HBSE Class 10 Hindi रचना निबंध-लेखन

Solutions for Class 10 Hindi: Essay writing (Rachana Nibandh-lekhan)

Explore reliable textbook solutions for Essay writing (Rachana Nibandh-lekhan) tailored for Class 10 learners. Utilizing these Hindi answers ensures thorough preparation and strengthens foundational knowledge before final Haryana Board evaluations.

Practice Class 10 Hindi Solutions: Essay writing (Rachana Nibandh-lekhan)

Access the complete solution PDF for Class 10 Hindi below. Regular practice with these targeted textbook answers builds familiarity with standard question patterns and helps secure higher marks in final school evaluations.

Question 1: हमारा प्यारा भारतवर्ष
संकेत : भूमिका, नामकरण, प्राचीन इतिहास, भारत-विविधताओं का देश, प्राकृतिक सौंदर्य, उपसंहार।

Answer:

राष्ट्र मनुष्य की सबसे बड़ी संपत्ति है। जिस भूमि के अन्न-जल से मानव का शरीर बनता और विकसित होता है, उसके प्रति स्वाभाविक प्रेम, श्रद्धा और लगाव पैदा हो जाता है। सभी प्राणी अपनी जन्मभूमि से प्यार करते हैं और जिससे प्यार किया जाता है, उसकी हर वस्तु में सौंदर्य दिखाई देता है। हम भारतवासियों को भी अपने देश से गहरा प्रेम है और हमें यहाँ की हर वस्तु में सौंदर्य नज़र आता है। यह देश इतना पवित्र और गरिमामय है कि देवता भी यहाँ जन्म लेने के लिए लालायित रहते हैं। अपनी जन्मभूमि हमें स्वर्ग से भी बढ़कर लगती है। इसीलिए कहा गया है-
‘जननी जन्मभूमिश्च स्वर्गादपि गरीयसी।’

हमारे देश का नाम ‘भारत’ या ‘भारतवर्ष’ है। पहले इसे आर्यावर्त कहा जाता था। कुछ विद्वानों का मत है कि दुष्यंत और शकुंतला के प्रतापी पुत्र भरत के नाम पर इस देश का नाम भारत पड़ा। इसे ‘हिंदुस्तान’ भी कहा जाता है और अंग्रेज़ी में इसे ‘इंडिया’ कहते हैं।

मेरा महान देश सब देशों में शिरोमणि है। आधुनिक भारत के उत्तर में कश्मीर से लेकर दक्षिण में कन्याकुमारी तक, और पश्चिम में गुजरात से लेकर पूर्व में असम तक इसका विस्तार है। प्रकृति ने इसकी देह को मानो एक देवी का रूप दिया है। बर्फ़ की चोटियों से ढका हिमालय इसके सिर पर मुकुट के समान है, अटक से कटक तक इसकी बाँहें फैली हैं और दक्षिण में कन्याकुमारी इसके चरण हैं, जिन्हें हिंद महासागर सदा धोता रहता है।

भारत का अतीत स्वर्णिम रहा है। एक समय था जब यह ‘सोने की चिड़िया’ कहलाता था। यह देश धन-धान्य और सौंदर्य से विभूषित था तथा इसी देश ने ज्ञान की किरणें पूरे विश्व में फैलाईं। बाद में इस पर मुसलमानों, मुगलों और अंग्रेज़ों ने आक्रमण करके अपना राज्य स्थापित किया और इसे लूटा। फिर भी हमारे वीर सैनिकों और क्रांतिकारियों ने 15 अगस्त, 1947 को देश को स्वतंत्र करवाया, और आज हमारा भारत हर क्षेत्र में उन्नत और शक्तिशाली होता जा रहा है।

भारत विविधताओं का देश है। यहाँ पहाड़ियाँ भी हैं, समुद्र भी है, हरियाली भी है और रेगिस्तान भी। यहाँ गर्मी, सर्दी, पतझड़ और बसंत, हर प्रकार के मौसम मिलते हैं। यहाँ सिक्ख, ईसाई, हिंदू, मुस्लिम आदि हर धर्म के लोग रहते हैं और मंदिर, मस्जिद, गुरुद्वारा तथा गिरजाघर साथ-साथ दिखते हैं। यहाँ हिंदी, पंजाबी, उड़िया, तमिल, उर्दू, मलयालम आदि अनेक भाषाएँ बोली जाती हैं। खान-पान, रहन-सहन, वेश-भूषा और विचारों में भी विविधता है, फिर भी सभी भारतवासी एक परिवार के समान रहते हैं और ‘वसुधैव कुटुंबकम’ की भावना में विश्वास करते हैं। यही विविधता भारत की शान और उन्नति का आधार है।

भारत का प्राकृतिक सौंदर्य सभी को आकर्षित करता है। एक ओर कश्मीर में धरती का स्वर्ग दिखाई देता है, तो दूसरी ओर केरल की हरियाली मन को मोह लेती है। यहाँ सभी ऋतुएँ समय पर आती हैं और अपनी विशेषताओं से धरती को अनूठी छटा प्रदान करती हैं। इस देश की प्राकृतिक सुषमा का वर्णन करते हुए कवि रामनरेश त्रिपाठी ने लिखा है-
शोभित है सर्वोच्च मुकुट से, जिनके दिव्य देश का मस्तक।
गूँज रही हैं सकल दिशाएँ, जिनके जयगीतों से अब तक।

भारत अत्यंत प्राचीन देश है। यहाँ अनेक महापुरुषों ने जन्म लिया, जिन्होंने विश्व को सत्य, अहिंसा और सर्वधर्म सद्भाव का पाठ पढ़ाया। ज्ञान के क्षेत्र में सारा विश्व भारत का ऋणी है और इसी पर विज्ञान का ढाँचा टिका हुआ है। ज्ञान का भंडार होने के कारण भारत को ‘जगद्गुरु’ और धन-वैभव के कारण ‘सोने की चिड़िया’ कहा गया।

आज भारत लगभग हर क्षेत्र में आत्मनिर्भर है। देश में उद्योग-धंधों का जाल बिछा है और भारत विकासशील देशों में अग्रणी स्थान रखता है। परंतु दुर्भाग्य से इतनी संपन्नता होते हुए भी भारत का वर्तमान निराशा से भरा है। आज धर्म, भाषा और जाति के आधार पर झगड़े होते रहते हैं, भ्रष्टाचार ने चारों ओर पाँव पसार लिए हैं और महँगाई आसमान छू रही है। इस प्रकार मेरा देश अनेक समस्याओं से घिरा है। हम सभी का कर्तव्य है कि इन समस्याओं से छुटकारा दिलाने में अपना योगदान दें, जिससे देश अपना खोया गौरव फिर से प्राप्त कर सके।

Exam Tips:

a) भूमिका में ‘जननी जन्मभूमिश्च स्वर्गादपि गरीयसी’ उद्धृत करने से विषय का भाव शुरू में ही स्पष्ट हो जाता है।
b) नामकरण में ‘भारत’, ‘भारतवर्ष’, आर्यावर्त, हिंदुस्तान और इंडिया, सभी नामों का उल्लेख करें।
c) विविधता वाले अनुच्छेद में धर्म, भाषा, भूगोल और मौसम के अलग-अलग उदाहरण दें।
d) उपसंहार में समस्याओं का उल्लेख करके नागरिकों के कर्तव्य अवश्य लिखें।

 

Question 2: नोटबन्दी का एक वर्ष

Answer:

नोटबंदी का अर्थ है पुराने नोटों को बंद करना और उनके स्थान पर नए नोटों का प्रचलन करना। यह ऐसी प्रक्रिया है जिसमें पुरानी मुद्रा को कानूनन प्रचलन से बाहर कर दिया जाता है और उसके बदले नई मुद्रा या नोट जारी किए जाते हैं। नए नोट समाज में आ जाने पर पुराने नोटों का मूल्य नहीं रह जाता, किंतु उन्हें बैंकों में बदलवाया जा सकता है। इसके लिए समय-सीमा भी तय की जाती है।

नोटबंदी क्यों आवश्यक होती है? समाज में भ्रष्टाचार, काला धन, नकली नोट, महँगाई और आतंकवाद जैसी गतिविधियों पर काबू पाने के लिए नोटबंदी की जाती है। आतंकवादी गतिविधियों के लिए प्रयोग होने वाला धन भी इससे पकड़ा जाता है। नकद लेन-देन को हतोत्साहित करने के लिए भी नोटबंदी आवश्यक हो जाती है।

भारतवर्ष अकेला ऐसा देश नहीं जहाँ नोटबंदी लागू की गई हो। यूरोप में नई मुद्रा ‘यूरो’ अपनाए जाने के समय कई देशों ने अपनी पुरानी मुद्राएँ बदली थीं, जिससे वहाँ काफ़ी हलचल मची थी। ज़िम्बाब्वे में भी महँगाई पर लगाम कसने के लिए सन् 2014 में नोटबंदी का प्रयोग किया गया था।

Exam Tips:

a) भारत में नोटबंदी का सबसे बड़ा उदाहरण 8 नवंबर, 2016 को 500 और 1000 रुपए के नोटों का चलन बंद करना है।
b) 500 और 1000 के नोट भारतीय मुद्रा के लगभग 86 प्रतिशत मूल्य के थे, इसलिए इसका प्रभाव सबसे अधिक पड़ा।
c) नोटबंदी के लाभ में काले धन पर नियंत्रण, नकली नोटों पर रोक और डिजिटल भुगतान को बढ़ावा शामिल हैं।
d) नोटबंदी की हानियों में बैंकों और एटीएम के सामने लंबी कतारें और दैनिक जीवन की कठिनाइयाँ गिनाएँ।
भारतवर्ष में यह पहली नोटबंदी नहीं थी। इससे पूर्व भी कई बार नोटबंदी हो चुकी है। भारत में पहली बार सन् 1946 में 500, 1000 और 10,000 रुपए के नोटों की नोटबंदी की गई थी। मोरारजी देसाई के शासनकाल में भी नोटबंदी हुई थी। सन् 2005 में मनमोहन सिंह की सरकार ने भी 500 रुपए के नोटों को बदला था। छोटे सिक्कों का प्रचलन भी अब नहीं होता, और उन्हें भी बंद कर दिया गया है।
सन् 2016 की नोटबंदी की कहानी अलग थी, क्योंकि 500 और 1000 के इन दो नोटों ने भारतीय अर्थव्यवस्था के लगभग 86 प्रतिशत भाग को अपने कब्ज़े में रखा हुआ था। बाज़ार में इन्हीं नोटों का सबसे अधिक प्रचलन था।
8 नवंबर, 2016 की रात लगभग 8:15 बजे प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी ने घोषणा की कि वे कुछ बड़ी घोषणाएँ करने जा रहे हैं। लोगों को उम्मीद थी कि भारत-पाकिस्तान के बीच की नोक-झोंक पर कोई नई घोषणा होगी, किंतु उन्होंने 500 और 1000 रुपए के नोटों की नोटबंदी करके सबको चौंका दिया। इस घोषणा पर अनेक प्रतिक्रियाएँ हुईं। कुछ लोग इसका समर्थन कर रहे थे और कुछ विरोध। कुछ लोग तो इसे वापस करवाने के लिए सड़कों पर भी उतर आए। लेकिन ऐसा कुछ नहीं हुआ। नोटबंदी के अगले दिन ही बैंकों में नोट बदलवाने के लिए लंबी-लंबी लाइनें लग गईं। नोट बदलवाने के नियमों को सख्ती से लागू किया गया। सरकार ने अपने निर्णय को सही साबित करने के लिए केवल 50 दिन का समय माँगा था। पुराने नोटों के स्थान पर पाँच सौ और दो हज़ार रुपए के नए नोट चलाए गए।
नोटबंदी के समय मीडिया की भूमिका भी उल्लेखनीय रही। कुछ लोगों ने इसकी सराहना की तो कुछ ने विरोध करते हुए अनेक तर्क प्रस्तुत किए।
नोटबंदी केवल शोर मचाने के लिए नहीं की जाती। हर सिक्के के दो पहलू होते हैं। यदि नोटबंदी के कुछ लाभ हैं तो कुछ हानियाँ भी हैं। इससे काले धन पर नियंत्रण किया जा सकता है, महँगाई की दर घटाई जा सकती है और भ्रष्टाचार पर नकेल कसी जा सकती है। इसके अतिरिक्त जनता में आर्थिक जागरूकता बढ़ती है, किंतु इसे लागू करने में बहुत-सी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। नोटबंदी के कारण ही लोगों में आर्थिक कर और उसके प्रति जिम्मेदारी का अहसास हुआ। सबसे बड़ा लाभ यह हुआ कि ऑनलाइन और डिजिटल भुगतान को बढ़ावा मिला। छोटे दुकानदारों ने भी ऑनलाइन भुगतान लेना आरंभ कर दिया है।
कुछ लोगों का विचार है कि नोटबंदी से आर्थिक व्यवस्था प्रभावित हुई है, किंतु भविष्य में इसके परिणाम अच्छे निकलेंगे। नोटबंदी के कारण नकली नोट छपने बंद हो गए। काले धन को समाप्त करने में भी यह कारगर सिद्ध हुई है। इसी से कैशलेस अर्थव्यवस्था को बढ़ावा मिला है।
नोटबंदी के अनेक लाभ नज़र आए, वहीं उसकी हानियाँ भी दिखाई दीं। सबसे बड़ी हानि यह हुई कि साधारण जनता की दैनिक ज़िंदगी में बहुत कठिनाइयाँ आईं। जनता को बैंकों और एटीएम के सामने घंटों लाइनों में खड़ा रहना पड़ा। अस्पताल का बिल, बिजली का बिल और किराए जैसी अनेक समस्याओं का सामना करना पड़ा। ये कठिनाइयाँ अस्थायी और तात्कालिक थीं, और कुछ समय बाद सब कुछ सामान्य हो गया। इन कठिनाइयों के बावजूद भारतीय जनता ने नोटबंदी का स्वागत किया और सरकार की सराहना की। विदेशों में भी भारत के इस निर्णय की प्रशंसा हुई। निश्चय ही इससे कुछ सीमा तक भ्रष्टाचार पर काबू पाया जा सकेगा। कुछ लोगों ने अपना काला धन सरकार को समर्पित भी किया, जो इस दिशा में बड़ी उपलब्धि है।
सार रूप में कहा जा सकता है कि सन् 2016 का नोटबंदी का निर्णय एक ऐतिहासिक निर्णय सिद्ध हुआ है। यदि भारत को विकास के पथ पर आगे बढ़ना है तो ऐसे निर्णय लेने पड़ेंगे। हर कार्य के गुण और अवगुण दोनों होते हैं। अच्छी योजनाओं को बढ़ावा देने के लिए साहसी कदम उठाना ही पड़ता है। ऐसे कदम के लिए जनता का भरोसा और हौसला बहुत बड़ी बात है, इसलिए जनता को इस कार्य में सरकार की मदद करनी चाहिए। बड़ी योजनाओं को लागू करने और बड़े निर्णय लेने के लिए देश, जनता और सरकार को मिलकर कार्य करना होगा।
a) नोटबंदी का मुख्य उदाहरण 8 नवंबर, 2016 और 500-1000 रुपए के नोट बताएँ।
b) 1946 की नोटबंदी और 2016 की नोटबंदी के अंतर को उदाहरण सहित लिखें।
c) लाभ और हानि दोनों पक्ष संतुलित रूप से लिखना उत्तर को प्रभावी बनाता है।
d) उपसंहार में नोटबंदी को विकास के लिए साहसिक कदम मानते हुए जनता के सहयोग की बात कहें।

 

Question 3: राष्ट्रीय एकता
संकेत : भूमिका, भारत में उत्पन्न समस्याएँ, दूषित राजनीति, असमानताओं में समानता, उपसंहार।

Answer:

किसी उद्देश्य की प्राप्ति के लिए बहुत-से लोगों का मिलकर कार्य करना संगठन कहलाता है। संगठन ही सभी शक्तियों का मूल है। एकता के बल पर ही अनेक राष्ट्रों का निर्माण हुआ है। एकता एक महान शक्ति है। एकता के बल पर छोटे-से-छोटा व्यक्ति भी अपना कार्य पूरा कर लेता है। जिस परिवार में एकता होती है, वहाँ सदा सुख-समृद्धि और शांति रहती है। एकता के बल पर बलवान शत्रु को भी पराजित किया जा सकता है। छोटे-छोटे जीव-जंतु भी संगठन के बल पर अपने कार्य पूरे कर लेते हैं। मधुमक्खियाँ एकत्र होकर रस का एक बहुत बड़ा छत्ता बना लेती हैं।
अल्पानामपि वस्तूनां संहतिः कार्यसाधिका।
तृणैर्गुणत्वमापन्नैर्बध्यन्ते मत्तदन्तिनः।।
अर्थात् छोटी-छोटी वस्तुओं का समूह भी कार्य सिद्ध करने में समर्थ होता है। जैसे छोटे-छोटे तिनके रस्सी का रूप लेकर मतवाले हाथियों को भी बाँध सकते हैं। एकता वह शक्ति है जिसके बिना कोई देश, समाज या संप्रदाय उन्नति नहीं कर सकता। एकता के अभाव के कारण ही हम सैकड़ों वर्षों तक अंग्रेज़ों के गुलाम रहे। उन्होंने हमारी कमज़ोरी का लाभ उठाकर मनमाने अत्याचार किए, भारतीय संस्कृति पर प्रहार किए, हमारी मान-मर्यादाएँ लूटीं और हमें परतंत्रता की बेड़ियों में ऐसे जकड़ दिया कि उससे मुक्ति की कल्पना भी संदिग्ध लगने लगी।

स्वतंत्रता-प्राप्ति के बाद से ही भारत में अनेक समस्याएँ उत्पन्न होती रही हैं। इनमें सांप्रदायिक समस्या प्रमुख है। हमारे देश का विभाजन भी इसी समस्या के आधार पर हुआ। कुछ स्वार्थी तत्त्वों ने देश में सांप्रदायिकता की आग फैला दी, जिससे हम आज तक पूरी तरह मुक्त नहीं हो पाए हैं। स्वतंत्रता की रक्षा और प्रगति के लिए राष्ट्रीय एकता पर विशेष ध्यान देना चाहिए। हर वर्ग में एकता के बिना देश उन्नति नहीं कर सकता। वर्तमान में देश को अनुशासन और आपसी सहयोग के वातावरण की अत्यधिक आवश्यकता है।

कुछ वर्षों से दूषित राजनीति के कारण देश में विषैला वातावरण बनता जा रहा है। धर्मांधता के कारण लोग आपस में झगड़ रहे हैं। अपने-अपने स्वार्थों में लिप्त लोग आपसी प्रेम को भूल रहे हैं। स्वार्थ की भावना, प्रांतीयता और भाषावाद के कारण राष्ट्रीय भावना प्रभावित हुई है। लोगों में संकीर्णता पनप रही है और व्यापक दृष्टिकोण लुप्त होता जा रहा है। विश्व-बंधुत्व की भावना अपने परिवार तक सीमित होकर रह गई है। जहाँ किसी ने प्रयास किया भी, तो वह प्रदेश स्तर तक जाकर असफल हो गया। इसके परिणामस्वरूप सांप्रदायिक ताकतें मजबूत हो रही हैं और लोग एक-दूसरे के खून के प्यासे हो रहे हैं।

जम्मू-कश्मीर, असम आदि प्रदेशों में नर-संहार की घटनाएँ सुनने को मिलती हैं। इन सबके लिए वे स्वार्थी नेता ज़िम्मेदार हैं जो अपना उल्लू सीधा करने के लिए देश को दाँव पर लगा रहे हैं। अनेक विषमताओं के होते हुए भी जब हम राष्ट्रीय एकता पर विचार करते हैं तो पता चलता है कि धार्मिक भावना, आध्यात्मिकता, समन्वय की भावना, दार्शनिक दृष्टिकोण, साहित्य, संगीत और नृत्य जैसे अनेक तत्त्व देश को एकता के सूत्र में बाँधे हुए हैं। सरकार और जनता को एकजुट होकर प्रयास करना होगा। राष्ट्रीय एकता के लिए व्यक्तिगत और सार्वजनिक संपत्ति की सुरक्षा का प्रबंध करना आवश्यक है।

राष्ट्रीय एकता को खतरा पहुँचाने वाले शत्रु-पक्ष पर कठोर दंड-नीति लागू की जाए और पुलिस की गतिविधियों पर भी नियंत्रण रखा जाए। आज सभी संगठनों को मिलकर राष्ट्रीय एकता के लिए प्रयास करना चाहिए। हमारी स्वतंत्रता राष्ट्रीय एकता पर आधारित है, इसके अभाव में स्वतंत्रता भी असंभव है। अपनी स्वतंत्रता की रक्षा के लिए हमें भरपूर प्रयत्न करने चाहिए, ताकि हम और हमारे वंशज स्वतंत्रता की खुली हवा में साँस लेते रहें। विघटन की प्रवृत्ति हमें झकझोर देती है और एकता को संकट-सा प्रतीत होने लगता है, परंतु देश की आत्मा एकरूपता को फिर से प्रकट कर देती है।

सुखद है कि आज देश राष्ट्रीय एकता के लिए हर संभव प्रयास कर रहा है और सरकार भी इसके लिए निरंतर कार्य कर रही है। हम अपने देशवासियों से निवेदन करते हैं कि वे अपने पूर्वजों के समान एकता के सूत्र में बँध जाएँ, क्योंकि सही अर्थ में देश की उन्नति ही आपकी अपनी उन्नति है।

Exam Tips:

a) भूमिका में संगठन की शक्ति बताने के लिए मधुमक्खी या तिनकों वाला उदाहरण दें।
b) दूषित राजनीति, धर्मांधता और प्रांतीयता को अलग-अलग बिंदुओं में समझाएँ।
c) ‘अल्पानामपि वस्तूनां संहतिः कार्यसाधिका’ सूक्ति का अर्थ उत्तर में अवश्य लिखें।
d) उपसंहार में सरकार और जनता दोनों की भूमिका और उनके सहयोग की बात लिखें।

 

Question 4: स्वदेश-प्रेम
संकेत : भूमिका, देशप्रेम एक स्वाभाविक गुण, भारतवर्ष प्यारा देश, देश के प्रति हमारा कर्त्तव्य, भारत एक विशाल देश, उपसंहार।

Answer:

देशभक्ति पावन गंगा नदी के समान है, जिसमें स्नान करने से मनुष्य ही नहीं, उसका मन और अंतरात्मा भी पावन हो जाते हैं। स्वदेश-प्रेम का अर्थ है अपने देश या वतन की रक्षा और उन्नति के लिए अपना तन, मन और धन देश के चरणों में समर्पित कर देना। जिस देश की धूल में लोट-लोटकर हम बड़े हुए हैं, जिसके अन्न, जल और वायु से हम विकसित हुए हैं, उसकी सेवा न करना कृतघ्नता है। माता और मातृभूमि के ऋण से मनुष्य जीवन भर मुक्त नहीं हो सकता। इसीलिए भगवान राम ने सोने की लंका देखकर लक्ष्मण से कहा था-
जननी जन्मभूमिश्च स्वर्गादपि गरीयसी।

मनुष्य में अपने देश के प्रति स्वाभाविक प्रेम होता है। यह गुण पशु-पक्षियों में भी दिखाई देता है। पक्षी दूर दिशाओं से उड़कर शाम को अपने घोंसलों में लौट आते हैं। वन में चरने वाली गाय-भैंसें भी दिन ढलते ही अपने खूँटों पर पहुँचकर सुख-शांति पाती हैं। इसके पीछे एक कारण है-अपने स्थान से प्रेम। मनुष्य चाहे किसी काम से विदेश में रहे, उसके हृदय में मातृभूमि के प्रति प्रेम ज्यों-का-त्यों बना रहता है। वह अपने देश, घर और परिवार को याद करता है। जिस व्यक्ति को अपनी मातृभूमि से प्रेम नहीं, वह तो पशुओं से भी निकृष्ट है। ऐसा व्यक्ति जीवन में अपयश पाता है और मरकर भी नरक भोगता है।

हिमालय के विशाल आँगन में बसा हमारा भारतवर्ष प्रिय देश है। भारत-भूमि पर ही सबसे पहले मानव सभ्यता और संस्कृति का आरंभ हुआ। हमारे पूर्वजों ने सबसे पहले ज्ञान प्राप्त किया और संसार को यह ज्ञान दिया। हमारे यहाँ महात्मा बुद्ध जैसे महापुरुष हुए, जिन्होंने संसार को शांति का संदेश दिया। महात्मा बुद्ध और सम्राट अशोक ने यह सिद्ध कर दिखाया कि विजय केवल शस्त्रों से ही नहीं, सत्य और अहिंसा से भी प्राप्त की जा सकती है। हमारे देश के पर्वत, नदियाँ, सागर, हरे-भरे जंगल और खेत-खलिहान हमारे भीतर देश के प्रति प्रेम-भावना जगाते हैं। कविवर जयशंकर प्रसाद ने सही कहा है-
जिएँ तो सदा उसके लिए, यही अभिमान रहे, यह हर्ष।
निछावर कर दें हम सर्वस्व, हमारा प्यारा भारतवर्ष।।

आज हमारा भारतवर्ष स्वतंत्र है, इसलिए स्वतंत्रता-प्राप्ति के बाद देशभक्तों का कार्यक्षेत्र भी बढ़ गया है। हमें देश के प्रति अपने कर्तव्यों को समझना चाहिए। हमारे किसान और मज़दूर अब भी बहुत गरीब और पिछड़े हुए हैं, और गाँवों में पिछड़ापन है। उनकी स्थिति सुधारनी है, असहाय और बेरोज़गारों को रोज़गार देना है, सबके लिए अन्न और वस्त्र की व्यवस्था करनी है और करोड़ों अनपढ़ों को पढ़ाना है। विकसित देशों के शोषण से बचने के लिए उद्योगों का अधिकाधिक विकास भी करना है। यद्यपि सरकार इस दिशा में अनेक प्रयत्न कर रही है, फिर भी वे प्रयत्न पर्याप्त नहीं हैं। आज ऐसे देशभक्तों की आवश्यकता है जो तन, मन और धन सब कुछ देश के चरणों में अर्पित कर दें।

हमारा भारत एक विशाल देश है। इसकी जनसंख्या एक अरब से भी अधिक हो चुकी है। स्वतंत्रता के बाद हमने धर्मनिरपेक्ष गणतंत्र की स्थापना की। यहाँ हिंदू, मुसलमान, सिक्ख, ईसाई आदि सभी धर्मों के लोग मिल-जुलकर रहते हैं, यद्यपि कभी-कभी विचारों की भिन्नता भी पैदा हो जाती है। यहाँ हिंदी, संस्कृत, अंग्रेज़ी, मराठी, गुजराती, बांग्ला, तमिल और तेलुगु आदि अनेक भाषाएँ बोली जाती हैं। कभी-कभी यह भाषा-मोह हमारे भीतर आपसी भेदभाव पैदा कर देता है, परंतु हमें यह नहीं भूलना चाहिए कि यह हमारा अपना देश है, हमारा जन्म यहीं हुआ है और आपसी झगड़े इसे कमज़ोर बना सकते हैं। इसलिए हमें परस्पर स्नेह और प्रेम के साथ रहना चाहिए। उर्दू के कवि इकबाल ने ठीक कहा है-
मज़हब नहीं सिखाता आपस में बैर रखना।
हिंदी हैं हम, वतन है हिंदोस्ताँ हमारा।।

हमारी संस्कृति का मूल-मंत्र भी यही है। जो लोग धर्म के नाम पर घृणा, वैर-भाव और ईर्ष्या-द्वेष फैलाते हैं, वे सच्चे भारतवासी नहीं हैं, बल्कि ऐसे लोग देशद्रोही हैं।

देश की उन्नति के लिए भी स्वदेश-प्रेम आवश्यक है। जिस देश के निवासी अपने देश के कल्याण में ही अपना कल्याण समझते हैं और देश के विकास में अपना विकास, वे अन्य देशों के सामने अपने देश का नाम ऊँचा करते हैं। देश की सामाजिक और आर्थिक उन्नति भी देशभक्त नागरिकों पर निर्भर करती है। जिन देशों के बालक, वृद्ध, स्त्रियाँ और युवा अपने देश की बलिवेदी पर अपने स्वार्थ न्योछावर करते हैं, वही देश संसार में शक्तिशाली माने जाते हैं। आज हमारे देश में निःस्वार्थ देशभक्तों की कमी है, और इसी कारण देश अपेक्षित उन्नति नहीं कर पाया। अतः हमें अपने देश की स्वतंत्रता को बनाए रखने के लिए देशप्रेम की भावना का विकास करना चाहिए।

Exam Tips:

a) भूमिका में स्वदेश-प्रेम को पावन गंगा से तुलना करके समझाएँ।
b) पशु-पक्षियों के उदाहरण से यह बताएँ कि प्रेम स्वाभाविक गुण है।
c) देश के प्रति कर्तव्य में किसान, मज़दूर और अशिक्षा का उल्लेख करें।
d) उपसंहार में देशप्रेम को देश की उन्नति और स्वतंत्रता की रक्षा से जोड़ें।

 

Question 5: राष्ट्र भाषा हिंदी
संके त : भूमिका, अंग्रेज़ी-हिंदी का विवाद, राष्ट्र भाषा के रूप में हिंदी, हिंदी के विकास के प्रयत्न, हिंदी का विरोध, हिंदी राष्ट्र भाषा बनने में समर्थ, उपसंहार।

Answer:

‘राष्ट्र’ शब्द का प्रयोग किसी देश और वहाँ बसने वाले लोगों के लिए किया जाता है। प्रत्येक राष्ट्र का अपना स्वतंत्र अस्तित्व होता है, जिसमें विभिन्न जातियों और धर्मों के लोग रहते हैं। अलग-अलग स्थानों या प्रांतों में रहने वाले लोगों की भाषा भी भिन्न होती है, फिर भी उनमें एकता बनी रहती है। पूरे राष्ट्र के शासन का एक केंद्र होता है, इसलिए राष्ट्र की एकता को और दृढ़ बनाने के लिए एक ऐसी भाषा की आवश्यकता होती है जिसका प्रयोग संपूर्ण राष्ट्र में महत्त्वपूर्ण कार्यों के लिए किया जाए। ऐसी व्यापक भाषा ही राष्ट्र भाषा कहलाती है। भारत में अनेक भाषाएँ बोली जाती हैं। भारत को भाषाओं का अजायबघर कहा जाए तो अतिशयोक्ति न होगी, फिर भी एक संपर्क भाषा के बिना आज पूरे राष्ट्र का काम नहीं चल सकता।

सन् 1947 में भारत को स्वतंत्रता प्राप्त हुई। जब तक अंग्रेज़ शासक रहे, तब तक अंग्रेज़ी का बोलबाला रहा, किंतु उनके जाने के बाद देश के सारे कार्य अंग्रेज़ी में होना संभव नहीं था। जब संविधान का निर्माण हुआ तो यह प्रश्न उठा कि राष्ट्र की भाषा कौन-सी हो, क्योंकि राष्ट्र भाषा के बिना राष्ट्र के स्वतंत्र अस्तित्व की पहचान अधूरी रहती। कुछ लोग अंग्रेज़ी को ही राष्ट्र भाषा बनाए रखने के पक्ष में थे, परंतु अंग्रेज़ी को राष्ट्र भाषा घोषित नहीं किया जा सकता था, क्योंकि देश में बहुत कम लोग अंग्रेज़ी बोल सकते थे। दूसरे, अंग्रेज़ी को यहाँ बनाए रखने का अर्थ था कि हम किसी-न-किसी रूप में उनकी दासता में फँसे रहें।

हिंदी को राष्ट्र भाषा घोषित करने का मुख्य तर्क यह है कि हिंदी एक भारतीय भाषा है। दूसरे, किसी भी अन्य प्रांतीय भाषा को बोलने वालों से अधिक लोग हिंदी बोलते थे। तीसरे, हिंदी समझना सरल है और देश के प्रत्येक अंचल में इसे सरलता से समझा जाता है, भले ही लोग इसे बोल न सकें। चौथी बात यह है कि हिंदी अन्य भारतीय भाषाओं की तुलना में सरल है और इसके शब्द-प्रयोग में तर्क है। इसे दो-तीन महीनों में सीखा जा सकता है। इन्हीं विशेषताओं के कारण भारतीय संविधान सभा ने निश्चय किया कि हिंदी भारत की राष्ट्र भाषा और देवनागरी लिपि राष्ट्र लिपि होगी।

हिंदी को राष्ट्र भाषा घोषित करने के बाद उसका एकदम प्रयोग करना कठिन था। इसलिए सरकारी कर्मचारियों को यह सुविधा दी गई कि सन् 1965 तक केंद्रीय शासन का कार्य व्यावहारिक रूप से अंग्रेज़ी में चलता रहे, और इस बीच पंद्रह वर्षों में हिंदी को समृद्ध बनाने के प्रयत्न किए जाएँ तथा सरकारी कर्मचारी भी हिंदी सीख लें। कर्मचारियों को हिंदी पढ़ने की विशेष सुविधाएँ दी गईं और शिक्षा में हिंदी को अनिवार्य विषय बना दिया गया।

शिक्षा मंत्रालय की ओर से हिंदी के पारिभाषिक शब्द-निर्माण का कार्य आरंभ हुआ और इसी प्रकार की अन्य सुविधाएँ हिंदी को दी गईं, ताकि हिंदी अंग्रेज़ी का स्थान पूरी तरह ग्रहण कर ले। अनेक भाषा-विशेषज्ञों की राय है कि यदि भारतीय भाषाओं की लिपि के रूप में देवनागरी स्वीकार कर ली जाए तो राष्ट्रीय भावात्मक एकता स्थापित करने में सुविधा होगी। तब सभी भारतीय एक-दूसरे की भाषा में रचे हुए साहित्य का रसास्वादन कर सकेंगे।

आज जहाँ शासन और जनता हिंदी को आगे बढ़ाने और उसका विकास करने के लिए प्रयत्नशील हैं, वहीं ऐसे लोगों की भी कमी नहीं है जो उसकी टाँग पकड़कर पीछे खींचने का प्रयत्न कर रहे हैं। इनमें कुछ ऐसे हैं जो हिंदी को संविधान के अनुसार सरकारी भाषा बनाने से तो सहमत हैं, किंतु उसे राष्ट्र भाषा के रूप में स्वीकार नहीं करना चाहते। कुछ लोग उर्दू का निराधार पक्ष लेकर राज्य-कार्य में विघ्न डालते रहते हैं। धीरे-धीरे पंजाब, बंगाल और चेन्नई के निवासी भी प्रांतीयता की संकीर्णता में फँसकर अपनी-अपनी भाषाओं की माँग करने लगे हैं, परंतु हिंदी ही एक ऐसी भाषा है जिसके द्वारा संपूर्ण भारत को एक सूत्र में पिरोया जा सकता है।

निःसंदेह हिंदी में राष्ट्र भाषा बनने की पूर्ण क्षमता है। इसका समृद्ध साहित्य और प्रतिभा-संपन्न साहित्यकार इसे देश की संपर्क भाषा का दर्जा दिलाते हैं। किंतु आज सबसे बड़ा प्रश्न यह है कि हिंदी का प्रचार-प्रसार कैसे किया जाए। सर्वप्रथम हिंदी को रोज़गार से जोड़ा जाए। हिंदी सीखने वालों को सरकारी नौकरियों में प्राथमिकता दी जाए। सरकारी कार्यालयों और न्यायालयों में केवल हिंदी का ही प्रयोग होना चाहिए। अहिंदी भाषी क्षेत्रों में हिंदी का अधिकाधिक प्रचार होना चाहिए और वहाँ हिंदी की पत्र-पत्रिकाओं के प्रकाशकों और संपादकों को आर्थिक अनुदान दिया जाए।

आज हिंदी के प्रचार-प्रसार में कुछ बाधाएँ अवश्य हैं, किंतु केंद्र सरकार, राज्य सरकारें और जनता सभी एकजुट होकर हिंदी के विकास के लिए प्रयत्नशील हैं। सरकार ने अनेक योजनाएँ बनाई हैं। उत्तर भारत के अधिकांश राज्यों में सरकारी कामकाज हिंदी में हो रहा है। राष्ट्रीयकृत बैंकों ने भी हिंदी में कार्य आरंभ कर दिया है। विभिन्न संस्थाएँ और अकादमियाँ हिंदी की श्रेष्ठ पुस्तकों को पुरस्कृत कर रही हैं। दूरदर्शन और आकाशवाणी भी इस दिशा में काफ़ी प्रयास कर रहे हैं।

Exam Tips:

a) भूमिका में राष्ट्र और राष्ट्र भाषा के अंतर को स्पष्ट करें।
b) हिंदी को राष्ट्र भाषा बनाने के चारों तर्कों को क्रम से लिखें।
c) 1965 तक अंग्रेज़ी के प्रयोग की छूट वाला तथ्य अवश्य लिखें।
d) उपसंहार में सरकारी प्रयासों के साथ जनता की भूमिका का उल्लेख करें।

 

Question 6: दीपावली पर पटाखों का प्रदूषण

Answer:

दीपावली भारत का सुप्रसिद्ध और महत्त्वपूर्ण त्योहार है। इसका धार्मिक ही नहीं, सामाजिक महत्त्व भी बहुत अधिक है। यह केवल हिंदुओं का ही नहीं, बल्कि देश के हर धर्म के लोगों का त्योहार है। ‘दीपावली’ का अर्थ है दीपों की पंक्ति। इस अवसर पर लोग अपने घरों को दीपों से सजाते हैं, इसीलिए इसे ‘प्रकाश का त्योहार’ भी कहा जाता है। यह त्योहार श्रीराम के चौदह वर्ष का वनवास पूरा करके अयोध्या लौटने की खुशी में मनाया जाता है। इस दिन धन की देवी लक्ष्मी जी की भी पूजा होती है।

निश्चय ही यह खुशियों का त्योहार है, किंतु इसे मनाने में अब कुछ बुराइयाँ भी शामिल हो गई हैं, जैसे जुआ खेलना, शराब का सेवन और अत्यधिक पटाखे जलाना। आजकल पटाखे इतनी अधिक मात्रा में जलाए जाते हैं कि इस त्योहार का सारा महत्त्व समाप्त होता दिखता है।

पटाखों के चलाने से पर्यावरण प्रदूषण कई गुना बढ़ जाता है। प्रदूषण पहले ही विश्व के लोगों के लिए एक गंभीर समस्या बनी हुई है। आज जल-प्रदूषण, वायु-प्रदूषण और ध्वनि-प्रदूषण अपनी चरम सीमा पर पहुँच रहे हैं। राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर इसके समाधान के प्रयास हो रहे हैं, किंतु कोई विशेष सफलता नहीं मिल रही है। भारत में पटाखों के अत्यधिक प्रयोग से वायु-प्रदूषण और ध्वनि-प्रदूषण कई गुना बढ़ जाता है। कारखानों से निकलने वाली विषैली गैसों से वायु पहले ही प्रदूषित है।

दीपावली पर पटाखों से निकलने वाली जहरीली गैस से वायु इतनी प्रदूषित हो जाती है कि साँस लेना भी कठिन हो जाता है। चारों ओर पटाखों का धुआँ फैल जाता है, जिससे आँखों में जलन होने लगती है। फेफड़ों में जहरीला धुआँ पहुँचने से कई प्रकार की बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है और कुछ लोगों का रक्तचाप भी बढ़ जाता है। कहने का तात्पर्य है कि पटाखों से निकलने वाली गैसों और धुएँ के कारण खुशियों का त्योहार मानव-जीवन के लिए खतरे का त्योहार बनता जा रहा है। पर्यावरण वैज्ञानिकों के अनुसंधान से भी इनके दुष्परिणाम सामने आए हैं। पटाखों के धुएँ और गैसों का मानव-स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है।

पटाखों को अंधाधुंध जलाने से अनेक दुर्घटनाएँ भी होती हैं। लापरवाही से चलाने पर बच्चों के हाथ-पैर जल जाते हैं। दूर जाकर गिरने वाली आतिशबाज़ी से आग लगने का भय बना रहता है। पटाखों के अवशेष भी पर्यावरण को प्रदूषित करते हैं।

पटाखों से ध्वनि-प्रदूषण भी बढ़ता है। कुछ पटाखों से इतनी तेज़ आवाज़ निकलती है कि कानों के परदे फटने का खतरा बढ़ जाता है। अधिक ध्वनि-प्रदूषण से कई बीमारियों की संभावना बढ़ जाती है। तेज़ आवाज़ से दिल की धड़कन बढ़ जाती है, तनाव और बेचैनी बढ़ती है तथा बहरेपन और फेफड़ों से संबंधित बीमारियाँ बढ़ती हैं। ध्वनि-प्रदूषण का मानव-स्वभाव पर भी बुरा प्रभाव पड़ता है। इस प्रकार प्रदूषण के कारण दीपावली का आनंद किरकिरा हो जाता है।

यदि हम दीपावली का सही आनंद चाहते हैं तो पटाखों पर पूरी तरह रोक लगानी होगी और त्योहार को सहज भाव से सही ढंग से मनाना होगा। भारत सरकार ने हाल के वर्षों में पटाखों से होने वाली दुर्घटनाओं और वायु व ध्वनि प्रदूषण को ध्यान में रखते हुए कुछ प्रतिबंध लगाए हैं। पटाखों की बजाय दीप जलाने और फुलझड़ियों का प्रयोग करना चाहिए। पटाखों से होने वाली हानियों के प्रति समाज में जागरूकता भी लानी होगी, तभी इस बुराई से छुटकारा मिल सकता है। परंपरागत तरीकों से दीपावली मनाने से उसके वास्तविक महत्त्व का संदेश जनता तक पहुँचेगा। हमें स्वयं पर्यावरण की स्वच्छता और शुद्धता का ध्यान रखते हुए दीपावली पर न तो पटाखे जलाने चाहिए और न ही दूसरों को इसके लिए प्रेरित करना चाहिए। तभी हम सौहार्दपूर्ण, स्वच्छ और शुद्ध वातावरण में दीपावली का सच्चा आनंद प्राप्त कर सकेंगे।

Exam Tips:

a) दीपावली का अर्थ ‘दीपों की पंक्ति’ और श्रीराम के अयोध्या लौटने का प्रसंग भूमिका में लिखें।
b) वायु, ध्वनि और जल प्रदूषण को अलग-अलग अनुच्छेदों में समझाएँ।
c) पटाखों से होने वाली दुर्घटनाओं और स्वास्थ्य पर प्रभाव का उल्लेख करें।
d) उपसंहार में दीप जलाने और परंपरागत तरीकों से मनाने का सुझाव दें।

 

Question 7: स्वतंत्रता दिवस
संके त : भूमिका, पराधीनता एक अभिशाप, स्वतंत्रता प्राप्ति के लिए संघर्ष, स्वतंत्रता दिवस का समारोह, राष्ट्रीय एकता को मजबूत बनाने के प्रयास, उपसंहार।

Answer:

मनुष्य एक सामाजिक प्राणी है और उसे समाज में स्वतंत्रतापूर्वक जीने का अधिकार है। संसार के सभी प्राणी स्वतंत्र रहना चाहते हैं। पिंजरे में बंद पक्षी भी स्वतंत्रता के लिए निरंतर पंख फड़फड़ाता रहता है। उसे सोने का पिंजरा या सोने की कटोरी में स्वादिष्ट भोजन भी अच्छा नहीं लगता। वह मुक्त गगन में स्वच्छंद उड़ान भरना चाहता है, तो फिर मनुष्य को स्वतंत्रता कैसे प्रिय न होगी? वह भी स्वतंत्रता के लिए संघर्ष करता हुआ प्राणों की बाज़ी लगा देता है।

महाकवि तुलसीदास ने भी कहा है-‘पराधीन सपनेहुँ सुख नाहिं।’ स्वतंत्रता जीवन और परतंत्रता मृत्यु के समान है। जब कोई राष्ट्र दुर्भाग्यवश पराधीनता की बेड़ियों में जकड़ जाता है, तो उसका जीवन अभिशाप बन जाता है। भारत जैसा महान देश भी आपसी फूट और वैरभाव के कारण सैकड़ों वर्षों तक पराधीनता का अभिशाप सहता रहा। इतने लंबे दौर में हम घुन लगी लकड़ी के समान कमज़ोर हो गए और अपनी संस्कृति तथा परंपराओं को भूलने लगे।

भारत की स्वतंत्रता की कहानी भी निरंतर संघर्षों और बलिदानों की कहानी है। स्वतंत्रता की यह चिंगारी सन् 1857 में सुलगी थी। उस समय रानी लक्ष्मीबाई, तात्या टोपे, नाना साहब आदि ने स्वतंत्रता के लिए संघर्ष किया। यह चिंगारी भीतर-ही-भीतर भारतीयों के हृदय में सुलगती रही। महात्मा गांधी, पं० नेहरू, लोकमान्य तिलक, सरदार पटेल, नेताजी सुभाषचंद्र बोस आदि ने इस चिंगारी को शोला बना दिया। भगतसिंह, राजगुरु और चंद्रशेखर आज़ाद ने इसे हवा दी। देशभक्तों ने जेल-यात्राएँ कीं, लाठियाँ और गोलियाँ खाईं और अनेक वीरों ने प्राणों का बलिदान दिया। अंत में सन् 1942 में गांधी जी के नेतृत्व में ‘अंग्रेज़ो भारत छोड़ो’ का नारा लगा और इस आंदोलन में बहुत-से भारतीयों ने भाग लिया।

इसका परिणाम यह हुआ कि अंग्रेज़ हिल गए और उन्होंने 15 अगस्त, 1947 को भारत को स्वतंत्र कर दिया। इसी कारण प्रतिवर्ष 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस के रूप में मनाया जाता है।

स्वतंत्रता दिवस का मुख्य समारोह भारत की राजधानी दिल्ली में लाल किले पर होता है और इस दिन सार्वजनिक अवकाश रहता है। 15 अगस्त की पूर्व संध्या पर राष्ट्रपति देश के नाम संदेश देते हैं। दिल्ली में लाल किले पर प्रधानमंत्री राष्ट्रीय ध्वज फहराते हैं और देशवासियों को संबोधित करते हैं। रात को सरकारी भवनों पर रोशनी की जाती है। राष्ट्रीय पर्व केवल भाषण देने या सुनने के लिए नहीं है। यह उन अमर शहीदों के बलिदान की याद दिलाता है, जिन्होंने अपना जीवन देकर हमें आज़ादी दिलाई। इस आज़ादी को बनाए रखने के लिए हमें आपसी भेदभाव और ऊँच-नीच को भुलाकर देश की उन्नति में तन, मन और धन से सहयोग करना चाहिए।

‘अपनी आज़ादी को हम हरगिज़ लुटा सकते नहीं,
सर कटा सकते हैं लेकिन सर झुका सकते नहीं।’

इतने वर्षों से हम स्वतंत्रता दिवस मनाते आ रहे हैं, फिर भी हम स्वतंत्रता का सही अर्थ पूरी तरह नहीं समझ पाए हैं। भाषा, धर्म, जाति और प्रांत के नाम पर आज भी आपस में लड़ते-झगड़ते हैं। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के ‘रामराज्य’ का सपना अब तक साकार नहीं हो पाया है। इस सपने को केवल भारत के नवयुवक ही पूरा कर सकते हैं। आज देश की सीमाओं पर शत्रु अपनी नज़र गड़ाए हुए हैं। हमें इसके लिए सचेत रहना चाहिए। राष्ट्रीय एकता को और मज़बूत करना होगा, ताकि शत्रु अपने नापाक इरादों में सफल न हो सकें।

यह राष्ट्रीय पर्व हमें प्रतिवर्ष स्वतंत्रता के संघर्ष और उसमें शहीद होने वालों की याद दिलाता है। यह हमें स्वतंत्रता बनाए रखने की प्रेरणा देता है। इस दिन राष्ट्र स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धांजलि अर्पित करता है और देश की स्वतंत्रता की रक्षा की शपथ लेता है।

