HBSE Class 10 Home Science Solutions Chapter 2 विकास पर बाहरी वातावरण का प्रभाव

Solutions for Class 10 Home Science: Chapter 02 Influence of External Environment on Development

Explore reliable textbook solutions for Chapter 02 Influence of External Environment on Development tailored for Class 10 learners. Utilizing these Home Science answers ensures thorough preparation and strengthens foundational knowledge before final Haryana Board evaluations.

Practice Class 10 Home Science Solutions: Chapter 02 Influence of External Environment on Development

Navigate directly to the solved Home Science textbook exercises using the digital viewer below. Each solution includes detailed step-by-step explanations, allowing students to instantly cross-check their work and identify areas requiring further revision.

अति लघु उत्तरीय प्रश्न

Question 1: बालकों के विकास पर घर के बाहर की किन-किन बातों का प्रभाव पड़ता है?

Answer:

पुस्तकों, संगीत, रेडियो, सिनेमा, टेलीविज़न, विज्ञापन आदि का।

Exam Tips:

a) घर के बाहर के मनोरंजन और संचार के साधन बालक के विकास को प्रभावित करते हैं।
b) इन सभी साधनों का प्रभाव बालक के बौद्धिक, नैतिक और संवेगात्मक विकास पर पड़ता है।

 

Question 2: खेल तथा मनोरंजन का संवेगात्मक विकास से क्या सम्बन्ध है?

Answer:

खेलों द्वारा बालक संवेगों का प्रकाशन तथा साथ-साथ संवेगात्मक नियंत्रण भी सीखता है।

Exam Tips:

a) खेल में बच्चे खुशी, गुस्से और उत्साह जैसे संवेगों को व्यक्त करना सीखते हैं।
b) हार-जीत के अनुभव से बच्चे संवेगों पर नियंत्रण रखना सीखते हैं।

 

Question 3: जिन बालकों में संवेगात्मक नियंत्रण अधिक होता है, उनमें कैसे गुण अधिक पाए जाते हैं?

Answer:

सहनशीलता, त्याग, सच्चाई और सहानुभूति आदि गुण।

Exam Tips:

a) संवेगों पर नियंत्रण रखने वाला बालक दूसरों की भावनाओं को बेहतर समझता है।
b) सहनशीलता और सहानुभूति जैसे गुण खेल के सामूहिक अनुभव से विकसित होते हैं।

 

Question 4: खेल का शारीरिक महत्त्व क्या है?

Answer:

(1) इससे बच्चों की मांसपेशियाँ समुचित ढंग से विकसित होती हैं।
(2) इसके द्वारा बच्चों के शरीर के सभी अंगों का व्यायाम हो जाता है।
(3) बच्चों का तनाव और चिड़चिड़ापन कम हो जाता है।

Exam Tips:

a) मांसपेशियों के विकास के साथ-साथ हड्डियाँ भी मजबूत होती हैं।
b) नियमित खेल बच्चों की शारीरिक स्फूर्ति और सहनशक्ति बढ़ाता है।

 

Question 5: खेल का सामाजिक विकास की दृष्टि से क्या महत्त्व है?

Answer:

(1) बच्चे अपरिचित व्यक्तियों के साथ सामाजिक सम्बन्ध स्थापित करना सीख लेते हैं।
(2) खेल-खेल में वे सहयोग करना सीख लेते हैं।
(3) बच्चों में नियम-निष्ठा की भावना आ जाती है।
(4) जो बच्चे परस्पर खेलते हैं, उनमें द्वेष की भावना नहीं रहती।
(5) बच्चे जब अपने माता-पिता या अन्य भाई-बहनों के साथ खेलते हैं, तो परिवार में सौहार्द और स्नेह का वातावरण विकसित होता है।

Exam Tips:

a) खेल में नियमों का पालन करना सामाजिक जीवन के नियमों की पहली सीख है।
b) साथ खेलने से बच्चों में आपसी द्वेष कम होता है।
c) परिवार के साथ खेलने से बच्चों में स्नेह की भावना मजबूत होती है।

 

Question 6: नैतिक दृष्टि से खेल के द्वारा बच्चों में किन-किन गुणों का विकास होता है?

अथवा
बच्चों के नैतिक विकास में खेलों का क्या महत्त्व है?

Answer:

(1) समूह के साथ खेलते हुए बच्चों में आत्म-नियंत्रण, सच्चाई, दयानतदारी, निष्पक्षता तथा सहयोग आदि गुणों का विकास होता है।
(2) बच्चा सीखता है कि एक अच्छा खिलाड़ी हार जाने पर भी उत्साहहीन नहीं होता और न ही उसमें द्वेष का भाव आता है।
(3) खेल के द्वारा बच्चों में सहनशीलता की भावना का विकास होता है।

Exam Tips:

a) निष्पक्षता और सच्चाई खेल के नियमों से सीधे जुड़े मूल्य हैं।
b) हार को खुले मन से स्वीकार करना खेल खेल में सिखाया जाता है।
c) सहनशीलता खेल में बार-बार हारने और फिर खेलने से विकसित होती है।

 

Question 7: टेलीविज़न का बालक (बच्चों) के लिए क्या महत्त्व है?

Answer:

टेलीविज़न पर दिखाए जाने वाले शिक्षाप्रद कार्यक्रम, ऐतिहासिक घटनाएँ तथा अन्य बहुत से कार्यक्रम स्वस्थ मनोरंजन के साथ-साथ बालक के नैतिक व मानसिक विकास में सहायक होते हैं।

Exam Tips:

a) शिक्षाप्रद कार्यक्रम मनोरंजन के साथ ज्ञान भी देते हैं।
b) टेलीविज़न पर देखी घटनाएँ बच्चों को आसानी से याद रहती हैं।

 

Question 8: मनोरंजन के साधन बालक के लिए कब हानिकारक होते हैं?

Answer:

रेडियो, टेलीविज़न और सिनेमा की ओर बालकों के बढ़ते झुकाव के कारण उनकी खेलों के प्रति रुचि कम हो जाती है। परिणामस्वरूप शारीरिक विकास रुक जाता है। साथ ही उनका व्यक्तिगत और सामाजिक समायोजन बिगड़ जाता है।

Exam Tips:

a) मनोरंजन तब हानिकारक होता है जब वह खेल और शारीरिक गतिविधि का स्थान ले ले।
b) अति हर चीज़ की बुरी होती है, इसलिए मनोरंजन का संतुलित उपयोग आवश्यक है।

 

Question 9: बालकों की अभिव्यक्ति के अन्य साधन कौन-से हैं?

Answer:

बालकों की अभिव्यक्ति के अन्य साधन हैं:
(1) चित्रांकन
(2) संगीत
(3) लेखन
(4) हस्तकौशल

Exam Tips:

a) छोटे बच्चे रंगों के चयन से भी अपने भाव प्रकट करते हैं।
b) हस्तकौशल से छोटी मांसपेशियाँ और आँख-हाथ का समन्वय विकसित होता है।

 

Question 10: खेल के सिद्धांत कौन-से हैं?

Answer:

खेल के सिद्धांत:
(1) अतिरिक्त शक्ति का सिद्धांत
(2) शक्तिवर्धन का सिद्धांत
(3) पुनरावृत्ति का सिद्धांत
(4) भावी जीवन की तैयारी का सिद्धांत
(5) रेचन का सिद्धांत
(6) जीवन की क्रियाशीलता

Exam Tips:

a) भावी जीवन की तैयारी का सिद्धांत खेल को बच्चों की भविष्य की भूमिकाओं से जोड़ता है।
b) रेचन के सिद्धांत में खेल से मन के दबे भाव बाहर निकलते हैं।

 

Question 11: बालकों के खेलों की क्या विशेषताएँ हैं?

अथवा
खेल की चार विशेषताएँ बताएँ।

Answer:

बालकों के खेलों की निम्नलिखित विशेषताएँ हैं:
(1) बालक स्वेच्छा से खेलता है।
(2) आयु बढ़ने के साथ-साथ बालकों के खेल में दैहिक क्रियाओं की कमी आती है।
(3) बालकों के खेल का निश्चित प्रतिरूप होता है।
(4) बालक प्रत्येक खेल में जोखिम उठाता है।
(5) बालक के खेलों में आवृत्ति का अंश रहता है।

Exam Tips:

a) खेल में भाग लेना बच्चे की अपनी इच्छा पर निर्भर करता है।
b) बढ़ती आयु के साथ खेल अधिक बौद्धिक और कम शारीरिक होता जाता है।
c) खेल में वही क्रियाएँ बार-बार दोहराई जाती हैं, यही आवृत्ति है।

 

Question 12: बालकों के विकास पर घर के अलावा किन चीज़ों का प्रभाव पड़ता है?

Answer:

पुस्तकों, संगीत, रेडियो, सिनेमा, टेलीविज़न, विज्ञापन इत्यादि।

Exam Tips:

a) घर के बाहर के ये सभी साधन बालक के ज्ञान और सोच को आकार देते हैं।
b) इनमें से हर साधन के प्रभाव सकारात्मक भी हो सकते हैं और नकारात्मक भी।

 

Question 13: खेल से संवेगात्मक विकास कैसे होता है?

