HBSE Class 11 Geography Important Questions Chapter 4 महासागरों और महाद्वीपों का वितरण

Download Haryana Board Solutions for Class 11 Geography Chapter 04 Distribution of Oceans and Continents

Review structured textbook solutions for Class 11 Geography Chapter 04 Distribution of Oceans and Continents. Built according to Haryana Board guidelines for the 2026-27 academic year, these downloadable answers support daily revision and problem-solving accuracy.

Access Haryana Board Solutions and Answers

View or download the dedicated Chapter 04 Distribution of Oceans and Continents solution resource below. Engaging with these textbook answers under focused study conditions ensures continuous academic progress and mastery of the 2026-27 curriculum for Geography.

वस्तुनिष्ठ प्रश्न

भाग-I : सही विकल्प का चयन करें

Question 1: महाद्वीपों की स्थिरता की विचारधारा को खारिज कर प्रतिस्थापना परिकल्पना प्रस्तुत करने वाले विद्वान् का क्या नाम था?
(A) फ्रांसिस बेकन
(B) एफ०बी० टेलर
(C) अल्फ्रेड वेगनर
(D) ओंटानियो पैलीग्रिनी

Answer:

(C) अल्फ्रेड वेगनर

Exam Tips:

a) जर्मन मौसमविद् अल्फ्रेड वेगनर ने 1912 में महाद्वीपीय विस्थापन सिद्धांत प्रस्तुत किया।

 

Question 2: पेंजिया का अर्थ है-
(A) संपूर्ण जल
(B) संपूर्ण भूमि
(C) संपूर्ण वायुमण्डल
(D) संपूर्ण जैवमण्डल

Answer:

(B) संपूर्ण भूमि

Exam Tips:

a) पैंजिया = संपूर्ण भूमि, जबकि पैंथालासा = संपूर्ण जल; दोनों को भ्रमित न करें।

 

Question 3: टेथिस से अभिप्राय है-
(A) पैंथालसा से बाहर निकली कटक
(B) पेंजिया के मध्य स्थित उथली भू-सन्नति
(C) अटलांटिक महासागर में स्थित अंतः समुद्री कटक
(D) कार्बोनिफेरस युग की खारे पानी की झील

Answer:

(B) पेंजिया के मध्य स्थित उथली भू-सन्नति

Exam Tips:

a) टेथिस सागर लारेशिया और गोंडवानालैंड के बीच स्थित था।

 

Question 4: किस बल के प्रभावाधीन उत्तरी अमेरिका और दक्षिणी अमेरिका यूरोप और अफ्रीका से अलग हो गए?
(A) द्रव के उछाल से
(B) ज्वारीय बल से
(C) अपकेंद्री बल से
(D) अभिकेंद्री बल से

Answer:

(B) ज्वारीय बल से

Exam Tips:

a) वेगनर के अनुसार महाद्वीपों का पश्चिम की ओर प्रवाह सूर्य और चंद्रमा के ज्वारीय बल से हुआ।

 

Question 5: निम्नलिखित में से कौन-सी मुख्य प्लेट नहीं है?
(A) अफ्रीकी
(B) अंटार्कटिक
(C) यूरेशियाई
(D) अरेबियन

Answer:

(D) अरेबियन

Exam Tips:

a) अरेबियन प्लेट एक छोटी (गौण) प्लेट है।

 

Question 6: टेथिस के उत्तर में स्थित लारेशिया भू-खंड में निम्नलिखित में से कौन-सा प्रदेश शामिल नहीं था?
(A) यूरेशिया
(B) ऑस्ट्रेलिया
(C) ग्रीनलैंड
(D) उत्तरी अमेरिका

Answer:

(B) ऑस्ट्रेलिया

Exam Tips:

a) ऑस्ट्रेलिया दक्षिणी भू-खंड गोंडवानालैंड का भाग था।

 

Question 7: वेगनर के अनुसार कार्बोनिफेरस युग में दक्षिणी ध्रुव कहां स्थित था?
(A) टेरा डेल फ्यूगो में
(B) सान साल्वेडोर में
(C) नेटाल (डरबन) में
(D) मेलबोर्न में

Answer:

(C) नेटाल (डरबन) में

Exam Tips:

a) नेटाल (डरबन) दक्षिण अफ्रीका में है; वेगनर ने इसे कार्बोनिफेरस युग का दक्षिणी ध्रुव माना।

 

Question 8: पर्वतों और महाद्वीपीय चापों की उत्पत्ति के संबंध में निम्नलिखित में कौन-सा कथन वेगनर का नहीं है?
(A) पश्चिमी द्वीप समूह की उत्पत्ति उत्तरी अमेरिका व दक्षिणी अमेरिका के पश्चिमी प्रवाह के कारण हुई
(B) रॉकीज व एंडीज पर्वतों का जन्म प्रशांत महासागर की तली के उत्थान से हुआ
(C) एशिया महाद्वीप के पश्चिम की ओर प्रवाह के कारण क्यूराइल, जापान व फिलीपींस द्वीपों की उत्पत्ति हुई
(D) हिमालय पर्वत टेथिस भू-सन्नति में जमा जलोढ़ से बना है।

Answer:

(B) रॉकीज व एंडीज पर्वतों का जन्म प्रशांत महासागर की तली के उत्थान से हुआ

Exam Tips:

a) वेगनर के अनुसार रॉकीज व एंडीज अमेरिका के पश्चिम की ओर खिसकने से सियाल पर साइमा के अवरोध के कारण बने।

 

Question 9: वेगनर ने अपनी प्रतिस्थापना परिकल्पना में ब्राजील के उभार को किस भू-खंड के साथ मिलाने की बात की है?
(A) बंगाल की खाड़ी से
(B) अफ्रीका में गिनी की खाड़ी से
(C) अरब प्रायद्वीप से
(D) उपर्युक्त में से कोई भी नहीं

Answer:

(B) अफ्रीका में गिनी की खाड़ी से

Exam Tips:

a) ब्राजील का उभार गिनी की खाड़ी में ठीक बैठता है; इसे साम्य स्थापना (Jig-saw fit) कहा गया।

 

Question 10: वेगनर ने अंटार्कटिका में कोयले के भंडारों की उपस्थिति के लिए कौन-सा साक्ष्य प्रस्तुत किया है?
(A) प्राचीनकाल में कोयले का निर्माण ठंडे प्रदेशों में भी संभव था
(B) कभी सूर्य अंटार्कटिका पर सीधा चमकता था, इसलिए वह उष्ण कटिबंध था
(C) अंटार्कटिका कभी निम्न अक्षांशों में स्थित था, बाद में ध्रुव की ओर चला गया
(D) कोयला विस्थापित होकर उष्ण कटिबंध से अंटार्कटिका की ओर चला गया

Answer:

(C) अंटार्कटिका कभी निम्न अक्षांशों में स्थित था, बाद में ध्रुव की ओर चला गया

Exam Tips:

a) कोयला उष्ण-आर्द्र जलवायु की घनी वनस्पति से बनता है, इसलिए अंटार्कटिका कभी निम्न अक्षांशों में रहा होगा।

 

Question 11: वेगनर के अनुसार महाद्वीपीय विस्थापन जिस दिशा में हुआ, वह है-
(A) भूमध्य रेखा व उत्तरी ध्रुव
(B) भूमध्य रेखा व पश्चिमी ध्रुव
(C) भूमध्य रेखा व दक्षिणी ध्रुव
(D) भूमध्य रेखा व पूर्व ध्रुव

Answer:

(B) भूमध्य रेखा व पश्चिमी ध्रुव

Exam Tips:

a) वेगनर के अनुसार महाद्वीपों का प्रवाह दो दिशाओं में हुआ: भूमध्य रेखा की ओर और पश्चिम की ओर।

 

Question 12: यूनानी भाषा के शब्द ‘टेक्टोनिकोज़’ का क्या अर्थ है?
(A) भू-आकार
(B) दरार का बनना
(C) निर्माण या रचना
(D) विनाश या विध्वंस

Answer:

(C) निर्माण या रचना

Exam Tips:

a) इसी शब्द से "विवर्तनिकी" (Tectonics) शब्द बना है।

 

