HBSE Class 12 Hindi Solutions Aroh Chapter 1 आत्म-परिचय, एक गीत

Step-by-Step Textbook Solutions for Class 12 Hindi Chapter 01 Aatm-Parichay, Ek Geet

Review structured textbook solutions for Class 12 Hindi Chapter 01 Aatm-Parichay, Ek Geet. Built according to Haryana Board guidelines for the 2026-27 academic year, these downloadable answers support daily revision and problem-solving accuracy.

Download Chapter 01 Aatm-Parichay, Ek Geet Textbook Solutions PDF

View or download the dedicated Chapter 01 Aatm-Parichay, Ek Geet solution resource below. Engaging with these textbook answers under focused study conditions ensures continuous academic progress and mastery of the 2026-27 curriculum for Hindi.

कविता के साथ

Question 1: कविता एक ओर जग-जीवन का भार लिए घूमने की बात करती है और दूसरी ओर मैं कभी न जग का ध्यान किया करता हूँ, विपरीत से लगते इन कथनों का क्या आशय है?

Answer:

सर्वप्रथम कवि जग-जीवन का भार ढोने की बात कहता है। इसका भाव यह है कि कवि संसार से पूर्णतया अलग नहीं हुआ। संसार की समस्याओं के प्रति वह भी सचेत है। परंतु वह अपनी कविता द्वारा संसार के कष्टों तथा दुखों को दूर करना चाहता है। वह संसार को सुखद बनाना चाहता है। इस रास्ते पर चलते-चलते कवि को यह अनुभव होता है कि संसार उसकी उपेक्षा कर रहा है। वह संसार के व्यवहार से दुखी है। संसार की जड़-परंपराएँ तथा रूढ़ियाँ कवि के मार्ग को रोकना चाहती हैं, परंतु कवि इन बाधाओं की परवाह नहीं करता। वह अपने लक्ष्य की ओर निरंतर आगे बढ़ता है।

Exam Tips:

a) कवि का "भार" सामाजिक दायित्व के अर्थ में है, जबकि "ध्यान न करना" संसार की रूढ़ियों की उपेक्षा का भाव है।
b) संसार की रूढ़ियों और जड़-परंपराओं से कवि का विरोध स्पष्ट करें।
c) दोनों कथनों को विरोधी न मानकर एक ही व्यक्तित्व के दो पक्ष समझाएँ।

 

Question 2: जहाँ पर दाना रहते हैं, वहीं नादान भी होते हैं, कवि ने ऐसा क्यों कहा होगा?

Answer:

कवि समझता है कि जो लोग सांसारिक सुख-सुविधाओं का संग्रह करने में सक्रिय हैं, उनको 'दाना' अर्थात् बुद्धिमान कहा जाता है। परंतु कवि का अपना दृष्टिकोण अलग है। वह ऐसे लोगों को मूर्ख समझता है। कवि सांसारिक सफलताओं को व्यर्थ समझता है। वह ऐसे लोगों को नादान कहता है जो धन-संपत्ति के पीछे भाग रहे हैं।

Exam Tips:

a) "दाना" यहाँ बुद्धिमान के अर्थ में प्रयुक्त है और "नादान" उसका विरोधी है।
b) कवि की दृष्टि में सांसारिक धन-संपत्ति व्यर्थ है।

 

Question 3: मैं और, और जग और कहाँ का नाता-पंक्ति में और शब्द की विशेषता बताइए।

Answer:

इस पद्य पंक्ति में प्रयुक्त 'और' शब्द में यमक अलंकार का प्रयोग हुआ है। प्रथम एवं तृतीय 'और' का अर्थ 'अन्य' है अर्थात् भिन्न या अलग। कवि स्वयं के साथ जोड़कर भावनाओं से जुड़े हुए व्यक्ति को संकेतित करता है। तीसरा 'और' सांसारिक मोह-माया से लिप्त आम व्यक्ति के लिए प्रयुक्त हुआ है। दूसरे 'और' का प्रयोग 'तथा' के लिए प्रयुक्त हुआ है।

Exam Tips:

a) यमक अलंकार में एक ही शब्द भिन्न अर्थों में आता है।
b) पंक्ति में "और" चार बार आता है और तीन अर्थ बनते हैं।
c) दूसरे "और" का अर्थ "तथा" है, जो समुच्चयबोधक है।

 

Question 4: शीतल वाणी में आग के होने का क्या अभिप्राय है?

Answer:

'शीतल वाणी में आग' से कवि का अभिप्राय यह है कि उसका अपना स्वभाव और स्वर कोमल एवं शांत है। परंतु उसके मन में विद्रोह की भावना विद्यमान है। कवि प्रेमहीन तथा स्वार्थी संसार से घृणा करता है। वह तो प्रेममय संसार से ही प्यार करता है।

Exam Tips:

a) विरोधाभास अलंकार का उदाहरण है: शीतल वाणी और आग परस्पर विरोधी हैं।
b) कवि का स्वर कोमल है पर भाव में विद्रोह है।

 

Question 5: बच्चे किस बात की आशा में नीड़ों से झाँक रहे होंगे?

Answer:

बच्चे इस आशा में नीड़ों से झाँक रहे होंगे कि उनके माता-पिता उनके लिए चुग्गा (भोजन सामग्री) लेकर आ रहे होंगे। वे शीघ्र घर पहुँचकर उन्हें भोजन देंगे और साथ ही प्यार भी करेंगे।

Exam Tips:

a) उत्तर में "चुग्गा" अर्थात भोजन सामग्री का उल्लेख करें।
b) बच्चों की आशा और माता-पिता के प्रेम दोनों को लिखें।

 

Question 6: 'दिन जल्दी-जल्दी ढलता है!' की आवृत्ति से कविता की किस विशेषता का पता चलता है?

Answer:

यह पद्य पंक्ति गीत का मुखड़ा है। इसकी आवृत्ति से प्रेमजन्य व्याकुलता का पता चलता है। प्रेम के क्षण बड़े प्रिय लगते हैं। अतः प्रेम के क्षणों के बीतने का पता ही नहीं चल पाता।

Exam Tips:

a) यह पंक्ति गीत का मुखड़ा (टेक) है, इसलिए बार-बार आती है।
b) "प्रेमजन्य व्याकुलता" उत्तर का मुख्य शब्द है।
c) प्रेम के क्षण सुखद लगते हैं, इसलिए समय तेज़ बीतता लगता है।

 

कविता के आसपास

Question 1: संसार में कष्टों को सहते हुए भी खुशी और मस्ती का माहौल कैसे पैदा किया जा सकता है?

Answer:

यह संसार निश्चय से काँटों की बाड़ है। यहाँ सुख और दुख दोनों साथ-साथ चलते हैं। कष्टों को सहकर भी हम खुशी से जीवन व्यतीत कर सकते हैं। यदि हमारे मन में सच्चे प्रेम की मस्ती है तो नित-नवीन कल्पनाओं को साकार करके हम सुखद जीवन जी सकते हैं। हमें यह स्वीकार करके कर्म करना चाहिए कि सांसारिक धन-वैभव क्षण-भंगुर हैं। प्रेम ही जीवन को खुशी देता है।

Exam Tips:

a) उत्तर में सुख और दुख के साथ-साथ चलने का भाव लाएँ।
b) सांसारिक धन-वैभव को क्षणभंगुर बताने वाली बात अवश्य लिखें।
c) प्रेम को जीवन में खुशी का आधार बताएँ।
d) नित-नवीन कल्पनाओं को साकार करने के उपाय का उल्लेख करें।

 

सराहना संबंधी प्रश्न

Question 1: निम्नलिखित पंक्तियों में निहित काव्य-सौंदर्य पर प्रकाश डालिए: "मैं स्नेह-सुरा का पान किया करता हूँ" से आरंभ होने वाला पद।

Answer:

इन पद्य-पंक्तियों में कवि ने निजी प्रेम की अभिव्यक्ति की है। कवि का हृदय प्रिया के स्नेह से सराबोर है। वह हमेशा अपने मन में प्रिया के स्नेह को अनुभव किया करता है। इसीलिए वह संसार की परवाह नहीं करता।

1. कवि ने सहज, सरल एवं साहित्यिक हिंदी भाषा का प्रयोग किया है।
2. "किया करता" में अनुप्रास अलंकार है तथा "स्नेह-सुरा" में रूपक अलंकार है।
3. इस पद्यांश पर उमर खय्याम की रुबाइयों का प्रभाव दिखाई देता है।
4. "किया करता हूँ" की आवृत्ति के कारण गीत में मधुर संगीत की उत्पत्ति हुई है।
5. माधुर्य गुण है तथा शृंगार रस का परिपाक हुआ है।
6. आत्मकथात्मक शैली का सफल प्रयोग हुआ है।

Exam Tips:

a) "स्नेह-सुरा" में रूपक अलंकार का उदाहरण देते समय सुरा और प्रेम का संबंध बताएँ।
b) "किया करता" की आवृत्ति से संगीतात्मकता आती है।
c) माधुर्य गुण और शृंगार रस दोनों का उल्लेख करें।
d) आत्मकथात्मक शैली का कारण "मैं" शब्द का प्रयोग है।

 

Question 2: निम्नलिखित पंक्तियों में निहित काव्य-सौंदर्य पर प्रकाश डालिए: "मैं निज उर के उद्गार लिए फिरता हूँ" से आरंभ होने वाला पद।

Answer:

इसमें कवि निजी प्रेम को स्वीकार करता हुआ कहता है कि कवि के हृदय में नवीन मनोभाव हैं जिन्हें वह संसार को उपहार के रूप में भेंट करना चाहता है। कवि को यह अधूरा संसार अच्छा नहीं लगता। इसलिए वह सपनों के संसार में खोया रहता है।

1. प्रस्तुत गीत में विषयानुकूल, सहज, सरल तथा साहित्यिक हिंदी भाषा का प्रयोग हुआ है।
2. शब्द-चयन सर्वथा उचित व भावाभिव्यक्ति में सहायक है।
3. कोमलकांत पदावली का प्रयोग है।
4. "लिए फिरता हूँ" की आवृत्ति के कारण इस पद्य में संगीतात्मकता का समावेश हुआ है।
5. इस पद्यांश पर उमर खय्याम की रुबाइयों का प्रभाव है।
6. माधुर्य गुण है तथा शृंगार रस का परिपाक हुआ है।

