Download Haryana Board Solutions for Class 10 Hindi Chapter 06 Yah Dantuhrit Muskan aur Fasal
Review structured textbook solutions for Class 10 Hindi Chapter 06 Yah Dantuhrit Muskan aur Fasal. Built according to Haryana Board guidelines for the 2026-27 academic year, these downloadable answers support daily revision and problem-solving accuracy.
Access Haryana Board Solutions and Answers
Access the complete solution PDF for Class 10 Hindi below. Regular practice with these targeted textbook answers builds familiarity with standard question patterns and helps secure higher marks in final school evaluations.
Question 1: ‘बच्चे की दंतुरित मुसकान’ का कवि के मन पर क्या प्रभाव पड़ता है?
Answer:
बच्चे की दंतुरित मुसकान को देखकर कवि का मन प्रसन्न हो उठता है। उसके निराश और उदास मन में फिर से स्फूर्ति आ जाती है। उसे ऐसा लगता है मानो उसकी झोपड़ी में कमल के फूल खिल उठे हों। मानो उसके मन में स्नेह की धारा प्रवाहित हो गई हो, या बबूल और बाँस के वृक्षों से मानो शेफालिका के फूल झड़ने लगे हों। कहने का भाव है कि कवि का मन बच्चे की दंतुरित मुसकान से अत्यधिक प्रभावित हुआ।
Exam Tips:
a) कविता में शेफालिका के फूल और कमल की उपमाएँ बच्चे की मुसकान के प्रभाव को व्यक्त करने के लिए आई हैं।
b) उत्तर में कवि के मन पर पड़े प्रभाव को पहले बताएँ और फिर उसकी उपमाओं से पुष्टि करें।
Question 2: बच्चे की मुसकान और एक बड़े व्यक्ति की मुसकान में क्या अंतर है?
Answer:
बच्चे की मुसकान निश्छल एवं स्वाभाविक होती है। उसके मन में किसी प्रकार का छल-कपट नहीं होता। किंतु बड़े व्यक्ति की मुसकान में छल-कपट या दिखावा हो सकता है। उसे न चाहते हुए भी मुसकराना पड़ता है। बड़ों की मुसकान उनके मन की स्वाभाविक गति न होकर लोक-व्यवहार का अंग भी हो सकती है।
Exam Tips:
a) बच्चे की मुसकान को ‘निश्छल’ और बड़ों की मुसकान को ‘लोक-व्यवहार’ से जोड़कर लिखें।
b) तुलना में दोनों पक्षों के मन की स्थिति का अंतर स्पष्ट करें।
Question 3: कवि ने बच्चे की मुसकान के सौंदर्य को किन-किन बिंबों के माध्यम से व्यक्त किया है?
Answer:
कवि ने बच्चे की मुसकान को निम्नलिखित बिंबों के माध्यम से व्यक्त किया है।
(क) बच्चे की मुसकान से मृतक भी प्राणवान हो जाता है।
(ख) बच्चे की मुसकान ऐसी लगती है मानो झोंपड़ी में कमल का फूल खिल गया हो।
(ग) बच्चे की मुसकान से मानो चट्टानों ने पिघलकर जलधारा का रूप धारण कर लिया हो।
(घ) मानो बाँस व बबूल के वृक्षों से शेफालिका के फूल झड़ने लगे हों।
Exam Tips:
a) कमल, जलधारा और शेफालिका के फूल तीनों बिंब अलग-अलग भाव प्रकट करते हैं।
b) हर बिंब के साथ उसका भावार्थ लिखने से उत्तर पूर्ण होता है।
c) प्राणवान, पिघलना और झरना जैसे शब्द बिंबों की शक्ति बताते हैं।
Question 4: भाव स्पष्ट कीजिए
(क) छोड़कर तालाब मेरी झोपड़ी में खिल रहे जलजात।
(ख) छू गया तुमसे कि झरने लग पड़े शेफालिका के फूल बाँस था कि बबूल?
Answer:
(क) कवि को ऐसा लगा कि उस छोटे बच्चे की मुसकान तो ईश्वरीय वरदान के समान है। धूल-धूसरित अंग-प्रत्यंगों वाला वह बच्चा तालाब में खिले कमल के समान मोहक और मनोरम है, जो कवि की झोंपड़ी में आकर बस गया है।
(ख) नन्हें बालक का रूप ऐसा मनोरम है कि चाहे कोई कितना भी निर्मम क्यों न हो, उसे देखकर मन-ही-मन प्रसन्नता से भर उठता है। चाहे वह बाँस के समान कठोर हो या बबूल के समान रूखा, उसकी सुंदरता से प्रभावित होकर वह उसकी ओर देखकर मुसकराने को विवश हो जाता है।
Exam Tips:
a) ‘जलजात’ का अर्थ कमल है, जो कीचड़ में खिलने के कारण पवित्रता का प्रतीक माना जाता है।
b) ‘बाँस’ और ‘बबूल’ यहाँ कठोर और रूखे स्वभाव वाले व्यक्तियों के लिए प्रयुक्त हुए हैं।
Question 5: मुसकान और क्रोध दो भिन्न-भिन्न भाव हैं। इनकी उपस्थिति से बने वातावरण की भिन्नता का चित्रण कीजिए।
Answer:
मुसकान और क्रोध दोनों ही मनुष्य के मन में उत्पन्न होने वाले भाव हैं। मुसकान एक सुखद भाव है, जबकि क्रोध एक मनोविकार है जिसका उत्पन्न होना अधिकतर हानिकारक होता है।
मुसकान सुखद है। इससे हँसी-खुशी का वातावरण बनता है, आपस में प्रेम का संचार होता है और समाज में मेलजोल बढ़ता है। इसके विपरीत क्रोध उन सबको कष्ट पहुँचाता है जो क्रोध करने वाले व्यक्ति के समीप होते हैं। क्रोध में लिया गया निर्णय कभी लाभदायक नहीं होता। मुसकान से हर व्यक्ति का हृदय जीता जा सकता है, किंतु क्रोध से सदा शत्रुता बढ़ती है।
Exam Tips:
a) मुसकान से बनने वाले वातावरण में प्रेम और मेलजोल बढ़ता है, जबकि क्रोध से शत्रुता बढ़ती है।
b) क्रोध में लिए गए निर्णय के परिणाम प्रायः हानिकारक होते हैं, यह तुलना का मुख्य बिंदु है।
c) उत्तर में दोनों भावों के वातावरण की तुलना क्रम से लिखें।
d) मुसकान को ‘सुखद भाव’ और क्रोध को ‘मनोविकार’ कहकर भेद स्पष्ट करें।
Question 6: दंतुरित मुसकान से बच्चे की उम्र का अनुमान लगाइए और तर्क सहित उत्तर दीजिए।
Answer:
इस कविता को पढ़कर अनुमान लगाया जा सकता है कि बच्चे की आयु सात से नौ मास के बीच रही होगी, क्योंकि इसी आयु में बच्चों के दूध के दाँत निकलना आरंभ होते हैं। इसी आयु में बच्चा अपने माता-पिता को भी पहचानने लगता है।
Exam Tips:
a) दूध के दाँत निकलने की अवस्था से आयु का अनुमान लगाया जाता है।
b) नए दाँत देखकर बच्चे की आयु का अंदाज़ा लगाना कविता का मुख्य संकेत है।
c) उत्तर में आयु के साथ उसका तर्क भी लिखें।
Question 7: बच्चे से कवि की मुलाकात का जो शब्द-चित्र उपस्थित हुआ है, उसे अपने शब्दों में लिखिए।
Answer:
कवि कई मास के पश्चात् घर लौटने पर बच्चे से मिला। बच्चा उन्हें देखकर मुसकाने लगता है। बच्चे की नए-नए दाँतों वाली मुसकान देखकर कवि का मन प्रसन्नता से खिल उठा। नन्हें बच्चे की भोली-सी मुसकान को देखकर उसके निराश जीवन में मानो प्राण आ गए। कवि को लगा कि कमल का सुंदर फूल उसकी झोंपड़ी में उग आया हो। उसके बूढ़े व नीरस शरीर को ऐसा लगा मानो बबूल के पेड़ पर शेफालिका के फूल खिल गए हों।
आरंभ में बालक कवि को अजनबी की भाँति देखता रहा, किंतु बच्चे की माँ ने दोनों के बीच माध्यम बनकर परिचय कराया। बच्चा कवि को तिरछी नज़रों से देखकर मुँह फेरने लगा, परंतु माँ के परिचय करवाने पर दोनों में स्नेह बढ़ने लगा। बच्चा मुसकरा पड़ा और उसके नए-नए उगे हुए दो दाँत दिखाई देने लगे।
Exam Tips:
a) कविता का सार लिखते समय माँ की भूमिका को परिचय कराने वाले के रूप में अवश्य लिखें।
b) मुसकान से कवि के निराश जीवन में प्राण आने का बिंब महत्त्वपूर्ण है।
c) बालक का मुँह फेरना और फिर मुसकराना कहानी का मोड़ है।
d) शब्द-चित्र में कमल और शेफालिका के बिंब दोनों शामिल करें।
Question 8: आप जब भी किसी बच्चे से पहली बार मिलें तो उसके हाव-भाव, व्यवहार आदि को सूक्ष्मता से देखिए और उस अनुभव को कविता या अनुच्छेद के रूप में लिखिए।
Answer:
छात्र स्वयं करें।
Exam Tips:
a) पहली मुलाकात में बच्चे की आँखों और हाव-भाव को ध्यान से देखें।
b) अनुभव को कविता या अनुच्छेद में लिखते समय अपनी भावनाएँ भी जोड़ें।
Question 9: एन.सी.ई.आर.टी. द्वारा नागार्जुन पर बनाई गई फिल्म देखिए।
Answer:
विद्यार्थी विद्यालय की ओर से फिल्म मँगवाकर देख सकते हैं।
Exam Tips:
a) फिल्म देखते समय कवि के जीवन और उनकी रचनाओं के संबंध पर ध्यान दें।
फसल
Question 1: कवि के अनुसार फसल क्या है?