Exam Tips:

a) भूमिका में ‘पराधीन सपनेहुँ सुख नाहिं’ उद्धृत करके विषय को आरंभ करें।
b) 1857 से 1947 तक के प्रमुख आंदोलनों और नेताओं के नाम क्रम से लिखें।
c) 15 अगस्त 1947 और उसके समारोह (लाल किला, राष्ट्रपति व प्रधानमंत्री) का उल्लेख करें।
d) उपसंहार में राष्ट्रीय एकता और शहीदों की याद पर बल दें।

 

Question 8: भारतीय किसान

Answer:

भारतवर्ष कृषि प्रधान देश है और कृषि ही यहाँ की अर्थव्यवस्था का मूल आधार है। देश की कुल श्रमशक्ति का लगभग 55 प्रतिशत भाग कृषि और इससे जुड़े उद्योग-धंधों से अपनी आजीविका कमाता है। प्राचीनकाल में कृषक अपनी खेती-बाड़ी से संतुष्ट था और खेती के साथ-साथ पशुओं को भी अपना धन मानता था। मुस्लिम शासकों के समय भारतीय किसान को अनेक कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। अंग्रेज़ों के शासन में भी किसान अंग्रेज़ों और ज़मींदारों के तरह-तरह के ज़ुल्मों का शिकार हुआ और उसका जीवन जीना कठिन हो गया।

स्वतंत्रता-प्राप्ति के बाद किसानों की दशा में कुछ सुधार हुआ, किंतु जिस प्रकार किसानों के शहरों की ओर पलायन और उनकी आत्महत्या की खबरें सुनने को मिलती हैं, उससे पता चलता है कि उनकी स्थिति अच्छी नहीं है। स्थिति इतनी विकट हो चुकी है कि अब कोई भी किसान अपने बेटों को किसान नहीं बनाना चाहता। अन्नदाता कहलाने वाले किसान की यह दशा निश्चय ही चिंता का विषय है।

‘अन्नदाता’ और ‘सृष्टि पालक’ कहलाने वाला किसान सदा से सरल और सहज जीवन जीता रहा है। उसके पास दिखावा नहीं था और उसकी आवश्यकताएँ भी बहुत कम थीं। वह साधारण भोजन खाकर भी संतोष का अनुभव करता था। आज कठोर परिश्रम करने पर भी उसकी आवश्यकताएँ पूरी नहीं होतीं। घटते भू-क्षेत्र के कारण आज का किसान गरीबी की रेखा के नीचे जीवन बिताने को विवश है। गर्मी, सर्दी और वर्षा, हर मौसम में उसे मेहनत करनी पड़ती है, फिर भी फसलों से उसे उचित आय नहीं मिलती।

कृषि-उपकरण, बिजली, बीज और खाद आदि महँगे होने से किसान का जीवन-स्तर और गिर गया है। भारतीय कृषि मानसून पर निर्भर है और मानसून की अनिश्चितता से किसानों को प्रायः कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। कभी सूखे की मार पड़ती है तो कभी बाढ़ में सब कुछ बह जाता है। खेती में श्रमिकों की पूरे साल आवश्यकता नहीं होती, इसलिए साल के कई महीने उन्हें खाली बैठना पड़ता है। यह भी शहरों की ओर पलायन का एक बड़ा कारण है।

स्वतंत्रता के बाद किसानों के सुधार के लिए अनेक आयोगों और समितियों का गठन हुआ तथा जीवन-सुधार के अनेक सुझाव दिए गए। फसल के न्यूनतम समर्थन मूल्य की घोषणाएँ भी की गईं, किंतु समय पर किसान को फसल का उचित मूल्य सदा नहीं मिल पाया।

किसान की गरीबी का एक प्रमुख कारण उसकी अशिक्षा भी है। अशिक्षा के कारण किसान खेती के नए तरीकों और आधुनिक कृषि-उपकरणों की उचित जानकारी नहीं पा सकता, इसलिए फसलों से उसे पूरा लाभ नहीं मिलता। इस दिशा में सरकार ने कई कदम उठाए हैं, जैसे किसान कॉल सेंटर, जिससे किसान बिना शुल्क दिए खेती संबंधी जानकारी ले सकते हैं। रेडियो और टी.वी. पर भी कृषि चैनलों की शुरुआत की गई है। केंद्र सरकार ने ग्रामीण क्षेत्रों में सरल नॉलेज सेंटर भी स्थापित किए हैं, जहाँ आधुनिक सूचना-प्रौद्योगिकी और दूरसंचार तकनीक से किसानों को वांछित जानकारी दी जाती है।

सरकार ने खाली समय में किसानों को काम देने के लिए वर्ष 2006 में राष्ट्रीय ग्रामीण रोज़गार गारंटी योजना का शुभारंभ किया। यह कानून ग्रामीण क्षेत्र के प्रत्येक परिवार के एक सदस्य को वर्ष में कम-से-कम 100 दिन के रोज़गार की गारंटी देता है, और इस योजना में कम-से-कम एक-तिहाई लाभ महिलाओं को दिया जाता है।

आज का किसान पहले की अपेक्षा बहुत जागरूक हो चुका है। वह संगठन बनाकर अपनी माँगें सशक्त रूप से सरकार के सामने रखता है और आंदोलन भी करता है। फिर भी अशिक्षा, अंधविश्वास और कई व्यसनों में फँसे होने के कारण उसकी आर्थिक दशा में वांछित सुधार नहीं हो सका है। आज भी वह शोषण का शिकार है। उसके परिश्रम का फल व्यापारी वर्ग ले जाता है, जबकि उसकी मेहनत दूसरों को सुख-समृद्धि देती है। देश की अर्थव्यवस्था में सुधार लाने और देश की प्रगति के लिए भारतीय किसान की प्रगति अत्यंत आवश्यक है।

Exam Tips:

a) भारत के कृषि प्रधान देश होने का आधार और श्रमशक्ति का प्रतिशत भूमिका में लिखें।
b) किसानों की समस्याओं को मानसून, महँगे उपकरण और अशिक्षा के आधार पर अलग-अलग लिखें।
c) राष्ट्रीय ग्रामीण रोज़गार गारंटी योजना (2006) और उसकी 100 दिन की गारंटी का उल्लेख करें।
d) उपसंहार में किसान की प्रगति को देश की प्रगति से जोड़कर लिखें।

 

Question 9: राष्ट्रीय ध्वज की कहानी
संके त : भूमिका, राष्ट्रीय ध्वज के लिए अनेक प्रयास, भारतीय नेताओं के प्रयास, कांग्रेस की कार्यसमिति द्वारा निर्मित ध्वज, वर्तमान ध्वज का स्वरूप, उपसंहार।

Answer:

राष्ट्र मनुष्य की सबसे बड़ी संपत्ति है। राष्ट्र के प्रति श्रद्धा-भक्ति प्रकट करने के लिए हम मूर्तियाँ, मंदिर, मस्जिद, धर्म-ग्रंथ, राष्ट्र-ध्वज, राष्ट्र-गान और संविधान जैसे प्रतीक बना लेते हैं। इन सबके प्रति आदर-भाव रखने का अर्थ देश-प्रेम के भावों को पुष्ट करना है।

स्वतंत्रता-प्राप्ति से पूर्व भारत का कोई अपना झंडा नहीं था। उस समय ‘यूनियन जैक’ का बोलबाला था और हर महत्त्वपूर्ण अवसर पर उसी को प्रमुखता मिलती थी। भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के अधिवेशनों में भी सन् 1920 तक ‘यूनियन जैक’ की ही प्रतिष्ठा रही।

राष्ट्रीय ध्वज बनाने का सर्वप्रथम प्रयास सन् 1905 के आस-पास हुआ। इससे देश के नवयुवकों में नई जागृति आई। उन दिनों कुछ देशभक्त युवक विदेशों में शिक्षा प्राप्त कर रहे थे। उन्होंने देखा कि विदेशी अपने राष्ट्रीय ध्वज का कितना सम्मान करते हैं और उसकी रक्षा के लिए बड़े-से-बड़ा बलिदान देने को तैयार रहते हैं। जब विदेशी लोग भारतीय युवकों से उनके राष्ट्रीय ध्वज के बारे में प्रश्न करते, तो उन्हें शर्म से सिर झुका लेना पड़ता था। इस अपमानजनक स्थिति से छुटकारा पाने के लिए इन युवकों ने ऐसा ध्वज तैयार करने का विचार किया, जिसे वे अपना कह सकें और जिसके लिए गौरव से बलिदान दे सकें। इस प्रकार भारत के पहले झंडे की भूमिका विदेशों में बनी।

विदेश में रह रहे भारतीय युवकों ने जो झंडा तैयार किया, वह वर्तमान राष्ट्रीय ध्वज से मिलता-जुलता था। उसमें नीचे की पट्टी हरी, बीच की सफ़ेद और ऊपर की केसरिया पट्टी थी। केसरिया पट्टी पर आठ कमल बने थे, जो भारत के तत्कालीन आठ प्रांतों के सूचक थे, और सफ़ेद पट्टी पर ‘वंदे मातरम्’ लिखा गया था, साथ में सूर्य, अर्धचंद्र और तारे भी बने थे। भारतीय राजनेताओं ने इस झंडे को स्वीकार नहीं किया और यह प्रयास असफल रहा।

सन् 1917 में डॉ० एनी बेसेंट और लोकमान्य तिलक ने एक झंडा बनाया। इस झंडे पर लाल और हरी पट्टियाँ तथा तारे थे और एक किनारे पर यूनियन जैक था। परंतु इसे भी अस्वीकार कर दिया गया। सन् 1921 में पिंगली वेंकैया नामक व्यक्ति महात्मा गांधी के पास एक झंडा लेकर आए, जिसमें लाल और हरे रंग की दो पट्टियाँ थीं, जो भारत के दो प्रमुख समुदायों, हिंदू और मुस्लिम, की एकता की द्योतक थीं। तब महात्मा गांधी ने अन्य धर्मों के सूचक सफ़ेद रंग और चरखे का चिह्न सम्मिलित करने का सुझाव दिया। तब एक ऐसा ध्वज बनाया गया, जिसमें नीचे की पट्टी लाल, बीच की हरी और ऊपर की सफ़ेद थी, और इन पर चरखे का चिह्न भी था। हर राष्ट्रीय आयोजन में इस झंडे को गौरवपूर्ण स्थान मिलने लगा।

इस राष्ट्रीय ध्वज के रंग संप्रदाय के सूचक माने जाने लगे, इसलिए आगे चलकर उनके विषय में अनेक मतभेद हुए। तब कांग्रेस कार्य-समिति ने एक सर्वमान्य झंडा तैयार किया, जिसमें ऊपर से नीचे की ओर केसरिया, सफ़ेद और हरा रंग था। सफ़ेद पट्टी पर नीले रंग का चरखा बनाया गया। केसरिया रंग धैर्य और त्याग का, सफ़ेद रंग सत्य और शांति का तथा हरा रंग विश्वास, प्रताप, हरियाली और समृद्धि का प्रतीक माना गया। सन् 1931 में भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के कराची अधिवेशन में इस तिरंगे को देश के राष्ट्रीय प्रतीक के रूप में बहुमत से स्वीकार कर लिया गया।

22 जुलाई, 1947 को भारतीय संविधान सभा ने जिस राष्ट्रीय ध्वज को स्वीकृत किया, उसमें एक प्रमुख परिवर्तन था। ध्वज के मध्य में चरखे के स्थान पर अशोक चक्र रखा गया और इसी रूप को भारत का राष्ट्रीय ध्वज घोषित किया गया। पं० जवाहरलाल नेहरू ने विधानसभा में ध्वज प्रस्तुत करते समय कहा कि यह ध्वज देखने में सुंदर हो और संयुक्त तथा अलग-अलग रूपों में हज़ारों वर्ष पुरानी सभ्यता, संस्कृति और देश की भावनाओं को अभिव्यक्त कर सके।

इस प्रकार तिरंगा हमारा राष्ट्रीय ध्वज बना। यह हमारे राष्ट्र का आदर्श चिह्न और भारत का गौरव है। देश के सभी महत्त्वपूर्ण आयोजनों में इसे प्रमुखता और प्रतिष्ठा मिलती है। हर वर्ष 15 अगस्त को प्रधानमंत्री लाल किले पर राष्ट्रीय ध्वज फहराते हैं और इसकी रक्षा का प्रण करते हैं। 26 जनवरी को राष्ट्रपति राजपथ पर ध्वज फहराते हैं और सलामी लेते हैं। पहले राष्ट्रीय ध्वज केवल सरकारी भवनों पर फहराया जाता था, परंतु अब देश का हर नागरिक इसे अपने भवन पर फहरा सकता है। तिरंगा हम सब भारतवासियों की आशाओं और आकांक्षाओं का जीवंत प्रतीक है, और हम सबका कर्तव्य है कि इसकी रक्षा के लिए सर्वस्व बलिदान करने को तैयार रहें। इसे देखते ही हर भारतवासी के मुख से स्वतः निकल पड़ता है-
विजयी विश्व तिरंगा प्यारा,
झंडा ऊँचा रहे हमारा।

Exam Tips:

a) 1931 में कांग्रेस द्वारा स्वीकृत तिरंगे के रंगों का क्रम और उनके प्रतीक लिखें।
b) 22 जुलाई 1947 के ध्वज में चरखे की जगह अशोक चक्र लगने का परिवर्तन स्पष्ट लिखें।
c) 1921 में पिंगली वेंकैया द्वारा लाए गए झंडे और गांधी जी के सुझाव का क्रम बताएँ।
d) भूमिका में राष्ट्र के प्रतीकों के महत्त्व को उदाहरण सहित लिखें।

 

Question 10: भारत और परमाणु शक्ति
संके त : भूमिका, परमाणु की प्राचीन अवधारणा, प्राथमिक परीक्षण, परमाणु परीक्षण के दुष्परिणाम, शांतिपूर्ण कार्यों के लिए आणविक शक्ति का प्रयोग, भारत में परमाणु विस्फोट, उपसंहार।

Answer:

प्रत्येक वस्तु के दो पक्ष होते हैं-अनुकूल और प्रतिकूल। किसी भी पदार्थ अथवा वस्तु का उचित प्रयोग मानव और समाज के लिए कल्याणकारी होता है, किंतु दुरुपयोग करने पर वही घातक बन जाता है। परमाणु शक्ति की स्थिति भी लगभग ऐसी ही है। आज विज्ञान का युग है और इस युग में परमाणु शक्ति की सबसे अधिक चर्चा हो रही है। परमाणु शक्ति एक ओर मानव के लिए वरदान है, तो दूसरी ओर अभिशाप भी है। इसका प्रयोग मानव-कल्याण के लिए भी हो सकता है और मानव-विनाश के लिए भी।

यद्यपि आज ‘परमाणु’ शब्द सबसे अधिक चर्चा का विषय है, परंतु इसकी अवधारणा लगभग 3000 वर्ष पूर्व भी थी। कुछ आलोचकों के अनुसार परमाणु की सर्वप्रथम धारणा भारत, चीन और यूनान में थी। संभवतः भारतीय मनीषियों को इसका समुचित ज्ञान रहा होगा, किंतु धीरे-धीरे यह धारणा लुप्त हो गई। विशेषकर मध्यकाल में भोग-विलास की प्रबलता रही। भारत जैसा समृद्ध राष्ट्र परतंत्रता का शिकार बना और यहाँ का ज्ञान अंधकार में छिप गया। आज से लगभग 200 वर्ष पूर्व अंग्रेज़ वैज्ञानिक जॉन डाल्टन ने परमाणु की आधुनिक धारणा को पुनर्जीवित किया। इसके बाद आइंस्टीन ने द्रव्यमान और ऊर्जा के संबंध (E = mc²) की खोज करके सभी को आश्चर्यचकित कर दिया।

परमाणु पर पहला कृत्रिम प्रयोग ब्रिटिश वैज्ञानिक रदरफोर्ड ने किया। जैसे-जैसे विज्ञान आगे बढ़ा, वैसे-वैसे परमाणु का महत्त्व भी बढ़ता गया। सन् 1939 में यूरेनियम पर न्यूट्रॉन से प्रेरित विखंडन की खोज ने परमाणु शक्ति के भंडार खोल दिए। धीरे-धीरे मानव परमाणु शक्ति के रहस्य को समझने लगा। जर्मन वैज्ञानिकों की सहायता से अमेरिका ने इस दिशा में अनेक प्रयोग किए और परमाणु बम का आविष्कार कर लिया गया। विश्वविख्यात भौतिक-विज्ञानी डॉ० रॉबर्ट ओपेनहाइमर को परमाणु बम का जनक माना जाता है। 16 जुलाई, 1945 को न्यू मेक्सिको के अलामोगोर्डो रेगिस्तान में पहले बम का परीक्षण संपन्न हुआ।

इस विस्फोट से कुकुरमुत्ते के आकार का विशाल बादल उठा, जो लगभग 40,000 फुट ऊँचा था। उसकी गर्मी बहुत अधिक थी और लगभग एक मील के घेरे के प्राणी मृत्यु का शिकार हो गए। परंतु 6 अगस्त, 1945 का दिन मानवता के लिए सबसे अधिक करुणा का दिन था। उस दिन अमेरिका ने जापान के हिरोशिमा नगर पर अणु बम गिराया, और 9 अगस्त को नागासाकी पर भी। हिरोशिमा जैसे तीन लाख की आबादी वाले नगर क्षण भर में नष्ट-भ्रष्ट हो गए।

परमाणु के इस भयंकर विस्फोट से संसार भयभीत हो गया, किंतु कई देशों ने इसका उलटा प्रभाव लिया और उन्होंने भी परमाणु बम बनाए। रूस, इंग्लैंड और चीन इसके उदाहरण हैं। इसके अतिरिक्त कुछ अन्य देश भी इस दिशा में कार्यरत हैं। भारत भी परमाणु बम बनाने में सक्षम हो चुका है, किंतु अहिंसावादी देश होने के कारण वह परमाणु शक्ति का प्रयोग केवल शांतिपूर्ण कार्यों में करना चाहता है। परमाणु शक्ति का प्रयोग विध्वंस के लिए भी हो सकता है, और मानव के कल्याण के लिए भी।

परमाणु शक्ति के प्रयोग से रेगिस्तान और बंजर धरती को उपजाऊ बनाया जा सकता है और विभिन्न प्रकार की फसलें प्राप्त की जा सकती हैं। रूस में परमाणु शक्ति के प्रयोग से बड़े-बड़े पर्वतों को काटकर सड़कें बनाई गई हैं। कोयला, तेल और जल के स्थान पर भी परमाणु ऊर्जा का प्रयोग होने लगा है।

कुछ वर्ष पूर्व केवल अमेरिका, सोवियत संघ, इंग्लैंड, फ्रांस और चीन ही आणविक शक्ति-संपन्न राष्ट्र थे। आज आणविक अस्त्रों का उत्पादन प्रत्येक राष्ट्र के सम्मान का सूचक बनता जा रहा है।

जनमत का सम्मान करते हुए भारत सरकार ने सन् 1948 में परमाणु ऊर्जा आयोग की स्थापना की। इसका मुख्य उद्देश्य परमाणु ऊर्जा का शांतिपूर्ण उपयोग था। डॉ० होमी जहाँगीर भाभा को इस आयोग का अध्यक्ष नियुक्त किया गया। डॉ० भाभा की अध्यक्षता में ट्रॉम्बे (मुंबई के निकट) में पहला परमाणु रिऐक्टर स्थापित किया गया। परमाणु शक्ति से बिजली बनाने के लिए तारापुर में बिजलीघर बनाया गया।

24 जनवरी, 1966 को भारतीय परमाणु वैज्ञानिक डॉ० होमी जहाँगीर भाभा की वायुयान दुर्घटना में असामयिक मृत्यु हो गई। उनकी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए भारतीय वैज्ञानिकों ने 18 मई, 1974 को प्रातः 8 बजकर 5 मिनट पर राजस्थान के जैसलमेर जिले के पोखरण स्थान पर पहला भूमिगत परमाणु परीक्षण किया। इसी प्रकार 11 मई और 13 मई, 1998 को पोखरण में दूसरे परीक्षण किए गए। इसके साथ ही भारत अमेरिका, रूस, ब्रिटेन, फ्रांस और चीन के बाद छठा परमाणु शक्ति-संपन्न राष्ट्र बन गया।

अंत में यह नहीं भूलना चाहिए कि पिछले कुछ वर्षों से भारत की सुरक्षा के लिए खतरे बढ़े हैं। एक ओर चीन के पास विशाल सेना और परमाणु हथियारों का भंडार है, तो दूसरी ओर पाकिस्तान की परमाणु क्षमता है। कश्मीर को लेकर पाकिस्तान का भारत के साथ अघोषित युद्ध चल ही रहा है। अमेरिका आदि परमाणु-संपन्न देशों की प्रतिक्रिया भी हम जानते हैं। यदि वे भारत की स्थिति के प्रति संवेदनशील होते तो शायद परीक्षण की आवश्यकता ही न पड़ती। भारत को अपने हितों की रक्षा करनी है। यद्यपि भारत परमाणु शक्ति का प्रयोग मानव-कल्याण के लिए करना चाहता है, फिर भी देश की रक्षा के लिए परमाणु हथियार आवश्यक हैं। इसीलिए भारत ने ये परमाणु परीक्षण किए।

Exam Tips:

a) परमाणु शक्ति के वरदान और अभिशाप दोनों पक्ष अलग-अलग लिखें।
b) डाल्टन, रदरफोर्ड और आइंस्टीन का योगदान तिथि सहित लिखें।
c) 6 अगस्त और 9 अगस्त 1945 की घटनाएँ अलग-अलग लिखें।
d) भारत के परमाणु परीक्षणों (1974 और 1998) का क्रम और परिणाम लिखें।

 

Question 11: पंचायती राज
पंचायती राज का मुख्य भाव है-जनता द्वारा चुनी गई वह संस्था जो गाँव की विभिन्न व्यवस्थाओं का प्रबंध करती है और गाँव के विकास के साधन जनता के सहयोग से जुटाती है। भारतवर्ष में पंचायत की व्यवस्था बहुत प्राचीनकाल से चली आ रही है और जनता का पंचायत में पूर्ण विश्वास रहा है।

Answer:

प्राचीन पंचायतों का गठन उन पाँच व्यक्तियों पर आधारित होता था जिनका चुनाव गाँव-बिरादरी के सामने गाँव के लोग स्वयं करते थे। ये पाँच व्यक्ति अपना एक मुखिया चुन लेते थे, जिसे सरपंच कहा जाता था, और बाकी सदस्य पंच या पंचायत कहलाते थे। दूर-दराज़ के गाँवों के लोगों को अपनी छोटी-छोटी समस्याएँ सुलझाने के लिए शहर या राजधानी के चक्कर नहीं काटने पड़ते थे। गाँव की समस्याएँ गाँव में ही सुलझा ली जाती थीं। इन्हीं बातों को ध्यान में रखकर पंचायती राज-व्यवस्था का गठन किया जाता था और आज भी किया जा रहा है। गाँव में कोई भी समस्या उत्पन्न होने पर पंचायतें निष्पक्ष रूप से निर्णय करती थीं। दोनों पक्षों की बातें सुनने के बाद पंचों की सहमति से सरपंच जो निर्णय करता था, उसे ‘पंच परमेश्वर का फैसला’ मानकर स्वीकार कर लिया जाता था।

भारत के लिए यह व्यवस्था नई नहीं थी, बल्कि यह एक प्राचीन बुनियादी व्यवस्था है। पहले बड़े-बड़े सम्राट भी इन्हीं पंचायतों के माध्यम से न्याय-व्यवस्था को जन-जन तक पहुँचाया करते थे। आज भी सत्ता के विकेंद्रीकरण के लिए पंचायती राज व्यवस्था को अपनाया गया है।

पंचायत के ऊपर कई गाँवों की खंड पंचायत होती थी। यदि स्थानीय पंचायत कोई निर्णय नहीं कर पाती, या उसका निर्णय किसी पक्ष को स्वीकार नहीं होता, तो मामला खंड पंचायत के सामने रखा जाता था। खंड पंचायत के ऊपर पूरे जिले की ‘सर्वग्राम पंचायत’ होती थी।

भारत में अंग्रेज़ी शासन लागू होने पर इन पंचायतों की उपेक्षा की गई और अपनी न्याय-प्रणाली थोप दी गई। स्वतंत्रता के पश्चात् भारत ने पंचायती राज व्यवस्था को पुनः संगठित किया। इसी कारण भारतीय संविधान की रचना करते समय इस विषय को नीति-निदेशक सिद्धांतों के अंतर्गत रखा गया। किंतु यह व्यवस्था पूर्णतः लागू नहीं हो सकी।
कुछ वर्षों से यह व्यवस्था फिर चर्चा का विषय बनी हुई है। देश के विकास के लिए कुछ कार्य पंचायतों को सौंपे गए हैं और इस बीच पंचायतों के चुनाव भी हुए हैं। वर्तमान आर्थिक, राजनीतिक और प्रशासनिक व्यवस्था में पंचायती राज पर वाद-विवाद के बाद इसका संशोधित विधेयक बहुमत से संसद में पारित किया गया।

यह अत्यंत सुखद है कि भारतवर्ष में फिर से पंचायती राज व्यवस्था की स्थापना हुई है और यह पहले की अपेक्षा अधिक सक्रिय है। इसकी सबसे बड़ी विशेषता यह है कि इसमें महिलाओं की भूमिका भी बढ़ी है। महिलाएँ भी पंच, सदस्य और सरपंच चुनी जाती हैं। इससे पूरे देश में महिलाओं में अपने अधिकारों के प्रति जागृति आई है। आज ग्रामीण विकास के कई कार्यक्रम इन पंचायतों के माध्यम से चलाए जा रहे हैं। निश्चय ही पंचायतों के पुनर्गठन से गाँवों के लोगों में नई ऊर्जा का संचार हुआ है। लोकतंत्र की मज़बूती के लिए पंचायतों का सुचारु रूप से चलना और सुदृढ़ होना अत्यंत आवश्यक है।

किंतु थोड़ा खेद भी है कि जहाँ प्राचीनकाल में पंचायत के गठन में आपसी सहमति प्रधान थी, वहीं आज पंचायत के चुनाव भी राजनीति के अखाड़े बन गए हैं और आपसी सहमति की जगह वोट की शक्ति प्रमुख हो गई है। इससे गाँव के आपसी सहयोग और प्रेम की भावना को ठेस पहुँची है।

Exam Tips:

a) भूमिका में पंचायती राज का अर्थ और प्राचीन पंच-परंपरा का उल्लेख करें।
b) सरपंच, पंच और खंड पंचायत के क्रम को स्पष्ट रूप से लिखें।
c) 73वें संशोधन और महिलाओं की भागीदारी को अलग से उदाहरण सहित लिखें।
d) उपसंहार में पंचायत चुनाव की राजनीति से होने वाली हानि का उल्लेख करें।

 

Question 12: ‘परहित सरस धर्म नहिं भाई’
अथवा
परोपकार
संके त : भूमिका, परोपकार का अर्थ, मनुष्य का सर्वश्रेष्ठ धर्म, परोपकार से अलौकिक आनंद, परोपकार का वास्तविक स्वरूप, परोपकार जीवन का आदर्श, उपसंहार।

Answer:

कविवर रहीम लिखते हैं-
तरुवर फल नहिं खात हैं, सरवर पियहिं न पान।
कहि रहीम परकाज हित, संपति संचहि सुजान।।

भगवान ने प्रकृति की रचना इस प्रकार की है कि उसके मूल में परोपकार ही कार्य कर रहा है। प्रकृति के कण-कण में परोपकार का गुण समाया है। वृक्ष अपने फल नहीं खाते, नदी अपना जल नहीं पीती, बादल जल-रूपी अमृत हमें देते हैं और सूर्य रोशनी देकर चला जाता है। इस प्रकार सारी प्रकृति परहित के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करती रहती है।

‘परोपकार’ दो शब्दों ‘पर’ और ‘उपकार’ के मेल से बना है, जिसका शाब्दिक अर्थ है दूसरों का भला करना। जब मनुष्य ‘स्व’ की संकुचित सीमा से बाहर निकलकर ‘पर’ के लिए अपना सर्वस्व बलिदान कर देता है, वही परोपकार कहलाता है। राष्ट्रकवि मैथिलीशरण गुप्त ने भी कहा है-‘मनुष्य वही जो मनुष्य के लिए मरे।’ परोपकार की भावना ही मनुष्य को पशुओं से अलग करती है, अन्यथा आहार, निद्रा आदि तो मनुष्यों और पशुओं में समान रूप से पाए जाते हैं। परहित के लिए ऋषि दधीचि ने अपनी अस्थियाँ तक दान में दे दी थीं। राजा शिवि ने एक कबूतर की रक्षा के लिए अपने शरीर का माँस तक दे दिया था, और अनेक महान संतों ने लोक-कल्याण के लिए अपना जीवन अर्पित कर दिया।

परोपकार मानव का सर्वश्रेष्ठ धर्म है। मनुष्य के पास विकसित मस्तिष्क और संवेदनशील हृदय होता है। दूसरों के दुख से दुखी होकर उसके मन में सहानुभूति पैदा होती है और वह उनका दुख दूर करने का प्रयत्न करता है। परोपकार का सीधा संबंध दया, करुणा और संवेदना से है। सच्चा परोपकारी करुणा से पिघलकर हर दुखी प्राणी की सहायता करता है। ‘बहुजन हिताय, बहुजन सुखाय’ की उक्ति भी परोपकार की ओर संकेत करती है।

परोपकार में स्वार्थ की भावना नहीं रहती। परोपकार करने से मन और आत्मा को शांति मिलती है और भाईचारे तथा विश्व-बंधुत्व की भावना बढ़ती है। किसी का संकट दूर करने में, भूखे को रोटी देने में, नंगे को कपड़ा देने में और बेसहारा को सहारा देने में जो सुख मिलता है, वह किसी अन्य कार्य से नहीं मिलता। परोपकार से अलौकिक आनंद मिलता है।

आज का मानव भौतिक सुखों की ओर बढ़ता जा रहा है। इन सुखों के आकर्षण ने उसे भलाई से दूर कर दिया है और वह केवल स्वार्थ-सिद्धि के लिए कार्य करता है। आज मनुष्य थोड़ा लगाकर अधिक पाने की इच्छा करने लगा है। जीवन के हर क्षेत्र को व्यवसाय के रूप में देखा जाने लगा है। जिस कार्य से स्वहित होता है, वही किया जाता है, चाहे उससे दूसरों को कितना भी नुकसान उठाना पड़े। लोग पहले छल-कपट और बेईमानी से धन कमाते हैं और फिर धार्मिक स्थलों या गरीबों में थोड़ा धन इसलिए बाँट देते हैं कि समाज में उनका यश हो जाए। इसे परोपकार नहीं कहा जा सकता।

महात्मा ईसा ने परोपकार के विषय में कहा था कि दाहिने हाथ से किए गए उपकार का पता बाएँ हाथ को नहीं लगना चाहिए। पहले लोग गुप्त दान दिया करते थे। अपनी मेहनत की कमाई से किया गया दान ही वास्तविक परोपकार है। आज न केवल मनुष्य, बल्कि राष्ट्र भी स्वार्थ-केंद्रित हो गए हैं, इसीलिए चारों ओर युद्ध का भय बना रहता है। चारों ओर अहम् और स्वार्थ का राज्य है। प्रकृति के निःस्वार्थ समर्पण के संदेश से भी मनुष्य ने कुछ नहीं सीखा। हज़ारों-लाखों लोगों में से विरले ही ऐसे होते हैं, जो परहित के लिए सोचते हैं।

परोपकारी व्यक्ति का जीवन आदर्श माना जाता है। वह सदा प्रसन्न और पवित्र रहता है। उसे कभी आत्मग्लानि नहीं होती और वह सदा शांत मन रहता है। उसे समाज में यश और सम्मान मिलता है। वर्तमान युग के महान नेताओं, जैसे महात्मा गांधी, सुभाषचंद्र बोस और बाल गंगाधर तिलक को लोक-कल्याण के लिए सम्मान और यश मिला, और वे पूजनीय बन गए। परहित के कारण गांधी जी ने गोली खाई, ईसा सूली पर चढ़े और सुकरात ने ज़हर पिया। किसी भी समाज और देश की उन्नति के लिए परोपकार सबसे बड़ा साधन है। हर व्यक्ति का धर्म है कि वह परोपकारी बने। कवि रहीम ने परोपकार की महिमा इस प्रकार बताई है-
रहिमन यों सुख होत है उपकारी के अंग।
बाटन वारे को लगे ज्यों मेंहदी के रंग।।
अर्थात् जिस प्रकार मेंहदी बाँटने वाले के अंगों पर भी मेंहदी का रंग चढ़ जाता है, उसी प्रकार परोपकार करने वाले व्यक्ति को भी सुख की प्राप्ति होती है।

Exam Tips:

a) भूमिका में रहीम का दोहा उद्धृत करके परहित का भाव स्पष्ट करें।
b) दधीचि और राजा शिवि के उदाहरण अलग-अलग लिखें।
c) ‘पर’ और ‘उपकार’ शब्दों से परोपकार का अर्थ समझाएँ।
d) उपसंहार में परोपकार को समाज और देश की उन्नति का साधन बताएँ।

 

Question 13: आदर्श खिलाड़ी के गुण

Answer:

मानव-जीवन एक यात्रा के समान है। यदि यात्री को पता हो कि उसे कहाँ जाना है तो वह उसी दिशा में आगे बढ़ता है। यदि उसे अपने लक्ष्य का बोध न हो तो उसकी यात्रा ही निरर्थक हो जाती है। इसी प्रकार यदि युवक को पता हो कि उसे क्या करना है, तो वह उसी दिशा में प्रयास आरंभ कर देता है और उसे सफलता भी मिलती है। यही बात आदर्श खिलाड़ी पर भी लागू होती है। जब खिलाड़ी किसी खेल को अपने जीवन का लक्ष्य बना लेता है, तो उसे उसी दिशा में आगे बढ़ना होता है। आज के युग में कुछ ऐसे खेल हैं, जिनमें शोहरत के साथ-साथ धन भी अधिक मिलता है। कुछ खिलाड़ी पैसे को अधिक महत्त्व देते हैं। किंतु जो खिलाड़ी पूरे प्राणपण से अपने खेल के प्रति समर्पित होता है और देश की प्रतिष्ठा को ध्यान में रखकर खेलता है, उसी को आदर्श खिलाड़ी कहा जा सकता है।

आदर्श खिलाड़ी का पहला गुण खेल के प्रति समर्पण की भावना है। खेल कोई भी हो, एक आदर्श खिलाड़ी अपना पूरा ध्यान और प्राण खेल में लगाता है। तभी वह उस खेल में जीत हासिल कर सकता है और प्रसिद्धि की बुलंदियों को छू सकता है। अधूरे मन से खेलने वाला खिलाड़ी न तो खेल में विजयी हो सकता है और न ही प्रसिद्धि पा सकता है। अतः खेल के प्रति समर्पण आदर्श खिलाड़ी का प्रथम और महत्त्वपूर्ण गुण है।

जीवन के हर क्षेत्र में अनुशासन का पालन करना अत्यंत आवश्यक है और अनुशासन से मानव-जीवन समृद्ध होता है। इसी प्रकार अनुशासनप्रियता खिलाड़ी का अहम् गुण है। अनुशासन में रहने का अर्थ है खेल के नियमों का पालन करना। यदि कोई खिलाड़ी नियमों का पालन करते हुए खेलता है तो उसे विजय अवश्य मिलती है। विजय न भी मिले, तब भी उसे अनुशासनहीन नहीं कहा जा सकता, और विजय कभी-न-कभी उसे मिलेगी ही। यहाँ हम क्रिकेट के सम्राट सचिन तेंदुलकर को उदाहरण के रूप में ले सकते हैं। उन्होंने अपने खेल-जीवन में कभी भी खेल के नियमों का उल्लंघन नहीं किया। आज उन्हें सर्वाधिक रन बनाने और सफल खिलाड़ी के साथ-साथ अनुशासनप्रिय खिलाड़ी के रूप में भी जाना जाता है।

कहावत है-‘करत-करत अभ्यास ते जड़मति होत सुजान, रसरी आवत जात ते सिल पर परत निसान।’ इसका भाव है कि निरंतर अभ्यास से कोई भी व्यक्ति अपने कार्य में कुशलता प्राप्त कर सकता है। निरंतर अभ्यास करना आदर्श खिलाड़ी का एक महत्त्वपूर्ण गुण है, क्योंकि बिना अभ्यास के किसी भी कार्य में निपुणता नहीं आती। इतिहास गवाह है कि अभ्यास से ही साधारण खिलाड़ी भी विजयी होते हैं। महाभारत काल के एकलव्य का उदाहरण हमारे सामने है। उसने अभ्यास के बल पर तीर चलाने में ऐसी निपुणता प्राप्त की थी कि गुरु द्रोणाचार्य भी आश्चर्यचकित हो गए थे। अतः स्पष्ट है कि निरंतर अभ्यास आदर्श खिलाड़ी का प्रमुख गुण है।

समभावता का अर्थ है हार और जीत को समान भाव से ग्रहण करना। आदर्श खिलाड़ी हार जाने पर निराश नहीं होता, बल्कि हार से सबक लेकर भविष्य में जीत का निश्चय करके पुनः मैदान में उतरता है। वह विजयी होने पर घमंडी और अहंकारी नहीं बनता और न ही दूसरों को नीचा दिखाने का प्रयत्न करता है। वह विजयी होने पर भी शांत और सरल स्वभाव का बना रहता है। भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी इसके उदाहरण हैं, जो विजयी होने पर भी शांत और सहज बने रहते हैं।

कोई भी महान खिलाड़ी सदैव दूसरे खिलाड़ियों का सम्मान करता है। इससे आदर्श खिलाड़ी की उदारता का पता चलता है। दूसरे खिलाड़ियों को खेल के लिए प्रोत्साहित करना और उनके खेल की सराहना करना भी सम्मान है। दूसरों का सम्मान करने से स्वयं भी सम्मान मिलता है। इस गुण के आधार पर खिलाड़ी साथियों के मन में विशेष स्थान बना लेता है।

आदर्श खिलाड़ी सदा धैर्यशील रहता है और खेल में कभी धैर्य नहीं खोता। वह स्वयं धैर्यवान रहकर साथियों को भी धीरज बँधाता है। कभी-कभी धैर्यशील खिलाड़ी को देखकर पूरी टीम उत्साह से भरकर खेलती है, और ऐसे में विजय पाना आसान हो जाता है। अतः धैर्यशीलता आदर्श खिलाड़ी का महत्त्वपूर्ण गुण है।

टीम की भावना, अर्थात् सबके साथ मिलकर खेलने की भावना, आदर्श खिलाड़ी का एक और महत्त्वपूर्ण गुण है। वह व्यक्तिगत रिकॉर्ड की अपेक्षा पूरी टीम को विजयी बनाने की भावना लेकर मैदान में उतरता है। वह जानता है कि यदि टीम हारती है तो उसका व्यक्तिगत स्कोर किसी काम का नहीं। टीम की विजय से देश का सम्मान अधिक बढ़ता है, न कि केवल एक खिलाड़ी के अच्छे खेलने से। इसलिए आदर्श खिलाड़ी टीम-भावना से भरपूर होता है।

आदर्श खिलाड़ी सदैव सहनशील होता है। कोई उसे गलत कहकर खेल से भटकाने का प्रयास करता है, तो वह उनकी बातों पर ध्यान न देकर या उन्हें सहज भाव से सहन करते हुए अपने खेल पर पूरा ध्यान केंद्रित करता है। ऐसे सहनशील खिलाड़ी सदा सम्मान के पात्र रहते हैं, और विरोधी दल के खिलाड़ी भी उनका मान-सम्मान करते हैं।

निष्कर्ष रूप में कहा जा सकता है कि आदर्श खिलाड़ी का प्रमुख लक्ष्य खेल में विजयी होना होता है। वह उपर्युक्त सभी गुणों को जीवन में धारण करते हुए एक आदर्श स्थापित करता है। वह अपने खेल के प्रति पूर्णतः ईमानदार रहता है, सदैव टीम की विजय को महत्त्व देता है और अपने खेल के माध्यम से देश और राष्ट्र का सम्मान बढ़ाता है।

Exam Tips:

a) भूमिका में जीवन और खेल की तुलना यात्रा से करके विषय का आरंभ करें।
b) अभ्यास के लिए एकलव्य और ‘करत-करत अभ्यास’ की कहावत अवश्य दें।
c) अनुशासन के उदाहरण में सचिन तेंदुलकर का नाम उपयुक्त है।
d) उपसंहार में खिलाड़ी का लक्ष्य विजय के साथ देश का सम्मान बताएँ।

 

Question 14: परिश्रम और भाग्य
अथवा
परिश्रम का महत्व
संके त : भूमिका, भाग्य का सहारा, परिश्रम की विजय, परिश्रम के लाभ, महापुरुषों के उदाहरण, उपसंहार।

Answer:

मानव जीवन में परिश्रम का विशेष महत्त्व है। मानव ही नहीं, प्रत्येक प्राणी के लिए परिश्रम आवश्यक है। चींटी का छोटा-सा जीवन भी परिश्रम से भरा है। मनुष्य परिश्रम द्वारा अपने जीवन की हर समस्या सुलझा सकता है। यदि वह चाहे तो पर्वतों को काटकर सड़क बना सकता है, नदियों पर पुल बाँध सकता है, काँटेदार मार्गों को सुगम बना सकता है और समुद्रों को पार कर सकता है। ऐसा कौन-सा कार्य है जो परिश्रम से न हो सके। कर्मवीर और दृढ़-प्रतिज्ञ महापुरुषों के लिए संसार का कोई भी कार्य कठिन नहीं होता।

कुछ लोग भाग्य पर निर्भर रहकर श्रम को छोड़ देते हैं। वे भाग्य का सहारा लेते हैं, परंतु भाग्य के भरोसे रहना जीवन में आलस्य को जन्म देता है, और यह आलस्य जीवन को अभिशापमय बना देता है। आलसी व्यक्ति दूसरों पर निर्भर रहता है और हर काम को भाग्य के भरोसे छोड़ देता है। हमारा देश इसी भाग्य पर निर्भरता के कारण सदियों तक गुलामी झेलता रहा। हमारे भीतर हीनता की भावना घर कर गई, लेकिन जब हमने परिश्रम के महत्त्व को समझा, तब हमने स्वतंत्रता की ज्योति जलाई और पराधीनता की बेड़ियाँ तोड़ डालीं। संस्कृत के एक सुभाषित में ठीक ही कहा गया है-
उद्योगिनं पुरुषसिंहमुपैति लक्ष्मीः दैवेन देयमिति कापुरुषा वदन्ति।
दैवं निहत्य कुरु पौरुषमात्मशक्त्या, यत्ने कृते यदि न सिध्यति कोऽत्र दोषः॥
अर्थात् उद्यमी पुरुष को लक्ष्मी प्राप्त होती है। ‘ईश्वर देगा’ ऐसा कायर मनुष्य कहते हैं। भाग्य को छोड़कर मनुष्य को अपनी शक्ति के अनुसार पुरुषार्थ करना चाहिए। यदि परिश्रम करने पर भी कार्य सिद्ध न हो, तो सोचना चाहिए कि हमारी कमी कहाँ रह गई।

केवल ईश्वर की इच्छा और भाग्य के सहारे चलना कायरता और अकर्मण्यता है। मनुष्य अपने भाग्य का विधाता स्वयं है। अंग्रेज़ी में भी कहावत है- “God helps those who help themselves”, अर्थात् ईश्वर भी उन्हीं की सहायता करता है जो अपनी सहायता आप करते हैं। कायर और आलसी व्यक्ति से तो ईश्वर भी घबराता है। कहा भी गया है-‘दैव-दैव आलसी पुकारा।’ संस्कृत की ही उक्ति है-‘श्रमेव जयते’, अर्थात् परिश्रम की ही विजय होती है। मानव प्रकृति का सर्वश्रेष्ठ प्राणी है और स्वयं ईश्वर का प्रतिरूप है। एक संस्कृत श्लोक है-
उद्यमेन हि सिध्यन्ति कार्याणि न मनोरथैः।
न हि सुप्तस्य सिंहस्य प्रविशन्ति मुखे मृगाः॥
इसका अर्थ है कि उद्यम से ही कार्य सिद्ध होते हैं, केवल इच्छा से नहीं। जैसे सोए हुए शेर के मुँह में मृग स्वयं प्रवेश नहीं करते, वैसे ही मनुष्य को भी कर्म से सफलता मिलती है। कर्म से मानव अपना भाग्य स्वयं बनाता है, और एक कर्मशील मनुष्य जीवन की सभी बाधाओं और कठिनाइयों पर विजय पा लेता है।

परिश्रम से मनुष्य का हृदय गंगाजल के समान पावन हो जाता है और मन की बुरी वासनाएँ तथा दूषित भावनाएँ बाहर निकल जाती हैं। परिश्रमी व्यक्ति के पास बेकार की बातों के लिए समय नहीं होता। कहा भी गया है-‘खाली दिमाग शैतान का घर है।’ परिश्रम से शरीर हृष्ट-पुष्ट रहता है और रोग पास नहीं आते। परिश्रम से यश और धन दोनों मिलते हैं। ऐसे अनेक लोग देखे गए हैं जो भाग्य के भरोसे न रहकर थोड़ी पूँजी से काम शुरू करते हैं और देखते-ही-देखते धनवान बन जाते हैं। परिश्रमी व्यक्ति को जीवित रहते हुए भी यश मिलता है और मरने के बाद भी। वस्तुतः परिश्रम से ही मनुष्य अपने, समाज और राष्ट्र को ऊँचा उठा सकता है। जिस राष्ट्र के नागरिक परिश्रमशील होते हैं, वह उन्नति के शिखर को छूता है, किंतु जिस राष्ट्र के नागरिक आलसी और भाग्यवादी होते हैं, वह शीघ्र ही गुलाम हो जाता है।

ऐसे अनेक महापुरुष हमारे सामने हैं जिन्होंने परिश्रम से अपना और अपने राष्ट्र का नाम उज्ज्वल किया। अब्राहम लिंकन का जन्म एक गरीब परिवार में हुआ था, फिर भी निरंतर कर्म करते हुए वे झोंपड़ी से निकलकर अमेरिका के राष्ट्रपति भवन तक पहुँचे। पूर्व प्रधानमंत्री श्री लालबहादुर शास्त्री, पूर्व राष्ट्रपति डॉ० सर्वपल्ली राधाकृष्णन, राष्ट्रपिता महात्मा गांधी, महामना मदन मोहन मालवीय और नेताजी सुभाषचंद्र बोस जैसे महापुरुष इस बात के साक्षी हैं कि परिश्रम से ही व्यक्ति महान बनता है।

यदि हम अपने देश, अपनी जाति और स्वयं की उन्नति चाहते हैं, तो भाग्य का सहारा छोड़कर परिश्रमी बनना आवश्यक है। आज देश के युवाओं में जो बेरोज़गारी और आलस्य व्याप्त है, उसका एक ही इलाज है-परिश्रम। संस्कृत में ठीक कहा गया है-‘श्रमेण बिना न किमपि साध्यम्।’

Exam Tips:

a) भूमिका में परिश्रम के महत्त्व को चींटी और मनुष्य के उदाहरण से समझाएँ।
b) ‘उद्योगिनं पुरुषसिंहमुपैति लक्ष्मीः’ श्लोक का अर्थ उत्तर में लिखें।
c) ‘श्रमेव जयते’ और ‘God helps those who help themselves’ का भाव लिखें।
d) उपसंहार में बेरोज़गारी के इलाज के रूप में परिश्रम को रखें।

 

Question 15: काला धन

Answer:

काले धन को अंग्रेज़ी में ‘ब्लैक मनी’ कहते हैं। अवैध तरीकों से कमाया गया धन काला धन कहलाता है। इसके अवैध तरीके हैं-आयकर की चोरी, अन्य करों का भुगतान न करना, चोर-बाज़ारी में सामान बेचकर धन कमाना और राष्ट्र व मानवता के विरोधी कार्यों से धन कमाना। इस धन का हिसाब किसी सरकारी आँकड़े में नहीं आता। काला धन किसी भी देश की अर्थव्यवस्था के विकास में बाधा है। लोग काले धन को उन विदेशी बैंकों में जमा करते हैं जहाँ आयकर के नियम लागू नहीं होते। सिंगापुर, मॉरीशस, जर्मनी और स्विट्ज़रलैंड ऐसे ही देश हैं। भारतीयों के काले धन के स्विट्ज़रलैंड के बैंकों में जमा होने की अनेक बार आलोचना हो चुकी है।

यह कटु सत्य है कि आज काले धन के बल पर काली अर्थव्यवस्था चल रही है। भ्रष्ट तरीकों से प्राप्त धन को काली अर्थव्यवस्था में लगाकर देश की अर्थव्यवस्था को कमज़ोर करने का प्रयास किया जाता है। काला धन काला बाज़ार भी तैयार करता है। इससे आम जनता के जीवन की समस्याएँ दिन-प्रतिदिन बढ़ती जा रही हैं। काले धन के बल पर बाज़ार में वस्तुओं का कृत्रिम अभाव दिखाकर उन्हें मनमाने दामों पर बेचा जाता है, और इससे और भी काला धन जमा होता है। काले धन से समाज में अनेक कुरीतियों और अपराधों को बढ़ावा मिलता है। इसलिए काले धन से अर्थव्यवस्था के साथ-साथ सामाजिक व्यवस्था भी प्रभावित होती है।

सरकार भी काले धन की समस्या से अवगत है। देश का काला धन सामने लाने के लिए स्वतंत्रता-प्राप्ति के बाद समय-समय पर आयकर जाँच आयोग जैसे अनेक आयोगों का गठन किया गया। सरकार ने 1951 में स्वैच्छिक प्रकटीकरण योजना के अंतर्गत ₹ 70.2 करोड़ के काले धन का पता लगाया। इसी प्रकार 1968 में सरकार की योजनाओं द्वारा पर्याप्त काला धन पकड़ा गया। सन् 1997 और 1998 में स्वैच्छिक आय प्रकटीकरण योजना के अंतर्गत देश में लगभग ₹ 33000 करोड़ के काले धन का पता लगाया गया था।
हाल ही में विदेशों में काले धन से जुड़े खातों की जानकारी सार्वजनिक न करने के कारण सुप्रीम कोर्ट ने भी सरकार को खरी-खोटी सुनाई। सुप्रीम कोर्ट ने यहाँ तक कहा कि यह केवल कर-चोरी का मामला नहीं, बल्कि देश के साथ लूट का मामला है।

विदेशों के बैंकों में जमा काले धन के साथ-साथ देश में ही लोगों के पास कितना धन, घर, ज़मीन, बैंक लॉकर और तिजोरियों में बंद पड़ा है, इसका अनुमान लगाना बेहद कठिन है। यदि इस धन को देश की अर्थव्यवस्था में लगाया जाए तो देश का विकास सहज हो सकता है और बेरोज़गारी की समस्या भी काफी हद तक कम हो सकती है।

काले धन की समस्या के समाधान के लिए विभिन्न देशों के साथ दोहरी कराधान संधि के साथ-साथ विमुद्रीकरण की नीति अपनाना भी लाभप्रद हो सकता है, जैसा कि सरकार ने 2016 में नोटबंदी करके किया। विमुद्रीकरण का अर्थ है पुरानी मुद्रा को चलन से बाहर करके नई मुद्रा लागू करना। जब अर्थव्यवस्था में काला धन बढ़ जाता है, तो इसे दूर करने के लिए सरकार विमुद्रीकरण अपनाती है। इसका परिणाम यह होता है कि जिसके पास काला धन होता है, वह उसके बदले नई मुद्रा लेने का साहस नहीं करता, और इस प्रकार काला धन स्वतः नष्ट हो जाता है। भारत में यह प्रयोग काफी हद तक सफल रहा है, किंतु काले धन के सौदागर भी कम चालाक नहीं निकले, उन्होंने नए-नए तरीके अपनाए।

काले धन को बाहर लाने के लिए कर-व्यवस्था में सुधार करना होगा। इसके लिए ईमानदार और कार्यकुशल कर्मचारियों की नियुक्ति की जानी चाहिए। आयकर विभाग को नियमित रूप से उद्योगपतियों, व्यापारियों और राजनेताओं के ठिकानों की जाँच-पड़ताल करनी चाहिए। इससे काले धन को बाहर लाया जा सकता है और देश की अर्थव्यवस्था सुधारी जा सकती है, जिससे देश उन्नति के मार्ग पर आगे बढ़ सकेगा।

Exam Tips:

a) काले धन के अवैध स्रोतों को अलग-अलग गिनाएँ।
b) विदेशी बैंकों और दोहरी कराधान संधि का उल्लेख करें।
c) नोटबंदी या विमुद्रीकरण को समाधान के रूप में उदाहरण सहित लिखें।
d) उपसंहार में कर-व्यवस्था सुधार और जाँच के सुझाव दें।

 

Question 16: कुसंगति के दुष्परिणाम
संके त : भूमिका, कुसंगति के दुष्परिणाम, सज्जन और दुर्जन का संग, कुसंगति से बचने के उपाय, सत्संगति के प्रकार, उपसंहार।

Answer:

कुसंगति का शाब्दिक अर्थ है बुरी संगति। अच्छे व्यक्तियों की संगति से बुद्धि की जड़ता दूर होती है, वाणी और आचरण में सच्चाई आती है, पाप नष्ट होते हैं और चित्त निर्मल होता है। किंतु कुसंगति मनुष्य में बुराइयाँ उत्पन्न करती है और उसे कुमार्ग पर ले जाती है। जो भी सत्संगति के विपरीत है, वह कुसंगति ही सिखाती है। एक कवि ने कहा है-
काजल की कोठरी में कैसो हू सयानो जाय,
एक लीक काजल की लागि है पै लागि है।

यह संभव नहीं कि परिस्थितियों का प्रभाव हम पर न पड़े। दुष्ट और दुराचारी व्यक्ति के साथ रहने से सज्जन व्यक्ति का चित्त भी दूषित हो जाता है। कुसंगति का बड़ा प्रभाव पड़ता है। एक कहावत है-‘अच्छाई चले एक कोस, बुराई चले दस कोस।’ अच्छी बातें सीखने में समय लगता है, जबकि जो जैसे लोगों के साथ बैठता है, वह वैसा ही बन जाता है। बुरे लोगों के साथ उठने-बैठने से अच्छे लोग भी बुरे बन जाते हैं। किसी व्यक्ति के चरित्र का पता लगाना हो तो उसके साथियों से बातचीत करके सही ज्ञान हो जाता है, क्योंकि उनके आचरण और व्यवहार से उसके चरित्र की झलक मिल जाती है।

कुसंगति की अनेक हानियाँ हैं। दोष और गुण दोनों संसर्ग से उत्पन्न होते हैं। मनुष्य में जितना दुराचार, पापाचार, दुश्चरित्रता और दुर्व्यसन होता है, वह अधिकतर कुसंगति का परिणाम होता है। श्रेष्ठ विद्यार्थी भी कुसंगति के प्रभाव से बिगड़ते देखे गए हैं। जो विद्यार्थी कभी कक्षा में प्रथम आते थे, वही नीच लोगों की संगति पाकर बरबाद हो जाते हैं। कुसंगति से बड़े-बड़े घराने नष्ट हो जाते हैं। बुद्धिमान-से-बुद्धिमान व्यक्ति पर भी कुसंगति का प्रभाव पड़ता है। कवि रहीम ने लिखा है-
बसि कुसंग चाहत कुसल, यह रहीम जिय सोच।
महिमा घटी समुद्र की, रावन बस्यौ पड़ोस।।

सज्जन और दुर्जन का साथ सदा अनुचित है, क्योंकि इससे विषमता ही जन्म लेती है। बुरा व्यक्ति तो बुराई नहीं छोड़ता, किंतु अच्छा व्यक्ति बुराई ग्रहण कर लेता है। रहीम ने अन्यत्र लिखा है-
कह रहीम कैसे निभै, बेर केर को संग।
वे डोलत रस आपने, उनके फाटत अंग।।
अर्थात् बेर और केले की संगति कैसे निभ सकती है? बेर अपनी मस्ती में झूमता है, लेकिन केले के पौधे के अंग कट जाते हैं। बेर में काँटे होते हैं और केले के पौधे में कोमलता। अतः दुर्जन का साथ सज्जन के लिए हानिकारक ही होता है।
सत्संगति का अर्थ है श्रेष्ठ पुरुषों की संगति। मनुष्य जब अपने से अधिक बुद्धिमान, विद्वान और गुणवान लोगों के संपर्क में आता है, तो उसमें अच्छे गुणों का उदय होता है और उसके दुर्गुण नष्ट होते हैं। सत्संगति से मनुष्य की बुराइयाँ दूर होती हैं और मन पावन हो जाता है। कबीरदास ने भी लिखा है-
कबीरा संगति साधु की, हरै और की व्याधि।
संगति बुरी असाधु की, आठों पहर उपाधि।।

सत्संगति दो प्रकार से हो सकती है। पहला, मनुष्य श्रेष्ठ, सज्जन और गुणवान व्यक्तियों के साथ रहकर उनसे शिक्षा ग्रहण करे। दूसरा, सत्संग श्रेष्ठ पुस्तकों के अध्ययन से भी प्राप्त होता है। सत्संगति से मनुष्य की ज्ञान-वृद्धि होती है। संस्कृत में भी कहा गया है-‘सत्संगतिः कथय किं न करोति पुंसाम्।’ रहीम ने एक स्थान पर कहा है-
जो रहीम उत्तम प्रकृति, का करि सकत कुसंग।
चंदन विष व्यापत नहीं, लिपटे रहत भुजंग।।
अर्थात् यदि मनुष्य उत्तम स्वभाव का हो तो कुसंगति उस पर प्रभाव नहीं डाल सकती। चंदन के पेड़ से साँप लिपटे रहते हैं, फिर भी उसमें विष व्याप्त नहीं होता। महाकवि सूरदास ने भी कुसंगति से बचने की प्रेरणा देते हुए कहा है-
तज मन हरि-विमुखनि को संग।
जाके संग कुबुधि उपजति है, परत भजन में भंग।।

बुरा व्यक्ति विद्वान होकर भी उसी प्रकार दुखदायी है, जिस प्रकार मणिधारी साँप। मनुष्य बुरी संगति से ही बुरी आदतें सीखता है। विद्यार्थियों को तो बुरी संगति से विशेष रूप से सावधान रहना चाहिए। सिगरेट, बीड़ी, शराब और जुआ जैसी बुरी आदतें प्रायः कुसंगति से ही सीखी जाती हैं। अतः कुसंगति से बचने में ही मनुष्य की भलाई है।

Exam Tips:

a) भूमिका में ‘काजल की कोठरी’ की पंक्ति से कुसंगति का प्रभाव समझाएँ।
b) रहीम के दोहों का अर्थ सही क्रम में लिखें।
c) ‘अच्छाई चले एक कोस, बुराई चले दस कोस’ कहावत का उदाहरण दें।
d) उपसंहार में सत्संगति को कुसंगति का उपाय बताएँ।

 

Question 17: स्वच्छ भारत स्वस्थ भारत

Answer:

‘स्वच्छ भारत, स्वस्थ भारत’ अभियान की शुरुआत का उद्देश्य देश को स्वच्छता के प्रतीक रूप में प्रस्तुत करना है। स्वच्छ भारत का सपना वस्तुतः महात्मा गांधी ने देखा था। इस विषय में गांधी जी ने कहा था-“स्वच्छता स्वतंत्रता से ज़्यादा ज़रूरी है।” इस कथन के पीछे भाव यह है कि वे देश की गरीबी और गंदगी से भली-भाँति परिचित थे। उनका अर्थ था कि स्वस्थता की कल्पना स्वच्छता में ही की जा सकती है, और स्वस्थ व्यक्ति ही अपनी बेहतरी के बारे में सोच सकता है। गांधी जी ने अपने समय में इस सपने को पूरा करने का प्रयास किया, किंतु वे पूरी तरह सफल नहीं हो सके। उनका कहना था कि निर्मलता और स्वच्छता दोनों ही स्वस्थ और शांतिपूर्ण जीवन के अनिवार्य अंग हैं।

खेद की बात है कि आज़ादी के इतने वर्षों बाद भी भारत इन दोनों लक्ष्यों को पूरा नहीं कर पाया है। गाँवों में तो दशा और भी चिंताजनक है। गांधी जी के सपने को पूरा करने के लिए प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी ने 2 अक्तूबर, 2014 को ‘स्वच्छ भारत, स्वस्थ भारत’ अभियान का शुभारंभ किया और इस मिशन को 2 अक्तूबर, 2019 तक पूरा करने का समय निश्चित किया।

‘स्वच्छ भारत, स्वस्थ भारत’ राष्ट्रीय स्वच्छता की एक मुहिम है। इसके तहत भारत को सन् 2019 तक पूर्णतः स्वच्छ बनाना है। इसमें स्वस्थ और सुखी जीवन के लिए गांधी जी के स्वच्छ भारत के सपने को आगे बढ़ाया गया है। यह आंदोलन गांधी जी के जन्मदिन, 2 अक्तूबर 2014, को शुरू हुआ और उनके जन्मदिन, 2 अक्तूबर 2019, को संपन्न होना है। शहरी विकास तथा पेयजल और स्वच्छता मंत्रालय के तहत इस अभियान को नगरों और गाँवों, दोनों में लागू किया गया है। इस मिशन का उद्देश्य सफ़ाई व्यवस्था की समस्या का समाधान करना और सभी को स्वच्छता की सुविधा देने के लिए शौचालयों के निर्माण द्वारा पूरे भारत में बेहतर मल-प्रबंधन करना है।

इस अभियान की आवश्यकता इस बात से स्पष्ट होती है कि भौतिक, मानसिक, सामाजिक और बौद्धिक कल्याण के लिए भारत के लोगों में स्वच्छता का एहसास होना अति आवश्यक है। यह भारत की सामाजिक स्थिति को सुधारने के लिए है, जिसे चारों ओर स्वच्छता लाने के लिए शुरू किया गया है। यह ज़रूरी है कि हर घर में शौचालय बनाने के साथ-साथ खुले में शौच जाने की प्रवृत्ति को समाप्त किया जाए। हाथ से साफ़-सफ़ाई की जाने वाली व्यवस्था को जड़ से समाप्त करना भी नितांत आवश्यक है। नगर-निगम द्वारा कचरे का पुनर्चक्रण या पुनः उपयोग तथा वैज्ञानिक तरीके से मल-प्रबंधन लागू करना है। स्वच्छता अभियान के माध्यम से ग्रामीण जनता में स्वस्थता के प्रति जागरूकता लाना भी इसका उद्देश्य है। पूरे भारत में साफ़-सफ़ाई की सुविधा विकसित करने के लिए निजी क्षेत्र की भागीदारी बढ़ाना भी इस अभियान का महत्त्वपूर्ण भाग है। स्वास्थ्य शिक्षा के कार्यक्रमों के माध्यम से समुदायों और पंचायती राज संस्थानों को निरंतर साफ़-सफ़ाई के प्रति जागरूक करना भी इस अभियान की आवश्यकता पर बल देता है। यह पूरा अभियान बापू के सपनों को साकार करने की भावना से जुड़ा है।

स्वच्छ भारत अभियान का मूल लक्ष्य शहरी क्षेत्रों के प्रत्येक नगर में ठोस कचरा प्रबंधन के साथ लगभग 1.04 करोड़ घरों, 2.6 लाख सार्वजनिक शौचालयों और 2.5 लाख सामुदायिक शौचालयों की सुविधा उपलब्ध कराना है। शहरी क्षेत्रों में स्वच्छता कार्यक्रम पाँच वर्षों के भीतर, अर्थात् 2019 तक पूरा करने की योजना है। इस अभियान के अन्य प्रमुख लक्ष्य हैं-खुले में शौच की प्रवृत्ति को जड़ से हटाना, अस्वास्थ्यकर शौचालयों को पानी से बहाए जाने वाले शौचालयों में बदलना, खुले हाथों से साफ़-सफ़ाई की प्रवृत्ति को हटाना, लोगों की सोच में परिवर्तन लाना और ठोस कचरा प्रबंधन करना।

‘स्वच्छ भारत, स्वस्थ भारत’ अभियान में ग्रामीण स्वच्छता का भी महत्त्वपूर्ण स्थान है। इसके तहत भारतीय गाँवों में स्वच्छता कार्यक्रम लागू करने का लक्ष्य है। ग्रामीण क्षेत्रों को स्वच्छ बनाने के लिए वर्ष 2003 में भारत सरकार ने ‘निर्मल भारत अभियान’ शुरू किया था, जिसका लक्ष्य भी गाँवों को पूर्ण स्वच्छ बनाना था। अब यह योजना ‘स्वच्छ भारत, स्वस्थ भारत’ अभियान के अंतर्गत पुनर्गठित की गई है। इसका लक्ष्य ग्रामीणों को खुले में शौच से रोकना है। इसके लिए सरकार ने 11 करोड़ 11 लाख शौचालयों के निर्माण का लक्ष्य रखा है। इस अभियान में ग्राम पंचायत, ज़िला परिषद और पंचायत समितियों की भी सीधी भागीदारी होगी।

ग्रामीण स्वच्छ भारत मिशन का प्रमुख लक्ष्य ग्रामीण लोगों में साफ़-सफ़ाई के प्रति जागरूकता पैदा करना और उनके जीवन-स्तर को सुधारना है। ग्रामीण क्षेत्रों में ठोस और द्रव कचरे के प्रबंधन पर विशेष ध्यान देना तथा ऐसी उन्नत पर्यावरणीय साफ़-सफ़ाई व्यवस्था विकसित करना, जिसका प्रबंधन समुदाय स्वयं कर सके, इस अभियान का मुख्य हिस्सा है।

‘स्वच्छ भारत-स्वच्छ विद्यालय’ अभियान भी इसी मिशन के अंतर्गत चलाया गया है। यह केंद्रीय मानव संसाधन विकास मंत्रालय द्वारा चलाया जाता है और इसका प्रमुख लक्ष्य विद्यालयों में स्वच्छता लाना है। इसमें विद्यार्थी, शिक्षक और अभिभावक सीधे भाग लेते हैं। केंद्रीय विद्यालयों और नवोदय विद्यालय संगठनों द्वारा अनेक स्वच्छता-कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं, जैसे स्वच्छता के विभिन्न पहलुओं पर विद्यार्थियों की चर्चा, महात्मा गांधी की शिक्षाओं पर विचार, स्वच्छता और स्वास्थ्य विज्ञान पर परिचर्चा और स्कूलों में सफ़ाई-अभियान। स्कूल-परिसर की सफ़ाई और स्वास्थ्य व स्वच्छता पर नाटक-मंचन भी विद्यार्थी करते हैं। आज के विद्यार्थी ही कल के नागरिक बनेंगे, इसलिए स्कूलों में साफ़-सफ़ाई संबंधी गतिविधियों का बहुत महत्त्व है।

निष्कर्ष रूप में कहा जा सकता है कि जब सभी भारतवासी और सरकार एक निश्चय से महात्मा गांधी के ‘स्वच्छता ही सुख और स्वास्थ्य की नींव है’ के सपने को पूरा करने में जुट जाएँ, तो इसे निश्चित और निर्धारित समय में हासिल किया जा सकता है। ‘स्वच्छ भारत, स्वस्थ भारत’ एक सराहनीय कदम है। इससे भारतवासियों को लाभ होगा और विश्व-स्तर पर भारत की छवि भी सुधरेगी। निश्चय ही स्वच्छता और स्वास्थ्य समाज और देश की आवश्यकता है। यदि स्वच्छता होगी तो स्वस्थता भी बनी रहेगी। स्वच्छता में केवल स्वस्थता ही नहीं, बल्कि भगवान भी बसते हैं।

Exam Tips:

a) भूमिका में गांधी जी के ‘स्वच्छता स्वतंत्रता से ज़्यादा ज़रूरी है’ कथन का भाव लिखें।
b) अभियान की तिथियाँ 2 अक्तूबर 2014 और 2 अक्तूबर 2019 सही लिखें।
c) शहरी और ग्रामीण लक्ष्य अलग-अलग लिखें।
d) उपसंहार में विद्यालयों की भूमिका और विद्यार्थियों की ज़िम्मेदारी लिखें।

 

Question 18: नर हो न निराश करो मन को
संके त : भूमिका, छोटी-सी असफलता से निराश न होना, प्रकृति से प्रेरणा, निरंतर संघर्ष करना जीवन है, उपसंहार।

Answer:

‘नर’ शब्द का सामान्य अर्थ पुरुष होता है। ‘नर’ शब्द के लाक्षणिक या व्यंजक प्रयोग से पुरुष की विशिष्टता व्यक्त की जाती है। पुरुष के पुरुषत्व और श्रेष्ठ वीरत्व के भाव को अभिव्यक्त करने के लिए ‘नर’ शब्द का प्रयोग होता है। जब हम इस शीर्षक-पंक्ति ‘नर हो, न निराश करो मन को’ के अर्थ और भाव का विवेचन करते हैं तो मानव-जीवन के अनेक पक्ष उजागर होते हैं और मनुष्य के पौरुष और पुरुषार्थ की महिमा प्रकट होती है।

इस पंक्ति को पढ़ने से ऐसा लगता है मानो कोई चुनौती भरे शब्दों में हमें ललकार रहा हो कि ‘वाह! कैसे पुरुष हो तुम! या अच्छे नर हो, जो सांसारिक जीवन की छोटी-छोटी कठिनाइयों से ही घबरा उठते हो, क्योंकि तुमने अभी तक जीवन की बाधाओं का सामना करना सीखा ही नहीं है। तुम इस तरह चिल्लाने और घबराकर बोलने लगते हो मानो आसमान टूट पड़ेगा या ज़मीन फट जाएगी। तुम पुरुष हो और वीरता तुम्हारे पास है। एक बार की असफलता से इतनी निराशा! उठो, निराशा त्यागकर परिस्थितियों का डटकर सामना करो।’ हमें एक छोटी-सी चींटी से भी सबक लेना चाहिए। जब वह चावल का दाना या कोई और वस्तु मुँह में लेकर अपने बिल की ओर जाती है और उसका मार्ग रोक दिया जाता है या दाना छीन लिया जाता है, तो वह छटपटाती है और बार-बार उसे पाने का प्रयास करती है। वह तब तक संघर्ष करती रहती है, जब तक दाना लेकर अपने बिल तक नहीं पहुँच जाती। एक ओर चींटी है, और दूसरी ओर मनुष्य, जो थोड़ी-सी असफलता पर निराश होकर बैठ जाता है।

‘नर’ अर्थात् बुद्धि और बल से परिपूर्ण मनुष्य, जो प्राणियों में श्रेष्ठ कहलाता है। यदि वह जीवन के संघर्षों और कठिनाइयों से मुँह फेरकर निराश होकर बैठ जाए तो उसकी श्रेष्ठता का कोई अर्थ नहीं रह जाता। उसे प्रकृति के हर छोटे-बड़े प्राणी से प्रेरणा लेनी चाहिए। यदि वह संघर्ष छोड़ देगा और निराश होकर बैठ जाएगा तो संसार में उसका विकास कैसे होगा? हर प्रकार की उन्नति के मार्ग बंद हो जाएँगे। इसलिए मनुष्य को अपने नरत्व को सिद्ध करना होगा। उसे निराशा त्यागकर अपने हृदय में उत्साह और साहस भरकर जीवन-पथ को प्रशस्त करना होगा। यदि निराशा ही जीवन का सत्य होती, तो अब तक संसार में जो विकास हुआ है वह कभी संभव न हो पाता। नरता का पहला लक्षण ही आगे बढ़ना और संघर्ष करते रहना है।

नदी की बहती धारा की भाँति मनुष्य का भी यही लक्ष्य होना चाहिए। जिस प्रकार धारा सागर में मिलकर ही विश्राम लेती है, उसी प्रकार नर को भी लक्ष्य प्राप्ति के बाद ही विश्राम लेना चाहिए। मार्ग में चट्टान भी धारा को रोकने का प्रयास करती है, परंतु क्या कभी चट्टान धारा को रोक सकी? धारा अपने प्रबल प्रवाह से चट्टान को किनारे लगाकर अपना रास्ता स्वयं बना लेती है। वह इसके लिए किसी से सहायता नहीं माँगती। झाड़-झंखाड़ों से भी वह नहीं रुकती। बड़ी चट्टान मार्ग में आ जाए तो धारा थोड़ी देर के लिए रुकी-सी लगती है, किंतु वह कुछ ही क्षणों में अपना दूसरा मार्ग खोज लेती है और फिर उसी प्रवाह से अपने लक्ष्य की ओर बढ़ने लगती है। नर की जीवन-पद्धति भी ऐसी ही होनी चाहिए। समस्याएँ आने पर उसे योजना बनाकर उनका सामना करना चाहिए और सफलता प्राप्त करनी चाहिए। तभी वह नर कहलाने योग्य बनता है। समस्याएँ सामने आने पर माथे पर हाथ रखकर बैठ जाने से जीवन की सार्थकता सिद्ध नहीं होती। वह तभी नर कहलाएगा, जब वह समस्याओं को पार करके आगे बढ़ जाएगा। इसी को सच्चे अर्थों में जीवन कहते हैं, और यही नर के नरत्व को व्यक्त करता है।

नर होकर निराश बैठना उसके लिए शोभनीय नहीं है। निराश होकर हिम्मत हार जाने वाले मनुष्य की स्थिति वैसी ही होगी जैसी मणि-विहीन सर्प की होती है। मणि ही सर्प की चमक का कारण होती है। उसी प्रकार हिम्मत और उत्साह ही मानव-जीवन को सार्थकता देने वाले तत्त्व हैं। जब मनुष्य इन्हें त्यागकर बैठ जाता है, तब वह ‘नर’ कहलाने का अधिकार भी खो बैठता है। यह उसके लिए नरता से पतित होने और कहीं का भी न रहने के समान है। इसलिए कहा गया है कि नर होकर मन को निराश न करो। मनुष्य को किसी भी स्थिति में निराश नहीं होना चाहिए।

निराशा जीवन में अंधकार भर देती है और इससे मनुष्य को कोई मार्ग नहीं सूझता। इसके विपरीत, निराशा त्यागकर आशावान और आस्थावान होकर जब मनुष्य समस्याओं से जूझता है, तो उसका मार्ग स्वतः प्रकाशित हो उठता है और वह अपने लक्ष्य तक पहुँच जाता है। संघर्ष और प्रयास में जो आनंद मिलता है, वह अमृत के समान होता है। संघर्ष छोड़कर यदि हम निराशा का दामन पकड़ लेंगे, तो उस अमृत-रूपी आनंद से भी वंचित रह जाएँगे। अतः स्पष्ट है कि नर की नरता निराशा त्यागकर संघर्ष करने में ही दिखाई देती है। इस पंक्ति का मुख्य संदेश ही निरंतर संघर्ष करना, गतिशील बने रहना और उत्साह तथा आनंद का संदेश देना है। इन्हीं से नर की नरता सार्थक होती है।

Exam Tips:

a) भूमिका में ‘नर’ और ‘पुरुष’ शब्दों के अर्थ का अंतर स्पष्ट करें।
b) चींटी के उदाहरण को शुरू में प्रभावी ढंग से लिखें।
c) नदी और चट्टान का उदाहरण संघर्ष के भाव के लिए दें।
d) उपसंहार में निराशा और संघर्ष के अंतर को स्पष्ट करें।

 

Question 19: भारत की विदेश नीति

Answer:

‘विदेश नीति’ से तात्पर्य है कि कोई भी देश अपने राष्ट्रीय हितों के अनुरूप दूसरे देशों के साथ आर्थिक, राजनीतिक, सामाजिक और सैनिक विषयों पर जो नीतियाँ अपनाता है, उनका सामूहिक रूप। किसी देश की या पूरे विश्व की स्थिति सदा एक-सी नहीं रहती। इसलिए बदलती अंतर्राष्ट्रीय परिस्थिति में राष्ट्रीय हितों को ध्यान में रखकर समय के अनुसार किसी देश की नीति में बदलाव आवश्यक होता है। इस संसार में कोई देश न तो किसी का स्थायी मित्र होता है और न ही स्थायी शत्रु। विश्व-इतिहास में इसके अनेक उदाहरण हैं। भारत की जो स्थिति 1947 में थी, वह आज वैसी नहीं है। इक्कीसवीं सदी में भारत को तेज़ी से उभरती हुई शक्ति के रूप में देखा जाता है। वैश्विक परिदृश्य में आतंकवाद, जलवायु परिवर्तन और ऊर्जा संकट जैसी कठिनाइयों से निपटने के लिए अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर गुटबंदी और संबंधों में निरंतर परिवर्तन होते रहे हैं। भारत को भी वर्तमान स्थिति के अनुकूल अपनी विदेश नीति में बदलाव करने पड़े हैं।

स्वतंत्रता के पश्चात भारत ने अपनी विदेश नीति तय की थी, जिसका श्रेय भारत के प्रथम प्रधानमंत्री पं० जवाहरलाल नेहरू को जाता है। उन्होंने प्रधानमंत्री के साथ-साथ विदेश मंत्री की भूमिका भी निभाई। उन्होंने चीन आदि पड़ोसी देशों के साथ मित्रता की नीति अपनाई। विदेश नीति के रूप में पंचशील की स्थापना की गई, जिसका मूल उद्देश्य आपसी सहयोग और शांति को बढ़ावा देना था। किंतु अक्तूबर 1962 में चीन ने भारत पर आक्रमण कर उसका बड़ा भू-भाग हथिया लिया। वह अपनी शक्ति का प्रदर्शन करना चाहता था। इसके बाद सन् 1964 में लाल बहादुर शास्त्री देश के प्रधानमंत्री बने। उन्होंने विदेश मंत्रालय को सुदृढ़ किया और उसकी जिम्मेदारी के लिए अलग से विदेश मंत्री की नियुक्ति की। शास्त्री जी की नीतियों से भारत के दक्षिण-एशियाई देशों से संबंध बेहतर हुए। सन् 1965 में पाकिस्तान ने भारतीय सीमा में घुसपैठ करने का दुस्साहस किया, तो शास्त्री जी ने उसका कड़ा जवाब दिया। पाकिस्तान को भारत के सामने झुकना पड़ा। सोवियत संघ की मध्यस्थता में भारत-पाकिस्तान के बीच ताशकंद समझौता हुआ, जिसके अनुसार भारत को पाकिस्तान के जीते हुए क्षेत्र लौटाने पड़े। शास्त्री जी इस समझौते के पक्ष में नहीं थे। उनकी ताशकंद में मृत्यु हो गई, जिसे लेकर आज भी रहस्य बना हुआ है।
शास्त्री जी के पश्चात श्रीमती इंदिरा गांधी प्रधानमंत्री बनीं। उन्होंने परिस्थितियों को देखते हुए भारत की विदेश नीति में अनेक बदलाव किए। उन्होंने विदेश नीति को मज़बूत बनाने के लिए गुप्तचर संस्थाओं को भी सुदृढ़ किया। बांग्लादेश की स्थापना में उन्होंने महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाई, जिससे पाकिस्तान की शक्ति क्षीण हुई। सन् 1971 में भारत ने सोवियत संघ के साथ मैत्री संधि की, जिससे आर्थिक और सैन्य सहायता भी मिली। सन् 1974 में भारत ने परमाणु परीक्षण किया, जिससे नाराज़ होकर अमेरिका ने आर्थिक प्रतिबंध लगा दिए। सोवियत संघ द्वारा अफ़ग़ानिस्तान पर हमले के समय भारत ने उसका खुला समर्थन नहीं किया, जिसे भारतीय विदेश नीति की एक चुनौती के रूप में देखा गया।
श्रीमती इंदिरा गांधी के चुनाव हारने पर मोरारजी देसाई प्रधानमंत्री बने, किंतु विदेश नीति में कोई विशेष परिवर्तन नहीं आया। इंदिरा जी की मृत्यु के पश्चात श्री राजीव गांधी ने विदेश नीति को आधुनिक दिशा देने का प्रयास किया। उन्होंने अंतर्राष्ट्रीय संबंध सुधारने के लिए अनेक देशों की यात्राएँ कीं। श्रीलंका में चल रहे संघर्ष को समाप्त करने के प्रयासों में भी राजीव गांधी की भूमिका रही। इसके बाद देश की राजनीति में अस्थिरता का दौर आया और विदेश नीति में कोई विशेष परिवर्तन नहीं आया।

सन् 1998 में अटल बिहारी वाजपेयी पुनः देश के प्रधानमंत्री बने। उन्होंने पड़ोसी देश पाकिस्तान के साथ बेहतर संबंध बनाने की नीति अपनाई और उसमें वे काफ़ी हद तक सफल भी रहे। किंतु पाकिस्तान द्वारा कारगिल में घुसपैठ से भारत को कड़ा रुख अपनाना पड़ा। सन् 2000 में वाजपेयी के कार्यकाल में भारत और अमेरिका के संबंधों में सुधार आया। वहाँ के राष्ट्रपति बिल क्लिंटन भारत की यात्रा पर आए थे। यह काल भारतीय विदेश नीति की सफलता का काल माना जाता है।
सन् 2004 में डॉ० मनमोहन सिंह प्रधानमंत्री बने और दस वर्ष तक इस पद पर रहे। वे भारत की आर्थिक नीति को सुदृढ़ करने में सफल रहे। सन् 2008 की वैश्विक आर्थिक मंदी के दौर में भारत पर भी उसका प्रभाव पड़ा, फिर भी भारत ने अपेक्षाकृत कम नुकसान के साथ उसका सामना किया। सन् 2008 में भारत और अमेरिका के बीच हुए नागरिक परमाणु समझौते ने भारत को अमेरिकी विदेश नीति में विशेष स्थान दिलाया। इस समय अमेरिका का भारत के प्रति नरम रवैया भारत की विदेश नीति की सफलता माना जाता है।

सन् 2014 में श्री नरेंद्र मोदी प्रधानमंत्री बने और उन्हें देश की जनता का पूर्ण बहुमत प्राप्त है। उन्होंने भारत की साख विदेशों में बढ़ाने के लिए अनेक देशों से मित्रता का हाथ बढ़ाया, जिनमें चीन, अमेरिका और रूस प्रमुख हैं। भारत ने अपने पड़ोसी देशों को सहायता देने की नीति अपनाई है। मोदी जी अपनी विदेश नीति के माध्यम से भारत की छवि सुधारने का प्रयास कर रहे हैं। चीन जैसे पड़ोसी देश के साथ भी उन्होंने कूटनीति से संबंधों में सुधार का प्रयास किया है। वर्तमान में भारत विश्व की एक प्रमुख शक्ति के रूप में उभर रहा है, इसलिए उसे अपनी विदेश नीति को समय और परिस्थितियों के अनुसार देशहित में निश्चित और निर्धारित करना होगा।

Exam Tips:

a) भूमिका में विदेश नीति की परिभाषा और उसके परिवर्तन का कारण लिखें।
b) पंचशील, 1962 के युद्ध और शास्त्री जी के समय के घटनाक्रम को तिथि सहित लिखें।
c) 1971 की संधि और 1974 के परमाणु परीक्षण के प्रभाव को अलग-अलग लिखें।
d) उपसंहार में बदलते वैश्विक परिदृश्य में नीति के निरंतर बदलाव की आवश्यकता बताएँ।

 

Question 20: सदाचार का महत्त्व
अथवा
चरित्र का महत्त्व
संके त : भूमिका, सदाचार एवं चरित्र का महत्त्व, स्वानुभव और चरित्र, विद्यार्थी जीवन और सच्चरित्रता, सदाचार के लाभ।

Answer:

प्रत्येक मनुष्य की यह इच्छा होती है कि समाज में उसका आदर-सम्मान हो, क्योंकि आदर और सम्मान के बिना मनुष्य का अस्तित्व प्रकाश में नहीं आता। इसके लिए मनुष्य अनेक साधनों का सहारा लेता है। कोई धन के बल पर, तो कोई सत्ता के बल पर प्रतिष्ठा पाना चाहता है। कोई विद्या से, तो कोई अपनी शक्ति से पहचान बनाना चाहता है। कोई समाज-सेवा से, तो कोई चरित्र के बल पर नाम कमाना चाहता है। इन सब साधनों में से सच्चरित्रता ही जीवन के समस्त गुणों, ऐश्वर्यों और समृद्धियों की आधारशिला है। यदि हम चरित्रवान हैं तो सभी हमारा आदर करते हैं, परंतु चरित्रहीन व्यक्ति समाज में निंदा और तिरस्कार का पात्र बनता है और समाज के लिए अभिशाप बन जाता है। दुश्चरित्र व्यक्ति का जीवन अंधकारमय होता है, जबकि सच्चरित्र व्यक्ति ज्ञान और प्रकाश का वितरण करता है।

प्रसिद्ध कवि मैथिलीशरण गुप्त ने ठीक ही कहा है-
खलों का कहीं भी नहीं स्वर्ग है, भलों के लिये तो यही स्वर्ग है।
सुनो स्वर्ग क्या है? सदाचार है। मनुष्यत्व ही मुक्ति का द्वार है।।

अंग्रेज़ी की एक कहावत का भाव है कि यदि मनुष्य का धन नष्ट हो जाए तो कुछ नष्ट नहीं हुआ, यदि उसका स्वास्थ्य नष्ट हो जाए तो कुछ नष्ट हुआ, परंतु यदि उसका चरित्र नष्ट हो गया तो उसका सब कुछ नष्ट हो गया। यह कहावत सच्चरित्रता के महत्त्व को दर्शाती है। सच्चरित्र बनने के लिए मनुष्य को अच्छी शिक्षा, सत्संगति और स्वानुभव की आवश्यकता होती है। यह आवश्यक नहीं कि हर बार शिक्षा ही चरित्र बनाए, क्योंकि अनेक बार अशिक्षित व्यक्ति भी सत्संगति से अच्छे चरित्र के देखे गए हैं। फिर भी बुद्धि का परिष्कार और विकास शिक्षा के बिना संभव नहीं है। अच्छी शिक्षा के साथ सत्संगति भी अनिवार्य गुण है। संस्कृत में कहा गया है-‘संसर्गजा दोषगुणा भवन्ति।’
अर्थात् दोष और गुण संसर्ग से ही उत्पन्न होते हैं। मनुष्य जिस प्रकार के लोगों के साथ रहता है, उनकी विचारधारा, व्यसन या आदतें उसे अवश्य प्रभावित करती हैं। सत्संगति नीच व्यक्ति को भी उत्तम बना देती है। कवि तुलसीदास ने भी कहा है-
सठ सुधरहिं सत्संगति पाइ। पारस परस कुधातु सुहाई।।

स्वानुभव भी मनुष्य को चरित्रवान बनाने में बड़ा सहायक होता है। जब बच्चा एक बार आग छूकर उँगली जला बैठता है, तो दोबारा आग से सावधान रहता है। दुष्कर्म करने वाला व्यक्ति जब उसके परिणामों को जान लेता है, तो वह दोबारा दुष्कर्म नहीं करता। व्यक्ति अपने अनुभव से जान लेता है कि अमुक काम से उसे यह फल भोगना पड़ा। झूठ बोलने से हानि और अपमान होता है, यह समझ आते ही वह झूठ बोलना छोड़ देता है। इस प्रकार व्यक्तिगत अनुभव भी उसे सच्चरित्रता की ओर ले जाते हैं। सच्चरित्रता लाने के लिए हमें अपने पूर्वजों के चरित्र पढ़ने और उनका अनुसरण करना चाहिए।

विद्यार्थी जीवन सच्चरित्रता के विकास के लिए सबसे उचित समय है। इस अवस्था में विद्यार्थी का मन कोमल होता है और उसे जैसा चाहें वैसा बनाया जा सकता है। यह साधना का समय है, जिसमें बालक जीवनोपयोगी अनेक गुणों का संचय करता है। वह इसी काल में अपने मन और मस्तिष्क का परिष्कार कर सकता है और संयम तथा नियमों का पालन करना सीखता है। समय पर सोना और उठना, ब्रह्मचर्य का पालन करना, नियमित रूप से अध्ययन करना तथा सज्जनों की संगति करना विद्यार्थी को चरित्रवान बनाते हैं।

सच्चरित्रता से मनुष्य को अनेक प्रकार के लाभ होते हैं। यह किसी एक प्रवृत्ति तक सीमित नहीं है। सत्य भाषण, उदारता, सहृदयता, विनम्रता, दयालुता, सुशीलता और सहानुभूति जैसे अनेक गुण मिलकर सच्चरित्रता कहलाते हैं। जो व्यक्ति चरित्रवान है, वह समाज में प्रतिष्ठा पाता है, उसे आदर और सम्मान मिलता है, इस लोक में उसकी कीर्ति फैलती है और मरने के बाद भी उसका नाम अमर रहता है। सच्चरित्र व्यक्ति की उच्च भावनाएँ और दृढ़ संकल्प सदा संसार में विचरण करते हैं। सच्चरित्रता से शूरवीरता, धीरता और निर्भयता जैसे गुण स्वतः आ जाते हैं, परंतु सदाचार और सच्चरित्रता के अभाव में मनुष्य कदम-कदम पर ठोकरें खाता है, अपमानित होता है और पशु-तुल्य जीवन बिताता है।

मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान राम की सच्चरित्रता किसी से छिपी नहीं है। भारत के करोड़ों नर-नारी उनके चरित्र का अनुसरण करके अपना जीवन पावन करते हैं। शिवाजी और महाराणा प्रताप की चारित्रिक विशेषताएँ आज भी भारतीय जन-साधारण का मार्गदर्शन करती हैं। इसी प्रकार आधुनिक काल में लोकमान्य तिलक, मदन मोहन मालवीय, महात्मा गांधी और सुभाषचंद्र बोस जैसी महान विभूतियाँ भारतीयों के लिए अनुकरणीय हैं। इन महान आत्माओं ने भारत माता की परतंत्रता की बेड़ियाँ तोड़ने में अपने जीवन का बलिदान दिया। सदाचार मनुष्य को महान बनाता है, साधारण व्यक्ति को भी युग-पुरुष बनाता है और उसे यश प्रदान करता है। संस्कृत में कहा गया है-
आचाराल्लभते ह्यायुराचारादीप्सिताः प्रजाः।
आचाराद्धनमक्षय्यमाचारो हन्त्यलक्षणम्।।
अर्थात् सदाचार से दीर्घ आयु, इच्छित संतान और अक्षय धन मिलता है, तथा सदाचार बुरे लक्षणों का नाश कर देता है।

चरित्रवान बनना प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है। चरित्र से मनुष्य अपना कल्याण तो करता ही है, समाज का हित भी करता है, और इससे वह सुख और समृद्धि प्राप्त करता है। सच्चरित्रता से हम देश की अनेक समस्याओं का हल निकाल सकते हैं। जिस राष्ट्र के नागरिकों का चरित्र भ्रष्ट हो, वह कदापि विकास नहीं कर सकता। हमारे देश में फैली गरीबी की जड़ में भी भ्रष्टाचार और चरित्रहीनता का बड़ा हाथ है। साहित्यकार डॉ० हजारीप्रसाद द्विवेदी के शब्दों में ‘चरित्र बल हमारी प्रधान समस्या है। हमारे महान नेता महात्मा गांधी ने कूटनीतिक चातुर्य को बड़ा नहीं समझा, बुद्धि-विकास को बड़ा नहीं माना, चरित्र-बल को ही महत्त्व दिया। आज हमें सबसे अधिक इसी बात पर सोचना है। यह चरित्र-बल केवल एक व्यक्ति का नहीं, समूचे देश का होना चाहिए।’

अतः आज हमारा प्रमुख कर्तव्य यही है कि हम चरित्रवान बनें। विशेषकर छात्र-छात्राओं को इस दिशा में भागीरथ प्रयत्न करने चाहिए, क्योंकि देश का भविष्य उन्हीं पर निर्भर है।

Exam Tips:

a) भूमिका में आदर-सम्मान के साधनों के रूप में धन, सत्ता और विद्या का उल्लेख करें।
b) ‘संसर्गजा दोषगुणा भवन्ति’ और तुलसीदास की चौपाई का भाव लिखें।
c) विद्यार्थी जीवन में सच्चरित्रता के लिए दिनचर्या के नियम बताएँ।
d) उपसंहार में चरित्र-बल को देश की समस्याओं के समाधान से जोड़कर लिखें।

 

Question 21: मोबाइल का सदुपयोग अथवा दुरुपयोग

Answer:

विज्ञान के विकास से मानव को अनेक सुविधाएँ प्राप्त हुई हैं और समाज में अभूतपूर्व परिवर्तन आए हैं। इन परिवर्तनों में संचार के साधनों का विकास भी एक चमत्कारी उपलब्धि है। संचार के साधनों में मोबाइल फ़ोन एक महत्त्वपूर्ण साधन है, जो शीघ्र संदेश भेजने का प्रमुख माध्यम है। मोबाइल फ़ोन का अर्थ है चलता-फिरता फ़ोन, अर्थात् ऐसा फ़ोन जिसे एक स्थान से दूसरे स्थान पर सहज ही ले जाया जा सके। आरंभ में मोबाइल फ़ोन का प्रयोग बहुत कम लोग करते थे, किंतु आज छोटे-बड़े, गरीब-अमीर और शिक्षित-अशिक्षित, सभी इसका प्रयोग करते हैं। आज मोबाइल केवल आवश्यकता ही नहीं, अनिवार्यता बन गया है और इसके बिना जीवन अधूरा-सा लगता है।

निश्चय ही मोबाइल फ़ोन ने मानव-जीवन को आसान बना दिया है। इसकी सहायता से विदेश में बैठा व्यक्ति अपने परिवार से न केवल बात कर सकता है, बल्कि उन्हें देख भी सकता है। यह मोबाइल की बहुत बड़ी सुविधा है, जिसकी तीस वर्ष पूर्व कल्पना भी नहीं की जा सकती थी। मोबाइल अब केवल फ़ोन नहीं रह गया है। इसमें कैमरा, कैलकुलेटर, रेडियो, गेम और टेपरिकॉर्डर जैसी अनेक सुविधाएँ उपलब्ध हैं। आवाज़ के अतिरिक्त लिखित संदेश भी एस.एम.एस. के रूप में भेजे जा सकते हैं। आज चिट्ठी और पत्र का काम भी मोबाइल से होने लगा है, इसलिए इस युग को मोबाइल का युग कहना अनुचित नहीं है। धीरे-धीरे मोबाइल प्रतिष्ठा का विषय भी बनता जा रहा है, और जिसके पास जितना महँगा मोबाइल होता है, उसकी उतनी ही ऊँची हैसियत आँकी जाती है।

मोबाइल फ़ोन का लाभ समाज के हर वर्ग को मिलता है। यह कहना कि विद्यार्थियों को मोबाइल की आवश्यकता नहीं, अर्ध-सत्य है, क्योंकि विद्यार्थी इंटरनेट के माध्यम से हर विषय की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। व्यापारी अपना हिसाब-किताब मोबाइल में रख सकते हैं। घरेलू महिलाओं के लिए मोबाइल मनोरंजन का साधन भी है और रसोई से संबंधित अनेक जानकारियाँ भी उससे मिलती हैं। मोबाइल से समय की बचत होती है। बैंकों के लेन-देन आसानी से हो जाते हैं और लेन-देन के लिए पंक्ति में खड़ा नहीं होना पड़ता। मोबाइल लाखों लोगों के रोज़गार का साधन भी है। मोबाइल से मौसम की जानकारी मिल सकती है और किसी अनजान स्थान का मानचित्र भी सहज ही मिल जाता है। कहने का तात्पर्य है कि जीवन के हर क्षेत्र में मोबाइल उपयोगी सिद्ध हो रहा है।