Answer:

खेलों द्वारा बालक संवेगों का प्रसारण करना तथा संवेगों पर नियंत्रण करना सीखता है। ऐसा बच्चा अधिक सहनशील, सत्यवादी और सहानुभूति प्रकट करने वाला होता है। उसके अंदर त्याग की भावना भी होती है।

Exam Tips:

a) संवेगों का प्रसारण और नियंत्रण, दोनों खेल से सीखे जाते हैं।
b) सहनशीलता और सत्यवादिता खेल के सामूहिक नियमों से विकसित होती है।

 

Question 14: खेलों का शारीरिक विकास में क्या योगदान है?

Answer:

खेलों द्वारा बच्चे का व्यायाम होता है, उसकी हड्डियों और मांसपेशियों का विकास होता है और उसका चिड़चिड़ापन कम हो जाता है।

Exam Tips:

a) हड्डियों की मजबूती के लिए दौड़, कूद और गेंद के खेल उपयोगी हैं।
b) व्यायाम के साथ खेल बच्चे की शारीरिक स्फूर्ति भी बढ़ाते हैं।

 

Question 15: मनोरंजन के अतिरिक्त बालक के जीवन में टेलीविज़न की कोई एक अन्य उपयोगिता लिखें।

Answer:

टेलीविज़न पर दिखाए जाने वाले शिक्षाप्रद कार्यक्रम, ऐतिहासिक घटनाएँ तथा अन्य कार्यक्रम बच्चों के नैतिक व मानसिक विकास में सहायक होते हैं।

Exam Tips:

a) ऐतिहासिक घटनाओं पर आधारित कार्यक्रम बच्चों का सामान्य ज्ञान बढ़ाते हैं।
b) शिक्षाप्रद कार्यक्रम बच्चों में अच्छे मूल्यों की समझ विकसित करते हैं।

 

Question 16: बच्चों के खेल के दो महत्त्व लिखें।

Answer:

(1) खेल से बच्चों का शारीरिक विकास होता है, उनकी मांसपेशियाँ मजबूत होती हैं और तनाव कम होता है।
(2) खेल से बच्चे सहयोग करना, नियमों का पालन करना और दूसरों के साथ मिलजुलकर रहना सीखते हैं।

Exam Tips:

a) शारीरिक और सामाजिक दोनों पक्षों के विकास को अलग-अलग लिखें।
b) नियमों का पालन खेल से सामाजिक विकास की पहली सीढ़ी है।

 

Question 17: किताबों का बच्चों के लिए क्या महत्त्व है?

Answer:

(1) इनसे बालकों को पढ़ने की प्रेरणा मिलती है।
(2) इनके द्वारा बच्चों के पढ़ने की योग्यता बढ़ाई जा सकती है।
(3) इनके द्वारा बच्चों को नए शब्दों का ज्ञान होता है।
(4) इनके पढ़ने से 'रेचन' द्वारा उनके संवेगात्मक तनाव निकल जाते हैं।

Exam Tips:

a) पुस्तकें पढ़ने से शब्द-भंडार बढ़ता है और भाषा सुधरती है।
b) रेचन का अर्थ है दबे हुए संवेगों का बाहर निकलना।

 

लघु उत्तरीय प्रश्न

Question 1: खेल का शैक्षिक महत्त्व क्या है?

Answer:

(1) बच्चे सभी प्रकार के खिलौनों से खेलते हैं। इससे उन्हें भिन्न-भिन्न पदार्थों के आकार, रंग, भार और उनकी सतह का ज्ञान हो जाता है।
(2) जैसे-जैसे बच्चे बड़े होते हैं, खेल के द्वारा उनमें कई कौशलों का विकास होता है।
(3) बच्चे खेल के द्वारा सीखते हैं कि किसी पदार्थ-विशेष की जानकारी कैसे प्राप्त की जाए और वस्तुओं का संग्रह किस प्रकार किया जाए।
(4) खेल के द्वारा बच्चे अपनी तथा अपने साथियों की क्षमताओं की भली-भाँति तुलना कर सकते हैं। इस प्रकार उन्हें अपने रूप का वास्तविक ज्ञान हो जाता है।

Exam Tips:

a) खिलौनों के माध्यम से बच्चे वस्तुओं के गुण सीखते हैं।
b) वस्तुओं के संग्रह की आदत खेल से ही शुरू होती है।
c) अपनी क्षमता की तुलना से आत्म-ज्ञान बढ़ता है।
d) कौशलों का विकास आयु के साथ खेल से क्रमशः होता है।

 

Question 2: विकास प्रक्रिया के निर्देशन में खेल का क्या महत्त्व है?

Answer:

पहले बालक खेल के माध्यम से ही विभिन्न प्रकार के क्रियात्मक विकास सीखता है। इसमें वह अपने क्रियात्मक कौशलों और शब्दों को सीखता है। यह विकास वह अन्य बालकों के साथ खेलकर सीखता है। खेल में वह विभिन्न क्रियाओं को अपनी पसंद के आधार पर भी सीखता है। प्रारम्भ के कुछ महीनों में वह कुछ अधिक तीव्र गति से सीखता है। वह अपने हाथों, कपड़ों और खिलौनों के साथ भी खेलता है। तीन वर्ष की अवस्था में पहुँचकर बालक अपने खेल के साथियों को अधिक महत्त्व देने लग जाता है। अतः विकास प्रक्रिया का निर्देशन खेल द्वारा भी किया जा सकता है।

Exam Tips:

a) प्रारम्भिक महीनों में शिशु का सीखना अपेक्षाकृत तीव्र होता है।
b) तीन वर्ष की आयु के बाद साथियों के साथ खेलने की प्रवृत्ति बढ़ती है।
c) खेल द्वारा सीखने में बच्चा अपनी पसंद की क्रियाएँ चुनता है।
d) अपने शरीर, कपड़ों और खिलौनों से खेलना प्रारम्भिक क्रियात्मक विकास का हिस्सा है।

 

Question 3: बालक के सामाजिक विकास में खेल की भूमिका समझाइए।

Answer:

खेल एक स्वाभाविक, स्वतंत्र, उद्देश्यहीन और आनंद की अनुभूति देने वाली क्रिया है। बालक के शारीरिक विकास के साथ-साथ सामाजिक विकास में खेल की महत्त्वपूर्ण भूमिका है। खेल बालक की कल्पनाओं, सहयोग की भावना तथा दयानतदारी को दर्शाता है। खेल के द्वारा बालक में नियम-पालन की भावना आती है। खेल में वह अपनी व्यक्तिगत सत्ता को समष्टि में लीन करता है। इस प्रकार उसमें सामाजिक भावना का विकास होता है। आयु बढ़ने के साथ-साथ बालक के खेल में परिवर्तन आता रहता है। बचपन में बालक-बालिकाएँ साथ-साथ खेलते हैं, परन्तु बाद में दोनों की रुचियों में अन्तर आ जाता है।

रुचि में अन्तर इन कारणों से होता है:
बालकों में बालिकाओं की तुलना में अधिक शारीरिक शक्ति,
बालिकाओं में शीघ्र परिपक्वता का आ जाना, तथा
सामाजिक प्रतिबंध (किशोरावस्था में दोनों का मिलना ठीक नहीं समझा जाना)।

बालकों के खेल के संगी-साथियों के मानसिक, बौद्धिक और आर्थिक स्तर का भी बालकों के सामाजिक विकास पर प्रभाव पड़ता है। कुशाग्र बुद्धि वाला बालक अपने से बड़े बालकों के साथ खेलना पसंद करता है, जबकि मंद बुद्धि वाला बालक अपने से छोटे बालकों के साथ खेलना पसंद करता है।

Exam Tips:

a) खेल में नियमों का पालन सामाजिक विकास की आधारशिला है।
b) बचपन में लड़के और लड़कियाँ साथ खेलते हैं, परन्तु किशोरावस्था में रुचियाँ अलग हो जाती हैं।
c) कुशाग्र बुद्धि बालक बड़े साथियों को पसंद करता है।

 

Question 4: खेल की क्या परिभाषा है?

Answer:

वास्तव में खेल ऐसी एक स्वाभाविक प्रवृत्ति है जिसमें अनुकरण एवं रचनात्मक प्रवृत्तियों का सम्मिश्रण रहता है। वैलनटाइन ने खेल की परिभाषा इस प्रकार दी है कि खेल वह क्रिया है जो खेल के लिए ही की जाती है। ग्यूलिक ने खेल की परिभाषा इस प्रकार दी है कि जो कार्य हम अपनी इच्छा से स्वतंत्र वातावरण में करते हैं, वही खेल है। यह परिभाषा सर्वमान्य है।

Exam Tips:

a) खेल की मुख्य पहचान उसका स्वतंत्र और स्वैच्छिक होना है।
b) अनुकरण और रचनात्मकता खेल की दो मूल प्रवृत्तियाँ हैं।
c) जिस क्रिया का उद्देश्य केवल आनंद हो, वही शुद्ध खेल है।

 

Question 5: रेडियो की बच्चों के विकास में क्या भूमिका है?