Question 13: निम्नलिखित में से किस विषय का अध्ययन प्लेट विवर्तनिकी में नहीं किया जाता?
(A) बाढ़ का मैदान
(B) ज्वालामुखी क्रिया
(C) वलन
(D) विभंजन

Answer:

(A) बाढ़ का मैदान

Exam Tips:

a) बाढ़ का मैदान नदी के निक्षेपण से बनता है, यह बहिर्जनिक प्रक्रिया है।

 

Question 14: पुराचुंबकत्व के बारे में कौन-सा कथन सत्य नहीं है?
(A) पृथ्वी एक छड़ चुंबक की तरह व्यवहार करती है; यह बात विलियम गिलबर्ट ने बताई थी
(B) उत्तर-दक्षिण रेखा तथा चुंबकीय उत्तर-दक्षिण रेखा के बीच विद्यमान दिशाकोणीय अंतर चुंबकीय दिक्पात कहलाता है
(C) चुंबकीय क्षेत्र की तीव्रता या बल स्थायी रहता है
(D) वर्तमान में भू-चुंबकीय अक्ष पृथ्वी के परिभ्रमण अक्ष के साथ 11½° का कोण बनाता है

Answer:

(C) चुंबकीय क्षेत्र की तीव्रता या बल स्थायी रहता है

Exam Tips:

a) पृथ्वी के चुंबकीय क्षेत्र की तीव्रता और दिशा समय के साथ बदलती रहती है; इसी का अभिलेख शैलों में मिलता है।

 

Question 15: महासागरीय नितल के प्रसरण की संकल्पना का प्रतिपादन किसने किया था?
(A) वाइन एवं मैथ्यूज़ ने
(B) हैरी एच० हैस व रॉबर्ट एस० डीज़ ने
(C) कॉक्स व डोयल ने
(D) मैसन ने

Answer:

(B) हैरी एच० हैस व रॉबर्ट एस० डीज़ ने

Exam Tips:

a) हैरी हैस ने 1960 के दशक के आरंभ में महासागरीय नितल प्रसरण की संकल्पना दी।

 

Question 16: ‘प्लेट’ शब्द का सर्वप्रथम प्रयोग किस वैज्ञानिक ने किया?
(A) पी० मककैनी
(B) आर०एल० पार्कर
(C) जे० टूज़ो विल्सन
(D) डीज़

Answer:

(C) जे० टूज़ो विल्सन

Exam Tips:

a) कनाडा के भू-वैज्ञानिक जे० टूज़ो विल्सन ने 1965 में "प्लेट" शब्द का प्रयोग किया।

 

Question 17: निम्नलिखित में से कौन-सा एक स्थलमण्डल का भाग नहीं है?
(A) सियाल
(B) साइमा
(C) निचला मेंटल स्तर
(D) ऊपरी मेंटल स्तर

Answer:

(C) निचला मेंटल स्तर

Exam Tips:

a) स्थलमंडल में भूपर्पटी (सियाल व साइमा) और ऊपरी मेंटल का सबसे ऊपरी ठोस भाग आता है।

 

Question 18: प्लास्टिक दुर्बलतामण्डल किसे कहा जाता है?
(A) महाद्वीपीय पटल को
(B) महासागरीय बेसाल्ट पटल को
(C) ऊपरी मेंटल के भाग को
(D) भू-क्रोड को

Answer:

(C) ऊपरी मेंटल के भाग को

Exam Tips:

a) दुर्बलतामंडल (Asthenosphere) ऊपरी मेंटल में स्थलमंडल के नीचे स्थित है।

 

Question 19: एक-दूसरे से दूर जाने वाली प्लेटों को कहा जाता है-
(A) अभिसारी प्लेटें
(B) अपसारी प्लेटें
(C) संरक्षी प्लेटें
(D) विस्थापित प्लेटें

Answer:

(B) अपसारी प्लेटें

Exam Tips:

a) अपसारी प्लेटों के बीच मैग्मा ऊपर आकर नई पर्पटी बनाता है।

 

Question 20: मृत सागर की निम्न भूमि किन सीमाओं द्वारा बनी दरार घाटी है?
(A) अपसारी सीमाओं द्वारा
(B) पारवर्ती सीमाओं द्वारा
(C) अभिसारी सीमाओं द्वारा
(D) उपर्युक्त में से कोई भी नहीं

Answer:

(B) पारवर्ती सीमाओं द्वारा

Exam Tips:

a) मृत सागर एक पारवर्ती भ्रंश (Dead Sea Transform) के सहारे बनी निम्न भूमि है।

 

Question 21: रॉकीज व एंडीज़ पर्वतों का निर्माण किस प्रकार के अभिसरण से हुआ था?
(A) महासागर → ← महासागर
(B) महाद्वीप → ← महासागर
(C) महाद्वीप → ← महाद्वीप
(D) उपर्युक्त में से कोई भी नहीं

Answer:

(B) महाद्वीप → ← महासागर

Exam Tips:

a) भारी महासागरीय प्लेट महाद्वीपीय प्लेट के नीचे धँसती है और किनारे पर पर्वत बनते हैं।

 

Question 22: प्लूम अथवा तप्त स्थल के बारे में कौन-सा कथन असत्य है?
(A) प्लूम संक्रमण क्षेत्र से 670 कि०मी० नीचे उत्पन्न होते हैं
(B) प्लूम के ऊपर प्लेट का जो भाग आता है, गर्म होने लगता है
(C) एक प्लूम 10 करोड़ वर्ष तक सक्रिय रहता है
(D) प्लूम के ऊपर स्थित प्लेट पर ज्वालामुखी उद्भेदन की संभावना समाप्त हो जाती है

Answer:

(D) प्लूम के ऊपर स्थित प्लेट पर ज्वालामुखी उद्भेदन की संभावना समाप्त हो जाती है

Exam Tips:

a) तप्त स्थलों के ऊपर ज्वालामुखी बनते हैं, जैसे हवाई द्वीप।

 

भाग-II : एक शब्द या वाक्य में उत्तर दें

Question 1: पैंजिया का क्या अर्थ है?

Answer:

संपूर्ण भूमि।

Exam Tips:

a) पैंजिया वेगनर द्वारा कल्पित एक विशाल महाद्वीप था।

 

Question 2: वेगनर के अनुसार सारा विस्थापन किस महाद्वीप के संदर्भ में हुआ?

Answer:

अफ्रीका।

Exam Tips:

a) वेगनर ने अफ्रीका को स्थिर मानकर अन्य महाद्वीपों के विस्थापन की व्याख्या की।

 

Question 3: 1912 ई० में ‘महाद्वीपीय विस्थापन सिद्धांत’ किसने प्रस्तुत किया?

Answer:

जर्मन मौसमविद् अल्फ्रेड वेगनर ने।

Exam Tips:

a) वेगनर मौसमविज्ञानी थे, भू-वैज्ञानिक नहीं।

 

Question 4: ‘पैंथालासा’ का क्या अर्थ है?

Answer:

जल ही जल या संपूर्ण जल।

Exam Tips:

a) पैंथालासा वह विशाल महासागर था जो पैंजिया को चारों ओर से घेरे हुए था।

 

Question 5: ‘रिंग ऑफ फायर’ किस महासागर को कहा जाता है?

Answer:

प्रशांत महासागर को।

Exam Tips:

a) प्रशांत महासागर के किनारों पर सक्रिय ज्वालामुखियों की पेटी है।

 

Question 6: वेगनर के अनुसार कार्बोनिफेरस युग में दक्षिणी ध्रुव कहाँ स्थित था?

Answer:

नेटाल (डरबन) में।

Exam Tips:

a) नेटाल (डरबन) दक्षिण अफ्रीका में स्थित है।

 

Question 7: यूनानी भाषा के शब्द ‘टेक्टोनिकोज़’ का क्या अर्थ है?

Answer:

निर्माण या रचना।

Exam Tips:

a) विवर्तनिकी (Tectonics) शब्द इसी से बना है।

 

Question 8: महासागरीय नितल के प्रसरण की संकल्पना का प्रतिपादन किसने किया था?

