HBSE Class 10 Hindi Vyakaran संज्ञा

Solutions for Class 10 Hindi: Noun (Sangya)

Review structured textbook solutions for Class 10 Hindi Noun (Sangya). Built according to Haryana Board guidelines for the 2026-27 academic year, these downloadable answers support daily revision and problem-solving accuracy.

Practice Class 10 Hindi Solutions: Noun (Sangya)

Navigate directly to the solved Hindi textbook exercises using the digital viewer below. Each solution includes detailed step-by-step explanations, allowing students to instantly cross-check their work and identify areas requiring further revision.

Question 1: संज्ञा की परिभाषा देते हुए उसके भेदों के नाम लिखिए।

Answer:

संज्ञा का शाब्दिक अर्थ है-नाम। किसी वस्तु, स्थान, व्यक्ति, प्राणी या भाव के नाम का बोध कराने वाले शब्दों को संज्ञा कहते हैं; जैसे राम, मोहन, हिमालय, गुलाब, लड़का, मनुष्य, गाय, प्रेम आदि।

संज्ञा के तीन भेद हैं:
(1) जातिवाचक
(2) व्यक्तिवाचक
(3) भाववाचक।

Exam Tips:

a) संज्ञा के तीनों भेदों के नाम क्रम से लिखें।
b) 'ऊँचा' जैसे गुण बताने वाले शब्द विशेषण होते हैं, संज्ञा नहीं।
c) परिभाषा में "नाम का बोध कराने वाले शब्द" वाक्यांश अवश्य लिखें।

 

Question 2: जातिवाचक संज्ञा की परिभाषा देते हुए उसके कुछ उदाहरण भी दीजिए।

Answer:

जिन शब्दों से किसी जाति के सभी पदार्थों या प्राणियों का बोध हो, उन्हें जातिवाचक संज्ञा कहते हैं; जैसे पुस्तक, नदी, पर्वत, गाँव, प्रदेश, सेना आदि जातिवाचक संज्ञाएँ हैं।
(i) घोड़ा, गाय, शेर, कोयल, मोर, बैल आदि पशु-पक्षियों के नाम हैं।
(ii) आम, केला, कमल, गुलाब आदि फल-फूलों के नाम हैं।
(iii) पर्वत, नदी, पुस्तक, पेन, घड़ी आदि वस्तुओं के नाम हैं।
(iv) शिक्षक, लेखक, चित्रकार, लोहार आदि व्यावसायिक नाम हैं।
(v) नगर, गाँव, चौराहा आदि स्थानवाचक नाम हैं।
(vi) लड़का, लड़की, नर, नारी आदि मनुष्य जाति के नाम हैं।

Exam Tips:

a) 'जाति' शब्द का अर्थ एक ही प्रकार के सभी पदार्थों या प्राणियों से है, यह परिभाषा में लिखें।
b) 'गाँव' और 'नदी' जैसे उदाहरण सामान्य नाम होने से जातिवाचक हैं।
c) उदाहरण को छह वर्गों में बाँटकर लिखने से उत्तर व्यवस्थित दिखता है।

 

Question 3: व्यक्तिवाचक संज्ञा किसे कहते हैं? उदाहरण सहित व्याख्या कीजिए।

Answer:

जिन शब्दों से किसी व्यक्ति, स्थान, वस्तु आदि के विशेष नाम का ज्ञान हो, उन्हें व्यक्तिवाचक संज्ञा कहते हैं; जैसे राम, मोहन, भारत, करनाल, हिमालय, यमुना आदि।
(i) रमेश, सीता, मोहन, सुमन आदि व्यक्तियों के नाम हैं।
(ii) भारत, श्रीलंका, करनाल आदि स्थानों के नाम हैं।
(iii) हिमालय, कैलाश आदि पर्वतों के नाम हैं।
(iv) गंगा, यमुना, सरस्वती, हिंद महासागर आदि नदियों और समुद्रों के नाम हैं।
(v) पद्मावत, रामचरितमानस, साकेत, कामायनी आदि पुस्तकों के नाम हैं।

Exam Tips:

a) व्यक्तिवाचक संज्ञा हमेशा किसी विशेष व्यक्ति या स्थान का नाम होती है, यह स्पष्ट लिखें।
b) 'हिंद महासागर' जैसे नाम भी व्यक्तिवाचक संज्ञा में आते हैं।
c) पुस्तकों के नाम व्यक्तिवाचक संज्ञा में गिने जाते हैं, इसे उदाहरण में अवश्य दें।

 

Question 4: भाववाचक संज्ञा की सोदाहरण परिभाषा दीजिए।

Answer:

जिन शब्दों से व्यक्ति या वस्तु के धर्म, गुण, भाव, दशा आदि का बोध होता हो, उन्हें भाववाचक संज्ञा कहते हैं; जैसे मधुरता, वीरता, बचपन आदि।
(i) मित्रता, सज्जनता, शत्रुता आदि गुण-दोष हैं।
(ii) आनंद, क्रोध, श्रद्धा, भक्ति आदि भाव हैं।
(iii) बचपन, यौवन, बुढ़ापा आदि दशाएँ हैं।

Exam Tips:

a) भाववाचक संज्ञा को छुआ या देखा नहीं जा सकता, यह परिभाषा में स्पष्ट करें।
b) 'मधुरता' और 'वीरता' जैसे उदाहरण गुण से बने हैं, इन्हें पहचानें।
c) दशा और भाव के उदाहरण अलग-अलग वर्गों में लिखें।

 

Question 5: संज्ञा के द्रव्यवाचक एवं समूहवाचक अन्य दो भेदों की उदाहरण सहित परिभाषा दीजिए।

Answer:

1. द्रव्यवाचक: जिन शब्दों से किसी धातु अथवा द्रव्य का बोध हो, उन्हें द्रव्यवाचक संज्ञा कहते हैं; जैसे सोना, चाँदी, लोहा, दूध, तेल, पानी आदि।
2. समूहवाचक: जिन शब्दों से व्यक्तियों, वस्तुओं या प्राणियों के समूह अथवा समुदाय का ज्ञान हो, उन्हें समूहवाचक संज्ञा कहते हैं; जैसे कक्षा, सेना, संघ, झुंड आदि।

Exam Tips:

a) द्रव्यवाचक संज्ञा का उदाहरण धातु या तरल पदार्थ से दें।
b) समूहवाचक में 'सेना' या 'संघ' जैसे शब्द समूह का बोध कराते हैं, यह लिखें।
c) दोनों भेदों की परिभाषा अलग-अलग पैराग्राफ में लिखें।

 

Question 6: व्यक्तिवाचक संज्ञा जातिवाचक संज्ञा के रूप में कब और कैसे प्रयुक्त होती है?

Answer:

जब अपने विशेष गुणों या अवगुणों के कारण कोई व्यक्तिवाचक संज्ञा अनेक व्यक्तियों का बोध कराने लगे, तब वह जातिवाचक संज्ञा बन जाती है; जैसे:
देश में आज भी जयचंदों और विभीषणों की कमी नहीं है।
इस वाक्य में 'जयचंद' और 'विभीषण' व्यक्तिवाचक संज्ञाएँ नहीं हैं। यहाँ 'जयचंद' का अर्थ है 'देशद्रोही लोग' और 'विभीषण' का अर्थ है 'घर के भेदी'। अतः ये शब्द जातिवाचक हो गए हैं।
कुछ अन्य उदाहरण:
(क) उसकी बात विश्वास करने योग्य है, वह बिल्कुल भीष्म पितामह है।
(ख) कलियुग में हरिश्चंद्र कहाँ मिलते हैं?
(ग) हमें आज जयचंदों पर कड़ी नज़र रखनी होगी।

Exam Tips:

a) 'जयचंद' का अर्थ 'देशद्रोही' और 'विभीषण' का अर्थ 'घर का भेदी' है, यह लिखें।
b) व्यक्तिवाचक संज्ञा जातिवाचक बनने पर बहुवचन रूप (जैसे 'जयचंदों') ले सकती है।
c) 'हरिश्चंद्र' का प्रयोग सत्यवादी के गुण के अर्थ में होने पर जातिवाचक माना जाता है।

 

Question 7: जातिवाचक संज्ञा व्यक्तिवाचक संज्ञा के रूप में कैसे प्रयोग होती है? उदाहरण देकर समझाइए।

Answer:

जब कोई जातिवाचक संज्ञा किसी व्यक्ति विशेष के लिए प्रयुक्त हो, तब वह जातिवाचक होते हुए भी व्यक्तिवाचक संज्ञा बन जाती है; जैसे:
(i) भारत गांधी का देश है।
(ii) नेहरू भारत के प्रथम प्रधानमंत्री थे।
उपर्युक्त वाक्यों में 'गांधी' और 'नेहरू' व्यक्ति विशेष की ओर संकेत कर रहे हैं। इसलिए ये जातिवाचक होते हुए भी व्यक्तिवाचक संज्ञाएँ हैं।

Exam Tips:

a) जातिवाचक संज्ञा का व्यक्तिवाचक रूप तभी बनता है जब वह एक विशेष व्यक्ति की ओर संकेत करे।
b) 'भारत गांधी का देश है' जैसे वाक्य में 'गांधी' के उदाहरण को ध्यान से समझें।
c) दोनों रूपों का अंतर वाक्य के संदर्भ से पहचाना जाता है।

 

Question 8: भाववाचक संज्ञाएँ किस प्रकार के शब्दों से और कैसे बनती हैं?