किंतु गहराई से देखें तो जहाँ मोबाइल ने मनुष्य को इतनी सुविधाएँ दी हैं, वहीं उससे अनेक हानियाँ भी हुई हैं। मोबाइल कंपनियाँ नित नए ऑफ़र देती हैं, और उनकी चकाचौंध में फँसकर व्यक्ति अपना धन और समय दोनों बरबाद कर रहा है। मोबाइल के अत्यधिक प्रयोग से स्वास्थ्य पर बुरा प्रभाव पड़ने की आशंका व्यक्त की गई है, और छोटे बच्चों के मन-मस्तिष्क व आँखों पर इसका असर अधिक चिंताजनक माना गया है।
विद्यार्थियों के लिए मोबाइल जितना लाभदायक है, उतना ही हानिकारक तब बन जाता है जब वे पढ़ाई और खेल-कूद छोड़कर अनावश्यक चीज़ें देखने में लगे रहते हैं। इससे युवा शक्ति प्रभावित होती है और देश का भविष्य भी प्रभावित हो सकता है, क्योंकि युवाशक्ति ही देश का भविष्य होती है। मोबाइल आज अनेक सड़क दुर्घटनाओं का कारण भी बन गया है, क्योंकि लोग गाड़ी चलाते समय बातें करने लगते हैं और उनका ध्यान भटक जाता है। हर आयु वर्ग के लोगों की एकाग्रता भी मोबाइल भंग कर रहा है, क्योंकि फ़ोन या संदेश आते ही ज़रूरी काम में लगा ध्यान टूट जाता है। अपराध की दुनिया में भी मोबाइल का गलत प्रयोग होता है और उपद्रवी तत्त्व इसके माध्यम से अपराधों को अंजाम देते हैं।

निष्कर्ष रूप में कहा जा सकता है कि विज्ञान के ये आविष्कार हमारी सुख-सुविधाओं के लिए हैं, किंतु इनका दुरुपयोग भी होता है। सही विकास वही है जिससे मानव का समुचित विकास हो। मोबाइल फ़ोन के सदुपयोग से मानव-जीवन सुखी बनता है, किंतु इससे उत्पन्न परेशानियों या हानियों के लिए मोबाइल नहीं, बल्कि हम स्वयं जिम्मेदार हैं। किसी भी वस्तु का प्रयोग यदि संयम और सीमा में रहकर किया जाए तो वह उपयोगी सिद्ध होती है। यदि हम उसका प्रयोग बिना सोचे-समझे और अनियंत्रित रूप से करेंगे, तो उसकी हानियों के लिए हम ही उत्तरदायी होंगे। अतः मोबाइल का सही प्रयोग लाभदायक है और दुरुपयोग हानिकारक, और दोनों के लिए उसका प्रयोगकर्ता ही जिम्मेदार है।

Exam Tips:

a) भूमिका में मोबाइल का अर्थ ‘चलता-फिरता फ़ोन’ स्पष्ट करें।
b) मोबाइल के लाभ को विद्यार्थी, व्यापारी और गृहिणी के उदाहरण से अलग-अलग लिखें।
c) सड़क दुर्घटना और एकाग्रता भंग होने जैसी हानियाँ अलग से गिनाएँ।
d) उपसंहार में सदुपयोग और दुरुपयोग के लिए प्रयोगकर्ता की जिम्मेदारी बताएँ।

 

Question 22: पराधीन सपनेहुँ सुख नाहीं

Answer:

संके त : उक्ति का अर्थ, स्वतंत्रता जन्मसिद्ध अधिकार, स्वतंत्र प्रकृति, पराधीनता के कारण विकास अवरुद्ध, भारत की पराधीनता, राष्ट्रोन्नति में स्वाधीनता का महत्त्व।
महाकवि तुलसीदास ने कहा है-पराधीन सपनेहुँ सुख नाहिं, सोच-विचार देख मनमाहिं।

तुलसीदास जी की यह काव्य-पंक्ति गहन अर्थ रखती है। इसका संदेश है कि जो व्यक्ति स्वाधीन नहीं है, वह अपने स्वजनों के बीच भी सुख नहीं पा सकता। पराधीनता वास्तव में अत्यंत कष्टदायक होती है। एक नीति-वचन है कि यदि पराधीन को जीवित कहा जाए, तो मृत कौन है? अर्थात् पराधीन व्यक्ति मृत के तुल्य है।

मानव जन्म से लेकर मृत्यु तक स्वतंत्र रहना चाहता है। वह किसी के अधीन या वश में रहने को तैयार नहीं होता। यदि कभी उसे पराधीन होना भी पड़े, तो वह प्राणों की बाज़ी लगाकर भी स्वाधीनता पाना चाहता है। लोकमान्य बालगंगाधर तिलक ने कहा था, ‘स्वतंत्रता मेरा जन्मसिद्ध अधिकार है।’ मनुष्य ही नहीं, पशु-पक्षी भी स्वाधीनता का महत्त्व और पराधीनता का कष्ट जानते हैं। सोने के पिंजरे में बंद पक्षी भी सुख और आनंद का अनुभव नहीं कर सकता। उसे षड्रस व्यंजन भी अच्छे नहीं लगते। वह तो पेड़ की डालियों पर बैठकर फल-फूल और दाना-तिनका खाने में आनंदित होता है।

प्रकृति का कण-कण स्वाधीन है और प्रकृति भी अपनी स्वतंत्रता में किसी का हस्तक्षेप नहीं चाहती। जब-जब मनुष्य ने अहंकारवश प्रकृति के उन्मुक्त स्वरूप के साथ छेड़खानी की है, प्रकृति ने उसे सबक सिखाया है। मनुष्य ने प्राकृतिक संतुलन और पर्यावरण को छेड़ा, तो उसके परिणाम प्रदूषण, भूस्खलन, बाढ़, भू-क्षरण, अतिवृष्टि और अनावृष्टि के रूप में सामने आए। दो फूलों की तुलना कीजिए-एक उपवन में उन्मुक्त हँसी बिखेर रहा है और दूसरा फूलदान में लगा है। फूलदान का फूल अपनी किस्मत पर रोता है, जबकि उपवन का फूल आनंदित रहता है। सर्कस में तरह-तरह के खेल दिखाने वाले पशु-पक्षी यदि बोल पाते, तो अपनी पराधीनता और कष्टों की कहानी रो-रोकर सुनाते। ये मूक प्राणी अपनी व्यथा शब्दों में नहीं कह सकते।

पराधीन व्यक्ति के बौद्धिक, मानसिक और सामाजिक विकास की गति रुक जाती है। उसके आत्म-सम्मान को पग-पग पर ठेस पहुँचती है। उसमें हीन भावना आ जाती है और उसका शौर्य, साहस, दृढ़ता और गर्व धीरे-धीरे शांत होने लगता है। आत्मविश्वास खत्म होने से वह अकर्मण्य हो जाता है। वह भौतिक सुखों को ही सब कुछ मान बैठता है और कई बार उनसे भी वंचित रहता है। उसकी सोचने-समझने की शक्ति कम होती जाती है और उसकी सृजनात्मक क्षमता भी धीरे-धीरे लुप्त होती चली जाती है।

भारत कभी ‘सोने की चिड़िया’ कहलाता था। यह महान सभ्यता और गौरवशाली देश लगभग हर क्षेत्र में उन्नत था, परंतु सैकड़ों वर्षों की पराधीनता ने उसे दुर्बल, निर्धन और पिछड़ा देश बना दिया। स्वतंत्रता प्राप्त करने के लिए अनेक वीरों ने बलिदान दिए, परंतु स्वाधीन होने के इतने वर्षों बाद भी हम मानसिक रूप से पूरी तरह स्वाधीन नहीं हो पाए हैं। विदेशी संस्कृति, सभ्यता और भाषा को अपनाकर आज भी हम एक प्रकार की मानसिक पराधीनता का परिचय दे रहे हैं।

लाला लाजपतराय पराधीनता के युग में विदेश यात्रा पर गए। वहाँ उनका स्वागत हुआ और लोगों ने उनकी बात ध्यान से सुनी। उन्होंने विश्व-समुदाय का ध्यान भारत की स्वतंत्रता की ओर आकर्षित किया। भारत लौटकर उन्होंने अपने अनुभव बताते हुए कहा कि वे अनेक देशों में घूमे, पर हर स्थान पर भारत की पराधीनता का कलंक उनके माथे पर लगा रहा।

हमारा कर्तव्य है कि हम राजनीतिक, सांस्कृतिक या किसी भी प्रकार की पराधीनता स्वीकार न करें। हर राष्ट्र के लिए स्वाधीनता का बहुत महत्त्व है और कोई राष्ट्र तभी उन्नति कर सकता है, जब वह स्वाधीन हो। जो जाति स्वाधीनता का मूल्य नहीं पहचानती और उसे बनाए रखने का प्रयत्न नहीं करती, वह एक-न-एक दिन पराधीन हो जाती है और उसका अस्तित्व समाप्त हो जाता है। स्वाधीनता के लिए बलिदान देना पड़ता है। राष्ट्रकवि रामधारी सिंह ‘दिनकर’ के भाव के अनुसार, स्वतंत्रता जाति की लगन और व्यक्ति की धुन है, जो बाहरी वस्तु नहीं बल्कि भीतर का गुण है। जो जाति अपमान और आघात सहकर भी झुकती नहीं, वही स्वाधीन संसार में टिकी रहती है।

Exam Tips:

a) भूमिका में तुलसीदास की चौपाई का अर्थ सरल शब्दों में लिखें।
b) पिंजरे के पक्षी और उपवन-फूलदान के उदाहरण से पराधीनता का कष्ट समझाएँ।
c) भारत की पराधीनता और उससे हुई हानियों को क्रम से लिखें।
d) उपसंहार में मानसिक स्वाधीनता की आवश्यकता पर बल दें।

 

Question 23: का बरषा जब कृषि सुखाने
अथवा
समय का सदुपयोग
संके त : समय अमूल्य वस्तु, समय का महत्त्व, कार्य की सफलता, छात्रावस्था में समय का महत्त्व, उपसंहार।

Answer:

संसार में समय को बहुमूल्य वस्तु माना गया है। मानव-जीवन का प्रत्येक क्षण दुर्लभ संपत्ति है, क्योंकि धन-दौलत नष्ट हो जाए तो परिश्रम करके उसे फिर पाया जा सकता है, परंतु खोया हुआ समय दोबारा नहीं मिलता। इसलिए समय का सदुपयोग अत्यंत आवश्यक है। सही समय पर सही काम करना ही समय का सदुपयोग है।

‘अब पछताए होत क्या, जब चिड़ियाँ चुग गईं खेत।’ यह उक्ति भी समय के महत्त्व को उजागर करती है और सावधान करती है कि यदि समय पर कर्म करने से चूक गए, तो बाद में जीवन अभिशाप बन जाएगा। हर व्यक्ति उन्नति चाहता है और बलवान, धनवान या विद्वान बनना चाहता है। ऐसी चाह रखने वाले को समय के सदुपयोग की ओर ध्यान देना ही होगा। इतिहास साक्षी है कि जिसने समय का सदुपयोग किया, वह सफलता की चोटी पर पहुँचा। गांधी जी, नेपोलियन, अरस्तू और मैडम क्यूरी जैसे महान लोगों ने समय के महत्त्व को समझा और सफलता पाई। कहा भी गया है-‘समय का चूका विद्यार्थी, बरसात का चूका किसान तथा डाल का चूका बंदर कहीं का नहीं रहता।’

जो समय का सम्मान करता है, समय भी उसका सम्मान करता है। एक बार किसी ने महात्मा गांधी से उनकी सफलता का राज पूछा, तो उन्होंने मुस्कराते हुए अपनी कमर में लटकी घड़ी की ओर इशारा किया, यानी समय की पाबंदी। गांधी जी ने जीवन भर सावधानी और बुद्धिमानी से समय का उपयोग किया, इसीलिए वे विश्व-प्रसिद्ध हुए।

समय का हर पल, हर क्षण और हर साँस ही जीवन है। जिसने एक-एक क्षण का सदुपयोग किया, विजय का सेहरा उसी के सिर बँधता है, और जिसने एक क्षण की भी चूक की, उसके मुँह पर कालिख लग जाती है। कार्य की सफलता कुशलता से अधिक तत्परता पर निर्भर करती है। यह सही कहा गया है-‘समय बहुमूल्य है। समय ही धन है। समय पर संपन्न कार्य ही फलदायी होता है।’

समय ही सत्य है। उसका सदुपयोग ही सफलता और समृद्धि का परिचायक है। इसके लिए प्रत्येक व्यक्ति को नियमित जीवन जीना चाहिए। आलस्य और काम को टालने की प्रवृत्ति समय के सबसे बड़े शत्रु हैं। जैसा कहा गया है-‘समय और ज्वार किसी की प्रतीक्षा नहीं करते।’ हमारे देश में समय का दुरुपयोग बहुत होता है। बेकार की बातों में समय व्यर्थ गँवाया जाता है और मनोरंजन के नाम पर भी समय नष्ट किया जाता है। समय खोकर कोई व्यक्ति सुखी नहीं रह सकता।

छात्रावस्था में भी समय का बहुत महत्त्व है। जो छात्र प्रतिदिन की पढ़ाई पूरी नहीं कर पाते, उन्हें परीक्षा के समय पूरा पाठ्यक्रम पहाड़ जैसा लगता है और तब वे गलत हथकंडे अपनाते हैं। इनसे भी उन्हें असफलता ही मिलती है, समाज में उनका सिर नीचा होता है और वे बाद में पछताते हैं। पछताने से क्या लाभ, क्योंकि कहा भी गया है-
‘का बरखा जब कृषि सुखाने।
समय चूकि पुनि का पछताने।।’

प्रत्येक व्यक्ति को एक-एक क्षण का सदुपयोग करना चाहिए। छात्रावस्था में विद्यार्जन, युवावस्था में धनार्जन और प्रौढ़ावस्था में ज्ञानार्जन करना चाहिए, अन्यथा वृद्धावस्था में कठिनाई का सामना करना पड़ता है। हमें अपने कार्य निश्चित समय में पूरे करने चाहिए। हम भारत के नागरिक अपने देश के निर्माता हैं, इसलिए अपनी और देश की उन्नति के लिए जीवन के प्रत्येक क्षण का सदुपयोग करना चाहिए। यदि हम सब कार्य समय पर करेंगे तो अतिरिक्त समय बचेगा, जिसे समाज-कल्याण में लगाया जा सकता है। कबीर जी ने भी कहा था कि आज का काम कल पर नहीं छोड़ना चाहिए-
‘काल करै सो आज कर, आज करै सो अब।
पल में परलय होएगी, बहुरि करैगो कब।।’

हमें सदा यह प्रयास करना चाहिए कि समय व्यर्थ न जाए। समय का भरपूर उपयोग करना और उसके मूल्य को पहचानना ही सफलता का मूलमंत्र है।

Exam Tips:

a) भूमिका में ‘समय ही धन है’ की भावना को उदाहरण से समझाएँ।
b) गांधी जी की घड़ी वाला प्रसंग सफलता के उदाहरण में दें।
c) छात्रावस्था में समय के दुरुपयोग के परिणाम अलग से लिखें।
d) उपसंहार में कबीर का दोहा और ‘समय का सदुपयोग’ का सूत्र लिखें।

 

Question 24: महिला सशक्तीकरण

Answer:

नारी आदिकाल से माँ, बहन, पत्नी और मित्र जैसे अनेक रूपों में मानव-समाज के सामने आती रही है। पुरुष और महिला जीवन-रूपी रथ के दो समान पहिए हैं। किसी एक के बिना जीवन अधूरा रह जाता है। नारी पत्नी के रूप में परामर्शदात्री और माँ के रूप में हमारी पहली गुरु है। इसलिए जीवन-रथ को चलाने के लिए दोनों पहियों, अर्थात् पुरुष और महिला, का समान महत्त्व है और दोनों का सबल होना अनिवार्य है।

महिला वर्ग की स्थिति सुधारने के लिए उन्हें शिक्षा का अधिकार देना अनिवार्य है, क्योंकि शिक्षा के अभाव में अज्ञानता पनपी, जिससे गृहस्थ जीवन की तस्वीर बिगड़ने लगी। अज्ञानता के कारण स्त्रियों में हीन भावना उत्पन्न हुई और उन पर तरह-तरह के अत्याचार होने लगे। आधुनिक युग में यह अनुभव किया गया कि यह सब शिक्षा के अभाव में ही हुआ है। एक स्वस्थ समाज के निर्माण के लिए महिलाओं का ज्ञानवान होना आवश्यक है। शिक्षा ग्रहण करके आज महिलाएँ जीवन के हर क्षेत्र में पुरुषों के समान आगे बढ़ रही हैं। आज महिलाएँ योग्य डॉक्टर, नर्स, प्रशासिका, प्राध्यापिका, व्यवस्थापिका, यहाँ तक कि कुशल पुलिस अधिकारी और सेनानायक भी हैं।

आज भारत में संविधान द्वारा नारी को समानता का अधिकार प्रदान किया गया है। इससे पूर्व नारी को पुरुष ने अपने समान नहीं समझा था। आज नारी को केवल मतदान का ही नहीं, बल्कि हर क्षेत्र में बड़े-से-बड़े पद पर आसीन होने का समान अधिकार है। नारी पुरुष के समान जिला परिषद, नगर परिषद, विधानसभा और लोकसभा सहित सभी प्रकार के चुनावों में भाग ले सकती है। आर्थिक और सामाजिक क्षेत्र में भी महिलाओं को समानता का अधिकार मिला है। इससे महिला समाज में आत्म-सम्मान बढ़ा है और उसमें नवचेतना जागी है, जिसके बल पर वह नए-नए लक्ष्य प्राप्त कर रही है। उसने अपनी शक्ति को पहचान लिया है।

जीवन में न्याय मिलना अत्यंत आवश्यक है, और महिलाओं के संदर्भ में यह और भी अनिवार्य है, क्योंकि हमारे समाज में महिलाओं के प्रति शोषण, अन्याय और अत्याचार होते रहे हैं। स्वतंत्र भारत में भी महिलाओं को पूर्ण न्याय नहीं मिल पाता। पुरुष-प्रधान समाज में कदम-कदम पर महिलाओं के साथ अन्याय होता है। न्याय की दृष्टि से पुरुष और महिला को समान समझा जाना चाहिए और महिला वर्ग के साथ पक्षपात नहीं होना चाहिए। आज भी नारियों को दहेज न लाने के कारण अनेक प्रकार से पीड़ित किया जाता है, यहाँ तक कि उन्हें आत्महत्या के लिए विवश किया जाता है या जीवित जला दिया जाता है। ऐसा अपराध करने वाले को कठोरतम सजा मिलनी चाहिए।

महिलाओं को पुरुषों के समान विचार अभिव्यक्त करने का अधिकार होना चाहिए। वही राष्ट्र सभ्य और उन्नत कहा जा सकता है, जहाँ हर नागरिक को लिखने और बोलने की पूर्ण स्वतंत्रता हो। यदि महिलाओं को लिखने और भाषण देने का अधिकार न मिले, तो उनका बौद्धिक विकास संभव नहीं होगा। अतः महिला-वर्ग को अपने विचार अभिव्यक्त करने का अधिकार अवश्य मिलना चाहिए।

महिलाओं को सामाजिक स्वतंत्रता का अधिकार भी मिलना अनिवार्य है। हमारे समाज में महिलाओं पर अनेक सामाजिक अन्याय और अत्याचार होते रहे हैं। उन्हें पुरुषों की इच्छा के अनुसार पर्दा-प्रथा का पालन करना पड़ता है। विवाह के मामले में भी उनकी इच्छा के विरुद्ध उनका विवाह कर दिया जाता है। सामाजिक स्वतंत्रता के अभाव में नारी का जीवन अत्यंत कष्टमय हो जाता है। उसे अपनी इच्छा से विवाह करने और सुखमय जीवन जीने का अधिकार मिलना चाहिए।

आज का युग स्वतंत्रता का युग है और संविधान ने सभी नागरिकों को राजनीतिक स्वतंत्रता का अधिकार दिया है। महिलाओं को भी राजनीति में सक्रिय भाग लेने की स्वतंत्रता होनी चाहिए, ताकि वे विधानसभा और लोकसभा में जाकर महिलाओं के पक्ष में आवाज़ उठा सकें, उनके अधिकारों की रक्षा कर सकें और उन पर हो रहे अत्याचारों को सामने ला सकें। भारत में इस दिशा में भी प्रयास हुए हैं। पंचायतों में महिलाओं के लिए स्थान आरक्षित हैं, और लोकसभा व विधानसभाओं में महिलाओं के आरक्षण का कानून भी बनाया गया है।

Exam Tips:

a) भूमिका में पुरुष और महिला को जीवन-रथ के दो पहिए बताएँ।
b) शिक्षा और संविधान के समानता अधिकार का क्रम स्पष्ट लिखें।
c) दहेज, पर्दा-प्रथा और राजनीतिक भागीदारी के उदाहरण अलग-अलग दें।
d) उपसंहार में न्याय, शिक्षा और समान अवसर को सशक्तीकरण का आधार बताएँ।

 

Question 25: महंगाई की समस्या

Answer:

संके त : भूमिका, मुद्रास्फीति और महँगाई, भारत में महँगाई के कारण, जमाखोरी की समस्या, दोषपूर्ण वितरण प्रणाली, महँगाई को रोकने के उपाय, समुचित वितरण की व्यवस्था, उपसंहार।

बढ़ती हुई महँगाई देश की अनेक समस्याओं में से एक गंभीर समस्या है। सरकार महँगाई रोकने का आश्वासन देती रहती है, किंतु महँगाई लगातार बढ़ती जा रही है। जनता बार-बार सरकार से आग्रह करती है कि आवश्यक उपभोग की वस्तुएँ उचित मूल्यों पर उपलब्ध कराई जाएँ। लेकिन उचित मूल्य तो दूर, अनेक बार आवश्यक वस्तुएँ भी बाज़ार से लुप्त हो जाती हैं।

बढ़ती महँगाई का सीधा संबंध मुद्रा-स्फीति से है। सरकार हर वर्ष घाटे का बजट बढ़ाती जाती है, और उधर कीमतें भी बढ़ती जाती हैं। इसका परिणाम यह होता है कि रुपए की क्रय-शक्ति घटती जाती है। महँगाई भत्ता एक नियमित प्रक्रिया बन गई है। सरकारी हों या गैर-सरकारी कर्मचारी, सभी महँगाई भत्ते की माँग करते हैं। सरकार नोट छापकर मुद्रा बढ़ाती है और इस प्रकार यह चक्र निरंतर चलता रहता है।

महँगाई की समस्या केवल हमारे देश तक सीमित नहीं है। संसार के सभी विकासशील देश इसके शिकार हैं और आर्थिक कठिनाइयों के कारण वे भी महँगाई पर नियंत्रण नहीं कर पा रहे हैं।

भारत एक विशाल देश है और अब जनसंख्या की दृष्टि से संसार में इसका स्थान पहला है। जिस गति से जनसंख्या बढ़ रही है, उस गति से उत्पादन नहीं बढ़ रहा। पिछले दो-तीन दशकों में उपज में बड़ी वृद्धि हुई है, परंतु हर वर्ष जनसंख्या में मानो एक नया ऑस्ट्रेलिया जुड़ जाता है। अतिवृष्टि या अनावृष्टि के कारण भी अनाज में कमी आ जाती है। इसके परिणामस्वरूप कई बार विदेशों से अनाज आयात करना पड़ता है। कृषि-प्रधान देश होने के कारण हमारी समूची अर्थव्यवस्था अच्छी वर्षा पर निर्भर करती है। बिजली उत्पादन भी इसे प्रभावित करता है।

महँगाई का एक बड़ा कारण वस्तुओं की जमाखोरी है। पूँजीपति इसके लिए सबसे अधिक दोषी हैं। जब मंडियों में अनाज आता है, तब लोग उसे खरीदकर अपने गोदामों में भर लेते हैं। इसी प्रकार वे अन्य वस्तुओं का भी संग्रह कर लेते हैं, जिससे आवश्यक वस्तुएँ महँगी हो जाती हैं। व्यापारी दुगुने-तिगुने दामों पर माल बेचता है। जब-जब देश में सूखा पड़ा है, व्यापारियों ने खूब लाभ कमाया है। सरकार ने इस प्रकार की अव्यवस्था के विरुद्ध कानून बनाए हैं, फिर भी भ्रष्ट अधिकारी व्यापारियों के साथ मिलकर उनकी सहायता करते रहते हैं।

आवश्यक उपभोग की वस्तुओं के समुचित वितरण के लिए कानून बनाए गए हैं। प्रत्येक राज्य में खाद्यान्न आपूर्ति विभाग स्थापित किए गए हैं और स्थान-स्थान पर राशन की दुकानें खोली गई हैं। यदि खाद्यान्न वितरण की व्यवस्था ठीक हो तो महँगाई पर नियंत्रण किया जा सकता है, परंतु यह सब पूरी तरह नहीं हो पाता। व्यापारी का लक्ष्य अधिकाधिक धन कमाना है और वह इसके लिए नए-नए रास्ते निकालता रहता है। ऐसा प्रतीत होता है कि भ्रष्टाचार का अजगर यहाँ भी अपना काम करता है। वितरण-व्यवस्था पर नज़र रखने वाले अधिकारी अपने कर्तव्य का पालन नहीं करते, और दुकानदार वस्तुओं का संग्रह करके मूल्य बढ़ाते रहते हैं।

यदि प्रयत्न किए जाएँ तो इस महँगाई को रोका भी जा सकता है। सबसे पहले सरकार को मुद्रा-स्फीति पर रोक लगानी चाहिए और हर वर्ष घाटे का बजट नहीं बनाना चाहिए। कृषि-उत्पादन और दुग्ध-उत्पादन की ओर अधिक ध्यान देना होगा तथा ग्रामीण क्षेत्रों में कृषि से जुड़े उद्योग स्थापित करने होंगे। यह दुर्भाग्य है कि स्वतंत्रता के इतने वर्षों बाद भी देश के किसानों को सिंचाई की पूर्ण सुविधाएँ उपलब्ध नहीं हैं। सरकार को बड़े नगरों के विकास के साथ-साथ गाँवों के विकास की ओर भी ध्यान देना चाहिए और पूरे देश के लिए एक उचित सिंचाई-व्यवस्था बनानी चाहिए।

अनेक बार अच्छे उत्पादन के बावजूद वस्तुएँ नहीं मिलतीं, या मिलती भी हैं तो महँगी। इसके लिए हमारी वितरण-व्यवस्था दोषी है। कई उदाहरण सिद्ध करते हैं कि भ्रष्ट व्यापारियों और अधिकारियों की मिलीभगत से महँगाई बढ़ती रहती है। ऐसे लोगों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए और व्यापारियों को मनमानी करने का अवसर नहीं मिलना चाहिए। सरकार को आवश्यक वस्तुओं का वितरण अपने हाथ में लेकर ईमानदार अधिकारियों को यह काम सौंपना चाहिए।

इसके लिए आज एक उपयोगी राष्ट्रीय नीति की आवश्यकता है। बढ़ती जनसंख्या के साथ महँगाई पर रोक लगाना ज़रूरी है, अन्यथा देश की स्वतंत्रता के लिए फिर खतरा उत्पन्न हो सकता है। सच्चाई यह है कि जनसंख्या-वृद्धि हमारी अधिकांश समस्याओं का मूल कारण है। जब तक इस पर नियंत्रण नहीं होता, तब तक हमारे सारे प्रयत्न अधूरे रहेंगे।

Exam Tips:

a) भूमिका में महँगाई और मुद्रा-स्फीति के संबंध को स्पष्ट करें।
b) जमाखोरी और दोषपूर्ण वितरण को अलग-अलग कारण के रूप में लिखें।
c) घाटे का बजट और सिंचाई-व्यवस्था जैसे सरकारी उपाय उदाहरण सहित दें।
d) उपसंहार में जनसंख्या-नियंत्रण को महँगाई रोकने का आधार बताएँ।

 

Question 26: भारतीय संस्कृति एवं विश्व
अथवा
भारतीय संस्कृति की विश्व को देन

Answer:

भारतीय संस्कृति और विश्व जैसे विषय पर विचार करने से पहले ‘संस्कृति’ शब्द का अर्थ समझना आवश्यक है, क्योंकि आजकल संस्कृति और सभ्यता को एक-दूसरे का पर्याय समझ लिया जाता है। इससे संस्कृति को लेकर अनेक भ्रांतियाँ उत्पन्न हो गई हैं। सच यह है कि संस्कृति और सभ्यता अलग-अलग होती हैं, किंतु दोनों एक-दूसरे के निकट भी हैं। सभ्यता का संबंध हमारे बाहरी जीवन के ढंग और तौर-तरीकों से है, जैसे खान-पान, रहन-सहन और बोलचाल। जबकि संस्कृति का संबंध मानवीय सोच, चिंतन-मनन और विचारधारा से है। संस्कृति का क्षेत्र सभ्यता से अधिक विस्तृत और गहन है। सभ्यता का अनुकरण सहज ही किया जा सकता है, किंतु संस्कृति का नहीं। हम पैंट-कोट पहनकर और अंग्रेज़ी बोलकर पाश्चात्य सभ्यता का अनुकरण कर सकते हैं, किंतु वहाँ की संस्कृति का नहीं।

संस्कृति किसी देश की आत्मा होती है। उसी से किसी देश और जाति के संस्कारों का बोध होता है, जिनके सहारे वह अपने आदर्शों और जीवन-मूल्यों का निर्धारण करता है। ‘संस्कृति’ शब्द का अर्थ है संस्कार, सुधार, परिष्कार, शुद्धि और सजावट। भारतीय प्राचीन ग्रंथों में भी संस्कृति का अर्थ संस्कार ही माना गया है। आज अंग्रेज़ी शब्द ‘कल्चर’ का प्रयोग संस्कृति के समानांतर होने लगा है, किंतु वास्तव में संस्कृति का संबंध मानवीय जीवन-मूल्यों से है।

भारतीय संस्कृति विश्व की प्राचीनतम संस्कृतियों में से एक है। विश्व की कई संस्कृतियाँ इसके सामने आईं और लुप्त हो गईं। इसी विशेषता की ओर संकेत करते हुए कविवर इकबाल ने लिखा है-
यूनान-ओ-मिस्र-ओ-रोमा सब मिट गए जहाँ से,
अब तक मगर है बाकी नामो-निशाँ हमारा।
इन पंक्तियों से पता चलता है कि भारतीय संस्कृति में ऐसे गुण हैं, जिनके कारण वह प्राचीनकाल से आज तक निरंतर चली आ रही है। भारतीय संस्कृति विश्व को यह संदेश देती है कि सदैव जीवित रहने के लिए अपने भीतर लचीलापन उत्पन्न करना चाहिए। इसी गुण के बल पर कोई संस्कृति समय के साथ आगे बढ़ सकती है।

भारतीय संस्कृति की एक अन्य प्रमुख विशेषता है समायोजन की क्षमता, अर्थात् दूसरों को अपने में समा लेने की शक्ति। इसी कारण भारत आने वाली अनेक संस्कृतियों के लोग यहीं के होकर रह गए। आज विश्व के कई देशों की संस्कृति में यह क्षमता नहीं है। अपनी संकीर्ण विचारधारा के कारण वे दूसरे धर्म और जाति के लोगों को सहन नहीं कर पाते, और वहाँ दंगे व अशांति देखी जाती है। इसके विपरीत भारतीय संस्कृति ने विश्व के सामने यह आदर्श रखा है कि विभिन्न धर्मों के लोग मिल-जुलकर शांतिपूर्वक रह सकते हैं, यदि उनमें समायोजन की शक्ति हो।

भारतीय संस्कृति की नींव मानव-कल्याण की भावना पर खड़ी है। यहाँ सभी कार्य ‘बहुजन हिताय, बहुजन सुखाय’ के सिद्धांत को सामने रखकर किए जाते हैं, और यही भाव भारतीय संस्कृति को आदर्श संस्कृति का स्थान दिलाता है। भारतीय संस्कृति की उदारता को दर्शाने वाला एक और मंत्र है-‘वसुधैव कुटुंबकम्’, अर्थात् सारी धरती के लोग एक परिवार की भाँति हैं। इससे विश्व को यह शिक्षा मिलती है कि तेरे-मेरे की भावना त्यागकर एक-दूसरे के प्रति सहानुभूति रखते हुए मिल-जुलकर रहना चाहिए। ऐसी स्थिति में विश्व स्वर्ग बन जाएगा, सभी सुखी होंगे और दुखों का अंत होगा। दूसरे शब्दों में, भारतीय संस्कृति का संदेश है कि सब सुखी हों, सब निरोग हों, सबका कल्याण हो और किसी को दुख प्राप्त न हो। इन पावन भावनाओं से प्रभावित होकर विश्व हर समस्या के समाधान के लिए भारत की ओर आशा भरी दृष्टि से देखता रहा है।

भारतीय संस्कृति का मूल-मंत्र आध्यात्मिकता है और उसका आधार ईश्वरीय विश्वास है। यहाँ विभिन्न धर्मों और मतों के लोग आत्मा और परमात्मा के अस्तित्व में विश्वास रखते हैं। उनकी दृष्टि में ईश्वर ही इस सृष्टि का रचयिता और नियंत्रक है, वही सृष्टि का कारण, पालक और संहारकर्ता है। इस विश्वास से विश्व को यह संदेश जाता है कि जब सबका रचयिता एक है, तो अपने-पराए का भेद समाप्त हो जाता है। सभी लोग एक परमपिता की संतान हैं, इसलिए भेदभाव की कोई गुंजाइश नहीं रहती। संपूर्ण संसार एक परिवार है।

त्याग और तपस्या भारतीय संस्कृति के प्राण हैं। इसमें त्याग की भावना पर विशेष बल दिया गया है, और त्याग से ही मनुष्य में संतोष जैसे गुण का विकास होता है। भारतीय संस्कृति ने विश्व को यह उपदेश दिया है कि जहाँ त्याग की भावना है, वहाँ संकट में दूसरों की सहायता की जाती है और स्वार्थ व लालच जैसी दुर्भावनाएँ नष्ट हो जाती हैं। आज विश्व में त्याग की भावना के अभाव से लालच बढ़ा है और चारों ओर अशांति है। कर्ण, हरिश्चंद्र और दधीचि का त्याग भारतीय संस्कृति का ही आदर्श नहीं, बल्कि पूरे विश्व का आदर्श है। स्वामी विवेकानंद ने भी त्याग और सेवा को भारतीय संस्कृति की प्रमुख विशेषता बताया है।

भारतीय संस्कृति में उन्मुक्त और स्वच्छंद सुख-भोग का विधान नहीं है। यहाँ हर उपभोग में संयम बरतने का नियम है। असीमित सुख-भोग से लालच पनपता है, जो मनुष्य को असंतोषी बना देता है, और ऐसा व्यक्ति कभी शांत जीवन नहीं जी पाता। महात्मा बुद्ध ने भी कहा है कि जब व्यक्ति अपनी इच्छाओं को कम कर देगा, तो उसकी समस्याएँ भी कम हो जाएँगी। यहाँ के संतों और ऋषि-मुनियों ने यही संदेश दिया है कि त्याग और तपस्या से विश्व का कल्याण संभव है। दूसरों की सेवा करना, दूसरे के धर्म का सम्मान करना और संयमित जीवन जीना ही मानव का संस्कार होना चाहिए।

आज के वैज्ञानिक युग में अनेक देश शांति स्थापित करने के नाम पर परमाणु बम और हथियार बना रहे हैं। दूसरों को डराकर शांति स्थापित करने का यह ढंग अत्यंत खतरनाक है, क्योंकि डर के वातावरण में स्थायी शांति नहीं हो सकती। भारतीय संस्कृति के अनुसार प्रेम, सद्भावना, विश्वास और एक-दूसरे को समझकर कार्य करने से ही शांति स्थापित हो सकती है। इसलिए आज भारतीय संस्कृति के मूल सिद्धांत विश्व में शांति लाने के लिए उपयोगी सिद्ध हो सकते हैं।

भारतीय संस्कृति में बड़ों का आदर, पारिवारिक भावनाओं को बढ़ावा, गुरु का सम्मान और गुरु-शिष्य का पावन संबंध अत्यंत महत्त्वपूर्ण तत्त्व हैं, जिनसे सामाजिक जीवन का समुचित विकास होता है। आज अकेलेपन की भावना बढ़ने से हर चेहरे पर निराशा झलक रही है। ऐसे में भारतीय संस्कृति यह सिखाती है कि आपस में मिल-जुलकर रहना, एक-दूसरे का सम्मान करना और आपसी संबंधों को समझ के आधार पर मज़बूत रखना सुखी और खुशहाल समाज के लिए आवश्यक है।

निष्कर्ष रूप में कहा जा सकता है कि भारतीय संस्कृति सदैव विश्व के सामने एक आदर्श के रूप में प्रस्तुत रही है। इसका मूल उद्देश्य ही ‘वसुधैव कुटुंबकम्’ और ‘सर्वहिताय-सर्वसुखाय’ के विचार को विकसित करना है। इसीलिए संपूर्ण विश्व भारत और भारतीय संस्कृति की ओर आशा भरी दृष्टि से देखता है।

Exam Tips:

a) भूमिका में संस्कृति और सभ्यता का अंतर स्पष्ट करें।
b) ‘वसुधैव कुटुंबकम्’ और ‘सर्वे भवंतु सुखिनः’ का भाव अलग-अलग लिखें।
c) त्याग, संयम और समायोजन की विशेषताएँ क्रम से गिनाएँ।
d) उपसंहार में भारतीय संस्कृति के शांति-संदेश की भूमिका बताएँ।

 

Question 27: प्रदूषण की समस्या

Answer:

संके त : भूमिका, प्रदूषण का अर्थ एवं स्वरूप, वायु-प्रदूषण की समस्या, विभिन्न प्रकार के प्रदूषण, प्रदूषण के दुष्परिणाम, प्रदूषण से बचने के उपाय, उपसंहार।

आज के वैज्ञानिक युग में मानव-जीवन के सामने अनेक समस्याएँ हैं। विज्ञान ने एक ओर सुख-सुविधाएँ देकर जीवन को सुखी बनाया है, तो दूसरी ओर अनेक दुखों को भी जन्म दिया है। इसलिए विज्ञान वरदान भी है और अभिशाप भी। आज प्रदूषण विज्ञान का एक प्रमुख अभिशाप है, जिसे संसार के अधिकतर लोग भोग रहे हैं। यह समस्या सारे संसार में फैल चुकी है।

प्रदूषण का अर्थ है प्रकृति के स्वस्थ और सर्वजन-सुलभ कोष में असंतुलन। प्रकृति अपना संतुलन स्वयं बनाए रखती है, परंतु आज विज्ञान ने प्रकृति के संतुलन में भी हस्तक्षेप करना आरंभ कर दिया है। बड़े-बड़े नगरों में प्रदूषण बहुत अधिक है, जिसका मानव-स्वास्थ्य पर बुरा प्रभाव पड़ता है। मोटरों, बसों और कल-कारखानों के धुएँ से वायु दूषित हो जाती है। इसी दूषित वायु से फेफड़ों और हृदय की अनेक बीमारियाँ पैदा होती हैं। आज अनेक बीमारियों का मूल कारण ही प्रदूषण है।

जनसंख्या की अधिकता और सड़कों-गलियों में वृक्षों के अभाव से वायु-प्रदूषण बढ़ता है। बाज़ारों में वाहनों का विषैला धुआँ निकलने की उचित व्यवस्था न होने से भी वायु-प्रदूषण होता है। आवासीय और व्यापारिक केंद्रों को बनाते समय ध्यान रखा जाना चाहिए कि सड़कें चौड़ी हों, दोनों ओर वृक्ष हों और पार्क हों, ताकि वायु-प्रदूषण कम हो। इस प्रकार नगरों का जीवन शुद्ध हो सकता है।

उद्योगों के निरंतर बढ़ने से भी वायु-प्रदूषण बढ़ रहा है। विषैली गैसों और मशीनों के अपशिष्ट से कई बीमारियाँ जन्म लेती हैं। इस प्रदूषण को दूर करने के लिए नई योजनाएँ बनानी चाहिए। जल-प्रदूषण भी आज एक बड़ी समस्या है। कारखानों का दूषित जल नदी-नालों में मिलकर पानी को खराब कर देता है। वर्षा के दिनों में जमा हुआ पानी दुर्गंध पैदा करता है और उसमें कीट-मच्छर जन्म लेकर वातावरण को दूषित करते हैं। ध्वनि-प्रदूषण भी एक बड़ी समस्या बन चुका है। यातायात का शोर, वाहनों की आवाज़ और अज्ञानतावश बजाए जाने वाले लाउडस्पीकरों की कर्ण-भेदी ध्वनियों ने बहरेपन की समस्या को जन्म दिया है। ध्वनि-प्रदूषण से फेफड़ों पर भी बुरा असर पड़ता है और मनुष्य के स्वभाव पर भी।

पर्यावरण प्रदूषण के अनेक बुरे परिणाम हैं। खेती में आधुनिक उर्वरकों और कृत्रिम साधनों के अधिक प्रयोग से भूमि की उपजाऊ शक्ति घटती जा रही है। दूषित बीज और खाद से फसलें खराब होती हैं और इनके सेवन से मनुष्य के स्वास्थ्य पर बुरा असर पड़ता है। जापान के हिरोशिमा और नागासाकी पर गिराए गए अणु बमों का विकिरण-प्रभाव वर्षों तक वहाँ के लोगों पर देखा गया। परमाणु विस्फोट से मौसम का संतुलन भी बिगड़ सकता है।

प्रदूषण के कारण आज देश का सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक वातावरण भी प्रभावित हो रहा है। दिल्ली जैसे महानगरों में प्रवेश करते ही दम घुटने लगता है और आँखों में जलन होती है। एक सर्वेक्षण के अनुसार दिल्ली की बड़ी आबादी श्वास-रोग से प्रभावित है। यही स्थिति चेन्नई, कानपुर, लखनऊ और मुंबई जैसे नगरों की भी है। प्रदूषण के कारण जीवन कठिन होता जा रहा है, रोग बढ़ रहे हैं और स्वास्थ्य गिर रहा है।

प्रदूषण से बचने के लिए प्राकृतिक संतुलन बनाए रखना आवश्यक है। सड़कों के दोनों ओर वृक्ष लगाए जाने चाहिए। आवास की व्यवस्था खुली और हवादार होनी चाहिए। हरियाली बनाए रखने के लिए पार्क बनाए जाने चाहिए। सड़कें चौड़ी हों ताकि गंदी वायु के निकलने की जगह मिले। कारखानों से निकलने वाली विषैली गैसों और धुएँ के निकास की उचित व्यवस्था होनी चाहिए। वर्षा के पानी को जमा नहीं होने देना चाहिए। हमारे देश में प्रदूषण रोकने के जो उपाय अपनाए जा रहे हैं, वे पर्याप्त नहीं हैं। राज्यों के प्रदूषण बोर्डों के कर्मचारी इस दिशा में अधिक प्रयत्नशील नहीं दिखते, और उन पर अनेक दबाव डाले जाते हैं। जनता में भी इस संबंध में जागरूकता की नितांत आवश्यकता है। प्रदूषण का एक बड़ा कारण बढ़ती जनसंख्या भी है, और जब तक इस पर रोक नहीं लगाई जाती, तब तक प्रदूषण पर पूरी विजय संभव नहीं होगी।

रूस और अमेरिका जैसे बड़े देशों ने प्रदूषण कम करने के अनेक उपाय किए हैं और उन्हें काफ़ी हद तक सफलता भी मिली है। भारत को भी समय रहते प्रदूषण से बचने के उपाय करने चाहिए, ताकि इस गंभीर समस्या पर काबू पाया जा सके और मानव-जीवन स्वस्थ बनाया जा सके।

Exam Tips:

a) भूमिका में विज्ञान के वरदान और अभिशाप दोनों पक्ष लिखें।
b) वायु, जल और ध्वनि प्रदूषण को अलग-अलग अनुच्छेद में लिखें।
c) प्रदूषण के स्वास्थ्य पर प्रभाव और शहरों की स्थिति का उल्लेख करें।
d) उपसंहार में वृक्षारोपण और जनसंख्या-नियंत्रण जैसे उपाय सुझाएँ।

 

Question 28: आतंकवाद की समस्या
अथवा
विश्वव्यापी आतंकवाद

Answer:

आतंकवाद आधुनिक युग की सबसे भयंकर समस्या है। यह केवल हमारे देश तक सीमित नहीं, बल्कि समूचे संसार में फैल चुकी है। निरपराध और निरीह लोगों की हत्या, बम विस्फोट, हवाई जहाज़ों का अपहरण, रेल की पटरियाँ उखाड़ना, बैंक लूटना, बसें जलाना और यात्रियों की हत्या जैसे हिंसक कार्य आतंकवाद के नाम पर हो रहे हैं। आतंकवादियों ने अपने गिरोह बना रखे हैं और वे किसी भी देश की कानून-व्यवस्था को स्वीकार नहीं करते। वे मनमाने ढंग से लोगों की हत्या करते रहते हैं।

‘आतंकवाद’ शब्द ‘आतंक’ और ‘वाद’ के मेल से बना है। ‘आतंक’ का अर्थ है भय या डर और ‘वाद’ का अर्थ है पद्धति। आतंकवादियों का एक ही लक्ष्य है कि सरकार और लोगों के मन में भय उत्पन्न करके अपनी अनुचित माँगें मनवाई जाएँ। आतंकवादियों का कोई धर्म, जाति या देश नहीं होता। वे बच्चों, स्त्रियों, बूढ़ों और जवानों, सभी की हत्या कर देते हैं। कानून-व्यवस्था को ताक पर रखकर वे देश में अराजकता फैलाते हैं।

आतंकवाद की समस्या पिछले एक दशक की उपज नहीं है, पर इसका स्वरूप बदला है। कुछ वर्ष पहले तक छिट-पुट लूटपाट होती थी, किंतु आज इस समस्या ने विकराल रूप धारण कर लिया है। इसके मूल कारण क्या हैं और क्यों यह लगातार बढ़ता जा रहा है, इस पर विद्वानों और राजनीति-शास्त्रियों ने कुछ निष्कर्ष निकाले हैं।

सांप्रदायिकता इसका प्रमुख कारण है। स्वतंत्रता के बाद भी हमारे देश में कुछ लोग संकीर्ण और कट्टर धार्मिक विचारधारा से ग्रस्त हैं। ऐसे लोग दूसरे धर्मों के प्रति असहिष्णु हो जाते हैं, धर्म और राजनीति को मिलाने का प्रयास करते हैं, धर्म के नाम पर अलग राज्य बनाना चाहते हैं और जो उनकी धार्मिक परिधि में नहीं आते, उनके प्रति घृणा फैलाते हैं। इस प्रकार सांप्रदायिकता की संकीर्ण भावना ही आतंकवाद को जन्म देती है।

हमारे देश की असंख्य समस्याओं के लिए दूषित राजनीति बहुत कुछ उत्तरदायी है। राजनीतिज्ञ और राजनीतिक दल धर्म और जाति के नाम पर लोगों को भड़काकर अपने वोट पक्के करते हैं। आज भी चुनावों में धर्म या जाति के नाम पर उम्मीदवार खड़े किए जाते हैं। कालांतर में जो लोग संकीर्ण और कट्टर बन जाते हैं, उनमें से कुछ आतंकवादी बन जाते हैं। 11 सितंबर, 2001 को मंगलवार के दिन उग्रवादियों ने यात्री विमानों की टक्कर से न्यूयॉर्क में विश्व व्यापार केंद्र (वर्ल्ड ट्रेड सेंटर) के दो टावरों और अमेरिकी रक्षा विभाग के मुख्यालय पेंटागन के एक हिस्से को ध्वस्त कर दिया। अमेरिका में यह संसार की सबसे बड़ी विनाशकारी घटनाओं में मानी जाती है, जिसमें हज़ारों निरीह लोगों की जानें गईं। हमारे देश में पिछले दो दशकों में अकेले कश्मीर में हज़ारों निर्दोष लोग उग्रवादियों के आतंकवाद का शिकार बने हैं। 13 दिसंबर, 2001 को सबसे बड़े लोकतंत्र भारत के संसद भवन पर आतंकवादियों ने आक्रमण करके अपनी अमानवीयता का परिचय दिया।