Answer:

हैरी एच० हैस व रॉबर्ट एस० डीज़ ने।

Exam Tips:

a) यह संकल्पना महासागरीय कटकों के सहारे नई पर्पटी बनने की व्याख्या करती है।

 

Question 9: ‘प्लेट’ शब्द का सर्वप्रथम प्रयोग किस वैज्ञानिक ने किया?

Answer:

जे० टूज़ो विल्सन।

Exam Tips:

a) टूज़ो विल्सन ने 1965 में "प्लेट" शब्द का प्रयोग किया।

 

Question 10: प्लास्टिक दुर्बलतामण्डल किसे कहा जाता है?

Answer:

ऊपरी मेंटल के उस भाग को जो स्थलमंडल के नीचे स्थित है।

Exam Tips:

a) दुर्बलतामंडल को अंग्रेज़ी में एस्थेनोस्फीयर (Asthenosphere) कहते हैं।

 

Question 11: एक-दूसरे से दूर जाने वाली प्लेटों को क्या कहा जाता है?

Answer:

अपसारी प्लेटें।

Exam Tips:

a) अपसारी प्लेटों के किनारों को रचनात्मक किनारे भी कहते हैं।

 

Question 12: प्लेटों में गति क्यों होती है?

Answer:

प्लेटों का संचलन मेंटल में उत्पन्न तापीय संवहन धाराओं के कारण होता है।

Exam Tips:

a) संवहन धाराएँ पृथ्वी के भीतर ताप की भिन्नता से उत्पन्न होती हैं।

 

Question 13: संवहन धारा सिद्धान्त किस पर आधारित था?

Answer:

शैलों की रेडियोधर्मिता पर।

Exam Tips:

a) आर्थर होम्स ने रेडियोधर्मी तत्त्वों से उत्पन्न ताप को संवहन धाराओं का कारण माना।

 

Question 14: वेगनर ने महाद्वीपीय विस्थापन का सिद्धान्त कब प्रस्तुत किया?

Answer:

सन् 1912 में।

Exam Tips:

a) सन् 1912 का वर्ष याद रखें।

 

Question 15: पैंजिया के भू-खण्डों का विस्थापन कब शुरू हुआ?

Answer:

लगभग 20 करोड़ वर्ष पूर्व, जुरैसिक कल्प में।

Exam Tips:

a) पैंजिया पहले दो भागों, लारेशिया और गोंडवानालैंड में बँटा।

 

Question 16: प्लेट विवर्तन का सिद्धान्त किस बारे में है?

Answer:

महाद्वीपों और महासागरों की उत्पत्ति तथा उनके वितरण के बारे में।

Exam Tips:

a) यह सिद्धांत भूकंप, ज्वालामुखी और पर्वत निर्माण की भी व्याख्या करता है।

 

अति-लघूत्तरात्मक प्रश्न

Question 1: महाद्वीप किसे कहते हैं?

Answer:

समुद्र तल से ऊपर उठे पृथ्वी के विशाल भू-खंडों को महाद्वीप कहते हैं। विश्व में सात महाद्वीप हैं।

Exam Tips:

a) सात महाद्वीप: एशिया, अफ्रीका, उत्तरी अमेरिका, दक्षिणी अमेरिका, अंटार्कटिका, यूरोप और ऑस्ट्रेलिया।
b) एशिया सबसे बड़ा महाद्वीप है।

 

Question 2: महासागर किसे कहते हैं?

Answer:

सीमांत सागरों, जैसे भूमध्य सागर, कैरेबियन सागर, बाल्टिक सागर इत्यादि को छोड़कर, महासागरीय द्रोणियों में एकत्रित जल के विशाल विस्तार को महासागर कहते हैं।

Exam Tips:

a) प्रशांत महासागर सबसे बड़ा और सबसे गहरा महासागर है।
b) सीमांत सागर महासागरों के भाग नहीं गिने जाते।

 

Question 3: अपसारी प्लेटें क्या हैं?

Answer:

जब दो प्लेटें एक-दूसरे से विपरीत दिशा में दूर हटती हैं, तो उन्हें अपसारी प्लेटें कहते हैं।

Exam Tips:

a) मध्य-अटलांटिक कटक अपसारी सीमा का उदाहरण है।
b) अपसारी सीमाओं पर नई पर्पटी बनती है।

 

Question 4: अभिसरण क्या है?

Answer:

जब कुछ प्लेटें एक-दूसरे की ओर बढ़कर निकट आती हैं और आपस में टकराती हैं, तो इसे अभिसरण कहते हैं।

Exam Tips:

a) अभिसरण में प्रायः एक प्लेट दूसरी के नीचे धँसती है।
b) अभिसारी सीमाओं को विनाशात्मक सीमाएँ भी कहते हैं।

 

Question 5: समुद्री नितल का प्रसरण क्या होता है?

Answer:

महासागरीय कटकों के सहारे नई पर्पटी बनने से महासागरीय द्रोणी का फैलना या चौड़ा होना समुद्री नितल का प्रसरण कहलाता है।

Exam Tips:

a) यह संकल्पना हैरी हैस ने दी थी।
b) कटक से दूर जाने पर शैलों की आयु बढ़ती जाती है।

 

Question 6: प्लेट सीमान्त कितने प्रकार के होते हैं?

Answer:

प्लेट सीमान्त तीन प्रकार के होते हैं: 1. अपसरण सीमान्त, 2. अभिसरण सीमान्त तथा 3. पारवर्ती सीमान्त।

Exam Tips:

a) तीनों प्रकार के नाम क्रम से लिखें।
b) पारवर्ती सीमा पर पर्पटी न बनती है, न नष्ट होती है।

 

Question 7: पृथ्वी की प्रमुख प्लेटों का नाम बताइए।

Answer:

1. प्रशान्तीय प्लेट
2. यूरेशियाई प्लेट
3. इण्डो-ऑस्ट्रेलियन प्लेट
4. अफ्रीकन प्लेट
5. उत्तरी अमेरिकन प्लेट
6. दक्षिणी अमेरिकन प्लेट
7. अंटार्कटिक प्लेट।

Exam Tips:

a) सात प्रमुख प्लेटों के नाम याद रखें।
b) अरेबियन, नाज़का, कोकोस आदि छोटी प्लेटें हैं।

 

Question 8: पैंथालासा क्या था?

Answer:

पैंजिया के चारों ओर फैले हुए विशाल महासागर का नाम पैंथालासा था। पैंथालासा का अर्थ है "संपूर्ण जल"।

Exam Tips:

a) पैंथालासा = संपूर्ण जल।
b) पैंजिया और पैंथालासा, दोनों नाम वेगनर ने दिए।

 

Question 9: अभिसारी (अभिसरण) तथा अपसारी प्लेटों में क्या अन्तर होता है?

Answer:

अभिसारी (अभिसरण) प्लेटेंअपसारी (अपसरण) प्लेटें
जब कुछ प्लेटें एक-दूसरे की ओर बढ़कर निकट आती हैं और आपस में टकराती हैं, तो इसे अभिसरण कहते हैं।प्लेटों के एक-दूसरे से दूर जाने की स्थिति को अपसरण कहते हैं।
ऐसी प्लेटों को अभिसरण प्लेटें (Convergent Plates) कहते हैं।ऐसी प्लेटों को अपसारी प्लेटें (Divergent Plates) कहते हैं।
इनके बीच वाले किनारों को अभिसरण किनारे कहा जाता है।इन प्लेटों के किनारों को अपसारी किनारे कहते हैं।

Exam Tips:

a) अंतर तालिका में लिखें।
b) अभिसरण किनारे विनाशात्मक और अपसारी किनारे रचनात्मक होते हैं।

 

Question 10: पारवर्तन क्या होता है?

Answer:

जब दो भू-प्लेटें रूपांतर भ्रंश (Transform Fault) के सहारे क्षैतिज दिशा में एक-दूसरे के साथ-साथ खिसकती हैं, तो ऐसी प्लेटों को पारवर्ती प्लेटें और उनके किनारों को पारवर्ती किनारे कहा जाता है।

Exam Tips:

a) पारवर्ती किनारों पर पर्पटी न बनती है, न नष्ट होती है।
b) कैलिफ़ोर्निया का सान एंड्रियास भ्रंश इसका प्रसिद्ध उदाहरण है।

 

Question 11: हिमयुग (हिमकाल) किसे कहते हैं?