Answer:

रेडियो की प्रसिद्धि पहले की अपेक्षा अब कम हो गई है। जब से रंगीन टेलीविज़न आया है, उसने रेडियो का स्थान ले लिया है, और अब बच्चे रेडियो बहुत कम सुनते हैं। शहरों की अपेक्षा गाँवों के बच्चे रेडियो अधिक सुनते हैं। एक अध्ययन में देखा गया है कि जो बच्चे जितने अधिक समायोजित होते हैं, वे रेडियो उतना ही कम सुनते हैं। लगभग तीन वर्ष का बच्चा रेडियो में रुचि लेता है। रेडियो सुनने से भाषा का विकास होता है, भाषा सुधरती है, व्याकरण का ज्ञान बढ़ता है, इत्यादि। परन्तु आज रेडियो का स्थान टेलीविज़न ले चुका है।

Exam Tips:

a) रेडियो का सबसे बड़ा लाभ भाषा और व्याकरण के विकास में है।
b) रंगीन टेलीविज़न के आने के बाद रेडियो सुनने वाले बच्चों की संख्या घटी।
c) तीन वर्ष की आयु से बच्चे रेडियो में रुचि लेने लगते हैं।

 

Question 5 (A): बच्चों के लिए रेडियो किस तरह उपयोगी है?

Answer:

रेडियो सुनने से बच्चों की भाषा का विकास होता है, भाषा सुधरती है और व्याकरण का ज्ञान बढ़ता है। रेडियो से बच्चों को आनंद ही नहीं मिलता, बल्कि अनेक ज्ञान की बातें सीखने का अवसर भी मिलता है। घर बैठे समाचार, संगीत, भाषण, चर्चा, लोकसभा या विधानसभा की समीक्षा, वाद-विवाद, नाटक और प्रहसन सुनकर मनोरंजन होता है और बच्चे आत्मोन्नति के लिए प्रेरित होते हैं।

Exam Tips:

a) रेडियो भाषा-शिक्षण का सस्ता और सुलभ साधन है।
b) समाचार और चर्चा सुनने से बच्चों का सामान्य ज्ञान बढ़ता है।
c) नाटक और प्रहसन सुनने से कल्पनाशक्ति का विकास होता है।

 

Question 6: बच्चों पर संगीत का क्या प्रभाव पड़ता है?

Answer:

संगीत के माध्यम से बच्चे अपने आप को अभिव्यक्त करते हैं। बोलना सीखने से पूर्व बच्चा गाना सीख जाता है। सभी बच्चे गाते हैं, चाहे उनमें गायन सम्बन्धी क्षमता हो या न हो। शिशु का बबलाना (babbling) उसका गायन है, क्योंकि इसमें भी एक लय होती है। इसे सुनकर बालक बहुत प्रसन्न होता है। वह गाने के साथ अनेक शारीरिक क्रियाएँ भी करता है। जैसे-जैसे बालक थोड़ा बड़ा होता है, वह छोटी और आसान कविताएँ लय व ताल में गा सकता है। अच्छा संगीत बच्चे के मनोरंजन के साथ-साथ उसके विकास पर भी प्रभाव डालता है।

Exam Tips:

a) शिशु का बबलाना भी लय के कारण संगीत के समान माना जाता है।
b) गाने के साथ शारीरिक क्रियाएँ करने से बच्चे का व्यायाम भी होता है।
c) लय और ताल के साथ कविता गाने से बच्चों की भाषा और स्मरणशक्ति सुधरती है।

 

Question 7: विज्ञापन का बालक के विकास पर क्या प्रभाव पड़ता है? उदाहरण सहित वर्णन करें।

अथवा
बच्चों के जीवन पर विज्ञापनों का क्या प्रभाव पड़ता है? उदाहरण सहित बताएँ।

Answer:

विज्ञापन का बालकों के विकास में महत्त्वपूर्ण प्रभाव पड़ता है। जैसे-जैसे बालक बड़ा होता है, वह विभिन्न पत्रिकाओं और टेलीविज़न में विज्ञापनों को देखता है और उन पर गंभीरता से विचार करता है। अनेक विद्वानों ने अपने अध्ययनों में सिद्ध किया है कि विभिन्न प्रकार के विज्ञापन बालकों और किशोरों को सांसारिक वस्तुओं का परिचय कराकर उनके ज्ञान का विकास करते हैं। इस प्रकार बालक अपने आस-पास की वस्तुओं को सूक्ष्मता से देखता है और उन पर विचार करता है।

उदाहरण के लिए, टेलीविज़न के विज्ञापन वस्तुओं को बहुत बढ़ा-चढ़ाकर दिखाते हैं, जो बालक को संदेह में डाल देते हैं और उनके विकास पर उल्टा प्रभाव डालते हैं। कई बार बालक विज्ञापनों को देखकर उनकी नकल करने की कोशिश करते हैं और इससे उन्हें गंभीर जोखिम भी उठाना पड़ता है।

Exam Tips:

a) विज्ञापनों में बढ़ा-चढ़ाकर दिखाए गए दावों को बालक को परखना सिखाना चाहिए।
b) विज्ञापन सांसारिक वस्तुओं की जानकारी देकर बालक के ज्ञान को बढ़ाते हैं।
c) विज्ञापन की नकल करने से बच्चे खतरनाक कार्य भी कर बैठते हैं।

 

Question 8: बच्चों के लिए किस प्रकार के टेलीविजन कार्यक्रम बनाए जाने चाहिए?

Answer:

बच्चों के लिए निम्नलिखित प्रकार के टेलीविज़न कार्यक्रम बनाए जाने चाहिए:
(1) कार्यक्रम मनोरंजक हों, जिन्हें देखकर बच्चों को आनंद और प्रसन्नता प्राप्त हो।
(2) कार्यक्रमों के द्वारा बच्चों को खेल-खेल में शिक्षा प्रदान होनी चाहिए।
(3) कार्यक्रम ऐसे न हों जिन्हें देखकर बच्चे असमंजस में पड़ जाएँ।
(4) कार्यक्रमों में बच्चों से संबंधित विषयों की अधिकता होनी चाहिए।

Exam Tips:

a) बच्चों के कार्यक्रम खेल-खेल में सीख देने वाले हों।
b) वयस्कों के लिए बने कार्यक्रम बच्चों से दूर रखे जाने चाहिए।
c) मनोरंजन के साथ नैतिक शिक्षा देने वाले कार्यक्रम अधिक उपयोगी होते हैं।

 

Question 9: साहित्य को समाज का दर्पण क्यों कहा गया है?

Answer:

साहित्य हमें जीवन को उचित ढंग से जीने का तरीका बताता है। इसमें ठीक और गलत का ज्ञान भी शामिल होता है। साहित्य में समाज में चल रही बातों की चर्चा होती है। साहित्य जिस भी काल में रचा गया हो, वह उसी समय के रहन-सहन, समस्याओं, फैशन आदि का वर्णन करता है। इसलिए साहित्य को समाज का दर्पण कहते हैं।

Exam Tips:

a) साहित्य किसी काल के रहन-सहन और समस्याओं को उसी रूप में दिखाता है।
b) साहित्य में ठीक और गलत का भेद बताने की क्षमता होती है।
c) समाज के बदलने पर साहित्य की विषय-वस्तु भी बदलती है।

 

दीर्घ उत्तरीय प्रश्न

Question 1:

Question 1 (क): व्यक्ति के विकास पर पुस्तकों, संगीत, रेडियो, सिनेमा तथा दूरदर्शन के प्रभावों की चर्चा कीजिए।

Answer:

पुस्तकों का प्रभाव: पुस्तकें पढ़ना बच्चों के लिए एक प्रकार का आनंददायक खेल है। इसमें बच्चे दूसरों की क्रियाशीलता का आनंद भी लेते हैं। जब बच्चे अकेले होते हैं, या उनका शारीरिक खेल खेलने का मन नहीं होता, या वे थोड़े थके हुए होते हैं, तब वे पुस्तकें पढ़ते हैं। घर में बच्चों को बाहर निकलने से मना किया जाता है या कमरे में बैठने के लिए बाध्य किया जाता है, तब भी वे पढ़ते हैं। अध्ययनों में देखा गया है कि लड़कियाँ लड़कों की अपेक्षा अधिक पढ़ती हैं। एक अध्ययन में यह भी देखा गया है कि प्रतिभाशाली बच्चे अन्य बच्चों की तुलना में अधिक पढ़ते हैं, और वे पढ़ने को खेल नहीं, कार्य समझते हैं। अधिकांश बच्चे परिचित व्यक्तियों और जानवरों से संबंधित कहानियाँ पढ़ना पसंद करते हैं। आजकल के बच्चों में कॉमिक्स पढ़ने का बहुत शौक है।