आतंकवाद की चपेट में आने वाले अधिकतर लोग प्रायः बेरोज़गार और अर्द्धशिक्षित युवक होते हैं। आतंकवाद चलाने वाले लोग इन युवकों को अपने चंगुल में फँसा लेते हैं। एक बार कोई युवक अपराधी बन जाए, तो उसके लिए उग्रवाद से निकलना कठिन हो जाता है। युवकों का मन और मस्तिष्क अपरिपक्व होता है, इसलिए वे जिस प्रकार के लोगों के साथ रहते हैं, वैसे ही बन जाते हैं। बेरोज़गारी से तंग आकर कई युवक इस रास्ते पर चले जाते हैं।

आतंकवाद मानवता के नाम पर कलंक है। यह किसी के लिए भी लाभकारी नहीं है, स्वयं आतंकवादियों के लिए भी नहीं। इससे मानवता की बड़ी हानि हुई है। इस दानव ने न जाने कितने बच्चों को अनाथ, कितनी स्त्रियों को विधवा और कितने लोगों को बेसहारा बना दिया है। सबसे पहले सरकार को उग्रवादियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई करनी होगी और सीमाओं पर कड़ी चौकसी रखनी होगी। जो युवक उग्रवाद की चपेट में आ चुके हैं, उन्हें सही रास्ते पर लाकर किसी उपयोगी रोज़गार से जोड़ना होगा। लोगों में देशप्रेम की भावना जगानी चाहिए। स्कूलों और कॉलेजों में राष्ट्रीय एकता की शिक्षा दी जानी चाहिए। समाज में बढ़ती आर्थिक विषमता भी समाप्त होनी चाहिए।

हमारा देश शांति और अहिंसा की जन्मभूमि है। यहाँ महात्मा बुद्ध और गांधी जैसे मानवता-प्रेमी जन्मे हैं। अतः महान ऋषियों, मुनियों, संतों और गुरुओं की वाणी का प्रचार होना चाहिए। प्रत्येक भारतवासी का कर्तव्य है कि वह संकीर्णता से ऊपर उठकर आपसी धार्मिक सहिष्णुता का प्रचार करे, तभी आतंकवाद समाप्त होगा।

Exam Tips:

a) भूमिका में ‘आतंक’ और ‘वाद’ शब्दों का अर्थ अलग-अलग लिखें।
b) सांप्रदायिकता, दूषित राजनीति और बेरोज़गारी को कारणों के रूप में अलग से लिखें।
c) 11 सितंबर 2001 और 13 दिसंबर 2001 की घटनाएँ तिथि सहित लिखें।
d) उपसंहार में रोज़गार, सहिष्णुता और कठोर कार्रवाई तीनों उपाय बताएँ।

 

Question 30: भ्रष्टाचार-कारण व निवारण
संके त : भूमिका, भ्रष्टाचार का अर्थ, भ्रष्टाचार के मूल कारण, भ्रष्टाचार की व्यापकता एवं प्रभाव, भ्रष्टाचार के निवारण के उपाय, उपसंहार।

Answer:

किसी भी देश के विकास के मार्ग में उसकी विभिन्न समस्याएँ बड़ी बाधा हैं। इनमें प्रमुख समस्या भ्रष्टाचार की है। जिस समाज और राष्ट्र को भ्रष्टाचार का घुन लग जाता है, उसका भविष्य अंधकारमय हो जाता है। भारत पर यह समस्या बुरी तरह छाई हुई है। यदि समय रहते इसका समाधान नहीं ढूँढ़ा गया, तो इसके भयंकर परिणाम सामने आएँगे।

भ्रष्टाचार का शाब्दिक अर्थ है आचार से भ्रष्ट या अलग होना। समाज द्वारा स्वीकृत आचार-संहिता की अवहेलना करके दूसरों को कष्ट पहुँचाकर निजी स्वार्थ या इच्छाओं की पूर्ति करना ही भ्रष्टाचार है। दूसरे शब्दों में, यह वह निंदनीय आचरण है जिसके वश में होकर मनुष्य अपना कर्तव्य भूलकर अनुचित लाभ प्राप्त करने का प्रयास करता है। भाई-भतीजावाद, बेरोज़गारी और गरीबी इसके दुष्परिणाम हैं, जिन्हें हमारा राष्ट्र झेल रहा है।

हर विकराल समस्या के पीछे कोई-न-कोई कारण होता है। भ्रष्टाचार के भी अनेक कारण हैं। सुख और ऐश्वर्य की लालसा के साथ ही भ्रष्टाचार ने जन्म लिया। इसके मूल में मनुष्य का कुंठित अहंभाव, स्वार्थपरता, भौतिकता के प्रति आकर्षण और धन-संपत्ति की लिप्सा छिपी है। मनुष्य की अंतहीन इच्छाएँ भी भ्रष्टाचार का प्रमुख कारण हैं। इसके अतिरिक्त अपनों का पक्ष लेना भी भ्रष्टाचार का बड़ा कारण है। कवि हर्ष ने ‘नैषधचरितम्’ में लिखा है कि अपने प्रियजनों के लिए पक्षपात होता ही है, और यही पक्षपात भ्रष्टाचार का मूल कारण है।

भ्रष्टाचार का प्रभाव और क्षेत्र अत्यंत व्यापक है। आज ऐसा कोई क्षेत्र नहीं जहाँ भ्रष्टाचार ने जड़ें न जमा रखी हों। व्यक्ति, समाज, राष्ट्र और अंतर्राष्ट्रीय जगत भी इसकी गिरफ़्त में हैं। राजनीतिक क्षेत्र तो भ्रष्टाचार का गढ़ बन चुका है। आज विधायक और सांसद पैसों के बल पर बिकते हुए दिखाई देते हैं, और भ्रष्टाचार के बल पर सरकारें बनाई और गिराई जाती हैं। धार्मिक स्थलों पर भी धर्मात्मा कहलाने वाले लोग भ्रष्टाचार में लिप्त पाए जाते हैं। आर्थिक क्षेत्र में तो भ्रष्टाचार ने और भी बड़े रूप धारण किए हैं। करोड़ों की रिश्वत लेने वाला व्यक्ति सीना तानकर चलता है और अरबों रुपयों के घोटाले करने वाला नेता जनता में सम्मानित बना रहता है। चुरहट कांड, बोफोर्स कांड और चारा घोटाला जैसे अनेक प्रकरण इसके उदाहरण हैं। शिक्षा के क्षेत्र में भी भ्रष्टाचार अपने रंग दिखा रहा है। योग्य छात्र उच्च कक्षाओं में प्रवेश नहीं पाते, जबकि अयोग्य छात्र भ्रष्टाचार का सहारा लेकर आगे बढ़ जाते हैं और योग्य विद्यार्थी हाथ मलता रह जाता है।

भ्रष्टाचार को रोकना अत्यंत कठिन है, क्योंकि इसे रोकने के लिए उठाए गए कदम कुछ दूर चलकर डगमगाने लगते हैं और स्वयं भ्रष्टाचार की लपेट में आ जाते हैं। यह संक्रामक रोग की भाँति है, जो व्यक्ति से आरंभ होकर पूरे समाज को ग्रस लेता है। भ्रष्टाचार को रोकने के लिए समाज में फिर से नैतिक मूल्यों की स्थापना करनी होगी। जब तक जीवन में नैतिकता का समावेश नहीं होगा, तब तक भौतिकवादी दृष्टिकोण नहीं बदलेगा। इसलिए प्रत्येक व्यक्ति के हृदय में नैतिकता के प्रति श्रद्धा और सम्मान उत्पन्न करना होगा। ईमानदारी से काम करने वालों को प्रोत्साहन देना चाहिए, ताकि लोग उनका अनुकरण करें और ईमानदारी में आस्था बढ़े। भ्रष्टाचार रोकने के लिए कठोर दंड की व्यवस्था भी होनी चाहिए। आज दंड-व्यवस्था इतनी कमज़ोर है कि रिश्वत लेता हुआ पकड़ा गया व्यक्ति रिश्वत देकर बच निकलता है, जिससे भ्रष्टाचार को बढ़ावा मिलता है।

भ्रष्टाचार को समाप्त करना केवल सरकार का नहीं, बल्कि प्रत्येक व्यक्ति, समाज और संस्था का भी कर्तव्य है। हमें केवल अपने स्वार्थ तक सीमित न रहकर ‘बहुजन हिताय, बहुजन सुखाय’ के सिद्धांत को अपनाना चाहिए, तभी भ्रष्टाचार समाप्त हो सकेगा। यह बात दो-टूक कही जा सकती है कि भ्रष्टाचार के दानव को नष्ट किए बिना राष्ट्र उन्नति नहीं कर सकता। इसका सबसे बड़ा दुष्परिणाम यह है कि भ्रष्टाचार के कारण अमीर और अमीर तथा गरीब और गरीब होता जा रहा है। यह आर्थिक विषमता कभी देश की स्वतंत्रता के लिए भी खतरा बन सकती है।

Exam Tips:

a) भूमिका में भ्रष्टाचार का शाब्दिक अर्थ और उसका प्रभाव लिखें।
b) भ्रष्टाचार के कारणों में स्वार्थ और अंतहीन इच्छाएँ अलग से गिनाएँ।
c) राजनीति, धर्म, व्यापार और शिक्षा के क्षेत्रों के उदाहरण अलग-अलग दें।
d) उपसंहार में नैतिक मूल्यों और कठोर दंड-व्यवस्था का सुझाव दें।

 

Question 31: साम्प्रदायिक सद्भाव

Answer:

जिस समय भारत में सांप्रदायिक एकता थी, उस समय शक्ति, शिक्षा और शांति में भारत का विश्व पर एकछत्र आधिपत्य था। विश्व हमारी ओर आदर की दृष्टि से देखता था और हम विश्व के आदिगुरु समझे जाते थे। भारतीय जीवन के आदर्शों से विश्व के लोग शिक्षा ग्रहण करते थे। संपूर्ण राष्ट्र एकता के सूत्र में बँधा हुआ था और भारत विश्व में सर्वोत्तम राष्ट्र समझा जाता था। वेदों में भी एकता का संदेश देते हुए कहा गया है कि तुम सब मिलकर चलो, संगठित हो जाओ, एक साथ मिलकर बोलो, तुम्हारे मन समान विचार वाले हों। जैसे देवता मिल-जुलकर विचार प्रकट करते हैं, वैसे ही तुम भी मिल-जुलकर रहो।

किंतु जब से हमारी एकता अनेकता में छिन्न-भिन्न हुई, तब से हमें ऐसे दुर्दिन देखने पड़े जिनकी आज कल्पना भी नहीं की जा सकती। हमें पराधीन होना पड़ा और अपने धर्म तथा संस्कृति पर कुठाराघात सहना पड़ा। परिणामस्वरूप हमारा राष्ट्र छिन्न-भिन्न हो गया और हमारी सूत्रबद्ध सामूहिक शक्ति लंबे समय के लिए समाप्त हो गई। हम अनेक वर्षों तक गुलामी की जंजीरों में बँधे रहे, और उनसे मुक्त होने की कल्पना भी संदिग्ध लगने लगी थी। अनेक बलिदानों के बाद बड़ी कठिनाई से हमें यह आज़ादी मिली है। इस आत्म-गौरव को पाने के लिए हमें बड़ा मूल्य चुकाना पड़ा, अनेक यातनाएँ सहनी पड़ीं, और हमारी सभ्यता व संस्कृति ने भयानक थपेड़े सहकर भी साँस लेना जारी रखा। सैकड़ों वर्षों की साधना से मिली अमूल्य स्वतंत्रता को आज हम बरबाद करने में लगे हैं।

आज भारत स्वतंत्र है और यहाँ हमारा अपना शासन है, फिर भी सांप्रदायिक एकता और राष्ट्रीय एकता के मार्ग में बाधाएँ आ खड़ी हुई हैं। धर्म, जाति और प्रांत के नाम पर स्थान-स्थान पर लोग आपस में लड़-झगड़ रहे हैं। समाज में ऐसी ज़हरीली हवा चल रही है कि सब अपनी-अपनी डफली और अपना-अपना राग अलाप रहे हैं। स्वार्थ में डूबे लोग यह नहीं सोचते कि यदि देश ही नहीं रहा या खतरे में पड़ गया, तो न हमारी भाषा बचेगी, न धर्म और न ही जाति। प्रांतीयता का विष धीरे-धीरे फैलता जा रहा है। हर व्यक्ति केवल अपने प्रांत की उन्नति चाहता है। बंगाली बंगाल की, मद्रासी मद्रास की, गुजराती गुजरात की और पंजाबी पंजाब की उन्नति चाहता है, किंतु समूचे राष्ट्र का ध्यान किसी को नहीं है।

हमारे देश में अनेक भाषाएँ हैं और हर प्रांत का निवासी अपनी भाषा को प्रमुखता देता है। दक्षिण भारत के कुछ स्थानों पर राष्ट्रगीत इसलिए नहीं गाया जाता, क्योंकि वह हिंदी में है। कोई गीता के श्लोकों और रामायण की चौपाइयों को इसलिए मिटाना चाहता है, क्योंकि वे हिंदी या हिंदी वर्णमाला में हैं। स्वार्थ इतना बढ़ गया है कि नागरिक केवल अपने कल्याण की सोचता है, देश और राष्ट्र की चिंता उसे नहीं रहती। विभिन्न भाषाओं के साथ-साथ भारत में विभिन्न धर्मों के लोग रहते हैं। भारत एक धर्मनिरपेक्ष राज्य है। सरकार किसी धर्म को आश्रय नहीं देती, परंतु हर धर्म का आदर करती है। लोग अपने-अपने धर्म से प्रेम करते हैं, पर राष्ट्र से नहीं। धार्मिक संकीर्णता के कारण जहाँ-तहाँ दंगे होते हैं।

पराधीन भारत में सर्वत्र सांप्रदायिक सद्भावना और एकता थी। सभी संप्रदायों के लोगों ने सच्चे मन से, बिना किसी भेदभाव के, स्वतंत्रता आंदोलन में भाग लिया और निःस्वार्थ भाव से महान बलिदान देकर भारत को स्वतंत्र करवाया। उस समय हर भारतीय के मुख पर एक ही नारा था-‘हिंदुस्तान हमारा है’। किंतु आज परिस्थितियाँ बदल गई हैं। आज नारे लगते हैं कि ‘पंजाब हमारा है, असम हमारा है।’ व्यक्ति पहले अपनी बात सोचता है, फिर प्रदेश की, और बाद में देश की। यह सोच देश की एकता के लिए घातक है।

देश में सांप्रदायिक सद्भावना और राष्ट्रीय एकता के लिए समय-समय पर अनेक उपाय किए गए हैं। अनेक राष्ट्रीय नेताओं ने इसके लिए अपने जीवन का त्याग किया है। महात्मा गांधी ने अपना पूरा जीवन सांप्रदायिक सद्भावना और एकता के लिए समर्पित कर दिया। हमारे संतों ने सदा परस्पर मिलकर रहने का उपदेश दिया है। पंडित जवाहरलाल नेहरू, लालबहादुर शास्त्री आदि नेताओं ने राष्ट्रीय एकता को दृढ़ बनाने के प्रयास किए।

प्रत्येक नागरिक का यह पवित्र कर्तव्य है कि वह सांप्रदायिक सद्भावना बनाए रखने के लिए हरसंभव प्रयास करे, क्योंकि सांप्रदायिक सद्भावना ही किसी राष्ट्र की एकता और मज़बूती का आधार होती है। इसलिए हर व्यक्ति को संकीर्ण भावनाएँ त्यागकर समूचे समाज और राष्ट्र के लिए सोचना, मनन करना और उसकी समृद्धि के लिए प्रयास करना चाहिए। यदि समय रहते इस दिशा में उचित कदम नहीं उठाया गया, तो सांप्रदायिक भावना से समाज बिखर जाएगा और राष्ट्र की एकता टूट जाएगी। सशक्त और सुदृढ़ राष्ट्र के लिए सांप्रदायिक एकता और सद्भावना अत्यंत आवश्यक है।

Exam Tips:

a) भूमिका में सांप्रदायिक एकता के समय भारत की वैश्विक स्थिति का उल्लेख करें।
b) वेदों के एकता संदेश को अपने शब्दों में लिखें।
c) प्रांतीयता और भाषावाद के उदाहरण अलग-अलग दें।
d) उपसंहार में नागरिक कर्तव्य और सद्भावना का महत्त्व लिखें।

 

Question 32: मेरा प्रिय लेखक (प्रेमचन्द)
संके त : भूमिका, जीवन-परिचय, रचनाएँ, भाषा, उपसंहार।

Answer:

साहित्य समाज का दर्पण है और लेखक युगद्रष्टा होता है। वह अपने आस-पास की परिस्थितियों से प्रेरित होकर साहित्य की रचना करता है। महान लेखक ही महान साहित्य की रचना कर सकते हैं। श्रेष्ठ साहित्य का मूल उद्देश्य सत्यम्, शिवम् और सुंदरम् होता है। प्रेमचंद महान कथाकार हैं। उन्होंने अपने युग की परिस्थितियों को समझा, परखा और उन पर गहन चिंतन किया। इसी चिंतन के प्रकाश में उन्होंने युगीन जीवन को यथार्थ रूप में व्यक्त करने के लिए उपन्यास, कहानी, नाटक और निबंध लिखे। उनके उपन्यास इतने प्रसिद्ध हुए कि उन्हें ‘उपन्यास सम्राट’ कहा जाता है। हिंदी उपन्यास और कहानी के क्षेत्र में प्रेमचंद का आगमन किसी शुभ वरदान से कम महत्त्वपूर्ण नहीं माना जाता।

स्वर्गीय प्रेमचंद का जन्म सन् 1880 में उत्तर प्रदेश में बनारस के निकट लमही नामक छोटे-से गाँव में हुआ। वे अभी छोटे ही थे कि उनकी माता का देहांत हो गया। पिता ने दूसरा विवाह किया, जिससे घर की परिस्थिति और विकट हो गई। प्रेमचंद का असली नाम धनपतराय था, किंतु चाचा उन्हें नवाबराय कहते थे। स्कूल की पढ़ाई के समय उन्हें अनेक कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। पढ़ाई के बीच ही पिता का निधन हो गया और सौतेली माँ व उसके बच्चों की ज़िम्मेदारी भी इन्हीं पर आ पड़ी। स्कूल की पढ़ाई जैसे-तैसे पूरी हुई। फिर एक वकील के बेटे को ट्यूशन पढ़ाने का काम किया, जिसके लिए पाँच रुपए मासिक वेतन मिलता था और उन्हें कई मील पैदल चलना पड़ता था।

मैट्रिक की परीक्षा के बाद इंटरमीडिएट में प्रवेश लिया, किंतु गणित की अनिवार्यता के कारण परीक्षा पास न कर सके। एक दयालु हेडमास्टर की कृपा से स्कूल में 18 रुपए मासिक वेतन पर अध्यापक हो गए। बाद में उन्होंने बी.ए. तक की पढ़ाई की और स्कूल के निरीक्षक के पद तक पहुँचे, किंतु राष्ट्रीय चेतना और देश-प्रेम के कारण नौकरी छोड़नी पड़ी। उन्होंने प्रेस लगाई, पत्र-पत्रिकाएँ प्रकाशित कीं और फिल्मों में कहानी-लेखक के रूप में भी काम किया, परंतु कहीं स्थायित्व नहीं मिला। उन्होंने दो बार विवाह किया। पहली पत्नी से निर्वाह न होने पर अलग हो गए। उस युग में उन्होंने विधवा शिवरानी देवी से विवाह करके भारतीय समाज में एक नया आदर्श स्थापित किया। सन् 1936 में इस महान लेखक का देहांत हो गया।

प्रेमचंद पहले नवाबराय के नाम से उर्दू में लिखते थे, किंतु ‘सोज़े वतन’ नामक कहानी-संग्रह अंग्रेज़ सरकार द्वारा जब्त कर लिए जाने के बाद वे प्रेमचंद के नाम से हिंदी में लिखने लगे और इसी नाम से हिंदी जगत में प्रसिद्ध हुए। उन्होंने लगभग एक दर्जन उपन्यास और तीन सौ के आसपास कहानियाँ लिखीं। ‘प्रतिज्ञा’, ‘वरदान’, ‘सेवासदन’, ‘निर्मला’, ‘गबन’, ‘कर्मभूमि’, ‘गोदान’ और ‘मंगलसूत्र’ (अधूरा) उनके प्रमुख उपन्यास हैं। प्रेमचंद ने अपने उपन्यासों में गांधी युग के समूचे जीवन और घटनाक्रम को कलात्मक ढंग से व्यक्त किया है। उनके उपन्यासों का प्रमुख स्वर आदर्शवादी रहा है, और कुछ आलोचक उन्हें आदर्शोन्मुखी यथार्थवादी मानते हैं। ‘गोदान’ और ‘मंगलसूत्र’ में वे समाजवादी विचारों की ओर झुकते दिखते हैं। उन्होंने हिंदी उपन्यास को कला और विषय-वस्तु की दृष्टि से नई दिशा दी और उसे कल्पना-लोक से निकालकर यथार्थ जीवन से जोड़ा।

प्रेमचंद की कहानियाँ ‘मानसरोवर’ नामक आठ खंडों में संकलित हैं। ‘पंच परमेश्वर’, ‘ईदगाह’, ‘आत्माराम’, ‘बूढ़ी काकी’, ‘पूस की रात’, ‘बड़े भाई साहब’, ‘कफ़न’, ‘शतरंज के खिलाड़ी’ और ‘बड़े घर की बेटी’ उनकी प्रतिनिधि कहानियाँ हैं। उपन्यासों की भाँति कहानियों में भी जीवन की समस्याओं का यथार्थ चित्रण मिलता है। उनकी आरंभिक कहानियाँ आदर्शोन्मुखी हैं। उपन्यास और कहानियों के अतिरिक्त प्रेमचंद ने नाटक भी लिखे और समय-समय पर साहित्य, जीवन और समाज से संबंधित विचार-प्रधान निबंध भी रचे, जिनमें विषय की गंभीरता दिखाई देती है।

प्रेमचंद की रचनाओं की भाषा अत्यंत सहज और सरल है। हिंदी में उर्दू के अनेक शब्दों का प्रयोग किया गया है और उनकी भाषा जनभाषा के निकट है। भाषा को प्रभावशाली बनाने के लिए लोक-प्रचलित मुहावरों का सफल प्रयोग देखते ही बनता है।

सच्चे अर्थों में प्रेमचंद को जनता का कलाकार, साहित्यकार और लेखक माना गया है। उनकी रचनाओं में समूचे युग का सच्चा चित्र अंकित है। इसी कारण आज भी उनका साहित्य प्रासंगिक है, अर्थात् जितना महत्त्व उनके समय में था, उतना ही आज भी है। आज भी उनकी रचनाएँ बड़े चाव से पढ़ी जाती हैं। इसलिए हिंदी के अनेक महान लेखकों में से मैंने भी प्रेमचंद को अपना प्रिय लेखक स्वीकार किया है।

Exam Tips:

a) भूमिका में प्रेमचंद को ‘उपन्यास सम्राट’ कहने का आधार बताएँ।
b) जीवन-परिचय में जन्म (1880), माता-पिता और शिक्षा के संघर्ष का क्रम लिखें।
c) प्रमुख उपन्यास और कहानियों के नाम अलग-अलग लिखें।
d) उपसंहार में प्रेमचंद के साहित्य की प्रासंगिकता पर बल दें।

 

Question 33: बेरोजगारी की समस्या
संके त : भूमिका, जनसंख्या में वृद्धि, अधूरी शिक्षा प्रणाली, उद्योग-धंधों की अवनति, सामाजिक तथा धार्मिक मनोवृत्ति, सरकारी विभागों में छँटनी, जनसंख्या वृद्धि पर रोक और शिक्षा, उद्योग एवं कृषि का विकास, उपसंहार।

Answer:

आज भारत के सम्मुख महँगाई, बेरोज़गारी, आतंकवाद आदि अनेक समस्याएँ हैं, किंतु इनमें बेरोज़गारी की समस्या प्रमुख है। इसने परिवारों की आर्थिक दशा को खोखला कर दिया है। आज हम स्वतंत्र अवश्य हैं, परंतु आर्थिक दृष्टि से अभी पूर्ण समृद्ध नहीं हुए हैं। चारों ओर चोरी-डकैती, छीना-झपटी, लूटमार और हत्या के समाचार सुनाई देते हैं। देश में जगह-जगह उपद्रव और हड़तालें हो रही हैं, और मनुष्य के जीवन से आनंद और उल्लास मानो खो गए हैं। हर मनुष्य को अपने और परिवार के पेट की चिंता है, चाहे उसका उपार्जन सदाचार से हो या दुराचार से। निरक्षर तो किसी तरह पेट भर लेते हैं, परंतु साक्षर वर्ग की आज बुरी हालत है।

बेकारी का चरम रूप तब दिखाई दिया, जब 1967 में रुड़की विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में, जब भूतपूर्व प्रधानमंत्री श्रीमती इंदिरा गांधी भाषण देने के लिए खड़ी हुईं, तब लगभग एक हज़ार प्रशिक्षित इंजीनियरों ने एक स्वर में कहा, ‘हमें भाषण नहीं, नौकरी चाहिए।’ उस समय प्रधानमंत्री के पास कोई उत्तर नहीं था।

हमारे देश में बेकारी के प्रमुख कारण इस प्रकार हैं-

हमारे देश में जनसंख्या दिन-प्रतिदिन बढ़ती जा रही है। वर्ष भर में जितने व्यक्तियों को रोज़गार मिलता है, उससे कई गुना अधिक बेकारों की संख्या बढ़ जाती है। अनेक उपायों के बावजूद जनसंख्या बढ़ती ही जा रही है, और इसी से बेरोज़गारी बढ़ रही है।

हमारी शिक्षा-प्रणाली अधूरी और दोषपूर्ण है। परतंत्र भारत में अंग्रेज़ों ने ऐसी शिक्षा-पद्धति केवल क्लर्क पैदा करने के लिए लागू की थी, और स्वतंत्र भारत में समस्याएँ बदल गई हैं, पर शिक्षा-पद्धति अब भी वैसी ही है। पंडित जवाहरलाल नेहरू ने कहा था, “प्रतिवर्ष नौ लाख पढ़े-लिखे लोग नौकरी के लिए तैयार हो जाते हैं, जबकि हमारे पास नौकरियाँ शतांश के लिए भी नहीं हैं। हमें बी.ए. नहीं चाहिए, वैज्ञानिक और तकनीकी विशेषज्ञ चाहिए।” उनका यह कथन हमारी शिक्षा प्रणाली की ओर संकेत करता है।

प्राचीन काल में हमारे देश के प्रत्येक घर में कोई-न-कोई उद्योग-धंधा चलता था। कहीं चरखा काता जाता था, कहीं खिलौने बनते थे तो कहीं गुड़। इन्हीं उद्योग-धंधों से लोग रोज़ी-रोटी कमाते थे, परंतु अंग्रेज़ों ने अपने स्वार्थ के लिए इन्हें नष्ट कर दिया, जिससे लोगों की आत्मनिर्भरता समाप्त हो गई। इसी कारण पढ़े-लिखे लोग भूखों मरना पसंद करते हैं, परंतु मजदूरी करना पसंद नहीं करते। वे सोचते हैं कि दुनिया कहेगी कि पढ़-लिखकर मजदूरी कर रहा है। यही मिथ्या स्वाभिमान मनुष्य को कुछ करने नहीं देता, जबकि पढ़ाई-लिखाई ने मजदूरी करने को मना तो नहीं किया है।

हमारे समाज की धार्मिक और सामाजिक मनोवृत्ति भी बेकारी को बढ़ावा देती है। साधु-संन्यासियों को भिक्षा देना पुण्य माना जाता है, इसलिए दानियों की उदारता देखकर बहुत से स्वस्थ व्यक्ति भी भिक्षावृत्ति अपना लेते हैं, जिससे बेकारों की संख्या बढ़ती है। सामाजिक नियमों में वर्ण-व्यवस्था के अनुसार विशेष वर्गों के लिए विशेष कार्य तय हैं। सरकारी विभागों में भी वर्ण-व्यवस्था के अनुसार काम दिए जाते हैं। यदि उन्हें उनका काम न मिले तो वे हाथ पर हाथ धरे बैठे रहते हैं। इस प्रकार की सामाजिक व्यवस्था भी बेरोज़गारी को बढ़ाती है। बेकारी से उत्पन्न युवा-आक्रोश और असंतोष ने समाज में अव्यवस्था और अराजकता उत्पन्न कर दी है।

निम्नलिखित उपायों द्वारा बेकारी दूर की जा सकती है। देश में जनसंख्या-वृद्धि को रोककर बेकारी की समस्या काफी हद तक हल की जा सकती है। बढ़ती आबादी को रोकने के लिए विवाह की आयु का नियम कठोरता से लागू करना चाहिए। साथ ही शिक्षा-पद्धति में सुधार करना होगा। शिक्षा को व्यावहारिक बनाना होगा और विद्यार्थियों में आरंभ से ही स्वावलंबन की भावना पैदा करनी होगी।

सरकार को कुटीर उद्योगों और घरेलू दस्तकारी को प्रोत्साहन देना चाहिए, जैसे सूत कातना, कागज़ बनाना और शहद तैयार करना। उद्योग-धंधों और धन की उचित व्यवस्था न होने से गाँवों के कारीगर भी बेकार हैं। भारतीय किसान कृषि के लिए वर्षा पर निर्भर रहता है, इसलिए उसे खाली समय में कुटीर उद्योग चलाने चाहिएँ। इससे उसकी और देश की आर्थिक दशा सुदृढ़ होगी। आजकल हज़ारों ग्रामीण शहरों में आकर बसते जा रहे हैं, जिससे बेकारी की समस्या बढ़ रही है।

केंद्र और राज्य सरकारें इस दिशा में व्यापक कदम उठा रही हैं। यद्यपि सरकार अभी बेकारी पर पूरी तरह काबू नहीं पा सकी है, फिर भी विश्वास किया जाता है कि आने वाली पीढ़ियों के लिए रोज़गार के साधन जुटाकर सरकार इस समस्या को सुलझाने के लिए बड़े कदम उठाएगी। वह दिन दूर नहीं, जब देश के प्रत्येक नागरिक को काम मिलेगा और देश का भविष्य उज्ज्वल होगा।

Exam Tips:

a) भूमिका में बेरोज़गारी के सामाजिक और आर्थिक प्रभाव दोनों लिखें।
b) रुड़की विश्वविद्यालय की घटना को तिथि (1967) सहित लिखें।
c) शिक्षा-प्रणाली और कुटीर उद्योगों के सुझावों को अलग-अलग लिखें।
d) उपसंहार में रोज़गार के साधन बढ़ने की संभावना का उल्लेख करें।

 

Question 34: पर्यावरण संरक्षण
संके त : भूमिका, पर्यावरण की सुरक्षा, प्रदूषण की समस्या, उपसंहार।

Answer:

जिस स्थान पर हम रहते हैं, उसके आसपास का वातावरण ही पर्यावरण कहलाता है। आज के युग में पर्यावरण की शुद्धता पर प्रश्नचिह्न लग गया है, क्योंकि मनुष्य ने उन्नति की अंधी दौड़ में पर्यावरण की शुद्धता को भुला दिया है। इसलिए पर्यावरण की रक्षा करना अनिवार्य हो गया है। पर्यावरण की शुद्धता मानव के लिए उतनी ही आवश्यक है, जितना साँस लेना।

प्राचीनकाल में मानव का जीवन अत्यंत सरल और सहज था। वह प्रकृति के साथ रहते हुए प्राकृतिक जीवन जीता था, किंतु आज अपनी आवश्यकताओं की पूर्ति के लिए उसने अपनी प्राचीन सहचरी प्रकृति को तरह-तरह की हानि पहुँचाई है, जिससे पर्यावरण स्वच्छ नहीं रहा। अब प्रश्न यह है कि पर्यावरण को स्वच्छ, शुद्ध और पावन कैसे रखा जाए? इसके लिए हमें फिर प्रकृति की शरण में जाना होगा, अर्थात् अधिक-से-अधिक पेड़-पौधे उगाने होंगे, क्योंकि ये पर्यावरण की रक्षा करते हैं। पेड़-पौधे कार्बन-डाइऑक्साइड जैसी जहरीली गैसों को ग्रहण करते हैं और बदले में ऑक्सीजन देते हैं। इसी प्रकार नदियों के जल को शुद्ध रखकर भी हम पर्यावरण की रक्षा कर सकते हैं।

वायु-प्रदूषण भी पर्यावरण का एक बड़ा विकार है। यदि हम शुद्ध वातावरण में साँस लेना चाहते हैं, तो वायु-प्रदूषण रोकना होगा। इसके लिए कारखानों से निकलने वाले धुएँ और गैसों को कम करना होगा तथा वाहनों के धुएँ पर भी नियंत्रण रखना होगा। पर्यावरण की शुद्धता के लिए घरों का कूड़ा-कर्कट ढककर रखना होगा या उसे व्यवस्थित ढंग से नष्ट करना होगा। आज पॉलिथीन का प्रयोग भी पर्यावरण के लिए खतरे की घंटी बन चुका है, इसलिए इस ओर भी ध्यान देना होगा।

हर नागरिक का पावन कर्तव्य है कि वह ऐसा कोई काम न करे जिससे पर्यावरण को हानि पहुँचे या वह प्रदूषित हो। हमें अधिक-से-अधिक पेड़-पौधे उगाने और उनकी अंधाधुंध कटाई रोकने का प्रयास करना चाहिए। यदि हम चाहते हैं कि धरती स्वर्ग-सी बनी रहे, तो हमें अपने पर्यावरण को शुद्ध और सुरक्षित रखना होगा।

Exam Tips:

a) भूमिका में पर्यावरण की परिभाषा और उसकी शुद्धता का महत्त्व स्पष्ट करें।
b) पेड़-पौधों द्वारा कार्बन-डाइऑक्साइड लेकर ऑक्सीजन देने का उल्लेख करें।
c) पॉलिथीन और कूड़े के प्रबंधन जैसे व्यावहारिक उपाय अलग से लिखें।
d) उपसंहार में प्रत्येक नागरिक के कर्तव्य पर बल दें।

 

Question 35: होली
संके त : भूमिका, इतिहास, कृषि का पर्व, रंगों का त्योहार, कुप्रथा, उपसंहार।

Answer:

भारत त्योहारों और पर्वों का देश है। यहाँ रक्षाबंधन, दीपावली, दशहरा, होली आदि अनेक प्रसिद्ध त्योहार हर वर्ष मनाए जाते हैं। अन्य पर्वों की भाँति होली भी भारत का प्रमुख पर्व है और भारतीय जीवन का अभिन्न अंग बन चुका है। यह त्योहार फाल्गुन मास की पूर्णिमा के दिन मनाया जाता है और समाज की एकता, मेल-जोल तथा प्रेम-भावना का प्रतीक माना जाता है।

होली का इतिहास अत्यंत प्राचीन है और इसका संबंध राजा हिरण्यकशिपु से है। हिरण्यकशिपु निर्दयी और नास्तिक राजा था। वह स्वयं को भगवान मानता था और चाहता था कि प्रजा उसकी पूजा करे। उसके पुत्र और ईश्वर-भक्त प्रह्लाद ने उसका विरोध किया, तो क्रोधित होकर उसने प्रह्लाद को मार डालने का प्रयास किया। हिरण्यकशिपु की बहन होलिका को वरदान था कि अग्नि उसे नहीं जला सकती। लकड़ियों के ढेर पर होलिका प्रह्लाद को गोद में लेकर बैठ गई और ढेर में आग लगा दी गई। होलिका जलकर राख हो गई, किंतु प्रह्लाद सुरक्षित रहा। इसी घटना की याद में लोग होली मनाते हैं।

होली मनाने का एक और कारण भी है। भारत कृषि-प्रधान देश है। फरवरी और मार्च के महीने में गेहूँ और चने के दाने अधपके हो जाते हैं। इन्हें देखकर किसान खुशी से झूम उठता है और अग्नि देवता को प्रसन्न करने के लिए गेहूँ के बालों की आहुति देता है।

होली को रंगों का त्योहार भी कहा जाता है, क्योंकि इस दिन लोग रंग, गुलाल और अबीर से त्योहार मनाते हैं। लोग एक-दूसरे पर रंग डालते हैं और चेहरों पर गुलाल लगाते हैं। इस अवसर पर चेहरे और वस्त्र रंग-बिरंगे हो जाते हैं तथा चारों ओर मस्ती का वातावरण छा जाता है। यह त्योहार कई दिन पहले से आरंभ हो जाता है। यह परस्पर भाईचारे और प्रेम का त्योहार है। इस अवसर पर कई लोग रात को लकड़ियाँ जलाकर होली की पूजा करते हैं और फिर गाना-बजाना करते हैं।

कविवर मैथिलीशरण गुप्त ने होली की मस्ती का वर्णन इस प्रकार किया है-
काली-काली कोयल बोली होली, होली, होली,
फूटा यौवन फाड़ प्रकृति की पीली-पीली चोली।

इस पावन त्योहार पर कुछ लोग एक-दूसरे पर मिट्टी, कीचड़ और पानी फेंकते हैं, जो उचित नहीं है। इससे त्योहार का महत्त्व कम होता है, कभी-कभी झगड़े और वैर-भाव भी पैदा हो जाते हैं। कुछ लोग इस अवसर पर शराब और नशीले पदार्थों का सेवन करते हैं। इन बुराइयों के कारण ऐसे पवित्र त्योहार अपना सच्चा अर्थ खो देते हैं। अतः आवश्यक है कि हम इस त्योहार को उचित ढंग से मनाएँ और इसका महत्त्व समझें।

सार रूप में कहा जा सकता है कि होली एक आनंदमय और मस्ती भरा त्योहार है। यह प्रकृति और कृषि का भी त्योहार है। हमें इसकी पवित्रता और महत्त्व को समझना चाहिए और इसकी रक्षा करनी चाहिए। इस पर्व पर गोष्ठियों का आयोजन करके समाज में एकता और प्रेम को बढ़ाना चाहिए।

Exam Tips:

a) भूमिका में होली को फाल्गुन पूर्णिमा का पर्व बताएँ।
b) होलिका-प्रह्लाद की कथा का क्रम सही लिखें।
c) रंगों के त्योहार की विशेषताएँ और कृषि से जुड़ाव अलग से लिखें।
d) उपसंहार में होली की बुराइयों से बचने का सुझाव दें।

 

Question 36: दीपावली
संके त : भूमिका, ऐतिहासिक आधार, दीपावली पर्व की तैयारी, मनाने की विधि, कुप्रथा, उपसंहार।

Answer:

भारत त्योहारों का देश है। प्रत्येक ऋतु में किसी-न-किसी त्योहार को मनाया जाता है। फसलों के पकने पर भी त्योहार मनाए जाते हैं और महापुरुषों के जन्मदिन भी उत्साह से मनाए जाते हैं। रक्षाबंधन, दशहरा, दीपावली और होली जैसे त्योहारों में दीपावली सर्वाधिक प्रसिद्ध है और इसे बड़े उत्साह के साथ मनाया जाता है। ‘दीपावली’ का अर्थ है ‘दीपों की पंक्ति’। यह त्योहार कार्तिक मास की अमावस्या को मनाया जाता है। अमावस्या की रात घोर अंधेरी होती है, किंतु भारतीय घर-घर में दीप जलाकर उसे पूर्णिमा से भी अधिक उजियाली बना देते हैं।

इस त्योहार का ऐतिहासिक और धार्मिक आधार अत्यंत महत्त्वपूर्ण है। मान्यता है कि इसी दिन भगवान राम लंका-विजय के बाद वनवास पूरा करके लक्ष्मण और सीता सहित अयोध्या लौटे थे, तो नगरवासियों ने उनके स्वागत में रात को दीपमाला सजाकर अपना आनंद प्रकट किया। दीपावली का त्योहार आर्यसमाजी, जैन और सिक्ख लोग भी अपने-अपने रूपों में उत्साह से मनाते हैं। इसी दिन आर्यसमाज के संस्थापक स्वामी दयानंद सरस्वती ने महासमाधि ली थी और जैन धर्म के तीर्थंकर महावीर स्वामी ने निर्वाण प्राप्त किया था। सिक्ख छठे गुरु की याद में भी इस त्योहार को मनाते हैं, जिन्होंने इसी दिन बंदीगृह से मुक्ति पाई थी।

इस पर्व की तैयारी घरों की सफ़ाई से आरंभ होती है, जिसे लोग एक-आध महीना पहले शुरू कर देते हैं। शरद ऋतु के आरंभ में घरों की लिपाई-पुताई होती है और कमरों को चित्रों से सजाया जाता है, जिससे मक्खी-मच्छर दूर होते हैं। इससे कुछ दिन पहले अहोई माता का पूजन किया जाता है। धनतेरस के दिन लोग नए बर्तन खरीदते हैं। चतुर्दशी को घरों का कूड़ा-करकट बाहर निकाला जाता है। कार्तिक अमावस्या को लोग दीपमाला करते हैं।

इस दिन लोग इष्ट-मित्रों में मिठाइयाँ बाँटते हैं और बच्चे नए वस्त्र पहनकर बाज़ार जाते हैं। रात को पटाखे और आतिशबाज़ी चलाई जाती है। बहुत-से लोग रात को लक्ष्मी-पूजा करते हैं। कई लोगों का विचार है कि इस रात लक्ष्मी अपने श्रद्धालुओं के घर आती है, इसलिए लोग उस रात घर के द्वार बंद नहीं करते, ताकि लक्ष्मी लौट न जाए। व्यापारी वर्षभर के खातों की जाँच करते हैं और नई बहियाँ लगाते हैं।

दीपावली के दिन जहाँ लोग शुभ कार्य और पूजन करते हैं, वहीं कुछ लोग जुआ भी खेलते हैं। जुआरियों का विश्वास है कि यदि इस दिन जुए में जीत गए तो वर्षभर जीतते रहेंगे और लक्ष्मी की कृपा बनी रहेगी। कहीं-कहीं पटाखों को लापरवाही से चलाने पर बच्चों के हाथ-पाँव जल जाते हैं और आग लगने की दुर्घटनाएँ भी होती हैं। अतः इस पावन पर्व को सदा सावधानी से मनाना चाहिए।

दीपावली का त्योहार मानव-जाति को शुभ कार्य करने की प्रेरणा देता है। जैसे दीपक जलकर अंधकार को दूर करके प्रकाश फैलाता है, वैसे ही दीपावली अज्ञानता के अंधकार को हटाकर मन में ज्ञान का प्रकाश भरती है। देश और जाति की समृद्धि का प्रतीक यह त्योहार अत्यंत पावन और मनोरम है।

Exam Tips:

a) भूमिका में ‘दीपावली’ का अर्थ और कार्तिक अमावस्या की तिथि लिखें।
b) राम के अयोध्या लौटने और महावीर के निर्वाण जैसे धार्मिक आधार अलग-अलग लिखें।
c) तैयारी के क्रम (सफ़ाई, पूजा, खरीदारी) को तिथियों के साथ लिखें।
d) उपसंहार में जुए और पटाखों की बुराइयों से बचने की सलाह दें।

 

Question 37: आदर्श विद्यार्थी
संके त : भूमिका, ‘विद्यार्थी’ शब्द का अर्थ, प्राचीनकाल में विद्यार्थी जीवन, आदर्श विद्यार्थी के गुण, सादा जीवन और उच्च विचार, संयम और परिश्रम, विद्यार्थी और खेल-कूद, उपसंहार।

Answer:

विद्यार्थी काल मानव के भावी जीवन की आधारशिला है। यदि यह आधारशिला मज़बूत है तो उसका जीवन निरंतर विकास करेगा, नहीं तो आने वाले कल की बाधाओं के सामने वह टूट जाएगा। यदि छात्र ने विद्यार्थी जीवन में परिश्रम, अनुशासन, संयम और नियम का अच्छी प्रकार से पालन किया है, तो उसका भावी जीवन सुखद होगा। सभ्य नागरिक के लिए जिन गुणों की आवश्यकता होती है, वे बाल्यकाल में विद्यार्थी के रूप में ही ग्रहण किए जाते हैं। जिस विद्यार्थी ने मन लगाकर विद्या का अध्ययन किया है और माता-पिता तथा गुरुजनों की विनम्रतापूर्वक सेवा की है, वह अवश्य ही एक सफल नागरिक बनेगा।

‘विद्यार्थी’ संस्कृत भाषा का शब्द है, जो ‘विद्या’ और ‘अर्थी’ के मेल से बना है। इसका अर्थ है विद्या चाहने वाला। विद्यार्थी विद्या प्राप्त करने के लिए ही विद्यालय जाता है और विद्या से प्रेम करता है। अतः जिसके जीवन का लक्ष्य विद्या-प्राप्ति है, जो विद्या का अनुरागी है और जो निरंतर विद्यार्जन में ही अपना समय बिताता है, वही आदर्श विद्यार्थी है।

हमारे ऋषि-मुनियों ने मानव-जीवन को चार आश्रमों में बाँटा था: ब्रह्मचर्य, गृहस्थ, वानप्रस्थ और संन्यास। ब्रह्मचर्य आश्रम ही विद्यार्थी जीवन है। उस काल में विद्याध्ययन के लिए बालक घर-परिवार से दूर आश्रम में जाते थे, और वहाँ तपस्या, ब्रह्मचर्य, अनुशासन और गुरु-सेवा करते हुए विद्या प्राप्त करते थे। स्वयं भगवान कृष्ण सुदामा के साथ संदीपन ऋषि के आश्रम में विद्या प्राप्त करने गए थे। जो लोग विद्यार्थी काल में एकाग्र मन से विद्या का अध्ययन करते हैं, वही आगे चलकर महान बनते हैं। अर्जुन, अभिमन्यु, एकलव्य और श्रीकृष्ण जैसे अनेक उदाहरण हमारे सामने हैं।

संसार में गुणों से ही मनुष्य की पूजा होती है। संस्कृत में कहा गया है- ‘गुणैः हि सर्वत्र पदं निधीयते।’ अर्थात् गुणों के द्वारा ही मनुष्य सर्वत्र ऊँचा स्थान प्राप्त कर सकता है। विद्यार्जन में ही सारे गुण निवास करते हैं। विद्यार्थी का जीवन साधना की अवस्था है, और इस काल में वह ऐसे गुण ग्रहण कर सकता है जो न केवल उसके, बल्कि समूचे समाज के लिए उपयोगी हों। गुरुजनों से ज्ञान प्राप्त करने के लिए विनम्रता आवश्यक है। जो विद्यार्थी उद्दंड, उपद्रवी या कटुभाषी है, वह कभी आदर्श विद्यार्थी नहीं बन सकता। विद्या का लक्ष्य विनय की प्राप्ति है, जैसा कहा गया है- ‘विद्या ददाति विनयं।’ अच्छे गुरु से विद्या प्राप्त करने के लिए नम्रता, जिज्ञासा और सेवा, ये तीन उपाय हैं। अतः एक सच्चे विद्यार्थी को विनम्र होना चाहिए।

अनुशासन का विद्यार्थी जीवन में उतना ही महत्त्व है, जितना विनम्रता का। जो विद्यार्थी अनुशासनप्रिय होते हैं, वे ही मेधावी बनते हैं, जबकि अनुशासनहीन विद्यार्थी अपने देश, जाति और माता-पिता का अहित करते हैं। अनुशासन का पालन करने से ही विद्यार्थी का सही अर्थों में बौद्धिक विकास होता है।

आदर्श विद्यार्थी का मूल मंत्र है सादा जीवन और उच्च विचार। जो बालक विद्यार्थी काल में सादगीपूर्ण जीवन बिताते हैं, उनका मन विद्या में लगा रहता है। आजकल पश्चिमी सभ्यता के दुष्प्रभाव से विद्यार्थी फैशनपरस्ती के शिकार बन रहे हैं, और माता-पिता भी इस ओर ध्यान नहीं दे रहे। सादगी के साथ उच्च विचार जुड़े होते हैं। जिस विद्यार्थी का ध्यान बाहरी दिखावे की ओर रहेगा, वह अपने भीतर उच्च विचारों का विकास कैसे कर पाएगा? इसके साथ-साथ विद्यार्थी को सदाचार और स्वावलंबन का भी पालन करना चाहिए।