Answer:

भाववाचक संज्ञाएँ अमूर्त एवं मानसिक संकल्पनाएँ होती हैं। ये नीचे दिए गए शब्दों से बनती हैं:
1. जातिवाचक संज्ञाओं से, जैसे: मित्र से मित्रता; बच्चा से बचपन; बूढ़ा से बुढ़ापा।
2. विशेषण से, जैसे: सुंदर से सुंदरता; चतुर से चतुराई; अच्छा से अच्छाई।
3. सर्वनाम से, जैसे: अपना से अपनापन; अहं से अहंकार; मम से ममता; स्व से स्वत्व।
4. क्रिया से, जैसे: पढ़ना से पढ़ाई; लिखना से लिखाई; सजना से सजावट; चलना से चाल।
5. अन्य शब्दों से, जैसे: मना से मनाही; निकट से निकटता।

कुछ शब्दों से बनी भाववाचक संज्ञाएँ इस प्रकार हैं:
अस्ति से अस्तित्व; अच्छा से अच्छाई; अहं से अहंकार; अनुकूल से अनुकूलता; आत्मा से आत्मीयता; अज्ञ से अज्ञता; अपना से अपनापन; अधिक से अधिकता; कुमार से कौमार्य; कुशल से कुशलता।

Exam Tips:

a) 'ममता' और 'ममत्व' को सर्वनाम 'मम' से बनी भाववाचक संज्ञा के रूप में पहचानें।
b) विशेषण से बनने वाले शब्दों में प्रायः '-ता', '-ई' या '-आई' प्रत्यय लगते हैं।
c) 'अधिकता' और 'कुशलता' जैसे शब्द विशेषण से बने हैं, यह याद रखें।
d) क्रिया से बनने वाली भाववाचक संज्ञाओं में क्रिया के मूल रूप से प्रत्यय हटाकर शब्द बनाएँ, जैसे 'पढ़ना' से 'पढ़ाई'।

 

Question 9: रूप-रचना किसे कहते हैं तथा रूप-परिवर्तन कैसे होता है?

Answer:

निम्नलिखित वाक्यों को ध्यान से पढ़िए:
लड़का जा रहा है। ('लड़का' मूल शब्द)
तीन लड़का जा रहा है। (अशुद्ध वाक्य)
तीन लड़के जा रहे हैं। (शुद्ध वाक्य, 'लड़का' का बहुवचन रूप।)
उस लड़का ने पुस्तक देखी। (अशुद्ध वाक्य)
उस लड़के ने पुस्तक देखी। (शुद्ध वाक्य)
'लड़का' परसर्ग के साथ आने वाला रूप। सभी लड़का को परिश्रम से पढ़ना चाहिए। (अशुद्ध वाक्य)
सभी लड़कों को परिश्रम से पढ़ना चाहिए। (शुद्ध वाक्य, 'लड़का' का बहुवचन परसर्ग के साथ आने वाला रूप।)

उपर्युक्त वाक्यों से स्पष्ट है कि संज्ञा शब्द कभी अपने मूल रूप में प्रयुक्त होता है और कभी परिवर्तित रूप में। ये परिवर्तन रूप-रचना के अंतर्गत आते हैं। रूप-रचना में बताया जाता है कि शब्द कहाँ अपने मूल रूप में आता है और कहाँ परिवर्तित रूप में, तथा शब्द के रूप में परिवर्तन कैसे होता है।

Exam Tips:

a) 'तीन लड़के जा रहे हैं' में वचन के अनुसार क्रिया भी बदलती है, इसे दिखाएँ।
b) परसर्ग के साथ संज्ञा का बहुवचन 'लड़कों' जैसा रूप लेता है।
c) मूल रूप और परिवर्तित रूप अलग-अलग पंक्तियों में लिखकर उदाहरण दें।

 

Question 10: संज्ञा के कितने रूपावली वर्ग होते हैं?

Answer:

संज्ञा के चार रूपावली वर्ग होते हैं:
(1) पुल्लिंग आकारांत: लड़का, बच्चा, कमरा, खिलौना आदि।
(2) पुल्लिंग आकारांत से भिन्न: घर, मुनि, माली, गुरु, चाक, चौबे, जौ आदि।
(3) स्त्रीलिंग इ/ईकारांत तथा इया प्रत्ययांत: विधि, रीति, नदी, कोठरी, बेटी, बुढ़िया आदि।
(4) स्त्रीलिंग इ/ईकारांत आदि से भिन्न: माता, बहन, वस्तु, बहू, बालू, गौ आदि।

Exam Tips:

a) पुल्लिंग के वर्गों में अकारांत और उससे भिन्न शब्दों को अलग रखें।
b) 'बुढ़िया' जैसे शब्द 'इया' प्रत्ययांत स्त्रीलिंग में आते हैं।

 

Question 11: वचन किसे कहते हैं? हिंदी में वचन कितने प्रकार के होते हैं? उदाहरण सहित उत्तर दीजिए।

Answer:

संज्ञा अथवा अन्य विकारी शब्दों के जिस रूप से संख्या का बोध हो, उसे वचन कहते हैं; जैसे लड़का, पुस्तकें आदि। हिंदी में वचन दो प्रकार के माने गए हैं:
1. एकवचन: शब्द के जिस रूप से एक वस्तु या एक व्यक्ति का बोध हो, उसे एकवचन कहते हैं; जैसे लड़का, घोड़ा, नदी, वृक्ष, पक्षी आदि।
2. बहुवचन: शब्द के जिस रूप से एक से अधिक वस्तुओं या व्यक्तियों का बोध हो, उसे बहुवचन कहते हैं; जैसे लड़के, घोड़े, नदियाँ, स्त्रियाँ आदि।

Exam Tips:

a) हिंदी में वचन दो ही प्रकार के होते हैं, एकवचन और बहुवचन।
b) 'नदी' एकवचन और 'नदियाँ' बहुवचन का सबसे सरल उदाहरण है।
c) परिभाषा में 'संख्या का बोध' वाक्यांश अवश्य लिखें।

 

Question 12: उदाहरण देकर एकवचन और बहुवचन का अंतर बताइए।

Answer:

जिन शब्दों से किसी वस्तु के एक होने का पता चले, उसे एकवचन कहते हैं; और जिन शब्दों से वस्तु के एक से अधिक होने का पता चले, उन्हें बहुवचन कहते हैं। जैसे पुस्तक, मेज़, लड़का एकवचन के उदाहरण हैं। इसी प्रकार पुस्तकें, मेजें, लड़के आदि बहुवचन शब्द हैं।

Exam Tips:

a) एकवचन और बहुवचन का अंतर संख्या के आधार पर लिखें।
b) 'पुस्तक' और 'पुस्तकें' का जोड़ा उदाहरण में अवश्य दें।
c) 'मेज़' और 'मेजें' जैसे शब्दों में नुक़्ते का प्रयोग सही रखें।

 

Question 13: गणनीय एवं अगणनीय संज्ञाओं का अंतर स्पष्ट कीजिए।

Answer:

गणनीय संज्ञाएँ वे होती हैं जिन्हें गिना जा सके; जैसे लड़का, पेन, पुस्तक, गिलास, वृक्ष, आदमी आदि।
अगणनीय संज्ञाएँ वे होती हैं जिन्हें गिना न जा सके, केवल तोला या नापा जा सके; जैसे आटा, दूध, पानी, तेल आदि।

Exam Tips:

a) गणनीय संज्ञा को गिना जाता है, जबकि अगणनीय को तोला या नापा जाता है।
b) 'आटा' और 'दूध' जैसे शब्द अगणनीय हैं, क्योंकि इन्हें गिनती में नहीं बाँधा जा सकता।
c) दोनों भेदों के उदाहरण अलग-अलग पंक्तियों में लिखें।

 

Question 14: हिंदी भाषा में वचन-प्रयोग संबंधी सामान्य नियमों का उदाहरण सहित वर्णन कीजिए।

Answer:

हिंदी भाषा में एक वस्तु या व्यक्ति के लिए एकवचन तथा एक से अधिक वस्तुओं और व्यक्तियों के लिए बहुवचन का प्रयोग किया जाता है। इनके अतिरिक्त कुछ नियम भी वचन-प्रयोग में लागू होते हैं:
(क) सम्मान व्यक्त करने के लिए एकवचन को बहुवचन में प्रयुक्त किया जाता है; जैसे:
(i) पिता जी दिल्ली गए हैं।
(ii) गुरु जी कक्षा में हैं।
(iii) मंत्री जी मंच पर पधार चुके हैं।
(iv) श्रीकृष्ण हिंदुओं के अवतार हैं। यहाँ एकवचन का प्रयोग बहुवचन में हुआ है। इसे आदरार्थक बहुवचन कहते हैं।
(ख) हिंदी में हस्ताक्षर, प्राण, दर्शन, होश आदि का बहुवचन में प्रयोग होता है; जैसे:
(i) तुम्हारे हस्ताक्षर बहुत सुंदर हैं।
(ii) तुम्हारे प्राण बच गए, यही गनीमत है।
(iii) आपके तो दर्शन भी दुर्लभ हो गए हैं।
(iv) आज का समाचार सुनकर उसके होश उड़ गए।
(ग) गण, लोग, जन, समूह, वृंद आदि शब्दों के साथ एकवचन शब्द भी बहुवचन में प्रयुक्त होते हैं; जैसे:
(i) आज मज़दूर लोग हड़ताल पर हैं।
(ii) अध्यापक-वृंद परीक्षाओं में व्यस्त हैं।
(iii) अपार जन-समूह दिखाई दे रहा है।
(iv) कृषक-वृंद हल चला रहे हैं।
(v) छात्रगण आजकल अनुशासनहीनता पर उतर आए हैं।
(घ) जाति, सेना, दल शब्दों के साथ एकवचन का बहुवचन में प्रयोग होता है:
(i) नारी जाति प्रगति-पथ पर अग्रसर है।
(ii) छात्र-सेना हड़ताल पर है।
(iii) सेवा-दल रोगियों की सेवा कर रहा है।
(ङ) व्यक्तिवाचक एवं भाववाचक संज्ञाएँ सदा एकवचन में रहती हैं; जैसे:
(i) राम खेल रहा है।
(ii) सत्य की सदा जीत होती है।
(iii) उसने झूठ नहीं बोला।
(iv) प्रेम सदा अमर रहता है।
(च) कुछ शब्द सदा एकवचन में ही रहते हैं; जैसे जनता, वर्षा, आग:
(i) आग कितनी तेज़ जल रही है।
(ii) जनता सदा पिसती रहती है।
(iii) कितनी अच्छी वर्षा हो रही है।
(छ) कभी-कभी जातिवाचक संज्ञा अपनी सारी जाति का बोध कराती है, फिर भी अधिक संख्या, परिमाण या गुण बताने के लिए एकवचन में प्रयुक्त होती है; जैसे:
(i) आज का मानव स्वार्थी हो गया है।
(ii) कुत्ता स्वामिभक्त होता है।
(iii) मथुरा का पेड़ा विश्व भर में प्रसिद्ध है।
(iv) उसने जुए में बहुत रुपया लुटाया है।
(v) बाज़ार में अंगूर सस्ता बिक रहा है।

Exam Tips:

a) 'पिता जी' और 'गुरु जी' जैसे आदरार्थक बहुवचन के उदाहरण अवश्य दें।
b) 'हस्ताक्षर', 'प्राण', 'दर्शन' और 'होश' सदा बहुवचन में प्रयोग होने वाले शब्दों के रूप में लिखें।
c) 'जनता', 'वर्षा' और 'आग' सदा एकवचन में रहते हैं, यह नियम उदाहरण सहित समझाएँ।
d) 'जाति', 'सेना' और 'दल' के साथ एकवचन शब्द के बहुवचन प्रयोग का उदाहरण दें।

 

Question 15: वाक्य-रचना पर वचन-परिवर्तन या वचन का क्या प्रभाव पड़ता है? उदाहरण सहित उत्तर दीजिए।

Answer:

वचन-परिवर्तन के कारण वाक्य के विभिन्न अंगों में भी परिवर्तन होता है। वचन परिवर्तन विशेषण, क्रिया और क्रियाविशेषण को प्रभावित करता है; जैसे:
1. बालक ने अच्छा गीत गाया। (एकवचन)
बालकों ने अच्छे गीत गाए। (बहुवचन)
लड़की पुस्तक पढ़ रही है। (एकवचन)
लड़कियाँ पुस्तकें पढ़ रही हैं। (बहुवचन)
2. बच्चा चलता-चलता गिर पड़ा। (एकवचन)
बच्चे चलते-चलते गिर पड़े। (बहुवचन)

Exam Tips:

a) 'अच्छा' विशेषण बहुवचन में 'अच्छे' हो जाता है, इसे उदाहरण में दिखाएँ।
b) क्रिया 'गाया' बहुवचन में 'गाए' होती है, इस परिवर्तन को पहचानें।
c) 'चलता-चलता' क्रियाविशेषण बहुवचन में 'चलते-चलते' हो जाता है।

 

Question 16: लिंग किसे कहते हैं? उदाहरण सहित उत्तर दीजिए।

Answer:

जिस संज्ञा शब्द से किसी पुरुष जाति या स्त्री जाति का पता चले, उसे लिंग कहते हैं; अर्थात जिन चिह्नों से शब्दों के स्त्रीवाचक या पुरुषवाचक होने का पता चले, उन्हें लिंग कहते हैं; जैसे 'छात्र' पुल्लिंग तथा 'छात्रा' स्त्रीलिंग है।

Exam Tips:

a) 'छात्र' और 'छात्रा' का जोड़ा उदाहरण में अवश्य दें।
b) लिंग का अर्थ पहचान-चिह्न है, यह परिभाषा में लिखें।

 

Question 17: हिंदी में लिंग कितने प्रकार के होते हैं? उदाहरण देकर समझाइए।

Answer:

हिंदी में मुख्यतः दो प्रकार के लिंग माने जाते हैं:
1. पुल्लिंग
2. स्त्रीलिंग

1. पुल्लिंग: जिन संज्ञा शब्दों से पुरुष जाति का बोध हो, उन्हें पुल्लिंग कहते हैं; जैसे बेटा, हाथी, कुत्ता आदि।
2. स्त्रीलिंग: जिन संज्ञा शब्दों से स्त्री जाति का बोध हो, उन्हें स्त्रीलिंग कहते हैं; जैसे लड़की, रानी, कुतिया, बकरी आदि।

Exam Tips:

a) 'हाथी' और 'कुत्ता' पुल्लिंग के उदाहरण हैं, उन्हें अलग से लिखें।
b) 'रानी' और 'बकरी' स्त्रीलिंग के उदाहरण हैं, इन्हें पुल्लिंग से अलग पहचानें।

 

Question 18: हिंदी में लिंग संबंधी युग्म शब्दों से क्या अभिप्राय है? उदाहरण सहित स्पष्ट कीजिए।

Answer:

हिंदी में पुल्लिंग तथा उनके स्त्रीलिंग रूपों के लिए अलग-अलग शब्द प्रचलित हैं, उन्हें युग्म शब्द कहते हैं; जैसे:
माता-पिता, विद्वान्-विदुषी, पुरुष-स्त्री, सम्राट्-साम्राज्ञी, गाय-बैल, विधुर-विधवा, राजा-रानी, वर-वधू।

Exam Tips:

a) 'विद्वान्-विदुषी' जैसे युग्मों में दोनों शब्द अलग-अलग लिखें।
b) 'विधुर-विधवा' और 'वर-वधू' जैसे शब्द युग्म में गिने जाते हैं।

 

Question 19: संस्कृत में प्रचलित लिंग से हिंदी में पाई जाने वाली भिन्नता को व्यक्त कीजिए।

Answer:

कुछ संस्कृत शब्दों के प्रचलित लिंग की हिंदी में भिन्नता पाई जाती है; जैसे संस्कृत में 'आत्मा' और 'महिमा' पुल्लिंग माने जाते हैं, किंतु हिंदी में ये स्त्रीलिंग के रूप में स्वीकार किए गए हैं। 'अग्नि' शब्द भी ऐसा ही है।

लिंग परिवर्तन संबंधी नियम:

(क) अकारांत तत्सम शब्दों के 'अ' को 'आ' करने से पुल्लिंग से स्त्रीलिंग बनता है; जैसे सुत – सुता, प्रिय – प्रिया, छात्र – छात्रा, शिष्य – शिष्या, पूज्य – पूज्या, बाल – बाला, तनुज – तनुजा, कांत – कांता, आचार्य – आचार्या, मूर्ख – मूर्खा।

(ख) अकारांत शब्दों के अंतिम 'अ' या 'आ' को 'ई' करने से; जैसे देव – देवी, मृग – मृगी, पहाड़ – पहाड़ी, कबूतर – कबूतरी, दास – दासी, सुअर – सुअरी, पुत्र – पुत्री, चाचा – चाची, साला – साली, लड़का – लड़की, घोड़ा – घोड़ी, मामा – मामी, बेटा – बेटी, गधा – गधी, भतीजा – भतीजी, बंदर – बंदरी, बकरा – बकरी, भाँजा – भाँजी।

(ग) परिवर्तन के बिना शब्दों के अंत में 'नी' प्रत्यय लगाने से; जैसे सिंह – सिंहनी, भील – भीलनी, ऊँट – ऊँटनी, मज़दूर – मज़दूरनी, जाट – जाटनी, सियार – सियारनी, शेर – शेरनी, मोर – मोरनी, राजपूत – राजपूतनी।

(घ) परिवर्तन के बिना शब्दों के अंत में 'आनी' प्रत्यय जोड़ने से; जैसे देवर – देवरानी, भव – भवानी, नौकर – नौकरानी, सेठ – सेठानी, मेहतर – मेहतरानी, चौधरी – चौधरानी, रुद्र – रुद्राणी, क्षत्रिय – क्षत्राणी, इन्द्र – इन्द्राणी, जेठ – जेठानी।

(ङ) अंतिम स्वर में कुछ परिवर्तन करके 'इन' प्रत्यय लगाने से; जैसे नाई – नाइन, कुम्हार – कुम्हारिन, तेली – तेलिन, पड़ोसी – पड़ोसिन, ठठेरा – ठठेरिन, धोबी – धोबिन, दर्जी – दर्जिन, माली – मालिन, भक्त – भक्तिन, जुलाहा – जुलाहिन, ग्वाला – ग्वालिन, कहार – कहारिन, चमार – चमारिन, भंगी – भंगिन, नाती – नातिन, दूल्हा – दूल्हिन, पापी – पापिन।