कॉमिक्स पढ़ने से अनेक लाभ होते हैं: (i) इनसे बालकों को पढ़ने की प्रेरणा मिलती है, (ii) इनके द्वारा बच्चों की पढ़ने की योग्यता बढ़ाई जा सकती है, (iii) इनके द्वारा बच्चों को नए शब्दों का ज्ञान होता है, (iv) इनके पढ़ने से 'रेचन' द्वारा उनके संवेगात्मक तनाव निकल जाते हैं। परंतु अधिक कॉमिक्स पढ़ने से बच्चों को कुछ हानियाँ भी होती हैं: (i) बच्चे अच्छा साहित्य पढ़ने से कतराते हैं, (ii) अधिकांश कॉमिक्स की कहानियों की भाषा और शब्द निम्न कोटि के होते हैं, (iii) इनके अधिक पढ़ने से यौन विषयों, हिंसा और भय की भावना का विकास होता है, (iv) इनके अधिक पढ़ने से बच्चे अपने वास्तविक जीवन से कुछ नीरस हो जाते हैं, (v) जो बच्चे कॉमिक्स अधिक पढ़ते हैं, वे अन्य खेलों में कम रुचि लेते हैं, जिससे उनके शारीरिक विकास में रुकावट आती है। अच्छा साहित्य पढ़ने से मनोरंजन के साथ-साथ बच्चों का मानसिक, बौद्धिक, चारित्रिक तथा नैतिक विकास होता है।

किशोरावस्था तक बालकों को कहानियाँ और उपन्यास पढ़ने का बहुत शौक हो जाता है। प्रायः निम्न स्तर के उपन्यास और कहानियाँ किशोरों को अधिक पसंद आते हैं। इस प्रकार की पाठ्य-सामग्री उनके नैतिक विकास को अवनति की ओर ले जाने में महत्त्वपूर्ण योगदान देती है।

संगीत का प्रभाव: संगीत के माध्यम से भी बच्चे अपने आप को अभिव्यक्त करते हैं। बोलना सीखने से पूर्व ही बालक गाना सीख जाता है। सभी बच्चे गाते हैं, चाहे उनमें गायन सम्बन्धी क्षमता हो या न हो। शिशु का बबलाना उसका गायन है, क्योंकि बबलाने में भी एक लय होती है। इसे सुनकर बालक बड़ा प्रसन्न होता है। शुरू-शुरू में बालक गाते समय कई शारीरिक क्रियाएँ भी करता है। 4-5 वर्ष की आयु में बच्चे सरल कविताएँ लय के अनुसार गा सकते हैं और जानते हैं कि कौन-सी कविता किस लय में गाई जाएगी। बड़े होते-होते बच्चों की रुचि देशभक्ति, लोक संगीत तथा शास्त्रीय संगीत में बढ़ती जाती है। बहुत से बच्चे धार्मिक भजनों में भी रुचि लेते हैं। फिशर का कथन है कि उच्च वर्ग तथा मध्यम वर्ग के बच्चों में संगीत की दृष्टि से कोई अंतर नहीं पाया जाता। संगीत मनोरंजन का साधन होने के साथ-साथ बच्चों के विकास पर भी प्रभाव डालता है।

रेडियो का प्रभाव: लगभग तीन वर्ष का बालक रेडियो में थोड़ी-थोड़ी रुचि लेने लगता है। लड़के लड़कियों की अपेक्षा रेडियो अधिक सुनते हैं। प्रतिभाशाली बालक रेडियो सुनना कम पसंद करते हैं। शहरों की अपेक्षा गाँवों के बच्चे रेडियो अधिक सुनते हैं। एक अध्ययन से देखा गया है कि जो बच्चे जितने अधिक समायोजित होते हैं, वे रेडियो उतना ही कम सुनते हैं। रेडियो से बच्चों को आनंद ही नहीं मिलता, बल्कि उन्हें अनेक ज्ञान की बातें सीखने का अवसर भी मिलता है। इसे सुनने से उनकी भाषा का विकास होता है, भाषा सुधर जाती है, व्याकरण सुधर जाता है और वे आत्मोन्नति के लिए प्रेरित होते हैं। रेडियो से घर बैठे ही समाचार, संगीत, भाषण, चर्चा, लोकसभा या विधानसभा की समीक्षा, वाद-विवाद, नाटक और प्रहसन सुनकर मनोरंजन होता है।

मनोरंजन शारीरिक व मानसिक विकास में बहुत सहायक होता है। परंतु अधिक रेडियो सुनने से बच्चे शारीरिक खेल नहीं खेल पाते, जिससे उनका शारीरिक विकास अवरुद्ध हो सकता है। विभिन्न अध्ययनों में देखा गया है कि जो बच्चे अधिक रेडियो सुनते हैं, उनका व्यक्तिगत और सामाजिक समायोजन बिगड़ जाता है, क्योंकि उनका अधिकांश समय रेडियो सुनने में निकल जाता है। आज रेडियो का स्थान टेलीविज़न ले चुका है।

टेलीविज़न का प्रभाव: जितनी देर टेलीविज़न पर अच्छे कार्यक्रम और धारावाहिक आते हैं, बच्चे उन्हें अवश्य देखना चाहते हैं। एक अध्ययन से पता चला है कि अमेरिका में बच्चे अपने जागने के समय का लगभग 1/6 भाग टेलीविज़न देखने में व्यतीत करते हैं। छह वर्ष की अवस्था तक उनमें टेलीविज़न देखने की अधिक प्रवृत्ति पाई जाती है। अधिक पढ़ने-लिखने वाले बच्चे कम टेलीविज़न देखते हैं, जबकि जो बच्चे कम समायोजित होते हैं, वे अधिक टेलीविज़न देखते हैं। उच्च आर्थिक व सामाजिक स्तर वाले बच्चे कम टेलीविज़न देखते हैं और लड़कियों की अपेक्षा लड़के अधिक टेलीविज़न देखते हैं। कुल मिलाकर टेलीविज़न का प्रभाव बच्चों के विकास पर बहुत अधिक पड़ता है। एक ओर अच्छे कार्यक्रम, शिक्षाप्रद कहानियाँ तथा देश-विदेश के समाचारों से बच्चों का मानसिक और चारित्रिक विकास होता है, दूसरी ओर अधिक टेलीविज़न देखने से शारीरिक विकास अवरुद्ध होता है। इसके साथ ही वयस्कों को दिखाए जाने वाले कुछ कार्यक्रम, जिन्हें वयस्क देखें या न देखें, बच्चे अवश्य देखते हैं, जिनका उनके चारित्रिक व संवेगात्मक विकास पर बुरा प्रभाव पड़ता है। निश्चय ही आज के युग में टेलीविज़न मनोरंजन का एक बहुत ही महत्त्वपूर्ण साधन है। इसका उपयोग देश की प्रगति, शिक्षा के प्रसार तथा बच्चों के चरित्र निर्माण में अधिकाधिक किया जाना चाहिए।

चलचित्र (सिनेमा) का प्रभाव: आजकल छोटे-छोटे सभी आयु के बालक सिनेमा में दिखाई देते हैं। सिनेमा देखने वालों में किशोरों की संख्या दिन-प्रतिदिन बढ़ती जा रही है। दुराचार, अपराध, नारी-सौंदर्य और प्रेम की चरम सीमाएँ चलचित्रों में दिखाकर लोगों को अधिक-से-अधिक मात्रा में आकर्षित किया जाता है। यद्यपि कुछ चलचित्रों की कहानी और उद्देश्य सराहनीय होते हैं, परंतु बालकों और किशोरों की मानसिक योग्यता सीमित होने के कारण वे सिनेमा के उद्देश्यों और कहानी को कम समझ पाते हैं। वे सिनेमा से गंदी बातें ही अधिक सीखते हैं। सिनेमा का स्थान अब वीडियो कैसेट प्लेयर या रिकॉर्डर लेता जा रहा है।

Exam Tips:

a) पुस्तकों के प्रभाव में रेचन, शब्द-ज्ञान और पढ़ने की प्रेरणा, तीनों का उल्लेख करें।
b) कॉमिक्स के लाभ और हानि दोनों लिखने से उत्तर संतुलित लगता है।
c) संगीत का प्रभाव बताते समय बबलाने को शिशु का प्रारंभिक गायन बताएँ।
d) सिनेमा के प्रभाव में बालकों की मानसिक सीमाओं का उल्लेख करें।

 

Question 1 (ख): बालकों के जीवन पर टेलीविज़न व चलचित्रों का क्या प्रभाव पड़ता है?

Answer:

टेलीविज़न पर दिखाए जाने वाले शिक्षाप्रद कार्यक्रम, ऐतिहासिक घटनाएँ और स्वस्थ मनोरंजन बालक के मानसिक, नैतिक और बौद्धिक विकास में सहायक होते हैं। परंतु अधिक टेलीविज़न देखने से शारीरिक विकास रुक जाता है, और वयस्कों के लिए बने कुछ कार्यक्रम बच्चों के चारित्रिक और संवेगात्मक विकास पर बुरा प्रभाव डालते हैं। चलचित्रों में दिखाई जाने वाली हिंसा, अपराध और अन्य असामाजिक बातों से बालक गंदी बातें अधिक सीखते हैं, जिससे उनके नैतिक विकास पर विपरीत प्रभाव पड़ता है।

Exam Tips:

a) टेलीविज़न का सकारात्मक पक्ष शिक्षाप्रद कार्यक्रमों में है, पर अधिक देखना हानिकारक है।
b) वयस्कों के कार्यक्रम बच्चों के संवेगात्मक विकास पर बुरा असर डालते हैं।
c) चलचित्रों की हिंसा और असामाजिक बातें नैतिक विकास पर विपरीत प्रभाव डालती हैं।

 

Question 2: खेलों को कौन-कौन से तत्त्व प्रभावित करते हैं?