एक आदर्श विद्यार्थी के लिए संयम और परिश्रम दोनों आवश्यक हैं। उसका जीवन संयमित और नियमित होना चाहिए। जो विद्यार्थी जीवन में उचित रीति का पालन करते हैं, वे कभी असफल नहीं होते। उसे अपनी इंद्रियों और मन पर पूर्ण संयम रखना चाहिए। समय पर सोना, समय पर उठना, समय पर भोजन करना, ब्रह्मचर्य का पालन करना और निरंतर परिश्रम करना अच्छे विद्यार्थी के गुण हैं। परिश्रम के बिना विद्या नहीं आती। संस्कृत में कहा गया है-
सुखार्थी वा त्यजेत् विद्यां, विद्यार्थी वा त्यजेत् सुखम्।
सुखार्थिनः कुतो विद्या, विद्यार्थिनः कुतः सुखम्॥

आज के विद्यार्थी के लिए खेल-कूद में भाग लेना भी अनिवार्य है, क्योंकि इससे शरीर और मन दोनों स्वस्थ रहते हैं। जो विद्यार्थी खेल-कूद में भाग न लेकर केवल किताबी कीड़े बने रहते हैं, वे शीघ्र ही रोगी हो जाते हैं। खेल-कूद से विद्यार्थी संयम और परिश्रम के नियम भी सीखता है। आज के स्कूलों और कॉलेजों में खेलों की समुचित व्यवस्था है, अतः विद्यार्थियों को विद्याध्ययन के साथ-साथ खेलों में भी भाग लेना चाहिए।

इस प्रकार आज का विद्यार्थी यदि देश का सुयोग्य नागरिक बनना चाहता है, अपना विकास करना चाहता है और माता-पिता के प्रति अपने कर्तव्य का उचित निर्वाह करना चाहता है, तो उसे वे सब गुण अपनाने होंगे जो उसके विकास के लिए आवश्यक हैं।

Exam Tips:

a) भूमिका में विद्यार्थी जीवन को भावी जीवन की आधारशिला बताएँ।
b) ‘विद्यार्थी’ शब्द के अर्थ से आदर्श विद्यार्थी की परिभाषा निकालें।
c) सादा जीवन, उच्च विचार और संयम के गुण अलग-अलग लिखें।
d) उपसंहार में खेल-कूद और विद्याध्ययन के संतुलन पर बल दें।

 

Question 38: विद्यार्थी और अनुशासन अथवा अनुशासन का महत्त्व
संके त : भूमिका, अनुशासन का अर्थ, विद्यार्थी और अनुशासन, प्राचीनकाल में विद्यार्थी जीवन, वर्तमान स्थिति, अनुशासनहीनता के कारण, नैतिक शिक्षा की आवश्यकता, उपसंहार।

Answer:

किसी भी भवन की मज़बूती उसकी नींव पर निर्भर करती है। यदि नींव मज़बूत है तो उस पर बना भवन भी सुदृढ़ होगा और लंबे समय तक टिका रहेगा। इसी प्रकार राष्ट्र की सुदृढ़ता उसके युवकों पर निर्भर करती है। यदि देश के युवक अनुशासित और सुशिक्षित होंगे तो देश का भविष्य सुरक्षित होगा। विद्यार्थी अनुशासित नहीं होंगे, तो देश पर विपत्ति के बादल मँडरा सकते हैं।

‘अनुशासन’ शब्द का अर्थ है शासन के पीछे-पीछे चलना। शासन का अर्थ है सुव्यवस्था, अर्थात् समाज को सुचारु रूप से चलाने के नियमों का पालन करना। जीवन के हर क्षेत्र में अनुशासन अनिवार्य है। परिवार हो या समाज, हर जगह अनुशासन का पालन करने से मानव-जीवन समृद्ध होता है। अनुशासन के अनेक लाभ हैं। इसके पालन से आलस्य और कायरता दूर होते हैं, मनुष्य अपने कर्तव्य का सही पालन करता है और उसमें सच्चाई व ईमानदारी जैसे सद्गुण विकसित होते हैं।

विद्यार्थी जीवन में अनुशासन नितांत आवश्यक है। विद्यार्थी एक नन्ही कोंपल के समान होता है, जिसे जैसा रूप दिया जाए वह वैसा ही ग्रहण करता है। उसका मन शीघ्र प्रभावित होता है। अतः बाल्यावस्था से ही विद्यार्थी को अनुशासन की शिक्षा दी जानी चाहिए। इस दिशा में माता-पिता का दायित्व और भी महत्त्वपूर्ण है, क्योंकि बच्चे की शिक्षा का पहला विद्यालय उसका घर ही है। यदि माता-पिता स्वयं अनुशासित हैं तो बालक भी अनुशासन की भावना ग्रहण करेगा।

प्राचीन भारत में विद्यार्थी गुरुकुलों में शिक्षा ग्रहण करने जाते थे। लगभग पच्चीस वर्ष तक विद्यार्थी ब्रह्मचर्य का पालन करते हुए शिक्षा प्राप्त करते थे। उन दिनों गुरुकुलों का वातावरण बहुत पावन और अनुशासित होता था। प्रत्येक विद्यार्थी अपने गुरुजनों का सम्मान करता था। शिक्षा के साथ-साथ उसे गुरुकुल के सारे काम भी करने पड़ते थे। छोटे-बड़े या अमीर-गरीब, सभी एक ही गुरु के चरणों में विद्या ग्रहण करते थे। श्रीकृष्ण और सुदामा ने एक साथ संदीपन ऋषि के आश्रम में अनुशासनबद्ध होकर शिक्षा ग्रहण की थी।

आज हमारे देश के विद्यार्थियों में अनुशासन का अभाव है। वे न तो माता-पिता का कहना मानते हैं और न ही गुरुजनों का। स्कूलों और कॉलेजों में प्रायः हड़तालें होती रहती हैं, और ऐसे समाचार मिलते रहते हैं कि विद्यार्थियों ने बस जला दी या पथराव किया। पुलिस और विद्यार्थियों की मुठभेड़ें भी होती रहती हैं। राजनीतिक दल भी अपने स्वार्थ के लिए विद्यार्थियों को भड़काते रहते हैं। विद्यार्थियों की अनुशासनहीनता के अनेक दुष्परिणाम हमारे सामने हैं। वे परीक्षाओं में नकल करते हैं, शिक्षकों को धमकाते हैं और विश्वविद्यालयों का वातावरण दूषित करते हैं। कई विद्यार्थी हिंसात्मक कार्रवाइयों में भी भाग लेने लगे हैं, जिससे राज्य की सुख-शांति बाधित होती है। निश्चय ही आज विद्यार्थियों में अनुशासन की कमी आ चुकी है।

आज की शिक्षण संस्थाओं की व्यवस्था भी विद्यार्थियों को अनुशासनहीन बनाती है। वे विद्यालय के अधिकारियों और शिक्षकों की आज्ञा का उल्लंघन करते हैं। स्कूलों में छात्र-छात्राओं की भीड़ रहती है, भवन छोटे होते हैं और शिक्षकों की संख्या कम होती है। कॉलेजों में तो एक-एक कक्षा में सौ-सौ विद्यार्थी होते हैं। ऐसे में न शिक्षक ठीक से पढ़ा सकता है और न विद्यार्थी ठीक से पढ़ सकते हैं। कॉलेजों में छात्रों के दैनिक कार्यों की ओर कोई ध्यान नहीं दिया जाता। रचनात्मक कार्यों के अभाव में छात्र का ध्यान व्यर्थ की बातों की ओर जाता है। यदि प्रतिदिन विद्यार्थी के अध्ययन-अध्यापन पर ध्यान दिया जाए, तो वह निश्चित रूप से अनुशासनपूर्वक काम करेगा।

छात्रों में अनुशासन की भावना स्थापित करने के लिए यह जरूरी है कि वर्तमान शिक्षा प्रणाली में नैतिक और चारित्रिक शिक्षा के लिए स्थान हो। इससे विद्यार्थी को अपने अधिकारों के साथ-साथ कर्तव्यों का भी ज्ञान होगा। दूसरी बात यह है कि विद्यार्थियों के शारीरिक विकास पर उचित ध्यान दिया जाए। इसके लिए शिक्षण के साथ-साथ खेल-कूद को भी अनिवार्य किया जाना चाहिए। एन.सी.सी. और एन.एस.एस. जैसे रचनात्मक कार्यों पर भी अधिक बल दिया जाना चाहिए।

वर्तमान शिक्षण-पद्धति में परिवर्तन करके छात्र-छात्राओं को महापुरुषों की जीवनियों से परिचित कराया जाना चाहिए। व्यावसायिक शिक्षा पर अधिक ध्यान देना चाहिए, ताकि स्कूल से निकलते ही विद्यार्थी अपने व्यवसाय का चयन शीघ्र कर सके। मासिक परीक्षाएँ अवश्य होनी चाहिए और उनके साथ त्रैमासिक तथा अर्द्धवार्षिक परीक्षाएँ भी आयोजित की जानी चाहिए। सबसे बढ़कर, राजनीतिक दलों को शैक्षणिक संस्थाओं में किसी भी प्रकार का हस्तक्षेप नहीं करना चाहिए। सरकार को भी यह भली-भाँति समझ लेना चाहिए कि छात्रों में अनुशासन स्थापित किए बिना देश सुदृढ़ नहीं हो सकता।

Exam Tips:

a) भूमिका में अनुशासन को राष्ट्र की नींव बताने वाला उदाहरण दें।
b) प्राचीन गुरुकुल और वर्तमान अनुशासनहीनता की तुलना अलग-अलग लिखें।
c) अनुशासनहीनता के कारण (कक्षाओं की संख्या, राजनीति) अलग-अलग गिनाएँ।
d) उपसंहार में नैतिक शिक्षा और खेल-कूद को सुधार के उपाय के रूप में लिखें।

 

Question 39: पुस्तकालय का महत्व
संके त : भूमिका, पुस्तकालय का महत्त्व, पुस्तकालय के प्रकार, पुस्तकालय का लक्ष्य, विश्व के पुस्तकालय, पुस्तकालय के लाभ, उपसंहार।

Answer:

‘पुस्तकालय’ शब्द ‘पुस्तक’ और ‘आलय’ के मेल से बना है, अर्थात् वह स्थान जहाँ काफ़ी मात्रा में पुस्तकें रखी जाती हैं। आज के युग में पुस्तकें हमारे जीवन का अंग बन चुकी हैं, लेकिन हर व्यक्ति के लिए प्रत्येक पुस्तक खरीदना संभव नहीं है। आजकल पुस्तकें बहुत महँगी हो चुकी हैं, इसलिए हमें पुस्तकालयों की शरण लेनी पड़ती है।

छोटे स्कूलों से लेकर बड़े स्कूल और कॉलेज इसी उद्देश्य की पूर्ति के लिए स्थापित किए गए हैं, परंतु ज्ञान का क्षेत्र इतना विशाल है कि ये शिक्षण-संस्थाएँ एक निश्चित सीमा तक ही ज्ञान करा सकती हैं। इसलिए ज्ञान-पिपासुओं को पुस्तकालय का सहारा लेना पड़ता है। प्राचीन काल में पुस्तकें हस्तलिखित होती थीं और एक व्यक्ति के लिए विविध विषयों पर अनेक पुस्तकें उपलब्ध कराना कठिन था। आज मशीनी युग में पुस्तकों का मूल्य पहले से कम है, फिर भी एक व्यक्ति अपनी ज्ञान-पिपासा के लिए सभी पुस्तकें खरीदने में असमर्थ है। पुस्तकालय इस असमर्थता में बहुत सहायक हैं।

पुस्तकालय विभिन्न प्रकार के होते हैं। जिन विद्या-प्रेमियों के पास साधन होते हैं, वे अपने उपयोग के लिए घर में ही पुस्तकालय बनाते हैं, जिन्हें ‘व्यक्तिगत पुस्तकालय’ कहते हैं। इनका सार्वजनिक उपयोगिता की दृष्टि से महत्त्व कम होता है। दूसरे प्रकार के पुस्तकालय कॉलेजों और विद्यालयों में होते हैं, जिनमें प्रायः पाठ्य विषयों से संबंधित पुस्तकों का संग्रह होता है। इनका उपयोग छात्र और अध्यापक करते हैं, और ज्ञानार्जन तथा शिक्षा की पूर्णता में इनका सर्वाधिक महत्त्व है। तीसरे प्रकार के राष्ट्रीय पुस्तकालयों में देश-विदेश में छपी विभिन्न विषयों की पुस्तकों का विशाल संग्रह होता है, जिसका उपयोग बड़े-बड़े विद्वान करते हैं। चौथे प्रकार के सार्वजनिक पुस्तकालय होते हैं, जिनका संचालन सार्वजनिक संस्थाएँ करती हैं। आजकल ग्राम पंचायतें भी सबके उपयोग के लिए पुस्तकालय चलाती हैं। एक अन्य प्रकार के ‘चल-पुस्तकालय’ मोटरों या गाड़ियों में बनाए जाते हैं, जिनका उद्देश्य ज्ञान-विज्ञान का प्रसार करना होता है।

पुस्तकालय का कार्य पाठकों के उपयोग के लिए सभी प्रकार की पुस्तकों का संग्रह करना है। पुस्तकालय अधिकारी पाठकों की रुचि और आवश्यकता को देखते हुए देश-विदेश में छपी पुस्तकों की सूची तैयार करते हैं। पाठकों को पुस्तकें उपलब्ध कराने के लिए कर्मचारी नियुक्त किया जाता है। पढ़ने के लिए बैठने की समुचित व्यवस्था होती है, जिसे ‘वाचनालय’ कहते हैं। पाठकों को घर पर पढ़ने के लिए भी पुस्तकें दी जाती हैं, परंतु इसके लिए निश्चित शुल्क देकर सदस्यता लेनी होती है। पुस्तकालय में विभिन्न पत्रिकाएँ भी उपलब्ध रहती हैं।

विश्व के बड़े पुस्तकालयों में रूस, अमेरिका और इंग्लैंड प्रमुख हैं। मॉस्को के लेनिन पुस्तकालय में बड़ी संख्या में मुद्रित पुस्तकें संगृहीत हैं। वाशिंगटन (अमेरिका) के कांग्रेस पुस्तकालय को विश्व के सबसे बड़े पुस्तकालयों में गिना जाता है। इंग्लैंड के ब्रिटिश म्यूज़ियम पुस्तकालय में भी पुस्तकों का बड़ा संग्रह है। भारत में कोलकाता का राष्ट्रीय पुस्तकालय प्रमुख है, और बड़ोदरा का केंद्रीय पुस्तकालय भी उल्लेखनीय है। प्राचीन भारत में नालंदा और तक्षशिला में बहुत बड़े पुस्तकालय थे।
पुस्तकालय के अनेक लाभ हैं। ज्ञान-पिपासा की शांति के लिए पुस्तकालय के अतिरिक्त और कोई साधन नहीं है। अध्यापक विद्यार्थी का केवल पथ-प्रदर्शन करता है, जबकि ज्ञानार्जन की क्रिया पुस्तकालय से ही पूरी होती है। देश-विदेश के तथा भूत और वर्तमान के विद्वानों के विचारों से अवगत कराने में पुस्तकालय हमारा सबसे बड़ा साथी है। आर्थिक दृष्टि से भी पुस्तकालय का महत्त्व कम नहीं है, क्योंकि एक व्यक्ति जितनी पुस्तकें पढ़ना चाहता है, उतनी खरीद नहीं सकता, पर पुस्तकालय उसकी इस कमी को पूरा कर देता है। कहानी, उपन्यास, कविता और मनोरंजन की पुस्तकें भी वहाँ मिल जाती हैं। अवकाश के समय का सदुपयोग पुस्तकालय में बैठकर किया जा सकता है। अतः आधुनिक युग में शिक्षित व्यक्ति के जीवन में पुस्तकालय का काफ़ी महत्त्व है।

दूरदर्शन और फ़िल्मों ने पुस्तकों के प्रकाशन को अधिक प्रभावित किया है, किंतु पुस्तकों की उपयोगिता हर युग में बनी रहेगी। सामान्य पाठक पुस्तकें खरीद नहीं सकता, इसलिए उसे पुस्तकालय का ही सहारा लेना पड़ता है। आज ग्रामीण क्षेत्रों में पुस्तकालयों की अत्यधिक आवश्यकता है। अनपढ़ता दूर करने में पुस्तकालय बड़ा योगदान दे सकते हैं।

Exam Tips:

a) भूमिका में पुस्तकों के महँगे होने के कारण पुस्तकालय की आवश्यकता बताएँ।
b) पुस्तकालय के चार प्रकार (व्यक्तिगत, शैक्षिक, राष्ट्रीय, सार्वजनिक) अलग-अलग लिखें।
c) नालंदा और तक्षशिला जैसे प्राचीन पुस्तकालयों का उल्लेख करें।
d) उपसंहार में ग्रामीण क्षेत्रों में पुस्तकालय की भूमिका बताएँ।

 

Question 40: आदर्श अध्यापक
संके त : भूमिका, जीवन लक्ष्य का चुनाव अनिवार्य, मेरा जीवन लक्ष्य अध्यापक बनना, अध्यापन एक महान कार्य, आदर्श अध्यापक सच्चा सेवक, विद्यार्थियों में शिक्षा के प्रति रुचि उत्पन्न करना शिक्षक का कर्तव्य, उपसंहार।

Answer:

मानव-जीवन एक यात्रा के समान है। यदि यात्री को ज्ञात हो कि उसे कहाँ जाना है, तो वह उसी दिशा में आगे बढ़ता है, किंतु यदि उसे अपने गंतव्य का ज्ञान न हो, तो उसकी यात्रा निरर्थक हो जाती है। इसी प्रकार, यदि विद्यार्थी को पता हो कि उसे क्या करना है, तो वह उसी दिशा में प्रयत्न आरंभ करता है और सफलता पाता है। उद्देश्यहीन अध्ययन उसे कहीं नहीं ले जाता।

जीवन एक यात्रा के समान है और मैं भी जीवन के चौराहे पर खड़ा हूँ। यहाँ से कई मार्ग अलग-अलग दिशाओं को जा रहे हैं। मेरे सामने अनेक सपने हैं और लोगों के अनेक सुझाव भी हैं। कोई कहता है कि अध्यापन का कार्य सर्वोत्तम है, क्योंकि अध्यापक राष्ट्र-निर्माता है। कोई कहता है कि सेना में भर्ती होकर देश की सेवा करो। कोई कहता है कि इंजीनियर बनो, इसी में भलाई है। कभी मन में आता है कि सफल व्यापारी बनूँ, फिर सोचता हूँ कि व्यापार में ईमानदारी नहीं। मेरे कुछ साथी भी अपने मन में सपने पाल रहे हैं। कोई डॉक्टर बनकर अधिक धन कमाना चाहता है, कोई उद्योगपति बनना चाहता है, कुछ राजनीति में सत्ता पाना चाहते हैं, कोई अभिनेता बनना चाहता है और कोई लेखक बनकर यश पाना चाहता है।

जीवन में लक्ष्य का चुनाव अपनी इच्छाओं और साधनों के अनुरूप करना चाहिए। लक्ष्य चुनते समय स्वार्थ और परमार्थ में समन्वय रखना चाहिए। अपनी रुचि और प्रवृत्ति को भी सामने रखना चाहिए, दूसरों का अंधानुकरण उपयुक्त नहीं। मेरे जीवन का भी एक लक्ष्य है। मैं एक आदर्श शिक्षक बनना चाहता हूँ। भले ही लोग इसे सामान्य लक्ष्य कहें, परंतु मेरे लिए यह महान लक्ष्य है। अध्यापक बनकर भारत का भार उठाने वाले भावी नागरिक तैयार करना मेरी महत्वाकांक्षा है।

आज की शिक्षण व्यवस्था और शिक्षकों को देखकर मेरा मन निराश हो जाता है। आज कई शिक्षक शिक्षा के सच्चे मूल्य को नहीं समझते और उसे केवल व्यवसाय मान बैठे हैं। धन कमाना ही उनके जीवन का उद्देश्य रह गया है। बड़े-बड़े पूँजीपति पब्लिक स्कूलों में इसलिए धन लगाते हैं, ताकि कमाई कर सकें। वे भूल गए हैं कि अध्यापन पावन और महान कार्य है। शिक्षक ही राष्ट्र की भावी उन्नति का जीवन बनाते, सुधारते और सँवारते हैं। वे संसार से अज्ञान का अंधकार दूर करके ज्ञान का दीपक जलाते हैं, छात्र-छात्राओं को नाना प्रकार की विद्याएँ देकर उन्हें विद्वान और योग्य नागरिक बनाते हैं। शिक्षक ही निःस्वार्थ भाव से राष्ट्र की सेवा कर सकते हैं। थोड़े धन से संतुष्ट रहकर वे आने वाली पीढ़ी को तैयार करते हैं और उनमें उत्तम गुणों का विकास करते हैं। आज देश में जो भ्रष्टाचार और मूल्यों की गिरावट आई है, उसके लिए बहुत कुछ हमारे शिक्षक तथा शिक्षा-व्यवस्था भी दोषी हैं।

प्राचीनकाल में गुरुकुलों में सच्चे अर्थों में शिक्षा दी जाती थी। प्रत्येक विद्यार्थी के लिए गुरुकुल में रहना अनिवार्य था, और शिक्षक भी वहीं रहता था। उसका समूचा जीवन अपने विद्यार्थियों के लिए होता था। इसी कारण बड़े-बड़े राजा भी अपने पुत्रों को वहाँ शिक्षा के लिए भेजते थे। शिक्षक अपने जीवन के अनुभवों द्वारा विद्यार्थियों को ज्ञान देता था। आदर्श शिक्षक समाज का सच्चा सेवक होता है और उसके सामने राष्ट्र-सेवा का आदर्श होता है। मैं भी ऐसा ही शिक्षक बनकर विद्यार्थियों को स्वावलंबन, सेवा, सादगी, स्वाभिमान, अनुशासन और प्रामाणिकता का पाठ पढ़ाऊँगा।

आज का विद्यार्थी विद्या को बोझ समझकर उससे दूर भागता है। परिणामस्वरूप ग्रामीण क्षेत्र के स्कूलों में विद्यार्थी पढ़ाई छोड़ देते हैं और उनकी शिक्षा अधूरी रह जाती है। मैं विद्यार्थियों में शिक्षा के प्रति रुचि उत्पन्न करूँगा और यह प्रयास करूँगा कि जो विद्यार्थी स्कूल में आ गया है, वह शिक्षा पूरी करे। छात्रों में अनुशासनहीनता भी देखी जाती है और कुछ विद्यार्थी राजनीति में भाग लेकर पढ़ाई बीच में छोड़ देते हैं। इसके लिए अध्यापक भी दोषी हैं। यदि अध्यापक सही ढंग से पढ़ाएँ, तो विद्यार्थी का मन अन्यत्र नहीं लगेगा। मैं प्रयत्न करूँगा कि विद्यार्थी पढ़ाई में मन लगाएँ और अनुशासनबद्ध व्यक्ति की तरह जीवन जिएँ।

मैं अपनी कक्षा को परिवार के समान समझूँगा और अनुशासन का पूरा ध्यान रखूँगा। पढ़ाई में कमज़ोर छात्रों पर विशेष ध्यान दूँगा और उन्हें अतिरिक्त समय देकर पढ़ाऊँगा। मनोविज्ञान के आधार पर अध्यापन करूँगा, ताकि विद्यार्थियों की कमज़ोरी का सही कारण जान सकूँ। होनहार छात्रों को भी विशेष रूप से प्रोत्साहित करूँगा। शिक्षा और खेल-कूद का उचित समन्वय स्थापित करूँगा और अभिनय, वाद-विवाद, सामान्य ज्ञान तथा निबंध प्रतियोगिताओं में भाग लेने की प्रेरणा दूँगा। मैं स्वयं सादा रहूँगा और अपनी सादगी, सरलता, विनम्रता तथा सहृदयता से विद्यार्थियों को भी प्रभावित करूँगा। संक्षेप में, मैं एक आदर्श अध्यापक बनने का प्रयास करूँगा, क्योंकि एक आदर्श और चरित्रवान अध्यापक ही विद्यार्थियों को सही दिशा दे सकता है। ईश्वर करे मेरा उद्देश्य पूर्ण हो और मैं अपने देश की सेवा कर सकूँ।

Exam Tips:

a) भूमिका में जीवन-यात्रा और लक्ष्य की तुलना से विषय आरंभ करें।
b) आदर्श शिक्षक के गुण (सादगी, अनुशासन, स्वावलंबन) अलग-अलग लिखें।
c) प्राचीन गुरुकुल शिक्षा और आज की शिक्षा-व्यवस्था की तुलना करें।
d) उपसंहार में चरित्रवान अध्यापक की भूमिका को राष्ट्र-निर्माण से जोड़ें।

 

Question 41: दूरदर्शन और युवा पीढ़ी
अथवा
दूरदर्शन के लाभ और हानि
संके त : भूमिका, दूरदर्शन का अर्थ, युवाओं के जीवन का महत्त्वपूर्ण अंग, शिक्षा का सशक्त माध्यम, कुप्रभाव।

Answer:

आज की भाग-दौड़ की ज़िंदगी में मनुष्य दिन-भर काम करके शारीरिक और मानसिक रूप से थकावट महसूस करता है। इस थकावट को दूर करने के लिए वह कुछ नवीनता और कौतूहल चाहता है। शरीर की थकावट आराम से दूर हो सकती है, परंतु मानसिक स्फूर्ति और आनंद के लिए मनोरंजन की आवश्यकता होती है। समय की कमी के कारण मनुष्य को ऐसे मनोरंजन के साधन की ज़रूरत होती है जो घर बैठे ही उसका मनोरंजन कर सके। विज्ञान ने टेलीविज़न का आविष्कार करके ऐसा साधन उपलब्ध करा दिया है, जो मनुष्य के इस उद्देश्य की पूर्ति करता है।

टेलीविजन का हिंदी पर्याय ‘दूरदर्शन’ है। ‘टेली’ का अर्थ है ‘दूर’ और ‘विज़न’ का अर्थ है ‘दर्शन’, अर्थात् दूर के दृश्यों का आँखों के सामने उपस्थित होना। यह रेडियो तकनीक का ही विकसित रूप है, जिसका आविष्कार जॉन लॉगी बेयर्ड ने 1926 में किया था। टेलीविज़न मनोरंजन का सबसे महत्त्वपूर्ण साधन है। इसने बच्चों, बूढ़ों, स्त्रियों और पुरुषों, सभी वर्गों को प्रभावित किया है। हर परिवार का यह आवश्यक अंग बन गया है। यह मनोरंजन का सस्ता और आसानी से उपलब्ध होने वाला साधन है। पूरे विश्व के समाचार और नई जानकारियाँ घर बैठे प्राप्त की जा सकती हैं। दूरदर्शन ने आज की युवा पीढ़ी को सबसे अधिक प्रभावित किया है।

दूरदर्शन आज की युवा पीढ़ी के जीवन का महत्त्वपूर्ण और आवश्यक अंग है। यदि युवक इसका नियंत्रित और संयमित प्रयोग करें, तो टेलीविज़न उनके लिए अत्यंत उपयोगी सिद्ध होगा, अन्यथा उसके दुष्परिणामों से उन्हें बचाया नहीं जा सकता। जैसे कुएँ से पानी लेकर प्यास बुझाई जा सकती है, किंतु यदि कोई उसी में कूदकर जान दे दे, तो कुएँ का क्या दोष? इसी प्रकार दूरदर्शन युवा पीढ़ी को आधुनिक शिक्षा और विश्व की जानकारी देने का साधन है, परंतु यदि युवा अपना अमूल्य समय बेकार के कार्यक्रम देखकर गँवा देगा, तो दूरदर्शन को दोष नहीं दिया जा सकता।

दूरदर्शन शिक्षा का सशक्त माध्यम है। इस पर औपचारिक शिक्षा के साथ अनौपचारिक शिक्षा का भी प्रसारण होता है। केवल शब्दों के सहारे पाठ्यक्रम नीरस हो जाता है, जबकि दूरदर्शन पर जीती-जागती तस्वीरें देखकर विद्यार्थियों की पाठ्यक्रम में रुचि बढ़ती है और बातें भली-भाँति समझ आती हैं। इसमें अनपढ़ों के लिए साक्षरता के कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए जाते हैं। दूरदर्शन पर राष्ट्रीय शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद् (NCERT) द्वारा बच्चों, युवाओं और प्रौढ़ों के लिए पाठों का प्रसारण किया जाता है। शैक्षिक सामग्री के अतिरिक्त इससे युवा किसानों को कृषि के आधुनिक यंत्रों, कीटनाशकों और नई फसलों की जानकारी मिलती है। ऐसे कार्यक्रम भी होते हैं जिनसे प्रेरित होकर युवा अपनी बुरी आदतों से छुटकारा पा सकते हैं। विद्यार्थी देश-विदेश के नवीनतम समाचार और जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। भारतीय इतिहास, सभ्यता और संस्कृति पर आधारित कार्यक्रमों से युवा वर्ग प्राचीन भारतीय गौरव को जान सकता है। इस प्रकार दूरदर्शन ने युवा पीढ़ी के जीवन के हर पहलू को प्रभावित किया है।

किंतु व्यावहारिक रूप से देखा जाए तो दूरदर्शन आज के छात्रों के लिए उपयोगी और सहायक कम, बाधक अधिक सिद्ध हुआ है। अधिकतर छात्र ऐसे कार्यक्रमों में रुचि लेते हैं जिनका संबंध शिक्षा से न होकर मनोरंजन से अधिक हो, जैसे फ़िल्में, गाने, धारावाहिक, खेल तथा पाश्चात्य संस्कृति से प्रभावित कार्यक्रम। ऐसे कार्यक्रमों में हिंसा को बढ़ा-चढ़ाकर दिखाया जाता है, अश्लील दृश्य दिखाए जाते हैं, और छल, फरेब, झूठ, चोरी और बेईमानी के नए ढंग सिखाए जाते हैं। इसका व्यापक प्रभाव युवा वर्ग पर पड़ रहा है, और समाज में चोरी, डकैती, हिंसा और भ्रष्टाचार की प्रवृत्तियाँ इसी का परिणाम हैं। केबल पर प्रसारित कार्यक्रमों पर सरकार का नियंत्रण कम है, इसलिए अश्लीलता और हिंसा को बढ़ावा देने वाले कार्यक्रमों से युवा पीढ़ी भ्रमित हो रही है। इस पर नियंत्रण करना अत्यंत आवश्यक है।

ऊपर दिए गए तर्क दूरदर्शन के विरोध में नहीं हैं, बल्कि दूरदर्शन पर दिखाए जाने वाले उन कार्यक्रमों के विरोध में हैं, जो छात्रों को दिग्भ्रमित कर रहे हैं। दूरदर्शन को नकारने से तो उससे प्राप्त सभी लाभ समाप्त हो जाएँगे। आवश्यकता इस बात की है कि युवा पीढ़ी संयम रखकर केवल ज्ञानवर्धक कार्यक्रम देखे। दूरदर्शन ऐसा साधन है, जिसके उचित उपयोग से हम अपना जीवन, समाज और देश का भविष्य सुखद और उज्ज्वल बना सकते हैं।

Exam Tips:

a) भूमिका में थकावट के बाद मनोरंजन की आवश्यकता का उल्लेख करें।
b) दूरदर्शन के शैक्षिक लाभ और हानि के कार्यक्रम अलग-अलग लिखें।
c) कुएँ का उदाहरण देकर सदुपयोग और दुरुपयोग का अंतर स्पष्ट करें।
d) उपसंहार में संयम और ज्ञानवर्धक कार्यक्रमों के चयन की सलाह दें।

 

Question 42: मेरा सर्वप्रिय ग्रन्थ-रामचरितमानस/मेरी प्रिय पुस्तक
भूमिका-आज प्रतिदिन सैकड़ों नई पुस्तकें प्रकाशित हो रही हैं, किंतु मैं हिंदी साहित्य का नियमित पाठक हूँ। हिंदी की अच्छी रचनाएँ पढ़ना मुझे पसंद है। हिंदी का साहित्य उन साहित्यकारों द्वारा लिखा गया है जो स्वयं अभावों में रहे, परंतु पाठकों के लिए सुंदर भाव अपनी रचनाओं में छोड़ गए। कुछ रचनाएँ मुझे रोचक लगीं, परंतु जिस महान रचना ने मुझे सर्वाधिक प्रभावित किया है, वह है गोस्वामी तुलसीदास द्वारा रचित ‘रामचरितमानस’। यह ग्रंथ सभ्यता और संस्कृति का महान स्मारक है और यही मेरी प्रिय पुस्तक है।

Answer:

1. रामचरितमानस पूज्य ग्रंथ :
गोस्वामी तुलसीदास ने ‘कवितावली’, ‘दोहावली’, ‘विनय-पत्रिका’, ‘कृष्ण गीतावली’, ‘पार्वती मंगल’, ‘जानकी मंगल’ आदि अनेक रचनाएँ लिखी हैं, लेकिन ‘रामचरितमानस’ उनका सर्वाधिक प्रसिद्ध प्रबंध काव्य है। यह एक महाकाव्य है और इसे ‘मानस’ के नाम से भी जाना जाता है। अधिकतर लोग इसे रामायण भी कहते हैं। जिस प्रकार ईसाइयों में ‘बाइबल’, मुसलमानों में ‘कुरान शरीफ़’ और सिक्खों में ‘गुरु ग्रंथ साहिब’ पूज्य ग्रंथ हैं, उसी प्रकार हिंदुओं में ‘रामचरितमानस’ पूज्य है। झोंपड़ी से महलों तक यह ग्रंथ मान्य और पूज्य है। प्रायः हर हिंदू मंदिर और परिवार में इसकी एक प्रति मिलती है। इसकी लोकप्रियता प्रतिदिन बढ़ रही है और हिंदी साहित्य में यही वह रचना है जिस पर सर्वाधिक टीकाएँ लिखी गई हैं।

2. श्रेष्ठ महाकाव्य :
इस महाकाव्य में कुल सात काण्ड (अध्याय) हैं। तुलसीदास ने इसका रचनाकाल संवत् 1631 बताया है। यह ग्रंथ दोहा-चौपाई में लिखा गया है और इसकी भाषा साहित्यिक अवधी है। ‘मानस’ का कथानक मुख्यतः वाल्मीकि रामायण पर आधारित है, परंतु कथा के विस्तार, दार्शनिक विचारों और युक्ति के लिए कवि ने अध्यात्म रामायण, गीता, उपनिषद और पुराणों का भी आश्रय लिया है। तुलसी के राम वाल्मीकि के राम से अलग, नारायण रूप में प्रतिष्ठित हैं। यद्यपि तुलसीदास कवि होने के साथ-साथ भक्त भी हैं, मुझे उनका कवि-रूप सर्वाधिक प्रभावित करता है। महाकाव्य की जो विशेषताएँ हो सकती हैं, वे सब इस रचना में हैं और इस दृष्टि से यह संसार की किसी भी महान रचना का मुकाबला कर सकती है।

3. जीवनोपयोगी कथानक:
‘रामचरितमानस’ में मुझे सबसे प्रिय लगती है उसकी कथावस्तु, जिसमें स्थान-स्थान पर तुलसीदास की नाटकीय रचना-कुशलता और सूझबूझ दिखाई देती है। ‘मानस’ की संवाद-शैली अत्युत्तम है। इसका आरंभ, मध्य और अंत संवादों से होता है। कथा के आधारभूत संवाद हैं-उमा-शंभु-संवाद, गरुड़-काकभुशुंडि-संवाद, अंगद-रावण-संवाद और रावण-मंदोदरी-संवाद आदि। इन संवादों से ‘मानस’ की कथा रोचक, ज्ञानवर्धक और जीवनोपयोगी बन गई है। मार्मिक स्थलों के चयन में तुलसी की दृष्टि बड़ी पैनी है। राम-वनवास, भरत-मिलाप, सीता-हरण, शबरी-प्रसंग और लक्ष्मण-मूर्छा जैसे प्रसंग अत्यंत मार्मिक हैं।

4. आदर्श जीवन :
सामान्य मनुष्यों की दृष्टि में ‘मानस’ की महत्ता इसलिए है कि इसमें पारिवारिक, सामाजिक और राष्ट्रीय आदर्शों की स्थापना की गई है। रामकथा में हमारी हर परिस्थिति का समावेश है और हमारी समस्याओं का समाधान भी। पिता का पुत्र के प्रति, पुत्र का माता-पिता के प्रति, भाई का भाई के प्रति, राजा का प्रजा के प्रति, सेवक का स्वामी के प्रति, शिष्य का गुरु के प्रति और पत्नी का पति के प्रति कर्तव्य क्या है, इसकी झलक मानस में सहज रूप से मिलती है। विद्वान, दार्शनिक और आलोचक ‘मानस’ को ज्ञान का भंडार बताते हैं। तुलसी की यह उक्ति उनकी वाणी पर लागू होती है-
कीरति भनिति भूति भलि सोई। सुरसरि सम सब कहँ हित होई॥

5. भाव एवं कला का सुंदर समन्वय: ‘मानस’ भाव-पक्ष और कला-पक्ष, दोनों दृष्टियों से उदात्त और भव्य काव्य है। ‘कविता करके तुलसी न लसै, कविता लसि पा तुलसी की कला’, इसमें कवि ने स्थान-स्थान पर अपने रचना-कौशल का परिचय दिया है। ‘मानस’ धर्म और साहित्य का पवित्र संगम है और समस्त भारतीय दर्शन का सार है। यह अनेक पुराणों, निगमों और आगमों के सम्मत विचारों पर आधारित रचना है। स्वयं कवि ने लिखा है-‘स्वान्तः सुखाय तुलसी रघुनाथ गाथा।’ कवि ने वेदों, पुराणों और अन्य शास्त्रों का सार लेकर ‘रामचरितमानस’ के रूप में एक ऐसी संजीवनी तैयार की है, जिसका पान कर मनुष्य धन्य हो उठता है।

मानस की भाषा अवधी है, बल्कि इसे साहित्यिक अवधी कहना अधिक उचित होगा। तुलसी की भाषा पात्रानुकूल, सहज, सरल और प्रवाहमयी है। दोहा-चौपाई में लिखा यह महाकाव्य साधारण पाठक के लिए भी बोधगम्य है। इसमें अलंकारों की छटा भी दर्शनीय है और उनमें रमणीयता के साथ स्वाभाविकता भी है। कवि ने अर्थालंकारों के साथ शब्दालंकारों का भी सुंदर प्रयोग किया है। अतः मुझे यह ग्रंथ सर्वाधिक प्रिय है। मैं समय-समय पर इसका पाठ करता हूँ। निःसंदेह यह संसार का एक महान गौरव-ग्रंथ है।

Exam Tips:

a) भूमिका में ‘मानस’ को सभ्यता और संस्कृति का स्मारक बताने का कारण लिखें।
b) महाकाव्य की विशेषताओं में सात काण्ड और रचनाकाल (संवत 1631) अलग से दें।
c) प्रमुख संवाद और मार्मिक प्रसंगों के नाम क्रम से लिखें।
d) उपसंहार में ‘मानस’ के आदर्शों का व्यावहारिक जीवन में महत्त्व बताएँ।

 

Question 43: मानव और विज्ञान
अथवा
विज्ञान वरदान या अभिशाप
संके त : भूमिका, विज्ञान और आधुनिक जीवन, विज्ञान वरदान के रूप में, विज्ञान के चमत्कार, चिकित्सा क्षेत्र में विज्ञान का उपयोग, विज्ञान अभिशाप के रूप में, उपसंहार।

Answer:

आज का युग विज्ञान के चमत्कारों का युग है। ‘विज्ञान’ का शाब्दिक अर्थ है ‘वि’ और ‘ज्ञान’, अर्थात् किसी वस्तु का विशेष ज्ञान। विज्ञान की उन्नति ने संसार को चकित कर दिया है। विज्ञान विवेक का द्वार है। भौतिक सुखों की प्राप्ति के लिए मानव विज्ञान की शरण में आया और विज्ञान उसके लिए कल्पवृक्ष सिद्ध हुआ। विज्ञान के अद्भुत आविष्कारों को देखकर मनुष्य दाँतों तले उँगली दबा लेता है।

विज्ञान और जीवन का घनिष्ठ संबंध है। विज्ञान ने मानव-जीवन को सुखमय बना दिया है। एक विद्वान के अनुसार, “विज्ञान ने अंधों को आँखें दी हैं और बहरों को सुनने की शक्ति। उसने जीवन को दीर्घ बना दिया है, भय को कम कर दिया है, पागलपन को वश में कर लिया है और रोगों को रौंद डाला है।” मानव ने जहाँ विज्ञान द्वारा इतने सुख पाए हैं, वहीं दुःख भी पाए हैं। विज्ञान मानव के लिए वरदान भी है और अभिशाप भी।

विज्ञान ने मानव को अनेक सुविधाएँ प्रदान की हैं। जीवन के हर क्रियाकलाप में विज्ञान का योगदान है। विज्ञान ने मानव की कल्पनाओं को यथार्थ में बदल दिया है। भाप, बिजली और अणुशक्ति को वश में करके विज्ञान ने मानव-जीवन को समृद्ध बनाया है। रॉकेट, हवाई जहाज़ और हेलीकॉप्टर जैसे यंत्रों ने मानव जीवन को सुविधा की चरम सीमा तक पहुँचा दिया है।

विज्ञान ने मनोरंजन के भी अनेक साधन दिए हैं। रेडियो, टेलीविज़न, ग्रामोफ़ोन, टेपरिकॉर्डर और सिनेमा से मानव-जीवन अधिक रोचक बन गया है। आज हम घर बैठे देश-विदेश के समाचार सुन सकते हैं और विदेशों के कार्यक्रम भी देख सकते हैं। सिनेमा को जहाँ मनोरंजन का साधन बनाया जा सकता है, वहाँ शिक्षा के साधन के रूप में भी उसका उपयोग हो सकता है।

वैज्ञानिक आविष्कारों ने मनुष्य का जीवन सुविधापूर्ण और आनंदमय बना दिया है। मशीनों द्वारा अब सब काम संपन्न किए जा सकते हैं। अन्न उगाने और वस्त्र बनाने के लिए भी मशीनों का प्रयोग होने लगा है। पहले लोग मिट्टी के दीपक जलाकर घर में रोशनी करते थे, परंतु आज बटन दबाते ही सारा घर जगमगा उठता है।

चिकित्सा के क्षेत्र में भी विज्ञान ने आश्चर्यजनक उन्नति की है। एक्स-रे द्वारा शरीर के अंदर के चित्र लिए जाते हैं और बीमारियों का पता लगाया जाता है, जिससे फेफड़े, हृदय और गुर्दे के ऑपरेशन किए जाते हैं। नेत्रदान से दृष्टिहीनों को देखने योग्य बनाया जा सकता है। कैंसर जैसे असाध्य रोगों के उपचार के लिए कोबाल्ट किरणों का उपयोग किया जाता है।

परंतु जब मनुष्य विज्ञान का दुरुपयोग करने लगता है, तो वही विज्ञान मानव के लिए अभिशाप बन जाता है। वैज्ञानिक आविष्कारों का प्रयोग मानव-हित के लिए उतना नहीं हुआ, जितना अहित के लिए। विज्ञान ने एटम बम और हाइड्रोजन बम जैसे विनाशकारी अस्त्र बनाए हैं, जिनसे सारा संसार क्षण भर में नष्ट हो सकता है। द्वितीय विश्वयुद्ध में जितना विनाश हुआ, उसकी पूर्ति शायद विज्ञान सौ वर्षों में भी न कर सके। हिरोशिमा और नागासाकी पर गिरे अणु बमों के दुष्परिणाम हमारे सामने हैं, और तीसरे महायुद्ध की कल्पना मात्र से ही हृदय काँप उठता है।

प्रदूषण की समस्या का एक बड़ा कारण भी विज्ञान से जुड़ा है। विज्ञान से सबसे बड़ी हानि यह हुई है कि मशीनी युग के कारण अनेक लोगों की रोजी-रोटी छिन गई है। वैज्ञानिक प्रगति के कारण मनुष्य की नैतिक धारणाएँ शिथिल हुई हैं। हस्तकलाओं और लघु उद्योगों में निपुण अनेक लोग मशीनों की प्रगति के कारण बेकार हो गए हैं। विज्ञान ने मनुष्य को शक्ति दी है, शांति नहीं; सुविधाएँ दी हैं, सुख नहीं।

विज्ञान तो केवल एक शक्ति है। मनुष्य इसका सदुपयोग भी कर सकता है और दुरुपयोग भी। विज्ञान द्वारा जो विनाश हुआ है, उसे विज्ञान पर नहीं थोपा जा सकता, क्योंकि विज्ञान निर्जीव है। उसका सदुपयोग या दुरुपयोग मनुष्य पर निर्भर करता है। विज्ञान तो मनुष्य का दास है, जैसी आज्ञा मनुष्य देगा, वह वैसा ही करेगा। विज्ञान की स्थिति तलवार की भाँति है, जिससे किसी के प्राणों की रक्षा भी की जा सकती है और किसी के प्राण भी लिए जा सकते हैं। मनुष्य को चाहिए कि वह विज्ञान का प्रयोग मानव-जाति के कल्याण के लिए ही करे, विनाश के लिए नहीं।

Exam Tips:

a) भूमिका में ‘वि’ और ‘ज्ञान’ से विज्ञान का अर्थ स्पष्ट करें।
b) विज्ञान के वरदान के रूप में परिवहन, संचार और चिकित्सा के उदाहरण अलग-अलग दें।
c) परमाणु हथियारों के विनाश को विज्ञान के अभिशाप का उदाहरण बनाएँ।
d) उपसंहार में विज्ञान को तलवार की भाँति बताते हुए उसके सदुपयोग की बात कहें।

 

Question 44: मानव और कंप्यूटर
अथवा
कंप्यूटर : आज की आवश्यकता
संके त : भूमिका, कंप्यूटर का आविष्कार, कंप्यूटर का कार्य, विभिन्न क्षेत्रों में कंप्यूटर का उपयोग, आर्थिक विकास के लिए लाभकारी, कंप्यूटर मानव प्रगति में सहायक, उपसंहार।

Answer:

आज का युग विज्ञान का युग है। जीवन के हर क्षेत्र में विज्ञान ने अपने चमत्कारों से क्रांति ला दी है। कंप्यूटर का आविष्कार भी ऐसा ही चमत्कार है, जिसने मानव-जीवन को सरल और सुखद बना दिया है।

गणनाओं की जटिलता को देखते हुए वैज्ञानिकों ने सोचा कि क्यों न गणना के लिए मशीन बनाई जाए। गणना करने वाली मशीन का विचार लगभग साढ़े तीन सौ वर्ष पुराना है। सन् 1642 में फ्रांस के गणितज्ञ ब्लेज़ पास्कल ने जोड़ करने वाली एक मशीन बनाई। इंग्लैंड के चार्ल्स बैबेज ने उन्नीसवीं सदी में ऐसी मशीनों की रूपरेखा तैयार की और आजीवन उन्हें आधुनिक कंप्यूटर का रूप देने का प्रयास करते रहे, परंतु पूर्ण सफल न हो सके। आधुनिक कंप्यूटर बनाने का श्रेय मुख्यतः जे. प्रेस्पर एकर्ट, जॉन डब्ल्यू. मॉक्ली और गणितज्ञ जॉन वॉन न्यूमैन जैसे वैज्ञानिकों को जाता है। सन् 1946 में अमेरिका में ENIAC नामक पहला इलेक्ट्रॉनिक कंप्यूटर बना। इसके बाद इलेक्ट्रॉनिकी की प्रगति से एक के बाद एक अधिक क्षमता वाले कंप्यूटर बनने लगे और उनका आकार भी छोटा होता गया।