Answer:
कवि के अनुसार फसल मनुष्य और प्रकृति के सम्मिलित प्रयासों का परिणाम है। फसल अनेक नदियों के जल का जादू है, करोड़ों लोगों के हाथों के स्पर्श अथवा परिश्रम की गरिमा है, तथा भूरी, काली व संदली मिट्टी का गुण-धर्म है। फसल सूर्य की किरणों का रूपांतरण भी है, जिसे हवा नचाती और लहराती है।
Exam Tips:
a) ‘नदियों के जल का जादू’ और ‘हाथों के स्पर्श की गरिमा’ कविता के दो मुख्य रूपक हैं।
b) फसल को मनुष्य और प्रकृति के सहयोग से बना बताना उत्तर का मूल भाव है।
Question 2: कविता में फसल उपजाने के लिए आवश्यक तत्त्वों की बात कही गई है। वे आवश्यक तत्त्व कौन-कौन से हैं?
Answer:
कवि के अनुसार फसल के लिए आवश्यक तत्त्व हैं: मिट्टी, खाद, पानी, सूर्य की किरणें और हवा।
Exam Tips:
a) कविता के अनुसार फसल के लिए पाँच तत्त्व बताए गए हैं।
Question 3: फसल को ‘हाथों के स्पर्श की गरिमा’ और ‘महिमा’ कहकर कवि क्या व्यक्त करना चाहता है?
Answer:
कवि बताना चाहता है कि फसल पैदा करने के लिए घर के सभी व्यक्तियों को परिश्रम करना पड़ता है। किसान का पूरा परिवार फसल उगाने में जुटा रहता है। फसल से अनेक लोगों का पेट पलता है। यह एक नहीं, अनेक हाथों की महिमा है। अतः स्पष्ट है कि कवि ने किसान के परिश्रम के महत्त्व को प्रतिपादित करने का सफल प्रयास किया है।
Exam Tips:
a) ‘गरिमा’ शब्द से परिश्रम का सम्मान प्रकट होता है।
b) फसल को किसान के सामूहिक श्रम का फल बताना उत्तर का केंद्र है।
c) कविता का यह भाव किसान के परिवार के सामूहिक परिश्रम से जुड़ा है।
Question 4: भाव स्पष्ट कीजिए: (क) रूपांतर है सूरज की किरणों का, सिमटा हुआ संकोच है हवा की थिरकन का।
Answer:
कवि ने स्पष्ट किया है कि ये फसलें और कुछ नहीं, सूरज की किरणों का बदला हुआ रूप हैं। फसलों की हरियाली सूरज की किरणों के प्रभाव से आती है और सूर्य की गर्मी से ही फसलें पकती हैं। फसलों को बढ़ाने में हवा की थिरकन का भी भरपूर योगदान है, मानो हवा सिमट-सिकुड़कर फसलों में समा जाती है।
Exam Tips:
a) ‘रूपांतर’ का अर्थ है बदला हुआ रूप, जो यहाँ सूर्य की किरणों की ऊर्जा के संदर्भ में है।
b) ‘सिमटा हुआ संकोच’ हवा के सिमटकर फसल में समा जाने का बिंब है।
c) सूर्य की गर्मी से फसल का पकना उत्तर में अवश्य लिखें।
Question 5: कवि ने फसल को हज़ार-हज़ार खेतों की मिट्टी का गुण-धर्म कहा है।
(क) मिट्टी के गुण-धर्म को आप किस तरह परिभाषित करेंगे?
(ख) वर्तमान जीवन शैली मिट्टी के गुण-धर्म को किस-किस तरह प्रभावित करती है?
(ग) मिट्टी द्वारा अपना गुण-धर्म छोड़ने की स्थिति में क्या किसी भी प्रकार के जीवन की कल्पना की जा सकती है?
(घ) मिट्टी के गुण-धर्म को पोषित करने में हमारी क्या भूमिका हो सकती है?
Answer:
(क) मिट्टी के गुण-धर्म से तात्पर्य उसकी उपजाऊ शक्ति से है, जो उसमें मिले विभिन्न तत्त्वों के कारण होती है। उन्हीं तत्त्वों के कारण मिट्टी विभिन्न रंग प्राप्त करती है। मिट्टी के तत्त्व ही फसल को उगाने और विकसित करने में सहायक होते हैं।
(ख) वर्तमान जीवन-शैली मिट्टी को प्रदूषित कर रही है और उसके स्वाभाविक गुणों को नष्ट कर रही है। रासायनिक पदार्थों के अधिक प्रयोग से मिट्टी के स्वाभाविक गुणों में परिवर्तन आ रहा है। तरह-तरह के कीटनाशक व खरपतवार नाशक मिट्टी को हानि पहुँचाते हैं। इनसे भले ही फसल अधिक मिले, किंतु इनके दूरगामी परिणाम बहुत हानिकारक हैं।
(ग) यदि मिट्टी अपना मूल गुण-धर्म और स्वभाव छोड़ देगी तो जीवन का स्वरूप विकृत हो जाएगा, अर्थात् मिट्टी में फसल नहीं उग सकेगी। शायद जीवन नष्ट न हो, किंतु वह विद्रूप अवश्य हो जाएगा।
(घ) मिट्टी के गुण-धर्म को पोषित करने में हम बहुत कुछ कर सकते हैं। सबसे पहले हम सचेत हों और मिट्टी के गुण-धर्म को प्रभावित करने वाले कारकों को जानें। इससे हम स्वयं जागरूक होंगे। हम स्वयं जागकर अन्य लोगों को भी जगा सकते हैं और मिट्टी को पहुँचने वाली हानि को रोक सकते हैं।
Exam Tips:
a) मिट्टी की उपजाऊ शक्ति उसमें मिले तत्त्वों पर निर्भर करती है।
b) रासायनिक खाद और कीटनाशकों का अधिक प्रयोग मिट्टी की प्राकृतिक शक्ति घटाता है।
c) मिट्टी के गुण बचाने के लिए जागरूकता पहला कदम है।
d) उत्तर में चारों उप-प्रश्नों के क्रम में अलग-अलग अनुच्छेद लिखें।
Question 6: सुदृढ़ कृषि व्यवस्था के लिए आप अपने सुझाव देते हुए अखबार के संपादक को पत्र लिखिए।
Answer:
सेवा में,
संपादक महोदय,
दैनिक ट्रिब्यून,
चंडीगढ़।
विषय: सुदृढ़ कृषि व्यवस्था हेतु कुछ सुझाव।
आदरणीय महोदय,
मैं आपके सुप्रसिद्ध समाचार-पत्र के माध्यम से सुदृढ़ कृषि-व्यवस्था पर कुछ सुझाव कृषकों तक पहुँचाना चाहता हूँ, जो किसानों और उनके खेतों के लिए लाभदायक सिद्ध होंगे। हमारा देश कृषि प्रधान देश है। कृषि और किसानों के हित में सोचना हम सबका नैतिक कर्त्तव्य है।
कृषि व्यवस्था को समुचित बनाने के लिए कृषि योग्य भूमि पर समय पर फसल की बिजाई कर देनी चाहिए। परंपरागत तरीकों के स्थान पर नई कृषि पद्धतियों और विधियों को अपनाना चाहिए। बिजाई से पहले खेत की मिट्टी की जाँच अवश्य करवा लेनी चाहिए, ताकि पता चल सके कि उसमें कौन-सी फसल उगानी चाहिए। यदि मिट्टी में किसी तत्त्व की कमी हो तो उसे दूर करना चाहिए। श्रेष्ठ श्रेणी के बीज प्रयोग करने चाहिए और उन्नत किस्म के बीज सरकारी एजेंसी से ही प्राप्त करने चाहिए। फसलों को बदल-बदलकर बोना चाहिए, क्योंकि एक ही प्रकार की फसल बोने से जमीन की उपजाऊ शक्ति कम हो जाती है। खरपतवार नाशक और कीटनाशकों का प्रयोग एक निश्चित सीमा तक करना चाहिए। खेत समतल होना चाहिए और उसकी सिंचाई एक बार में ही करनी चाहिए। गोबर की खाद का प्रयोग बीच-बीच में करते रहना चाहिए, इससे पृथ्वी की उपजाऊ शक्ति बढ़ती है और फसल भी अच्छी होती है।
आशा है कि आप इन सुझावों को प्रकाशित करके मुझे अनुगृहीत करेंगे।
भवदीय
अविनाश कुमार
Exam Tips:
a) पत्र में ‘विषय’ और ‘सेवा में’ का क्रम औपचारिक पत्र की पहचान है।
b) सुझावों को अलग-अलग अनुच्छेदों में लिखने से पत्र स्पष्ट बनता है।
c) फसल चक्र और मिट्टी परीक्षण जैसे सुझाव पत्र को व्यावहारिक बनाते हैं।
d) पत्र के अंत में ‘भवदीय’ लिखकर अपना नाम लिखें।
Question 7: फसलों के उत्पादन में महिलाओं के योगदान को हमारी अर्थव्यवस्था में महत्त्व क्यों नहीं दिया जाता है? इसके बारे में कक्षा में चर्चा कीजिए।
Answer:
यह प्रश्न परीक्षोपयोगी नहीं है। विद्यार्थी अपने अध्यापक/अध्यापिका की सहायता से स्वयं चर्चा करेंगे।
Exam Tips:
a) चर्चा में खेती के काम में महिलाओं की भूमिका के उदाहरण दें।
विषय-वस्तु संबंधी प्रश्नोत्तर
Question 1: ‘यह दंतुरित मुसकान’ कविता में शिशु के भोलेपन एवं सौंदर्य को व्यक्त किया गया है। सिद्ध कीजिए।
Answer:
‘यह दंतुरित मुसकान’ कविता में कवि ने शिशु के भोलेपन का वर्णन किया है। शिशु कवि को अपरिचित की भाँति देखता है और उसे पहचानने के प्रयास में निरंतर देखता रहता है। शिशु की मनमोहक छवि को देखकर कवि भी प्रभावित हुए बिना नहीं रहता। बालक के नए-नए उगे दो दाँतों को देखकर कवि उनकी प्रशंसा किए बिना नहीं रह पाता। जब नन्हा शिशु हँसता है तो उसके नए-नए दो दाँत अत्यंत सुंदर लगते हैं। उसकी हँसी में ऐसा प्रभाव है कि उसे देखकर पत्थर-दिल व्यक्ति भी पिघल जाता है। इस प्रकार कवि ने नन्हे बच्चे के भोलेपन एवं सौंदर्य का उल्लेख किया है।
Exam Tips:
a) कविता में शिशु का अपरिचित की भाँति देखना उसके भोलेपन का प्रमाण है।
b) नए दाँतों की हँसी कविता का मुख्य सौंदर्य-बिंब है।
Question 2: ‘यह दंतुरित मुसकान’ कविता में बाँस और बबूल किसे और क्यों कहा गया है?