(च) अंतिम स्वर के स्थान पर 'आइन' प्रत्यय लगाकर और अन्य स्वरों में कुछ परिवर्तन करके; जैसे लाला – ललाइन, ठाकुर – ठकुराइन, चौबे – चौबाइन, गुरु – गुरुआइन, मिसिर – मिसराइन, बाबू – बबुआइन, चौधरी – चौधराइन।

(छ) अंतिम 'अ' या 'आ' को 'इया' बनाकर; जैसे बंदर – बंदरिया, बूढ़ा – बुढ़िया, कुत्ता – कुतिया, डिब्बा – डिबिया।

(ज) शब्दों के अंतिम 'अक' को 'इका' बनाकर; जैसे पाठक – पाठिका, लेखक – लेखिका, गायक – गायिका, बालक – बालिका, अध्यापक – अध्यापिका, उपदेशक – उपदेशिका, सेवक – सेविका, पाचक – पाचिका, निरीक्षक – निरीक्षिका, नायक – नायिका।

(झ) अंतिम 'वान' और 'मान' के स्थान पर 'वती' और 'मती' लगाकर; जैसे गुणवान – गुणवती, बुद्धिमान – बुद्धिमती।

(ञ) कुछ पुल्लिंग शब्दों के स्त्रीलिंग विशेष रूप बन जाते हैं; जैसे राजा – रानी, पति – पत्नी।

Exam Tips:

a) 'छात्र' से 'छात्रा' बनाने के लिए अंतिम 'अ' को 'आ' करें, यह नियम अकारांत तत्सम शब्दों पर लागू होता है।
b) 'तेली' और 'तेलिन' जैसे शब्दों में 'इन' प्रत्यय की पहचान करें।
c) 'वान' को 'वती' और 'मान' को 'मती' में बदलना सबसे आम गलती है, इसे ध्यान रखें।
d) 'इया' प्रत्ययांत स्त्रीलिंग जैसे 'बुढ़िया' को बहुवचन में 'बुढ़ियाँ' लिखें।

 

Question 20: लिंग-परिवर्तन के कारण हिंदी में होने वाले परिवर्तनों का उल्लेख कीजिए।

Answer:

लिंग-परिवर्तन के कारण हिंदी भाषा में दो स्तरों पर परिवर्तन देखा जा सकता है:
1. शब्द स्तर पर।
2. वाक्य स्तर पर।

शब्द स्तर पर होने वाले परिवर्तन का वर्णन पहले किया जा चुका है। वाक्य स्तर पर होने वाले परिवर्तन निम्नलिखित हैं:
(i) अच्छा गायक अच्छा गीत गाता है।
अच्छी गायिका अच्छा गीत गाती है।
(ii) तुम्हारा लड़का पढ़ता-पढ़ता सो गया।
तुम्हारी लड़की पढ़ती-पढ़ती सो गई।
(iii) मेरा पुत्र विद्यालय जाता है।
मेरी पुत्री विद्यालय जाती है।

उपर्युक्त वाक्यों से स्पष्ट है कि लिंग-परिवर्तन के कारण वाक्यों की क्रिया, विशेषण, क्रियाविशेषण तथा संबंध कारकीय प्रयोगों में परिवर्तन आ जाता है।

Exam Tips:

a) 'अच्छा' विशेषण स्त्रीलिंग में 'अच्छी' हो जाता है, इसे उदाहरण में दिखाएँ।
b) 'सो गया' के स्थान पर स्त्रीलिंग में 'सो गई' लिखा जाता है।
c) 'पुत्र' और 'पुत्री' के वाक्य में क्रिया का रूप भी बदलता है।

 

Question 21: निम्नलिखित वाक्यों में रेखांकित शब्दों के लिंग तथा वचन बताएँ।
1. मेरे पास एक पुस्तक है।
2. अध्यापक विद्यार्थियों को पढ़ा रहा है।
3. बालिका ने भिखारी को रोटी दी।
4. बाज़ार में फूल नहीं मिलते।
5. खेत में किसान हल चलाता है।

Answer:

1. पुस्तक: स्त्रीलिंग, एकवचन।
2. अध्यापक: पुल्लिंग, एकवचन।
विद्यार्थियों: पुल्लिंग, बहुवचन।
3. बालिका: स्त्रीलिंग, एकवचन।
रोटी: स्त्रीलिंग, एकवचन।
4. फूल: पुल्लिंग, बहुवचन।
5. किसान: पुल्लिंग, एकवचन।

Exam Tips:

a) क्रिया "मिलते" जैसे बहुवचन रूप से संज्ञा का वचन पहचानें।
b) "पुस्तक" और "रोटी" स्त्रीलिंग हैं, इसलिए उनके साथ "एक" का प्रयोग होता है।
c) 'विद्यार्थियों' बहुवचन का रूप है, जबकि 'विद्यार्थी' एकवचन है।

 

Question 22: कारक की परिभाषा देते हुए उसके रूपों का वर्णन कीजिए।

Answer:

'कारक' शब्द का अर्थ है क्रिया को करने वाला, अर्थात क्रिया को पूरा करने में किसी-न-किसी भूमिका को निभाने वाला।

परिभाषा: संज्ञा या सर्वनाम के जिस रूप से उसके संबंध का वाक्य के दूसरे शब्दों से पता चले, उसको कारक कहते हैं। यह संबंध-ज्ञान कभी अलग शब्द के रूप में या चिह्नों के रूप में होता है, और कभी मूल शब्द में घुला-मिला रहता है। कभी मूल शब्द में केवल कुछ विकार हो जाता है, तथा परसर्ग के रूप में भी जुड़ा रहता है।

कारकों का रूप प्रकट करने के लिए उनके साथ जो शब्द-चिह्न लगे रहते हैं, उन्हें विभक्ति कहते हैं। इन कारक-चिह्नों को परसर्ग भी कहते हैं।

कारक सहित शब्द के दो रूप होते हैं: मूल रूप और विकारी रूप। इन दोनों रूपों में कभी विभक्ति का प्रयोग होता है और कभी नहीं होता; जैसे:
1. मोहन पुस्तक पढ़ता है। (मोहन कर्ता, पुस्तक कर्म; दोनों विकार-रहित)
2. मोहन ने पुस्तक को फेंक दिया। (मोहन कर्ता, पुस्तक कर्म; दोनों के साथ परसर्ग 'ने' और 'को')
3. बालकों से पुस्तक ले लो। (बालक कर्ता में विकार और परसर्ग दोनों, परंतु पुस्तक विकार-रहित)

Exam Tips:

a) परिभाषा में "संज्ञा या सर्वनाम" और "संबंध" शब्द अवश्य लिखें।
b) विभक्ति और परसर्ग को एक ही चिह्न के दो नाम समझकर लिखें।
c) मूल और विकारी रूप के उदाहरण अलग-अलग पंक्तियों में दें।
d) 'मोहन ने पुस्तक को फेंक दिया' जैसे वाक्य में 'ने' और 'को' परसर्ग हैं, इन्हें उदाहरण में दिखाएँ।

 

Question 23: हिंदी कारकों के कितने भेद होते हैं? उदाहरण सहित स्पष्ट कीजिए।

Answer:

हिंदी में कारकों के आठ भेद माने जाते हैं:
(i) कर्ता: क्रिया को करने वाला।
(ii) कर्म: जिस पर क्रिया का प्रभाव या फल पड़े।
(iii) करण: जिस साधन से क्रिया संपन्न हो।
(iv) संप्रदान: जिसके लिए क्रिया की जाए।
(v) अपादान: जिससे अलगाव हो।
(vi) अधिकरण: क्रिया के संचालन का आधार।
(vii) संबंध: क्रिया का अन्य पदों से संबंध सूचित करने वाला।
(viii) संबोधन: जिससे संज्ञा को पुकारा जाए।

Exam Tips:

a) आठों कारकों के नाम क्रम से लिखें और हर एक की परिभाषा एक पंक्ति में दें।
b) 'कर्ता' और 'कर्म' का अंतर क्रिया के करने वाले और क्रिया के फल पाने वाले के आधार पर समझाएँ।
c) 'अपादान' का अर्थ अलग होना है, इसलिए उसका उदाहरण 'से' के साथ दें।

 

Question 24: हिंदी में प्रयुक्त होने वाले कारकों के चिह्नों या विभक्तियों का उल्लेख कीजिए।

Answer:

हिंदी में आठ कारक हैं। इनके नाम और चिह्न नीचे दिए गए हैं:

कारकविभक्ति चिह्न या परसर्ग
1. कर्ताने अथवा कुछ नहीं
2. कर्मको अथवा कुछ नहीं
3. करणसे, के द्वारा, के साथ (साधन)
4. संप्रदानको, के लिए
5. अपादानसे (पार्थक्य)
6. संबंधका, के, की (रा, रे, री या ना, ने, नी)
7. अधिकरणमें, पर
8. संबोधनहे, रे, अरे, री, अरी, ओ (संबोधन शब्द से पूर्व जुड़ता है)

नोट: ये परसर्ग संज्ञा शब्दों से अलग लिखे जाते हैं, लेकिन सर्वनामों के साथ जुड़कर आते हैं; जैसे 'तुमको', 'उसने', 'आपकी'। राम ने रावण को बाण से मारा।