कंप्यूटर वस्तुतः ऐसी मशीन है जो जोड़ने, घटाने, गुणा और भाग जैसी क्रियाएँ बड़ी तीव्रता और शुद्धता से करती है। इसमें कार्य-निर्देश और आँकड़े भरे जाते हैं। ये निर्देश बताते हैं कि क्या जोड़ना है, क्या घटाना है, क्या पढ़ना है और क्या लिखना है। कार्य-निर्देशों के क्रमबद्ध संकलन को ‘प्रोग्राम’ या कार्यक्रम कहते हैं। कंप्यूटर पहले इन निर्देशों को पढ़कर अपनी स्मृति में रखता है और फिर उनके अनुसार काम करता है। कंप्यूटर की सफलता इसी में है कि वह सरल निर्देशों को उचित क्रम में पाकर बड़ी-से-बड़ी जटिल गणना को भी बिना अशुद्धि के तेज़ी से कर सकता है।

कंप्यूटर ने मानव-जीवन में महत्त्वपूर्ण स्थान बना लिया है। स्कूलों, महाविद्यालयों और विश्वविद्यालयों में कंप्यूटर संबंधी शिक्षा दी जा रही है। सरकारी और गैर-सरकारी स्तर पर कंप्यूटर के कोर्स चल रहे हैं। बी.एस-सी. के बाद एम.सी.ए. और एम.एस-सी. जैसे पाठ्यक्रम भी चलाए जा रहे हैं। अमेरिका, जापान, इंग्लैंड और फ्रांस जैसे विकसित देशों में कंप्यूटर की आधुनिकतम शिक्षा व्यवस्था है। यह शिक्षा हार्डवेयर और सॉफ्टवेयर, दो प्रकार की होती है। कंप्यूटर की कई प्रोग्रामिंग भाषाएँ हैं, जैसे कोबोल, पास्कल और बेसिक।

हमारे आर्थिक, वैज्ञानिक, कला, युद्ध, चिकित्सा, मौसम, इंजीनियरिंग आदि लगभग सभी क्षेत्रों में कंप्यूटर का प्रयोग हो रहा है। आर्थिक जीवन में तो इसने क्रांति ही ला दी है। बैंकों और विभिन्न फर्मों के खातों के संचालन और हिसाब-किताब में इसका व्यापक प्रयोग हो रहा है। अनेक राष्ट्रीय बैंकों ने चुंबकीय संख्या वाली चेक-बुक जारी की हैं।

औद्योगिक क्षेत्र में इसकी उपलब्धि विशेष रूप से उल्लेखनीय है। बड़े-बड़े उद्योग प्रायः अपना सारा काम कंप्यूटरों से करने लगे हैं। टी.वी., रेडियो, वी.सी.आर., बिजली की मोटरें और अन्य इलेक्ट्रिकल वस्तुओं के उत्पादन में कंप्यूटर का अधिकाधिक उपयोग हो रहा है। बड़े कारखानों में मशीनों के संचालन में कंप्यूटरों की सहायता ली जा रही है। कंप्यूटर-नियंत्रित रोबोट ऐसी मशीनें चला सकते हैं जिनका संचालन मानव के लिए कठिन है। युद्ध के क्षेत्र में भी अस्त्र-शस्त्रों के संचालन में कंप्यूटरों का प्रयोग हो रहा है। हाल के एक खाड़ी-युद्ध में मिसाइल छोड़ने में कंप्यूटरों की भूमिका ने सबको चकित कर दिया। भारी तोपों, वायुयानों, हेलीकॉप्टरों, समुद्री जहाज़ों और पनडुब्बियों के संचालन में भी इनका प्रयोग हो रहा है। इस क्षेत्र में अमेरिका ने बहुत प्रगति की है। अमेरिका में सबसे पहले परमाणु बम से संबंधित गणनाओं के लिए कंप्यूटर बनाया गया था, और अब वह इसकी सहायता से ‘स्टार वार्स’ जैसी योजनाएँ भी बना रहा है।

चित्रकार भी अब कंप्यूटरों का उपयोग करने लगे हैं। वे रंग, कैनवास और कूचियों तक सीमित नहीं रहे, बल्कि कंप्यूटर की सहायता से इच्छित रंगों के साथ चित्र तैयार कर लेते हैं। संगीत और गीतों की रिकॉर्डिंग में भी कंप्यूटर का प्रयोग होने लगा है।

महिलाओं के लिए कंप्यूटर का प्रयोग काफी लाभकारी है। अनेक महिलाएँ घर के कई कार्य इसकी सहायता से कर रही हैं। आज मानव-जीवन का ऐसा कोई क्षेत्र नहीं बचा जहाँ कंप्यूटर की उपयोगिता न हो। रेल और वायुयान के टिकटों का आरक्षण कंप्यूटर से सुलभ हो गया है। भारत में भी इसका व्यापक प्रयोग होने लगा है। विशेषकर दिल्ली, मुंबई, चेन्नई और कोलकाता जैसे बड़े नगरों के रेलवे स्टेशनों पर कंप्यूटर निरंतर काम कर रहे हैं। इसी प्रकार परीक्षा परिणाम, मौसम की जानकारी, चुनाव परिणाम, अनुवाद-कार्य और वैज्ञानिक शोध जैसे क्षेत्रों में भी कंप्यूटरों का प्रयोग अत्यंत लाभकारी सिद्ध हो रहा है।

Exam Tips:

a) भूमिका में पास्कल (1642) से कंप्यूटर के इतिहास का आरंभ लिखें।
b) कंप्यूटर के कार्य में निर्देश और कार्यक्रम का अंतर बताएँ।
c) आर्थिक, औद्योगिक और चिकित्सा क्षेत्रों के उदाहरण अलग-अलग लिखें।
d) उपसंहार में कंप्यूटर को मानव-प्रगति का साधन बताएँ।

 

Question 45: राष्ट्र पिता महात्मा गांधी
अथवा
मेरा प्रिय नेता
संके त : भूमिका, जन्म, प्रारंभिक शिक्षा, विदेश-गमन, दक्षिणी अफ्रीका के लिए प्रस्थान, स्वदेश आगमन, ‘भारत छोड़ो’ आंदोलन, स्वतंत्रता प्राप्ति, महान बलिदान।

Answer:

राष्ट्रपिता महात्मा गांधी भारत के ही नहीं, संसार के महान पुरुष थे। वे आधुनिक युग की महान विभूति थे। वे सत्य और अहिंसा के अनन्य पुजारी थे और इन्हीं के प्रयोग से उन्होंने सदियों से गुलाम भारत को परतंत्रता की बेड़ियों से मुक्त करवाया। संसार में यह एक अनूठा उदाहरण है कि गांधी जी के सत्याग्रह के सामने अंग्रेज़ों को भी झुकना पड़ा। आने वाली पीढ़ियाँ गौरव के साथ उनका नाम याद करती रहेंगी।

इस युग-पुरुष का जन्म गुजरात राज्य के काठियावाड़ क्षेत्र में स्थित पोरबंदर नामक स्थान पर 2 अक्तूबर, 1869 को हुआ। उनका पूरा नाम मोहनदास करमचंद गांधी था। पिता करमचंद पोरबंदर रियासत के दीवान थे। गांधी जी का बाल्यकाल राजकोट में बीता। उनकी माता पुतलीबाई एक सती-साध्वी और धार्मिक प्रवृत्ति की स्त्री थीं। युवा गांधी पर अपनी माता के संस्कारों का अत्यधिक प्रभाव पड़ा।

बालक मोहनदास की प्रारंभिक शिक्षा पोरबंदर में हुई। कक्षा में वे एक साधारण विद्यार्थी थे। वे सहपाठियों से कम बोलते थे, परंतु शिक्षकों का पूरा आदर करते थे। उन्होंने मैट्रिक की परीक्षा स्थानीय विद्यालय से उत्तीर्ण की। तेरह वर्ष की अल्पायु में ही कस्तूरबा से उनका विवाह हो गया। गांधी जी आरंभ से ही सत्यप्रिय और परिश्रमी थे और कभी कोई बात छिपाते नहीं थे।

जब युवा मोहनदास कानूनी शिक्षा ग्रहण करने के लिए विदेश गए, तब वे एक पुत्र के पिता बन चुके थे। विदेश जाने से पूर्व उन्होंने अपनी माता के सामने प्रतिज्ञा की थी कि वे इंग्लैंड में मांस और मदिरा का सेवन नहीं करेंगे। माता को दिए वचन का उन्होंने पूरा पालन किया। इंग्लैंड में उन्हें अनेक बाधाओं का सामना करना पड़ा। शाकाहारी भोजन के लिए उन्हें अनेक कष्ट झेलने पड़े। अंततः वकालत की शिक्षा पूरी करके ही वे विदेश से लौटे।

मुंबई में वकालत करते समय एक मुकदमे के सिलसिले में उन्हें दक्षिणी अफ्रीका जाना पड़ा। वहाँ उन्होंने देखा कि भारतीयों के साथ बहुत बुरा व्यवहार किया जाता है। गांधी जी इसे सहन नहीं कर सके और उनमें राष्ट्रीय भावना जागृत हुई। उन्होंने वहीं सबसे पहले सत्याग्रह का प्रयोग किया, जिसमें उन्हें पर्याप्त सफलता मिली। यहीं उन्होंने नेटाल इंडियन कांग्रेस की स्थापना भी की।

सन् 1915 में गांधी जी भारत लौट आए। उस समय अंग्रेज़ों का दमन-चक्र जोरों पर था और रौलट एक्ट जैसा काला कानून लागू था। सन् 1919 में जलियाँवाला बाग का विनाशकारी कांड हुआ, जिसने समूची मानव-जाति को लज्जित कर दिया। उस समय कांग्रेस में कुछ ही शिक्षित लोग सदस्य थे और लोकमान्य बालगंगाधर तिलक प्रमुख नेता थे। कांग्रेस की स्थिति अधिक मज़बूत नहीं थी, क्योंकि उसमें गरम दल और नरम दल के बीच विभाजन था। जब गांधी जी ने कांग्रेस की बागडोर अपने हाथ में ली, तो देश में एक नए इतिहास का सूत्रपात हुआ। सन् 1920 में गांधी जी ने असहयोग आंदोलन शुरू किया। सन् 1928 में जब साइमन कमीशन भारत आया, तो गांधी जी ने उसका डटकर विरोध किया। सन् 1930 में नमक कानून तोड़ो आंदोलन और दांडी यात्रा ने अंग्रेज़ों की जड़ें हिला दीं।

सन् 1942 में जब अंग्रेज़ अपने दिए हुए वचन से पीछे हट गए, तो गांधी जी ने “अंग्रेज़ो! भारत छोड़ो” का नारा लगाया और कहा कि यह मेरी अंतिम लड़ाई है। असंख्य भारतवासियों को जेलों में डाला गया। गांधी जी ने भी अपने साथियों के साथ गिरफ़्तारी दी। सारे देश में अशांति फैल गई, परंतु गांधी जी का सत्याग्रह आंदोलन निरंतर चलता रहा और वे सत्य और अहिंसा के मार्ग पर डटे रहे।

अंततः 15 अगस्त, 1947 को देश स्वतंत्र हुआ। गांधी जी के अहिंसा आंदोलन के सामने अंग्रेज़ों को झुकना पड़ा, परंतु जाते-जाते अंग्रेज़ फूट के बीज बो गए थे। परिणामस्वरूप भारत-पाक विभाजन हुआ। इस बँटवारे से देश में सांप्रदायिक दंगे भड़क उठे। प्रतिदिन भारत और पाकिस्तान में हिंदू और मुसलमान भेड़-बकरियों की तरह कटने लगे। गांधी जी ने स्थान-स्थान पर जाकर लोगों को समझाया और सांप्रदायिकता की आग को शांत करने का प्रयास किया। उन्होंने हिंदू-मुस्लिम एकता के लिए उपवास भी रखा।

जब तक गांधी जी जीवित रहे, वे देश के उद्धार के लिए कार्य करते रहे। उन्होंने छुआछूत को जड़ से उखाड़ने का भरसक प्रयत्न किया और अछूत कहे जाने वाले लोगों को ‘हरिजन’ की संज्ञा दी। उन्होंने विदेशी वस्तुओं का बहिष्कार किया, स्वदेशी वस्तुओं के प्रयोग पर बल दिया और खादी के प्रचार के लिए भरसक प्रयास किया।

किंतु कुछ भारतीय गांधी जी की हिंदू-मुस्लिम एकता की भावना के विरुद्ध थे। 30 जनवरी, 1948 को जब वे दिल्ली स्थित बिरला भवन में प्रार्थना सभा में जा रहे थे, तब नाथूराम गोडसे नामक एक व्यक्ति ने गोली मारकर उनकी हत्या कर दी। उस समय उनके मुख से ‘हे राम!’ शब्द निकले। उनकी मृत्यु का दुखद समाचार सुनकर सारा देश शोक-सागर में डूब गया। इस प्रकार अहिंसा के इस महान पुजारी का अंत हो गया।

Exam Tips:

a) भूमिका में गांधी जी को अहिंसा और सत्याग्रह का प्रतीक बताने वाले तथ्य लिखें।
b) दक्षिण अफ्रीका के सत्याग्रह और 1915 की वापसी को क्रम से लिखें।
c) असहयोग, नमक सत्याग्रह और भारत छोड़ो आंदोलन की तिथियाँ अलग-अलग दें।
d) उपसंहार में गांधी जी के हिंदू-मुस्लिम एकता के प्रयासों का उल्लेख करें।

 

Question 46: मेरा प्रिय कवि/साहित्यकार
अथवा
महाकवि तुलसीदास
संके त : भूमिका, जन्म एवं काल, प्रमुख रचनाएँ, विषय की व्यापकता एवं प्रबंध योजना, महान समन्वयवादी चिंतक, सच्चे राम-भक्त, कला-पक्ष।

Answer:

साहित्य समाज का दर्पण है और लेखक युगद्रष्टा होता है। वह अपने आस-पास की परिस्थितियों से प्रेरित होकर साहित्य की रचना करता है। महाकवि ही श्रेष्ठ साहित्य की रचना कर सकते हैं। श्रेष्ठ साहित्य के तीन उद्देश्य होते हैं-सत्यं, शिवं और सुंदरं। भक्तिकाल के महाकवि गोस्वामी तुलसीदास ऐसे ही युगप्रवर्तक और समन्वयवादी कवि थे, जिन्होंने अपने साहित्य द्वारा समाज में आदर्शों की स्थापना की। मेरे प्रिय कवि महाकवि और रामभक्त तुलसीदास ही हैं। भारत में महात्मा बुद्ध के पश्चात यदि कोई दूसरा समन्वयकारी और युगद्रष्टा व्यक्ति हुआ है, तो वह तुलसीदास ही हैं। आज बड़े-बड़े राजाओं के साम्राज्य नष्ट हो चुके हैं, परंतु उस महाकवि का साम्राज्य आज भी विद्यमान है।

तुलसीदास का जन्म संवत् 1554 में श्रावण शुक्ल सप्तमी को बांदा जिले के राजापुर गाँव में हुआ। इनके पिता का नाम आत्माराम दूबे और माता का नाम हुलसी था। अभुक्त मूल नक्षत्र में जन्म के कारण माता-पिता ने इन्हें त्याग दिया और एक दासी को पालन-पोषण के लिए दे दिया। पाँच वर्ष की आयु में उस दासी की मृत्यु हो गई और बालक दर-दर भटकने लगा। फिर स्वामी नरहरिदास से इनकी भेंट हुई। वे इन्हें अयोध्या ले गए और उन्होंने इनका नाम ‘रामबोला’ रखा। दीक्षित होकर तुलसीदास ने विद्याध्ययन किया और काशी में रहकर वेदों आदि का अध्ययन किया। इनकी पत्नी का नाम रत्नावली था।

गोस्वामी तुलसीदास द्वारा रचित ग्रंथों की संख्या अनेक मानी जाती है, किंतु नागरी प्रचारिणी सभा, काशी द्वारा प्रकाशित ‘तुलसी ग्रंथावली’ के अनुसार इनके बारह ग्रंथ ही प्रामाणिक हैं। ये हैं- रामचरितमानस, विनय-पत्रिका, दोहावली, गीतावली, कवितावली, रामाज्ञा प्रश्न, बरवै रामायण, रामलला नहछू, कृष्ण गीतावली, वैराग्य संदीपनी, पार्वती मंगल तथा जानकी मंगल। गोस्वामी जी की कीर्ति का आधार स्तंभ ‘रामचरितमानस’ ही है, जिसका आधार ‘वाल्मीकि रामायण’ है।

तुलसीदास ने व्यापक काव्य-विषय ग्रहण किए हैं। कृष्णभक्त कवियों की भाँति उन्होंने जीवन के किसी एक अंग का वर्णन न करके उसके समग्र रूप को ग्रहण किया। उनकी रचनाओं में शृंगार, शांत और वीर आदि सभी रसों का परिपाक है। ‘रामचरितमानस’ में धर्म, संस्कृति और काव्य का आश्चर्यजनक समन्वय है। उनके काव्य की सबसे बड़ी विशेषता प्रबंध-योजना है। उनकी लगभग सभी रचनाओं में कथा-सूत्र मिलते हैं। ‘रामचरितमानस’ की प्रबंध-पटुता सर्वश्रेष्ठ है। कई वक्ताओं द्वारा कथा कहे जाने पर भी उसमें कहीं अस्पष्टता नहीं आई। कथानक, वस्तु-वर्णन, व्यापार-वर्णन, भाव-प्रवणता और संवाद, सभी में संतुलन है। राम-सीता का प्रथम दर्शन, राम का वन-गमन, दशरथ की मृत्यु, भरत का पश्चात्ताप, सीता-हरण और लक्ष्मण-मूर्छा जैसे मार्मिक स्थल प्रबंध-योजना को प्रभावशाली बनाते हैं।

गोस्वामी तुलसीदास महान समन्वयवादी चिंतक भी थे। उन्होंने दर्शन के शुष्क और नीरस सिद्धांतों को भावमय बना दिया। उनके काव्य की महान उपलब्धि उनकी समन्वय-भावना है। उन्होंने समाज में व्याप्त विषमता को मिटाकर एकरूपता लाने का प्रयास किया। धर्म, समाज, राजनीति और साहित्य, हर क्षेत्र में उन्होंने समन्वयवादी प्रवृत्ति अपनाई। डॉ० हज़ारीप्रसाद द्विवेदी ने ठीक ही कहा है-“तुलसी का सारा काव्य समन्वय की विराट चेष्टा है। ‘रामचरितमानस’ शुरू से आखिर तक समन्वय का काव्य है।”

तुलसीदास राम-काव्यधारा के प्रधान कवि हैं। उनकी रचनाओं के कारण ही राम-काव्यधारा को श्रेष्ठ काव्यधारा माना जाता है। वे कवि होने के साथ-साथ सच्चे रामभक्त भी थे। उन्होंने मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान राम की भक्ति की स्थापना की। वे अपने को दीन और राम को दयालु, स्वयं को भिखारी और भगवान को दानी बताते हैं। तुलसी की भक्ति के कारण ही आज ‘रामचरितमानस’ प्रत्येक हिंदू घर में मिलता है और स्थान-स्थान पर रामायण का पाठ होता है।

तुलसी के काव्य का आंतरिक पक्ष जितना उज्ज्वल है, बाह्य पक्ष भी उतना ही श्रेष्ठ है। भाषा पर उनका असाधारण अधिकार था। उन्होंने अवधी और ब्रज, दोनों भाषाओं में रचनाएँ कीं। ‘रामचरितमानस’ में अवधी का सुंदर प्रयोग है, तो ‘विनय-पत्रिका’ में साहित्यिक ब्रजभाषा का। कहीं-कहीं अरबी और फ़ारसी शब्दों का भी सुंदर मिश्रण है। उनकी भाषा सरल, सहज और प्रवाहमयी है और कुछ स्थानों पर लोकोक्तियों और मुहावरों का सुंदर प्रयोग है। छंदों की दृष्टि से भी तुलसी का क्षेत्र व्यापक है। ‘रामचरितमानस’ में दोहा-चौपाई हैं, तो ‘कवितावली’ में कवित्त, सवैया, दोहा और गीति आदि छंदों का सुंदर प्रयोग है। उनके काव्य में अलंकारों का प्रयोग भी पर्याप्त है, और वह स्वाभाविक रूप में हुआ है।

Exam Tips:

a) भूमिका में युगप्रवर्तक और समन्वयवादी कवि के रूप में तुलसी का परिचय दें।
b) जन्म, गुरु नरहरिदास और रचनाओं की संख्या अलग-अलग लिखें।
c) ‘रामचरितमानस’ की प्रबंध-योजना के मार्मिक प्रसंग अलग से गिनाएँ।
d) उपसंहार में तुलसी के समन्वय-भाव की आज की प्रासंगिकता बताएँ।

 

Question 47: अंतरिक्ष यात्री-कल्पना चावला
संके त : भूमिका, जन्म एवं शिक्षा, अंतरिक्ष विज्ञान की शिक्षा, प्रथम सफल अंतरिक्ष उड़ान, दूसरी और अंतिम उड़ान, उपसंहार।

Answer:

भारतवर्ष महान पुरुषों और महिलाओं की भूमि है। यहाँ अनेक महान विभूतियों ने जन्म लेकर संसार में भारत का नाम उज्ज्वल किया। कल्पना चावला भी उन्हीं में से एक थीं। आज के वैज्ञानिक इतिहास में उनका नाम सुनहरे अक्षरों में लिखा रहेगा। वे भारत ही नहीं, समूचे एशिया की प्रथम अंतरिक्ष महिला के रूप में जानी जाती हैं। बाल्यावस्था से ही उनके मन में सितारों तक पहुँचने का सपना था। स्कूली शिक्षा के दौरान वे चाँद-सितारों और अंतरिक्ष के चित्र बनाती थीं। उनका सपना साकार हुआ और उन्होंने दो बार अंतरिक्ष की उड़ान भरी। उनका एकमात्र लक्ष्य अंतरिक्ष यात्री बनना था, फिर भी वे जीवंत स्वभाव की महिला थीं और भारत के शास्त्रीय संगीत से उन्हें अत्यधिक लगाव था।

कल्पना चावला का जन्म हरियाणा के करनाल नगर में 1 जुलाई, 1961 को हुआ। उनके पिता का नाम बनारसी लाल चावला और माता का नाम संयोगिता देवी चावला था। वे भाई-बहनों में सबसे छोटी थीं। आरंभिक शिक्षा उन्होंने करनाल के टैगोर बाल निकेतन में पाई। दसवीं के बाद उन्होंने दयाल सिंह कॉलेज से प्री-इंजीनियरिंग की शिक्षा ली। फिर चंडीगढ़ के पंजाब इंजीनियरिंग कॉलेज से वैमानिक इंजीनियरिंग की परीक्षा उत्तीर्ण की। सन् 1982 में उन्होंने एम.एस-सी. के लिए अमेरिका के टेक्सास विश्वविद्यालय में प्रवेश लिया। लगभग 1988 में उनका विवाह अमेरिकी नागरिक ज्याँ-पियरे हैरिसन से हुआ। पति और मित्रों की प्रेरणा से उनकी अंतरिक्ष विज्ञान में रुचि और बढ़ी। बचपन से हवाई जहाज़ों के मॉडल बनाने का शौक था, और अंतरिक्ष यात्री बनने का संकल्प था। उन्होंने पायलट का लाइसेंस प्राप्त किया और बाद में कलाबाज़ी उड़ान भी सीखी।

कल्पना चावला के कैरियर की शुरुआत नासा के एम्स शोध केंद्र में हुई, जहाँ कैलिफ़ोर्निया में उन्होंने शोध वैज्ञानिक के रूप में कार्य किया। 1994 में उन्हें नासा के लिए चुना गया। एक वर्ष के कठोर प्रशिक्षण के बाद वे अंतरिक्ष उड़ान के लिए चुनी गईं। मार्च 1995 में वे अंतरिक्ष यात्रियों के समूह के उम्मीदवार के रूप में जॉनसन स्पेस सेंटर भेजी गईं। 1996 में उन्हें मिशन विशेषज्ञ का दर्जा प्राप्त हुआ। 19 नवंबर, 1997 को कोलंबिया अंतरिक्ष यान द्वारा उन्होंने अपनी पहली अंतरिक्ष उड़ान भरी। यह यान 17 दिन, 16 घंटे और 33 मिनट तक अंतरिक्ष में रहा। सफल उड़ान के बाद लौटने पर उनके चेहरे पर सफलता की खुशी थी। इसके बाद उन्होंने अपना जीवन अंतरिक्ष-विज्ञान को समर्पित कर दिया।

दूसरी बार कल्पना चावला को अंतरिक्ष यान कोलंबिया की उड़ान एसटीएस-107 के लिए चुना गया। इस उड़ान में उनके साथ छह अन्य अंतरिक्ष यात्री थे। वे 16 जनवरी, 2003 को अंतरिक्ष के लिए रवाना हुईं। 16 दिन अंतरिक्ष में रहने के बाद, 1 फरवरी, 2003 को जब वे धरती की ओर लौट रही थीं, तब लगभग 25 लाख पुर्जों वाली यह उड़ान मशीन कोलंबिया अंतरिक्ष में ही दुर्घटनाग्रस्त हो गई। टेक्सास, अरकंसास और लुसियाना के ऊपर कोलंबिया के अनेक टुकड़े बिखर गए, और यह साहसी महिला अपने छह साथियों के साथ इस संसार से विदा हो गई। इस उड़ान में कल्पना ने अंतरिक्ष में लगभग 760 घंटे बिताए और पृथ्वी के 252 चक्कर लगाए। कल्पना की कहानी दूसरे भारतीयों की सफलता की आम कहानियों जैसी नहीं थी। वीर नायिका की भाँति अपना सपना पूरा करते हुए उनकी मृत्यु हुई, और इसी मृत्यु ने उन्हें राष्ट्रीय नायिका बना दिया।

यद्यपि कल्पना चावला को अमेरिका की नागरिकता प्राप्त थी, फिर भी उनके मन में अपने देश के प्रति अत्यधिक प्रेम था। करनाल के निवासियों, विशेषकर टैगोर बाल निकेतन विद्यालय से उन्हें बहुत लगाव था। इसी कारण इस विद्यालय से प्रतिवर्ष दो विद्यार्थियों को नासा में आमंत्रित किया जाता है। भारत के बच्चों को संदेश देते हुए उन्होंने कहा था-“भौतिक लाभ ही प्रेरणा के स्रोत नहीं होने चाहिए। ये तो आप आगे भी हासिल कर सकते हैं। मंजिल तक पहुँचने का रास्ता तलाशिए। सबसे छोटा रास्ता ज़रूरी नहीं कि सबसे अच्छा हो। मंजिल ही नहीं, उस तक का सफ़र भी अहमियत रखता है।”

Exam Tips:

a) भूमिका में कल्पना चावला को एशिया की प्रथम अंतरिक्ष महिला के रूप में परिचित कराएँ।
b) जन्म, करनाल की शिक्षा और इंजीनियरिंग की पढ़ाई को क्रम से लिखें।
c) पहली और दूसरी अंतरिक्ष उड़ान की तिथियाँ और अवधि अलग-अलग दें।
d) उपसंहार में उनके संदेश ‘मंजिल ही नहीं, सफ़र भी अहमियत रखता है’ का उल्लेख करें।

 

Question 48: गणतंत्र दिवस
अथवा
गणतंत्र दिवस आयोजन
संके त : भूमिका, स्वतंत्रता पूर्व स्थिति, भारत का गणतंत्र राज्य घोषित होना, राष्ट्र का पावन पर्व, दिल्ली में गणतंत्र, उपसंहार।

Answer:

31 दिसंबर, 1928 को श्री जवाहरलाल नेहरू ने ब्रिटिश शासकों को चुनौती दी थी कि यदि ब्रिटिश सरकार भारत को औपनिवेशिक स्वराज देना चाहती है, तो 31 दिसंबर, 1929 तक दे दे। परंतु ब्रिटिश सरकार ने भारतीयों की इस माँग की पूर्ण अवहेलना कर दी। सन् 1929 में लाहौर में कांग्रेस का वार्षिक अधिवेशन हुआ, जिसके अध्यक्ष श्री जवाहरलाल नेहरू थे। रावी नदी के तट पर विशाल पंडाल बनाया गया था। उस अधिवेशन में 31 दिसंबर, 1929 की रात नेहरू जी ने घोषणा की कि “अब हमारी माँग पूर्ण स्वतंत्रता है और हम स्वतंत्र होकर रहेंगे।”

उस दिन भारत के गाँव-गाँव और नगर-नगर में स्वतंत्रता की शपथ ली गई। जगह-जगह सभाएँ हुईं और जुलूस निकले। करोड़ों भारतीयों के कंठों से एक साथ गर्जना हुई, “आज से हमारा लक्ष्य है-पूर्ण स्वाधीनता। जब तक हम पूर्ण स्वाधीन नहीं हो जाएँगे, तब तक बलिदान देते रहेंगे।” इसके बाद 26 जनवरी प्रतिवर्ष राष्ट्रीय पर्व के रूप में मनाया जाने लगा। इस दिन लाहौर में रावी तट पर की गई पूर्ण स्वाधीनता की प्रतिज्ञा दोहराई जाती थी। भारतीयों ने पूर्ण स्वाधीनता की प्रतिज्ञा की, तो उधर ब्रिटिश सरकार ने दमन-चक्र जोरों से चला दिया। लाठियों से स्वाधीनता-प्रेमियों के सिर फोड़े गए, कई जगह गोलियाँ चलाई गईं और कई नेताओं को जेलों में डाला गया। फिर भी भारतीय अपने पथ पर अडिग रहे। इसी अविचल देशभक्ति का परिणाम है कि आज हम स्वतंत्र हैं, और हमारी भाषा, संस्कृति, धर्म और सभ्यता स्वतंत्र वातावरण में साँस ले रही हैं।

सन् 1950 में जब भारतीय संविधान बनकर तैयार हो गया, तब यह विचार हुआ कि इसे किस तिथि से लागू किया जाए। गहन विचार-विमर्श के बाद 26 जनवरी ही इसके लिए उपयुक्त तिथि समझी गई। अतः 26 जनवरी, 1950 को भारत संपूर्ण प्रभुत्व-संपन्न गणतंत्र घोषित कर दिया गया। देश का शासन पूर्ण रूप से भारतवासियों के हाथों में आ गया। प्रत्येक नागरिक देश के प्रति अपने उत्तरदायित्व को अनुभव करने लगा। भारत के इतिहास में यह दिन अत्यंत महत्त्वपूर्ण है।

26 जनवरी हमारे राष्ट्र का पुनीत पर्व है। असंख्य बलिदानों की पावन स्मृति लेकर यह दिन हमारे सामने उपस्थित होता है। कितने ही वीर भारतीयों ने देश की बलिवेदी पर हँसते-हँसते प्राण न्योछावर कर दिए। कितनी ही माताओं ने अपनी गोद की शोभा, कितनी ही पत्नियों ने अपनी माँग का सिंदूर और कितनी ही बहनों ने रक्षा-बंधन का त्योहार स्वतंत्रता-संग्राम को भेंट कर दिया। आज के दिन हम उन शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हैं, जिन्होंने स्वतंत्रता की अग्नि प्रज्वलित करने के लिए अपने रक्त की आहुति दी।

गणतंत्र दिवस सारे देश में धूमधाम से मनाया जाता है। राजधानी दिल्ली में इस दिन की शोभा अनुपम होती है, और देश के भिन्न-भिन्न राज्यों से लोग इसे देखने उमड़ पड़ते हैं। 26 जनवरी को इंडिया गेट के मैदान में थल, जल और वायु सेना की टुकड़ियाँ राष्ट्रपति को सलामी देती हैं। इक्कीस तोपों की सलामी दी जाती है, सैनिक वाद्य बजाते हैं, राष्ट्रपति राष्ट्र को संदेश देते हैं और भिन्न-भिन्न प्रांतों की मनोहारी झाँकियाँ प्रस्तुत की जाती हैं। रात को पूरी राजधानी विद्युत-दीपों के प्रकाश से जगमगा उठती है।

देश के अन्य राज्यों में भी इस प्रकार के पावन समारोहों का आयोजन होता है। खेल, सजावट, सभाएँ, भाषण, रोशनी, कवि-गोष्ठियाँ और वाद-विवाद प्रतियोगिताएँ होती हैं। सरकार और जनता दोनों इस मंगल पर्व को मनाते हैं और सारे देश में प्रसन्नता तथा हर्ष की लहर दौड़ जाती है। यह पर्व हमारे राष्ट्रीय गौरव और स्वाभिमान का प्रतीक है। इसी कारण इस दिन विभिन्न राज्यों की झाँकियाँ निकाली जाती हैं, जो अनेकता में एकता का संदेश देती हैं।

वास्तव में 26 जनवरी एक महिमामयी तिथि है। इसके पीछे भारतीय आत्माओं के त्याग, तपस्या और बलिदान की अमर कहानी है, जो सदैव आने वाली संतानों को प्रेरणा देती रहेगी। भारतीय इतिहास में यह दिन स्वर्णाक्षरों में लिखा गया है। प्रत्येक भारतीय का परम कर्तव्य है कि वह इस पर्व को उल्लास से मनाए और अपनी स्वतंत्रता की रक्षा के लिए प्रयत्नशील रहे। स्वतंत्रता को बनाए रखने के लिए आवश्यक है कि हम आपसी भेदभाव भूलकर सहयोग और एकता में विश्वास रखें। यदि हम अज्ञान के अंधकार से निकलकर ज्ञान के प्रकाशपूर्ण मार्ग पर आगे बढ़ेंगे, तभी इस महिमामयी तिथि की मान-मर्यादा बनी रहेगी।

Exam Tips:

a) भूमिका में 1929 के लाहौर अधिवेशन और पूर्ण स्वराज की घोषणा का उल्लेख करें।
b) 26 जनवरी 1950 को गणतंत्र बनने का कारण (संविधान लागू होना) स्पष्ट करें।
c) दिल्ली के गणतंत्र दिवस समारोह की सलामी, झाँकियाँ और सेनाओं की भूमिका अलग-अलग लिखें।
d) उपसंहार में एकता और ज्ञान को गणतंत्र की मान-मर्यादा से जोड़ें।

 

Question 49: ऋतुराज बसंत
अथवा
बसंत पंचमी
संके त : ऋतुओं का राजा, सुहावना मौसम, प्राणी जगत में उल्लास, बसंत पंचमी, ऐतिहासिक महत्त्व।

Answer:

भारत अपनी प्राकृतिक शोभा के लिए प्रसिद्ध है और इसे ऋतुओं का देश कहा जाता है। भारतवासी धन्य हैं, जो उस धरती पर रहते हैं जहाँ छह ऋतुओं का नियमित क्रम सदा चलता रहता है। बसंत, ग्रीष्म, वर्षा, शरद, हेमंत और शिशिर, इन सबका अपना महत्त्व है। ये ऋतुएँ बारी-बारी से आती हैं, अपनी छटा दिखाती हैं और भारत माँ का शृंगार करती हैं। सभी ऋतुओं की अपनी शोभा है, परंतु बसंत की शोभा सबसे निराली है। इसीलिए इसे ऋतुओं का राजा कहा जाता है।

बसंत ऋतु का आगमन शिशिर और पतझड़ के बाद होता है। यह फाल्गुन मास से आरंभ हो जाती है, किंतु इसके वास्तविक महीने चैत्र और वैशाख हैं। लगभग 15 फरवरी से 15 अप्रैल तक का समय बसंत काल कहलाता है। इस समय मौसम बहुत सुहावना होता है, न अधिक गर्मी न अधिक सर्दी। प्रकृति के प्रत्येक अंग पर बसंत का प्रभाव दिखाई देता है। पेड़ों और लताओं पर नए पत्ते निकलते हैं, सुंदर फूल खिलते हैं, रंग-बिरंगी तितलियाँ उड़ती हैं, आम बौराते हैं और अपनी सुगंध से वातावरण महका देते हैं। पीली-पीली सरसों फूलने लगती है। बसंत ऋतु प्रकृति के लिए वरदान लेकर आती है और पृथ्वी का कण-कण नए आनंद, उत्साह और संगीत का अनुभव करता है।

प्राणी जगत में भी यह ऋतु उल्लास और उमंग का संचार करती है। पशु-पक्षी जोश, उत्साह और प्रेम से भर जाते हैं। कोयल, चकवे और भौंरे विशेष रूप से मतवाले हो उठते हैं। कोयल का मधुर स्वर अमराइयों में गूँजने लगता है। मनुष्य उमंग से भर जाता है और किसान का मन अपनी लहलहाती फसल देखकर झूमने लगता है। कवि और कलाकार इस ऋतु से विशेष प्रभावित होते हैं। मनुष्य के स्वास्थ्य पर भी इसका अच्छा प्रभाव पड़ता है, क्योंकि शरीर में नए रक्त का संचार होता है।

बसंत ऋतु में दिशाएँ साफ़ हो जाती हैं, आकाश निर्मल हो जाता है और चारों ओर प्रसन्नता छा जाती है। सूर्य की तीव्रता अधिक नहीं होती और दिन-रात लगभग बराबर होते हैं। इन दिनों वायु प्रायः दक्षिण से उत्तर की ओर बहती है, इसलिए इसे ‘दक्षिण-पवन’ कहते हैं। यह वायु शीतल, मंद, मतवाली और सुगंधित होती है। बसंत की मस्त हवा का वर्णन कवियों ने अपनी रचनाओं में बड़े आनंद से किया है।

बसंत ऋतु का आगमन गुरु गोबिंद सिंह जी के उन अबोध वीर बालकों की याद भी दिलाता है, जिनके खून से चमकौर का दुर्ग आज भी रंगा दिखाई देता है। बसंत पंचमी इस ऋतु का प्रमुख त्योहार है। इस दिन लोग पीले वस्त्र पहनते हैं और चारों ओर सुख व प्रसन्नता का वातावरण रहता है। प्रातः से रात तक लोग घरों पर और मैदानों में जाकर पतंग उड़ाते हैं, और पूरा आकाश पतंगों से भर जाता है। होली भी बसंत ऋतु का त्योहार है, जब अबीर, गुलाल और रंगों से तन-मन रंग जाते हैं, और सारा वातावरण रंगीन हो जाता है।

बसंत पंचमी के दिन ज्ञान की अधिष्ठात्री देवी सरस्वती का जन्म माना जाता है, इसलिए इस दिन सरस्वती पूजन भी होता है। इसी पवित्र दिन वीर हकीकत राय का बलिदान हुआ था। उनका बलिदान हमें अपने धर्म पर अटल रहने का संदेश देता है। सभी धर्म पवित्र हैं और किसी भी धर्म के प्रति घृणा का भाव नहीं रखना चाहिए। हकीकत राय अपने धर्म पर अडिग रहे और शहीद हो गए। उनकी याद में प्रतिवर्ष मेला लगता है। उनके बलिदान को याद करके एक ओर दुःख होता है, परंतु साथ ही सभी धर्मों को समान मानने वालों का सीना गर्व से फूल जाता है।

इस प्रकार बसंत ऋतु प्रकृति का एक वरदान है। इसे ‘मधुमास’ भी कहा जाता है। इसका सौंदर्य अद्भुत और अद्वितीय है, और इसके आगमन पर सारी प्रकृति मानो गा उठती है।

Exam Tips:

a) भूमिका में छह ऋतुओं के नाम और बसंत को ऋतुराज कहने का कारण लिखें।
b) बसंत पंचमी से जुड़े तीन प्रसंग (सरस्वती पूजन, हकीकत राय, मेला) अलग-अलग लिखें।
c) प्रकृति और प्राणी जगत पर बसंत के प्रभाव के उदाहरण दें।
d) उपसंहार में बसंत को मधुमास और उल्लास का प्रतीक बताएँ।

 

Question 50: समाचार-पत्रों का महत्त्व
संके त : भूमिका, भारत में समाचार-पत्र का आरंभ, जन-जागरण का माध्यम, समाचार-पत्रों के लाभ, समाचार पत्रों से हानियाँ, उपसंहार।

Answer:

विज्ञान ने विश्व को बहुत छोटा बना दिया है। आवागमन के साधनों से स्थानीय दूरियाँ भी समाप्त हो चुकी हैं, लेकिन रेडियो, दूरदर्शन और समाचार-पत्रों ने सारे संसार को एक परिवार बना दिया है। अब हम घर बैठे दूर देशों की ख़बरें पढ़ लेते हैं और सुन लेते हैं। कहाँ क्या घटित होता है और किस देश की गतिविधियाँ क्या हैं, इसकी जानकारी समाचार-पत्रों से ही मिलती है। आज के जीवन में जितना महत्त्व रोटी और पानी का है, उतना ही समाचार-पत्र का भी है। प्रातः उठते ही हमारा ध्यान सबसे पहले समाचार-पत्र की ओर जाता है। जिस दिन समाचार-पत्र न पढ़ें, वह दिन सूना-सूना लगता है।

भारत में सबसे पहले हिंदी का समाचार-पत्र ‘उदंत मार्तंड’ प्रकाशित हुआ, जो 1826 में कलकत्ता से निकला था। इसके बाद अन्य समाचार-पत्र आए। सन् 1850 के आसपास राजा शिवप्रसाद ‘सितारे हिंद’ ने भी समाचार-पत्र निकाले। मुद्रण-कला के विकास के साथ-साथ समाचार-पत्रों की संख्या भी बढ़ती गई। आज देश के प्रत्येक भाग में समाचार-पत्र प्रकाशित हो रहे हैं। कुछ राष्ट्रीय स्तर के समाचार-पत्र नियमित रूप से छप रहे हैं। हिंदी में दैनिक हिंदुस्तान, नवभारत टाइम्स, दैनिक ट्रिब्यून और पंजाब केसरी प्रसिद्ध हैं। अंग्रेज़ी में The Tribune, The Hindustan Times, The Times of India और The Indian Express भारत में प्रसिद्ध हैं। आज समाचार-पत्रों का उद्योग एक बड़ा उद्योग बन चुका है, जिससे लाखों लोग प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से जुड़े हैं।

समाचार-पत्र केवल समाचार ही नहीं पहुँचाते, बल्कि जन-जागरण का भी माध्यम हैं। वे मानव-जाति को निकट लाने का भी काम करते हैं। जिन देशों में लोकतंत्र स्थापित है, वहाँ इनका विशेष महत्त्व है। वे लोगों को उनके अधिकारों और कर्तव्यों से परिचित कराते हैं और सरकार के उन कार्यों की आलोचना करते हैं जो देश या जनसाधारण के लिए लाभकारी नहीं हैं। प्रसन्नता की बात है कि दो-चार समाचार-पत्रों को छोड़कर शेष अपने दायित्व को अच्छी प्रकार निभा रहे हैं। आपातकाल में भी हमारे देश के अनेक समाचार-पत्रों ने अन्याय और अत्याचार का डटकर विरोध किया।

समाचार-पत्र समाज के लिए लाभकारी हैं। ये संसार के लोगों में आपसी भाईचारे और मानवता की भावना जगाते हैं, सामाजिक रूढ़ियों, कुरीतियों और अत्याचारों के विरुद्ध आवाज़ उठाते हैं, लोगों में देशप्रेम की भावना पैदा करते हैं और व्यक्ति की स्वाधीनता तथा अधिकारों की रक्षा करते हैं। चुनाव के दिनों में इनकी भूमिका और भी महत्त्वपूर्ण हो जाती है। किसी भी शासन-पद्धति में समाचार-पत्रों ने अपनी भूमिका ईमानदारी से निभाने का प्रयास किया है। अमेरिका में राष्ट्रपति निक्सन के विरुद्ध समाचार-पत्रों ने ही जनमत तैयार किया था। अनेक संपादकों और पत्रकारों ने अन्याय का विरोध करते हुए अपने प्राणों का बलिदान दिया। पंजाब केसरी के संपादक लाला जगत नारायण का बलिदान आज भी हमारे मन में उनकी स्मृति को ताज़ा करता है। समाचार-पत्र विज्ञापन का भी सशक्त माध्यम हैं। उपभोक्ता वस्तुओं और नौकरियों के विज्ञापन इनमें ही छपते हैं। शैक्षणिक, राजनीतिक और सांस्कृतिक दृष्टि से भी समाचार-पत्रों का महत्त्व है।

समाचार-पत्रों से लाभ अनेक हैं, परंतु कुछ हानियाँ भी हैं। समाचार-पत्र पूरे समाज को प्रभावित करते हैं, इसलिए कभी-कभी वे झूठे और बेबुनियाद समाचार छाप देते हैं। कभी सच्चाई को तोड़-मरोड़कर भी प्रस्तुत किया जाता है। कुछ समाचार-पत्र सांप्रदायिकता का ज़हर फैलाने में भी भाग लेते हैं। समाज को लूटने वाले और प्रभावशाली लोगों के दबाव में आकर वे उनके विरुद्ध कुछ नहीं लिखते, जिससे भ्रष्टाचार और अन्याय को बल मिलता है। कुछ समाचार-पत्र पूँजीपतियों की संपत्ति हैं। ऐसे में उनसे न्याय और सच्चाई की आशा कम ही की जा सकती है। कुछ संपादक और संवाददाता अमीरों तथा राजनीतिज्ञों के हाथों बिककर उलटे-सीधे समाचार छापकर जनता को गुमराह करते हैं।

जो वस्तु जितनी महत्त्वपूर्ण होती है, उसका दायित्व भी उतना ही अधिक होता है। समाचार-पत्र स्वतंत्र, निर्भीक, निष्पक्ष, सत्य के पुजारी और निरंतर जागरूक हों, यह आवश्यक है। ये जनसाधारण की वाणी हैं। समाज में फैले अत्याचार, अनाचार, अन्याय और अधर्म का विरोध करना इनका दायित्व है। रूढ़ियों, कुप्रथाओं और कुरीतियों के उन्मूलन में भी समाचार-पत्र महत्त्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। आज की लोकतांत्रिक व्यवस्था में समाचार-पत्रों का अत्यधिक महत्त्व है।

Exam Tips:

a) भूमिका में समाचार-पत्रों को विश्व को परिवार बनाने वाला माध्यम बताएँ।
b) भारत के प्रमुख हिंदी और अंग्रेज़ी समाचार-पत्रों के नाम अलग-अलग लिखें।
c) समाचार-पत्रों के लाभ और हानियों को अलग-अलग अनुच्छेद में दें।
d) उपसंहार में निष्पक्षता और सत्य को समाचार-पत्रों का मूल दायित्व बताएँ।

 

Question 51: नैतिक शिक्षा का महत्त्व
संके त : भूमिका, अंग्रेज़ी शिक्षण पद्धति का प्रारंभ, प्राचीन शिक्षा-पद्धति, नैतिक शिक्षा का अर्थ, नैतिक शिक्षा की आवश्यकता, उपसंहार।

Answer:

मानव जन्म से ही सुख और शांति के लिए प्रयास करता आया है। अपनी उन्नति के लिए वह सृष्टि के आरंभ से प्रयत्नशील है, परंतु उसे पूर्ण शांति शिक्षा द्वारा ही प्राप्त हुई है। शिक्षा का अस्त्र अमोघ है। इसी से मानव की सामाजिक और नैतिक उन्नति हुई। मानव को अनुभव हुआ कि शिक्षा के बिना वह पशुतुल्य है। शिक्षा ही मनुष्य को उसके कर्तव्यों से परिचित कराती है, उसे सही अर्थों में इंसान बनाती है और उसे अपना तथा समाज का विकास करने का अवसर देती है।