Exam Tips:

a) "लिए फिरता हूँ" की आवृत्ति से संगीतात्मकता बढ़ती है।
b) "स्वप्नों का संसार" कवि की नवीन इच्छाओं का संसार है।
c) कोमलकांत पदावली और माधुर्य गुण का उल्लेख करें।

 

Question 3: निम्नलिखित पंक्तियों में निहित काव्य-सौंदर्य पर प्रकाश डालिए: "मैं और, और जग और, कहाँ का नाता" से आरंभ होने वाला पद।

Answer:

यहाँ कवि स्वीकार करता है कि उसका संसार के साथ निर्वाह नहीं हो सकता। कवि प्रतिदिन नए संसार की रचना करता है, परंतु अगले क्षण ही वह उसे नष्ट कर देता है। यह संसार धन-वैभव के पीछे पागल बना हुआ है परंतु कवि को इस धन-वैभव की कोई इच्छा नहीं है।

1. कवि सांसारिक जीवन से अलग-थलग आदर्श लोक में विचरण करना चाहता है।
2. "जग जिस पृथ्वी पर जोड़ा करता वैभव" में विशेषण-विपर्यय अलंकार है।
3. "कहाँ का नाता" में प्रश्न अलंकार है तथा "बना-बना" में पुनरुक्ति प्रकाश अलंकार है।
4. "और" शब्द की आवृत्ति चमत्कार उत्पन्न करती है। इस शब्द में यमक अलंकार का सफल प्रयोग हुआ है।
5. सहज, सरल तथा साहित्यिक हिंदी भाषा का प्रयोग है तथा कोमलकांत पदावली का प्रयोग है।
6. शब्द-योजना सार्थक तथा सटीक बन पड़ी है।

Exam Tips:

a) "कहाँ का नाता" में प्रश्न अलंकार पहचानें।
b) "बना-बना" में पुनरुक्ति प्रकाश अलंकार है।
c) यमक अलंकार में "और" के तीन अर्थ समझाएँ।
d) विशेषण-विपर्यय अलंकार का उदाहरण "जग जिस पृथ्वी पर जोड़ा करता वैभव" है।

 

Question 4: निम्नलिखित पंक्तियों में निहित काव्य-सौंदर्य पर प्रकाश डालिए: "मैं निज रोदन में राग लिए फिरता हूँ" से आरंभ होने वाला पद।

Answer:

यहाँ कवि स्वीकार करता है कि उसके रुदन से भी प्रेम झलकता है, परंतु उसकी वाणी में एक कोमल ऊर्जा है। कवि का जीवन निराशा के कारण खंडहर बन चुका है, परंतु कवि अपने जीवन में उस प्रेम को महत्त्व देता है जिस पर बड़े-बड़े राजा महल को भी न्योछावर कर देते हैं।

1. इसमें कवि ने सहज, सरल तथा साहित्यिक हिंदी भाषा का प्रयोग किया है।
2. शब्द-योजना सार्थक एवं सटीक बन पड़ी है।
3. "मैं" शब्द के प्रयोग के कारण आत्मकथात्मक शैली का प्रयोग किया गया है।
4. "रोदन में आग" तथा "शीतल वाणी में आग" दोनों में विरोधाभास अलंकार का सफल प्रयोग है।
5. माधुर्य गुण है तथा वियोग शृंगार का सुंदर परिपाक हुआ है।
6. "लिए फिरता हूँ" की आवृत्ति के कारण मधुरता की मस्ती उत्पन्न हो गई है।
7. इस पद्यांश में उमर खय्याम की रुबाइयों का स्पष्ट प्रभाव है।

Exam Tips:

a) "रोदन में आग" और "शीतल वाणी में आग" दोनों विरोधाभास के उदाहरण हैं।
b) वियोग शृंगार और माधुर्य गुण का उल्लेख करें।
c) आत्मकथात्मक शैली का कारण "मैं" शब्द है।
d) "खंडहर" कवि के निराश जीवन का प्रतीक है।

 

Question 5: निम्नलिखित पंक्तियों में निहित काव्य-सौंदर्य पर प्रकाश डालिए: "मुझसे मिलने को कौन विकल?" से आरंभ होने वाला पद।

Answer:

यहाँ कवि स्वीकार करता है कि दुनिया में उसका कोई नहीं है और न ही उसकी कोई प्रतीक्षा कर रहा है। प्रेम के अभाव के कारण कवि के कदम शिथिल पड़ जाते हैं और उसके मन में उदासी छा जाती है।

1. इसमें कवि ने खड़ी बोली के साहित्यिक रूप का वर्णन किया है।
2. "मुझसे मिलने को कौन विकल" और "किसके हित चंचल" दोनों में प्रश्न अलंकार है।
3. "जल्दी-जल्दी" में पुनरुक्ति प्रकाश अलंकार है।
4. प्रसाद गुण है तथा वियोग शृंगार का सफल प्रयोग हुआ है।
5. इस पद्यांश पर उमर खय्याम की रुबाइयों का प्रभाव है।
6. आत्मकथात्मक तथा भावात्मक शैलियों का सफल प्रयोग हुआ है।

Exam Tips:

a) दोनों पंक्तियाँ प्रश्न अलंकार की हैं।
b) "जल्दी-जल्दी" पुनरुक्ति प्रकाश का उदाहरण है।
c) प्रेम के अभाव से पैरों का शिथिल होना उत्तर का मुख्य बिंदु है।

 

विषय-वस्तु पर आधारित लघूत्तरात्मक प्रश्न (आत्मपरिचय)

Question 1: आत्मपरिचय कविता के आधार पर कवि के व्यक्तित्व का संक्षिप्त परिचय दीजिए।

Answer:

कवि प्रेम और मस्ती का जीवन जीना चाहता है। वह हमेशा प्रेम तथा स्नेह के काल्पनिक संसार में खोया रहता है। प्रेम ही उसके जीवन का प्राण है। इसलिए वह हमेशा स्नेह की सुरा का पान करता रहता है। परंतु प्रिया ने उसके प्रेम का अनुकूल उत्तर नहीं दिया। इसीलिए उसके हृदय में विरह-जन्य पीड़ा व अवसाद है। इसके साथ-साथ कवि सांसारिक मोह-माया से अलग-थलग प्रेममय संसार की रचना करना चाहता है। वह इस संपूर्ण संसार को मस्ती में डुबा देना चाहता है।

Exam Tips:

a) प्रेम और मस्ती को कवि के व्यक्तित्व का केंद्र बताएँ।
b) विरह-जन्य पीड़ा और प्रेममय संसार की कल्पना दोनों लिखें।
c) प्रिया के अनुकूल उत्तर न मिलने का उल्लेख करें।

 

Question 2: कवि को यह संसार अच्छा क्यों नहीं लगता?

Answer:

कवि इस संसार को अपूर्ण मानता है। कवि का विचार है कि संसार एक भार है। लोग व्यर्थ ही दुनियादारी में उलझे हैं। कवि सांसारिक मोह-माया से अलग-थलग आदर्श समाज की स्थापना करना चाहता है। वह स्वयं को संसार से अलग मानता है। इसीलिए वह कहता भी है कि वह प्रति पग उस पृथ्वी को ठुकराता है, जिस पर संसार वैभव जोड़ता है।

Exam Tips:

a) संसार को "अपूर्ण" कहने का कारण लिखें।
b) कवि स्वयं को संसार से अलग मानता है, यह बात जोड़ें।

 

Question 3: 'जग पूछ रहा उनको, जो जग की गाते' इस पंक्ति द्वारा कवि क्या कहना चाहता है?

Answer:

कवि स्पष्ट करता है कि संसार केवल उन लोगों का सम्मान करता है जो लोग धन-वैभव के संग्रह में संलग्न हैं और संपन्न हैं। धनवान व्यक्ति का सभी आदर करते हैं, निर्धन को कोई नहीं पूछता। विशेषकर कवि जैसे सत्यनिष्ठ व्यक्ति की कोई परवाह भी नहीं करता। परन्तु कवि तो अपने मन में प्रेम के गीत लिए फिरता है।

Exam Tips:

a) संसार की धन-आधारित मानसिकता पर ध्यान दें।
b) कवि अपने मन के प्रेम-गीत को महत्त्व देता है।

 

Question 4: कवि ने जग को मूढ़ क्यों कहा है?

Answer:

कवि की दृष्टि में संसार के सभी लोग धन-वैभव के संग्रह में अपना जीवन बर्बाद कर रहे हैं। वे सांसारिक विषय-वासनाओं में लीन हैं। अज्ञानता के कारण उनके जीवन से सच्चा प्रेम लुप्त हो चुका है। इसलिए यह संसार तथा इसके लोग मूढ़ हैं।

Exam Tips:

a) "मूढ़" का अर्थ मूर्ख है।
b) धन-वैभव में जीवन बर्बाद करना कारण है।

 

Question 5: 'जग भव-सागर तरने को नाव बनाए' कथन का क्या आशय है?

Answer:

कवि की दृष्टि में संसार रूपी सागर महाभयंकर है। इसे पार करने के लिए मनुष्य को कोई-न-कोई नौका अवश्य चाहिए। संसार समझता है कि वह धन-संपत्ति द्वारा इस सागर को पार कर जाएगा, परंतु ऐसा संभव नहीं है। कवि अपने प्रिय के प्रेम को नाव बनाकर यह संसार पार करना चाहता है।

Exam Tips:

a) "भव-सागर" में रूपक अलंकार है।
b) संसार धन से और कवि प्रेम से भवसागर पार करना चाहता है, यह अंतर लिखें।

 

Question 6: 'आत्मपरिचय' गीत के आधार पर कवि के मन की दशा पर प्रकाश डालिए।

Answer:

कवि मौज और मस्ती का कवि है। वह प्रेम पाने और देने में विश्वास रखता है और एक प्यार भरी जिंदगी जीना चाहता है इसलिए वह अपने हार्दिक प्रेम को प्रिया के समक्ष प्रकट करना चाहता है। कवि प्रेम के बिना इस संसार को अधूरा मानता है और अपने मन में प्रेममय संसार की कल्पना करता है।

Exam Tips:

a) मौज, मस्ती और प्रेम को मन की दशा के मुख्य बिंदु बनाएँ।
b) प्रेम के बिना संसार को अधूरा मानने का उल्लेख करें.