Exam Tips:

a) संज्ञा में परसर्ग अलग लिखे जाते हैं, जबकि सर्वनाम में वे साथ जुड़ते हैं।
b) 'के लिए' और 'को' दोनों संप्रदान के चिह्न हैं, इन्हें अलग-अलग उदाहरण में दिखाएँ।
c) संबोधन के चिह्न 'हे', 'अरे', 'ओ' शब्द से पहले लगते हैं।

 

Question 25: हिंदी के सभी कारकों का सोदाहरण परिचय दीजिए।

Answer:

1. कर्ता कारक: क्रिया करने वाले को कर्ता कारक कहते हैं। इसका परसर्ग 'ने' है, जिसका प्रयोग सकर्मक धातुओं के साथ भूतकाल में होता है। वर्तमान और भविष्यत काल में इस परसर्ग का प्रयोग नहीं होता:
मोहन पत्र लिखता है। (वर्तमान काल)
मोहन पत्र लिखेगा। (भविष्यत काल)
मोहन ने पत्र लिखा। (भूतकाल)
इन तीनों वाक्यों में लिखने की क्रिया करने वाला मोहन है, अतः मोहन ही कर्ता है।
कर्ता की मूल विभक्ति 'ने' है, फिर भी कभी-कभी अन्य विभक्तियों के साथ भी कर्ता का बोध होता है; जैसे:
अब मोहन को सो जाना चाहिए।
कृष्णा को आज दिल्ली जाना होगा।
यात्री को आज हरिद्वार पहुँचना है।
यहाँ 'मोहन', 'कृष्णा' तथा 'यात्री' के लिए 'को' कर्ता कारक है।
असमर्थता के लिए कर्ता के साथ 'से' विभक्ति का प्रयोग होता है; जैसे: रोगी से बैठा नहीं जा रहा है।
कर्मवाच्य और भाववाच्य में कर्ता के साथ क्रमशः 'से' या 'के द्वारा' विभक्ति का प्रयोग होता है; जैसे:
मोहन से पुस्तक पढ़ी गई।
सिपाहियों द्वारा चोर पीटा गया।
बच्चों द्वारा चित्र बनाए गए।

2. कर्म कारक: क्रिया का फल जिस शब्द पर पड़ता है, उसे कर्म कारक कहते हैं। कर्म कारक की विभक्ति 'को' होती है, किंतु कभी-कभी विभक्ति का प्रयोग नहीं होता:
इन पुस्तकों को उठा लो।
राम को कहो।
रवि पुस्तक पढ़ता है।
इन वाक्यों में 'पुस्तकों को', 'राम को' तथा 'पुस्तक' कर्म कारक हैं। द्विकर्मक वाक्यों में मुख्य और गौण दो कर्म होते हैं। मुख्य कर्म क्रिया के समीप रहता है और उसमें विभक्ति नहीं लगती; जैसे शिक्षक ने विद्यार्थी को पाठ पढ़ाया। यहाँ 'पाठ' मुख्य कर्म है और 'विद्यार्थी' गौण कर्म।

3. करण कारक: जिस शब्द की सहायता से क्रिया का व्यापार होता है, उसे करण कारक कहते हैं। इसके विभक्ति चिह्न 'से', 'द्वारा', 'के द्वारा', 'के साथ' हैं; जैसे:
राम ने रावण को बाण से मारा।
मुझे पत्र द्वारा सूचित करना।
मज़दूर ने गुड़ के साथ रोटी खाई।
बच्चों ने पेंसिल से चित्र बनाया।
शिकारी ने बंदूक से शेर को मारा।

4. संप्रदान कारक: जिसके लिए क्रिया की जाती है, संज्ञा या सर्वनाम के उस रूप को संप्रदान कारक कहते हैं। इसके विभक्ति चिह्न 'के लिए', 'को' या 'के वास्ते' आदि हैं; जैसे राजा भिखारी को दान देता है। यहाँ भिखारी के लिए दान दिया जाता है, इसलिए 'भिखारी' संप्रदान कारक है। अन्य उदाहरण:
मैंने आप के लिए भोजन छोड़ा।
पिता ने पुत्र को पुस्तक दी।
वह अपने भाई के लिए दवाई लाया।
सैनिक देश की रक्षा के वास्ते सीमा पर डटे हुए हैं।

5. अपादान कारक: संज्ञा के जिस रूप से एक वस्तु या व्यक्ति का दूसरी वस्तु या व्यक्ति से पृथक होने, डरने, सीखने, लजाने अथवा तुलना करने का भाव हो, उसे अपादान कारक कहते हैं। इसमें 'से' विभक्ति चिह्न का प्रयोग होता है; यथा:
वृक्षों से पत्ते गिरते हैं।
मैं घर से आया हूँ।
गंगा हिमालय से निकलती है।

6. संबंध कारक: शब्द के जिस रूप से किसी व्यक्ति या पदार्थ का दूसरे व्यक्ति या पदार्थ से संबंध प्रकट होता है, उसे संबंध कारक कहते हैं। 'का', 'के', 'की' इसके विभक्ति चिह्न हैं। संज्ञा या सर्वनाम में पुल्लिंग के साथ 'का', स्त्रीलिंग के साथ 'की' और बहुवचन के साथ 'के' परसर्ग का प्रयोग होता है; यथा:
शीला सीता की बहन है।
राम के दो भाई हैं।
आपकी पुस्तक मेरे पास है।

7. अधिकरण कारक: संज्ञा या सर्वनाम के जिस रूप से किसी के आधार का बोध होता है, उसे अधिकरण कारक कहते हैं। जैसे रुपया मेरे हाथ में है, बच्चा छत पर है। यहाँ 'हाथ में' और 'छत पर' अधिकरण कारक हैं। अतः 'में', 'पर' तथा 'के ऊपर' इसकी विभक्तियाँ हैं; यथा:
पानी में मगरमच्छ रहता है।
पुस्तक मेज़ पर रखी है।
छत के ऊपर गेंद पड़ी है।
अनेक बार 'के मध्य', 'के बीच', 'के भीतर' आदि का भी प्रयोग होता है; जैसे घर के भीतर चलो।
इस डिबिया के अंदर कितनी गोलियाँ हैं?
कभी-कभी विभक्ति-रहित अधिकरण का भी प्रयोग होता है; जैसे इस जगह पूर्ण शांति है।

8. संबोधन कारक: संज्ञा के जिस रूप से किसी को पुकारा जाए, उसे संबोधन कारक कहते हैं। इसमें शब्द से पूर्व 'हे', 'अरे', 'ओ', 'अजी' आदि का प्रयोग होता है; जैसे:
रामू! घर चलो।
अरे पुत्र! मेरे पास आओ।
भाई साहब! मेरी बात सुनो।
बहुवचन में शब्दांत में 'ओ' प्रत्यय लगता है; यथा: बच्चो! शोर मत करो।
हे बालक! तुम कहीं चले गए थे।

Exam Tips:

a) कर्ता के 'ने' परसर्ग का प्रयोग केवल भूतकाल में सकर्मक धातु के साथ होता है।
b) द्विकर्मक वाक्य में मुख्य कर्म क्रिया के पास रहता है और उसके साथ विभक्ति नहीं लगती।
c) 'के वास्ते' और 'के लिए' संप्रदान की विभक्तियाँ हैं, इन्हें करण के 'के साथ' से अलग रखें।
d) संबोधन में बहुवचन शब्द के अंत में 'ओ' लगता है, जैसे 'बच्चो'।

 

परीक्षोपयोगी महत्त्वपूर्ण प्रश्न

Question 1: संज्ञा किसे कहते हैं? कोई तीन उदाहरण लिखिए।

Answer:

जो शब्द किसी व्यक्ति, वस्तु, स्थान और भाव का बोध कराएँ, उन्हें संज्ञा कहते हैं; जैसे पुस्तक, दिल्ली, वृक्ष, घृणा आदि।

Exam Tips:

a) परिभाषा में "व्यक्ति, वस्तु, स्थान और भाव" चारों का उल्लेख करें।
b) तीनों उदाहरण अलग-अलग भेद के हों, जैसे 'दिल्ली' व्यक्तिवाचक और 'घृणा' भाववाचक है।

 

Question 2: संज्ञा के कितने भेद होते हैं? प्रत्येक का एक-एक उदाहरण दीजिए।

Answer:

संज्ञा के तीन भेद होते हैं:
(1) व्यक्तिवाचक संज्ञा; जैसे हिमालय, राम, करनाल आदि।
(2) जातिवाचक संज्ञा; जैसे मनुष्य, नगर, पुस्तक आदि।
(3) भाववाचक संज्ञा; जैसे अच्छाई, मिठास, बुराई, भलाई आदि।

Exam Tips:

a) तीनों भेदों के नाम क्रम से लिखें और हर भेद का उदाहरण अलग पंक्ति में दें।
b) 'हिमालय' और 'करनाल' जैसे नाम विशेष स्थान या पर्वत के होने से व्यक्तिवाचक हैं।
c) 'मिठास' और 'बुराई' जैसे गुण या भाव भाववाचक संज्ञा के उदाहरण हैं।

 

Question 3: नीचे दिए गए गद्यांश को ध्यान से पढ़िए और संज्ञा शब्दों को छाँटकर उसके तीनों भेदों के दो-दो उदाहरण दीजिए।
"मोहन एक अच्छा लड़का है। एक दिन वह पहाड़ पर गया। उस पहाड़ को हिमालय पर्वत कहा जाता है। गंगा नदी हिमालय से ही निकलती है। मोहन की बचपन से ही यह इच्छा थी कि वह पहाड़ों की ऊँचाई और नदियों की गहराई को निकटता से देखे।" उसने इनको हरिद्वार में देखा। इनकी सुंदरता देखकर वह प्रसन्न हो गया।