अथवा
खेलों को प्रभावित करने वाले चार कारक बताएँ।

Answer:

खेलों को प्रभावित करने वाले तत्त्व निम्नलिखित हैं:

(1) शारीरिक स्वास्थ्य: स्वस्थ बालक में शक्ति अधिक होती है, इसलिए वे खेलों में अधिक रुचि लेते हैं।
(2) ऋतु: ऋतु का खेल पर विशेष प्रभाव होता है। जैसे ग्रीष्म ऋतु में बालकों को जल-विहार और तैरना अच्छा लगता है, तथा बसंत ऋतु में साइकिल पर इधर-उधर घूमना। पहाड़ों पर रहने वाले बालक जाड़े में बर्फ में खेलते हैं।
(3) वातावरण: बालक के खेल पर वातावरण का विशेष प्रभाव पड़ता है। जैसे बालक अपने घर या क्षेत्र में खेलना ज़्यादा पसंद करता है।
(4) क्रियात्मक विकास: खेलों का बालक के क्रियात्मक विकास पर प्रभाव पड़ता है। गेंद वाले खेलों में वही बालक भाग लेते हैं जो उसे पकड़ या फेंक सकते हैं। जोन्स के मतानुसार 21 मास की अवस्था वाला बालक चीज़ों को खींच सकता है और 24 मास की अवस्था वाला बालक खिलौने को खींच व फेंक सकता है। 29 मास की अवस्था वाला बालक किसी चीज़ को कम-से-कम 7 फ़ीट तक धकेल सकता है।
(5) लिंग-भेद: प्रारम्भ में लड़के और लड़कियों के खेल में कोई अंतर नहीं होता, परंतु आयु वृद्धि के साथ इनके खेलों में विविधता पाई जाती है।
(6) बौद्धिक क्षमता: खेलों पर बौद्धिक क्षमता का भी प्रभाव पड़ता है। कुशाग्र बुद्धि वाले बालक मंद बुद्धि बालकों की अपेक्षा ज़्यादा खेला करते हैं। कुशाग्र बुद्धि बालक नाटक, रचनात्मक खेलों और पुस्तकों में अधिक रुचि लेते हैं। ये पहेलियाँ और ताश का खेल आदि पसंद करते हैं।
(7) अवकाश की मात्रा: बालक थकने पर कम श्रम वाले खेल खेलता है। धनी परिवार के बच्चों के पास काफ़ी अवकाश होता है, निर्धन परिवार के बच्चों के पास कम। अतः वे समय के अनुसार ही खेलना पसंद करते हैं।
(8) सामाजिक-आर्थिक स्तर: धनी परिवार के बच्चे क्रिकेट, टेनिस, बैडमिंटन आदि खेलना पसंद करते हैं, जबकि निर्धन परिवार के बच्चे प्रायः गेंद और कबड्डी खेलते हैं। निम्न वर्ग के बालक जन्माष्टमी व अन्य मेलों में जाना पसंद करते हैं, जबकि धनी वर्ग के बालक नाटक, नृत्य, कला आदि समारोहों में जाना पसंद करते हैं।
(9) खेल संबंधी उपकरण: यदि बालकों को खेलने के लिए लकड़ी के टुकड़े, हथौड़ी और कील आदि दिए जाएँ, तो उनके खेल रचनात्मक होंगे। बड़े बालकों को भी उपयुक्त उपकरणों की आवश्यकता पड़ती है, अन्यथा वे अपनी खेल संबंधी रुचियों को दूसरी ओर मोड़ लेते हैं।
(10) परंपराएँ: परंपराओं का भी बालक के खेलों पर प्रभाव पड़ता है। भारतीय परंपरा के अनुसार लड़कियाँ गुड्डे-गुड़ियों का खेल और लड़के आँख-मिचौनी तथा चोर-सिपाही का खेल खेलते हैं। उच्च वर्ग की अपेक्षा मध्यम वर्ग के बालक-बालिकाएँ परंपरागत खेल अधिक खेलते हैं।

Exam Tips:

a) ऋतु के अनुसार खेल बदलते हैं, जैसे गर्मी में तैराकी और जाड़े में बर्फ़ के खेल।
b) खेल के उपकरण बालक की रचनात्मकता और खेल की दिशा तय करते हैं।
c) आर्थिक स्तर के अनुसार खेल की पसंद और अवकाश का समय बदलता है।
d) बौद्धिक क्षमता वाले बालक पहेलियों और रचनात्मक खेलों को अधिक पसंद करते हैं।

 

Question 3: खेलों के अतिरिक्त बालकों की अभिव्यक्ति के कौन-कौन से साधन हैं?

Answer:

निम्न साधन बालकों की अभिव्यक्ति में सहायक हैं:
(1) चित्रांकन: यह अभिव्यक्ति का एक अच्छा साधन है। बालक अपने मन के भाव चित्रों द्वारा व्यक्त करते हैं। उनका बनाया हुआ चित्र और रंगों का चयन उनके भावों को अच्छी तरह प्रदर्शित करता है। छोटे बच्चों की तो खासकर रंगों में रुचि होती है।
(2) संगीत: सभी बच्चे संगीत-प्रेमी होते हैं। अच्छी लय और ताल न केवल समा बाँधती है, बल्कि तनाव को भी काफ़ी हद तक कम करती है। छोटे बच्चे कविता गान से संगीत सीखना शुरू करते हैं और जैसे-जैसे वे बड़े होते हैं, कविताओं का स्तर भी कठिन हो जाता है।
(3) लेखन: लेखन कला बच्चों में कुछ समय बाद आती है, जब उन्हें भाषा और व्याकरण की समझ आ जाती है और वे लिखना पूर्णतया सीख जाते हैं। बच्चे अपने छोटे-छोटे अनुभवों को लिपिबद्ध करने में सक्षम हो जाते हैं। समय के साथ उनके अनुभव और पेचीदा हो जाते हैं और वे उन्हें लिपिबद्ध करने के लिए और अच्छी भाषा व व्याकरण की मदद लेते हैं।
(4) हस्तकौशल: हाथ से चीज़ें बनाने का एक अपना ही आनंद है। मिट्टी, धागे, कागज़, थर्माकोल आदि से सुंदर वस्तुएँ बनाई जा सकती हैं। इससे छोटी मांसपेशियों का विकास होता है और आँख व हाथ का समन्वय (तालमेल) भी बढ़िया हो जाता है।

Exam Tips:

a) चित्रांकन में छोटे बच्चे रंगों के चुनाव से भाव प्रकट करते हैं।
b) संगीत तनाव कम करने का भी साधन है, इसलिए उसे अभिव्यक्ति से जोड़ें।
c) लेखन भाषा और व्याकरण की समझ आने के बाद आता है।
d) हस्तकौशल से छोटी मांसपेशियों और आँख-हाथ के समन्वय का विकास होता है।

 

Question 4: बालक पर पुस्तकों का क्या प्रभाव पड़ता है?

Answer:

कहा जाता है कि पुस्तकें व्यक्ति की सच्ची साथी होती हैं। पुस्तकों द्वारा मनोरंजन, ज्ञानवर्धन और भाषा-विकास, सब कुछ संभव है। छोटा बच्चा, जो पढ़ नहीं सकता, उसे भी माता-पिता कहानी पढ़कर सुना सकते हैं। इससे वह ध्यान लगाना सीखता है। इसके अलावा वह नए शब्द और ज्ञान भी सीखता है। डाँटने की अपेक्षा यदि उसे कहानी द्वारा कोई बात समझाई जाए, तो वह उसे जल्दी समझ जाता है। थोड़े बड़े बच्चे तो स्वयं ही किताबें पढ़ सकते हैं। इसके अनेक लाभ हैं:
(1) इनसे बालकों को पढ़ने की और प्रेरणा मिलती है।
(2) बच्चों की पढ़ने के प्रति रुचि जागृत होती है।
(3) बच्चों की योग्यता अच्छी पुस्तकों द्वारा बढ़ाई जा सकती है।
(4) बच्चों का ज्ञानवर्धन होता है।
(5) उनका भाषा का विकास भी होता है।

पुस्तकों के चयन में माता-पिता का काफ़ी सहयोग होता है। यदि वे अपने बच्चों को सही पुस्तकें चुनकर देते हैं, तो इसका अर्थ है कि वे उसके विकास में रुचि लेते हैं। यदि वे ऐसा नहीं करते, तो बच्चे कभी-कभी गलत पुस्तकों का चयन कर लेते हैं, जो उनके विकास में हानिकारक सिद्ध होती हैं। ऐसी किताबें उन्हें अच्छा साहित्य पढ़ने से रोकती हैं। अतः किताबों का चयन बहुत सोच-समझकर करना चाहिए।

Exam Tips:

a) छोटे बच्चों को कहानी पढ़कर सुनाने से ध्यान लगाने की आदत बनती है।
b) डाँटने की तुलना में कहानी से समझाई गई बात बच्चे जल्दी समझते हैं।
c) गलत पुस्तकें अच्छा साहित्य पढ़ने की रुचि को रोक देती हैं।
d) पुस्तकों का चयन माता-पिता की सक्रिय भागीदारी से होना चाहिए।

 

Question 5: बच्चों के विकास में टेलीविज़न का क्या स्थान है?