 

Question 7: कवि अपने हृदय में अग्नि जलाकर क्यों जलता रहता है?

Answer:

कवि के मन में अपने प्रिय के लिए अत्यधिक प्रेम है। प्रिय की मधुर यादें उसे सुखानुभूति प्रदान करती हैं। अतः वह संयोग की दशा में भी प्रिय के वियोग की अग्नि जलाकर उसमें जलता रहता है। इससे कवि को आनंद मिलता रहता है।

Exam Tips:

a) "अग्नि" यहाँ विरह के भावों के आवेग का प्रतीक है।
b) प्रिय की मधुर यादें सुख देती हैं, यह कारण लिखें.

 

Question 8: कवि के अंदर और बाहर कौन-सी असंगति है और यह असंगति क्यों है?

Answer:

कवि संसार के लोगों के सामने हँसता और खेलता दिखाई देता है। ऐसा लगता है मानो वह अपने प्रेम की असफलता पर हँस रहा है, परंतु वह अपनी विरह-व्यथा के कारण मन-ही-मन रोता रहता है। बाहर से कवि प्रसन्न नज़र आता है, लेकिन मन-ही-मन वह विरह-जनित पीड़ा को अनुभव करता रहता है। इसलिए कवि का जीवन अन्दर और बाहर से असंगत हो जाता है।

Exam Tips:

a) असंगति का अर्थ है कारण और कार्य में मेल न होना।
b) बाहर की प्रसन्नता और भीतर की विरह-पीड़ा को अलग-अलग लिखें.

 

Question 9: कवि कौन-कौन से संसार बनाकर रोज़ मिटाता रहता है?

Answer:

कवि मन-ही-मन प्रेममय संसार की कल्पना करता है। परन्तु कवि का यह प्रेममय संसार प्रेम की कसौटी पर खरा नहीं उतरता। इसलिए कवि उसे मिटा देता है। वह फिर से प्रेममय संसार की रचना में लीन हो जाता है। परंतु संसार के लोग इससे बेखबर होकर धन-संपदा के संग्रह में लगे रहते हैं।

Exam Tips:

a) कवि प्रतिदिन नए प्रेममय संसार बनाता और मिटाता है।
b) संसार के लोग धन-संपदा में व्यस्त रहते हैं।

 

Question 10: कवि की शीतल वाणी में आग क्यों है?

Answer:

कवि के मन में विरह-वेदना की आग जलती रहती है, लेकिन उसकी वाणी बड़ी कोमल, मधुर और शीतल है। वह अपनी विरह-जनित पीड़ा को कोमलकांत पदावली द्वारा व्यक्त करता है। परंतु प्रिय के वियोग की आग उसके मन में हमेशा जलती रहती है। अतः शीतलता और वियोग बड़ा विचित्र बन पड़ा है।

Exam Tips:

a) मन की विरह-वेदना और वाणी की कोमलता का अंतर बताएँ।
b) "शीतल वाणी में आग" विरोधाभास अलंकार है।

 

Question 11: 'मैं और, और जग और, कहाँ का नाता' के माध्यम से कवि क्या कहना चाहता है?

Answer:

इस पद्य पंक्ति द्वारा कवि संसार और अपने स्वभाव के अंतर को स्पष्ट करता है। कवि स्वयं तो प्रेम भावना के लोक में विचरण करता रहता है, परंतु संसार के लोग स्वार्थ को पूरा करने में संलग्न हैं। इसलिए कवि का मेल नहीं खाता।

Exam Tips:

a) कवि और संसार के स्वभाव का विरोध मुख्य बिंदु है।
b) प्रेम और स्वार्थ का अंतर स्पष्ट करें.

 

Question 12: कवि दीवानों का वेश क्यों लिए फिरता है?

Answer:

कवि को प्रेम के क्षेत्र में असफलता मिली है। इसलिए वह प्रेम-दीवानों के समान अपना जीवन व्यतीत कर रहा है। कवि का एकमात्र लक्ष्य अपने प्रिय को पाना है, परंतु वह उसे मिल नहीं पा रहा। इसलिए वह दीवानों का वेश धारण करके घूमता रहता है।

Exam Tips:

a) प्रेम में असफलता को मुख्य कारण लिखें.
b) प्रिय को न पा सकना दीवानेपन का आधार है.

 

एक गीत

Question 1: 'एक गीत' कविता का प्रतिपाद्य/मूलभाव क्या है?

Answer:

यह गीत प्रेम के महत्त्व पर प्रकाश डालता है। कवि कहता है कि प्रेम मानव जीवन को उत्साह, उमंग और उल्लास प्रदान करता है। प्रेम के कारण मनुष्य को लगता है कि दिन जल्दी-जल्दी ढल रहा है। इसलिए प्रेमी अपनी प्रिय से मिलने के लिए तेज कदमों से चल पड़ता है। यही नहीं, पक्षियों के पंखों में गतिशीलता आ जाती है। जिस किसी व्यक्ति का प्रिय उसकी प्रतीक्षा नहीं करता, उसका जीवन निष्क्रिय और शिथिल हो जाता है। इसलिए प्रेम ही जीवन का मूल आधार है।

Exam Tips:

a) प्रेम को जीवन का मूल आधार बताने वाली बात मुख्य है।
b) पक्षियों की गतिशीलता और प्रेमी की तेज चाल का उदाहरण दें।

 

Question 2: 'दिन जल्दी-जल्दी ढलता है' के आधार पर आशा और निराशा के क्रम को स्पष्ट कीजिए।

Answer:

निश्चय ही यह गीत आशा और निराशा के भावों को क्रम से अभिव्यक्त करता है। प्रथम दो काव्यांशों में कवि ने आशा के भावों को जागृत किया है जिससे प्रेरित होकर दिन का पंथी अपने प्रियजनों से मिलने की आशा में शीघ्रता से चलना आरम्भ कर देता है। जब चिड़िया को यह ध्यान आया कि उसके बच्चे उसकी प्रतीक्षा में होंगे तो वह भी तेज गति से उड़ने लगती है। किन्तु जब कवि यह सोचता है कि उसका चाहने वाला कोई नहीं है और कोई उसकी प्रतीक्षा करने वाला नहीं है तो उसके मन का उत्साह नष्ट हो जाता है और उसके मन में निराशा का भाव समा जाता है। अतः स्पष्ट है कि प्रस्तुत गीत में कवि ने आशा और निराशा के भावों को क्रमशः अभिव्यक्ति किया है।

Exam Tips:

a) आशा के भाव पहले दो काव्यांशों में आते हैं।
b) चिड़िया और पंथी के उदाहरण से आशा का क्रम समझाएँ।
c) कवि की निराशा अंत में आती है, यह क्रम अवश्य लिखें।
d) उत्तर को दो भागों में बाँटकर लिखें।

 

Question 3: कवि के मन में शिथिलता उत्पन्न क्यों हो जाती है?

Answer:

कवि जानता है कि इस दुनिया में उसका कोई अपना नहीं है। कोई प्रियजन उसकी प्रतीक्षा नहीं करता है। इसलिए वह सोचता है कि मैं किसके लिए अपने को चंचल करूँ। उसका सारा उत्साह तथा उमंग नष्ट हो जाती है। इसलिए उसके कदम शिथिल हो जाते हैं। परंतु यह स्थिति कवि के मन में आतुरता का भाव भी उत्पन्न करती है।

Exam Tips:

a) कोई प्रतीक्षा करने वाला न होना शिथिलता का कारण है।
b) उत्साह का नष्ट होना और आतुरता का भाव दोनों लिखें।

 

बहुविकल्पीय प्रश्नोत्तर

Question 1: हरिवंश राय बच्चन का जन्म कब हुआ?
(A) सन् 1909 में
(B) सन् 1908 में
(C) सन् 1907 में
(D) सन् 1912 में

Answer:

(C) सन् 1907 में

Exam Tips:

a) बच्चन का जन्म 1907 में प्रयाग में हुआ।

 

Question 2: 'आत्मपरिचय' कविता के रचयिता हैं _________.
(A) माखनलाल चतुर्वेदी
(B) रघुवीर सहाय
(C) कुँवर नारायण
(D) हरिवंश राय बच्चन

Answer:

(D) हरिवंश राय बच्चन

Exam Tips:

a) "आत्मपरिचय" के रचयिता हरिवंश राय बच्चन हैं।

 

Question 3: हरिवंश राय बच्चन का जन्म किस नगर में हुआ?
(A) प्रयाग में
(B) बनारस में
(C) लखनऊ में
(D) कानपुर में

Answer:

(A) प्रयाग में

Exam Tips:

a) बच्चन का जन्म प्रयाग में हुआ।

 

Question 4: हरिवंश राय बच्चन का जन्म किस परिवार में हुआ?
(A) ब्राह्मण परिवार में
(B) कायस्थ परिवार में
(C) क्षत्रिय परिवार में
(D) राजपूत परिवार में

Answer:

(B) कायस्थ परिवार में

Exam Tips:

a) बच्चन कायस्थ परिवार से थे।

 

Question 5: बच्चन जी की आरंभिक शिक्षा कहाँ पर हुई?
(A) काशी में
(B) लखनऊ में
(C) प्रयाग में
(D) मुम्बई में

Answer:

(A) काशी में

Exam Tips:

a) बच्चन की आरंभिक शिक्षा काशी में हुई।

 

Question 6: बच्चन जी ने स्नातकोत्तर परीक्षा कहाँ से उत्तीर्ण की?
(A) दिल्ली विश्वविद्यालय
(B) लखनऊ विश्वविद्यालय
(C) कलकत्ता विश्वविद्यालय
(D) इलाहाबाद विश्वविद्यालय

Answer:

(D) इलाहाबाद विश्वविद्यालय

Exam Tips:

a) बच्चन ने स्नातकोत्तर इलाहाबाद विश्वविद्यालय से किया।

 

Question 7: बच्चन जी ने पी०एचडी० की उपाधि कहाँ प्राप्त की?
(A) इलाहाबाद विश्वविद्यालय
(B) कैम्ब्रिज विश्वविद्यालय
(C) मुम्बई विश्वविद्यालय
(D) दिल्ली विश्वविद्यालय

Answer:

(B) कैम्ब्रिज विश्वविद्यालय

Exam Tips:

a) बच्चन ने पीएच.डी. कैम्ब्रिज विश्वविद्यालय से की।

 

Question 8: बच्चन जी की पहली पत्नी का नाम क्या था?
(A) श्यामा
(B) तेजी
(C) मनोरमा
(D) इनमें से कोई नहीं

Answer:

(A) श्यामा

Exam Tips:

a) बच्चन की पहली पत्नी श्यामा थीं।

 

Question 9: 1942 में बच्चन जी ने दूसरा विवाह किससे किया?
(A) मनोरमा से
(B) कमला देवी से
(C) तेजी से
(D) राधा से

Answer:

(C) तेजी से

Exam Tips:

a) दूसरा विवाह तेजी से हुआ।

 

Question 10: बच्चन जी को किस मंत्रालय में हिंदी विशेषज्ञ के रूप में नियुक्त किया गया?
(A) वित्त मंत्रालय
(B) शिक्षा मंत्रालय
(C) कृषि मंत्रालय
(D) विदेश मंत्रालय

Answer:

(D) विदेश मंत्रालय

Exam Tips:

a) बच्चन विदेश मंत्रालय में हिंदी विशेषज्ञ रहे।

 

Question 11: किस वर्ष बच्चन जी को राज्यसभा का सदस्य मनोनीत किया गया?
(A) 1969 में
(B) 1965 में
(C) 1966 में
(D) 1970 में

Answer:

(C) 1966 में

Exam Tips:

a) बच्चन 1966 में राज्यसभा के लिए मनोनीत हुए।

 

Question 12: भारत सरकार ने बच्चन जी को किस उपाधि से विभूषित किया?
(A) पद्म श्री
(B) पद्म विभूषण
(C) ज्ञान पीठ पुरस्कार
(D) व्यास सम्मान

Answer:

(B) पद्म विभूषण

Exam Tips:

a) बच्चन को पद्म विभूषण से सम्मानित किया गया।

 

Question 13: 'मधुशाला' का प्रकाशन किस वर्ष हुआ?
(A) सन् 1935
(B) सन् 1936
(C) सन् 1938
(D) सन् 1937

Answer:

(A) सन् 1935

Exam Tips:

a) "मधुशाला" 1935 में प्रकाशित हुई।

 

Question 14: ये रचनाएँ हरिवंश राय बच्चन की हैं:
(A) मधुशाला, मधुबाला और अपरा
(B) मधुशाला, कामायनी, मधुबाला
(C) मधुकलश, मधुबाला, मधुशाला
(D) मधुकुशल, मधु, मधुबाला

Answer:

(C) मधुकलश, मधुबाला, मधुशाला

Exam Tips:

a) मधुकलश, मधुबाला और मधुशाला बच्चन की रचनाएँ हैं।

 

Question 15: 'मधुबाला' का प्रकाशन किस वर्ष हुआ?
(A) सन् 1936 में
(B) सन् 1935 में
(C) सन् 1939 में
(D) सन् 1940 में

Answer:

(A) सन् 1936 में

Exam Tips:

a) "मधुबाला" का प्रकाशन 1936 में हुआ।

 

Question 16: 'मधुकलश' का प्रकाशन किस वर्ष हुआ?
(A) सन् 1934 में
(B) सन् 1936 में
(C) सन् 1937 में
(D) सन् 1938 में

Answer:

(A) सन् 1934 में

Exam Tips:

a) "मधुकलश" का प्रकाशन 1934 में हुआ।

 

Question 17: हरिवंश राय बच्चन किस भावना के कवि हैं?
(A) रहस्यवाद भावना के
(B) छायावादी भावना के
(C) प्रेम और मस्ती के
(D) प्रगतिवादी भावना के

Answer:

(C) प्रेम और मस्ती के

Exam Tips:

a) बच्चन प्रेम और मस्ती के कवि हैं।

 

Question 18: 'क्या भूलूँ क्या याद करूँ', किस विधा की रचना है?
(A) प्रबंध काव्य
(B) गीति काव्य
(C) जीवनी
(D) निबंध

Answer:

(C) जीवनी

Exam Tips:

a) "क्या भूलूँ क्या याद करूँ" बच्चन की आत्मकथा है।

 

Question 19: हरिवंश राय बच्चन की आधुनिक काव्य रचनाओं पर किसका प्रभाव पड़ा?
(A) स्वच्छंदतावाद का
(B) उमर खय्याम का
(C) रहस्यवाद का
(D) प्रगतिवाद का

Answer:

(B) उमर खय्याम का

Exam Tips:

a) बच्चन की काव्य रचनाओं पर उमर खय्याम की रुबाइयों का प्रभाव है।

 

Question 20: बच्चन जी द्वारा रचित गीत 'दिन जल्दी-जल्दी ढलता है!' उनके किस काव्य-संग्रह से संकलित है?
(A) निशा निमंत्रण
(B) मधुशाला
(C) सतरंगिणी
(D) मिलनयामिनी

Answer:

(A) निशा निमंत्रण

Exam Tips:

a) "दिन जल्दी-जल्दी ढलता है" निशा निमंत्रण में संकलित है।

 

Question 21: 'भव-सागर' में कौन-सा अलंकार है?
(A) उत्प्रेक्षा
(B) उपमा
(C) रूपक
(D) अनुप्रास

Answer:

(C) रूपक

Exam Tips:

a) "भव-सागर" में रूपक अलंकार है।

 

Question 22: 'सीखा ज्ञान भुलाना' में कौन-सा अलंकार है?
(A) विरोधाभास
(B) असंगति
(C) अनुप्रास
(D) रूपक

Answer:

(A) विरोधाभास

Exam Tips:

a) "सीखा ज्ञान भुलाना" में विरोधाभास अलंकार है।

 

Question 23: 'साँसों के तार' में कौन-सा अलंकार है?
(A) उपमा
(B) उत्प्रेक्षा
(C) अनुप्रास
(D) रूपक

Answer:

(D) रूपक

Exam Tips:

a) "साँसों के तार" में रूपक अलंकार है।

 

Question 24: 'स्नेह-सुरा' में कौन-सा अलंकार है?
(A) रूपक
(B) यमक
(C) उपमा
(D) उत्प्रेक्षा

Answer:

(A) रूपक

Exam Tips:

a) "स्नेह-सुरा" में रूपक अलंकार है।

 

Question 25: 'एक गीत' नामक कविता में दिन का पंथी किसे माना गया है?
(A) चिड़िया को
(B) कवि को
(C) सूर्य को
(D) प्रत्याशा को

Answer:

(B) कवि को

Exam Tips:

a) एक गीत में कवि को दिन का पंथी कहा गया है।

 

Question 26: अपने बच्चों के विषय में सोचकर पक्षियों की चंचलता किन अंगों में सबसे अधिक व्यक्त होती है?
(A) आँखों में
(B) हृदय में
(C) पैरों में
(D) पंखों में

Answer:

(D) पंखों में

Exam Tips:

a) पक्षियों की चंचलता पंखों में व्यक्त होती है।

 

Question 27: 'मुझसे मिलने को कौन विकल?' पंक्ति में कौन-सा भाव है?
(A) शिथिलता
(B) चंचलता
(C) विह्वलता
(D) उपर्युक्त सभी

Answer:

(C) विह्वलता

Exam Tips:

a) "मुझसे मिलने को कौन विकल" पंक्ति में विह्वलता का भाव है।

 

Question 28: 'दिन जल्दी-जल्दी ढलता है' गीत में नीड़ों से झाँक रहे बच्चों का ध्यान चिड़िया के परों में क्या भरता है?
(A) शिथिलता
(B) चंचलता
(C) विकलता
(D) विह्वलता

Answer:

(B) चंचलता

Exam Tips:

a) चिड़िया के परों में चंचलता भरती है।

 

Question 29: 'दिन जल्दी-जल्दी ढलता है' कविता में कवि हताश और दुखी क्यों है?
(A) पत्नी से तलाक होने के कारण
(B) प्रियतमा की निष्ठुरता के कारण
(C) संतान-सुख से वंचित होने के कारण
(D) परिवार से पिछड़ने के कारण

Answer:

(B) प्रियतमा की निष्ठुरता के कारण

Exam Tips:

a) प्रियतमा की निष्ठुरता कवि के दुख का कारण है।

 

Question 30: किसके बच्चे प्रत्याशा में हैं?
(A) गाय के
(B) कवि के
(C) पंथी के
(D) चिड़िया के

Answer:

(D) चिड़िया के

Exam Tips:

a) प्रत्याशा में चिड़िया के बच्चे हैं।

 

Question 31: 'एक गीत' नामक कविता में कवि की पंक्ति 'मुझसे मिलने को कौन विकल' किस भाव को व्यक्त करती है?
(A) प्रश्न
(B) प्रसन्नता
(C) आश्चर्य
(D) हताशा

Answer:

(D) हताशा

Exam Tips:

a) "मुझसे मिलने को कौन विकल" पंक्ति में हताशा का भाव है।

 

Question 32: 'हो जाए न पथ में रात कहीं' सोचकर कौन जल्दी-जल्दी चलता है?
(A) चिड़िया के बच्चे
(B) पंथी
(C) चिड़िया
(D) तोता

Answer:

(B) पंथी

Exam Tips:

a) पंथी रात होने के डर से जल्दी चलता है।

 

Question 33: दिन ढलने के साथ ही बच्चे कहाँ से झाँकने लगे होंगे?
(A) दरवाजे से
(B) छत से
(C) नीड़ों से
(D) खिड़की से

Answer:

(C) नीड़ों से

Exam Tips:

a) बच्चे दिन ढलने पर नीड़ों से झाँकते हैं।

 

Question 34: 'मैं होऊँ किसके हित चंचल?' यह प्रश्न पैरों को कैसा कर देता है?
(A) शिथिल
(B) चंचल
(C) विह्वल
(D) उपर्युक्त सभी

Answer:

(A) शिथिल

Exam Tips:

a) "मैं होऊँ किसके हित चंचल" पैरों को शिथिल करता है।

 

Question 35: 'एक गीत' कविता में किस भाव की प्रधानता है?
(A) रतिभाव
(B) उत्साह भाव
(C) हास्य भाव
(D) वात्सल्य भाव

Answer:

(A) रतिभाव

Exam Tips:

a) एक गीत में प्रेम (रति) भाव की प्रधानता है।

 

आत्म-परिचय पद्यांशों की सप्रसंग व्याख्या एवं अर्थग्रहण संबंधी प्रश्नोत्तर

Question 1: पद्यांश 1 (‘जग-जीवन का भार’ से आरंभ) की सप्रसंग व्याख्या कीजिए।
(क) कवि और कविता का नाम लिखिए।
(ख) ‘जग-जीवन के भार’ से कवि का क्या आशय है?
(ग) ‘फिर भी’ द्वारा कवि क्या कहना चाहता है?
(घ) ‘किसी ने’ के द्वारा किस ओर संकेत किया गया है?
(ङ) इस पद्यांश का प्रमुख भाव क्या है?