Answer:

लाखों वर्षों तक ग्रीनलैंड तथा अंटार्कटिका की तरह महाद्वीपों के अधिकतर क्षेत्र बर्फ़ की मोटी चादरों से ढके रहे। पृथ्वी के इतिहास की इस अवधि को हिमकाल कहते हैं। बर्फ़ की ये मोटी चादरें कुछ ही हज़ार वर्ष पहले पिघलीं, जिससे महासागरों के जल-स्तर में वृद्धि हुई।

Exam Tips:

a) आज भी ग्रीनलैंड और अंटार्कटिका बर्फ़ की चादरों से ढके हैं।
b) बर्फ़ पिघलने से समुद्र का जल-स्तर बढ़ा।

 

Question 12: प्लेट गति के तीन कारण कौन-कौन से हैं?

Answer:

1. संवहन धाराएँ
2. गुरुत्व बल
3. चट्टानों का भार।

Exam Tips:

a) संवहन धाराओं को प्लेट गति का मुख्य कारण माना जाता है।
b) तीनों कारण अलग-अलग पंक्तियों में लिखें।

 

Question 13: प्लेटों की प्रमुख गतियाँ कौन-कौन-सी हैं?

Answer:

1. अभिसरण
2. अपसरण
3. पारवर्तन।

Exam Tips:

a) प्रत्येक गति से एक प्रकार की प्लेट सीमा बनती है।
b) "पारवर्तन" शब्द की सही वर्तनी लिखें।

 

Question 14: मूल महाद्वीप का क्या नाम था? यह कब बना?

Answer:

मूल महाद्वीप का नाम पैंजिया था। यह कार्बोनिफेरस कल्प में, आज से लगभग 35 करोड़ वर्ष पहले अस्तित्व में था।

Exam Tips:

a) पैंजिया = संपूर्ण भूमि।
b) कार्बोनिफेरस कल्प का उल्लेख अवश्य करें।

 

Question 15: पैंजिया से पृथक होने वाले उत्तरी तथा दक्षिणी महाद्वीपों का नाम लिखिए।

Answer:

उत्तरी महाद्वीप का नाम लारेशिया तथा दक्षिणी महाद्वीप का नाम गोंडवानालैंड था।

Exam Tips:

a) दोनों के बीच टेथिस सागर स्थित था।
b) भारत गोंडवानालैंड का भाग था।

 

Question 16: गोण्डवानालैण्ड में कौन-कौन-से भू-खण्ड शामिल थे?

Answer:

गोंडवानालैंड में दक्षिणी अमेरिका, अफ्रीका, प्रायद्वीपीय भारत, ऑस्ट्रेलिया तथा अंटार्कटिका नामक भू-खंड शामिल थे।

Exam Tips:

a) प्रायद्वीपीय भारत और मेडागास्कर भी गोंडवानालैंड के भाग थे।
b) गोंडवानालैंड पैंजिया का दक्षिणी भाग था।

 

Question 17: महासागरीय तल का प्रसरण क्या होता है?

Answer:

जब प्लेटें विपरीत दिशाओं में हटती हैं तो उनके बीच अंतराल बन जाता है। गहरे मेंटल से तप्त मैग्मा ऊपर उठकर इस अंतराल को भर देता है। इस प्रकार अपसारी सीमाओं पर नई रचनात्मक प्लेट बनती है और महासागरीय तल (Floor) का प्रसरण (Spreading) होता रहता है।

Exam Tips:

a) प्रसरण अपसारी सीमाओं (मध्य-महासागरीय कटकों) पर होता है।
b) मुख्य शब्द: मैग्मा का ऊपर उठना और नई पर्पटी का बनना।

 

Question 18: महासागरों की उत्पत्ति किस प्रकार हुई?

Answer:

जब पृथ्वी अपने निर्माण की आरंभिक अवस्था में थी, तब वायुमंडल की गर्म गैसों और जलवाष्प के ठंडा होने से घने और विशाल बादल बने। इन बादलों से हज़ारों वर्षों तक पृथ्वी पर वर्षा होती रही। वर्षा का यह जल बहकर गर्तों (द्रोणियों) में भर गया। इस प्रकार पृथ्वी पर महासागरों की उत्पत्ति हुई।

Exam Tips:

a) मुख्य क्रम: गैसों का ठंडा होना → बादल → वर्षा → द्रोणियों में जल।
b) जलवाष्प पृथ्वी के भीतर से गैस उत्सर्जन द्वारा बाहर आई थी।

 

लघूत्तरात्मक प्रश्न

Question 1: प्लेट विवर्तन सिद्धान्त (Theory of Plate Tectonics) से आप क्या समझते हैं?

Answer:

"प्लेट" शब्द का सर्वप्रथम प्रयोग टूज़ो विल्सन (Tuzo Wilson) ने सन् 1965 में किया था और प्लेट विवर्तन सिद्धांत का प्रतिपादन सन् 1967 में मैकेंज़ी, पार्कर तथा मोरगन ने किया था। महाद्वीपों और महासागरों की उत्पत्ति का यह सिद्धांत वास्तव में वेगनर के महाद्वीपीय विस्थापन सिद्धांत का संशोधित रूप है। इस सिद्धांत के अनुसार पृथ्वी का स्थलमंडल सात मुख्य प्लेटों में बँटा हुआ है। ये प्लेटें अर्द्ध-तरल (Semi-liquid) दुर्बलतामंडल पर तैर रही हैं, इसलिए ये लगातार खिसकती रहती हैं। इन्हीं प्लेटों की गति से भू-आकृतियों का निर्माण होता है। संवहन धाराओं के कारण ये प्लेटें खिसकती हैं और इनके साथ महाद्वीप भी गति करते हैं।

Exam Tips:

a) विल्सन (1965) और 1967 का वर्ष सही लिखें।
b) यह सिद्धांत महाद्वीपीय विस्थापन का संशोधित रूप है।
c) प्लेटों की गति का कारण संवहन धाराएँ हैं।

 

Question 2: प्लेटों की प्रमुख विशेषताओं का उल्लेख कीजिए।

Answer:

प्लेटों की प्रमुख विशेषताएँ निम्नलिखित हैं:

1. किसी भी प्लेट की पर्पटी महाद्वीपीय, महासागरीय अथवा दोनों प्रकार की मिश्रित हो सकती है।
2. प्लेटें आपस में कभी दूर और कभी पास आती रहती हैं।
3. प्रत्येक प्लेट का क्षेत्रफल उसकी मोटाई की तुलना में बहुत अधिक होता है।
4. भूकंप, ज्वालामुखी तथा पर्वत निर्माण जैसी सभी विवर्तनिक घटनाएँ इन्हीं प्लेटों के किनारों पर घटित होती हैं।

Exam Tips:

a) चारों विशेषताएँ बिंदुवार लिखें।
b) प्लेटें दृढ़ (कठोर) खंड हैं जो दुर्बलतामंडल पर गति करती हैं।
c) भूकंप और ज्वालामुखी प्लेट किनारों पर अधिक आते हैं।

 

Question 3: प्लेटों की गति के मुख्य कारण कौन-से हैं?

Answer:

सभी प्लेटें स्वतंत्र रूप से पृथ्वी के दुर्बलतामंडल (Asthenosphere) पर अलग-अलग दिशाओं में भ्रमण (Wandering) करती रहती हैं। प्लेटों का यह भ्रमण पृथ्वी के आंतरिक भागों में ताप की भिन्नता से उत्पन्न संवहन धाराओं के कारण होता है। कई विद्वान संवहन धाराओं के साथ-साथ गुरुत्व बल (Gravity) तथा चट्टानों के भार (Weight of Rocks) को भी प्लेटों के संचलन का कारण मानते हैं।

Exam Tips:

a) मुख्य कारण: संवहन धाराएँ।
b) अन्य कारण: गुरुत्व बल और चट्टानों का भार।
c) संवहन धाराओं का विचार आर्थर होम्स ने 1930 के दशक में दिया।

 

Question 4: अभिसरण (Convergence) और अपसरण (Divergence) में क्या अन्तर होता है?
अथवा
अभिसारी तथा अपसारी प्लेटों में क्या अन्तर होता है?