अथवा
बालकों के जीवन पर टेलीविज़न का क्या प्रभाव पड़ता है?

Answer:

आज लगभग हर घर में टेलीविज़न होता है। टेलीविज़न में अनेक तरह के शिक्षाप्रद और मनोरंजक कार्यक्रम दिखाए जाते हैं। चूँकि टेलीविज़न में बच्चे केवल सुनते ही नहीं, देखते भी हैं, इसलिए वह बात उन्हें अधिक याद रहती है। केबल आने के बाद बच्चों का अधिकांश समय टेलीविज़न के सामने ही गुज़रता है, क्योंकि केबल द्वारा अनेक चैनल देखे जा सकते हैं। परंतु यह माता-पिता का कर्तव्य है कि वे ध्यान रखें कि उनके बच्चे कौन-से चैनल अधिक देख रहे हैं। कुछ चैनलों के कार्यक्रम केवल वयस्कों के लिए होते हैं। यदि बच्चे उन्हें देखें, तो उनके विकास पर अवश्य विपरीत असर पड़ेगा। वैसे भी अधिक टेलीविज़न देखना आँखों के लिए हानिकारक है और इससे बच्चों का शारीरिक विकास रुक जाता है। अतः माता-पिता बच्चों को केवल चुने हुए और उपयोगी चैनल ही देखने दें। इसके अलावा कितना समय बच्चा टी.वी. देखेगा, उस पर भी नियंत्रण रखें, क्योंकि संपूर्ण विकास के लिए सभी प्रकार की क्रियाएँ करना अनिवार्य है।

Exam Tips:

a) टेलीविज़न के दृश्य सुनने के साथ देखे जाने से बातें अधिक याद रहती हैं।
b) वयस्कों के चैनल बच्चों के विकास पर विपरीत असर डालते हैं।
c) अधिक टेलीविज़न देखना आँखों के लिए हानिकारक माना जाता है।
d) समय-सीमा तय करने से बच्चे खेल और पढ़ाई के लिए समय निकाल पाते हैं।

 

Question 6: बच्चों के मनोरंजन के लिए पुस्तकें तथा उनके चुनाव के बारे में बताएँ।

Answer:

बच्चों की दुनिया अलग होती है, इसलिए उनकी पढ़ने वाली पुस्तकें भी भिन्न प्रकार की होती हैं। बच्चों में पढ़ने की रुचि जागृत हो, इसके लिए पुस्तकों का चुनाव ध्यानपूर्वक करना चाहिए। छोटे बच्चों के लिए पुस्तकें रंगदार चित्रों और मोटी छपाई वाली होनी चाहिए। इनकी जिल्द और पन्ने मज़बूत होने चाहिए। बच्चों की पुस्तकों की कहानियाँ अच्छे मूल्यों को सिखाने वाली होनी चाहिए। बाल-पुस्तकों में जंगली जानवरों, पौधों तथा अपने आसपास के लोगों के साथ मिल-जुलकर रहने की शिक्षा होनी चाहिए। छोटी-छोटी शिक्षात्मक कहानियों वाली पुस्तकों का चुनाव करना चाहिए। बच्चों में पढ़ने की रुचि पैदा करना अति आवश्यक है। इससे बच्चे की काल्पनिक शक्ति में वृद्धि होती है और बच्चा बुरी संगत से बचा रहता है।

Exam Tips:

a) छोटे बच्चों की पुस्तकों में रंगीन चित्र और मोटी छपाई होनी चाहिए।
b) पुस्तकों की जिल्द और पन्ने मज़बूत होने चाहिए, ताकि वे जल्दी न फटें।
c) मूल्य सिखाने वाली कहानियाँ बच्चे के चरित्र निर्माण में सहायक होती हैं।
d) पढ़ने की रुचि से कल्पनाशक्ति बढ़ती है और बुरी संगत से बचाव होता है।

 

Question 7: बच्चों के मनोरंजन के लिए कहानियों तथा कविताओं के बारे में लिखें।

अथवा
तीन माह तक के बच्चों को सुनाए जाने वाले बाल गीत किस प्रकार के होने चाहिए? इनका बच्चों पर क्या प्रभाव पड़ता है?

Answer:

कहानियाँ तथा कविताएँ (Stories and Nursery Rhymes): खेलों और पुस्तकों के अलावा बच्चे का मनोरंजन कहानियों और कविताओं से भी होता है। जब परिवार में माता-पिता या दादा-दादी बच्चों को कहानियाँ सुनाते हैं, तो बच्चों की काल्पनिक शक्ति और स्मरणशक्ति का विकास होता है। साथ ही उनकी अपने बुज़ुर्गों से निकटता बढ़ती है। बचपन में सुनी हुई कहानियाँ बच्चों पर बहुत प्रभाव डालती हैं और बड़े होने तक याद रहती हैं।

माँ छोटे बच्चे को गोद में उठाकर झूले में डालकर झुलाती है और लोरी गाती है। लोरी सुनने से बच्चा शांत हो जाता है। वैज्ञानिकों का मानना है कि संगीत पौधों और जानवरों की वृद्धि तथा विकास को भी प्रभावित करता है। बच्चा भी एक इंसान है, और वह भी संगीत का आनंद लेता है। बाल-गीत खुशी का साधन होते हैं और बच्चे के विकास पर गहरा प्रभाव डालते हैं। बाल-गीत से बच्चे का उच्चारण शुद्ध होता है और सामाजिक विकास भी होता है। बच्चों को प्यार, दया, हमदर्दी और अपने मन के गुणों की शिक्षा दी जाती है। बाल-गीत और कहानियाँ बच्चों की आयु के अनुसार होने चाहिए और बाल-गीतों में बताई गई बातें बच्चे के आसपास के वातावरण के अनुसार होनी चाहिए।

बाल-गीत गाकर बच्चा अपने मन के भावों को प्रकट करता है और दूसरों के जीवन को अपने जीवन से मिलाकर अंतर देखने की कोशिश करता है। यह अंतर पहली अवस्था में जल्दी नहीं पता चलता, क्योंकि उस समय बच्चा केवल गीत, कविता और छोटी-छोटी कहानियाँ सुनाने और सुनने में भावुक होता है। बाल-गीत सुनाकर वह बहुत खुशी महसूस करता है, और यह खुशी ही उसका मनोरंजन है। कुछ बाल-गीत नीचे दिए गए हैं:
(1) चंदा मामा दूर के, पूड़े पकाए नूर के,
आप खाए थाली में, मुझे दे प्याली में,
प्याली गई टूट, मुन्ना गया रूठ।
(2) Jonny, Jonny, Yes Papa
Eating Sugar, No Papa,
Open Your Mouth Ha Ha Ha

Exam Tips:

a) दादा-दादी की कहानियाँ बच्चे की स्मरणशक्ति और बुज़ुर्गों से निकटता बढ़ाती हैं।
b) लोरी और बाल-गीत बच्चे को शांत करने और उसका उच्चारण सुधारने में उपयोगी हैं।
c) बाल-गीत आयु के अनुसार और सरल भाषा में होने चाहिए।
d) बाल-गीत बच्चे में प्यार, दया और हमदर्दी जैसे गुण विकसित करते हैं।

 

Question 7 (A): शिशु गीतों का बच्चों के लिए क्या महत्त्व है?

Answer:

शिशु गीत बच्चों की भाषा और उच्चारण को शुद्ध करते हैं। इनसे बच्चों की काल्पनिक शक्ति और लय की समझ बढ़ती है। गीत सुनकर और गाकर बच्चा प्रसन्न होता है, जिससे उसका मनोरंजन होता है। शिशु गीतों से बच्चों में प्यार, दया और हमदर्दी जैसे गुणों की शिक्षा भी मिलती है।

Exam Tips:

a) लय वाले गीत शिशु के उच्चारण और भाषा विकास में सहायक होते हैं।
b) गीतों के साथ शारीरिक क्रियाएँ करने से शिशु का शारीरिक विकास होता है।
c) शिशु गीत सुनाकर बच्चे के मन के भाव प्रकट होने में मदद मिलती है।

 

Question 8: बालकों के जीवन में मनोरंजन का क्या महत्त्व है?