Answer:
‘यह दंतुरित मुसकान’ कविता में कवि ने नन्हे बालक की हँसी के प्रभाव का वर्णन करते हुए कहा है कि उसकी हँसी का प्रभाव ऐसा है कि उसे देखकर बाँस और बबूल के वृक्षों से भी शेफालिका के फूल झड़ने लगते हैं। यहाँ बाँस और बबूल बुरे व्यक्तियों के लिए प्रयोग किए गए हैं। तात्पर्य यह है कि समाज के बुरे-से-बुरे लोग भी नन्हे बच्चे की हँसी देखकर मुसकराने लगते हैं और उनके मन में भी अच्छी भावना जागृत हो जाती है।
Exam Tips:
a) बाँस और बबूल कठोर और रूखे स्वभाव के प्रतीक हैं।
b) शेफालिका के फूल झरना कोमल भावों के उदय का बिंब है।
Question 3: शिशु किसी अनजान व्यक्ति को एकटक क्यों देखने लगता है?
Answer:
जब शिशु किसी अनजान व्यक्ति से मिलता है तो उसे पहचानने का प्रयास करता है। इसीलिए वह उसकी ओर एकटक देखता रहता है, मानो वह उसके मन के भावों को पढ़ने का प्रयास कर रहा हो। कभी-कभी ऐसा भी लगता है कि वह अजनबी व्यक्ति को देखते-देखते थक-सा गया है।
Exam Tips:
a) शिशु का एकटक देखना पहचान की जिज्ञासा से जुड़ा है।
b) कविता में कवि को शिशु के लिए अजनबी बताया गया है।
Question 4: ‘फसल’ नामक कविता में कवि ने फसल उगाने के संबंध में मिट्टी की किस विशेषता का उल्लेख किया है?
Answer:
‘फसल’ नामक कविता में कवि ने मिट्टी या धरती के उन गुणों का उल्लेख किया है जिनके कारण वह फसल उगाने में सहायक होती है। कवि के अनुसार मिट्टी ‘भूरी’, ‘काली’, ‘संदली’ आदि कई प्रकार की होती है। विभिन्न प्रकार की मिट्टी पर अलग-अलग प्रकार की फसलें उगाई जाती हैं। मिट्टी में मिले तत्त्वों के कारण ही उसके गुण अलग-अलग होते हैं। मिट्टी की उपजाऊ शक्ति के कारण ही फसलें उगाई जाती हैं। यदि मिट्टी में यह शक्ति न होती तो फसलों के उगने की कल्पना भी नहीं की जा सकती थी।
Exam Tips:
a) कविता में मिट्टी के रंगों के नाम (भूरी, काली, संदली) दिए गए हैं।
b) मिट्टी की उपजाऊ शक्ति फसल की नींव है।
संदेश/जीवन-मूल्यों संबंधी प्रश्नोत्तर
Question 5: ‘यह दंतुरित मुसकान’ क्या-क्या कर सकती है?
Answer:
कवि के अनुसार ‘दंतुरित मुसकान’ में बहुत कुछ करने की क्षमता है। यह कठोर-से-कठोर हृदय वाले व्यक्ति के मन में कोमलता का संचार कर सकती है। यह निराश और उदास लोगों के हृदयों में प्रसन्नता और खुशी के भाव उत्पन्न कर सकती है। जो व्यक्ति इस संसार से विमुख हो चुका है, वह भी नन्हे शिशु की निश्छल हँसी देखकर मुसकराए बिना नहीं रह सकेगा। दंतुरित मुसकान का प्रभाव इतना अधिक है कि वह मृतक में भी प्राण फूँक सकती है। कहने का तात्पर्य है कि ‘दंतुरित मुसकान’ अत्यधिक प्रभावशाली है।
Exam Tips:
a) कविता का संदेश है कि निश्छल मुसकान कठोर हृदय को भी पिघला सकती है।
b) मृतक में प्राण फूँकने की बात अतिशयोक्ति अलंकार का उदाहरण है।
c) निराश व्यक्ति के मन में प्रसन्नता जगाना बालक की हँसी का सामाजिक महत्त्व है।
Question 6: ‘यह दंतुरित मुसकान’ कविता का उद्देश्य स्पष्ट कीजिए।
Answer:
प्रस्तुत कविता में कवि का उद्देश्य छोटे बच्चे की मनोहारी मुसकान के प्रभाव का चित्रण करना है। बच्चे के मुख में उगे नए-नए दाँतों वाली हँसी को देखकर कवि के मन में जो भाव उमड़ते हैं, उन्हें कवि ने विभिन्न बिंबों के द्वारा व्यक्त किया है। कवि का मानना है कि बच्चे की इस निश्छल हँसी में जीवन का संदेश छिपा है। इस मुसकान की सुंदरता का प्रभाव ऐसा है कि उसे देखकर कठोर-से-कठोर हृदय भी पिघल जाता है। जब उसके साथ बच्चे की नज़रों का बाँकपन भी जुड़ जाता है तो सुंदरता को चार चाँद लग जाते हैं। अतः कविता का लक्ष्य नन्हे बच्चे की निश्छल और मनमोहक हँसी के प्रभाव का उल्लेख करना है।
Exam Tips:
a) कविता का मुख्य उद्देश्य बालक की मुसकान का प्रभाव दिखाना है।
b) बिंब-योजना कविता के उद्देश्य को प्रभावी बनाती है।
c) ‘बाँकपन’ शब्द बच्चे की तिरछी नज़रों की शोभा का संकेत करता है।
Question 7: कवि ने ‘फसल’ के द्वारा किन-किन में आपसी सहयोग का भाव अभिव्यक्त किया है?
Answer:
कवि ने ‘फसल’ कविता के माध्यम से फसल उगाने में मनुष्य के शारीरिक बल और परिश्रम तथा प्रकृति में निहित अथाह ऊर्जा के पारस्परिक सहयोग का भाव अभिव्यक्त किया है। कवि के अनुसार जब मनुष्य का परिश्रम और प्रकृति का सहयोग आपस में मिल जाते हैं, तभी फसलें उत्पन्न होती हैं। अकेली मानवीय शक्ति या अकेली प्राकृतिक शक्ति कुछ नहीं कर सकती। इनके सहयोग में ही महान शक्ति छिपी है, और कविता में इसी सहयोग की शक्ति को व्यक्त किया गया है।
Exam Tips:
a) कविता में मनुष्य और प्रकृति दोनों की भूमिका बराबर महत्त्व रखती है।
b) अकेली शक्ति के बजाय सहयोग पर बल देना कविता का केंद्र है।
c) पानी, मिट्टी, सूर्य, हवा और परिश्रम सभी का सहयोग फसल में दिखता है।
Question 8: ‘फसल’ शीर्षक कविता के प्रतिपाद्य पर प्रकाश डालिए।
Answer:
प्रस्तुत कविता का प्रमुख प्रतिपाद्य किसानों के परिश्रम के साथ-साथ प्राकृतिक तत्त्वों के प्रभाव का सम्मान करना है। कवि ने स्पष्ट किया है कि जिन फसलों से उत्पन्न अन्न को हम खाते हैं, उसके लिए किसी एक व्यक्ति, नदी या प्राकृतिक तत्त्व को श्रेय नहीं दिया जा सकता। सभी नदियों के जल, खेतों की विविध मिट्टियों के गुणों, सूर्य की गर्मी, वायु और किसानों के श्रम के सामूहिक सहयोग से ही फसलें उगाई जाती हैं। अतः इन सब पर सबका सहज अधिकार होना चाहिए।
Exam Tips:
a) कविता में फसल को सामूहिक सहयोग का परिणाम बताया गया है।
b) फसल पर सबका समान अधिकार होने का विचार कविता का सामाजिक संदेश है।
c) उत्तर में प्रकृति और मनुष्य दोनों के योगदान का उल्लेख करें।
d) किसान के श्रम का सम्मान इस कविता का मुख्य प्रतिपाद्य है।
अति लघुत्तरात्मक प्रश्न
Question 1: श्री नागार्जुन का जन्म कब हुआ था?
Answer:
श्री नागार्जुन का जन्म सन् 1911 में हुआ था।
Exam Tips:
a) नागार्जुन का जन्म बिहार के दरभंगा जिले में हुआ था।
Question 2: ‘पाषाण पिघलने’ से क्या तात्पर्य है?
Answer:
‘पाषाण पिघलने’ से तात्पर्य है कठोर हृदय में दया उत्पन्न होना।
Exam Tips:
a) ‘पाषाण’ का शाब्दिक अर्थ कठोर पत्थर है।
Question 3: ‘फसल’ कविता के रचयिता कौन हैं?
Answer:
‘फसल’ कविता के रचयिता नागार्जुन हैं।
Exam Tips:
a) नागार्जुन जनवादी कवि थे और उनका असली नाम वैद्यनाथ मिश्र था।
Question 4: ‘यह दंतुरित मुसकान’ कविता में कवि के ध्यानाकर्षण का केंद्र कौन है?
Answer:
‘यह दंतुरित मुसकान’ कविता में कवि के ध्यानाकर्षण का केंद्र उसका नन्हा बालक है।
Exam Tips:
a) कविता का केंद्रीय पात्र नन्हा शिशु है।
Question 5: किसके कोटि-कोटि हाथों के स्पर्श की गरिमा बताई गई है?
Answer:
किसान के कोटि-कोटि हाथों के स्पर्श की गरिमा बताई गई है।
Exam Tips:
a) ‘कोटि’ का अर्थ करोड़ होता है।
Question 6: कवि ने किसे हाथों के स्पर्श की महिमा कहा है?
Answer:
कवि ने फसल को हाथों के स्पर्श की महिमा कहा है।
Exam Tips:
a) ‘महिमा’ का अर्थ यश या गौरव है।
Question 7: ‘यह दंतुरित मुसकान’ कविता में तालाब छोड़कर जलजात कहाँ खिलने की बात कही है?
Answer:
‘यह दंतुरित मुसकान’ कविता में तालाब छोड़कर जलजात कवि की झोंपड़ी में खिलने की बात कही है।
Exam Tips:
a) ‘जलजात’ का अर्थ कमल का फूल है।
बहुविकल्पीय प्रश्नोत्तर
Question 1: श्री नागार्जुन किस राज्य के रहने वाले थे?