Answer:

अभिसरण (Convergence)अपसरण (Divergence)
जब कुछ प्लेटें एक-दूसरे की ओर बढ़कर निकट आती हैं और आपस में टकराती हैं, तो इसे अभिसरण कहते हैं।प्लेटों के एक-दूसरे से दूर जाने की स्थिति को अपसरण कहते हैं।
ऐसी प्लेटों को अभिसरण प्लेटें (Convergent Plates) कहा जाता है।ऐसी प्लेटों को अपसारी प्लेटें (Divergent Plates) कहते हैं।
इनके बीच वाले किनारों को अभिसरण किनारे कहा जाता है।इनके किनारों को अपसारी किनारे कहते हैं।
यहाँ पर्पटी नष्ट होती है, इसलिए ये विनाशात्मक किनारे हैं।यहाँ नई पर्पटी बनती है, इसलिए ये रचनात्मक किनारे हैं।

Exam Tips:

a) अंतर तालिका में आमने-सामने लिखें।
b) अभिसरण का उदाहरण: एंडीज़ पर्वत; अपसरण का उदाहरण: मध्य-अटलांटिक कटक।
c) विनाशात्मक और रचनात्मक शब्दों का प्रयोग करें।

 

Question 5: पारवर्तन क्या होता है और इसका क्या प्रभाव पड़ता है?

Answer:

जब दो भू-प्लेटें रूपांतर भ्रंश (Transform Fault) के सहारे क्षैतिज दिशा में एक-दूसरे के साथ-साथ खिसकती हैं, तो ऐसी प्लेटों को पारवर्ती प्लेटें और उनके किनारों को पारवर्ती किनारे कहा जाता है। ये संरक्षी अथवा निष्क्रिय (Conservative or Passive) किनारे होते हैं। इनमें न तो नई पर्पटी का निर्माण होता है और न ही विनाश। फिर भी परस्पर सरकने से स्थलमंडल में दरारें पड़ती हैं और भूकंप आते हैं।

Exam Tips:

a) पारवर्ती किनारों को संरक्षी किनारे भी कहते हैं।
b) प्रभाव: दरारें पड़ना और भूकंप आना।
c) इन किनारों पर ज्वालामुखी क्रिया प्रायः नहीं होती।

 

Question 6: “साम्य स्थापना” पर टिप्पणी कीजिए।

Answer:

विश्व में जलवायु, वनस्पति और चट्टानों के वितरण के आधार पर वेगनर ने यह सिद्ध करने का प्रयास किया कि महाद्वीप पैंजिया से टूटकर विस्थापित हुए हैं। वर्तमान महाद्वीपों को फिर से जोड़कर पैंजिया का रूप दिया जा सकता है। वेगनर ने इसे साम्य स्थापना (Jig-saw fit) का नाम दिया।

(1) अटलांटिक महासागर के पूर्वी और पश्चिमी तटों की आकृति में अद्भुत समानता है। यदि दक्षिणी अमेरिका के पूर्वी तट को अफ्रीका के पश्चिमी तट से मिला दिया जाए तो वे एक हो जाते हैं। इसी प्रकार उत्तरी अमेरिका के पूर्वी तट को यूरोप के पश्चिमी तट से मिलाया जा सकता है।
(2) पूर्वी अफ्रीका में इथियोपिया का उभार (Bulge) पश्चिमी भारत तथा पाकिस्तान की तटरेखा से जोड़ा जा सकता है। ऑस्ट्रेलिया भी बंगाल की खाड़ी में ठीक बैठ सकता है।

Exam Tips:

a) साम्य स्थापना को अंग्रेज़ी में Jig-saw fit कहते हैं।
b) दक्षिणी अमेरिका और अफ्रीका के तटों का उदाहरण अवश्य दें।
c) 1964 में बुलर्ड ने कंप्यूटर से अटलांटिक तटों का साम्य दिखाया।

 

Question 7: भौतिक परिवेश भूमण्डलीय तन्त्र के रूप में संक्षिप्त टिप्पणी कीजिए।

Answer:

पृथ्वी पर स्थलमंडल, जलमंडल, वायुमंडल और जैवमंडल मिलकर भौतिक परिवेश का निर्माण करते हैं। पर्यावरण के ये सभी अंग ऊर्जा (Energy) तथा पदार्थ (Matter) के प्रवाह द्वारा एक-दूसरे से गहराई से जुड़े हुए हैं। अतः किसी भी भौतिक तथ्य को अन्य तथ्यों से अलग करके नहीं समझा जा सकता। उदाहरण के लिए, जल एक भौतिक तथ्य है, जो भौतिक परिवेश के सभी अंगों, स्थलमंडल, जलमंडल, वायुमंडल और जैवमंडल में संचरित (Circulate) होता रहता है। इसलिए जल का अध्ययन संपूर्ण प्राकृतिक परिवेश से अलग करके नहीं किया जा सकता। एक संपूर्ण इकाई के रूप में प्रकृति अत्यंत जटिल है। सुविधा के लिए इसका खंडों में अध्ययन किया जा सकता है, परंतु ऐसा करते समय प्राकृतिक परिवेश के रूप में पृथ्वी की अखंडता की अनदेखी नहीं करनी चाहिए।

Exam Tips:

a) भौतिक परिवेश के चारों मंडलों के नाम लिखें।
b) जल चक्र का उदाहरण देकर अंतर्संबंध स्पष्ट करें।
c) मुख्य शब्द: ऊर्जा और पदार्थ का प्रवाह।

 

Question 8: पैंजिया की उत्पत्ति कब हुई? इसमें कौन-कौन से भू-खण्ड शामिल थे? पैंजिया में ‘टूट’ की क्रिया कैसे आरम्भ हुई?
अथवा
पैंजिया का क्या अर्थ है? इसके विभिन्न भागों का वर्णन कीजिए।

Answer:

पैंजिया का अर्थ है "संपूर्ण भूमि"। लगभग 35 करोड़ वर्ष पहले कार्बोनिफेरस कल्प में सभी महाद्वीप आपस में जुड़े हुए थे। इस विशाल स्थलखंड का नाम वेगनर ने पैंजिया रखा। जुरैसिक कल्प में, अब से लगभग 20 करोड़ वर्ष पहले, पैंजिया दो भागों में बँट गया। इसका उत्तरी भाग लारेशिया तथा दक्षिणी भाग गोंडवानालैंड कहलाया। बाद में क्रिटेशस कल्प में (जो लगभग 6.5 करोड़ वर्ष पहले समाप्त हुआ) गोंडवानालैंड भी खंडित हुआ और इससे दक्षिणी अमेरिका, अफ्रीका, ऑस्ट्रेलिया और अंटार्कटिका जैसे महाद्वीप बने। भारत गोंडवानालैंड से टूटकर स्वतंत्र रूप से एक अलग पथ पर उत्तर की ओर बढ़ा।

Exam Tips:

a) पैंजिया का अर्थ "संपूर्ण भूमि" है, "संपूर्ण पृथ्वी" नहीं।
b) पैंजिया लगभग 20 करोड़ वर्ष पहले लारेशिया और गोंडवानालैंड में बँटा।
c) भारत गोंडवानालैंड का भाग था।

 

Question 9: प्रवालों (Corals) की उपस्थिति किस प्रकार सिद्ध करती है कि भू-खण्ड उत्तर की ओर विस्थापित हुए थे?