Answer:

मनोरंजन तथा खेल का बालक के जीवन में निम्नलिखित महत्त्व है:
(1) बालक संवेगों का प्रकाशन और नियंत्रण सीखता है।
(2) सहनशीलता, त्याग, सच्चाई तथा सहानुभूति जैसे गुण उत्पन्न होते हैं।
(3) बच्चों में नियम-निष्ठा की भावना आ जाती है।
(4) बच्चा सीखता है कि एक अच्छा खिलाड़ी हार जाने पर भी उत्साहहीन नहीं होता और न ही उसमें द्वेष का भाव आता है।
(5) टेलीविज़न और रेडियो आदि में आने वाले शिक्षाप्रद कार्यक्रम, ऐतिहासिक घटनाएँ तथा बहुत से कार्यक्रम स्वस्थ मनोरंजन के साथ-साथ बालक के नैतिक व मानसिक विकास में सहायक होते हैं।
(6) रेडियो सुनने से भाषा का विकास होता है, भाषा सुधरती है और व्याकरण का ज्ञान बढ़ता है।
(7) संगीत के प्रभाव में बच्चे कई शारीरिक क्रियाएँ करते हैं, जिससे व्यायाम होता है और प्रसन्नता का भाव पैदा होता है।
(8) पुस्तकें पढ़ने से नए-नए शब्दों का ज्ञान होता है और बच्चे की काल्पनिक शक्ति में वृद्धि होती है।

इस प्रकार मनोरंजन के भिन्न-भिन्न साधनों का बच्चे के जीवन में कुछ-न-कुछ प्रभाव अवश्य पड़ता है। परंतु कई बार किसी विशेष प्रकार की मनोरंजन क्रिया को अधिक करने से हानि भी हो सकती है।

Exam Tips:

a) खेल और मनोरंजन से संवेगों पर नियंत्रण की आदत बनती है।
b) स्वस्थ मनोरंजन का चुनाव बच्चे के नैतिक और मानसिक विकास में सहायक होता है।
c) किसी एक मनोरंजन की अति बच्चे के विकास को हानि पहुँचा सकती है।
d) खिलाड़ी की हार को सहजता से स्वीकार करना खेल का महत्त्वपूर्ण मूल्य है।

 

Question 9: बच्चों के जीवन में पुस्तकों का क्या प्रभाव पड़ता है? बाल साहित्य कैसा होना चाहिए?

Answer:

पुस्तकें बच्चों को मनोरंजन, ज्ञानवर्धन और भाषा-विकास का अवसर देती हैं। इनसे बालकों को पढ़ने की प्रेरणा मिलती है, उनकी पढ़ने के प्रति रुचि जागृत होती है, उनकी योग्यता बढ़ती है, उनका ज्ञान बढ़ता है और भाषा का विकास होता है।

बाल साहित्य ऐसा होना चाहिए जिसमें अच्छे मूल्य सिखाने वाली कहानियाँ हों। उसमें रंगदार चित्र और मोटी छपाई हो, तथा पुस्तकें मज़बूत हों। उसमें जंगली जानवरों, पौधों तथा आसपास के लोगों के साथ मिल-जुलकर रहने की शिक्षा हो। छोटी-छोटी शिक्षात्मक कहानियाँ बच्चे की आयु और परिवेश के अनुसार होनी चाहिए।

Exam Tips:

a) पुस्तकों का प्रभाव भाषा, ज्ञान और पढ़ने की रुचि, तीनों पर पड़ता है।
b) बाल साहित्य में अच्छे मूल्य और मिल-जुलकर रहने की शिक्षा होनी चाहिए।
c) रंगीन चित्र और मोटी छपाई छोटे बच्चों के लिए आवश्यक हैं।
d) बच्चों की आयु और परिवेश के अनुसार पुस्तकों का चयन करना चाहिए।

 

Question 9 (A): बच्चों की पुस्तकें कैसी होनी चाहिए?

Answer:

बच्चों की पुस्तकें रंगदार चित्रों और मोटी छपाई वाली होनी चाहिए। इनकी जिल्द और पन्ने मज़बूत होने चाहिए। इनकी कहानियाँ अच्छे मूल्यों को सिखाने वाली होनी चाहिए। बाल-पुस्तकों में जंगली जानवरों, पौधों और आसपास के लोगों के साथ मिल-जुलकर रहने की शिक्षा होनी चाहिए। बच्चों की आयु के अनुसार छोटी-छोटी शिक्षात्मक कहानियों वाली पुस्तकों का चुनाव करना चाहिए।

Exam Tips:

a) रंगीन चित्र छोटे बच्चों की पुस्तकों में विशेष आकर्षण होते हैं।
b) मज़बूत जिल्द और पन्ने पुस्तक को लंबे समय तक उपयोगी बनाते हैं।
c) मूल्य सिखाने वाली कहानियाँ बच्चों के चरित्र को दिशा देती हैं।
d) पुस्तक का चुनाव बच्चों की आयु के अनुसार करना चाहिए।

 

Question 10: बालक के विकास में वातावरण की भूमिका का उल्लेख करें।

Answer:

वातावरण का अर्थ ऐसी बाहरी परिस्थितियों से है जिनका प्रभाव बालक पर गर्भाधान से लेकर मृत्यु तक पड़ता रहता है। वातावरण व्यक्ति की बौद्धिक, आर्थिक, नैतिक, सामाजिक और संवेगात्मक क्षमताओं को प्रभावित करता है।
(1) भौतिक वातावरण: गर्मी, सर्दी, भोजन, घर, स्कूल आदि ऐसे कारक हैं जो व्यक्ति के विकास को प्रभावित करते हैं।
(2) सामाजिक वातावरण: माता-पिता के आपसी संबंध, बच्चे के दोस्त, परिवार के सदस्य, अध्यापक, संबंधी आदि भी विकास को प्रभावित करते हैं।
(3) संवेगात्मक वातावरण: बालक के मित्रों, माता-पिता, अध्यापकों और संबंधियों के साथ संबंधों के कारण बच्चों में संवेगात्मक विकास भी होता है।
(4) बौद्धिक वातावरण: रेडियो, टी.वी., पुस्तकें, खिलौने, स्कूल आदि से बच्चों का बौद्धिक विकास होता है।

Exam Tips:

a) वातावरण का प्रभाव गर्भाधान से मृत्यु तक लगातार बना रहता है।
b) भौतिक, सामाजिक, संवेगात्मक और बौद्धिक वातावरण को अलग-अलग पहचानें।
c) माता-पिता के आपसी संबंध बच्चे के सामाजिक विकास को सीधे प्रभावित करते हैं।
d) रेडियो, टेलीविज़न और पुस्तकें बौद्धिक वातावरण का हिस्सा हैं।

 

एक शब्द/एक वाक्य वाले प्रश्न

(क) निम्न का उत्तर एक शब्द में दें:

Question 1: टेलीविज़न के द्वारा मनोरंजन के साथ-साथ किसका विकास होता है?

Answer:

बौद्धिक विकास।

Exam Tips:

a) शिक्षाप्रद टेलीविज़न कार्यक्रम बौद्धिक विकास में सहायक होते हैं।

 

Question 2: बच्चों में बढ़िया आदतों का निर्माण कौन कर सकता है?

Answer:

माँ-बाप।

Exam Tips:

a) बच्चों की आदतें सबसे पहले परिवार में ही बनती हैं।

 

Question 3: जोन्स के अनुसार कितने मास का बालक चीज़ों को खींच सकता है?

Answer:

21 मास।

Exam Tips:

a) जोन्स के अनुसार 24 मास का बालक खिलौने को खींच और फेंक सकता है।

 

Question 4: बच्चों पर पुस्तकों का एक प्रभाव बताएँ।

Answer:

भाषा का विकास।

Exam Tips:

a) पुस्तकें पढ़ने से नए शब्दों का ज्ञान भी होता है।

 

Question 5: सिनेमा में दिखाई जाने वाली असामाजिक बातों का किस विकास पर विपरीत प्रभाव पड़ता है?

Answer:

नैतिक विकास।

Exam Tips:

a) सिनेमा की हिंसा और असामाजिक बातें बालक के नैतिक विकास पर विपरीत असर डालती हैं।

 

(ख) रिक्त स्थान भरो:

Question 1: विज्ञापन ………….. का परिचय करवाते हैं।

Answer:

सांसारिक वस्तुओं

Exam Tips:

a) विज्ञापन बच्चों को बाज़ार की वस्तुओं और उनकी जानकारी से परिचित कराते हैं।

 

Question 2: खेलों द्वारा शरीर का ………… होता है।

Answer:

व्यायाम

Exam Tips:

a) खेलों से मांसपेशियों और हड्डियों का व्यायाम होता है।

 

Question 3: पुस्तकें पढ़ने से बच्चों में ……….. शब्दों का ज्ञान होता है।

Answer:

नए

Exam Tips:

a) पुस्तकें पढ़ने से बच्चों का शब्द-भंडार बढ़ता है।

 

Question 4: ……………. से भाषा का ज्ञान होता है।

Answer:

रेडियो सुनने से

Exam Tips:

a) रेडियो के कार्यक्रम सुनने से भाषा और व्याकरण का ज्ञान बढ़ता है।

 

(ग) निम्न में ठीक अथवा गलत बताएँ:

Question 1: पुस्तकें पढ़ने से बच्चों में पढ़ने की रुचि नहीं रहती।

Answer:

गलत

Exam Tips:

a) पुस्तकें पढ़ने से बच्चों में पढ़ने की रुचि बढ़ती है।

 

Question 2: बालकों की अभिव्यक्ति केवल लेखन से ही होती है।

Answer:

गलत

Exam Tips:

a) चित्रांकन, संगीत और हस्तकौशल भी अभिव्यक्ति के साधन हैं।

 

Question 3: जो बच्चे परस्पर खेलते हैं, उनमें द्वेष की भावना नहीं रहती।

Answer:

ठीक

Exam Tips:

a) साथ खेलने से बच्चों में सहयोग और मेलजोल बढ़ता है।

 

Question 4: खेलों से चिड़चिड़ापन दूर होता है।

Answer:

ठीक।

Exam Tips:

a) खेल और व्यायाम से बच्चों का तनाव और चिड़चिड़ापन कम होता है।

 