Answer:

सप्रसंग व्याख्या: कवि कहता है कि सांसारिक बाधाओं और दायित्वों का बोझ उसके ऊपर है, फिर भी वह जीवन से प्रेम करता है। किसी प्रिय ने उसके हृदय के तार छेड़ दिए थे, जिससे उसकी साँसों में संगीत गूँजने लगा, और वह आज भी उसी प्रेम की झंकार में लीन है।

(क) कवि हरिवंश राय बच्चन हैं और कविता का नाम ‘आत्मपरिचय’ है।

(ख) इसका आशय है सांसारिक दायित्व और वे जिम्मेदारियाँ जिन्हें हर व्यक्ति को निभाना पड़ता है।

(ग) ‘फिर भी’ से कवि बताता है कि दायित्वों के बोझ के बावजूद प्रेम ही उसके जीवन का सहारा है।

(घ) ‘किसी ने’ कवि के प्रिय का प्रतीक है, जो प्रेमिका, कोई प्रियजन या परमात्मा हो सकता है।

(ङ) कवि दायित्वों को निभाते हुए भी प्रेम के सहारे जीता है और खुलकर अपने प्रेम को स्वीकार करता है।

Exam Tips:

a) ‘भार’ शब्द यहाँ दायित्व के अर्थ में है, इसे केवल शारीरिक बोझ न समझें।
b) ‘साँसों के तार’ में रूपक अलंकार है, इसका उल्लेख उत्तर में अवश्य करें।
c) ‘फिर भी’ से कवि के मन के द्वंद्व और सांसारिक बाधाओं का संकेत समझाएँ।

 

Question 2: पद्यांश 2 (‘स्नेह-सुरा’ वाला) की सप्रसंग व्याख्या कीजिए।
(क) कवि जग का ध्यान क्यों नहीं करता?
(ख) ‘स्नेह-सुरा’ से कवि का क्या आशय है?
(ग) जग किसको पूछता है?
(घ) कवि ने अपने गीतों में किस प्रकार के भावों को व्यक्त किया है?
(ङ) इस पद्यांश में किस प्रकार की भाषा का प्रयोग हुआ है?

Answer:

सप्रसंग व्याख्या: कवि कहता है कि वह सदा प्रेम की मस्ती में डूबा रहता है, इसलिए संसार की बातों की चिंता नहीं करता। संसार उन्हीं को मान देता है जो सामाजिक दायित्वों में उलझे रहते हैं, पर कवि अपने मन के भावों को गीतों में व्यक्त करता है।

(क) कवि अपने प्रिय के प्रेम में रम गया है, इसलिए वह संसार के झंझटों की परवाह नहीं करता।

(ख) ‘स्नेह-सुरा’ का अर्थ है प्रेम की मस्ती या प्रेम का दीवानापन, जिसका कवि सदा पान करता है।

(ग) संसार उसी को पूछता है जो सांसारिक बातों का वर्णन करता है और दुनियादारी की बात करता है।

(घ) कवि अपने गीतों में स्वच्छंद प्रेम की भावनाएँ व्यक्त करता है और प्रेम की मस्ती में डूबा रहता है।

(ङ) इसमें सहज, सरल और तत्सम शब्दों से युक्त संगीतात्मक भाषा का प्रयोग हुआ है।

Exam Tips:

a) ‘स्नेह-सुरा’ रूपक है, इसमें प्रेम को मदिरा कहा गया है।
b) ‘जग पूछ रहा उनको, जो जग की गाते’ में संसार की व्यावहारिक सोच पर व्यंग्य है।
c) शब्दार्थ में ‘सुरा’ और ‘ध्यान करना’ के अर्थ अवश्य लिखें।

 

Question 3: पद्यांश 3 (‘निज उर के उद्गार’ वाला) की सप्रसंग व्याख्या कीजिए।
(क) कवि के हृदय में किस प्रकार के उद्गार हैं?
(ख) कवि संसार को अपूर्ण क्यों कहता है?
(ग) ‘स्वप्नों के संसार’ द्वारा कवि क्या कहना चाहता है?
(घ) कवि के मन की दशा कैसी है?
(ङ) इस पद्यांश का प्रमुख भाव क्या है?

Answer:

सप्रसंग व्याख्या: कवि के मन में नए-नए कोमल भाव उमड़ते-घुमड़ते रहते हैं, इसलिए वह संसार को अपने हृदय के कोमल भाव देना चाहता है। बाहरी संसार प्रेम के अभाव के कारण अधूरा लगता है, अतः वह प्रेममय संसार के स्वप्न में लीन रहना चाहता है।

(क) कवि के हृदय में प्रेम से भरे नए-नए कोमल मनोभाव हैं, जो उसके लिए उपहार के समान हैं।

(ख) संसार में प्रेम का अभाव है, इसलिए कवि उसे अधूरा मानता है और उसे अच्छा नहीं समझता।

(ग) ‘स्वप्नों के संसार’ से कवि का आशय प्रेममय जीवन और प्रेम से भरे आदर्श संसार की कल्पना है।

(घ) कवि का मन प्रेममय संसार की चाह में डूबा है और वह उसे साकार करने के लिए भटकता रहता है।

(ङ) कवि प्रेम को जीवन का मूल भाव मानता है और खुलकर अपने प्रेम को स्वीकार करता है।

Exam Tips:

a) ‘उर’ का अर्थ हृदय है, इसे शब्दार्थ में लिखें।
b) ‘स्वप्नों का संसार’ का सीधा अर्थ कल्पना नहीं, प्रेममय जीवन है।
c) ‘अपूर्ण’ और ‘भाना’ के अर्थ स्पष्ट करके उत्तर लिखें।

 

Question 4: पद्यांश 4 (‘हृदय में अग्नि’ वाला) की सप्रसंग व्याख्या कीजिए।
(क) कवि अपने हृदय में अग्नि जलाकर उसमें क्यों जला करता है?
(ख) कवि सुख-दुख में कैसे मग्न रहता है?
(ग) भव-सागर से पार उतरने के लिए नाव बनाने का क्या अर्थ है?
(घ) ‘भव मौजों’ से कवि का क्या अभिप्राय है?
(ङ) इस पद्यांश का मुख्य भाव क्या है?

Answer:

सप्रसंग व्याख्या: कवि कहता है कि वह अपने हृदय में प्रेम की आग जलाता है और उसी में जलते हुए सुख-दुख दोनों का आनंद लेता है। लोग संसार को भवसागर मानकर उसे पार करने के साधन खोजते हैं, परंतु कवि प्रेम की नाव से बाधाओं को पार कर लेता है।

(क) कवि को प्रेममय जीवन ही सुखद लगता है। प्रिय की यादें उसे आनंद देती हैं, इसलिए वियोग में भी वह प्रेम की आग में आनंद पाता है।

(ख) प्रिय की मधुर यादों में लीन रहने के कारण वह सुख-दुख दोनों में मस्त रहता है और सांसारिक चिंताएँ उसे नहीं सतातीं।

(ग) संसार को भयंकर सागर माना गया है। उसे पार करने के लिए कवि अपने प्रिय के प्रेम को नाव बनाता है।

(घ) ‘भव मौजों’ का अर्थ है संसार रूपी सागर की लहरें। कवि इन लहरों पर मस्त होकर बहता है, अर्थात् सांसारिक उथल-पुथल से विचलित नहीं होता।

(ङ) कवि प्रेम की मस्ती में डूबकर जीवन के सुख-दुख भोगता है और प्रेम की नाव से संसार पार करना चाहता है।

Exam Tips:

a) ‘अग्नि’ और ‘नाव’ में रूपकातिशयोक्ति अलंकार है, इसे उत्तर में बताएँ।
b) ‘भवसागर’ और ‘भव मौजों’ में रूपक अलंकार का प्रयोग है।
c) ‘सुख-दुख’ में अनुप्रास अलंकार है, यह भी अंक दिलाने वाला बिंदु है।

 

Question 5: पद्यांश 5 (‘यौवन का उन्माद’ वाला) की सप्रसंग व्याख्या कीजिए।
(क) ‘यौवन के उन्माद’ द्वारा कवि क्या कहना चाहता है?
(ख) कवि अवसाद से ग्रस्त क्यों है?
(ग) कवि के भीतर तथा बाहर कैसी असंगति है?
(घ) इस पद्यांश में किस प्रकार के शृंगार रस का चित्रण हुआ है और क्यों?
(ङ) इस पद्यांश का मुख्य भाव क्या है?

Answer:

सप्रसंग व्याख्या: कवि कहता है कि उसके जीवन में यौवन की मस्ती है और वह प्रिया से मिलने के लिए सदा व्याकुल रहता है। वियोग की पीड़ा उसे भीतर-भीतर कचोटती है, फिर भी वह लोगों के सामने हँसने का अभिनय करता है।

(क) ‘यौवन के उन्माद’ से आशय है जवानी के दिनों में प्रेम का उत्साह और मस्ती।

(ख) प्रिया ने उसे छोड़ दिया है, इसलिए प्रेम में मिली निराशा के कारण वह अवसाद से ग्रस्त है।

(ग) कवि बाहर से हँसता-मुस्कुराता है, पर भीतर विरह की पीड़ा से व्यथित रहता है। वह नहीं चाहता कि कोई उसकी विरह-व्यथा का मज़ाक उड़ाए।

(घ) इसमें शृंगार रस के वियोग पक्ष का मार्मिक चित्रण है, क्योंकि कवि प्रिया से बिछड़कर व्याकुल है।

(ङ) कवि अपनी विरह-व्यथा और बेचैनी को सहज शब्दों में व्यक्त करता है।

Exam Tips:

a) ‘उन्माद’ और ‘अवसाद’ के अर्थ शब्दार्थ में लिखें।
b) ‘हाय’ शब्द से विरह-वेदना की गहराई व्यक्त होती है, इसे उत्तर में रेखांकित करें।
c) वियोग शृंगार और संयोग शृंगार का अंतर स्पष्ट करें।

 

Question 6: पद्यांश 6 (‘कर यत्न मिटे सब’ वाला) की सप्रसंग व्याख्या कीजिए।
(क) कवि किसे नादान कहता है और क्यों?
(ख) ‘दाना’ से कवि का क्या अभिप्राय है?
(ग) कवि ‘जग को मूढ़’ क्यों कहता है?
(घ) कवि किस प्रकार के ज्ञान को भुलाना चाहता है?
(ङ) इस पद्यांश का प्रमुख भाव क्या है?

