के कहने पर लेखक ने अपने द्वारा बनाई गई मनोरम लय को बच्चों के सामने गाया। उसने स्कूल के समारोह में भी गीत गाकर सुनाया, जिसे सभी ने पसंद किया। इससे लेखक का उत्साह बढ़ गया और उसे लगा मानो उसके पंख लग गए हों।
Exam Tips:
a) बच्चों के सामने गाना और समारोह में गाना, दोनों अवसर लिखें।
b) सबकी प्रशंसा मिलना उत्साह बढ़ाने का कारण था।
Question 16: लेखक के कवियों के बारे में क्या विचार थे? अब वह उन्हें आदमी क्यों समझने लगा?
Answer:
पहले लेखक कवियों को किसी अन्य लोक का प्राणी समझता था। किंतु जब उसने देखा कि मराठी के अध्यापक भी कविता लिखते हैं, तब उसे समझ आया कि कवि भी हमारे जैसे हाड़-माँस के मनुष्य होते हैं। अतः उसका यह भ्रम दूर हो गया।
Exam Tips:
a) पहले की धारणा और बाद का बदला हुआ विचार, दोनों लिखें।
b) अध्यापक का कविता लिखना ही भ्रम टूटने का कारण था।
Question 17: लेखक को मास्टर जी से किन विषयों पर कविताएँ लिखने की प्रेरणा मिली?
Answer:
मास्टर जी के घर के द्वार पर मालती की एक लता थी, जिस पर उन्होंने अच्छी कविता लिखी थी। उसे सुनकर लेखक को भी प्रेरणा मिली। उसने अपने आसपास के वातावरण, गाँव, खेत, फसल, फल-फूल और पशुओं पर कविताएँ लिखना आरंभ कर दिया।
Exam Tips:
a) मालती लता वाली कविता को प्रेरणा का स्रोत बताएँ।
b) खेत, फसल और पशु जैसे विषयों की सूची दें।
Question 18: आनंदा के काव्य-प्रेम का वर्णन कीजिए।
Answer:
आनंदा एक होनहार छात्र था और अपने मराठी अध्यापक सौंदलगेकर से बहुत प्रभावित था। वह मराठी भाषा में काव्य-रचना करता था। अध्यापक से प्रेरित होकर उसने काव्य-रचना आरंभ की। वह कभी-कभी अपनी कविता कक्षा में भी सुनाता था। कविता के प्रति उसका प्रेम इतना गहरा था कि वह भैंस चराते समय उसकी कमर पर भी कविता लिख देता था और कभी-कभी ज़मीन पर भी कविता लिखने का अभ्यास करता था। बड़े होकर उसने परिश्रम से अनेक कविताओं की रचना की। इससे उसके काव्य-प्रेम का बोध होता है।
Exam Tips:
a) कविता लिखने के विभिन्न स्थानों और माध्यमों का उल्लेख करें।
b) अध्यापक की प्रेरणा का योगदान अलग से लिखें।
Free study material for Hindi
Free Haryana Board Textbook Explanations: Class 12 Hindi Chapter 02 Jhooj
Official Haryana Board Solutions for Chapter 02 Jhooj
Review comprehensive exercise answers for Class 12 Hindi Chapter 02 Jhooj. Fully updated to match current Haryana Board syllabus guidelines, these textbook solutions help students verify their work and maintain accurate study notes.
Step-by-Step Explanations for Chapter 02 Jhooj
Beyond providing final answers, these guides offer step-by-step breakdowns for complex queries in the Class 12 Hindi module. This approach helps students balance theoretical depth with practical problem-solving skills required for Haryana Board exams.
Next Steps in Your Hindi Revision
Consistent practice with these solution guides cultivates faster problem-solving habits and clearer logical structuring. For a complete preparation experience, pair these textbook answers with our dedicated revision notes and sample papers for Class 12 Hindi.
FAQs
The complete and updated HBSE Class 12 Hindi Solutions Vitan Chapter 2 जूझ is available for free on StudiesToday.com. These solutions for Class 12 Hindi are as per latest Haryana Board curriculum.
Yes, our experts have revised the HBSE Class 12 Hindi Solutions Vitan Chapter 2 जूझ as per 2026 exam pattern. All textbook exercises have been solved and have added explanation about how the Hindi concepts are applied in case-study and assertion-reasoning questions.
Toppers recommend using Haryana Board language because Haryana Board marking schemes are strictly based on textbook definitions. Our HBSE Class 12 Hindi Solutions Vitan Chapter 2 जूझ will help students to get full marks in the theory paper.
Yes, we provide bilingual support for Class 12 Hindi. You can access HBSE Class 12 Hindi Solutions Vitan Chapter 2 जूझ in both English and Hindi medium.
Yes, you can download the entire HBSE Class 12 Hindi Solutions Vitan Chapter 2 जूझ in printable PDF format for offline study on any device.