Answer:

प्रवाल एक चूना-स्रावी समुद्री पॉलिप है, जो छिछले उष्ण कटिबंधीय सागरों में पाया जाता है। इस छोटे समुद्री जीव का कंकाल कठोर होता है, जो समुद्री जल से प्राप्त कैल्शियम कार्बोनेट से बनता है। उष्ण कटिबंध के बाहर प्राचीन प्रवालों का पाया जाना इस बात का ठोस प्रमाण है कि प्राचीन भू-वैज्ञानिक काल में ये महाद्वीप भूमध्य रेखा के निकट स्थित थे। बाद में ये महाद्वीप उत्तर की ओर खिसक गए और आज भिन्न जलवायु का अनुभव कर रहे हैं।

Exam Tips:

a) प्रवाल केवल गर्म और उथले समुद्रों में पनपते हैं।
b) उष्ण कटिबंध के बाहर प्रवाल मिलना महाद्वीपों के खिसकने का प्रमाण है।
c) प्रवाल का कंकाल कैल्शियम कार्बोनेट का बना होता है।

 

Question 10: ध्रुवों के घूमने अथवा ‘पोलर वान्डरिंग’ से आप क्या समझते हैं?

Answer:

भू-वैज्ञानिक काल में ध्रुवों की बार-बार बदलती हुई स्थिति को ध्रुवों का घूमना (Polar Wandering) कहा जाता है। लगभग 35 करोड़ वर्ष पहले सभी महाद्वीप पैंजिया के रूप में आपस में जुड़े हुए थे। पुराचुंबकत्व के प्रमाण बताते हैं कि मैग्मा, लावा तथा असंगठित अवसादों में उपस्थित चुंबकीय गुण वाले खनिज, जैसे मैग्नेटाइट, हेमेटाइट, इल्मेनाइट और पाइरोटाइट, उस समय के चुंबकीय क्षेत्र के समानांतर व्यवस्थित हो गए। यह गुण शैलों में स्थायी रूप से बना रहता है। चुंबकीय ध्रुव की स्थिति में कालिक (Temporal) परिवर्तन होते रहे हैं, जो शैलों में स्थायी चुंबकत्व के रूप में अभिलेखित हैं। आज ऐसी अनेक वैज्ञानिक विधियाँ उपलब्ध हैं, जो पुरानी शैलों में हुए इन परिवर्तनों को उजागर करके प्राचीन काल में ध्रुवों की बदलती स्थिति की जानकारी देती हैं।

Exam Tips:

a) पुराचुंबकत्व ध्रुवों के घूमने का मुख्य प्रमाण है।
b) चुंबकीय खनिजों के नाम (मैग्नेटाइट, हेमेटाइट) लिखें।
c) वास्तव में महाद्वीपों के खिसकने से ही ध्रुवों की स्थिति बदली हुई प्रतीत होती है।

 

Question 11: भारतीय प्लेट की प्रमुख विशेषताओं का संक्षिप्त उल्लेख कीजिए।

Answer:

भारतीय प्लेट में प्रायद्वीपीय भारत और ऑस्ट्रेलिया के महाद्वीपीय भाग शामिल हैं। हिमालय पर्वत श्रेणियों के साथ-साथ पाया जाने वाला प्रविष्ठन क्षेत्र (महाद्वीप-महाद्वीप अभिसरण) इसकी उत्तरी सीमा बनाता है। भारतीय प्लेट की प्रमुख विशेषताएँ निम्नलिखित हैं:

1. हिन्द महासागर के नितल पर ऊँचे पठारों और कटकों सहित अनेक प्रकार की स्थलाकृतियाँ पाई जाती हैं।
2. 90° पूर्वी (नाइंटी ईस्ट) कटक तथा चैगोस-मालदीव-लक्षद्वीप द्वीपीय कटक ज्वालामुखी क्रिया से बने हैं।
3. 90° पूर्वी कटक का उत्तरी विस्तार एक महासागरीय खाई के पास समाप्त हो जाता है।
4. चैगोस-लक्षद्वीप कटक लगभग 5 करोड़ वर्ष पहले आदिनूतन (इयोसीन) युग में कार्ल्सबर्ग कटक को दक्षिण-पूर्वी इंडियन कटक से जोड़ती थी। मध्य हिन्द महासागरीय कटक पर आज भी महासागरीय नितल का प्रसरण हो रहा है।
5. भारतीय प्लेट उत्तर की ओर खिसकती हुई यूरेशियाई प्लेट से टकराई, जिससे हिमालय पर्वत श्रेणी का जन्म हुआ।

Exam Tips:

a) भारतीय प्लेट की उत्तरी सीमा हिमालय के साथ-साथ है।
b) भारत और यूरेशिया की टक्कर लगभग 4 से 5 करोड़ वर्ष पहले हुई।
c) 90° पूर्वी कटक बंगाल की खाड़ी से दक्षिण की ओर फैली है।

 

Question 12: पैंजिया, पैन्थालसा और टेथीज़ के बारे में लिखें।

Answer:

प्रो० अल्फ्रेड वेगनर ने अपने विस्थापन सिद्धांत में स्पष्ट किया कि पृथ्वी पर महाद्वीपों की जो स्थिति आज है, वह पहले ऐसी नहीं थी। इस सिद्धांत के अनुसार आज से लगभग 35 करोड़ वर्ष पहले कार्बोनिफेरस कल्प में सभी महाद्वीप एक स्थलखंड के रूप में जुड़े हुए थे, जिसे पैंजिया कहते थे। यह पैंजिया चारों ओर से पैंथालासा नामक महासागर से घिरा हुआ था। पैंजिया के उत्तरी भाग में उत्तरी अमेरिका, यूरोप तथा एशिया थे, जिन्हें संयुक्त रूप से लारेशिया कहा जाता था। पैंजिया के दक्षिणी भाग में दक्षिणी अमेरिका, अफ्रीका, प्रायद्वीपीय भारत, ऑस्ट्रेलिया तथा अंटार्कटिका थे, जिन्हें गोंडवानालैंड कहा जाता था। इन दोनों विशाल भू-खंडों के बीच एक संकरा और उथला सागर था, जिसे टेथिस सागर कहा जाता था।

Exam Tips:

a) पैंजिया = संपूर्ण भूमि, पैंथालासा = संपूर्ण जल।
b) लारेशिया उत्तर में और गोंडवानालैंड दक्षिण में था।
c) टेथिस सागर के अवसादों से बाद में हिमालय और आल्पस बने।

 

निबंधात्मक प्रश्न

Question 1: वेगनर के महाद्वीपीय विस्थापन सिद्धान्त का संक्षिप्त विवरण दीजिए।
अथवा
महाद्वीपीय विस्थापन सिद्धांत का वर्णन कीजिए।

Answer:

भूमिका:
महाद्वीपीय विस्थापन सिद्धांत का प्रतिपादन जर्मनी के विद्वान अल्फ्रेड वेगनर ने सर्वप्रथम सन् 1912 में किया था। इसका अंग्रेज़ी अनुवाद सन् 1924 में विश्व के सामने आया। उनका विचार था कि महाद्वीप एक-दूसरे से दूर खिसक रहे हैं।

सिद्धांत की रूपरेखा:
लगभग 35 करोड़ वर्ष पहले कार्बोनिफेरस कल्प में सभी महाद्वीप आपस में जुड़े हुए थे। इस विशाल स्थलखंड का नाम वेगनर ने पैंजिया (Pangaea) रखा। पैंजिया के चारों ओर एक महासागर फैला हुआ था, जिसे पैंथालासा (Panthalassa) कहा गया। पैंजिया नामक यह विशाल स्थलखंड कई छोटे खंडों में बँट गया, जो एक-दूसरे से दूर हो गए। परिणामस्वरूप महाद्वीपों और महासागरों को वर्तमान स्वरूप प्राप्त हुआ।

लगभग 15 करोड़ वर्ष पूर्व (जुरैसिक कल्प में) उत्तरी तथा दक्षिणी अमेरिका, अफ्रीका और यूरेशिया से अलग होकर पश्चिम की ओर खिसकने लगे। पश्चिम की ओर खिसकने के कारण इन महाद्वीपों के पश्चिमी तट पर नीचे की तली से रगड़ के कारण रॉकी और एंडीज़ पर्वत-श्रेणियों का निर्माण हुआ, अर्थात् साइमा (Sima) द्वारा सियाल (Sial) की गति में रुकावट पैदा होने से इन मोड़दार पर्वतों का जन्म हुआ। उत्तरी एवं दक्षिणी अमेरिका तथा अफ्रीका एवं यूरेशिया के बीच बने गर्त में अटलांटिक महासागर प्रकट हुआ।