Answer:

व्यक्तिवाचक संज्ञा: मोहन, हिमालय, गंगा, हरिद्वार।
जातिवाचक संज्ञा: लड़का, दिन, पहाड़, पर्वत, पहाड़ों, नदी, नदियों।
भाववाचक संज्ञा: बचपन, इच्छा, ऊँचाई, गहराई, निकटता, सुंदरता।

Exam Tips:

a) 'मोहन' और 'हरिद्वार' जैसे विशेष नाम व्यक्तिवाचक संज्ञा में आते हैं।
b) 'प्रसन्न' गुण बताता है, इसलिए वह विशेषण है और संज्ञा में नहीं गिना जाता।
c) 'ऊँचाई', 'गहराई' और 'सुंदरता' गुण से बनी भाववाचक संज्ञाएँ हैं।

 

Question 4: द्रव्यवाचक और समूहवाचक संज्ञाओं के दो-दो उदाहरण देकर वाक्यों में प्रयोग कीजिए।

Answer:

द्रव्यवाचक संज्ञाएँ: सोना एवं लकड़ी
सोना: सोने से आभूषण बनाए जाते हैं।
लकड़ी: आजकल लकड़ी बहुत महँगी हो गई है।

समूहवाचक संज्ञाएँ: सेना एवं कक्षा
सेना: भारतीय सेना अपनी बहादुरी के लिए प्रसिद्ध है।
कक्षा: अध्यापक कक्षा को पढ़ा रहा है।

Exam Tips:

a) द्रव्यवाचक संज्ञा का वाक्य में प्रयोग धातु या पदार्थ के रूप में दिखाएँ।
b) समूहवाचक 'सेना' के वाक्य में पूरा समूह एक इकाई के रूप में आता है।

 

Question 5: नीचे दिए गए शब्दों से भाववाचक संज्ञा बनाइए: अच्छा, लड़का, सुंदर, शत्रु, बच्चा, लड़ना, बुरा, बूढ़ा, कड़वा, गरम, अपना, मीठा, पंडित, चतुर, बुनना।

Answer:

अच्छा – अच्छाई
लड़का – लड़कपन
सुंदर – सुंदरता
शत्रु – शत्रुता
बच्चा – बचपन
लड़ना – लड़ाई
बुरा – बुराई
बूढ़ा – बुढ़ापा
कड़वा – कड़वाहट
गरम – गरमी
अपना – अपनापन
मीठा – मिठास
पंडित – पांडित्य
चतुर – चतुराई
बुनना – बुनावट

Exam Tips:

a) 'पंडित' से बनने वाला रूप 'पांडित्य' है, 'पंडित्य' नहीं।
b) 'लड़ना' क्रिया से 'लड़ाई' बनती है, जबकि 'बुरा' विशेषण से 'बुराई' बनती है।
c) 'गरम' से बनने वाली भाववाचक संज्ञा 'गरमी' है।

 

Question 6: निम्नलिखित पुल्लिंग शब्दों के स्त्रीलिंग रूप लिखिए: बेटा, चूहा, लड़का, बंदर, नाती, धोबी, नौकर, मोर, शेर, सदस्य, लेखक, कवि, देवर, माली, श्रीमान।

Answer:

बेटा – बेटी
चूहा – चुहिया
लड़का – लड़की
बंदर – बंदरिया
नाती – नातिन
धोबी – धोबिन
नौकर – नौकरानी
मोर – मोरनी
शेर – शेरनी
सदस्य – सदस्या
लेखक – लेखिका
कवि – कवयित्री
देवर – देवरानी
माली – मालिन
श्रीमान – श्रीमती

Exam Tips:

a) 'कवि' का स्त्रीलिंग 'कवयित्री' है, जो सबसे अधिक पूछा जाने वाला रूप है।
b) 'देवर' का स्त्रीलिंग 'देवरानी' होता है, 'देवरिन' नहीं।
c) 'श्रीमान' का स्त्रीलिंग 'श्रीमती' होता है।

 

Question 7: निम्नलिखित शब्दों के मूल विभक्ति में बहुवचन रूप लिखिए: जाति, बहन, रोटी, पुस्तक, माला, कक्षा, बस, कहानी, महिला, राज, गुड़िया, बहू, कमरा, चिड़िया, परछाई।

Answer:

जाति – जातियाँ
बहन – बहनें
रोटी – रोटियाँ
पुस्तक – पुस्तकें
माला – मालाएँ
कक्षा – कक्षाएँ
बस – बसें
कहानी – कहानियाँ
महिला – महिलाएँ
राज – राजगण
गुड़िया – गुड़ियाँ
बहू – बहुएँ
कमरा – कमरे
चिड़िया – चिड़ियाँ
परछाई – परछाइयाँ

Exam Tips:

a) 'रोटी' और 'गुड़िया' जैसे 'इया' या 'ई' अंत वाले स्त्रीलिंग शब्दों में 'याँ' लगता है।
b) 'बहू' का बहुवचन 'बहुएँ' होता है, जिसमें 'ऊ' 'उ' हो जाता है।
c) 'कमरा' का बहुवचन 'कमरे' होता है, 'कमराएँ' नहीं।

 

Question 8: नीचे दिए गए वाक्यों में बहुवचन के गलत प्रयोगों को पहचानिए और उन्हें सही रूप में लिखिए।
1. उन स्त्री ने खाना खा लिया।
2. दो लड़के आ रहा हैं।
3. महिलाओं लड़ रही हैं।
4. उन कमरे में बिजली नहीं है।
5. उसकी रुचिएँ फिल्म देखना और कहानी पढ़ना हैं।
6. भारत में कई पवित्र नदियाँ हैं।

Answer:

1. उन स्त्रियों ने खाना खा लिया।
2. दो लड़के आ रहे हैं।
3. महिलाएँ लड़ रही हैं।
4. उन कमरों में बिजली नहीं है।
5. उसकी रुचि फिल्में देखना और कहानियाँ पढ़ना है।
6. भारत में अनेक पवित्र नदियाँ हैं।

Exam Tips:

a) 'स्त्री' का बहुवचन 'स्त्रियों' होता है, जो 'स्त्रियाँ' से अलग है।
b) 'दो' के साथ बहुवचन क्रिया 'रहे हैं' आती है।
c) 'रुचि' शब्द के साथ 'फिल्में' और 'कहानियाँ' बहुवचन में लिखें।

 

Question 9: कारक किसे कहते हैं? कारक के भेदों का परिचय दीजिए।

Answer:

संज्ञा या सर्वनाम के जिस रूप से उसका क्रिया के साथ संबंध ज्ञात हो, उसे कारक कहते हैं। हिंदी में कारक के आठ भेद माने जाते हैं:
1. कर्ता कारक (क्रिया को करने वाला)
2. कर्म कारक (जिस पर क्रिया का प्रभाव या फल पड़े)
3. करण कारक (जिस साधन से क्रिया हो)
4. संप्रदान कारक (जिसके लिए क्रिया की गई हो)
5. अपादान कारक (अलग होने का भाव)
6. अधिकरण कारक (क्रिया के संचालन का आधार)
7. संबंध कारक (क्रिया से भिन्न किसी अन्य पद से संबंध बताने वाला)
8. संबोधन कारक (संबोधित करने वाला शब्द)

Exam Tips:

a) आठों कारकों के नाम क्रम से लिखें, तभी उत्तर पूरा माना जाता है।
b) 'संबंध' कारक क्रिया से नहीं, बल्कि दूसरे पदों से संबंध बताता है, इसे अलग से लिखें।
c) 'संबोधन' कारक में किसी व्यक्ति को पुकारा जाता है, इसे उदाहरण से समझाएँ।

 

Question 10: 'ने' परसर्ग का प्रयोग करते हुए निम्नलिखित वाक्यों को बदलिए।
1. राम खाना खा रहा है।
2. श्याम मोहन को पुस्तक देता है।
3. गोपाल रोटी खा चुका।
4. आप यह क्यों कह रहे हैं?
5. प्रधानमंत्री सूखाक्षेत्र का दौरा कर रहे हैं।

Answer:

1. राम ने खाना खा लिया है।
2. श्याम ने मोहन को पुस्तक दी है।
3. गोपाल ने रोटी खा ली है।
4. आपने यह क्यों कहा है?
5. प्रधानमंत्री ने सूखाक्षेत्र का दौरा किया है।

Exam Tips:

a) 'ने' परसर्ग सकर्मक क्रिया के भूतकाल में आता है, इसलिए वाक्य का काल बदलना पड़ता है।
b) 'पुस्तक' स्त्रीलिंग है, इसलिए क्रिया 'दी' होती है।
c) 'आप' के साथ 'ने' लगाने पर क्रिया 'कहा है' बनती है।

 

Question 11: निम्नलिखित वाक्यों से कारकों को छाँटकर उनके नाम लिखिए।
1. मोहन चाकू से फल काट रहा है।
2. मोहन ने सोहन को अपनी पुस्तक दे दी है।
3. रमेश को स्कूल जाना है।
4. वह इलाज के लिए दिल्ली आ रहा है।
5. गंगा हिमालय से निकलती है।
6. मैं कलम से पत्र लिखूँगा।
7. वह दुकान पर नहीं है।
8. वह कल घर पर था।
9. परीक्षा मार्च में होगी।
10. मैं शाम को आऊँगा।