(A) हरियाणा
(B) पंजाब
(C) उत्तर प्रदेश
(D) बिहार
Answer:
(D) बिहार
Exam Tips:
a) नागार्जुन का जन्म बिहार के दरभंगा जिले के सतलखा गाँव में हुआ था।
Question 2: श्री नागार्जुन का वास्तविक नाम क्या था?
(A) रामचंद्र
(B) मेघनाद
(C) वैद्यनाथ मिश्र
(D) रामनरेश मिश्र
Answer:
(C) वैद्यनाथ मिश्र
Exam Tips:
a) ‘नागार्जुन’ उनका साहित्यिक नाम था, जबकि मूल नाम वैद्यनाथ मिश्र था।
Question 3: कवि ने श्रीलंका में जाकर कौन-सा धर्म अपना लिया था?
(A) हिंदू
(B) मुस्लिम
(C) सिक्ख
(D) बौद्ध
Answer:
(D) बौद्ध
Exam Tips:
a) सन् 1936 में श्रीलंका में जाकर नागार्जुन ने बौद्ध धर्म की दीक्षा ली थी।
Question 4: श्री नागार्जुन का देहांत कब हुआ था?
(A) सन् 1998 में
(B) सन् 1996 में
(C) सन् 1995 में
(D) सन् 1994 में
Answer:
(A) सन् 1998 में
Exam Tips:
a) नागार्जुन का निधन वर्ष 1998 में हुआ था।
Question 5: नागार्जुन कृत कविता का नाम है?
(A) संगतकार
(B) कन्यादान
(C) फसल
(D) उत्साह
Answer:
(C) फसल
Exam Tips:
a) ‘संगतकार’, ‘कन्यादान’ और ‘उत्साह’ अन्य कवियों की रचनाएँ हैं।
Question 6: ‘दंतुरित मुसकान’ में कवि के ध्यानाकर्षण का केंद्र है?
(A) शेर का बच्चा
(B) खरगोश का बच्चा
(C) कवि का नन्हा बच्चा
(D) छोटा बच्चा
Answer:
(C) कवि का नन्हा बच्चा
Exam Tips:
a) कविता का केंद्र कवि का अपना नन्हा शिशु है।
Question 7: बच्चे की दंतुरित मुसकान किसमें भी जान डाल देगी?
(A) रोगी में
(B) पक्षी में
(C) कमजोर में
(D) मृतक में
Answer:
(D) मृतक में
Exam Tips:
a) कविता में मुसकान को मृतक में भी जान डालने वाला बताया गया है।
Question 8: कवि की झोपड़ी में क्या खिल रहे थे?
(A) जलजात
(B) गेंदा
(C) गुलाब
(D) जूही
Answer:
(A) जलजात
Exam Tips:
a) ‘जलजात’ कमल का फूल है, जिसे कवि ने बच्चे के रूप में झोंपड़ी में खिला बताया है।
Question 9: ‘चिर प्रवासी मैं इतर’ वाक्यांश में ‘चिर प्रवासी’ कौन है?
(A) कवि
(B) पुत्र
(C) माता
(D) श्रोता
Answer:
(A) कवि
Exam Tips:
a) ‘चिर प्रवासी’ से कवि स्वयं का संकेत है, जो लंबे समय तक घर से बाहर रहा।
Question 10: किसके प्राणों का स्पर्श पाकर कठिन पाषाण पिघल गया होगा?
(A) कवि के
(B) माता के
(C) बच्चे के
(D) पिता के
Answer:
(C) बच्चे के
Exam Tips:
a) बच्चे के स्पर्श से कठोर पत्थर के पिघलने की कल्पना की गई है।
Question 11: दही, घी, शहद, जल और दूध का योग, जो देवता और अतिथि के सामने रखा जाता है, उसे ‘यह दंतुरित मुसकान’ कविता में कहा है?
(A) प्रसाद
(B) मधुपर्क
(C) इत्र
(D) गव्य
Answer:
(B) मधुपर्क
Exam Tips:
a) दही, घी, शहद, जल और दूध के मिश्रण को मधुपर्क कहते हैं।
Question 12: ‘अनिमेष देखना’ का अर्थ है?
(A) रुक-रुक कर देखना
(B) कभी-कभी देखना
(C) लगातार देखना
(D) इनमें से कोई नहीं
Answer:
(C) लगातार देखना
Exam Tips:
a) ‘अनिमेष’ का अर्थ है बिना पलक झपकाए निरंतर देखना।
Question 13: मधुपर्क किसकी उँगलियाँ करती हैं?
(A) पिता की
(B) माँ की
(C) कवि की
(D) भाई की
Answer:
(B) माँ की
Exam Tips:
a) कविता में माँ की उँगलियों द्वारा बच्चे को मधुपर्क कराने की बात कही गई है।
Question 14: छोटे बच्चे के स्पर्श-मात्र से कौन-से फूल झड़ने लगे थे?
(A) शेफालिका
(B) कमल
(C) गुलाब
(D) चंपा
Answer:
(A) शेफालिका
Exam Tips:
a) शेफालिका के फूल बच्चे के स्पर्श और मुसकान के प्रभाव से झड़ने लगते हैं।
Question 15: कठिन पाषाण पिघलकर क्या बन गया होगा?
(A) जल
(B) सुंदरता
(C) नदी
(D) झरना
Answer:
(A) जल
Exam Tips:
a) कविता में पत्थर के पिघलकर जल बन जाने की कल्पना है।
Question 16: प्रस्तुत कविता में किसकी आँखें चार होने की बात कही है?
(A) माँ और बच्चे की
(B) कवि और बच्चे की
(C) कवि और बच्चे की माँ की
(D) कवि और पाठक की
Answer:
(B) कवि और बच्चे की
Exam Tips:
a) ‘आँखें चार होना’ कवि और शिशु की नज़रें मिलने का संकेत है।
Question 17: कवि ने फसल को कितनी नदियों का जादू कहा है?
(A) एक
(B) दो
(C) ढेर सारी
(D) अनेक
Answer:
(C) ढेर सारी
Exam Tips:
a) कविता में ‘ढेर सारी नदियों के पानी का जादू’ कहा गया है।
Question 18: ‘फसल’ में किसकी प्रधानता है?
(A) आत्मा की
(B) परमात्मा की
(C) प्रकृति की
(D) माया की
Answer:
(C) प्रकृति की
Exam Tips:
a) ‘फसल’ में प्रकृति और मनुष्य के सहयोग से फसल का उगना बताया गया है।
Question 19: फसल के लिए जादू का काम कौन करता है?
(A) नदियों का पानी
(B) तालाब का पानी
(C) वर्षा का पानी
(D) गड्ढे का पानी
Answer:
(A) नदियों का पानी
Exam Tips:
a) कविता में नदियों के पानी को जादू जैसा प्रभाव देने वाला कहा गया है।
Question 20: फसल कितने हाथों के स्पर्श की गरिमा होती है?
(A) करोड़ों
(B) दर्जनों
(C) हज़ारों
(D) सैकड़ों
Answer:
(A) करोड़ों
Exam Tips:
a) कविता में ‘लाख-लाख कोटि-कोटि हाथों’ के स्पर्श की गरिमा कही गई है।
Question 21: फसल किसके स्पर्श की महिमा है?
(A) मिट्टी की
(B) हवा की
(C) जल की
(D) हाथों की
Answer:
(D) हाथों की
Exam Tips:
a) फसल को हाथों के स्पर्श की महिमा कहा गया है।
Question 22: फसल कविता की भाषा की विशिष्टता है?
(A) बोलचाल की
(B) भाव प्रधान
(C) व्यंग्यात्मक
(D) ओज गुण संपन्न
Answer:
(A) बोलचाल की
Exam Tips:
a) ‘फसल’ की भाषा सरल, सहज और बोलचाल की है।
Question 23: फसल को किसका सिमटा हुआ संकोच कहा गया है?
(A) नदियों के पानी का
(B) हवा की थिरकन का
(C) सूरज की किरणों का
(D) उपर्युक्त सभी का
Answer:
(B) हवा की थिरकन का
Exam Tips:
a) कविता में फसल को हवा की थिरकन का सिमटा हुआ संकोच कहा गया है।
Question 24: फसल किसका रूपांतरण है?
(A) वायु का
(B) वर्षा की बूँदों का
(C) सूर्य की किरणों का
(D) किसान की सोच का
Answer:
(C) सूर्य की किरणों का
Exam Tips:
a) कविता में फसल को सूर्य की किरणों का रूपांतरण कहा गया है।
पद्यांशों के आधार पर अर्थग्रहण संबंधी प्रश्नोत्तर
Question 1: तुम्हारी यह दंतुरित मुसकान / मृतक में भी डाल देगी जान (‘यह दंतुरित मुसकान’ कविता का पहला पद्यांश)
Question 1 (क): कवि एवं कविता का नाम लिखिए।
Answer:
कवि का नाम नागार्जुन है। कविता का नाम ‘यह दंतुरित मुसकान’ है।
Exam Tips:
a) कवि और कविता का नाम सीधे और पूरे लिखें।
Question 1 (ख): प्रस्तुत पद्यांश का प्रसंग स्पष्ट कीजिए।
Answer:
यह पद्यांश हिंदी की पाठ्यपुस्तक ‘क्षितिज’ भाग 2 में संकलित ‘यह दंतुरित मुसकान’ कविता से लिया गया है। कवि कई महीनों बाद घर लौटता है और बच्चे की दंतुरित मुसकान देखकर उसके मन में उठे भावों को इन पंक्तियों में व्यक्त करता है।
Exam Tips:
a) प्रसंग में कवि की स्थिति (लंबे समय बाद घर लौटना) अवश्य लिखें।
Question 1 (ग): प्रस्तुत पद्यांश की व्याख्या कीजिए।
Answer:
कवि मुसकराते बच्चे से कहता है कि तुम्हारी मुसकान इतनी मनमोहक है कि वह मृतक में भी जान डाल देती है। निराश व्यक्ति भी तुम्हारी भोली हँसी देखकर प्रसन्न हो उठेगा। धूल से सने तुम्हारे शरीर को देखकर लगता है मानो तालाब का कमल तालाब छोड़कर मेरी झोंपड़ी में खिल गया हो। तुम इतने प्राणवान हो कि तुम्हें छूकर कठोर पत्थर भी पिघलकर जल बन गया होगा। शिशु की निश्छल हँसी देखकर कठोर हृदय भी द्रवित हो जाता है। बाँस हो या बबूल, बच्चे के सामने दोनों शेफालिका के फूल बरसाने लगते हैं, अर्थात् बुरे-से-बुरा व्यक्ति भी एक क्षण के लिए अपनी बुराई छोड़कर मुसकराने लगता है।
Exam Tips:
a) व्याख्या में हर पंक्ति का भाव अलग लिखें।
b) कमल, पत्थर और शेफालिका के बिंबों का अर्थ अवश्य समझाएँ।
Question 1 (घ): ‘दंतुरित मुसकान’ किसकी है?