मानव की सभी शक्तियों के सर्वतोन्मुखी विकास का दूसरा नाम शिक्षा है। इससे मानवीय गरिमा और व्यक्तित्व का विकास होता है। गांधी जी ने शिक्षा की परिभाषा देते हुए कहा है, “शिक्षा का अर्थ बच्चे की सभी शारीरिक, मानसिक और नैतिक शक्तियों का सर्वतोन्मुखी विकास है।” दुर्भाग्य से भारत में शिक्षा अंग्रेज़ों की विरासत के रूप में मिली। अंग्रेज़ भारत को अपना उपनिवेश समझते थे और उन्होंने भारतीयों को क्लर्क और मुंशी बनाने की नीति अपनाई। लॉर्ड मैकाले ने अंग्रेज़ी शिक्षा-प्रणाली के संदर्भ में कहा था कि इस शिक्षा से भारत में एक ऐसा वर्ग बनेगा जो रक्त और रंग से भारतीय होगा, परंतु रुचि, विचार, वाणी और मस्तिष्क से अंग्रेज़ी। इस शिक्षा-प्रणाली ने भारतीयों को केवल ‘बाबू’ बना दिया, उन्हें भारतीय संस्कृति से दूर रखा और अंग्रेज़ी मानसिकता को उनके भीतर गहराई तक पहुँचा दिया। दुर्भाग्य है कि स्वतंत्रता के बाद भी इसी प्रणाली का प्रभाव बना हुआ है।

प्राचीन ऋषियों और विचारकों ने घोषणा की थी कि शिक्षा मानव की वृत्तियों के विकास और आत्मिक शांति के लिए परमावश्यक है। शिक्षा मानव की बुद्धि को परिष्कृत करती है और उसमें सत्य और असत्य का विवेक जगाती है। भारतीय शिक्षा का उद्देश्य मनुष्य को पूर्ण ज्ञान देना, उसे ज्ञान के प्रकाश की ओर ले जाना और उसमें संस्कार उत्पन्न करना था। इसलिए प्राचीन शिक्षा-पद्धति में नैतिक शिक्षा का महत्त्वपूर्ण स्थान था। यह शिक्षा नगर के कोलाहल से दूर, सघन वनों में स्थित गुरुकुलों और आश्रमों में दी जाती थी। विद्यार्थी पूरे पच्चीस वर्ष तक ब्रह्मचर्य का पालन करते हुए और गुरु के चरणों की सेवा करते हुए विधिवत विद्याध्ययन करता था। इन आश्रमों में विद्यार्थी की सर्वांगीण उन्नति पर ध्यान दिया जाता था। वेद, शास्त्र, चिकित्सा, नीति और युद्ध-कला का अध्ययन करके विद्यार्थी विद्वान और योग्य नागरिक बनकर घर लौटता था।

नैतिक शब्द ‘नीति’ में ‘इक’ प्रत्यय जुड़ने से बना है, जिसका अर्थ है नीति-संबंधी शिक्षा। नैतिक शिक्षा का अर्थ है विद्यार्थियों को उदारता, न्यायप्रियता, कठोर परिश्रम, कृतज्ञता, सत्य-भाषण, सहनशीलता, इंद्रिय-निग्रह, विनम्रता और प्रामाणिकता जैसे सद्गुणों की शिक्षा देना। आज स्वतंत्र भारत में सच्चरित्रता की बड़ी कमी है। सरकारी और गैर-सरकारी सभी स्तरों पर भ्रष्टाचार, भाई-भतीजावाद, अवसरवादिता और हिंसा जीवन में विष घोल रहे हैं। इसका प्रमुख कारण यह है कि हमारे स्कूलों और कॉलेजों में नैतिक शिक्षा की व्यवस्था नहीं है। विद्यार्थी को वाणिज्य, विज्ञान और तकनीकी शिक्षा तो दी जाती है, पर उसे सही अर्थों में मानव बनना नहीं सिखाया जाता।

कर्तव्यपालन, विनम्र भाव, संतोष, सादगी, सद्व्यवहार और परोपकार की शिक्षा नहीं दी जाती, जबकि यही मानव की अमूल्य संपत्ति है, जिसके सामने धन-संपत्ति भी तुच्छ है। इन्हीं गुणों से राष्ट्र का निर्माण होता है और देश सुदृढ़ होता है। शिक्षा का उद्देश्य मनुष्य को सही अर्थों में मनुष्य बनाना, उसमें आत्मनिर्भरता की भावना उत्पन्न करना, देशवासियों का चरित्र-निर्माण करना और उसे परम पुरुषार्थ की प्राप्ति कराना है। परंतु वर्तमान शिक्षा-प्रणाली इस उद्देश्य से दूर होकर केवल उदरपूर्ति का साधन बनकर रह गई है। नैतिक मूल्यों का निरंतर ह्रास हो रहा है, श्रद्धा जैसी भावना कम होती जा रही है, गुरुजनों और माता-पिता का सम्मान घट रहा है, और विद्यार्थी वर्ग ही नहीं, समूचे शिक्षित समाज में अराजकता फैली हुई है। ऐसे में यह प्रश्न स्वाभाविक है कि हमारी शिक्षण-व्यवस्था में क्या कमी है।

शिक्षाशास्त्रियों का एक वर्ग बार-बार इस बात पर बल देता रहा है कि शिक्षा-प्रणाली में नैतिक शिक्षा के लिए भी स्थान होना चाहिए। कुछ धर्मगुरुओं और धार्मिक महात्माओं ने भी कहा है कि नैतिक शिक्षा के बिना शिक्षा-प्रणाली अधूरी है। आज के भौतिकवादी युग में नैतिक शिक्षा नितांत आवश्यक है। इसी से राष्ट्र का सही निर्माण हो सकता है। विशेषकर आज के युवक-युवतियों के सर्वांगीण विकास के लिए नैतिक शिक्षा को लागू करना ज़रूरी है, क्योंकि इसी से सच्चे और कर्तव्यनिष्ठ नागरिकों का विकास हो सकता है।

Exam Tips:

a) भूमिका में शिक्षा को शक्ति का अमोघ अस्त्र बताने वाली बात लिखें।
b) मैकाले और गांधी जी के शिक्षा संबंधी विचार अलग-अलग दें।
c) प्राचीन गुरुकुल-शिक्षा के मूल्यों को आज की शिक्षा से तुलना करके लिखें।
d) उपसंहार में नैतिक शिक्षा को चरित्र-निर्माण का आधार बताएँ।

 

Question 52: भूकंप : एक प्राकृतिक आपदा
संके त : भूमिका, भूकंप का अर्थ, भूकंप से ग्रस्त क्षेत्र, भूकंप का तांडव नाच, उपसंहार।

Answer:

मानव आदि युग से प्रकृति के साहचर्य में रहता आया है। प्रकृति के प्रांगण में मानव को कभी माँ की गोद का सुख मिलता है, तो कभी वही प्रकृति संकट बनकर भी आती है। बसंत की सुहावनी हवा से मानव पुलकित हो उठता है, तो ग्रीष्म की जला देने वाली लू का सामना भी करना पड़ता है। इसी प्रकार उसे तेज़ आँधियों, अतिवृष्टि, बाढ़ और भूकंप जैसी प्राकृतिक आपदाओं का सामना भी करना पड़ता है।

‘भूकंप’ का अर्थ है भू का काँप उठना, अर्थात् पृथ्वी का डाँवाडोल होकर हिलना और फटना, जिससे उस पर विद्यमान हर जीव और पदार्थ विनाश की चपेट में आ जाता है और सर्वनाश का दृश्य उपस्थित हो जाता है। जापान में अक्सर भूकंप आते रहते हैं, इसलिए वहाँ लकड़ी के घर बनाए जाते हैं। भारत में भी भूकंप से अनेक बार विनाश हुआ है। पूर्वजों से सुना है कि उत्तर-पश्चिम सीमा प्रांत के एक नगर कोटा (अब पाकिस्तान में) में भयानक भूकंप आया था, जिसकी तीव्रता से नगर और आस-पास के हजारों परिवारों का नामो-निशान मिट गया था।

बीते वर्षों में गढ़वाल, महाराष्ट्र और गुजरात के कुछ क्षेत्रों में विनाशकारी भूकंप आए, जिनसे वहाँ का जीवन तहस-नहस हो गया। गढ़वाल पहाड़ी क्षेत्र है, जहाँ भूकंप के झटकों से पहाड़ियाँ खिसक गईं और उन पर बने मकान नष्ट हो गए। हजारों लोगों की जानें गईं। उस विनाशलीला को देखकर विश्व भर के लोगों के दिल दहल उठे। उस समय लगता था कि प्रकृति की लीला कितनी अजीब है। वह मनुष्य को बच्चों की भाँति गोद में खिलाती है और फिर अचानक भयंकर रूप धारण कर लेती है। वह मनुष्य के घरों को बच्चों के मिट्टी के घरौंदों की भाँति तोड़कर बिखेर देती है। गढ़वाल का क्षेत्र कुछ समय के लिए भारत के अन्य क्षेत्रों से मानो कट-सा गया था।

इसी प्रकार महाराष्ट्र के विभिन्न क्षेत्रों में भयंकर भूकंप आया, जिससे धरती में जगह-जगह दरारें पड़ गईं। हजारों लोगों की जानें गईं और चारों ओर त्राहि-त्राहि मच गई। सरकार की सहायता के अतिरिक्त अनेक सामाजिक संस्थाओं और विश्व के अनेक देशों ने संकट की इस घड़ी में सहायता की, किंतु वे अपनों के जाने का दुःख कम नहीं कर सके।

समय बीतने के साथ वहाँ के लोगों के घाव भरने लगे और जीवन सामान्य होने लगा। तभी 26 जनवरी, 2001 को सुबह आठ बजे गुजरात में विनाशकारी भूकंप ने फिर विनाश का तांडव किया। वहाँ के लाखों लोग मकानों के मलबे के नीचे दब गए। मलबे के नीचे दबे लोगों को निकालने का काम कई दिनों तक चला। कई लोग तो 36 घंटों के बाद भी जीवित निकाले गए। कई दिनों तक वहाँ झटके महसूस होते रहे। इस प्राकृतिक प्रकोप से विश्वभर के लोगों के दिल दहल उठे। कई दिनों तक चारों ओर रुदन की आवाज़ें सुनाई दीं। अनेक स्वयंसेवी संस्थाओं के सदस्य अपने साधनों के अनुरूप सहानुभूति और सहृदयता दिखाते हुए पीड़ितों को राहत पहुँचा रहे थे।

वहाँ के लोगों ने बड़े साहस से काम लिया और अपना कारोबार फिर से जमाने में जुट गए। लोग अभी इस आपदा से उभर ही रहे थे कि 8 अक्तूबर, 2005 को कश्मीर और उससे लगते पाकिस्तान-अधिकृत क्षेत्र में भयंकर भूकंप आया। पूरा क्षेत्र काँप उठा। पहाड़ी क्षेत्र होने के कारण पहाड़ों पर बसे गाँव-के-गाँव तहस-नहस हो गए। कड़कती सर्दी ने लोगों की मुसीबत और बढ़ा दी, और उन्हें खुले मैदानों में रहना पड़ा। सरकार ने हेलीकॉप्टरों और अन्य साधनों से सामग्री पहुँचाकर सहायता की। भारतीय क्षेत्र की तुलना में पाकिस्तानी क्षेत्र में कहीं अधिक हानि हुई और लाखों लोगों को जान से हाथ धोने पड़े। प्राणियों को जन्म देने और उनकी रक्षा करने वाली प्रकृति माँ ही मानो उनकी जान की दुश्मन बन गई।

प्राकृतिक प्रकोप से पीड़ित मानवता के प्रति हमें सच्ची सहानुभूति रखनी चाहिए और सच्चे मन से उनकी सहायता करनी चाहिए। जिनके प्रियजन चले गए, उनके प्रति सद्व्यवहार और सहानुभूति दिखाकर उनका दुःख कम करना चाहिए। उनके साथ खड़े होकर उन्हें धैर्य बँधाना सबसे बड़ी सहायता होगी। प्रकृति के नियम अनोखे हैं और उन्हें समझ पाना कठिन है। भूकंप के दृश्यों को देखकर आज भी सनसनी-सी उत्पन्न हो जाती है। फिर भी प्रकृति की अजीब गतिविधियों के बीच मनुष्य की हिम्मत और साहस की प्रशंसा किए बिना नहीं रहा जा सकता कि वह हर प्राकृतिक आपदा का साहसपूर्वक मुकाबला करता आया है।

Exam Tips:

a) भूमिका में भूकंप को प्रकृति के संकट के रूप में समझाने वाला उदाहरण दें।
b) गढ़वाल, महाराष्ट्र, गुजरात और कश्मीर के भूकंपों को तिथि सहित अलग-अलग लिखें।
c) राहत कार्य और सरकारी सहायता का उल्लेख करें।
d) उपसंहार में पीड़ितों के प्रति सहानुभूति और धैर्य बँधाने की भूमिका बताएँ।

 

Question 53: प्राकृतिक प्रकोप : सुनामी लहरें
संके त : (कोई संकेत नहीं)

Answer:

प्रकृति का मनोरम रूप जहाँ मनुष्य के विकास में सदा सहायक है, वहीं उसका भयंकर रूप विनाश का कारण भी बनता रहा है। मानव आदिकाल से प्रकृति की गोद में खेलकर बड़ा होता है, किंतु वही गोद कभी-कभी उसे निगल भी जाती है। अतिवृष्टि, बाढ़, भूकंप, समुद्री तूफ़ान और आँधी प्राकृतिक प्रकोप के विभिन्न रूप हैं। 26 दिसंबर, 2004 को समुद्र में उठी भयंकर लहरें भी ऐसा ही विनाशकारी प्रकोप था। महाविनाशकारी ‘सुनामी’ की उत्पत्ति वास्तव में समुद्रतल में भूकंप आने से होती है। समुद्र के भीतर भूकंप, ज्वालामुखी विस्फोट या भूस्खलन से जब बड़े स्तर पर पृथ्वी की प्लेटें खिसकती हैं, तो सतह पर ऊँची लहरें उठती हैं और तटों की ओर तीव्र गति से दौड़ती हैं। पूर्णिमा की रात को ये लहरें और भी भयंकर रूप ले लेती हैं। 26 दिसंबर 2004 को भूकंप से उठी इन लहरों ने लाखों लोगों की जान ले ली और अरबों की संपत्ति नष्ट कर दी।

‘सुनामी’ शब्द जापानी भाषा का है। जापान में अधिक भूकंप आने के कारण वहाँ के लोगों को बार-बार ऐसे प्रकोप का सामना करना पड़ता है। हिंद महासागर के तल में आए भूकंप के कारण 26 दिसंबर को समुद्र में भयंकर सुनामी लहरें उत्पन्न हुईं। इस सुनामी ने इंडोनेशिया, मालदीव, श्रीलंका, मलेशिया, अंडमान-निकोबार, तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश और केरल जैसे तटीय क्षेत्रों में तबाही मचा दी। मछलियाँ पकड़कर आजीविका कमाने वाले हजारों मछुआरे इन लहरों की चपेट में आकर जीवन से हाथ धो बैठे। अंडमान-निकोबार द्वीप समूह में स्थित वायु-सेना के अड्डे को भी भारी क्षति पहुँची और सौ से अधिक वायुसेना कर्मी और उनके परिजन काल का ग्रास बन गए। पोर्ट ब्लेयर की हवाई पट्टी को क्षति पहुँची, किंतु उसका पाँच हजार फुट का हिस्सा सुरक्षित रहा, जिस पर राहत-सामग्री लाने वाले 14 विमान उतारे गए। इस संकट में भारतीय विमान श्रीलंका और मालदीव के लोगों की सहायता के लिए भी भेजे गए। निकोबार में सुनामी की ऊँची लहरों ने एयर ट्रैफ़िक कंट्रोल (ए.टी.सी.) टावर को भी ध्वस्त कर दिया था, किंतु तुरंत एक चल ए.टी.सी. टावर की व्यवस्था कर ली गई।

इतिहास देखें तो समुद्री तूफ़ान और बाढ़ कोई नई घटना नहीं है। प्राचीन इराक में लगभग छह हजार वर्ष पूर्व आए समुद्री तूफ़ान और बाढ़ से हुई तबाही के प्रमाण मिलते हैं। बाइबल और कुरान शरीफ़ में भी विनाशकारी तूफ़ानों का वर्णन है। श्रीमद्भागवत पुराण में भी प्रलय का उल्लेख है, जिसमें बताया गया है कि प्रलय के समय मनु भगवान ने एक नौका पर सवार होकर सभी प्राणियों के एक-एक जोड़े को बचा लिया था। यह वर्णन भले ही कथा के रूप में हो, किंतु इससे सिद्ध होता है कि समुद्र में तूफ़ान आदिकाल से आते रहे हैं और मनुष्य उनका सामना करता आया है। भूकंप और समुद्री तूफ़ानों ने पृथ्वी पर अनेक परिवर्तन किए हैं और नए द्वीपों व टापुओं की रचना भी की है।

भारत में प्राचीन द्वारका समुद्र में डूब गई थी, जिसके प्रमाण आज भी मिलते हैं। वैज्ञानिक विश्व के अनेक स्थानों की बदली भौगोलिक स्थिति का कारण समुद्री तूफ़ानों और भूकंपों को मानते हैं। अमेरिका के भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (यू.एस. जियोलॉजिकल सर्वे) के विशेषज्ञ के. हडनट के अनुसार सुमात्रा द्वीप के दक्षिण-पूर्व में समुद्र-तल के नीचे आए इस भूकंप की तीव्रता रिक्टर पैमाने पर लगभग 9 थी। यह भूकंप इतना शक्तिशाली था कि उसने कई छोटे-बड़े द्वीपों को अपने स्थान से हिलाकर रख दिया। विद्वानों का मत है कि यदि भारत अथवा एशिया के क्षेत्र में महासागर की तलहटी में होने वाली भूगर्भीय हलचलों की चेतावनी-प्रणाली विकसित होती, तो इस त्रासदी से होने वाली जान-माल की क्षति को कम किया जा सकता था।

यह सच है कि प्राकृतिक प्रकोपों को रोक पाना मनुष्य के वश में नहीं है, फिर भी सूचना देकर यथासंभव बचाव की व्यवस्था की जा सकती है। 26 दिसंबर 2004 की सुनामी भारतीयों के लिए एक नया अनुभव था। भारतीय मौसम विभाग के सामने अन्य महासागरों में उठी सुनामी लहरों से हुई हानि के उदाहरण थे, किंतु विभाग समुद्री भूकंप की सूचना होते हुए भी यह कल्पना नहीं कर सका कि सुनामी लहरों से भारतीय तटीय क्षेत्र की दशा कैसी हो सकती है।

भारत में सुनामी से हुए विनाश को देखकर विश्वभर के लोगों के हृदय दहल उठे। ऐसे समय में हम सबका कर्तव्य है कि हम तन, मन और धन से पीड़ित परिवारों के साथ खड़े होकर उनकी सहायता करें। विश्व के अनेक देशों और संस्थाओं ने सुनामी पीड़ितों की धन से सहायता की है, किंतु इससे अपनों के जाने का गम दूर नहीं किया जा सकता। हमें उनके प्रति सहानुभूति रखनी चाहिए और उनका धैर्य बँधाना चाहिए।

Exam Tips:

a) भूमिका में सुनामी के कारण के रूप में समुद्र-तल के भूकंप का उल्लेख करें।
b) प्रभावित तटीय राज्य और देशों के नाम अलग से लिखें।
c) ‘सुनामी’ शब्द के जापानी मूल और पुराणों के प्रलय-वर्णन को क्रम से दें।
d) उपसंहार में चेतावनी-प्रणाली और पीड़ितों की सहायता पर बल दें।

 

Question 54: व्यायाम का महत्त्व
संके त : भूमिका, व्यायाम की आवश्यकता, व्यायाम के लाभ, व्यायाम के प्रकार, व्यायाम और खेलकूद, व्यायाम और योगाभ्यास, उपसंहार।

Answer:

एक स्वस्थ व्यक्ति ही जीवन का पूर्ण आनंद ले सकता है। यदि शरीर स्वस्थ नहीं है तो जीवन की सभी सुविधाएँ उसके लिए व्यर्थ हैं। कालिदास ने अपने महाकाव्य ‘कुमारसंभव’ में कहा है-‘शरीरमाद्यं खलु धर्मसाधनम्।’ अर्थात् शरीर ही धर्म का मुख्य साधन है। स्वास्थ्य ही जीवन है और अस्वास्थ्य मृत्यु के समान है। अस्वस्थ व्यक्ति का किसी कार्य में मन नहीं लगता। बढ़िया भोजन भी उसे विष के समान लगता है और उसमें काम करने की क्षमता भी नहीं होती। स्वास्थ्य के लिए पौष्टिक और सात्त्विक भोजन आवश्यक है, परंतु स्वास्थ्य-रक्षा के लिए व्यायाम की सर्वाधिक आवश्यकता है।

मानव-शरीर पंच तत्त्वों से मिलकर बना है और इन तत्त्वों में से किसी की कमी होने पर शरीर अस्वस्थ हो जाता है। शरीर को स्वस्थ रखने के लिए व्यायाम नितांत आवश्यक है। अंग्रेज़ी की उक्ति है-‘A sound mind dwells in a sound body’, अर्थात् स्वस्थ शरीर में स्वस्थ मस्तिष्क का निवास होता है। जो व्यक्ति प्रतिदिन व्यायाम करता है, उसका शरीर निरोग रहता है। जो लोग व्यायाम नहीं करते, उनका पेट बढ़ जाता है, गैस की समस्या होती है या रक्तचाप में विकार आ जाता है।

व्यायाम स्वास्थ्य-रक्षा का साधन है, परंतु उसे नियमित रूप से करना चाहिए। जो लोग कुछ दिन व्यायाम करके छोड़ देते हैं, उन्हें लाभ की बजाय हानि होती है। व्यायाम आयु और शक्ति के सामर्थ्य के अनुसार ही करना चाहिए। व्यायाम से शरीर बलिष्ठ और सुडौल होता है, शारीरिक शक्ति बढ़ती है और शरीर में चुस्ती-फुर्ती आती है। व्यायाम करने वाले का उत्साह बढ़ता है और वह उद्यमी होता है। नियमित व्यायाम से भूख खूब लगती है, पाचन-शक्ति बढ़ती है, रक्त का संचरण सही होता है, और माँसपेशियाँ व हड्डियाँ मज़बूत बनती हैं। इसके विपरीत जो लोग व्यायाम नहीं करते, उनका शरीर रोगी हो जाता है, वे डॉक्टरों और हकीमों के चक्कर लगाते रहते हैं और उनका पढ़ाई में मन भी नहीं लगता।

व्यायाम के अनेक प्रकार हैं। कुछ लोग व्यायाम का अर्थ केवल दंड-बैठक लगाना ही समझते हैं, परंतु शारीरिक व्यायाम में वे सभी क्रियाएँ आती हैं जिनसे शरीर के अंग पुष्ट होते हैं। प्रातःकाल खुली हवा में दौड़ लगाना या जॉगिंग करना भी व्यायाम है। कुछ लोग घुड़सवारी पसंद करते हैं, कुछ नदी में तैरते हैं और कुछ अखाड़े में कुश्ती करते हैं या मुद्गर घुमाते हैं। ये सभी व्यायाम के रूप हैं।

व्यायाम का सबसे अच्छा साधन खेल-कूद है। फुटबॉल, वॉलीबॉल, बास्केटबॉल, खो-खो, कबड्डी, क्रिकेट, बैडमिंटन और जिमनास्टिक जैसे अनेक खेल व्यायाम के श्रेष्ठ साधन हैं। जो व्यक्ति नियमित रूप से किसी खेल में भाग लेता है, उसका शरीर भी स्वस्थ रहता है। इसीलिए स्कूलों और कॉलेजों में खेल-कूद पर अधिक ध्यान दिया जाता है। खेलों के महत्त्व को ध्यान में रखकर भारत सरकार ने खेल मंत्रालय का भी गठन किया है, जिसके अंतर्गत प्रतिवर्ष सभी प्रकार के खेलों का आयोजन होता है। एक स्वस्थ और विकसित राष्ट्र खेल-कूद और व्यायाम पर निर्भर करता है, इसीलिए स्कूलों और कॉलेजों में शारीरिक शिक्षा भी पढ़ाई जाती है।

व्यायाम का एक अन्य अच्छा और सस्ता साधन योगाभ्यास है। इसमें अधिक खर्च नहीं होता। घर में ही कुछ आसन नियमित रूप से किए जाएँ तो शरीर काफ़ी स्वस्थ रहता है। प्राणायाम, पद्मासन, सर्वांगासन, गोमुखासन, शवासन और सूर्य नमस्कार जैसे आसन शरीर को स्वस्थ रखने में सहायक हैं, परंतु इन्हें किसी योग्य शिक्षक से सीखने के बाद ही करना चाहिए, नहीं तो हानि भी हो सकती है। योगाभ्यास को विद्यालयों में एक विषय के रूप में भी पढ़ाया जाता है। व्यायाम का सबसे अनुकूल समय प्रातःकाल है, क्योंकि उस समय वायु शुद्ध और स्वच्छ होती है। व्यायाम के बाद पौष्टिक और सात्त्विक भोजन करना चाहिए। बूढ़ों और रोगियों के लिए प्रातः और सायंकाल का भ्रमण ही उचित है।

स्वास्थ्य मनुष्य का सच्चा धन है, इसलिए उसे बनाए रखने के लिए प्रतिदिन व्यायाम करना आवश्यक है। व्यायाम से शरीर, मन और आत्मा तीनों स्वस्थ रहते हैं। युवक-युवतियों को प्रतिदिन व्यायाम अवश्य करना चाहिए, परंतु अधिक व्यायाम भी हानि पहुँचा सकता है, इसलिए उचित मात्रा में ही व्यायाम करना चाहिए। अच्छा तो यह है कि किसी योग्य प्रशिक्षक की देख-रेख में व्यायाम किया जाए। इसके लिए आजकल स्थान-स्थान पर व्यायाम केंद्र खुल गए हैं।

Exam Tips:

a) भूमिका में कालिदास का ‘शरीरमाद्यं खलु धर्मसाधनम्’ कथन उद्धृत करें।
b) व्यायाम के शारीरिक लाभ अलग-अलग बिंदुओं में लिखें।
c) योगाभ्यास और खेल-कूद को व्यायाम के दो साधन के रूप में अलग से लिखें।
d) उपसंहार में व्यायाम को प्रतिदिन की आदत बनाने की सलाह दें।

 

Question 55: शिक्षा में खेल-कूद का महत्त्व
संके त : खेल-कूद का महत्त्व, शिक्षा व खेल-एक-दूसरे के पूरक, खेलों के प्रकार, लाभ, सर्वांगीण विकास।

Answer:

ग्रीक दार्शनिक प्लेटो ने कहा है- “स्वस्थ शरीर वाला व्यक्ति ही भली प्रकार अपने मस्तिष्क का विकास कर सकता है।”

शिक्षा का अभिप्राय केवल पुस्तकों का ज्ञान अर्जित करना नहीं है, बल्कि मानसिक विकास के साथ-साथ शारीरिक विकास पर भी ध्यान देना है। अच्छे स्वास्थ्य के लिए खेल-कूद का महत्त्व किसी से कम नहीं। यदि शिक्षा से बुद्धि का विकास होता है, तो खेलों से शरीर का। ईश्वर ने मनुष्य को शारीरिक, मानसिक और आत्मिक, तीन शक्तियाँ दी हैं। जीवन में सफलता पाने के लिए इन तीनों का संतुलित विकास आवश्यक है।

शिक्षा और खेल एक-दूसरे के पूरक हैं; एक के बिना दूसरा अधूरा है। शिक्षा परिश्रम, लगन, संयम, धैर्य और भाईचारे का उपदेश देती है, और खेल के मैदान में विद्यार्थी इन गुणों को व्यवहार में अपनाता है। कहा भी गया है कि ‘स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मस्तिष्क का निवास होता है।’ यदि शरीर ही स्वस्थ नहीं है, तो संसार के सभी सुख और भोग बेकार हैं। एक स्वस्थ शरीर ही सुखों का भोग कर सकता है। रोगी व्यक्ति सदा उदास और अशांत रहता है, जबकि स्वस्थ व्यक्ति प्रसन्नचित्त होकर सभी कार्य करता है। इस प्रकार स्वस्थ शरीर एक नियामत है। खेलना बच्चों के स्वभाव में होता है। इसलिए आज की शिक्षा-पद्धति में इस बात पर ज़ोर दिया जा रहा है कि बच्चों को पुस्तकों के साथ खेलों के माध्यम से भी शिक्षा दी जाए। शिक्षाविदों ने खेलों को शिक्षा का विषय बना दिया है, ताकि विद्यार्थी खेल-खेल में जीवन के मूल्य सीख लें और अपनाएँ।

अच्छे स्वास्थ्य के लिए अनेक प्रकार के खेल सहायक हैं। दौड़ना, कूदना, कबड्डी, टेनिस, हॉकी, फुटबॉल, क्रिकेट, जिमनास्टिक और योगाभ्यास से उत्तम व्यायाम होता है। इनमें से कुछ खेल आउटडोर होते हैं, जो खुले मैदान में खेले जाते हैं, और कुछ इंडोर, जिन्हें घर के भीतर भी खेला जा सकता है, जैसे कैरम, शतरंज और टेबल-टेनिस। केवल अपने देश में ही नहीं, विदेशों में भी खेलों के आयोजन होते रहते हैं। खेलों से खिलाड़ियों के साथ-साथ दर्शकों का भी भरपूर मनोरंजन होता है। रेडियो और टेलीविज़न के विकास से हम आँखों देखा हाल देख सकते हैं और उभरते खिलाड़ी प्रेरणा प्राप्त कर सकते हैं।

आज के युग में खेल केवल मनोरंजन का साधन नहीं, बल्कि इनका सामाजिक और राष्ट्रीय महत्त्व भी है। खेलों से स्वास्थ्य के साथ मनोरंजन भी मिलता है और छात्रों में अनुशासन की भावना आती है। खेल के मैदान में छात्रों को नियमों में बँधकर खेलना पड़ता है, जिससे आपसी सहयोग और मेल-जोल की भावना बढ़ती है। खेल साहस और उत्साह पैदा करते हैं, और खिलाड़ी जीत तथा हार दोनों को प्रसन्नता से स्वीकार करता है। खेल से शरीर में स्फूर्ति आती है, बुद्धि का विकास होता है और रक्त-संचार बढ़ता है। खेलों में भाग लेने से आपसी मन-मुटाव समाप्त होता है और खेल-भावना का विकास होता है। जीविका कमाने में भी खेल महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

आज ऊँचा स्थान पाने वाले खिलाड़ी सम्पन्न व्यक्तियों में गिने जाते हैं। किसी भी खेल में मान्यता प्राप्त खिलाड़ी को ऊँचे पद पर नियुक्त किया जाता है और उसे सभी सुविधाएँ दी जाती हैं। खेल राष्ट्रीय एकता की भावना भी विकसित करते हैं। राष्ट्रीय या अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर खेलने वाले खिलाड़ी अपना और अपने देश का नाम रोशन करते हैं। भारत जैसे विकासशील देश के लिए आवश्यक है कि हर युवक-युवती खेलों में भाग ले और श्रेष्ठता पाने का प्रयास करे। आज का युग प्रतियोगिता का युग है, और इसमें केवल किताबी कीड़ा बनना पर्याप्त नहीं है; स्वस्थ, सफल और उन्नत व्यक्ति बनने के लिए मानसिक, शारीरिक और आत्मिक विकास आवश्यक है।

Exam Tips:

a) भूमिका में प्लेटो का कथन उद्धृत करके विषय का आरंभ करें।
b) शिक्षा और खेल के परस्पर पूरक होने के उदाहरण अलग से दें।
c) इंडोर और आउटडोर खेलों के नाम अलग-अलग लिखें।
d) उपसंहार में प्रतियोगिता के युग में संपूर्ण विकास की आवश्यकता बताएँ।

 

Question 56: ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’
संके त : भूमिका, बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ का नारा, चुनौतीपूर्ण परवरिश, बेटी की सुरक्षा के लिए प्रयत्न, उपसंहार।

Answer:

21वीं सदी में ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ नारे की गूँज चारों ओर सुनाई देने लगी। भारत में प्राचीनकाल से नारी की स्तुति ‘यत्र नार्यस्तु पूज्यन्ते रमन्ते तत्र देवताः’ कहकर की जाती रही है। असुरों पर विजय पाने के लिए भी देवताओं को नारी की शरण में जाना पड़ा था। देवी दुर्गा ने राक्षसों का संहार किया, और विद्या की देवी सरस्वती, धन की देवी महालक्ष्मी तथा दुष्टों का नाश करने वाली महाकाली आज भी पूजी जाती हैं। आधुनिक काल में स्वतंत्रता के आंदोलन में महिलाओं ने पर्दा-प्रथा त्यागकर देश को स्वतंत्रता दिलाने में बढ़-चढ़कर भाग लिया।

कविवर सुमित्रानंदन पंत ने नारी को ‘देवी माँ’, ‘सहचरी’, ‘सखी’ और ‘प्राण’ कहकर संबोधित किया है। आज नारी चपरासी से लेकर प्रधानमंत्री तक के पद पर विराजमान है। पुलिस, सुरक्षा बलों और सेना में भी वह उच्च पदों पर नियुक्त है। ऐसा कोई क्षेत्र नहीं जहाँ उसने अपनी कर्मठता का परिचय न दिया हो। वह कई बार पुरुषों से अधिक ईमानदारी से काम करती है। वह माँ बनकर सृष्टि की रचना जैसा पवित्र कार्य करती है, पत्नी और बहन बनकर सामाजिक दायित्व निभाती है और देश के विकास में बराबर की भागीदार बन गई है। फिर भी उसे हीन-भाव से देखा जाता है, और यह सोचने की आवश्यकता है कि वे कौन-से कारण हैं जिनके रहते बेटी को गर्भ में ही मार दिया जाता है।

आज माता-पिता के लिए बेटी की परवरिश चुनौतीपूर्ण होती जा रही है, क्योंकि यौन-अपराधों की संख्या बढ़ रही है। माता-पिता सोचते हैं कि यदि बेटी की इज़्ज़त की रक्षा न कर पाए, तो उसे जन्म देने का क्या लाभ। यही सोच कन्या भ्रूण-हत्या का प्रमुख कारण है। दहेज प्रथा के कारण भी लोग बेटी को आर्थिक बोझ समझते हैं और बेटी का पिता बनना अच्छा नहीं माना जाता। बेटे वंश चलाते हैं, बेटी नहीं, ऐसी धारणा भी प्रचलित है। बेटी को ‘पराया धन’ कहकर उसका अपमान किया जाता है। इन सब कारणों से बेटी को जन्म से पहले ही मार दिया जाता है। यदि समस्या की गहराई में झाँका जाए, तो इसमें बेटी का कोई दोष नहीं; दोषी तो समाज की संकीर्ण सोच है। बेटियों की कमी से स्त्री-पुरुष अनुपात का संतुलन बिगड़ रहा है और अनेक नई समस्याएँ उत्पन्न हो रही हैं। यदि बेटियाँ नहीं होंगी, तो बहुएँ कहाँ से आएँगी? आज आवश्यकता है कि बेटियों को बेटों के समान समझा जाए, उन्हें आगे बढ़ने के अवसर दिए जाएँ, समाज का अपराध-बोध दूर किया जाए और दहेज जैसी कुप्रथा समाप्त की जाए। कन्या भ्रूण-हत्या अपनी ही कब्र खोदने के समान है।

‘इनकी आहों को रोक न पाएँगे हम,
अपने किए पर पछताएँगे हम।’

इस दिशा में सरकार ने अनेक कदम उठाए हैं, ताकि बेटियों को बचाया जा सके और उन कारणों को दूर किया जा सके, जिनके कारण बेटियों को बोझ समझकर जन्म से पहले मार दिया जाता है। सरकार की योजनाओं में ‘बेटी धन’ योजना प्रमुख है, जिसमें बेटी की शिक्षा और विवाह के लिए आर्थिक सहायता दी जाती है।

‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ नारे के दूसरे भाग पर भी विचार करना ज़रूरी है। ‘बेटी पढ़ाओ’ का संबंध नारी-शिक्षा से है। शिक्षा नारी और पुरुष, दोनों के लिए अनिवार्य है, किंतु बेटियों के संदर्भ में शिक्षा का महत्त्व और भी बढ़ जाता है, क्योंकि शिक्षित होकर बेटी स्वावलंबी बनती है और माता-पिता पर बोझ न बनकर बेटों के समान सहारा बन सकती है। बड़ी होकर वह देश की भावी पीढ़ी को योग्य बनाने में मार्गदर्शन कर सकती है। बच्चे सबसे अधिक माताओं के संपर्क में रहते हैं, इसलिए माँ के व्यवहार का प्रभाव बच्चों पर सबसे अधिक पड़ता है। आज की शिक्षित बेटी कल की शिक्षित माँ होगी, जो देश और समाज के उत्थान में सहायक बन सकती है। शिक्षित व्यक्ति अपना हित-अहित भली-भाँति समझ सकता है। शिक्षित बेटियाँ घर की व्यवस्था सुचारु रूप से चला सकती हैं और परिवार के लिए आर्थिक उपार्जन भी कर सकती हैं। वे आधुनिक विचारों के अनुरूप उचित धारणाएँ और संस्कार विकसित करके कुप्रथाओं और कुरीतियों को मिटा सकती हैं और एक स्वस्थ तथा उन्नत समाज का निर्माण कर सकती हैं। ‘बेटी पढ़ाओ’ की दिशा में आज समाज, देश और सरकार प्रयत्नशील हैं।

आज बेटी बचाने की आवश्यकता के साथ-साथ बेटियों को शिक्षित, विवेकी, आत्मनिर्भर और आत्मविश्वासी बनाने की भी आवश्यकता है। इसी से बेटियों और नारियों की अनेक समस्याओं का समाधान संभव है। तभी वे बराबरी और सम्मान के साथ जीवन बिता सकेंगी। तब ‘बेटी बचाओ’ जैसे नारों की आवश्यकता नहीं रहेगी।

Exam Tips:

a) भूमिका में ‘यत्र नार्यस्तु पूज्यन्ते’ का भाव उदाहरण सहित लिखें।
b) कन्या भ्रूण-हत्या के कारण (दहेज, सुरक्षा, दोहरी सोच) अलग-अलग गिनाएँ।
c) ‘बेटी धन’ योजना और शिक्षा के महत्त्व का उल्लेख करें।
d) उपसंहार में बेटियों की आत्मनिर्भरता को समस्याओं के समाधान का आधार बताएँ।

 

Question 57: आधुनिक नारी
अथवा
नारी और नौकरी
संके त : नारी का समाज में महत्त्व, मध्यकाल में दशा, आधुनिक नारी, हर क्षेत्र में आगे, समस्याएँ, ममता की देवी।

Answer:

जिस प्रकार तार के बिना सितार और धुरी के बिना पहिया बेकार होता है, उसी प्रकार नारी के बिना नर का जीवन नहीं चल सकता। गृहस्थी की गाड़ी नर और नारी, दोनों के सहयोग से आगे बढ़ती है। गृहस्थी का कोई भी कार्य नारी के बिना संभव नहीं है। वैदिक काल में नारियों को बहुत महत्त्वपूर्ण स्थान प्राप्त था। मनु महाराज ने नारी की महत्ता बताते हुए घोषणा की-
‘यत्र नार्यस्तु पूज्यन्ते, रमन्ते तत्र देवताः।’
अर्थात् जिस घर में नारी का आदर और सम्मान होता है, वहाँ देवता निवास करते हैं। उस समय हर धार्मिक अनुष्ठान में नारी की उपस्थिति आवश्यक थी। स्त्रियों को अपना वर चुनने का अधिकार था, नारी को पुत्र के समान अधिकार प्राप्त थे, वे शिक्षा प्राप्त करती थीं, पति के साथ युद्धक्षेत्र में जाती थीं और शास्त्रार्थ करती थीं। इस प्रकार प्राचीन काल में नारी को पूर्ण स्वतंत्रता प्राप्त थी।

मध्यकाल तक आते-आते नारी की स्थिति दयनीय हो गई। भारत पर मुसलमानों का राज्य हुआ, उनकी सभ्यता ने हिंदू समाज को प्रभावित किया। नारी की स्वतंत्रता पर अंकुश लग गया। वह घर की चारदीवारी में बंद कर दी गई। बाल-विवाह और सती-प्रथा का प्रचलन बढ़ा। अशिक्षित होने के कारण नारी ने इसे अपना भाग्य मान लिया। मैथिलीशरण गुप्त ने उस समय की नारी की दयनीय दशा का वर्णन करते हुए लिखा है-
‘अबला जीवन हाय तेरी यही कहानी।
आँचल में है दूध और आँखों में पानी।।’

आधुनिक युग में राजा राममोहन राय, महर्षि दयानंद आदि समाज-सुधारकों ने नारी-उद्धार के लिए प्रयत्न किए और उसे समान अधिकार दिलाने की कोशिश की। भारत का स्वतंत्रता-संग्राम मानो नारी-मुक्ति का संदेश लेकर आया। स्वतंत्र भारत के संविधान में नारी को पुरुष के बराबर अधिकार प्राप्त हुए और नागरिकों के कर्तव्यों में नारी जाति का सम्मान करना प्रमुख कर्तव्य रखा गया। आज भारतीय नारी ने यह प्रमाणित कर दिया है कि वह किसी भी क्षेत्र में पुरुषों से कम नहीं है। वह पुरुष के साथ कंधे-से-कंधा मिलाकर आगे बढ़ रही है। आज नारी अध्यापिका, डॉक्टर, वकील, इंजीनियर, राजदूत, राज्यपाल, प्रधानमंत्री, पायलट, ट्रक-ड्राइवर और रेल-ड्राइवर है तथा खेलों में भी भाग ले रही है। आज नारी ने अपने व्यक्तित्व को पहचान लिया है। नौकरी से उसमें आत्मविश्वास पैदा हुआ है और उसने अपने घर की आर्थिक स्थिति भी सुधारी है। कहा जाता है कि यदि लड़का पढ़ता है तो केवल एक व्यक्ति शिक्षित होता है, किंतु यदि लड़की पढ़ती है तो पूरा परिवार शिक्षित होता है। एक शिक्षित नारी परिवार का स्तर ऊँचा उठाती है और समाज के प्रति भी सजग रहती है। वह वर्तमान समस्याओं को सुलझाने का प्रयास करती है और समाज-सुधार के कार्य करती है। भारतीय नारी ने शिक्षित और आधुनिक बनकर भी नम्रता, लज्जा और मर्यादा जैसे गुणों को नहीं त्यागा।

आधुनिक युग में जहाँ नारी को हर प्रकार की स्वतंत्रता मिली है, वहीं उसे पग-पग पर समस्याओं का सामना भी करना पड़ता है। उसके उत्तरदायित्व बहुत बढ़ गए हैं। घर के सभी काम करने के बाद वह बाहर नौकरी भी करती है और घर तथा नौकरी की जिम्मेदारियों के बीच पिस रही है। पुरुष के सहयोग के बिना मशीन की भाँति काम करते हुए उसमें मानसिक द्वंद्व पैदा होता है, उसमें नीरसता बढ़ती है और कई बार वह मातृत्व का दायित्व भी कुशलतापूर्वक नहीं निभा पाती। फिर भी आधुनिक नारी इन समस्याओं पर विजय पाने का प्रयास कर रही है। आर्थिक रूप से सुरक्षित होने पर वह आत्मविश्वास के साथ समस्याओं का सामना करती है, पुरुष के अत्याचार को सहन नहीं करती, अपने जीवन को भार नहीं समझती और निराश होकर आत्महत्या की ओर नहीं दौड़ती।

खुशी की बात है कि सरकार इस दिशा में प्रयत्नशील है। काम और वेतन की समानता के संबंध में संविधान में स्पष्ट निर्देश हैं। धीरे-धीरे स्त्रियाँ पर्दे की कैद से बाहर निकल रही हैं। स्कूलों, कॉलेजों, अस्पतालों, बैंकों और अन्य कार्यालयों में स्त्रियाँ काम करने लगी हैं। पर इस संबंध में पुरुषों को भी उदार दृष्टिकोण अपनाना चाहिए। साथ ही ऐसा उपयोगी साहित्य तैयार किया जाए, जिससे नारी को समाज में वही सम्मान मिले जो प्राचीन काल में सीता, अनसूया और मैत्रेयी जैसी स्त्रियों को प्राप्त था। तभी देश उन्नति कर सकता है।

आधुनिक नारी पाश्चात्य संस्कृति से भी प्रभावित हो रही है। पश्चिमी नारी का अंधानुकरण करते हुए वह परिवार के प्रति अपने कर्तव्यों और आदर्शों को भूल रही है। वह सादगी और सरलता छोड़कर फ़ैशन और आडंबरपूर्ण जीवन अपना रही है। पैसा कमाने की होड़ में वह नैतिक मूल्यों को खोती जा रही है। नारी आर्थिक दृष्टि से स्वतंत्र, शिक्षित और आत्मविश्वासी हो, परंतु वह स्वतंत्रता का दुरुपयोग न करे। उसे अपने स्वाभाविक गुणों, सरलता, विनम्रता, ममता और त्याग, को नहीं त्यागना है। उसे सबका सुख चाहने वाली, त्यागमयी और ममता की देवी बनना है। ऐसी शक्ति मनुष्य को देवत्व की ओर ले जाती है। जयशंकर प्रसाद ने नारी के इसी रूप का वर्णन करते हुए लिखा है-
नारी! तुम केवल श्रद्धा हो, विश्वास रजत-नग, पग-तल में।
पीयूष-स्रोत-सी बहा करो, जीवन के सुंदर समतल में।।

Exam Tips:

a) भूमिका में ‘यत्र नार्यस्तु पूज्यन्ते’ श्लोक का अर्थ लिखें।
b) वैदिक, मध्यकालीन और आधुनिक नारी की स्थिति की तुलना अलग-अलग लिखें।
c) नौकरी करने वाली नारी की समस्याएँ अलग से गिनाएँ।
d) उपसंहार में नारी के स्वाभाविक गुणों को बनाए रखने की आवश्यकता बताएँ।

 

Free Haryana Board Textbook Explanations: Class 10 Hindi Essay writing (Rachana Nibandh-lekhan)

Textbook Solutions for Class 10 Hindi Essay writing (Rachana Nibandh-lekhan)

Review comprehensive exercise answers for Class 10 Hindi Essay writing (Rachana Nibandh-lekhan). Fully updated to match current Haryana Board syllabus guidelines, these textbook solutions help students verify their work and maintain accurate study notes.

Mastering Theoretical and Practical Questions

Beyond providing final answers, these guides offer step-by-step breakdowns for complex queries in the Class 10 Hindi module. This approach helps students balance theoretical depth with practical problem-solving skills required for Haryana Board exams.

Effective Self-Study and Homework Assistance

These resources act as an effective roadmap for daily homework tasks and independent study. Supplement your review of Essay writing (Rachana Nibandh-lekhan) with official sample papers and interactive practice tests available on our platform free of charge.

FAQs

Where can I find the latest HBSE Class 10 Hindi रचना निबंध-लेखन for the 2026-27 session?

The complete and updated HBSE Class 10 Hindi रचना निबंध-लेखन is available for free on StudiesToday.com. These solutions for Class 10 Hindi are as per latest Haryana Board curriculum.

Are the Hindi Haryana Board solutions for Class 10 updated for the new 50% competency-based exam pattern?

Yes, our experts have revised the HBSE Class 10 Hindi रचना निबंध-लेखन as per 2026 exam pattern. All textbook exercises have been solved and have added explanation about how the Hindi concepts are applied in case-study and assertion-reasoning questions.

How do these Class 10 Haryana Board solutions help in scoring 90% plus marks?

Toppers recommend using Haryana Board language because Haryana Board marking schemes are strictly based on textbook definitions. Our HBSE Class 10 Hindi रचना निबंध-लेखन will help students to get full marks in the theory paper.

Do you offer HBSE Class 10 Hindi रचना निबंध-लेखन in multiple languages like Hindi and English?

Yes, we provide bilingual support for Class 10 Hindi. You can access HBSE Class 10 Hindi रचना निबंध-लेखन in both English and Hindi medium.

Is it possible to download the Hindi Haryana Board solutions for Class 10 as a PDF?

Yes, you can download the entire HBSE Class 10 Hindi रचना निबंध-लेखन in printable PDF format for offline study on any device.