Answer:

सप्रसंग व्याख्या: कवि कहता है कि सत्य को जानने के लिए लोगों ने बहुत प्रयास किए, पर कोई उसे नहीं जान सका। जो लोग धन-वैभव जुटाने में लगे हैं, वे सच्चे सुख से दूर हैं। कवि उस सांसारिक ज्ञान को भुलाकर प्रेम की मस्ती में जीना चाहता है।

(क) कवि उन लोगों को नादान कहता है जो धन-वैभव पाने के लिए दिन-रात भागते हैं और प्रेम का मार्ग छोड़ देते हैं।

(ख) ‘दाना’ से आशय सांसारिक धन-वैभव और भोग-विलास की चतुराई से है, जो मनुष्य को सच्चा सुख नहीं देती।

(ग) जो लोग सांसारिक सुख की संपत्ति जोड़ने में लगे हैं, उन्हें कवि मूढ़ कहता है, क्योंकि अज्ञान के कारण वे प्रेम को नहीं पा पाते।

(घ) कवि सांसारिक विषय-वासनाओं से मिले ज्ञान को भुलाना चाहता है, क्योंकि वह उसे सच्चा सुख नहीं देता।

(ङ) संसार में जीवन के सत्य को कोई नहीं पहचान सका। मोह-माया में फँसे लोग मूर्ख हैं, इसलिए कवि ऐसे ज्ञान को भुलाने की कामना करता है।

Exam Tips:

a) ‘नादान’ और ‘दाना’ का विरोधाभास उत्तर में समझाएँ।
b) ‘सीखा ज्ञान भुलाना’ में विरोधाभास अलंकार है।
c) कबीर की ‘पोथी पढ़ि-पढ़ि जग मुआ’ पंक्ति से तुलना करके उत्तर को और स्पष्ट किया जा सकता है।

 

Question 7: पद्यांश 7 (‘मैं और, और जग और’ वाला) की सप्रसंग व्याख्या कीजिए।
(क) कवि स्वयं को संसार से अलग क्यों समझता है?
(ख) ‘और जग और’ का भाव स्पष्ट कीजिए।
(ग) कवि किस प्रकार के संसार को मिटाता रहता है?
(घ) कवि स्वयं को संसार से क्यों नहीं जोड़ पाता?
(ङ) इस पद्यांश का भाव स्पष्ट कीजिए।

Answer:

सप्रसंग व्याख्या: कवि का संसार से कोई गहरा संबंध नहीं है। वह भावनाओं को महत्त्व देता है, जबकि संसार धन-वैभव के पीछे भागता है। वह रोज़ नए आदर्श संसार की कल्पना करता है, उसे मिटाता है और हर कदम पर धन-वैभव की इस दुनिया को ठुकराता चलता है।

(क) कवि धन-संपत्ति के संग्रह में विश्वास नहीं करता, वह निजी भावनाओं में खोया रहता है, इसलिए स्वयं को संसार से अलग समझता है।

(ख) ‘और जग और’ का भाव है कि संसार के लोग कवि की भावनाओं को समझ नहीं पाते, क्योंकि उनकी दुनिया धन-संपत्ति के पीछे चलती है।

(ग) कवि प्रेममय आदर्श संसार की कल्पना करता है। जब वह प्रेम की कसौटी पर खरा नहीं उतरता, तो उसे नष्ट करके फिर नया संसार रचता है।

(घ) कवि प्रेम में विश्वास करता है, जबकि संसार के लोग धन-वैभव में लगे हैं। दोनों के लक्ष्य अलग होने के कारण कवि स्वयं को संसार से नहीं जोड़ पाता।

(ङ) कवि सांसारिक धन-वैभव को ठुकराकर प्रेम पर आधारित संसार बनाने की कामना करता है।

Exam Tips:

a) ‘बना-बना’ में पुनरुक्ति प्रकाश अलंकार है।
b) ‘और’ शब्द के दो अर्थ (भिन्न और ‘व’) से यमक अलंकार बनता है।
c) ‘कहाँ का नाता’ प्रश्न अलंकार का उदाहरण है।

 

Question 8: पद्यांश 8 (‘रोदन में राग’ वाला) की सप्रसंग व्याख्या कीजिए।
(क) कवि अपने ‘रोदन में राग’ को क्यों लिए फिरता है?
(ख) ‘शीतल वाणी में आग’ का आशय स्पष्ट कीजिए।
(ग) राजाओं के प्रासाद किस पर न्योछावर होते हैं?
(घ) कवि के अनुसार खंडहर का भाव क्या है?
(ङ) इस पद्यांश का भावार्थ स्पष्ट कीजिए।

Answer:

सप्रसंग व्याख्या: कवि कहता है कि उसके रोने में भी प्रेम का राग है और उसकी कोमल वाणी में विरह की आग छिपी है। राजाओं के महल प्रेम पर न्योछावर होते हैं, पर कवि का प्रेम टूटे खंडहर जैसा हो गया है, फिर भी वह उसे हृदय में सँजोए रखता है।

(क) उसके स्वर में निराशा और व्यथा है, पर उसमें सच्चे प्रेम की भावना है। वह विरह-वेदना को इसलिए हृदय में रखता है, क्योंकि प्रेम को भुला नहीं सकता।

(ख) विरह के कारण कवि की वाणी कोमल है, पर उसमें प्रिय को न पा सकने की बेचैनी भी प्रबल है। शीतलता और आग का यह संयोग कवि की विरह-दशा को दर्शाता है।

(ग) राजाओं के महल प्रेम पर न्योछावर होते हैं। बड़े राजा प्रेम के लिए राजसी सुख तक त्याग देते हैं।

(घ) जैसे महल टूटकर खंडहर बन जाता है, वैसे ही कवि का प्रेम-महल टूट चुका है। अब उसके हृदय में केवल प्रिया की यादें बसी हैं।

(ङ) कवि अपने कोमल गीतों में विरह-वेदना व्यक्त करता है, और यही वेदना उसे गीत लिखने की प्रेरणा देती है।

Exam Tips:

a) ‘राग’ का अर्थ शब्दार्थ में प्रेम लिखें।
b) ‘शीतल’ और ‘आग’ का विरोधी संयोग उत्तर में उदाहरण सहित समझाएँ।
c) ‘खंडहर’ का प्रतीकात्मक अर्थ स्पष्ट करें।

 

Question 9: पद्यांश 9 (‘मैं रोया, इसको तुम कहते हो गाना’ वाला) की सप्रसंग व्याख्या कीजिए।
(क) लोग कवि के रुदन को गाना क्यों कहते हैं?
(ख) ‘छंद बनाना’ और ‘फूट पड़ना’ में क्या संबंध है?
(ग) कवि स्वयं को एक नया दीवाना क्यों कहता है?
(घ) संसार कवि को कवि कहकर क्यों अपनाना चाहता है?
(ङ) इस पद्यांश का मुख्य भाव स्पष्ट कीजिए।

Answer:

सप्रसंग व्याख्या: कवि कहता है कि लोग उसके रुदन को गीत कहते हैं, जबकि वह तो प्रेम की निराशा से फूट पड़ी वेदना है। संसार उसे कवि मानकर अपनाना चाहता है, पर वह स्वयं को प्रेम का दीवाना मानता है।

(क) कवि की विरह-वेदना गीत के रूप में व्यक्त होती है और उसके गीत लोगों को प्रिय लगते हैं, इसलिए लोग उसे गाना कहते हैं।

(ख) जब तीव्र विरह-व्यथा शब्दों में ढलकर छंद का रूप लेती है, तो उसे छंद बनाना कहते हैं। भावों का आवेग ही कविता को प्रभावशाली बनाता है।

(ग) उसके हृदय में प्रेम की मस्ती है और वह अपने गीतों में प्रेमपूर्ण भावनाएँ व्यक्त करता है, इसलिए वह स्वयं को प्रेम का नया दीवाना कहता है।

(घ) संसार उसकी भावनाओं को छंदबद्ध रचना के रूप में देखकर उसे कवि मानता है, पर उसकी प्रेम-भावना को कोई नहीं समझ पाता।

(ङ) हर गीत के पीछे कवि की विरह-वेदना छिपी है, और इसी वेदना से उसके गीत उत्पन्न होते हैं।

Exam Tips:

a) ‘क्यों कवि कहकर’ में अनुप्रास अलंकार है।
b) संबोधन शैली के कारण इस पद्यांश में नाटकीयता आई है, इसका उल्लेख करें।
c) ‘फूट पड़ा’ और ‘छंद बनाना’ के शब्दार्थ लिखें।

 

Question 10: पद्यांश 10 (‘दीवानों का वेश’ वाला) की सप्रसंग व्याख्या कीजिए।
(क) कवि संसार को क्या संदेश देना चाहता है?
(ख) कवि की किस बात को सुनकर संसार के लोग झूमते, झुकते और लहराने लगते हैं?
(ग) ‘मैं दीवानों का वेश लिए फिरता हूँ’ पंक्ति का आशय स्पष्ट कीजिए।
(घ) कवि के गीतों में मादकता क्यों है?
(ङ) इस पद्यांश का भाव स्पष्ट कीजिए।

Answer:

सप्रसंग व्याख्या: कवि प्रेम के दीवानों जैसा वेश धारण करके विचरता है और अपनी दीवानगी से सबको मस्त बनाना चाहता है। उसके गीत प्रेम और यौवन की मस्ती से भरे हैं, जिन्हें सुनकर लोग झूम उठते हैं। वह पाठकों को मौज और मस्ती का संदेश देता है।