अंटार्कटिका, ऑस्ट्रेलिया, मेडागास्कर तथा प्रायद्वीपीय भारत भी आपस में जुड़े हुए थे और एक खंड के रूप में अफ्रीका के दक्षिणी छोर के पास स्थित थे। बाद में ये चारों भू-भाग भी एक-दूसरे से अलग होकर धीरे-धीरे अपनी वर्तमान स्थिति में पहुँच गए और इनके बीच हिन्द महासागर बना। प्रायद्वीपीय भारत के उत्तर की ओर सरकने से टेथिस सागर में जमा अवसादों में वलन पड़ गए और हिमालय पर्वत का निर्माण हुआ। इसी प्रकार अफ्रीका के उत्तर की ओर खिसकने से आल्प्स पर्वत बने।

सिद्धांत के पक्ष में प्रमाण:
वर्तमान महाद्वीपों को फिर से जोड़कर पैंजिया का रूप दिया जा सकता है। वेगनर ने इसे साम्य स्थापना (Jig-saw fit) का नाम दिया।
(1) अटलांटिक महासागर के पूर्वी और पश्चिमी तटों के आकार में आश्चर्यजनक समानता पाई जाती है। दक्षिणी अमेरिका के पूर्वी तट को अफ्रीका के पश्चिमी तट से मिला दिया जाए तो वे एक हो जाते हैं। इसी प्रकार उत्तरी अमेरिका के पूर्वी तट को यूरोप के पश्चिमी तट से मिलाया जा सकता है।
(2) पूर्वी अफ्रीका में इथियोपिया का उभार (Bulge) पश्चिमी भारत तथा पाकिस्तान की तटरेखा से जोड़ा जा सकता है। ऑस्ट्रेलिया भी बंगाल की खाड़ी में ठीक बैठ सकता है।
(3) अटलांटिक महासागर के दोनों तटों पर पाई जाने वाली चट्टानों की संरचना, उनकी आयु तथा उनमें पाए जाने वाले जीवाश्मों (Fossils) में समानता है, जो दर्शाती है कि कभी ये दोनों तट मिले हुए थे।

प्रवाहित करने वाले बल:
वेगनर के अनुसार महाद्वीपों का प्रवाह दो बलों द्वारा संभव हुआ:
1. भू-खंडों का भूमध्य रेखा की ओर प्रवाह गुरुत्व बल और प्लवनशीलता के बल (Force of buoyancy) के अंतर से उत्पन्न ध्रुव-पलायन बल (Pole-fleeing force) के कारण हुआ।
2. महाद्वीपों का पश्चिम की ओर प्रवाह सूर्य व चंद्रमा के ज्वारीय बल के कारण हुआ।

सिद्धांत की पुष्टि:
आरंभ में अनेक वैज्ञानिक वेगनर के इस सिद्धांत से असहमत थे, क्योंकि उस समय उपलब्ध भू-भौतिकी के ज्ञान के आधार पर उन्हें महाद्वीपों का विस्थापन असंभव लगता था। लेकिन बाद में पृथ्वी के पुराचुंबकीय अध्ययन तथा महासागरीय नितल की नई खोजों ने वेगनर की इस प्रवाह संकल्पना को बल दिया।

आलोचना:
वेगनर के सिद्धांत की आलोचना निम्नलिखित आधारों पर की गई है:
1. दक्षिणी अमेरिका (ब्राज़ील) और अफ्रीका (गिनी तट) का पूरी तरह न सटना, अर्थात् साम्य स्थापना (Jig-saw fit) का पूर्ण रूप से ठीक न होना।
2. ज्वारीय बल का महाद्वीपों को खिसकाने के लिए बहुत कम होना।
3. प्रवाह की दिशा का सही न होना।
4. मध्य-अटलांटिक महासागर में कटक (Ridge) की उत्पत्ति की व्याख्या न कर पाना।

Exam Tips:

a) सिद्धांत, प्रमाण, प्रवाहित करने वाले बल और आलोचना, चारों भाग उपशीर्षकों में लिखें।
b) वेगनर ने 1912 में सिद्धांत दिया; पैंजिया = संपूर्ण भूमि।
c) पश्चिम की ओर प्रवाह ज्वारीय बल से और भूमध्य रेखा की ओर प्रवाह ध्रुव-पलायन बल से।
d) ज्वारीय बल का बहुत कम होना सबसे बड़ी आलोचना मानी जाती है।

 

Question 2: प्लेट विवर्तन के सिद्धान्त का संक्षिप्त वर्णन कीजिए।
अथवा
प्लेट विवर्तन के सिद्धान्त के बारे में आप क्या जानते हैं? इसके महत्त्व का वर्णन करें।

Answer:

विवर्तनिकी का अभिप्राय पृथ्वी के आंतरिक बलों के कारण हुए पटल विरूपण से है, जो स्थलमंडल पर अनेक प्रकार के भू-आकारों को जन्म देता है। "प्लेट" शब्द का सर्वप्रथम प्रयोग टूज़ो विल्सन (Tuzo Wilson) ने सन् 1965 में किया था। प्लेट विवर्तन सिद्धांत का प्रतिपादन सन् 1967 में मैकेंज़ी व पार्कर तथा स्वतंत्र रूप से डब्ल्यू०जे० मोरगन (W.J. Morgan) ने किया। महाद्वीपों और महासागरों की उत्पत्ति का यह सिद्धांत वास्तव में महाद्वीपीय विस्थापन सिद्धांत का संशोधित रूप है।

सिद्धांत की रूपरेखा:
पृथ्वी का बाहरी भाग, जो ऊपर से एक दिखाई देता है, वास्तव में कई दृढ़ खंडों से मिलकर बना है। इन दृढ़ खंडों को प्लेट कहते हैं। दूसरे शब्दों में, पृथ्वी का स्थलमंडल अनेक प्लेटों में बँटा हुआ है।

प्लेटों की विशेषताएँ:
1. किसी भी प्लेट की पर्पटी महाद्वीपीय, महासागरीय अथवा दोनों प्रकार की मिश्रित हो सकती है।
2. प्लेटें आपस में कभी दूर और कभी पास आती रहती हैं।
3. प्रत्येक प्लेट का क्षेत्रफल उसकी मोटाई से बहुत अधिक होता है।
4. भूकंप, ज्वालामुखी तथा पर्वत निर्माण जैसी सभी विवर्तनिक घटनाएँ इन्हीं प्लेटों के किनारों पर घटित होती हैं।

स्थलमंडल की प्लेटें:
ली पिचों (Le Pichon) ने सन् 1968 में पृथ्वी को 6 बड़ी और 9 छोटी प्लेटों में बाँटा था।
बड़ी प्लेटें (Major Plates): अफ्रीकी प्लेट, अमेरिकी प्लेट, अंटार्कटिक प्लेट, ऑस्ट्रेलियाई प्लेट, यूरेशियाई प्लेट और प्रशांत प्लेट।
छोटी प्लेटें (Minor Plates): अरेबियन प्लेट, बिस्मार्क प्लेट, कैरेबियन प्लेट, कैरोलाइन प्लेट, कोकोस प्लेट, जुआन डी फ्यूका प्लेट, नाज़का या पूर्वी प्रशांत प्लेट, फ़िलीपीन्स प्लेट और स्कोशिया प्लेट।

प्लेट गति के कारण:
सभी प्लेटें स्वतंत्र रूप से पृथ्वी के दुर्बलतामंडल (Asthenosphere) पर अलग-अलग दिशाओं में भ्रमण (Wandering) करती रहती हैं। प्लेटों का भ्रमण पृथ्वी के आंतरिक भागों में ताप की भिन्नता से उत्पन्न संवहन धाराओं के कारण होता है। कई विद्वान संवहन धाराओं के साथ-साथ गुरुत्व बल (Gravity) तथा चट्टानों के भार (Weight of Rocks) को भी प्लेटों के संचलन का कारण मानते हैं।

प्लेट गति के प्रकार:
प्लेटें तीन प्रकार से गति करती हैं:

(1) अभिसरण:
जब कुछ प्लेटें एक-दूसरे की ओर बढ़कर निकट आती हैं और आपस में टकराती हैं, तो इसे अभिसरण कहते हैं। ऐसी प्लेटों को अभिसरण प्लेटें (Converging Plates) और उनके बीच वाले किनारों को अभिसरण किनारे कहा जाता है। प्लेटों के टकराने पर दो दशाएँ उत्पन्न होती हैं: किसी एक प्लेट का दूसरी प्लेट के नीचे धँसना, या किसी भी प्लेट का नीचे न धँसना।
(a) जब कोई महासागरीय (Oceanic) प्लेट किसी महाद्वीपीय (Continental) प्लेट से टकराती है, तो भारी घनत्व वाली चट्टानों से बनी महासागरीय प्लेट हल्की चट्टानों से बनी महाद्वीपीय प्लेट के नीचे धँस जाती है। धँसने के स्थान पर एक गहरी महासागरीय खाई बनती है। अधिक गहराई में जाने पर धँसती हुई प्लेट का कुछ भाग पिघलकर मैग्मा बन जाता है; ऊपर की चट्टानों का दबाव भी भीतरी ताप को बढ़ाता है। यह पिघला हुआ मैग्मा महाद्वीपीय प्लेट के किनारे के पास ऊपर उठकर ज्वालामुखी पर्वतों का निर्माण करता है। पेरू की खाई नाज़का महासागरीय प्लेट तथा दक्षिणी अमेरिकी महाद्वीपीय प्लेट के टकराव का परिणाम है। इसी कारण अभिसरण प्लेटों के सीमांतों (Margins) को विनाशात्मक सीमांत (Destructive Margins) कहा जाता है।
(b) जब दो प्लेटें एक-दूसरे के निकट आती हैं और टकराने पर कोई भी प्लेट नीचे नहीं धँसती, तो उनके बीच स्थित अवसादों में वलन की प्रक्रिया आरंभ हो जाती है। इससे मोड़दार (Fold) पर्वत बनते हैं। हिमालय तथा आल्प्स जैसे वलित पर्वतों का निर्माण प्लेटों के अभिसरण का ही परिणाम है।

(2) अपसरण:
प्लेटों के एक-दूसरे से दूर जाने की स्थिति को अपसरण तथा ऐसी प्लेटों को अपसारी प्लेटें कहते हैं। इन प्लेटों के किनारों को अपसारी किनारे कहते हैं। विपरीत दिशाओं में जाने से प्लेटों के बीच अंतराल बन जाता है। गहरे मेंटल से तप्त मैग्मा ऊपर उठकर इस अंतराल को भर देता है। इस प्रकार अपसारी सीमाओं पर नई रचनात्मक प्लेट बनती है और महासागरीय नितल (Floor) का प्रसरण (Spreading) होता रहता है।

(3) पारवर्तन:
जब दो भू-प्लेटें रूपांतर भ्रंश (Transform Fault) के सहारे क्षैतिज दिशा में खिसकती हैं, तो ऐसी प्लेटों को पारवर्ती प्लेटें और उनके किनारों को पारवर्ती किनारे कहा जाता है। ये संरक्षी अथवा निष्क्रिय (Conservative or Passive) किनारे होते हैं। इनमें नई पर्पटी का न तो निर्माण होता है और न विनाश। फिर भी परस्पर सरकने से स्थलमंडल में दरारें पड़ती हैं और भूकंप आते हैं।

प्लेट विवर्तन सिद्धांत का महत्त्व:
जो स्थान जीव विज्ञान में उद्विकास सिद्धांत (Theory of Evolution) का है, वही स्थान भू-विज्ञान में प्लेट विवर्तन सिद्धांत का है। इस क्रांतिकारी सिद्धांत ने 20वीं सदी में भू-विज्ञानों (Earth Sciences) के उन अनेक प्रश्नों का उत्तर देने का प्रयास किया, जो सदियों से पहेली (Puzzle) बने हुए थे।
1. महासागरों की चौड़ाई कहीं बढ़ रही है तो कहीं घट रही है। प्लेट विवर्तन सिद्धांत का यह तथ्य महाद्वीपीय विस्थापन की पुष्टि करता है।
2. यह सिद्धांत मोड़दार पर्वतों की रचना की व्याख्या करता है।
3. प्लेट विवर्तन सिद्धांत ही अच्छी तरह स्पष्ट करता है कि विश्व में द्वीपीय पर्वतों (Island Mountains) तथा द्वीप तोरणों (Island Festoons) की रचना कैसे हुई।
4. ज्वालामुखी क्यों फूटते हैं, भूकंप क्यों और कहाँ आते हैं, इन प्रश्नों की वैज्ञानिक और तार्किक व्याख्या प्लेट विवर्तनिकी से ही संभव हुई है।
5. प्लेट विवर्तन सिद्धांत ने यह रहस्य भी खोला है कि महाद्वीप टूटकर बिखरते और बिखरकर फिर जुड़ते रहे हैं। जिस पैंजिया के बिखरे भू-खंडों पर आज हम रहते हैं, उससे पहले भी एक पैंजिया था।

Exam Tips:

a) प्लेटों के प्रकार, गति के कारण, गति के प्रकार और महत्त्व, सभी भाग उपशीर्षकों में लिखें।
b) महासागरीय-महाद्वीपीय अभिसरण में भारी महासागरीय प्लेट नीचे धँसती है।
c) अपसारी किनारे रचनात्मक, अभिसारी विनाशात्मक और पारवर्ती संरक्षी कहलाते हैं।
d) हिमालय और आल्प्स महाद्वीप-महाद्वीप अभिसरण के उदाहरण हैं।

 

Geography Class 11 Curriculum Solutions: Chapter 04 Distribution of Oceans and Continents

Textbook Solutions for Class 11 Geography Chapter 04 Distribution of Oceans and Continents

Review comprehensive exercise answers for Class 11 Geography Chapter 04 Distribution of Oceans and Continents. Fully updated to match current Haryana Board syllabus guidelines, these textbook solutions help students verify their work and maintain accurate study notes.

Mastering Theoretical and Practical Questions

Beyond providing final answers, these guides offer step-by-step breakdowns for complex queries in the Class 11 Geography module. This approach helps students balance theoretical depth with practical problem-solving skills required for Haryana Board exams.

Effective Self-Study and Homework Assistance

Frequent review of these structured answers builds strong analytical capabilities and response efficiency. Maximize your academic readiness by combining these textbook solutions with our curated study materials and mock evaluations for Class 11 Geography.

FAQs

Where can I find the latest HBSE Class 11 Geography Important Questions Chapter 4 महासागरों और महाद्वीपों का वितरण for the 2026-27 session?

The complete and updated HBSE Class 11 Geography Important Questions Chapter 4 महासागरों और महाद्वीपों का वितरण is available for free on StudiesToday.com. These solutions for Class 11 Geography are as per latest Haryana Board curriculum.

Are the Geography Haryana Board solutions for Class 11 updated for the new 50% competency-based exam pattern?

Yes, our experts have revised the HBSE Class 11 Geography Important Questions Chapter 4 महासागरों और महाद्वीपों का वितरण as per 2026 exam pattern. All textbook exercises have been solved and have added explanation about how the Geography concepts are applied in case-study and assertion-reasoning questions.

How do these Class 11 Haryana Board solutions help in scoring 90% plus marks?

Toppers recommend using Haryana Board language because Haryana Board marking schemes are strictly based on textbook definitions. Our HBSE Class 11 Geography Important Questions Chapter 4 महासागरों और महाद्वीपों का वितरण will help students to get full marks in the theory paper.

Do you offer HBSE Class 11 Geography Important Questions Chapter 4 महासागरों और महाद्वीपों का वितरण in multiple languages like Hindi and English?

Yes, we provide bilingual support for Class 11 Geography. You can access HBSE Class 11 Geography Important Questions Chapter 4 महासागरों और महाद्वीपों का वितरण in both English and Hindi medium.

Is it possible to download the Geography Haryana Board solutions for Class 11 as a PDF?

Yes, you can download the entire HBSE Class 11 Geography Important Questions Chapter 4 महासागरों और महाद्वीपों का वितरण in printable PDF format for offline study on any device.