Answer:
‘दंतुरित मुसकान’ उस छोटे बच्चे की है जिसके मुख में अभी-अभी दो नए दाँत उगे हैं।
Exam Tips:
a) ‘दंतुरित’ का अर्थ दाँतों वाला या दाँतों से सजा हुआ है।
Question 1 (ङ): बच्चे का शरीर किससे सना हुआ है?
Answer:
बच्चे का शरीर धूल-मिट्टी से सना हुआ है।
Exam Tips:
a) ‘धूलि-धूसर’ का अर्थ धूल में सना हुआ है।
Question 1 (च): कवि की झोंपड़ी में नन्हा बच्चा किस रूप में है?
Answer:
कवि की झोंपड़ी में नन्हा बच्चा कमल के समान सुंदर और कोमल फूल के रूप में है।
Exam Tips:
a) कवि ने बच्चे की तुलना कमल से की है।
Question 1 (छ): मृतक में जान डालने का सामर्थ्य किसमें है? मृतक में जान डालने का क्या अभिप्राय है?
Answer:
नए-नए दाँत निकालने वाले नन्हे बच्चे की हँसी में मृतक में जान डालने की शक्ति है। इसका अभिप्राय है निराश और उदास व्यक्ति के मन में प्रसन्नता उत्पन्न करना।
Exam Tips:
a) ‘मृतक में जान डालना’ यहाँ मन में नई उमंग जगाने के अर्थ में है।
Question 1 (ज): धूल से सने बच्चे को देखकर कवि को क्या अनुभव हुआ?
Answer:
धूल से सने बच्चे को देखकर कवि को ऐसा लगा मानो उसकी झोंपड़ी में कमल का फूल खिल उठा हो। बच्चे की सुकोमलता देखकर कवि का मन प्रसन्न हो उठा।
Exam Tips:
a) कमल की उपमा बच्चे की कोमलता को दर्शाती है।
Question 1 (झ): ‘पिघलकर जल बन गया होगा कठिन पाषाण’ पंक्ति का आशय स्पष्ट कीजिए।
Answer:
कवि कल्पना करता है कि बच्चे की पावन हँसी में इतना आकर्षण है कि पत्थर जैसे कठोर हृदय वाला व्यक्ति भी उसे देखकर सरस भावों से भर जाता है। वह कुछ क्षणों के लिए अपनी कठोरता और निर्दयता छोड़ देता है।
Exam Tips:
a) ‘पाषाण’ यहाँ कठोर हृदय का प्रतीक है।
Question 1 (ञ): शेफालिका के फूल क्यों और किससे झरने लगे?
Answer:
नन्हे शिशु के स्पर्श से बाँस और काँटेदार बबूल जैसे बुरे व्यक्ति के मन में भी शेफालिका के फूल जैसे सरस और सुंदर भाव उत्पन्न हो जाते हैं। अर्थात् शिशु के स्पर्श और मुसकान से शेफालिका के फूल झरने लगते हैं।
Exam Tips:
a) शेफालिका का झरना सरस भावों के उदय का प्रतीक है।
Question 1 (ट): ‘बाँस और बबूल’ किसको कहा गया है?
Answer:
कवि ने यहाँ बाँस और बबूल नीरस, रूखे, निर्दयी और कठोर स्वभाव वाले व्यक्ति को कहा है।
Exam Tips:
a) बाँस और बबूल कठोर स्वभाव के प्रतीक हैं।
Question 1 (ठ): प्रस्तुत पद्यांश का भाव-सौंदर्य स्पष्ट कीजिए।
Answer:
इस पद्यांश में बच्चे के प्रति कवि के अत्यंत कोमल और सरस भावों की कलात्मक अभिव्यक्ति हुई है। बच्चे के मुसकराने पर उसके दो नए दाँत देखकर कवि अत्यंत प्रसन्न हो उठता है। पिता के मन में अपने नन्हे बच्चे के प्रति कोमल भावों का मनोरम वर्णन किया गया है। बच्चे की मधुर, निश्छल और पावन हँसी के प्रभाव का सजीव चित्रण भी है।
Exam Tips:
a) भाव-सौंदर्य में वात्सल्य भाव का उल्लेख अवश्य करें।
b) दो नए दाँतों का दृश्य कविता का केंद्रीय चित्र है।
Question 1 (ड): प्रस्तुत पद्यांश में निहित शिल्प-सौंदर्य पर प्रकाश डालिए।
Answer:
कवि ने कोमल भावों को कल्पना के सहयोग से मधुर वाणी में व्यक्त किया है। तद्भव और तत्सम शब्दों के मिश्रित प्रयोग से भाषा रोचक और व्यावहारिक बन पड़ी है। अभिधा शब्द-शक्ति का प्रयोग किया गया है। प्रतीकों और बिंबों का सुंदर प्रयोग है। प्रश्न, अनुप्रास और अतिशयोक्ति अलंकार प्रयुक्त हुए हैं। यह अतुकांत छंद है।
Exam Tips:
a) शिल्प-सौंदर्य में प्रयुक्त अलंकारों के नाम लिखें।
b) अतुकांत छंद का उल्लेख कविता की संरचना बताता है।
Question 1 (ढ): प्रस्तुत काव्यांश में प्रयुक्त भाषा की प्रमुख विशेषताओं का उल्लेख कीजिए।
Answer:
प्रस्तुत काव्यांश में नागार्जुन ने बोलचाल की भाषा का प्रयोग किया है। जनवादी कवि होने के कारण भाषा में ग्रामीण और देशज शब्दों का अधिक प्रयोग हुआ है। कोमलकांत शब्दों के कारण भाषा रोचक और व्यावहारिक बन पड़ी है।
Exam Tips:
a) भाषा की विशेषता में ग्रामीण और देशज शब्दों का उल्लेख अवश्य करें।
b) कोमलकांत शब्द भाषा को रोचक बनाते हैं।
Question 2: तुम मुझे पाए नहीं पहचान? / देखते ही रहोगे अनिमेष! (‘यह दंतुरित मुसकान’ कविता का दूसरा पद्यांश)
Question 2 (क): कवि एवं कविता का नाम लिखिए।
Answer:
कवि का नाम नागार्जुन है। कविता का नाम ‘यह दंतुरित मुसकान’ है।
Exam Tips:
a) कवि और कविता का नाम सीधे और पूरे लिखें।
Question 2 (ख): इस कवितांश का प्रसंग लिखिए।
Answer:
यह कवितांश श्री नागार्जुन की कविता ‘यह दंतुरित मुसकान’ से लिया गया है। कवि कई मास बाद घर लौटता है तो उसकी दृष्टि अपने छोटे बच्चे की निश्छल मुसकान पर पड़ती है। कवि उस मुसकान से अत्यंत प्रभावित होता है और उसके मन में वात्सल्य भाव जाग उठते हैं, जिन्हें इन पंक्तियों में व्यक्त किया गया है।
Exam Tips:
a) प्रसंग में कवि के लौटने की स्थिति अवश्य लिखें।
Question 2 (ग): इस पद की व्याख्या कीजिए।
Answer:
कवि बच्चे से पूछता है कि क्या तुम मुझे पहचान गए हो? क्या तुम इसी तरह एकटक देखते रहोगे? क्या तुम मेरी ओर देखते-देखते थक गए हो? क्या मैं तुम्हारी ओर से अपना मुँह फेर लूँ? कवि कहता है कि यदि तुम मुझे पहली बार न पहचान सके तो क्या हुआ। वह अभी बहुत छोटा है, किंतु बहुत भोला और सुंदर है। फिर कवि कहता है कि हे सुंदर दाँतों वाले मेरे बच्चे! यदि तुम्हारी माँ मेरे और तुम्हारे बीच माध्यम न बनती, तो मैं तुम्हारे कोमल रूप और मधुर मुसकान को कभी देख न पाता। संतान और पिता के बीच संबंध जोड़ने का माध्यम माँ ही होती है।
Exam Tips:
a) व्याख्या में प्रश्नों के रूप में कही गई हर बात का अर्थ लिखें।
b) माँ को माध्यम बताने की बात कविता का मुख्य संकेत है।
Question 2 (घ): कवि ने ऐसा क्यों कहा कि ‘तुम मुझे पाए नहीं पहचान’?
Answer:
नन्हा बच्चा अनजान व्यक्ति को सामने पाकर उसे टकटकी लगाकर देखने लगा। बच्चे की आँखों में उत्सुकता और अजनबीपन का भाव था। इसलिए कवि ने बच्चे के इस अनोखे भाव को देखकर ये शब्द कहे।
Exam Tips:
a) कवि के लंबे समय बाद लौटने से बच्चे का अजनबीपन स्वाभाविक है।
Question 2 (ङ): कवि नन्हे बालक को क्यों नहीं पहचान पाया?
Answer:
कवि लंबे समय के पश्चात् घर लौटा था। बच्चे का जन्म उसकी अनुपस्थिति में हुआ होगा और कवि ने पहली बार बच्चे को देखा होगा, इसलिए वह उसे पहचान नहीं पाया।
Exam Tips:
a) कवि की लंबी अनुपस्थिति ही पहचान न हो पाने का कारण है।
Question 2 (च): कवि बालक की मधुर मुसकान किसके माध्यम से देख सका?
Answer:
कवि शिशु की मधुर मुसकान को उसकी माँ के माध्यम से ही देख पाया। जब तक बच्चा कवि के लिए अनजान था, तब तक वह मौन और स्थिर रहा, किंतु जब उसकी माँ ने कवि से उसका परिचय करवाया, तभी वह मुसकराने लगा।
Exam Tips:
a) कविता में माँ को परिचय कराने वाली कड़ी माना गया है।
Question 2 (छ): नन्हा बालक कवि की ओर एकटक क्यों देख रहा था?