(क) कवि लोगों को संदेश देना चाहता है कि वे सांसारिक झंझटों को छोड़कर प्रेम और मस्ती के साथ जीवन जिएँ, तभी उन्हें सच्चा आनंद मिलेगा।

(ख) कवि के गीतों में प्रेम की मस्ती और मादकता है, जिसे सुनकर लोग झूम उठते हैं, झुक जाते हैं और मस्ती में लहराने लगते हैं।

(ग) कवि यह स्पष्ट करता है कि वह प्रेम के दीवानों की तरह जीवन जी रहा है, और उसके जीवन का एकमात्र लक्ष्य प्रिया के प्रेम को पाना है।

(घ) कवि प्रेम की मस्ती में डूबा रहता है और सदा प्रेम तथा यौवन के गीत गाता है, इसलिए उसके गीतों में मादकता है।

(ङ) कवि ने स्पष्ट किया है कि प्रेम की मस्ती के कारण वह दीवाना बन चुका है और उसी मस्ती का संदेश सबको देना चाहता है।

Exam Tips:

a) ‘निःशेष’ का अर्थ पूर्ण या संपूर्ण लिखें।
b) ‘झूम, झुके, लहराए’ में अनुप्रास अलंकार है।
c) ‘मस्ती का संदेश’ का भाव अपने शब्दों में समझाएँ।

 

एक गीत पद्यांशों की सप्रसंग व्याख्या एवं अर्थग्रहण संबंधी प्रश्नोत्तर

Question 1: पद्यांश 1 (‘हो जाए न पथ में रात कहीं’ वाला) की सप्रसंग व्याख्या कीजिए।
(क) कवि और कविता का नाम लिखिए।
(ख) ‘थका हुआ पंथी’ किस कारण जल्दी-जल्दी चलता है?
(ग) ‘पंथी’ किस आशा से प्रेरित होकर जल्दी-जल्दी चलता है?
(घ) ‘दिन जल्दी-जल्दी ढलता है’ कथन कवि को बेचैन क्यों करता है?
(ङ) इस पद्यांश का भाव स्पष्ट कीजिए।

Answer:

सप्रसंग व्याख्या: थका हुआ राही सोचता है कि कहीं रास्ते में ही रात न हो जाए। मंजिल पास है, इसलिए वह तेज़ कदम बढ़ाता है। प्रिय-मिलन की बेचैनी में उसे लगता है कि दिन जल्दी ढल रहा है।

(क) कवि हरिवंश राय बच्चन हैं और कविता का नाम ‘एक गीत’ है। यह ‘निशा निमंत्रण’ काव्य-संग्रह में संकलित है।

(ख) थका हुआ पथिक मंजिल को पास देखकर उसे जल्दी पाना चाहता है, इसलिए जल्दी-जल्दी चलता है।

(ग) उसके मन में आशा है कि उसकी मंजिल पास आ चुकी है और अब प्रिय से मिलन होगा।

(घ) कवि अपनी मंजिल, अर्थात् प्रिय से मिलन के लिए बेचैन है। दिन ढलने से पहले वह प्रिय तक पहुँचना चाहता है, इसलिए यह कथन उसे बेचैन करता है।

(ङ) लक्ष्य पाने को आतुर व्यक्ति सदा व्यग्र रहता है और समय तेज़ी से बीतता देखकर उसका मन बेचैन हो उठता है।

Exam Tips:

a) ‘पंथी’ का अर्थ राही या मुसाफिर है, इसे शब्दार्थ में लिखें।
b) ‘जल्दी-जल्दी’ में पुनरुक्ति प्रकाश अलंकार है।
c) कवि के संग्रह ‘निशा निमंत्रण’ का उल्लेख करें।

 

Question 2: पद्यांश 2 (‘बच्चे प्रत्याशा में होंगे’ वाला) की सप्रसंग व्याख्या कीजिए।
(क) बच्चे किस आशा से नीड़ों से बाहर झाँक रहे होंगे?
(ख) चिड़ियों के घोंसलों द्वारा किस दृश्य की कल्पना की गई है?
(ग) चिड़ियों के पंखों में चंचलता क्यों उत्पन्न हो जाती है?
(घ) चिड़ियों को क्यों लगता है कि दिन जल्दी-जल्दी ढल रहा है?
(ङ) इस कविता द्वारा कवि क्या संदेश देना चाहता है?

Answer:

सप्रसंग व्याख्या: कवि चिड़ियों के बिंब से अपनी व्याकुलता व्यक्त करता है। चिड़ियाँ लौटते हुए सोचती हैं कि उनके बच्चे उनकी प्रतीक्षा में घोंसलों से झाँक रहे होंगे। इस चिंता से वे पंख फड़फड़ाकर तेज़ उड़ने लगती हैं।

(क) बच्चे माँ के लौटने की प्रतीक्षा कर रहे हैं और आशा है कि माँ उन्हें भोजन देगी।

(ख) कवि ने उस दृश्य की कल्पना की है जहाँ बच्चे माँ की प्रतीक्षा में घोंसलों से बाहर झाँक रहे हैं, और एक ओर ममता है तो दूसरी ओर भूख है।

(ग) चिड़िया बच्चों से शीघ्र मिलना चाहती है और उनकी ममता उसे पुकारती है, इसलिए उसके पंखों में चंचलता आ जाती है।

(घ) चिड़ियों के मन में बेचैनी है और मंजिल दूर है, इसलिए दिन जल्दी ढलता प्रतीत होता है।

(ङ) कवि ने चिड़ियों के माध्यम से मानवीय ममता और वात्सल्य का सजीव चित्रण किया है।

Exam Tips:

a) ‘नीड़’ का अर्थ घोंसला है, इसे शब्दार्थ में लिखें।
b) चिड़िया के बिंब से प्रेमी के हृदय की बेचैनी समझाएँ।
c) इस पद्यांश में वात्सल्य भाव का उल्लेख करें।

 

Question 3: पद्यांश 3 (‘मुझसे मिलने को कौन विकल’ वाला) की सप्रसंग व्याख्या कीजिए।
(क) कवि के मन में यह प्रश्न क्यों उठता है कि उससे मिलने के लिए कोई व्याकुल है?
(ख) कवि किसके लिए चंचलता को त्याग देता है?
(ग) कवि के कदम शिथिल क्यों हो जाते हैं?
(घ) कवि के मन में कैसी विह्वलता उत्पन्न होती है?
(ङ) इस पद्यांश का मुख्य भाव क्या है?

Answer:

सप्रसंग व्याख्या: कवि कहता है कि इस संसार में कोई ऐसा नहीं जो उससे मिलने को व्याकुल हो, इसलिए उसका मन किसी के लिए चंचल नहीं होता। प्रेम के अभाव में उसके कदम शिथिल हो जाते हैं और हृदय में निराशा तथा उदासी भर जाती है।

(क) प्रिया उसे छोड़कर चली गई है, इसलिए वह अकेला रह गया है और सोचता है कि उससे मिलने को कोई व्याकुल नहीं है।

(ख) अब उसके मन में प्रिय से मिलने की बेचैनी नहीं रही, इसलिए वह चंचलता को त्याग देता है।

(ग) वह समझ चुका है कि जिसे वह प्रेम करता था, अब वह मिलने वाला नहीं है, इसलिए उसके कदम शिथिल हो जाते हैं।

(घ) वह प्रेममय संसार में अकेला रह गया है और कोई उसकी प्रतीक्षा नहीं कर रहा, इसलिए उसके मन में विह्वलता और उदासी उत्पन्न होती है।

(ङ) कवि की प्रिया उसे छोड़ गई है, अतः इस पद्यांश में वियोगजन्य पीड़ा का मार्मिक वर्णन है।

Exam Tips:

a) ‘शिथिल’ का अर्थ ढीला या थका हुआ और ‘विह्वल’ का अर्थ व्याकुल है।
b) पहली दो पंक्तियों में प्रश्न अलंकार है।
c) ‘जल्दी-जल्दी’ में पुनरुक्ति प्रकाश अलंकार है।

 

कवि-परिचय

Question 1: श्री हरिवंश राय बच्चन का संक्षिप्त जीवन-परिचय देते हुए उनकी काव्यगत विशेषताओं पर प्रकाश डालिए।
अथवा
श्री हरिवंश राय बच्चन का साहित्यिक परिचय अपने शब्दों में लिखिए।

Answer:

1. जीवन-परिचय: हरिवंश राय बच्चन आधुनिक हिंदी कवियों में प्रमुख स्थान रखते हैं। उनका जन्म सन् 1907 में प्रयाग (इलाहाबाद) के कटरा मोहल्ले में एक कायस्थ परिवार में हुआ। उनके पिता का नाम प्रताप नारायण था। उन्होंने सन् 1938 में इलाहाबाद विश्वविद्यालय से अंग्रेज़ी में स्नातकोत्तर की उपाधि प्राप्त की और कैम्ब्रिज विश्वविद्यालय से पीएच.डी. की। इसके बाद वे इलाहाबाद विश्वविद्यालय में अध्यापन करने लगे और आकाशवाणी के साहित्यिक कार्यक्रमों से जुड़े रहे। भारत सरकार ने उन्हें विदेश मंत्रालय में हिंदी विशेषज्ञ के रूप में नियुक्त किया। सन् 1966 में वे राज्यसभा के मनोनीत सदस्य बने। आरंभिक जीवन आर्थिक संघर्षों से भरा रहा। उनकी पहली पत्नी श्यामा का असाध्य रोग से निधन हो गया, जिससे कवि को गहरा आघात लगा। सन् 1942 में उन्होंने तेजी बच्चन से दूसरा विवाह किया। भारत सरकार ने उन्हें ‘पद्म भूषण’ से सम्मानित किया।

2. प्रमुख रचनाएँ: ‘मधुशाला’ (सन् 1935), ‘मधुबाला’ (सन् 1936), ‘मधुकलश’ (सन् 1936), ‘निशा निमंत्रण’, ‘आकुल-अंतर’, ‘एकांत संगीत’, ‘प्रणय पत्रिका’, ‘सतरंगिणी’, ‘दो चट्टानें’, ‘मिलनयामिनी’, ‘आरती’ और ‘अंगारे’, ‘नये पुराने झरोखे’, ‘टूटी-फूटी कड़ियाँ’ आदि उनकी प्रमुख रचनाएँ हैं। उनकी आत्मकथात्मक कृतियाँ ‘क्या भूलूँ क्या याद करूँ’, ‘नीड़ का निर्माण फिर’, ‘बसेरे से दूर’ और ‘दशद्वार से सोपान तक’ हैं। सन् 2003 में मुंबई में उनका निधन हुआ।