बहु-विकल्पीय प्रश्न

Question 1: बालक के विकास पर घर के बाहर की निम्न बातों का प्रभाव पड़ता है-
(A) पुस्तकें
(B) रेडियो
(C) टेलीविज़न
(D) उपरोक्त सभी।

Answer:

(D) उपरोक्त सभी।

Exam Tips:

a) पुस्तकें, रेडियो और टेलीविज़न, तीनों बालक के विकास पर प्रभाव डालते हैं।

 

Question 2: खेलों का शारीरिक विकास में निम्न महत्त्व है-
(A) बच्चे का व्यायाम होता है
(B) चिड़चिड़ापन कम होता है
(C) सहनशीलता की भावना का विकास होता है
(D) उपरोक्त सभी।

Answer:

(D) उपरोक्त सभी।

Exam Tips:

a) खेल शारीरिक और मानसिक, दोनों प्रकार के विकास में सहायक होते हैं।

 

Question 3: बालक के विकास पर सबसे अधिक प्रभाव किस बात का पड़ता है?
(A) परिवार
(B) रेडियो
(C) चलचित्र
(D) संगीत।

Answer:

(A) परिवार।

Exam Tips:

a) परिवार बच्चे के सबसे प्रारंभिक और निरंतर वातावरण का स्रोत है।

 

Question 4: टेलीविज़न के द्वारा मनोरंजन के साथ-साथ किसका विकास होता है?
(A) शारीरिक विकास
(B) बौद्धिक विकास
(C) मानसिक विकास
(D) उपरिलिखित सभी।

Answer:

(B) बौद्धिक विकास।

Exam Tips:

a) टेलीविज़न के शिक्षाप्रद कार्यक्रम बौद्धिक विकास में सहायक होते हैं।

 

Question 5: सिनेमा में दिखाई जाने वाली असामाजिक बातों का किस विकास पर विपरीत प्रभाव पड़ता है?
(A) नैतिक विकास
(B) शारीरिक विकास
(C) संवेगात्मक विकास
(D) सामाजिक विकास।

Answer:

(A) नैतिक विकास।

Exam Tips:

a) असामाजिक दृश्य बच्चों के नैतिक मूल्यों पर सीधा असर डालते हैं।

 

Question 6: बच्चों में बढ़िया आदतों का निर्माण कौन कर सकता है?
(A) दोस्त
(B) मां-बाप
(C) दादा-दादी
(D) चाचा-चाची।

Answer:

(B) मां-बाप।

Exam Tips:

a) अच्छी आदतें परिवार के सतत उदाहरण और प्रोत्साहन से बनती हैं।

 

Question 7: विज्ञापन ………….. का परिचय करवाते हैं।
(A) चित्रांकन
(B) संगीत
(C) सांसारिक वस्तुओं
(D) ऊपरलिखित सभी।

Answer:

(C) सांसारिक वस्तुओं।

Exam Tips:

a) विज्ञापन उत्पादों और वस्तुओं की जानकारी देकर बच्चों का ज्ञान बढ़ाते हैं।

 

Question 8: बच्चे में झूठ बोलने की आदत कैसे पैदा होती है?
(A) अधिक सख़्ती
(B) अधिक लाड़-प्यार
(C) अधिक सख़्ती और अधिक लाड़-प्यार
(D) कोई भी नहीं।

Answer:

(C) अधिक सख़्ती और अधिक लाड़-प्यार।

Exam Tips:

a) अत्यधिक सख़्ती और अत्यधिक लाड़-प्यार, दोनों ही बच्चे के व्यवहार पर असर डाल सकते हैं।

 

Question 9: रेडियो व टेलीविज़न का बच्चों के लिए क्या उपयोग होता है?
(A) मनोरंजन
(B) बौद्धिक विकास
(C) नैतिक विकास
(D) उपर्युक्त सभी।

Answer:

(D) उपर्युक्त सभी।

Exam Tips:

a) रेडियो और टेलीविज़न मनोरंजन के साथ ज्ञान और मूल्यों का विकास करते हैं।

 

Question 10: तीन साल से छोटे बच्चों की पुस्तकें कैसी होनी चाहिए?
(A) रंग-बिरंगे चित्रों वाली
(B) पढ़ाई से सम्बन्धित
(C) यथार्थ से सम्बन्धित कहानियों वाली
(D) इनमें से कोई भी नहीं।

Answer:

(A) रंग-बिरंगे चित्रों वाली।

Exam Tips:

a) तीन वर्ष से छोटे बच्चे चित्रों और रंगों की ओर अधिक आकर्षित होते हैं।

 

Question 11: बालगीत (राइम) बच्चों के ……. के लिए ज़रूरी है?
(A) भाषा विकास के लिए
(B) मनोरंजन हेतु
(C) बौद्धिक विकास के लिए
(D) उपर्युक्त सभी।

Answer:

(D) उपर्युक्त सभी।

Exam Tips:

a) बालगीत भाषा, मनोरंजन और बौद्धिक विकास, तीनों में सहायक हैं।

 

Question 12: रेडियो तथा टेलीविज़न द्वारा बच्चों के मनोरंजन के साथ-साथ किसका विकास होता है?
(A) भाषा विकास
(B) बौद्धिक विकास
(C) नैतिक विकास
(D) उपर्युक्त सभी।

Answer:

(D) उपर्युक्त सभी।

Exam Tips:

a) रेडियो से भाषा और टेलीविज़न से बौद्धिक व नैतिक विकास होता है।

 

Question 13: बालकों की अभिव्यक्ति के क्या साधन हैं?
(A) चित्रांकन
(B) संगीत
(C) हस्तकौशल
(D) ऊपरलिखित सभी।

Answer:

(D) ऊपरलिखित सभी।

Exam Tips:

a) चित्रांकन, संगीत और हस्तकौशल, तीनों अभिव्यक्ति के प्रमुख साधन हैं।

 

Question 14: टेलीविज़न का बालक के लिए क्या महत्त्व है?
(A) शिक्षाप्रद
(B) ऐतिहासिक रूप से
(C) मनोरंजन
(D) ऊपरलिखित सभी।

Answer:

(D) ऊपरलिखित सभी।

Exam Tips:

a) टेलीविज़न शिक्षा, इतिहास और मनोरंजन, तीनों के लिए उपयोगी माध्यम है।

 

Question 15: रेडियो और टेलीविज़न सुनने से ……….. का विकास होता है।
(A) शरीर
(B) भाषा
(C) गत्यात्मक
(D) संवेगात्मक।

Answer:

(B) भाषा।

Exam Tips:

a) रेडियो सुनने से भाषा और व्याकरण का विकास सबसे अधिक होता है।

 

Haryana Board Solutions for Class 10 Home Science Chapter 02 Influence of External Environment on Development

Official Haryana Board Solutions for Chapter 02 Influence of External Environment on Development

Review comprehensive exercise answers for Class 10 Home Science Chapter 02 Influence of External Environment on Development. Fully updated to match current Haryana Board syllabus guidelines, these textbook solutions help students verify their work and maintain accurate study notes.

Step-by-Step Explanations for Chapter 02 Influence of External Environment on Development

Clear, methodical explanations accompany every challenging problem within the Class 10 Home Science text. Engaging with these detailed answers lays a solid foundation for advanced learning and improves foundational clarity for upcoming assessments.

Next Steps in Your Home Science Revision

Consistent practice with these solution guides cultivates faster problem-solving habits and clearer logical structuring. For a complete preparation experience, pair these textbook answers with our dedicated revision notes and sample papers for Class 10 Home Science.

FAQs

Where can I find the latest HBSE Class 10 Home Science Solutions Chapter 2 विकास पर बाहरी वातावरण का प्रभाव for the 2026-27 session?

The complete and updated HBSE Class 10 Home Science Solutions Chapter 2 विकास पर बाहरी वातावरण का प्रभाव is available for free on StudiesToday.com. These solutions for Class 10 Home Science are as per latest Haryana Board curriculum.

Are the Home Science Haryana Board solutions for Class 10 updated for the new 50% competency-based exam pattern?

Yes, our experts have revised the HBSE Class 10 Home Science Solutions Chapter 2 विकास पर बाहरी वातावरण का प्रभाव as per 2026 exam pattern. All textbook exercises have been solved and have added explanation about how the Home Science concepts are applied in case-study and assertion-reasoning questions.

How do these Class 10 Haryana Board solutions help in scoring 90% plus marks?

Toppers recommend using Haryana Board language because Haryana Board marking schemes are strictly based on textbook definitions. Our HBSE Class 10 Home Science Solutions Chapter 2 विकास पर बाहरी वातावरण का प्रभाव will help students to get full marks in the theory paper.

Do you offer HBSE Class 10 Home Science Solutions Chapter 2 विकास पर बाहरी वातावरण का प्रभाव in multiple languages like Hindi and English?

Yes, we provide bilingual support for Class 10 Home Science. You can access HBSE Class 10 Home Science Solutions Chapter 2 विकास पर बाहरी वातावरण का प्रभाव in both English and Hindi medium.

Is it possible to download the Home Science Haryana Board solutions for Class 10 as a PDF?

Yes, you can download the entire HBSE Class 10 Home Science Solutions Chapter 2 विकास पर बाहरी वातावरण का प्रभाव in printable PDF format for offline study on any device.