Answer:
नन्हे बालक ने कवि को पहली बार देखा था और वह उसे पहचानने का प्रयास कर रहा था। कवि कई मास बाद घर लौटा था, इसलिए बच्चा उसे अजनबी समझकर पहचानने का प्रयास कर रहा था।
Exam Tips:
a) एकटक देखना पहचान की जिज्ञासा का संकेत है।
Question 2 (ज): इस काव्यांश का भाव-सौंदर्य लिखिए।
Answer:
कवि अपनी घुमक्कड़ प्रवृत्ति के कारण परिवार के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का निर्वाह भली-भाँति नहीं कर पाया था। इसलिए कवि के मन का अपराध-बोध व्यक्त हो रहा है। दूसरी ओर, बालक की मधुर और निश्छल मुसकान के प्रभाव का भी सजीव चित्रण हुआ है।
Exam Tips:
a) भाव-सौंदर्य में कवि के मन के अपराध-बोध का उल्लेख करें।
Question 2 (झ): उपर्युक्त पद्यांश के शिल्प-सौंदर्य को स्पष्ट कीजिए।
Answer:
प्रस्तुत कवितांश में कवि ने अपने भावों को अत्यंत सरल भाषा में व्यक्त किया है। भाषा सरल, सहज और आडंबरहीन है। संबोधन शैली के कारण विषय रोचक बन पड़ा है। संस्कृतनिष्ठ शब्दावली के साथ-साथ तद्भव और देशज शब्दों का भी सार्थक प्रयोग है।
Exam Tips:
a) संबोधन शैली कविता की प्रमुख शिल्पगत विशेषता है।
Question 2 (ञ): इन काव्य पंक्तियों में प्रयुक्त भाषा की विशेषताओं का वर्णन कीजिए।
Answer:
कवि ने इन पंक्तियों में सरल और सहज भाषा का प्रयोग किया है। नागार्जुन ने अपने छोटे बच्चे की मधुर और पावन मुसकान को प्रभावशाली भाषा में अभिव्यक्त किया है। ग्राम्य भाषा और लोकभाषा के शब्दों के प्रयोग से भाषा में व्यावहारिकता आई है। छोटे-छोटे शब्दों की आवृत्ति से भाषा में लयात्मकता आ गई है।
Exam Tips:
a) लोकभाषा के शब्दों से भाषा व्यावहारिक बनती है।
b) शब्दों की आवृत्ति से लयात्मकता आती है।
Question 3: धन्य तुम, माँ भी तुम्हारी धन्य! / चिर प्रवासी मैं इतर, मैं अन्य! (‘यह दंतुरित मुसकान’ कविता का तीसरा पद्यांश)
Question 3 (क): कवि एवं कविता का नाम बताइए।
Answer:
कवि का नाम नागार्जुन है। कविता का नाम ‘यह दंतुरित मुसकान’ है।
Exam Tips:
a) कवि और कविता का नाम सीधे और पूरे लिखें।
Question 3 (ख): प्रस्तुत कवितांश का प्रसंग लिखिए।
Answer:
यह कवितांश हिंदी की पाठ्यपुस्तक ‘क्षितिज’ भाग 2 में संकलित ‘यह दंतुरित मुसकान’ कविता से लिया गया है। कवि लंबे समय बाद घर लौटता है। वह अपने बच्चे की दंतुरित मुसकान देखता है, जिससे उसे अपार प्रसन्नता मिलती है।
Exam Tips:
a) प्रसंग में कविता के संदर्भ और कवि की स्थिति लिखें।
Question 3 (ग): प्रस्तुत पद्यांश की व्याख्या कीजिए।
Answer:
कवि शिशु को संबोधित करते हुए कहता है कि तुम सौभाग्यशाली हो और तुम्हारी माँ भी अत्यंत सौभाग्यशाली है। मैं तो लंबे समय से घर से बाहर रहा हूँ, इसलिए बाहर वाला और अतिथि जैसा हूँ। तुम्हारे लिए मेरा कोई संबंध नहीं रहा। मेरी अनुपस्थिति में तुम्हारी माँ ही तुम्हारा पालन-पोषण करती रही और तुम्हें पंचामृत चटाकर पोषित करती रही। जब भी हमारी नज़रें मिलती थीं, तो मुझे तुम्हारी दुधिया दाँतों वाली मुसकान दिखाई देती थी, जो मुझे बहुत सुंदर लगती है।
Exam Tips:
a) व्याख्या में माँ और शिशु दोनों की भूमिका का उल्लेख करें।
b) ‘अतिथि’ शब्द कवि की दूरी का संकेत है।
Question 3 (घ): कवि ने किसे और क्यों धन्य कहा है?
Answer:
कवि ने शिशु की माँ और शिशु दोनों को धन्य कहा है, क्योंकि उनके कारण कवि को अपार प्रसन्नता मिली। माँ ने शिशु का पालन-पोषण किया और शिशु की मुसकान से कवि के मन को सुख मिला।
Exam Tips:
a) ‘धन्य’ शब्द माँ और शिशु दोनों के लिए प्रयुक्त है।
Question 3 (ङ): कवि ने अपने आपको चिर प्रवासी क्यों कहा है?
Answer:
कवि ने अपने आपको चिर प्रवासी इसलिए कहा है, क्योंकि वह अधिकतर घर से बाहर रहता था और इस समय भी वह कई महीनों के पश्चात् घर आया था।
Exam Tips:
a) ‘चिर’ का अर्थ लंबे समय से और ‘प्रवासी’ का अर्थ बाहर रहने वाला है।
Question 3 (च): मधुपर्क से क्या अभिप्राय है? मधुपर्क का सांकेतिक अर्थ क्या है?
Answer:
दूध, दही, घी, शहद और जल के मिश्रण को मधुपर्क कहते हैं। यहाँ मधुपर्क का सांकेतिक अर्थ माँ की आत्मीयता भरा वात्सल्य है।
Exam Tips:
a) मधुपर्क का सांकेतिक अर्थ माँ का स्नेह है।
Question 3 (छ): कविता में किस-किसकी आँखें चार हुई हैं?
Answer:
कविता में कवि और नन्हे शिशु की आँखें चार हुई हैं, अर्थात् शिशु कवि की ओर टकटकी लगाए देखता रहा और फिर मुसकराने लगा।
Exam Tips:
a) ‘आँखें चार होना’ का अर्थ है नज़रें मिलना।
Question 3 (ज): कवि को क्या छविमान लगती है?
Answer:
कवि को शिशु की नए-नए दाँतों वाली मधुर मुसकान छविमान लगती है, जिसे देखकर उसका हृदय गद्गद हो उठता है।
Exam Tips:
a) ‘छविमान’ का अर्थ सुंदर है।
Question 3 (झ): प्रस्तुत काव्यांश का भाव-सौंदर्य स्पष्ट कीजिए।
Answer:
प्रस्तुत पद्यांश में माँ और बच्चे के आत्मीय संबंध की महिमा का उल्लेख किया गया है। नए-नए उगे दाँतों वाले नन्हे बच्चे की मुसकान, उसकी तिरछी नज़रों से देखना और प्रेम व्यक्त करना आदि भावों का मनोरम चित्रण है।
Exam Tips:
a) भाव-सौंदर्य में माँ-बच्चे के संबंध को अवश्य लिखें।
Question 3 (ञ): इस पद्यांश में निहित शिल्प-सौंदर्य पर प्रकाश डालिए।
Answer:
कवि ने नन्हे शिशु की मधुर मुसकान से संबंधित भावों को सजीवता से व्यक्त किया है। भाषा मुहावरेदार है और ‘आँखें चार होना’ मुहावरे का सफल प्रयोग देखते ही बनता है। संस्कृतनिष्ठ शब्दावली का सार्थक प्रयोग हुआ है। तुकांत छंद का प्रयोग किया गया है। अनुप्रास अलंकार का सहज और स्वाभाविक प्रयोग है।
Exam Tips:
a) शिल्प में मुहावरे और अलंकार दोनों का उल्लेख करें।
Question 3 (ट): उपर्युक्त काव्यांश में प्रयुक्त भाषा की विशेषताओं का उल्लेख कीजिए।
Answer:
कवि ने सरल और सहज भाषा का प्रयोग किया है। ‘आँखें चार होना’ जैसे मुहावरों से भाषा में सारगर्भिता और रोचकता आई है। संस्कृत के तत्सम शब्दों के साथ तद्भव और देशज शब्दों के प्रयोग से भाषा व्यावहारिक बनी है। अलंकारों के सफल प्रयोग से भाषा अलंकृत रूप में प्रस्तुत हुई है।
Exam Tips:
a) मुहावरों का प्रयोग भाषा को रोचक बनाता है।
b) तत्सम, तद्भव और देशज शब्दों का मिश्रण भाषा को व्यावहारिक बनाता है।
फसल
Question 1: एक के नहीं, दो के नहीं, ढेर सारी नदियों के पानी का जादू (‘फसल’ कविता का पहला पद्यांश)
Question 1 (क): कवि एवं कविता का नाम लिखिए।
Answer:
कवि का नाम नागार्जुन है। कविता का नाम ‘फसल’ है।
Exam Tips:
a) कवि और कविता का नाम सीधे और पूरे लिखें।
Question 1 (ख): इस पद्यांश का प्रसंग स्पष्ट कीजिए।
Answer:
यह कवितांश हिंदी की पाठ्यपुस्तक ‘क्षितिज’ भाग 2 में संकलित ‘फसल’ नामक कविता से लिया गया है। इस कविता के रचयिता नागार्जुन हैं। कवि ने बताया है कि फसल उत्पन्न करने के लिए मनुष्य और प्रकृति एक-दूसरे का सहयोग करते हैं।
Exam Tips:
a) प्रसंग में कविता का नाम और कवि अवश्य लिखें।
Question 1 (ग): प्रस्तुत काव्यांश की व्याख्या कीजिए।
Answer:
कवि कहता है कि फसल उगाने में अनेक नदियों के पानी का जादू जैसा प्रभाव होता है, अर्थात् नदियों के जल से ही फसलें उगती और बड़ी होती हैं। फसल उगाने में करोड़ों लोगों का सहयोग होता है, यह करोड़ों लोगों के परिश्रम का फल है। इसमें अनेक खेतों की उपजाऊ मिट्टी के गुणों का योगदान भी होता है और इन सबके पीछे मिट्टी के गुण-धर्म छिपे रहते हैं।
Exam Tips:
a) व्याख्या में नदी, मनुष्य और मिट्टी के तीनों योगदान अलग-अलग लिखें।
Question 1 (घ): ‘एक के नहीं, दो के नहीं’ से कवि का क्या तात्पर्य है?