Answer:

1. मोहन (कर्ता), फल (कर्म), चाकू से (करण)।
2. मोहन ने (कर्ता), सोहन को (संप्रदान), पुस्तक (कर्म)।
3. रमेश को (कर्ता), स्कूल (अधिकरण)।
4. वह (कर्ता), इलाज के लिए (संप्रदान), दिल्ली (अधिकरण)।
5. गंगा (कर्ता), हिमालय से (अपादान)।
6. मैं (कर्ता), कलम से (करण), पत्र (कर्म)।
7. वह (कर्ता), दुकान पर (अधिकरण)।
8. वह (कर्ता), घर पर (अधिकरण)।
9. परीक्षा (कर्ता), मार्च में (अधिकरण)।
10. मैं (कर्ता), शाम को (अधिकरण)।

Exam Tips:

a) 'चाकू से' में 'से' साधन का बोध कराता है, इसलिए वह करण कारक है।
b) 'परीक्षा होगी' में 'परीक्षा' कर्ता है, क्योंकि वह होने वाली क्रिया का विषय है।
c) 'मार्च में' और 'शाम को' समय के आधार बताने के कारण अधिकरण में गिने जाते हैं।

 

Question 12: निम्नलिखित शब्दों में से गणनीय और अगणनीय संज्ञा शब्दों की अलग-अलग सूची बनाइए: पेड़, कुर्सी, पानी, किताब, हवा, नदी, गेहूँ, आटा, दूध, घर।

Answer:

1. गणनीय संज्ञा शब्द: पेड़, कुर्सी, किताब, नदी, घर।
2. अगणनीय संज्ञा शब्द: पानी, हवा, गेहूँ, आटा, दूध।

Exam Tips:

a) गणनीय वे हैं जिन्हें एक, दो, तीन कहकर गिना जा सके, जैसे 'पेड़' और 'कुर्सी'।
b) 'पानी' और 'दूध' जैसे पदार्थ तोले या नापे जाते हैं, इसलिए अगणनीय हैं।

 

Question 13: ऐसे दो वाक्य बनाइए, जिनमें व्यक्तिवाचक संज्ञा जातिवाचक संज्ञा के रूप में प्रयुक्त हुई हो।

Answer:

(1) देश में जयचंदों की कमी नहीं है।
(2) कंसों से बचकर रहो।

Exam Tips:

a) व्यक्तिवाचक नाम का जातिवाचक प्रयोग तब होता है जब वह किसी गुण या अवगुण का प्रतीक बन जाए।
b) 'जयचंद' का अर्थ 'देशद्रोही' होता है, इसे उत्तर में अवश्य समझाएँ।

 

Question 14: कर्म और संप्रदान अथवा करण और अपादान कारकों का अंतर स्पष्ट करते हुए दो-दो उदाहरण दीजिए।

Answer:

कर्म और संप्रदान: प्रायः 'को' परसर्ग कर्म के लिए आता है, लेकिन अनेक बार संप्रदान कारक के लिए भी 'को' परसर्ग का प्रयोग होता है। संप्रदान कारक में किसी को कुछ देने अथवा कुछ उपकार करने का भाव होता है। अतः जहाँ देने या करने की क्रिया हो, वहाँ संप्रदान कारक माना जाता है और शेष प्रयोगों में कर्म कारक।
संप्रदान कारक: मैंने सीता को पैन दिया।
कर्म कारक: मैंने श्याम को बुलाया।

करण और अपादान: करण और अपादान दोनों कारकों में 'से' परसर्ग का प्रयोग होता है। जहाँ 'से' परसर्ग अलग होने का भाव प्रकट करे, वहाँ अपादान कारक होगा; और जहाँ 'से' परसर्ग साधन के अर्थ में आए, वहाँ करण कारक होगा।
अपादान कारक: वृक्षों से पत्ते गिरते हैं।
अपादान कारक: लड़के स्कूल से आए हैं।
करण कारक: मोहन रिक्शा से आया है।
करण कारक: उसने चाकू से सब्ज़ी काटी।

Exam Tips:

a) देने या करने की क्रिया में संप्रदान पहचानें, अन्य जगह 'को' कर्म होता है।
b) 'से' के साथ 'अलग होने' का भाव हो तो अपादान और 'साधन' का भाव हो तो करण होता है।
c) 'रिक्शा से' जैसे उदाहरण में 'से' साधन बताता है, इसलिए वह करण है।

 

Question 15: व्यक्तिवाचक, जातिवाचक एवं भाववाचक संज्ञा के दो-दो उदाहरण देकर उन्हें वाक्यों में प्रयोग कीजिए।

Answer:

1. व्यक्तिवाचक संज्ञा: चंडीगढ़, गंगा।
(i) चंडीगढ़ पंजाब की राजधानी है।
(ii) गंगा हमारी पवित्र नदी है।

2. जातिवाचक संज्ञा: पशु एवं पुस्तक।
(i) राम के घर पशु नहीं हैं।
(ii) पुस्तकों में ज्ञान भरा पड़ा है।

3. भाववाचक संज्ञा: वीरता, प्रेम।
(i) वीरता मानव का महान गुण है।
(ii) प्रेम से सबको जीता जा सकता है।

Exam Tips:

a) 'चंडीगढ़' और 'गंगा' एक विशेष स्थान या नदी का नाम हैं, इसलिए व्यक्तिवाचक हैं।
b) 'पशु' और 'पुस्तक' सामान्य नाम हैं, इसलिए जातिवाचक हैं।

 

Question 16: निम्नलिखित गद्यांश को पढ़कर इसमें से संज्ञा शब्द छाँटकर उनके नाम लिखिए।
"एक दिन आनंद की इस दीवार में एक दरार पड़ गई और तब मुझे सोचना पड़ा कि अपने घर, अपने पड़ोस, अपने नगर की सभाओं में समता, सहारा, ज्ञान और आनंद के उपहार पाकर भी मेरी स्थिति एकदम हीन है और हीन भी इतनी कि मेरा कहीं भी कोई अपमान कर सकता है।"

Answer:

आनंद – भाववाचक संज्ञा
दीवार – जातिवाचक संज्ञा
दरार – जातिवाचक संज्ञा
घर – जातिवाचक संज्ञा
पड़ोस – जातिवाचक संज्ञा
नगर – जातिवाचक संज्ञा
सभा – जातिवाचक संज्ञा
समता – भाववाचक संज्ञा
सहारा – भाववाचक संज्ञा
ज्ञान – भाववाचक संज्ञा
उपहार – जातिवाचक संज्ञा
स्थिति – भाववाचक संज्ञा
अपमान – भाववाचक संज्ञा

Exam Tips:

a) 'समता', 'सहारा' और 'ज्ञान' गुण या भाव बताते हैं, इसलिए भाववाचक हैं।
b) 'दरार' और 'दीवार' जैसी वस्तुएँ जातिवाचक संज्ञा में आती हैं।
c) 'हीन' गुण बताने वाला विशेषण है, संज्ञा नहीं।

 

Question 17: दो ऐसे वाक्य बनाइए जिनमें जातिवाचक संज्ञा व्यक्तिवाचक संज्ञा के रूप में प्रयुक्त हुई हो।

Answer:

(1) पंडित जी हमारे प्रधानमंत्री थे।
(2) भारत गाँधी का देश है।
यहाँ 'पंडित' और 'गाँधी' जातिवाचक संज्ञाएँ होते हुए भी व्यक्ति विशेष की ओर संकेत कर रही हैं।

Exam Tips:

a) जातिवाचक संज्ञा का व्यक्तिवाचक रूप तब बनता है जब वह किसी विशेष व्यक्ति की ओर संकेत करे।
b) वाक्य में 'जी' या 'का देश' जैसे शब्द विशेष व्यक्ति का बोध कराते हैं।

 

Question 18: पाँच ऐसी भाववाचक संज्ञाएँ लिखिए जो मूलतः भाववाचक संज्ञाएँ न हों, अपितु अन्य शब्दों से बनी हुई हों। जैसे-चढ़ना (क्रिया) से चढ़ाई।

Answer:

कालिमा – 'काला' विशेषण से
मिलन – 'मिलना' क्रिया से
ममता – 'मम' सर्वनाम से
मनुष्यत्व – 'मनुष्य' जातिवाचक संज्ञा से
निकटता – 'निकट' अव्यय से

Exam Tips:

a) 'कालिमा' 'काला' विशेषण से बनता है, इसलिए उसकी जड़ विशेषण में खोजें।
b) 'मिलन' 'मिलना' क्रिया से बनता है, जिसमें क्रिया के मूल रूप से परिवर्तन होता है।

 

Question 19: निम्नलिखित वाक्यों में मोटे अक्षरों में मुद्रित संज्ञाओं से लिंग, वचन और कारक बताइए।
(क) पढ़ते समय मेरी आँखों से पानी निकलता है।
(ख) बिजली के चले जाने पर हम मोमबत्ती जलाते हैं।
(ग) उद्यान में फूल खिल रहे हैं।
(घ) प्रकाश से अंधकार नष्ट होता है।
(ङ) उसे तार द्वारा सूचित कर रहा हूँ।

Answer:

(क) आँखों: स्त्रीलिंग, बहुवचन, अपादान कारक। पानी: पुल्लिंग, एकवचन, कर्ता कारक।
(ख) बिजली: स्त्रीलिंग, एकवचन, संबंध कारक। मोमबत्ती: स्त्रीलिंग, एकवचन, कर्म कारक।
(ग) उद्यान: पुल्लिंग, एकवचन, अधिकरण कारक। फूल: पुल्लिंग, बहुवचन, कर्ता कारक।
(घ) प्रकाश: पुल्लिंग, एकवचन, करण कारक। अंधकार: पुल्लिंग, एकवचन, कर्ता कारक।
(ङ) तार: पुल्लिंग, एकवचन, करण कारक।

Exam Tips:

a) 'आँखों' स्त्रीलिंग बहुवचन है, जबकि 'पानी' पुल्लिंग एकवचन है।
b) 'के चले जाने पर' वाले वाक्य में 'बिजली' संबंध कारक में है।
c) 'तार द्वारा' में 'द्वारा' करण कारक का चिह्न है।

 

Question 20: तीन उदाहरण देकर लिंग परिवर्तन के कारण वाक्य स्तर पर होने वाले परिवर्तन स्पष्ट कीजिए।

Answer:

1. अच्छा गायक अच्छा गीत गाता है। अच्छी गायिका अच्छा गीत गाती है।
यहाँ लिंग परिवर्तन से विशेषण और क्रिया में परिवर्तन हुआ है।

2. तुम्हारा पुत्र पढ़ता-पढ़ता सो गया। तुम्हारी पुत्री पढ़ती-पढ़ती सो गई।
यहाँ लिंग-परिवर्तन के कारण संबंध कारक, क्रियाविशेषण तथा क्रिया पद में परिवर्तन हुआ है।

3. मेरी बेटी महाविद्यालय जाती है। मेरा बेटा महाविद्यालय जाता है।
यहाँ लिंग परिवर्तन के कारण संबंध कारक, विशेषण और क्रिया में परिवर्तन हुआ है।

Exam Tips:

a) 'गायक' से 'गायिका' बनने पर 'अच्छा' 'अच्छी' हो जाता है।
b) 'मेरा' से 'मेरी' होने पर संबंध कारक का रूप भी बदल जाता है।

 

Question 21: आदरार्थक बहुवचन से क्या तात्पर्य है? उदाहरण देकर समझाइए।

Answer:

एकवचन संज्ञा के साथ जब आदर के लिए बहुवचन का प्रयोग किया जाता है, तो उसे आदरार्थक बहुवचन कहते हैं। यथा:
1. मंत्री जी मंच पर पधार गए हैं।
2. प्रधानमंत्री रूस गए हैं।
3. प्राचार्य महोदय अपने कार्यालय में हैं।
4. महात्मा गांधी हमारे राष्ट्रपिता थे।
उपर्युक्त वाक्यों में एक ही व्यक्ति का वर्णन है, परंतु आदर-प्रदर्शन के लिए बहुवचन क्रिया का प्रयोग किया गया है।

Exam Tips:

a) आदरार्थक बहुवचन में संज्ञा एकवचन होती है, केवल क्रिया बहुवचन में आती है।
b) 'मंत्री जी' और 'प्राचार्य महोदय' जैसे संबोधन आदरार्थक प्रयोग के सामान्य उदाहरण हैं।
c) 'राष्ट्रपिता' एक शब्द है, इसे अलग न लिखें।

 

Question 22: निम्नलिखित अप्राणिवाचक संज्ञा शब्दों का लिंग बताइए: हीरा, दाँत, चाँदी, चंद्रमा, चैत्र, लंका, शस्त्र, विस्तार।

Answer:

हीरा – पुल्लिंग
दाँत – पुल्लिंग
चाँदी – स्त्रीलिंग
चंद्रमा – पुल्लिंग
चैत्र – पुल्लिंग
लंका – स्त्रीलिंग
शस्त्र – पुल्लिंग
विस्तार – पुल्लिंग

Exam Tips:

a) 'चाँदी' और 'लंका' स्त्रीलिंग हैं, इन्हें पुल्लिंग शब्दों से अलग याद रखें।
b) 'चंद्रमा' और 'शस्त्र' पुल्लिंग हैं, इनका स्त्रीलिंग रूप प्रयोग नहीं होता।

 

Question 23: निम्नलिखित मोटे एवं रेखांकित पदों का कारक बताइए।
(क) सुनीता स्कूल से आई है।
(ख) रात को आकाश में तारे चमकते हैं।
(ग) रमेश को स्कूल जाना है।
(घ) शिकारी ने पक्षी को मार गिराया।
(ङ) मैंने पेंसिल से चित्र बनाया है।
(च) बालक ने भिखारी को रुपया दिया।

Answer:

(क) सुनीता – कर्ता कारक
(ख) रात को – अधिकरण कारक
(ग) रमेश को – कर्ता कारक
(घ) पक्षी को – कर्म कारक
(ङ) पेंसिल से – करण कारक
(च) भिखारी को – संप्रदान कारक

Exam Tips:

a) 'रमेश को स्कूल जाना है' में 'को' कर्ता का चिह्न है, कर्म का नहीं।
b) 'रात को' समय बताने वाला अधिकरण है, कर्म नहीं।
c) 'को' परसर्ग कर्म और संप्रदान दोनों में आता है, वाक्य का अर्थ देखकर पहचानें।

 

Question 24: किन-किन कारणों से संज्ञा शब्दों में रूपांतर होता है? एक-एक उदाहरण देकर स्पष्ट कीजिए।

Answer:

संज्ञा शब्दों में लिंग, वचन और कारक के कारण परिवर्तन होता है:
लिंग: लड़का – लड़की, नर – नारी।
वचन: बेटा – बेटे; नारी – नारियाँ।
कारक: पिता – पिता ने, पिता को, पिता से, पिता के लिए, पिता का, पिता में, हे पिता!

Exam Tips:

a) लिंग परिवर्तन में शब्द का अंत बदलता है, जैसे 'लड़का' से 'लड़की'।
b) कारक के परसर्ग शब्द के बाद लगते हैं, इसलिए 'पिता' का रूप नहीं बदलता।

 

Question 25: पाँच ऐसे शब्द लिखिए जो सदा स्त्रीलिंग ही हों।

Answer:

रोटी, गाय, कोयल, मोभी, मैना।

Exam Tips:

a) 'गाय' और 'मैना' जैसे पशु-पक्षी के नाम भी सदा स्त्रीलिंग हैं।
b) 'रोटी' और 'मोभी' जैसे शब्दों में लिंग बदलने का प्रश्न नहीं उठता।

 

Question 26: पाँच ऐसे शब्द लिखिए जो नित्य पुल्लिंग रूप में ही प्रयुक्त होते हों।

Answer:

कौआ, तोता, खरगोश, उल्लू, खटमल।

Exam Tips:

a) 'नित्य पुल्लिंग' का अर्थ है वे शब्द जिनका रूप सदा पुल्लिंग रहता है।
b) 'खटमल' और 'उल्लू' जैसे शब्द पुल्लिंग में ही प्रयुक्त होते हैं।

 

Step-by-Step Textbook Answers: Class 10 Hindi Noun (Sangya)

Chapter Exercise Answers for Class 10 Hindi

Access structured Haryana Board textbook solutions for Noun (Sangya). Designed in alignment with the latest academic curriculum for Class 10 Hindi, these answers cover all end-of-chapter exercises to support daily learning and homework completion.

Detailed Answer Guides for Noun (Sangya)

Beyond providing final answers, these guides offer step-by-step breakdowns for complex queries in the Class 10 Hindi module. This approach helps students balance theoretical depth with practical problem-solving skills required for Haryana Board exams.

Complete Preparation Kit for Class 10 Exams

Consistent practice with these solution guides cultivates faster problem-solving habits and clearer logical structuring. For a complete preparation experience, pair these textbook answers with our dedicated revision notes and sample papers for Class 10 Hindi.

FAQs

Where can I find the latest HBSE Class 10 Hindi Vyakaran संज्ञा for the 2026-27 session?

The complete and updated HBSE Class 10 Hindi Vyakaran संज्ञा is available for free on StudiesToday.com. These solutions for Class 10 Hindi are as per latest Haryana Board curriculum.

Are the Hindi Haryana Board solutions for Class 10 updated for the new 50% competency-based exam pattern?

Yes, our experts have revised the HBSE Class 10 Hindi Vyakaran संज्ञा as per 2026 exam pattern. All textbook exercises have been solved and have added explanation about how the Hindi concepts are applied in case-study and assertion-reasoning questions.

How do these Class 10 Haryana Board solutions help in scoring 90% plus marks?

Toppers recommend using Haryana Board language because Haryana Board marking schemes are strictly based on textbook definitions. Our HBSE Class 10 Hindi Vyakaran संज्ञा will help students to get full marks in the theory paper.

Do you offer HBSE Class 10 Hindi Vyakaran संज्ञा in multiple languages like Hindi and English?

Yes, we provide bilingual support for Class 10 Hindi. You can access HBSE Class 10 Hindi Vyakaran संज्ञा in both English and Hindi medium.

Is it possible to download the Hindi Haryana Board solutions for Class 10 as a PDF?

Yes, you can download the entire HBSE Class 10 Hindi Vyakaran संज्ञा in printable PDF format for offline study on any device.