3. काव्यगत विशेषताएँ: बच्चन जी उत्तर-छायावादी कवियों में विशेष प्रसिद्ध हैं और हिंदी में ‘हालावाद’ के प्रवर्तक माने जाते हैं। उन्होंने उमर खय्याम की रुबाइयों का सुंदर अनुवाद किया। ‘मधुशाला’, ‘मधुबाला’ और ‘मधुकलश’ उनकी प्रमुख काव्य-रचनाएँ हैं, जिनमें प्रेम, मस्ती और भाग्यवाद का स्वर मिलता है।

(i) व्यक्तिनिष्ठता: वे वैयक्तिक काव्यधारा के प्रमुख कवि हैं। उनकी दृष्टि व्यक्तिनिष्ठ है, फिर भी वे समाज-हित को भूलने के पक्ष में नहीं हैं। कहीं-कहीं वैयक्तिकता में पलायनवादी स्वर भी सुनाई देता है।
(ii) प्रेम और सौंदर्य: वे प्रेम और सौंदर्य के कवि हैं, और उनकी रचनाओं में जीवन के प्रति गहरी आस्था व्यक्त होती है।
(iii) मानवतावाद: उनकी रचनाओं में मनुष्य मात्र के प्रति प्रेम का भाव व्याप्त है, और मानवीय पीड़ा से वे व्यथित हो उठते हैं।
(iv) सामाजिक यथार्थ: उनकी गद्य-रचनाओं में सामाजिक यथार्थ का सजीव चित्रण मिलता है, और आत्मकथात्मक रचनाओं में उनके संघर्षशील जीवन की झलक है।
(v) आशा और सृजन का स्वर: उनकी कविताओं में केवल प्रणय और निराशा नहीं, बल्कि आशा और सृजन का स्वर भी है। वे यथार्थ को स्वीकार करते हुए नए सृजन की प्रेरणा देते हैं।

4. भाषा, छंद एवं अलंकार: उनकी भाषा सरल और आडंबरहीन है। उसमें प्रवाह के साथ चित्रात्मकता और प्रतीकात्मक शब्द-योजना भी मिलती है। वे अभिधा शक्ति में सीधे ढंग से अपनी बात कहते हैं। गेय होने के कारण उनकी रचनाएँ गीत के रूप में लोकप्रिय हैं और आधुनिक गीतकारों में उनका प्रमुख स्थान है। उनके प्रिय अलंकार अनुप्रास, रूपक, यमक, उत्प्रेक्षा और मानवीकरण हैं। डॉ. मतेंद्र नाथ शुक्ल के अनुसार बच्चन जी ने छायावादी संस्कारों से हटकर कविता को नया संदर्भ दिया।

Exam Tips:

a) जीवन-परिचय और काव्यगत विशेषताओं को अलग-अलग शीर्षक देकर लिखें, इससे उत्तर स्पष्ट रहता है।
b) ‘हालावाद’ का उल्लेख करें और उसे ‘मधुशाला’ से जोड़कर समझाएँ।
c) व्यक्तिनिष्ठता और मानवतावाद को अलग बिंदुओं में लिखें।
d) जन्म-वर्ष, पिता का नाम और प्रमुख रचनाओं के वर्ष सही लिखें।

 

आत्म-परिचय कविता का सार

Question 1: श्री हरिवंश राय बच्चन द्वारा रचित कविता ‘आत्मपरिचय’ का सार अपने शब्दों में लिखिए।

Answer:

‘आत्मपरिचय’ श्री हरिवंश राय बच्चन की एक उल्लेखनीय कविता है, जिसमें कवि ने अपने प्रेममय व्यक्तित्व को प्रस्तुत किया है। कवि अपने सामाजिक कर्तव्यों के प्रति सजग है और जीवन के कष्टों और बाधाओं के बीच भी प्रेम से उसका हृदय झंकृत रहता है। वह सदा अपनी प्रिया के स्नेह में लीन रहता है, जबकि संसार के लोग अपनी समस्याओं में उलझे रहते हैं।

कवि के हृदय में नए-नए कोमल भाव उठते हैं, जिन्हें वह संसार को उपहार के रूप में देना चाहता है। अधूरा संसार उसे अच्छा नहीं लगता, इसलिए वह सपनों के प्रेममय संसार में खोया रहता है। सुख और दुख उसके लिए एक समान हैं। वह प्रेम की मस्ती में जीवन बिताता है और प्रेम रूपी नाव से संसार की मुसीबतें पार करता है। प्रिया के वियोग में वह व्याकुल रहता है, फिर भी लोगों के सामने हँसता रहता है।

कवि जानता है कि लोग सत्य की खोज में उलझे हैं और धन-संपत्ति जुटाने में ही जीवन बिता देते हैं। वह उस सांसारिक जाल से दूर रहने में भलाई समझता है। वह संसार की रीति को हर कदम पर ठुकराकर भावनाओं के संसार में जीना चाहता है। उसका रुदन भी उसे संगीत-सा लगता है और उसकी शीतल वाणी में प्रेम की आग है। प्रेम के टूटे खंडहर जैसे जीवन पर भी वह राजाओं के महल न्योछावर करना चाहता है। अंत में कवि कहता है कि उसका रुदन ही गीत बन गया है और वह प्रेम की मस्ती का संदेश देने वाला दीवाना है।

Exam Tips:

a) सार में कवि, कविता और मुख्य भाव का उल्लेख अवश्य करें।
b) सार अपने शब्दों में लिखें, पंक्तियाँ न उतारें।
c) सार को तीन अनुच्छेदों में बाँटने से उत्तर व्यवस्थित लगता है।
d) प्रमुख बिंदु जैसे प्रेम, वियोग और मस्ती का क्रम बनाए रखें।

 

एक गीत कविता का सार

Question 1: ‘एक गीत’ कविता का सार अपने शब्दों में लिखिए।

Answer:

‘एक गीत’ हरिवंश राय बच्चन का प्रसिद्ध प्रेम-गीत है, जो ‘निशा निमंत्रण’ में संकलित है। इसमें कवि अपने प्रेम की व्याकुलता का वर्णन करता है। वह प्रियजन से मिलने के लिए अत्यंत बेचैन है और तेज़ी से चलकर उस तक पहुँचना चाहता है। उसे लगता है कि अब उसका लक्ष्य दूर नहीं है।

कवि चिड़ियों का रूपक बाँधते हुए कहता है कि घोंसलों में बच्चे माता-पिता की प्रतीक्षा कर रहे होंगे, और यह सोचकर चिड़ियों के पंखों में चंचलता आ जाती है। परंतु कवि सोचता है कि संसार में कोई भी उसका अपना नहीं है जो उससे मिलने को व्याकुल हो, इसलिए उसके कदम शिथिल पड़ जाते हैं। अंत में कवि यह स्पष्ट करता है कि प्रेम से मनुष्य के जीवन में गति और स्फूर्ति आती है।

Exam Tips:

a) सार में कवि, कविता और मुख्य भाव (प्रेम की व्याकुलता) अवश्य लिखें।
b) चिड़ियों के रूपक का उल्लेख करें, यह कविता की मुख्य विशेषता है।
c) सार संक्षेप में लिखें, लगभग दो अनुच्छेद पर्याप्त हैं।

 

Haryana Board Solutions for Class 12 Hindi Chapter 01 Aatm-Parichay, Ek Geet

Chapter Exercise Answers for Class 12 Hindi

Access structured Haryana Board textbook solutions for Chapter 01 Aatm-Parichay, Ek Geet. Designed in alignment with the latest academic curriculum for Class 12 Hindi, these answers cover all end-of-chapter exercises to support daily learning and homework completion.

Detailed Answer Guides for Chapter 01 Aatm-Parichay, Ek Geet

Each solution includes detailed reasoning to foster genuine comprehension of Chapter 01 Aatm-Parichay, Ek Geet concepts. Reviewing these step-by-step breakdowns allows learners to master both analytical and descriptive questions expected in school evaluations.

Complete Preparation Kit for Class 12 Exams

These resources act as an effective roadmap for daily homework tasks and independent study. Supplement your review of Chapter 01 Aatm-Parichay, Ek Geet with official sample papers and interactive practice tests available on our platform free of charge.

FAQs

Where can I find the latest HBSE Class 12 Hindi Solutions Aroh Chapter 1 आत्म-परिचय, एक गीत for the 2026-27 session?

The complete and updated HBSE Class 12 Hindi Solutions Aroh Chapter 1 आत्म-परिचय, एक गीत is available for free on StudiesToday.com. These solutions for Class 12 Hindi are as per latest Haryana Board curriculum.

Are the Hindi Haryana Board solutions for Class 12 updated for the new 50% competency-based exam pattern?

Yes, our experts have revised the HBSE Class 12 Hindi Solutions Aroh Chapter 1 आत्म-परिचय, एक गीत as per 2026 exam pattern. All textbook exercises have been solved and have added explanation about how the Hindi concepts are applied in case-study and assertion-reasoning questions.

How do these Class 12 Haryana Board solutions help in scoring 90% plus marks?

Toppers recommend using Haryana Board language because Haryana Board marking schemes are strictly based on textbook definitions. Our HBSE Class 12 Hindi Solutions Aroh Chapter 1 आत्म-परिचय, एक गीत will help students to get full marks in the theory paper.

Do you offer HBSE Class 12 Hindi Solutions Aroh Chapter 1 आत्म-परिचय, एक गीत in multiple languages like Hindi and English?

Yes, we provide bilingual support for Class 12 Hindi. You can access HBSE Class 12 Hindi Solutions Aroh Chapter 1 आत्म-परिचय, एक गीत in both English and Hindi medium.

Is it possible to download the Hindi Haryana Board solutions for Class 12 as a PDF?

Yes, you can download the entire HBSE Class 12 Hindi Solutions Aroh Chapter 1 आत्म-परिचय, एक गीत in printable PDF format for offline study on any device.