Answer:
इस कथन का तात्पर्य है कि फसल उगाने में केवल एक या दो व्यक्तियों का नहीं, अपितु अनेकानेक लोगों की मेहनत और अनगिनत नदियों व खेतों का योगदान होता है।
Exam Tips:
a) ‘एक नहीं, दो नहीं’ सामूहिक योगदान का संकेत है।
Question 1 (ङ): ‘कोटि-कोटि हाथों के स्पर्श की गरिमा’ का भाव स्पष्ट कीजिए।
Answer:
इस पंक्ति का भाव है कि फसल उगाने में देश के करोड़ों किसान अपने हाथों से काम करते हैं। फसल उगाने में करोड़ों किसानों के श्रम का गौरव सम्मिलित है।
Exam Tips:
a) ‘गरिमा’ का अर्थ गौरव है।
Question 1 (च): ‘मिट्टी का गुण धर्म’ से कवि का क्या तात्पर्य है?
Answer:
‘मिट्टी का गुण धर्म’ से तात्पर्य है मिट्टी की उपजाऊ शक्ति और विशेषताएँ। हमारे देश में कई प्रकार की मिट्टी पाई जाती है और हर प्रकार की मिट्टी के गुण अलग होते हैं। इन्हीं गुणों के कारण यहाँ भिन्न-भिन्न प्रकार की फसलें होती हैं।
Exam Tips:
a) मिट्टी के अलग-अलग गुण अलग फसलों का आधार बनते हैं।
Question 1 (छ): इस पद्यांश का भाव-सौंदर्य स्पष्ट कीजिए।
Answer:
प्रस्तुत काव्यांश में कवि ने फसल उगाने अथवा कृषि के क्षेत्र में किए जाने वाले श्रम के महत्त्व को उजागर किया है। कवि ने देश की विभिन्न नदियों, विभिन्न प्रकार की मिट्टी, वातावरण और मानव श्रम से संबंधित भावों को सशक्त भाषा में अभिव्यक्त किया है।
Exam Tips:
a) भाव-सौंदर्य में श्रम के सम्मान का उल्लेख अवश्य करें।
Question 1 (ज): प्रस्तुत पद्यांश के शिल्प-सौंदर्य का उल्लेख कीजिए।
Answer:
कवि ने फसल उगाने वाली सभी शक्तियों और साधनों का काव्यात्मक उल्लेख किया है। ‘एक नहीं दो नहीं’ की आवृत्ति से कविता की भाषा में प्रवाह आया है और भाव को सर्वव्यापकता मिली है। ‘पानी का जादू’ प्रयोग से पानी के महत्त्व की ओर संकेत किया गया है। पुनरुक्ति प्रकाश और अनुप्रास अलंकारों का सहज और सफल प्रयोग किया गया है।
Exam Tips:
a) शिल्प में पुनरुक्ति प्रकाश और अनुप्रास दोनों अलंकारों का उल्लेख करें।
b) ‘पानी का जादू’ लाक्षणिक प्रयोग है।
Question 1 (झ): प्रस्तुत काव्यांश के भाषा-वैशिष्ट्य पर प्रकाश डालिए।
Answer:
प्रस्तुत काव्यांश में नागार्जुन ने सरल और सहज भाषा का प्रयोग किया है। छोटे-छोटे शब्दों के सफल प्रयोग से विषय रोचक और भाषा प्रभावशाली बन पड़ी है। आदि से अंत तक भाषा का प्रवाह बना हुआ है। शब्दों की आवृत्ति से भाषा में लयात्मकता आ गई है।
Exam Tips:
a) भाषा में प्रवाह और लयात्मकता का उल्लेख करें।
Question 2: फसल क्या है? / और तो कुछ नहीं है वह, नदियों के पानी का जादू है वह (‘फसल’ कविता का दूसरा पद्यांश)
Question 2 (क): कवि एवं कविता का नाम लिखिए।
Answer:
कवि का नाम नागार्जुन है। कविता का नाम ‘फसल’ है।
Exam Tips:
a) कवि और कविता का नाम सीधे और पूरे लिखें।
Question 2 (ख): प्रस्तुत पद्यांश का प्रसंग लिखिए।
Answer:
यह काव्यांश ‘क्षितिज’ भाग 2 में संकलित नागार्जुन की कविता ‘फसल’ से लिया गया है। इसमें कवि ने बताया है कि फसल उगाना मनुष्य और प्रकृति का सम्मिलित प्रयास है।
Exam Tips:
a) प्रसंग में कविता का नाम और कवि लिखें।
Question 2 (ग): प्रस्तुत काव्यांश की व्याख्या कीजिए।
Answer:
कवि प्रश्न करता है कि आखिर फसल क्या है और स्वयं उत्तर देता है कि फसलें नदियों के पानी से सिंचकर पुष्ट हुई हैं। इन पर नदियों के जल का जादू जैसा प्रभाव होता है। किसानों के हाथों का स्पर्श और श्रम पाकर फसलें फलती-फूलती हैं। विभिन्न प्रकार की काली, भूरी और संदली मिट्टी में अलग-अलग फसलें उगती हैं। ये फसलें सूरज की किरणों का बदला हुआ रूप हैं, क्योंकि उनकी गर्मी से फसलें पकती हैं। हवाओं की थिरकन सिमटकर फसलों में समा गई है, अर्थात् हवा खेतों में लहराकर फसलों को बढ़ाने में योगदान देती है।
Exam Tips:
a) व्याख्या में पानी, किसान, मिट्टी, सूर्य और हवा के पाँचों योगदान अलग-अलग लिखें।
Question 2 (घ): प्रस्तुत पद्यांश में कवि ने किसका वर्णन किया है?
Answer:
इस पद्यांश में कवि ने फसलों पर विचार करते हुए उनके उगने में पानी, किसान के परिश्रम, विभिन्न प्रकार की मिट्टी, सूर्य की गर्मी और हवाओं की भूमिका का वर्णन किया है।
Exam Tips:
a) कविता में फसल के उगने के सभी प्राकृतिक और मानवीय कारक गिनाए गए हैं।
Question 2 (ङ): ‘हाथों के स्पर्श की महिमा’ किसे कहा है और क्यों?
Answer:
‘हाथों के स्पर्श की महिमा’ फसल को कहा गया है, क्योंकि किसान दिन-रात परिश्रम करता है, तब कहीं जाकर फसलें उगती हैं। बिना परिश्रम के फसलें नहीं उगाई जा सकतीं। अतः किसान की मेहनत के महत्त्व को उजागर करने के लिए ये शब्द कहे गए हैं।
Exam Tips:
a) ‘महिमा’ का अर्थ यश या गौरव है।
Question 2 (च): फसलों को सूर्य की किरणों का रूपांतर कहना कहाँ तक उचित है?
Answer:
फसलें सूर्य की किरणों का रूपांतर अर्थात् बदला हुआ रूप हैं। सूर्य की किरणों की गर्मी से फसलें पकती हैं। अतः इन्हें सूर्य की किरणों का रूपांतर कहना उचित है।
Exam Tips:
a) फसल की हरियाली और पकना दोनों सूर्य की ऊर्जा पर निर्भर हैं।
Question 2 (छ): मिट्टी के लिए ‘संदली’ शब्द का प्रयोग किस संदर्भ में किया गया है?
Answer:
‘संदली’ का अर्थ है चंदन जैसी सुगंध वाली। ऐसी मिट्टी में सौंधी-सौंधी गंध आती है और वह फसल उगाने के लिए अत्यंत उपयुक्त होती है। कवि ने मिट्टी की इसी विशेषता को प्रकट करने के लिए ‘संदली’ शब्द का प्रयोग किया है।
Exam Tips:
a) ‘संदली’ मिट्टी की विशेष गंध और उपजाऊपन से जुड़ा शब्द है।
Question 2 (ज): प्रस्तुत काव्यांश का भाव-सौंदर्य स्पष्ट कीजिए।
Answer:
प्रस्तुत पद्यांश में कवि ने फसलों को उगाने वाले सभी तत्त्वों के प्रभाव और उनके महत्त्व को सफलतापूर्वक व्यक्त किया है। किसान के परिश्रम, पानी के महत्त्व, सूर्य की गर्मी के प्रभाव और हवाओं की भूमिका का उल्लेख फसलों के संदर्भ में किया गया है।
Exam Tips:
a) भाव-सौंदर्य में सभी प्राकृतिक और मानवीय तत्त्वों का उल्लेख करें।
Question 2 (झ): इस पद्यांश में निहित शिल्प-सौंदर्य पर प्रकाश डालिए।
Answer:
कवि ने सरल, सहज और प्रवाहमयी भाषा का प्रयोग करके विषय को ग्रहणीय बनाया है। ‘पानी का जादू’ आदि लाक्षणिक प्रयोग देखते ही बनते हैं। प्रश्नोत्तर शैली के प्रयोग से विषय रोचक बन पड़ा है। संस्कृत के शब्दों के साथ तद्भव शब्दों का प्रयोग भी किया गया है। तुकांत छंद का प्रयोग किया गया है।
Exam Tips:
a) लाक्षणिक प्रयोग की पहचान शिल्प-सौंदर्य में अवश्य करें।
b) प्रश्नोत्तर शैली कविता को रोचक बनाती है।
Question 2 (ञ): उपर्युक्त काव्यांश की भाषागत विशेषताओं का वर्णन कीजिए।
Answer:
श्री नागार्जुन ने इन काव्य पंक्तियों में सरल और सहज भाषा का प्रयोग किया है। छोटे-छोटे वाक्यों का सफल प्रयोग किया गया है। तद्भव और तत्सम शब्दावली का प्रयोग विषयानुकूल किया गया है। प्रवाहमयता, रोचकता और भावाभिव्यक्ति की क्षमता भाषा की अन्य प्रमुख विशेषताएँ हैं।
Exam Tips:
a) छोटे वाक्यों से भाषा में प्रवाह आता है।
b) तत्सम और तद्भव शब्दों का संतुलन भाषा को विषयानुकूल बनाता है।
कविता का सार
Question 1: ‘फसल’ नामक कविता का सार लिखिए।
Answer:
‘फसल’ शब्द सुनते ही लहलहाती फसल का चित्र आँखों के सामने आ जाता है। इस कविता में कवि ने बताया है कि फसल को उत्पन्न करने में विभिन्न तत्त्वों का योगदान रहता है। फसल उगाने में नदियों के पानी का, अनेक मनुष्यों के हाथों की मेहनत का तथा खेतों की उपजाऊ मिट्टी का योगदान रहता है। इनके अतिरिक्त सूरज की किरणों और हवा का भी योगदान अत्यंत महत्त्वपूर्ण है। कवि ने स्पष्ट किया है कि प्रकृति और मनुष्य के सहयोग से ही सृजन संभव है। उपभोक्तावादी संस्कृति के इस युग में कवि ने कृषि-संस्कृति का जोरदार शब्दों में समर्थन किया है।
Exam Tips:
a) सार में पानी, मिट्टी, श्रम, सूरज और हवा, पाँचों तत्त्व शामिल करें।
b) सार की शुरुआत कविता के शीर्षक के भाव से करें।
कवि-परिचय
Question 1: कविवर नागार्जुन का संक्षिप्त जीवन-परिचय, रचनाओं, काव्यगत विशेषताओं और भाषा-शैली का वर्णन कीजिए।
Answer:
1. जीवन-परिचय:
सुप्रसिद्ध जनवादी कवि नागार्जुन का वास्तविक नाम वैद्यनाथ मिश्र था। उनका जन्म बिहार प्रदेश के दरभंगा जिले के सतलखा गाँव में सन् 1911 में हुआ। अल्पायु में ही उनकी माँ का देहांत हो गया। एक रूढ़िवादी ब्राह्मण परिवार में उनका लालन-पालन हुआ और प्रारंभिक शिक्षा स्थानीय संस्कृत विद्यालय में हुई। सन् 1936 में श्रीलंका में जाकर उन्होंने बौद्ध धर्म की दीक्षा ली। राजनीतिक गतिविधियों में भाग लेने के कारण उन्हें अनेक बार जेल भी जाना पड़ा। संस्कृत, पाली, प्राकृत और हिंदी का उन्होंने गहरा अध्ययन किया। बाल्यावस्था के कष्टों और पीड़ाओं के कारण उनके काव्य में पीड़ा का विशेष महत्त्व है। स्वभाव से फक्कड़ और मस्तमौला नागार्जुन अपने मित्रों में ‘नागा बाबा’ के नाम से जाने जाते थे। सन् 1998 में उनका देहांत हो गया।
2. प्रमुख रचनाएँ:
(i) काव्य: ‘युगधारा’, ‘प्यासी पथराई आँखें’, ‘सतरंगे पंखों वाली’, ‘प्यासी परछाई’, ‘तालाब की मछलियाँ’, ‘हज़ार-हज़ार बाँहों वाली’, ‘तुमने कहा था’, ‘पुरानी जूतियों का कोरस’, ‘खून और शोले’, ‘चना जोर गरम’ तथा खंडकाव्य ‘भस्मांकुर’।
(ii) उपन्यास: ‘वरुण के बेटे’, ‘हीरक जयंती’, ‘बलचनमा’, ‘रतिनाथ की चाची’, ‘नई पौध’, ‘कुंभीपाक’ और ‘उग्रतारा’।
उन्होंने ‘दीपक’ (हिंदी मासिक) तथा ‘विश्वबंधु’ (साप्ताहिक) का संपादन भी किया। मैथिली में रचित काव्य-रचना पर उन्हें साहित्य अकादमी पुरस्कार मिला।
3. काव्यगत विशेषताएँ:
नागार्जुन एक जनवादी कवि हैं, इसलिए उनका काव्य मानव-जीवन से जुड़ा है। उनका काव्य विविधतापूर्ण है। कुछ कविताओं में मानव मन की रागात्मक अनुभूति का सुंदर वर्णन है। कुछ रचनाओं में उन्होंने सामाजिक विषमताओं और राजनीतिक विद्रूपताओं पर व्यंग्य किया है। प्रगतिवादी विचारधारा के साथ-साथ प्रेम, सौंदर्य और प्रकृति-वर्णन भी उनके काव्य में मिलते हैं। उनके समूचे काव्य में देश-प्रेम की भावना विद्यमान है। उन्होंने वर्तमान व्यवस्था के प्रति आक्रोश प्रकट करते हुए समाज की रूढ़ियों और जड़ परंपराओं पर भी प्रहार किया है।
4. भाषा-शैली:
नागार्जुन की भाषा खड़ी बोली है, किंतु उन्होंने उसके बोलचाल रूप को अपनाया है। जनवादी कवि होने के कारण उनकी भाषा में ग्रामीण और देशज शब्दों का अधिक प्रयोग हुआ है, और कुछ स्थलों पर अंग्रेज़ी शब्दों का भी प्रयोग मिलता है। उन्होंने शृंगार, वीर और करुण तीनों रसों को समाविष्ट किया है। जहाँ आक्रोश और व्यंग्य है, वहाँ अलंकारों का प्रयोग कम है। शब्द-शक्तियों अभिधा, लक्षणा और व्यंजना का सार्थक प्रयोग हुआ है। कुछ स्थलों पर प्रतीक-विधान और बिंब-योजना भी देखी जा सकती है।
Exam Tips:
a) जीवन-परिचय में जन्म, शिक्षा और निधन के वर्ष अवश्य लिखें।
b) रचनाओं में काव्य और उपन्यास को अलग-अलग गिनाना उत्तर को व्यवस्थित बनाता है।
c) काव्य में प्रगतिवाद और प्रेम-सौंदर्य दोनों धाराओं का उल्लेख करें।
d) भाषा-शैली में बोलचाल की खड़ी बोली और शब्द-शक्तियों का उल्लेख अवश्य करें।
यह दंतुरहित मुस्कान कविता का सार
Question 1: ‘दंतुरित मुसकान’ नामक कविता का सार लिखें।
Answer:
‘यह दंतुरित मुसकान’ नागार्जुन की प्रमुख कविता है। इसमें उन्होंने छोटे बच्चे की अत्यंत आकर्षक मुसकान को देखकर मन में उमड़े भावों को विविध बिंबों के माध्यम से अभिव्यक्त किया है। कवि के मतानुसार इस सुंदरता में जीवन का संदेश है। बच्चे की मधुर मुसकान के सामने कठोर-से-कठोर हृदय भी पिघल जाता है। उसकी मुसकान में अद्भुत शक्ति है, जो किसी मृतक में भी नया जीवन फूँक सकती है। धूल-मिट्टी में सना हुआ बच्चा ऐसा लगता है मानो वह कमल का कोमल फूल है जो तालाब का जल त्यागकर उसकी झोंपड़ी में खिल उठा हो। उसे छूकर तो पत्थर भी जल बन जाता है और शेफालिका के फूल झड़ने लगते हैं। छोटा-सा शिशु कवि को पहचान नहीं सका, इसलिए वह उसकी ओर टकटकी लगाकर देखता रहता है। कवि मानता है कि वह उस मोहिनी सूरत वाले बालक और उसके सुंदर दाँतों को उसकी माँ के कारण ही देख सका था। वह माँ धन्य है और बालक की मधुर मुसकान भी धन्य है। कवि इधर-उधर घूमने वाले प्रवासी के समान था, इसलिए उसकी पहचान नन्हे बच्चे के साथ नहीं हो सकी थी। जब बच्चा कनखियों से कवि की ओर देखता, तो उसकी छोटी-छोटी दंतुरित मुसकान कवि का मन मोह लेती थी।
Exam Tips:
a) सार में कविता का प्रमुख संदेश और बिंबों दोनों का उल्लेख करें।
b) मृतक में जान और पत्थर के जल बनने की बात सार में अवश्य रखें।
c) माँ की भूमिका का उल्लेख सार का महत्त्वपूर्ण भाग है।
d) सार को कवि के भाव और कविता की घटना दोनों से जोड़कर लिखें।
Free study material for Hindi
Haryana Board Solutions for Class 10 Hindi Chapter 06 Yah Dantuhrit Muskan aur Fasal
Official Haryana Board Solutions for Chapter 06 Yah Dantuhrit Muskan aur Fasal
Explore reliable textbook solutions for Chapter 06 Yah Dantuhrit Muskan aur Fasal tailored for Class 10 learners. Utilizing these complete exercise answers ensures your preparation aligns exactly with official Haryana Board standards for Hindi.
Step-by-Step Explanations for Chapter 06 Yah Dantuhrit Muskan aur Fasal
Beyond providing final answers, these guides offer step-by-step breakdowns for complex queries in the Class 10 Hindi module. This approach helps students balance theoretical depth with practical problem-solving skills required for Haryana Board exams.
Next Steps in Your Hindi Revision
Consistent practice with these solution guides cultivates faster problem-solving habits and clearer logical structuring. For a complete preparation experience, pair these textbook answers with our dedicated revision notes and sample papers for Class 10 Hindi.
FAQs
The complete and updated HBSE Class 10 Hindi Solutions Kshitij Chapter 6 यह दंतुरहित मुस्कान और फसल is available for free on StudiesToday.com. These solutions for Class 10 Hindi are as per latest Haryana Board curriculum.
Yes, our experts have revised the HBSE Class 10 Hindi Solutions Kshitij Chapter 6 यह दंतुरहित मुस्कान और फसल as per 2026 exam pattern. All textbook exercises have been solved and have added explanation about how the Hindi concepts are applied in case-study and assertion-reasoning questions.
Toppers recommend using Haryana Board language because Haryana Board marking schemes are strictly based on textbook definitions. Our HBSE Class 10 Hindi Solutions Kshitij Chapter 6 यह दंतुरहित मुस्कान और फसल will help students to get full marks in the theory paper.
Yes, we provide bilingual support for Class 10 Hindi. You can access HBSE Class 10 Hindi Solutions Kshitij Chapter 6 यह दंतुरहित मुस्कान और फसल in both English and Hindi medium.
Yes, you can download the entire HBSE Class 10 Hindi Solutions Kshitij Chapter 6 यह दंतुरहित मुस्कान और फसल in printable PDF format for offline study on any device.